डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 70 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 336 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 29 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने बच्चों से परखी शिक्षा की गुणवत्ता

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 एवं अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024, कार्यक्रम 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक जनपद में चलाया जा रहा।इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विधानसभा क्षेत्र जखनियॉ अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मदरा जखनियॉ, प्राथमिक विद्यालय मदरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय पद्दुमपुर जखनियॉ में बनाये गये बूथ का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये। प्राथमिक विद्यालय पद्दुमपुर विद्यालय में बच्चो को शिक्षा की गुणवत्ता को देखा और स्वय बच्चो को पढ़वाकर परखा।



निरीक्षण के दौरान उन्होने  बी0एल0ओ0 पर नाराजगी व्यक्ति करते हुए कड़े निर्देश दिया कि  आयोग के निर्देशानुसर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है । जिसमे विशेष अभियान 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा।  जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे ,फार्म 7 में  आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप 8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा । जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते है। उन्होंने कहा इस कार्य मे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म 06, 07 ,08 और 08 ए की कमी नहीं होनी चाहिए।

सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करे, यदि कहीं भी  बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर  विशेष ध्यान रखे। इस दौरान उन्होंने बूथ लेबल ऑफिसर के कार्यप्रणाली को भी देखा  तथा पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में जोड़ने, साथ ही जो मतदाता स्थान परिवर्तित करके नए स्थानों से जुड़े हैं उनके नाम को भी जोड़ा अथवा हटाया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण अभियान में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, बूथ पर आने वाले मतदाताओं का संबंधित फार्म अवश्य भराये तथा लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाता  वोटर लिस्ट में शामिल हो सकें।

एमएलसी चंचल के प्रयास से कई मार्गों का होगा सुंदरीकरण और चौड़ीकरण


गाजीपुर। जिले के दो महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के निर्माण को लेकर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शीघ्र निर्माण का अनुरोध किया है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने 20 नवम्बर 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर जिले के ताड़ीघाट-बारा राष्ट्रीय मार्ग और मनिहारी-जखनिया मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण निर्माण के लिए अनुरोध किया है। इस पत्र का संज्ञान लेते हुए शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से शीघ्र आख्या तलब की है। अब उम्मीद है कि इन दोनों सड़क मार्ग का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बताया कि ताड़ीघाट बारा राष्ट्री मार्ग संख्या-124सी के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है। इसी तरह जखनिया-मनिहारी मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण को लेकर भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है। इसको लेकर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि आग्रह पत्र पर शासन की ओर से प्रमुख सचिव पीडब्लूडी उत्तर प्रदेश से आख्या मांगी गई है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने भरोसा जताया है कि जल्द ही दोनों मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से जनपद के लोगों को आवागमन में बेहतर सहूलियत मिलेगी।

बदहाल मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा पत्रक

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा स्थित ग्राम रसूलपुर कंधवारा मार्ग जो की सरया के नाम से भी प्रसिद्ध है। आज अपने दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग के पास बैसो नदी स्थित है। इस मार्ग पर पूर्व मे स्वर्गीय कैलाश यादव पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक छोटी सी पुलिया का भी निर्माण किया गया है। जो अरखपुर, परवा, जंगीपुर, रसूलपुर, कंधवारा, बैदापुर चट्टी, भवरी व गाजीपुर घाट को जोड़ने का कार्य करता है। इस बदहाल मार्ग को लेकर बीते कई दशकों से वहां के निवासी दुर्दशा का दंश झेल रहे हैं। मार्ग के रास्ते इस पुलिया पर प्राइवेट वाहनों के साथ-साथ स्कूली वाहन व (एम्बुलेंस) की गाड़ियों का भी आगमन रहता है जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का शिकार बन सकती है। इस सम्बंध में विश्वकर्मा बिग्रेड के जिलाध्यक्ष चंदन विश्वकर्मा ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ रायफल क्लब पहुंचकर डीएम को संबोधित पत्रक उनके प्रतिनिधि को शनिवार को सौंपा। चंदन विश्वकर्मा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जहा गड्ढा मुक्ति की बात करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ गड्ढे में सड़क है कि सड़क में गड्ढा यह जान पाना भी मुश्किल है। मुख्यमंत्री के सारे गड्ढा मुक्ति के दावे हवा में है। कहा कि अगर इस सड़क का निर्माण जल्द ही नहीं कराया जाता है तो हम बाध्य होकर क्षेत्र के सभी ग्रामीणों के साथ व्यापक धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। पत्रक देने वाले मे अमित बिन्द, रवि यादव, मुकेश यादव, भरत शर्मा, अरविंद राम, अवध राम, दुक्कु बिन्द, रीता विश्वकर्मा, बबलू विश्वकर्मा, अमित राम और सुरेश बिन्द सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सीवरेज पाइपलाइन के कार्य में अनियमितिता को लेकर 5 दिसंबर से शुरू होगा सत्याग्रह:-शम्मी सिंह

