नाव पर सवार होकर डीएम-एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण

गाजीपुर। डाला छठ त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु रविवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न घाटों का नाव द्वारा निरीक्षण किया। उन्होने घाटो पर साफ-सफाई, बैरिकेटिग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटो पर नावो तथा उस पर तैनात गोताखोरो की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स के साथ महिला आरक्षियों की स्थिति का जयजा लिया। उन्होने आये हुए श्रद्धालुओं से अपील किया कि ज्यादा पानी के अन्दर न जाये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, ई0ओ0 नगर पालिका गाजीपुर, सी0ओ0सिटी गौरव कुमार, तहसीलदार सदर, प्रतिनिधि नगर पालिका अध्यक्ष गाजीपुर विनोद अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम से मिलकर की यह मांग

गाज़ीपुर। रेलवे प्रशिक्षण केंद्र की बाउंड्री वाल से सटे हनुमान मंदिर को लेकर नगर पालिका ने पुजारी अजय गोस्वामी के नाम नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। वर्षों पुराने मंदिर को लेकर जारी नोटिस की सूचना पर विहीप व बजरंग दल के कार्यकर्ता सदर एसडीएम से मिलकर नोटिस निरस्त करने की मांग करते हुए पत्रक दिए।


कार्यकर्ताओ ने बताया कि क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण केंद्र की दीवाल से सटा हनुमान मंदिर लगभग सौ वर्ष पुराना है। पूर्व में मंदिर सड़क से दूर था। सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ मंदिर बिल्कुल सड़क के किनारे आ गया। कुछ दिन पूर्व मंदिर का जीर्णोद्धार करते समय सीढ़ी सड़क की पटरी पर आ गई थी। पटरी पर अतिक्रमण की जांच किया गया और सीढ़ी तोड़कर हटा लिया गया। पुनः दोबारा नायब तहसीलदार विरनों व सदर तहसीलदार से जांच कराया गया। जिसमें नौ वर्गमीटर पर अवैध निर्माण होने की आख्या प्रेषित किया गया। इसका संज्ञान लेते हुए नगरपालिका प्रभारी ईओ ने नवापुरा निवासी पुजारी अजय गोस्वामी के नाम आठ नवंबर को नोटिस जारी किया। नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के अंदर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया। पुजारी का कहना है कि वर्षों पुराने मंदिर मैं केवल पुजारी हूं, जीर्णोद्धार आम जनमानस के सहयोग से पुरानी नींव पर किया गया है। ऐसे में मुझे नोटिस जारी करके अतिक्रमण हटाने के लिए कहना समझ से परे है। विहीप जिला उपाध्यक्ष विनीत सिंह का कहना है कि अतिक्रमण की दशा में एक बार सीढ़ी तोड़कर हटा लिया गया था। पुनः नौ वर्गमीटर तोड़ दिया जाएगा तो मंदिर का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। एसडीएम को पत्रक देकर नोटिस निरस्त करने की मांग किया गया है। इस मौके पर विहिप जिला मंत्री विपिन श्रीवास्तव, बजरंगदल संयोजक रविवराज हिंदू, भोला गुप्ता, ओमप्रकाश पांडेय, उदय तिवारी, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेक कुमार, सत्येंद्र पांडेय, धर्मेंद्र हिंदू, रोहित हिंदू, आंनद तिवारी, बलिराम, संदीप आदि मौजूद रहे।

डीएम-एसपी ने घाटों के सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, कहा….

