सिंचाई संघ ने राज्यसभा सांसद को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान की मांग की


सिंचाई संघ ने राज्यसभा सांसद को सौंपा ज्ञापन, विभाग के राजस्व कर्मियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की


गाजीपुर। सिंचाई संघ उत्तर प्रदेश के मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र पाल एवं मंडल महामंत्री दानिश अहमद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत से भेंट कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से सिंचाई विभाग के अंतर्गत कार्यरत राजस्व कर्मियों (सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक एवं नलकूप चालकों) की वर्षों से लंबित व अत्यंत गंभीर समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत कराया कि वर्तमान में विभाग के राजस्व कर्मी संख्या बल में मानक से बेहद कम होने के बावजूद पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से प्रदेश के किसानों की सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपना अहम योगदान दे रहे हैं। इसके विपरीत, शासन स्तर पर लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में सेवा नियमावली में संशोधन: शासन स्तर पर वर्षों से लंबित सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक एवं नलकूप चालकों की सेवा नियमावली तथा शैक्षिक योग्यता में समयबद्ध व आवश्यक संशोधन जल्द से जल्द किया जाए।

वेतन विसंगति का निवारण: छठें वेतन आयोग के समय से चली आ रही इन संवर्गों के पदों की वेतन विसंगतियों को तत्काल दूर कर कर्मचारियों को उचित न्याय दिलाया जाए। रिक्ति तिथि से पदोन्नति: पदोन्नति के स्वीकृत एवं रिक्त पदों पर योग्य पात्र कर्मचारियों को पद रिक्त होने की वास्तविक तिथि से ही प्रोन्नति का लाभ देने की नीति शासन स्तर से लागू की जाए। जिलेदारी परीक्षा परिणाम: सींच पर्यवेक्षक से जिलेदार पद पर पदोन्नति हेतु दिनांक 21 अक्टूबर 2022 तथा 3 जून 2023 को आयोजित की गई विभागीय जिलेदारी परीक्षा का परिणाम अविलंब जारी किया जाए। नई भर्ती एवं अतिरिक्त कार्यभार से राहत: विभाग में लंबे समय से नई नियुक्तियां न होने के कारण वर्तमान कार्यरत कर्मियों को 3 से 4 गुना अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार संभालना पड़ रहा है। अतः रिक्त पदों पर तत्काल प्रभाव से नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए जैसी मांगे शामिल हैं। राजस्व कर्मियों की इन सभी मांगों और समस्याओं को सांसद संगीता बलवंत ने अत्यंत गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन विषयों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई मंत्री के समक्ष व्यक्तिगत पैरवी करेंगी तथा शासन स्तर पर इनका नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराने का पूरा प्रयास करेंगी।

मुख्यमंत्री के नाम डीएम को 22 सूत्रीय मांगो का सौंपा ज्ञापन

भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई गाजीपुर के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम डीएम को 22 सूत्रीय मांगो का सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर। भारतीय मजदूर संघ, प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर विभिन्न विभागों की विभिन्न मांगो से सम्बन्धी 22 सूत्रीय ज्ञापन शासन को सौंपा गया है। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई गाजीपुर द्वारा मुख्यमंत्री को 22 सूत्रीय ज्ञापन गुरुवार को जिलाधिकारी के माध्यम से दिया गया। ज्ञापन में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों का शोषण रोकने, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को एक जनवरी 2026 से लागू करने, आशा को न्यूनतम 18000/- व आशा संगिनी को 24000/- मानदेय निश्चित करने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों / सहायिकाओं को नियमित किया जाए एवं न्यूनतम मानदेय रुपये 18000/- करने, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के संविदा कर्मियों को उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप नियमित करने एवं मृतक आश्रित कोटे से भर्ती किये जाने हेतु शासन की अनुमति की बाध्यता को समाप्त करने, पटरी रेहड़ी दुकानदारों को समुचित स्थान, ई-रिक्शा एवं आटो को स्टैंड निर्धारित, एनएचएम के सभी संविदा कर्मियों की बीमा, स्थानांतरण, वेतन विसंगतियों की समस्याओं का समाधान, 108 एवं 102 एंबुलेंस के बर्खास्त कर्मियों की बहाली, प्रदेश के समस्त जिला सहकारी बैंकों वेतन पुनरीक्षण में बाधक बने आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता के वित्तीय मानकों को उत्तरांचल की तरह व्यवहारिक कर संशोधन करने, कृषि ग्रामीण एवं दिहाड़ी मजदूरों का पारिश्रमिक तय करने, नगर निगमों में स्थायी सफाई कर्मियों की भर्ती तथा संविदा कर्मियों को नियमित करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, EPS-95 से मिलने वाली पेंशन में वृद्धि करने, सरकारी विभागों में रिक्तियों को भरने, पत्रकारों /श्रमजीवी पत्रकारों को सुरक्षा बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने जैसी प्रमुख मांगे रही।