सीवरेज पाइपलाइन के कार्य में देरी और अनियमितिता को लेकर 5 दिसंबर से शुरू होगा सत्याग्रह- शम्मी सिंह

गाजीपुर। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार और अनियमितता, गुणवत्ता की कमी तथा समय सीमा के अंदर कार्य को न करना, तथा जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ने को लेकर नगर के प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने शनिवार को कचहरी स्थित पत्रकार भवन में प्रेस वार्ता किया। इस दौरान विवेक कुमार सिंह शम्मी ने कहा कि नगर में सीवर का कार्य कर रही कार्यदाही संस्था गुंडो की तरह व्यवहार कर रही है तथा उन्हें न तो सरकार का, न तो प्रशासन का, न ही आमजन का किसी का भय नहीं है। खुलेआम भ्रष्टाचार जारी है।



उन्होंने कहा कि सीवर के कार्य में हो रही देरी के चलते पूरा शहर धूल के गुबार में बदल चुका है तथा लोग धूल के चलते सांस की बीमारियों से जूझ रहे हैं। सीवर की खुदाई के कारण जर्जर हुई सड़कों के चलते रोजाना दर्जनों लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सड़कों की बदहाली और अफसरो की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। श्री सिंह ने बताया कि इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आगामी 5 दिसंबर से शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया जाएगा। कहा कि जब तक सीवर की समस्या का समाधान नहीं होता है, लंका मैदान के गेट नंबर 4 के सामने आंदोलन जारी रहेगा।

सात देश के विद्वान करेंगे अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में प्रतिभाग

गाजीपुर। भारतीय लोक साहित्य एवं संस्कृति को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जीवनोदय शिक्षा समिति, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान 2 और 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है उत्तर सत्ययुग में भोजपुरी भाषा एवं संस्कृति का पुनरावलोकन। इस कार्यक्रम के पहले दिन का आयोजन तीन हिस्सों में किया जाएगा। प्रथम हिस्से में विद्वानों द्वारा शोध पत्र पढ़ा जाएगा।द्वितीय सत्र में भोजपुरी कवियों का काव्य पाठ आयोजन होगा और तीसरा हिस्सा सांस्कृतिक संध्या का होगा जिसमें लोक कलाकारों की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन विद्वानों का व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सात देश के विद्वान एवं लोक कलाकर प्रतिभाग कर रहे हैं। जिसमे से टर्की से टी एस जसल, अमेरिका से माइकल बोनेलोक, लीबिया से प्रो अनिल कुमार, दुबई से नवीन चंद्र कला, नेपाल से गोपाल ठाकुर एवं शिवानंद जायसवाल तथा मरिसश से प्रगति तिवारी एवं राजेंद्र राय पहुंच चुके हैं। भारतीय विद्वानों में लोक साहित्य एवं संत साहित्य के मर्मज्ञ प्रो सदानंद शाही, कथाकार नीरजा माधव, गीतकार प्रो वशिष्ठ अनूप, प्रो संजय कुमार एवं मनोज भावुक आदि विद्वान पधार रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया जायेगा। डा रामनारायण तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम लंका मैदान में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम भोजपुरी भाषा एवं कला के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किया गया एक अनूठा प्रयास है। इससे भी आने वाले दिनों में गाजीपुर जाना जाएगा।