गाजीपुर। डाला छठ त्यौहार को देखते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील सैदपुर अन्तर्गत बूढेनाथ महादेवा घाट एवं रंगमहल घाट सैदपुर का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओ का जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को घाटो पर साफ-सफाई, बैरिकेटिग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटो पर नावो तथा उस पर तैनात गोताखोरो की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स के साथ महिला आरक्षियों की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया साथ ही घाटो पर लगाये गये नाविको एवं गोताखोरो का पहचान पत्र जारी करने का निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया। उन्होने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सभी घाटो पर अस्थायी कपड़ा चेन्जिग रूम तथा घाटो पर जाने वाली सड़को को गढ्ढा मुक्त करने तथा सभी घाटो पर साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि घाटो पर किसी प्रकार की दुकाने न लगाई जाये जिनसे भीड़-भाड़ होने की सम्भावना हो। उन्होने कहा कि ऐसे घाट जहां भीड-भाड़ अधिक होती है ऐसे प्रत्येक प्रमुख घाटो पर कन्ट्रोल रूम/खोया/पाया केन्द्र बनाते हुए कर्मचारी तैनात करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियो से अपील की है कि त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढ़ग से मनायी जाय।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उसके उपरान्त जिलाधिकारी  एवं पुलिस अधीक्षक ने नाव द्वारा शहर के पवहारी बाबा आश्रम घाट, पत्थर घाट, छोटा महादेवा, बड़ा महादेव घाट, सिकन्दपुर घाटर, साईबाबा मन्दिर घाट, कलेक्ट्रर घाट, ददरी घाट एवं चीतनाथ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने गाजीपुर के जनपदवासियों से अपील किया है कि जिस स्थान पर पत्थर घाट, छोटा महादेवा, बड़ा महादेव घाट प्रतिबन्धित किया गया है उस स्थान पर कदापि अपने डाला को न ले जाय, गहरे पानी में न जाय, गंगा के किनारे के घाटो पर अपना-अपना छठ पूजा अर्चन धूम-धाम से मनायी जाय। भीड़ भाड़ की संख्या कम से कम हो जिससे आप व आपका परिवार सुरक्षित रहें।  इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, ई0ओ0 नगर पालिका गाजीपुर, सी0ओ0सिटी, तहसीलदार सदर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

छात्र नेताओं के मांग पर विश्वविद्यालय ने बढ़ा दी परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि



गाज़ीपुर। पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्र नेताओ द्वारा दिये गए पत्रक का संज्ञान लेते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि 20 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है साथ ही निर्धारित 21 नवम्बर से शुरू हो रही परीक्षा तिथि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। बताते चलें कि परीक्षा फार्म भरने कि तिथि व निर्धारित परीक्षा तिथि को आगे बढ़ाये जाने से सम्बंधित अपनी मांग के दौरान छात्रनेताओं कि तरफ से यह चेतावनी भी दी गई थी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो संघर्षरत छात्र नेताओं को छात्र समुदाय के साथ 21 नवम्बर से शुरू हो रही परीक्षा के दौरान महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी के लिए विवश होना पड़ेगा जिससे परीक्षा छुटने पर विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा। छात्र नेताओं के मांग व चेतावनी पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि बढ़ाने के साथ ही पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथि को स्थगित करने का निर्णय लेने सम्बन्ध में नोटिस जारी किया है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रहित में उठाये गये मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए पूर्ण करने पर छात्रों में खुशी कि लहर दौड़ पड़ी हैं और अब परीक्षा फार्म भरने से वंचित छात्रों को एक और मौका मिल गया है जिससे वे परीक्षा फार्म भरकर परीक्षा में बैठ सकते हैं। इसको लेकर छात्रों कि तरफ से श्री उपाध्याय ने विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार प्रकट किया। साथ ही छात्र-छात्रों से अपिल किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि 20 नवम्बर तक बढाई गई है और निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी छात्र -छात्रायें परीक्षा फार्म भरकर महाविद्यालय में जमा कर ले अन्यथा परीक्षा फार्म भरने से छुटने पर परीक्षा से वंचित होगे जिसके सम्पूर्ण जिम्मेदार खुद छात्र-छात्रायें होंगे।

मतदाता पंजीकरण केंद्र का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, दिया निर्देश

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 एवं अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024, कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2023 से 9 दिसंबर 2023 तक जनपद में चलाया जा रहा।

इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विधानसभा क्षेत्र सैदपुर अंतर्गत  तहसील सैदपुर में बनाये गये मतदाता पंजीकरण केन्द्र सैदपुर का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि आयोग के निर्देशानुसर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है । जिसमे विशेष अभियान 4 नवंबर 5 नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा।  जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे ,फार्म 7 में आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप 8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा । जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते है।