इस दौरान जनपद के जिला इकाई अध्यक्ष बाल्मीकि शर्मा, जिलामंत्री दीपक राय, संरक्षक यूपी राय, विजयकृष्ण, रानु अग्रवाल, विपुल रावत, प्रमिला, रिजवाना आदि उपस्थित रही।

डीएम ने किया नवनिर्मित कान्हा गौशाला का उद्घाटन,लिया जायजा

गाजीपुर। तहसील सेवराई क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत दिलदारनगर ग्राम उसियॉ में पशुपालन, कृषि विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवनिर्मित कान्हा गौशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, एवं नगर पंचायत दिलदारनगर के अध्यक्ष अविनाश जायसवाल(नेपाली)  द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी  ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने गौ-माता को गुड़, रोटी, केला  खिलाकर गौ सेवा एवं पशु संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं पशुपालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती तथा प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने का भी सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश आधारित कृषि पद्धतियां किसानों की लागत कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होने ने कहा कि शासन द्वारा पशुपालन एवं कृषि क्षेत्र के विकास हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण भी किया गया। कृषि यंत्र प्राप्त करने वाले किसानों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा होगी तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। अधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग, रखरखाव एवं आधुनिक खेती की तकनीकों की भी जानकारी प्रदान की।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों, पशुपालकों तथा ग्रामीणों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, कृषि उन्नयन तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और किसानों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर उपजिलाकारी सेवराई संजय यादव, तहसीलदार सेवराई, महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, कृषि एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारी, किसान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन किसानों एवं ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ हुआ।

डीएम ने किया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण

गाजीपुर। जनपद में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र, अंकुशपुर में अविष्कार फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा जिला उद्यान अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजना की रूपरेखा, उपलब्ध भूमि तथा भविष्य की आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से जनपद गाजीपुर कृषि एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। इस केंद्र के माध्यम से स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डीप-टेक कृषि अनुसंधान एवं विकास, लाइव डेमो यूनिट तथा किसानों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी तथा कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित नवाचारों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से किसानों, कृषि उद्यमियों एवं युवाओं को आधुनिक कृषि प्रणाली से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। यह केंद्र कृषि अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं व्यवहारिक प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर किसानों को निःशुल्क बीज का वितरण भी किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों से संवाद करते हुए आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों के लिए जलपान के अतिरिक्त भोजन की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कृषि विज्ञान केंद्र अंकुशपुर द्वारा अतिरिक्त 5 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता व्यक्त किए जाने पर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 10 दिनों के भीतर उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रशिक्षण, बीज उत्पादन एवं अन्य कृषक हितैषी कार्यक्रमों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। जिससे कृषि विकास संबंधी गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।