मेरठ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी जिले की महिला खिलाड़ी

खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग विमेन लीग के लिए गाजीपुर की टीम ने मेरठ के लिए किया प्रस्थान।

गाजीपुर। जनपद के कई महिला खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग विमेंस लीग में हुआ है। बता दें कि खेलो इंडिया किक बॉक्सिंग विमेंस लीग मेरठ के सुभारती यूनिवर्सिटी में 2 से 3 दिसंबर तक आयोजित होगा। इन सभी चयनित महिला खिलाड़ियों को लेकर जिले के पूरे क्षेत्रवासियों में बहुत ही हर्ष का है। खेलो इंडिया में चयन होने के बाद सभी चयनित महिला खिलाड़ी सभी भार वर्ग में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मेरठ के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। महिला खिलाड़ियों को लेकर यूपी के हेड कोच अब्दुल सलाम खान ने बताया कि पूरे गाजीपुर से 14 महिला खिलाड़ी, 4 रेफरी और दो कोच के साथ मेरठ के लिए प्रस्थान की है। चयनित महिला खिलाड़ी में शिखा यादव, काजल कुमारी, चांदनी गुप्ता, मुस्कान कुमारी, काजल कुमारी, चांदनी मौर्य, सोनाली राय, संध्या कुमारी, अंजली सिंह, कृति, परिधि और भावना कुमारी के साथ जिले से मुख्य कोच के रूप में देवेंद्र प्रजापति, धनंजय कुमार, अब्दुल सलाम खान, निजामुद्दीन राइनी, मोहम्मद आसिफ, निलेश कुमार यादव शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग ने किया एड्स के प्रति जागरूक

रैली निकाल कर स्वास्थ्य विभाग ने किया एड्स के प्रति जागरूक

सीएमओ कार्यालय में हस्ताक्षर अभियान व संगोष्ठी का हुआ आयोजन

संक्रमित व्यक्ति के छूने, साथ बैठने व खाने से नहीं फैलता एचआईवी/एड्स – डॉ. देश दीपक पाल

रोकथाम के लिए बचाव व जागरूकता ही एकमात्र उपाय – डॉ मनोज कुमार सिंह

गाज़ीपुर। ‘ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस – एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम’ यानि एचआईवी/एड्स के प्रति जन जागरूकता के लिए शुक्रवार को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने गोरा बाजार स्थित जिला चिकित्सालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जिला अस्पताल से पीजी कॉलेज चौराहा से होते हुए विकास भवन, रिवर बैंक कॉलोनी से होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। इसके बाद सीएमओ ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जन जागरूकता गोष्ठी भी का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जन जागरूकता के उद्देश्य से हर साल एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘लेट कम्यूनिटीज़ लीड’ निर्धारित की गई है। यह थीम इस बात पर ज़ोर देती है कि एड्स से प्रभावित लोग अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए अपनी आवाज उठाने में सक्षम बनें। बीमारी को रोकने के लिए समाज की अहम भूमिका के बारे में जागरूक करने के लिए इस थीम को चुना गया है।