उन्होंने कहा इस कार्य मे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म 6, 7, 8 और 8 ए की कमी नहीं होनी चाहिए। सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करे, यदि कहीं भी  बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर विशेष ध्यान रखे। इस दौरान उन्होंने बूथ लेबल ऑफिसर के कार्यप्रणाली को भी देखा  तथा पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में जोड़ने, साथ ही जो मतदाता स्थान परिवर्तित करके नए स्थानों से जुड़े हैं उनके नाम को भी जोड़ा अथवा हटाया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण अभियान में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, बूथ पर आने वाले मतदाताओं का संबंधित फार्म अवश्य भराये तथा लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाता  वोटर लिस्ट में शामिल हो सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जेल में बंद कैदी की मौत को लेकर छात्र नेताओं ने की मांग, सौंपा पत्रक

गाजीपुर। शनिवार को सरजू पाण्डेय पार्क में जिला जेल में बंद कैदी स्व0 अमन कुमार द्वारा जेल प्रशासन से प्रताड़ित होकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर उसके न्याय व मजिस्ट्रेटी जांच की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने पांच घंटे का सामूहिक उपवास रखा उसके बाद मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित पत्रक जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार राजीव कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता डॉ शम्मी सिंह ने कहा कि स्व अमन कुमार के पिता खुरचन राम ने जेल प्रशासन पर यह आरोप लगाया है कि आये दिन मेरे बेटे से धन की मांग की जा रही थी जिसको नही देने पर उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। दिन में कोई बन्दी सरेआम आत्महत्या कर लिया और उसको बचाने के लिए कोई नही आया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र नेता शशांक उपाध्याय ने कहा कि हम सभी कि मुख्यमंत्री से यही मांग है कि इस प्रकरण कि न्यायिक जांच हो और दोषियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो। छात्र नेता अभिषेक राय ने कहा कि जल्द से जल्द दोषियों पर दण्डनात्मक कारवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करने को हम सभी बाध्य होंगे।

सामूहिक उपवास में बैठे डां शम्मी सिंह, मनीष चौधरी, शिवम उपाध्याय, अभिषेक द्विवेदी, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, अनुज कुमार भारती, आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, नितेश सिंह, निखिल राज भारती, विवेक भारती, विनोद कुशवाहा, सर्वजीत मौर्य इत्यादि मौजूद थे।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र और दीपक वर्मा को कोर्ट ने किया दोषमुक्त

गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश / MPMLA अरविंद मिश्र की अदालत ने शुक्रवार को जान से मारने की धमकी के मामले में पूर्व मंत्री विजय मिश्र व दीपक वर्मा को दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन के अनुसार ग़ाज़ीपुर लाइव न्यूज के संपादक सुनील कुमार सिंह द्वारा 12 मार्च 2017 की घटना के बाबद तहरीर दिया कि पूर्व मंत्री विजय मिश्र पोल खोल रही खबरों से घबड़ाकर तथा अपने हार के बौख लाहट के कारण फोन से धमकी दिया उसके वावजूद वादी ने उसे नजरअंदाज कर दिया। फिर भी लगातार धमकी मिलती रही। होली के दिन विजय मिश्र के सहयोगी दीपक वर्मा ने उसी नंबर से फोन कर उसकी पिस्टल को छीन कर जान से मारने की धमकी दिया। वादी की सूचना पर मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने विवेचना उपरांत आरोप पत्र पेश किया। दौरान विचारण के उपरांत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों आरोपियों को 28 जुलाई 2023 को 1 साल की साधारण कारावास व 500 -500 रुपये के अर्थदंड से दण्डित करने का आदेश दिया था। उक्त आदेश की विरुद्ध आरोपियों ने 14 अगस्त 2023 को जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में अपील दाखिल किया। जिसकी सुनावई हेतु पत्रवाली को MPMLA कोर्ट अरविंद मिश्र की अदालत में भेजा गया। वहाँ सुनवाई के बाद शुक्रवार को दोनो आरोपियों की अपील को स्वीकार करते हुए दोषमुक्त कर दिया।

