ग़ाज़ीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकर के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा ने जानकारी दी की 12 अक्टूबर को शाम 7 बजे के बाद कोई भी दुर्गा प्रतिमा रामलीला मैदान लंका में प्रवेश नहीं कर सकेगी। जो भी दुर्गा पूजा समिति विसर्जन से पूर्व भगवान श्री राम की आरती लेना चाहते हैं, वह उस दिन 7 से पहले गेट नंबर 4 से प्रवेश ले सकते हैं। 7 बजे के बाद कोई भी प्रतिमा रामलीला मैदान में प्रवेश नहीं कर पाएगी।
उन्होंने बताया कि दशहरा के दिन रामलीला मैदान के रावण बाड़े में 7:30 बजे से 8:00 तक राम रावण युद्ध का सजीव मंचन किया जाएगा, जिसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। ठीक 8 बजे रामलीला कमेटी के संरक्षक एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी तथा सह संरक्षक/ पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के हाथों बटन दबाकर रावण के विशाल का पुतले का दहन किया जाएगा। गाजीपुर की जनता से अपील है कि शांतिपूर्वक ढंग से रामलीला मैदान पहुंचकर दशहरे के पर्व का आनंद लें और रावण दहन के अद्भुत नजारे का गवाह बने।
निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं उसके सापेक्ष राजस्व वसूली प्राथमिकता
गाजीपुर। विद्युत वितरण द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता आशीष शर्मा ने पत्रकार वार्ता में जनपदवासियों से बिजली का बिल भुगतान करने का अपील किया है। उन्होने बताया कि भुगतान पर ही शासन हमें मरम्मत कार्य के लिए बजट देता है। अगर बिजली का बिल बकाया ज्यादा होगा तो शासन गाजीपुर को बजट बहुत कम देगा। जिससे कि मेंटेनेंस कार्य होते हैं। सुविधाजनक चौबिसों घंटे बिजली सप्लाई के लिए शत-प्रतिशत बिजली का बिल भुगतान करें। उन्होने बताया कि विद्युत वितरण खंड-दो के परिक्षेत्र में एक लाख छह हजार उपभोक्ता हैं, जिसमे से 43 हजार 400 उपभोक्ताओं ने बिजली का बिल कभी भुगतान नही किया है। उनके उपर 461 करोड़ रुपया बकाया है। 26 हजार उपभोक्ता रेगुलर बिल जमा नही करते हैं। उनके उपर करीब 94 करोड़ रुपया बकाया है। 20 हजार उपभोक्ता ही रेगुलर बिल का भुगतान करते हैं। जिससे कि शासन हमे मरम्मत कार्य के लिए बजट बहुत कम देता है। उन्हाने बताया कि हमारी प्राथमिकता है कि बिजली उपभोक्ताओं को चौबिसों घंटे बिजली मिले, फाल्ट कम से कम हो, जो भी फाल्ट हो उसे तुरंत ठीक किया जाए। बिजली की चोरी को रोका जाए। स्मार्ट मीटर दो महीने में लगभग हर घर में लग जायेगा। पीएम सूर्य घर योजना की सारी फाइलों का निस्तारण कर लाभार्थी को तुरंत लाभ दिया जायेगा। पावर हाउसों पर औचक निरीक्षण किया जाएगा। मोंटी कार्लो कंपनी के कामों की समीक्षा की जाएगी। अगर काम गड़बड़ हुआ है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। बिजली की समस्या के लिए जिला कंट्रोल मोबाइल नम्बर 9453047253 पर संपर्क कर सकते हैं।
ग़ाज़ीपुर। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने धार्मिक कार्यक्रम के मौके पर आयोजित डांडिया प्रोग्राम में अश्लील गाने बजाने पर आपत्ति जताई है। इसके बाबत एसडीएम को पत्रक सौंपते हुये बजरंगदल जिला संजोयक रविराज हिंदू ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में तथा मैरेजहालों में नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक डांडिया कार्यकम किये जा चुके हैं तथा होने वाले भी हैं। इन धार्मिक डांडिया कर्याक्रमों में आयोजकों द्वारा अश्लील /अनावश्यक गानों पर डांडिया जैसे धार्मिक कार्यक्रम को किया गया है, जिसका विडियो शोसल मिडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया कि अगामी 13 अक्टूबर को भी एक डांडिया जैसा पवित्र कार्यक्रम होने वाला है। जिस कार्यक्रम के प्रेसीडेंट हमारे हिन्दू धर्म से नहीं हैं। इन्ही आयोजकों के द्वारा पूर्व में डांडिया जैसे पवित्र कार्यक्रम में अमर्यादित गानों को बजाया गया। जिससे हिन्दू समाज/संगठन को ठेस पहुंची है। जिसका विडियो विरोध के रूप में सोसल मिडिया पर वायरल हो रहा है।