सीएमओ ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से एड्स की बीमारी नहीं होती है। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के छूने, साथ बैठने और खाने से भी यह बीमारी नहीं फैलती है। संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन सम्बन्ध बनाने से यह बीमारी फैलती है।इससे बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज में एड्स से बचने के लिए जागरूकता अत्यन्त जरूरी है। एचआईवी/एड्स रोगी से समानता का व्यवहार किया जाए और कोई दुर्व्यवहार न हो।
जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि एचआईवी-एड्स लाइलाज बीमारी है। इसकी रोकथाम के लिए बचाव व जागरूकता ही एकमात्र उपाय है। इसके लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। एड्स के प्रति सामाजिक मिथकों को दूर करना, आहार, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन शैली के लिए युवाओं को प्रेरित होने की ज़रूरत है। एचआईवी-एड्स के मरीजों से सार्वजनिक स्थलों जैसे दफ्तर, स्कूल आदि जगहों पर भेदभाव न किया जाए। यह छूने या बात करने से नहीं फैलता है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध है।


इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, सुनील वर्मा, संजय यादव, फिरोज बाबू, अंजू सिंह, श्वेता, स्वर्ण लता, संगीता, अजय क्षयरोग विभाग, एआरटी सेन्टर, आईसीटीसी सेन्टर, एसटीआई सेन्टर, पीपीसीटीसी सेन्टर, टीआई सेन्टर के सम्बन्ध अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इन्सेट —
एचआईवी/एड्स के कारण – संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले द्रव या पदार्थ के संपर्क में आने से कोई भी स्वस्थ व्यक्ति संक्रमित हो सकता है। इसके अलावा रक्त संचरण, असुरक्षित यौन संबंध, असुरक्षित इंजेक्शन साझा करना, संक्रमित गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान द्वारा बच्चे को हो सकता है। इसलिए समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।
लक्षण – बुखार, ठंड लगना, गले में खराश, मांसपेशियों में दर्द, शरीर पर चकत्ते होना, रात को पसीना आना, थकान होना, जोड़ों में दर्द और ग्रंथियों में सूजन, पेट में समस्या बने रहना, वजन कम होना और भूख न लगना आदि।
बचाव – किसी दूसरे की इस्तेमाल की हुई सिरिंज या इंजेक्शन का इस्तेमाल न करें। इसका इस्तेमाल करने के बाद नष्ट कर दें। यौन संबंध बनाते समय कंडोम का प्रयोग करें और सही से निपटान करें। यदि कोई गर्भवती महिला संक्रमित है तो बच्चे को संक्रमण से बचाने के लिए उसका इलाज कराएं, जिससे बच्चे को एचआईवी/एड्स से बचाया जाए।

सांसद ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की दिलाई शपथ

गाजीपुर।विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत लोक संवाद कार्यक्रम विकास खण्ड कासिमाबाद के ब्लाक परिसर में मुख्य अतिथि सांसद बलिया वीरेंद्र सिंह मस्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। ग्राम सभा से लोक सभा तक इस संवाद कार्यक्रम में मंचाशीन मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत बुके, स्मृति चिन्ह एवं माल्यापर्ण कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत में स्वागतगीत की प्रस्तुति दी गई,जो सराहनीय रहा। ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ आधारित विशेष वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री के व्यक्तव्यो को सुना व देखा गया । कार्यक्रम के दौरान सरकार की योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।


सांसद तथा मुख्य विकास अधिकारी व जनप्रतिनिधिगणों की उपस्थित ग्रामवासियों को पंचप्रण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का रिकार्ड किया गया। वीडियों संदेश एवं विकसित भारत के लिए संकल्प वीडियों का प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा व आत्मसात किया। विभिन्न योजनाओं के सफल लाभार्थियों ने ‘‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’’ कार्यक्रम के अन्तर्गत अपने अनुभव साझा करते हुए दूसरे लोगों को प्रेरित किया। ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ कार्यक्रम में विभिन्न विभागो के स्टाल लगाए गए जिसमें अधिक से अधिक लोगो को सरकार की महत्वूर्ण योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हे लाभ दिया गया। जिसमें ऑन-स्पॉट सेवाओं के अन्तर्गत स्वास्थ्य शिविर (टीबी स्क्रीनिंग, एनीमिया) पीएम उज्ज्वला नया नामांकन और बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण, पीएम किसान योजना में नया पंजीकरण, ई के0वाई0सी0, मेरा भारत स्वयं सेवक नामांकन की सुविधाओं से ग्रामवासियों को आच्छादित किया गया।