एकमुश्त समाधान योजना: पहले आए पहले पाए

एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी भीड़।


गाजीपुर। जिले के विद्युत वितरण मंडल के अधीन चारो खंडो सहित समस्त उपखंड कार्यालयो पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। वही विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय आमघाट के अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओटीएस के तहत एकमुश्त समाधान योजना पिछले 8 नवंबर से लाया गया था। जिसमे घरेलू एवम पैंपिंग सेट के बकाया बिल पर 100% ब्याज माफ है। वही कमर्शियल पर 3 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को 80% एवं 3 किलोवाट से उपर के उपभोक्ताओं को 60% ब्याज पर लाभ मिलेगा। वही निजी संस्थान के ब्याज पर 50% की छूट है तथा लघु एवं मध्यम उद्योग के ब्याज पर 50% की छूट है। वही विद्युत चोरी में दर्ज मुकदमों में लगे राजस्व निर्धारण पर 65% की छूट है मगर साथ ही साथ जो राजस्व निर्धारण के साथ शमन शुल्क लगा है उसको भी साथ जमा करना होगा एवं जिस भी उपभोक्ताओं की आरसी भेजी गई है उनके लिए भी सुनहरा मौका है, अपने बकाया बिल पर लगे ब्याज में भारी भरकम छूट का लाभ लेकर अपना बकाया बिल का भुगतान करे और आरसी वापस कराए। वही न्यायालय में लंबित मुकदमों में भी छूट दी गई है अगर जिन उपभोक्ताओं का बकाया बिल, बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज हो और प्रकरण न्यायालय में लंबित हो तो वैसे लोग अपने नजदीकी विद्युत ऑफिस में जाकर ओटीएस का पूरा लाभ लेकर अपना बकाया और राजस्व निर्धारण जमा कर सकते है।

अभी तक एकमुश्त समाधान योजना के तहत कुल 1801 लोगो का पंजीकरण कर लिया गया है और इस ओटीएस योजना का लाभ उपभोक्ता बढ़ चढ़कर ले रहे है। आगे उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया की इस ओटीएस योजना में जल्द से जल्द आप लोग पंजीयन तत्काल करा ले क्योंकि इस ओटीएस योजना का पूरा लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2023 है। उसके बाद 1 दिसंबर 2023 से 15 दिसंबर 2023 तक छूट में 10% की कटौती की जाएगी एवं 16 दिसंबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक छूट का लाभ लेने पर कुल 20% छूट में कटौती की जाएगी। अतः सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि जल्द से जल्द इस ओटीएस योजना का लाभ अपने निजी विद्युत खंड, उपखंड कार्यालय तथा उपकेंद्रों,सहज सन सेवा केंद्र,मीटर रीडर,विद्युत सखी के पास जाकर सरकार द्वारा दी गई ओटीएस योजना का पूरा लाभ प्रथम चरण 8,11,2023 से 30,11,2023 तक अपना पंजीयन करा ले एवं पहले आए पहले पाए का लाभ लेते हुवे पंजीयन अवश्य कराए।

भाजपा परिवारवाद की पार्टी नहीं है:चंचल सिंह

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्र पंचायत सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग मरदह ,मुहम्मदाबाद के बाद शुक्रवार को बजरंग शिक्षण संस्थान बकुलियापुर मे आयोजित हुआ। जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों को चार सत्रों में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास से परिचित और संस्कार, संस्कृति से अलंकृत किया गया। इसके समापन अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर आज देश के किसी भी राजनैतिक दल में लोकतंत्र नहीं है।यह परिवार वाद कि पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी समाजवादी पार्टी के लोग सिर्फ अवसर के तलाश में रहने वाले लोग हैं।इनका सरोकार जनता के काम या जनता से कभी नहीं रहा है।