‘मसाला निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का हुआ उद्घाटन

गाजीपुर।आरसेटी, गाजीपुर में ’मसाला निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, डीसी एनआरएलएम विजय यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर, एलडीएम राजदेव कुमार तथा आरसेटी प्रभारी संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने सहभागिता की। अपने संबोधन में सभी अतिथियों ने स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आजीविका सृजन, आत्मनिर्भरता तथा आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का अधिक्तम लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अतिथिगणों ने आरसेटी में संचालित अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जैसे ’एसी/रेफ्रिजरेटर मरम्मत’ एवं ’महिला परिधान निर्माण’, का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी प्रगति की जानकारी प्राप्त की। समग्र रूप से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ तथा सभी प्रतिभागियों द्वारा उत्साहपूर्वक सराहना की गई।

सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न विभागों के लगाए गए पंडाल,की गई चर्चा

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सदर ब्लॉक पर आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर के आज दूसरे दिन सरकार द्वारा समाज कल्याण,फल संरक्षण, आजिविका मिशन,बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के पंडाल लगाए गए।लगाए गए पटलो पर नवीनतम जानकारी, उपयोगी योजनाओं से संबंधित लाभ व पात्रता आदि पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में केन्द्र सरकार ने जनकल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भरता तथा गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। जन कल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है। शिविर में आए नागरिकों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी कार्यक्रमों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला महामंत्री सुमित तिवारी, प्रीति गुप्ता, काशी चौहान,, मुरली कुशवाहा, रूपेश सिंह, सुनील गुप्ता, शिवम् प्रकाश त्रिपाठी, धर्मेन्द्र कुशवाहा, कमलेश गुप्ता, विनोद दूबे, आशा प्रजापति, प्रमोद राय आदि उपस्थित रहे।

सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर डीएम की अध्यक्षता में हरिबल्लमपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेश भर में संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के तहत गॉव की समस्या गॉव में ‘‘सरकार आपके द्वार‘‘ स्वरूप में जन-समस्या समाधान शिविर कार्यक्रम के अन्तर्गत किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड मुहम्मदाबाद के ग्राम पंचायत हरिबल्लमपुर उर्फ अलावलपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियओ जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचानाए ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण को पूरा तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करके निस्तारण किया जाए। ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि उनके द्वारा गॉवों मे जो सड़के बनायी गयी है उनको 15 दिन के अन्दर मरम्मत करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प के माध्यम से जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर 100 प्रतिशत तक गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। योजना में वृद्धा पेंशन, निराश्रत महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान, फार्मर रजिट्रि, शौचालय, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमग्ला एवं अन्य योजनाओं का अभियान चलाकर योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को दिया जाए। नए पंचायत भवन, बारात घर एवं अंत्येष्टि स्थल की बारे में जानकारी ली कि अबतक निर्माण में जो भी कठिनाइयॉ आ रही उसे तत्काल निस्तारण कराकर पूरा किया जाए। क्रार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्रासन भी किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव स्तर पर नियमित रूप से भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं और गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, परियोजना निदेशक महेन्द्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डी0सी0मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