बैंक स्टॉल के माध्यम से कृषकों की ईकेवाईसी, आधार से लिंक, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा लोन, व्यवसायिक लोन से वंचित लोगों को संतृप्त करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कृषि विभाग द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाते हुए विभिन्न कृषि/कृषक आधारित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत प्रमाण पत्र वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत स्टॉल के माध्यम से चिकित्सा परीक्षण एवं आयुष्मान कार्ड वितरण किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि ने पात्र लाभार्थियो को सरकार की विभिन्न योजनाओ से लाभान्वित कर उन्हे प्रमाण पत्र दिया। गर्भवती महिलाओ की गोदभराई एव बच्चो का अन्नप्रासन किया। अन्त मे मुख्य अतिथि ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, एस0पी0ग्रामीण, पी0डी0, समाज कल्याण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी के साथ अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत लोक संवाद कार्यक्रम विकास खण्ड, विकास खण्ड भॉवरकोल के ग्राम पंचायत मुर्की आगाद, विकास खण्ड सैदपुर में ग्राम पंचायत रामरेपुर, विकास खण्ड मोहम्मदाबाद के ग्राम पंचायत गौसपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा एल0ई0डी0 वैन माध्यम से प्रधानमंत्री जी के संवाद को सुना गया एवं पंचप्रण की शपथ भी दिलाई।

पार्टी के समर्पित और कर्मठ सिपाही थे रामकरन यादव:गोपाल

ग़ाज़ीपुर।शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर पूर्वांचल के गांधी के नाम से प्रदेश में विख्यात श्रद्धेय स्व.रामकरन यादव की 11वीं पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाजवादी आंदोलन के साथ-साथ पार्टी को भी आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने दादा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें समाजवादी आंदोलन का मजबूत स्तम्भ बताया ।उन्होंने कहा कि दादा जी के नेतृत्व में पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी बहुत मजबूत हुई और शत प्रतिशत हर मुकाम को हासिल करती रही । वह नेता मुलायम सिंह के साथ आजीवन साये की तरह चलते रहे। वह पार्टी के समर्पित और कर्मठ सिपाही थे। वह बहुत ही सरल और सहृदय होने के साथ साथ बहुत ही अनुशासन प्रिय थे।‌ सादगी और ईमानदारी उनमें कूट-कूट कर भरी हुई थी। वह सर्वसुलभ और सर्वसमाज के नेता थे। उन्होंने आजीवन पार्टी को एक सूत्र में बांधे रखा। पार्टी उनकी सांसों में रची बसी थी। तिनका-तिनका जोड़कर पार्टी को बनाया था मजबूत।वह चौधरी चरण सिंह और मुलायम सिंह जी के बहुत ही भरोसेमंद थें। नेता जी पूर्वांचल में कोई भी फैसला लेने के पहले हमेशा दादा जी की राय लिया करते थे। वह दो बार विधानसभा के सदस्य और दो बार विधान परिषद के सदस्य रहे। वह जिला पंचायत के सदस्य भी रहे।उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस गोष्ठी में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, प्रदेश कार्यसमिति के आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव, डॉ सीमा यादव,ललिता यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, निजामुद्दीन खां, गोवर्धन यादव,सत्येन्द्र यादव सत्या, दिनेश यादव, कमलेश यादव भानु,अमित ठाकुर, राजेश यादव,संजय कुमार यादव,उपेन्द्र यादव, सत्यवादी सिंह,मु.जुमाउद्दीन, रामप्रवेश, कृष्णानंद, शैलेन्द्र सिंह यादव,वैजनाथ सिंह यादव,अवधेश कुशवाहा, तुषार चंद,रामदेव, आदि उपस्थित थे। इस गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।

Uttar Pradesh Fast News