भारतीय जनता पार्टी मे नेता किसी नेता के घर से नहीं पैदा होता,बल्कि छोटे से एक कार्यकर्ता के रूप में अपने कार्यो एवं निष्ठा,लग्न, समाज सेवा के माध्यम से संगठन और सरकार के शीर्ष पद पर स्थापित होते हैं। इस अवसर पर प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि देश की आजादी के बाद अराजकता के माहौल में जो परिस्थितियां देश में पैदा हुई उससे तुष्टिकरण की राजनीति मजबूत हुई,देश कि सभ्यता, संस्कृति तथा क्षेत्रीय असंतुलन से उपजा असंतोष 21 अक्टूबर 1951को भारतीय जन संघ के स्थापना का कारण बना। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास देश की एकता,अखंडता और सेवा समर्पित राजनीतिक संघर्षों की गाथा है। जिसके सिद्धांत,विचार सामाजिक समरसता के पूरक हैं। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह प्रशिक्षण वर्ग एक अभ्यास वर्ग है।

जो हमें हमारी निष्ठा और जिम्मेदारियों को नैतिकता का बोध तथा नेतृत्व को कुशलता प्रदान करता है। दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए पुर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार समृद्धि का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार का सर्वांगीण विकास देश के समस्त भू भाग पर प्रत्येक व्यक्ति के जीवन मे दिखाई दे रहा है। गरीबों का सपना साकार हुआ। लाल किले की प्राचीर से दिया गया स्वच्छता का संदेश लोगों के कल्याण और समृद्धि में सहायक सिद्ध हो रहा है। तीसरे सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व महामंत्री रामनरेश कुशवाहा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा समर्पित राजनीति के साथ आज विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है जिसके सिद्धांत,विचार पार्टी के जनप्रतिनिधियों के कार्य व्यवहार व वाणी,संस्कार में निहित है।जो देश के गौरव को मजबूत करने के लिए काम करते हैं। चौथे और अंतिम समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गौरव शाली इतिहास रहा है।

जो सदैव देश की एकता,अखंडता, सभ्यता,संस्कृति के लिए त्याग और बलिदान की राजनीति को स्वीकार किया है। जो कभी सत्ता को सुख का आधार नहीं बल्कि सेवा का अवसर माना है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण के लिए असम्भव को सम्भव बनाना जनप्रतिनिधियों का काम और जिम्मेदारी है। नालंदा और तक्षशिला विश्वविद्यालय हमारी संस्कृति के अंग रहे हैं।इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों को उनके नैतिकता और कर्तव्य निष्ठा की श्पथ भी दिलाई गई। प्रशिक्षण वर्ग के एक सत्र की अध्यक्षता राकेश राय तथा संचालन महामंत्री प्रवीण सिंह,दयाशंकर पांडेय, अखिलेश सिंह, मनोज बिंद ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह,राजदेव यादव,सुरेश बिंद,विष्णु सिंह, संतोष यादव,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, गोपाल राय, धर्मेन्द्र कुशवाहा, अरविंद राय,मोनू तिवारी,लल्लन सिंह,किरन सिंह, सुनिता सिंह, कंचन गीरी, कंचन, साधना यादव, अनिल जायसवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश विश्वकर्मा, रामलीला देवी,नरेन्द्र विश्वकर्मा, मंशा देवी,लाल जी शर्मा, कंचन तिवारी, दीपमाला श्रीवास्तव, सुधीर केशरी आदि मौजूद रहे।

किसानों ने सीडीओ को समस्याओं से कराया रूबरू

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न किसानों द्वारा कृषि संबंधित जैसे सिंचाई, बिजली, पशुपालन, बीज व्यवस्था, उर्वरक व्यवस्था, उद्यान व मत्स्य से संबंधित अपनी शिकायतों से अवगत कराया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, सिंचाई अधिशासी अभियंता नलकूप आदि लोगों उपस्थित रहे। गोष्टी में उन्होने बारी-बारी से पिछली बैठक के दौरान प्राप्त शिकायतो के निस्तारण के सम्बन्ध मे शिकायतकर्ता से जानकारी ली। विद्युत बिल से सम्बन्धित शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा सिचाई विभाग/विद्युत विभाग के अभियन्ता,नहर एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहित सम्मानित किसान बन्धु उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News