भाजपा शहीद की आड़ में कर रही ओछी राजनीति:डा.वीरेंद्र यादव

गाजीपुर।जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.वीरेंद्र यादव ने पार्टी कार्यालय डा. लोहिया -मुलायम सिंह यादव भवन पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा भाजपा शहीद के नाम पर झूठे आंसू बहा रही है और समाज में जातिय विद्वेष पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है। उन्होंने जैतपुरा गांव में शहीद हुए महेश कुशवाहा के नाम पर भाजपा द्वारा की जा रही गंदी राजनीति पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जैतपुरा गांव में बने गंगा दास बाबा के नाम पर बने गेट पर शहीद स्मृति का शिलापट्ट लगाए जाने पर कहा हमें इस पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन भाजपा जिस तरह से शहीद की आड़ में ओछी राजनीति कर रही है तकलीफ़ इस बात की है। उन्होंने कहा जिस गेट की बात हो रही है उस गेट को हमारे पिता एवं पूर्व विधायक स्व.कैलाश यादव ने सन् 2006 में अपने पूर्वांचल विकास निधि से बनवाया था।जिस रास्ते को शहीद के नाम पर करने की की जा रही है वह रास्ता पूरी तरह से जर्जर हो चुकी थी, गड्ढे में तब्दील हो गई थी उस सड़क को भी हमीं ने शासन से 40 लाख रूपये स्वीकृत कर बनवाया है। भाजपा सरकार ने इस शहीद के नाम पर आज तक कुछ नहीं किया है। भाजपा सरकार ने शहीद के घर तक सड़क बनाने का वादा किया था लेकिन आज तक यह सरकार अपना यह वादा पूरा नहीं कर पायी। बंजर की जमीन जिसे 9धूर शहीद की प्रतिमा लगाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा पट्टा किया गया था उस जमीन को शहीद परिवार द्वारा लेने से मना कर दिया गया था उस जमीन को भी हमने नवैयत बदलवाकर शहीद के नाम से करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस जमीन पर लगी हुई मूर्ति और उसके फाउंडेशन का भी खर्च शहीद के परिवार ने ही दिया है।‌ भाजपा के लोग तथ्य विहीन आरोप लगा रहे हैं। किसी पर बिना तथ्य और जानकारी के आरोप नहीं लगाया जाना चाहिए। सस्ती लोकप्रियता अर्जित करने के लिए भाजपा नेताओं द्वारा लगाया गया आरोप अति निंदनीय है। जिलाधिकारी द्वारा दिया गया यह बयान कि गेट पर 2021 से ही शहीद का नाम दर्ज था पूरी तरह झूठा और गलत है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा की भाजपा के लोगों द्वारा मीडिया में यह बयान चलवाना की विधवा परिवार को विधायक द्वारा अपने आवास से अपमानित कर भगा दिया गया पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि हमारे आवास पर शहीद परिवार का कोई सदस्य नही‌ आया था । उन्होंने कहा कि शहीद हमारे गांव का है, उनकी शहादत ने हम सबको गौरवान्वित किया है। हम सब लोग उनकी शहादत को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सबसे शहीद परिवार के लिए जो कुछ भी हो सकेगा जी जान से करेंगे। भाजपा के लोग ओछी राजनीति न कर शहीद के सम्मान में अगर कुछ अच्छा कर सकें तो करें अन्यथा अनर्गल प्रलाप न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूलतः स्वभाव है एक दूसरे को लड़ाना। वह हमेशा से अंग्रेजों की तरह फूट डालो राज करो की नीति पर चलती आयी है।
इस मामले में भी भाजपा यही कर रही है।
इस पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव,अभिषेक कुशवाहा आदि मौजूद थे।

पी० जी० कालेज में प्रवेश 25 जून तक

पी० जी० कालेज में प्रवेश 25 जून तक

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अच्छी खबर है। कालेज प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।

अब अभ्यर्थी 25 जून 2026 तक कालेज की आधिकारिक वेबसाइट http://www.pgcghazipur.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं तथा निर्धारित प्रवेश शुल्क भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। पहले यह अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित थी, जिसे अब 25 जून 2026 तक बढ़ाया गया है।

कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस विस्तार से उन अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा जो विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। उन्होंने सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे समय रहते वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण पूर्ण कर लें और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड तथा प्रवेश परीक्षा संबंधी सूचना एवं दिशा-निर्देश समय – समय पर महाविद्यालय के वेबसाइट पर उपलब्ध करायी जाती रहेगी हैं।

सीडीओ ने किया निर्मित नवीन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण,मिली कमियां

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने सोमवार को राजकीय सिटी इंटर कालेज मे निर्मित नवीन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस कार्यालय का हैण्डओरव मुख्य विकास अधिकारी के अध्यक्षता मे गठित कमेटी के द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर होना है। इसी उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निरीक्षण कर निर्मित कार्यालय का स्थलीय सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पायी गई। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को 15 दिनों के भीतर सुधार कराते हुए अवगत कराने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Uttar Pradesh Fast News