पत्रक देने वालो ने प्रशासन से हिन्दुओं की संस्कृती एवं भावनाओं को ध्यान में रखकर ऐसे कृत्य पर रोक लगाने तथा आयोजकों पर कानूनी रूप से कार्यवाही करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। पत्रक देने वालो में विनीत सिंह, विपिन श्रीवास्तव, रविराज हिंदू, दिनेश चंद्र पांडेय आदि विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।
छात्रसंघ चुनाव कराने हेतु जिले के समस्त महाविद्यालयो के छात्रनेताओं की लंका मैदान हुई बैठक और बनी आंदोलन की रणनीति।
गाजीपुर। बुधवार को लंका मैदान स्थित वाटिका में पीजी कालेज, स्वामी सहजानंद एवं जमानिया हिन्दू पीजी कालेज के छात्रनेताओं की एक बैठक हुई। इसमे सैकड़ों छात्रनेताओं ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में क्रमानुसार निम्न बाते रखीं। पहला छात्रसंघ हमारा लोकतांत्रिक मौलिक अधिकार है इसको महाविद्यालय को बहाल करना होगा। दूसरा उच्चतम न्यायालय ने 22 सितंम्बर 2006 को यह निर्णय दिया कि देश के समस्त विश्विद्यालय व महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिस के अनुसार छात्रसंघ चुनाव अनिवार्यतः कराया जाए और तीसरा तात्कालिन यू जी सी ने 2017 में छात्रसंघ चुनाव अनिवार्यत कराने के निर्देश सारे शैक्षणिक संस्थाओं को दिए थे, इसके बाद भी चुनाव न होना पूर्वांचल विश्विद्यालय के कुलपति और महाविद्यालयों के प्राचार्यो की तानाशाही को दर्शाता है।
इस दौरान सभी छात्रनेताओं ने सर्वसम्मति से यह तय किया कि दशहरा के अवकाश के बाद जब महाविद्यालयो के परिसर खुलेंगे तब हम प्राचार्य को छात्रसंघ चुनाव अनिवार्यतः कराने हेतु ज्ञापन देकर अपने आंदोलन की शुरुआत करेंगे। कहा कि जब तक छात्रसंघ चुनाव नही हो जाता तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में मुख्यरूप से वरिष्ठ छात्र नेता में डॉ समीर सिंह,अनुराग सिंह,निमेष पाण्डेय,राकेश यादव,अमरजीत यादव,अखिलेश यादव, विनित चौहान,अभिषेक सिंह मुन्ना,ऋषभ राय,शिवम उपाध्याय,सम्पूर्णानंद यादव, सुधांशु तिवारी
राजू यादव, बृजेश सिंह,अनुज भारती, उपेन्द्र मौर्य, प्रद्युम्न सिंह यादव, विकास तिवारी, शैलेश यादव, विकास यादव, अमृतांश बिंद, दुर्गेश सिंह, शिवप्रकाश पाण्डेय, निलेश बिंद, प्रकाश राय,रोशन सिंह, प्रगति दूबे,अनिल कुमार, रणविजय, आशीष कुमार,सोनू यादव, राकेश यादव, अभिषेक सिंह, राहुल कुमार, राहुल यादव, विशाल मौर्य,प्रिंस प्रजापति,राजू पाण्डेय, निखिल राज भारती,गौरव श्रीवास्तव, हिमांशु तिवारी,शिवम यादव,धन्नज यादव आदि सैकड़ों संख्या में छात्रनेता मौजूद थे। इस बैठक की अध्यक्षता आशीष पाल बंगा व संचालन पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने किया।
गाजीपुर। नंदगज थाना क्षेत्र के दवोपुर गांव में मंगलवार की रात चोरो ने एक मकान के पीछे से सेंध मारकर कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा नगद रुपया और लगभग तीन लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया । जानकारी के अनुसार दवोपुर निवासी राजनारायण यादव के मकान में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे से सेंघ मार कर कमरे के अंदर घुस गये और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके कमरे में रखा बक्सा व आलमारी का ताला तोड़ दिया। बक्से में कपड़े थे। वही आलमारी का लाकर तोड़ कर उसमें रखा 20 हजार रुपये नगद और सोने का एक मंगलसूत्र, दो पायल,एक मान टिका , नथुनी , कान में का आयरन, दो लाकेट , एक सिकड़ी और एक मीना उठा ले गये। जिसकी कीमत 3 लाख रुपये की है । सुबह जब परिवार की महिलाएं सो कर उठी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। तब उसने परिवार के लोगो को बताया। परिवार के लोग मकान के बाहर खेत के तरफ गये तो देखा कि मकान की दीवार में सेंध मारा गया है। सेंध के रास्ते से अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली हुई है। सभी सामान बिखरा पड़ा है । वही एक बक्सा घर से 200 मीटर की दूरी पर बांसवाड़ा में फेंका पड़ा है । चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस छानबीन करने में जुट गई ।इस सम्बंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने कहा कि तहरीर नही मिली है । मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
शूर्पणखा नक्कटैया, खर दूषण बध, सीता हरण लीला का हुआ मंचन।
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वाधान में रामनलीला मैदान लंका में शूर्पनखा नक्कटैया, खर दूषण बध व सीता हरण लीला का भव्य मंचन हुआ। इसके पहले अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरि शंकरी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री पं. लवकुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबू रोहित कुमार अग्रवाल मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम लक्ष्मण सीता को माला पहनाकर आरती पूजन किया।
इसके बाद बंदे बाणी विनायकौ आदर्श श्री रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा लीला में सूर्पणखा नक्कटैया, खर दूषण वध सीता हरण लीला का मंचन किया गया। लीला में दर्शाया गया कि लंका नरेश महाराज रावण की बहन शूर्पनखा किसी कारण वश भ्रमण करते हुए पंचवटी पहुंची। वहां देखा कि दो वीर पुरुष स्त्री के साथ कुटिया बनाकर निवास कर रहे हैं। वह उनके पास जाकर उनका परिचय पूछती है जिसको सुनकर वीर पुरुषों ने अपना परिचय राम तथा अपने छोटे भाई का नाम लक्ष्मण और अपने पत्नी का नाम सीता बताया।
इसके बाद श्री राम ने सूर्पनखा का परिचय तथा उसके भी आने का प्रयोजन भी पूछा। शूर्पणखा ने दोनों वीर पुरुषों का राम और लक्ष्मण नाम सुना तो सबसे पहले वह राम से बिनती करती है कि हे वीर पुरुष। तुम्ह सम पुरुष न मो सम नारी। यह संजोग विधि रचा बिचारी। कहती है कि हे वीर पुरुष तुम्हारे जैसा सुन्दर तथा बीर पुरुष, और मेरे जैसी नारी यह जोड़ी तीनो लोक में नहीं मिली यह विधि ने संजोग से ही रचा है। मैं अब तक कुंवारी हूं। मैं आपसे विवाह करना चाहती हूं। श्रीराम ने उसकी बातो को सुनकर अपने छोटे भाई लक्ष्मण के पास भेज दिया कि बगल में मेरा छोटा भाई लक्ष्मण कुंवारा है उससे जाकर पूछो।
इस तरह से वह इधर-उधर भटकती रही। अंत में सूर्पनखा अपने असली रूप में आकर सीता पर झपट्टी। इतने में अपने बड़े भाई श्री राम का इशारा पाते ही लक्ष्मण ने अपने तेज शस्त्र से उसका नाक और कान काट दिया। वह रोती बिलखती अपने भाई खर दूषण के पास जा कर अपने नाक कान कटने के विषय में सब कुछ बता देती हैं। इतना सुनने के बाद खरदूषण क्रोधित होकर अस्त्र-शस्त्र व सेना के साथ रणभूमि में जाकर श्री राम लक्ष्मण को युद्ध करने के लिए ललकारते है। श्रीराम लक्ष्मण ने खर दूषण के ललकार को सुनकर रणभूमि में आकर युद्ध दौरान दोनों भाइयों को मार गिराया।
खरदूषण के मारे जाने के बाद शूर्पणखा रोती बिलखती अपने बड़े भाई महाराज रावण के दरबार में पहुंची। महाराज रावण ने अपने बहन शूर्पणखा के दशा को देखकर भड़क उठते हैं। वह क्रोधित होकर पूछते हैं कि बहन तुम्हारी यह दशा किसने बिगाड़ दी, किसका काल उसके सिर पे नाच रहा है, यह सुनते ही शूर्पणखा ने कहा कि पंचवटी में दो वीर पुरुष अपनी पत्नी के साथ कुटिया बना कर निवास कर रहे हैं । वे अपना परिचय राम लक्ष्मण बताया उनके साथ सीता नाम की सुन्दरी भी है।
इतना सुनते ही वह अपने राज दरबार से उठकर रथ द्वारा आकाश मार्ग से अपने मामा मारीच के पास जाकर स्वर्ण मृग बनने का आदेश देता है। मामा मारीच रावण के डर से स्वर्ण मृग बनकर जंगल में इधर उधर बिचरण करने लगा। सीता जी की दृष्टि सोने के मृग पर पड़ी, उन्होंने श्री राम से सोने के मृग के लिए अपनी इच्छा जाहिर की। सीताजी के कहने पर धनुष-बाण लिए श्री राम मृग के पीछे घने जंगल की ओर चल पड़े।
थोड़ी देर बाद सीता जी के कान में बचाओ बचाओ की आवाज सुनाई देती है तो सीता जी श्री राम की सहायता के लिए वह अपने देवर लक्ष्मण को सहायता करने का आदेश देती है लक्ष्मण जी सीताजी के आदेश पर कुटिया के चारों और रेखा खींचकर लक्ष्मण भी अपने भाई की सहायता के लिए चल देते हैं। उधर कुटिया सुना पाकर रावण साधु के भेष में धारण कर सीताजी से भिक्षांदेहि का आवाज देता है। साधु के आवाज को सुनकर सीता जी आश्रम के अंदर से कंदमूल फल लेकर बाहर आती है तो रावण ने देखा कि कुटिया के चारों ओर रेखा खींचा है वह कहता है कि रेखा के बाहर आकर भिक्षा दीजिए तब मैं भिक्षा ग्रहण करूंगा।
सीता जी साधु के आदेश का पालन करके रेखा से बाहर आती है तो रावण साधु का भेष त्याग कर अपने असली रूप को धारण करके सीता जी को रथपर बैठाकर हरण कर लेता है। इस मौके पर अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरि शंकरी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेलाप्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबू रोहित कुमार अग्रवाल, कृष्णाशं त्रिवेदी,राजन सिंह,विकास शर्मा सहित अन्य लोग भी शामिल थे।
मेला का संचालन बंदे बाणी विनायकौ आदर्श श्री रामलीला मंडल के मुखिया पं. श्रीराजाजीभैया कर रहे थे।
गाजीपुर। बुधवार को एसपी ईरज राजा ने नवरात्रि त्यौहार के दृष्टिगत गहमर थाना क्षेत्र स्थित मां कामाख्या धाम मन्दिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एसपी ईरज राजा ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को नवरात्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया जाए। एसपी ने कहा कि नवरात्र के पर्व पर कामांख्या मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए इस निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षा प्रबंधों को सुनिश्चित करना और पर्व को शांति व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक गहमर सहित अन्य पुलिस बल साथ मौजूद थे।
गाजीपुर। जनपद मे महिला सशक्तिकरण एवं बच्चों के उत्थान हेतु जनपद में प्रथम बार अकांक्षा समिति का गठन किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी समिति की पदेन अध्यक्ष की अध्यक्षता में मगलवार को बैठक सम्पन्न हुई। जनपद में महिला सशक्तिरण की दिशा में महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, व्यापक जनजागरूकता, बनवासी समाज के महिलाओं एवं बच्चों के उत्थान हेतु तथा स्वयं सहायता समूहों को प्रेरित करने एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से अकांक्षा समिति का गठन जनपद में पहली बार किया गया है।
समिति की प्रथम बैठक में अध्यक्ष आर्यका अखौरी द्वारा निर्देशित किया गया कि समिति समय-समय पर विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत संरचना विकास का कार्य, स्वयं सहायता समूहों को प्रेरित करते हुए उनके द्वारा बनाए जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, स्वयं सहायता समूहों तथा महिलाओं को सशक्त करने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बालिकाओं के कन्या जन्मोत्सव, आत्म सुरक्षा का प्रशिक्षण दिलवाया जाना साथ ही बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सफाई सम्बन्धित कार्य कराते हुए सेनेटरी पैड वितरण किया जाएगा।
उन्होने बताया कि समस्त राजकीय बालिका इण्टर कालेज एवं कस्तुरबा विद्यालयों में मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जायेगा एवं समय- समय पर अन्य कार्यक्रम भी किये जायेंगे। इस बैठक मे विनीता सिंह, सदस्य/सचिव एवं कमेटी के सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
गाजीपुर। प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर शिक्षा क्षेत्र सैदपुर के नवनिर्मित भवन एंव अतिरिक्त कक्षा कक्ष का लोकार्पण मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव के द्वारा किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की थीम पर आयोजित किया गया था। जिसमें विद्यालय की छात्राओं द्वारा ‘‘मैं तो लडकियों की लाइन है‘‘, नामक प्ले का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा गणेश पूजा करके सम्पन्न किया गया।
छात्राओं द्वारा क्लासिकल नृत्य कर अतिथियों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के छात्राओं द्वारा नाटक मै तो लड़कियों की लाईन है का प्रस्तुतिकरण किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यालय के छात्राओं द्वारा वैदिक काल से आधूनिक काल तक में महिलाओं की दशा और उनके योगदान का सुन्दर चित्रण किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आयी महिला अभिभावको एवं छात्रो को सम्बोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी विद्यालयों को कायाकल्प के माध्यम भैतिक संसाधनों से संतृप्त किया जा रहा है।
संदर्शिका के प्रयोग एवं योजना आधारित शिक्षा से विद्यालय को निपूण बनाया जा सकता है। उन्होने उपस्थित आमजनमानस से जनपद को निपुण जनपद बनाने हेतु शपथ दिलायी। जिलाधिकारी ने विद्यालय के भैतिक एवं शैक्षणिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए उपस्थित आमजनमानस से लिंग के आधार पर विभेदीकरण न करने को कहा तथा बालिकाओं को समान अवसर देने की अपील की। जिलाधिकारी ने मंच पर विद्यालय के छात्राओं के प्रस्तुतिकरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति करे तथा संसाधनों की उचित देखभाल हो।
सपना सिंह द्वारा विद्यालय के छात्राओं को दी जा रही शिक्षा की सराहना किया गया। उन्होने कहा कि परिषदीय विद्यालय अब संसाधनों से पूर्ण हो रहे है। परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता कान्वेन्ट विद्यालयों से अच्छी हैं। उन्होने विद्यालय के नियमित विकास की शुभेच्छा प्रकट की। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी ज्वाईन्ट मजिस्टेªट रामेश्वर सुधाकर, खण्ड विकास अधिकारी सैदपुर, नायब तहसीलदार, ग्राम प्रधान मिर्जापुर, खण्ड शिक्षा अधिकारी सैदपुर, खण्ड शिक्षा अधिकारी देवकली आदि अन्य लोग उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्याक अरूण कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।
गाजीपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा ने मंगलवार को पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न रास्तो से होते हुए एम0एच0 इण्टर कालेज, चीतनाथ, रजदेपुर, टाउन हाल, होते हुए कोतवाली तक पैदल गस्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजनमानस से दशहरा, दिपावली एवं छठ पूजा आदि त्योहारो को सकुशल एवं शान्तिपूर्वक ढंग से मनाने की अपील की। रूट मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक शहर, एस0एच0ओ0 कोतवाली सदर दीनदयाल पाण्डेय, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, विशेश्वरगंज चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी सहित भारी संख्या में पुलिस बल के कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।