कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

गाजीपुर। पुलिस मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन द्वारा की गयी लगातार प्रभावी पैरवी पर एक अभियुक्त को न्यायालय द्वारा दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
शुक्रवार को थाना सैदपुर पर पंजीकृत मुकदमा डीपी एक्ट
से सम्बन्धित प्रकरण में अभियुक्त रामवचन राम पुत्र राम सूरज राम निवासी वार्ड नं 1 जवाहरनगर तरवनिया थाना सैदपुर के विरुद्ध लगातार किये गये प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप जिला न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध करते हुए धारा 302 के अपराध में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। 10000 रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित भी किया गया। अर्थदण्ड अदा न करने पर 3 माह का अतिरिक्त कारावास से दण्डित किया जायेगा।

तमंचा-कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना करीमुद्दीनपुर पर वांछित चल रहे 1 अभियुक्त को एक देशी तमंचा .315 बोर व एक जिन्दा कारतूस .315 बोर के साथ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उप निरीक्षक बृजेश मिश्र ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त रमेश चौहान पुत्र राजकिशोर चौहान निवासी ग्राम सत्यनगर चौथीबार थाना बरेसर 2 वर्ष को मुखबीर की सूचना पर गाँधीनगर स्कूल के बगल से 1 देशी तमंचा .315 बोर व 1 जिन्दा कारतूस .315 बोर के साथ गिरफ्तार किया। थाना करीमुद्दीनपुर में गैंगेस्टर एक्ट में वांछित था। गिरफ्तार अभियुक्त पर करीमुद्दीनपुर थाना में कई मामलों में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में बृजेश मिश्रा के साथ हेड कांस्टेबल कौशल यादव और कांस्टेबल सूरज वर्मा शामिल थे।

सपाइयों ने किया राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा का भव्य स्वागत, बोले-विश्वकर्मा समाज भाजपा को नहीं करेगा माफ

गाज़ीपुर।शुक्रवार को जनपद आगमन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय समता भवन पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा का भव्य स्वागत किया गया।


इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व शिक्षा मंत्री रहे राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और साम्प्रदायिक सोच ओर महिलाओं के आरक्षण के मसले पर सवालिया लहजे में कहा कि भाजपा सरकार का महिला आरक्षण बिल आधा अधूरा है, इस आरक्षण का लाभ पिछड़ों और अल्पसंख्यकों वर्ग की महिलाओं को भी मिलना चाहिए।‌ उन्होंने भाजपा सरकार को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार ने आर्थिक ढांचे को तहस-नहस कर दिया है। जनसामान्य का जिंदा रहना दूभर हो गया है। लोग बेबस और लाचार हैं। भाजपा सरकार ने महंगाई रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। महंगाई से परेशान होकर मजबूरी में कई लोगों ने आत्महत्या तक कर ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक सोच के चलते इस देश की गंगा जमुनी तहजीब और सामाजिक और साम्प्रदायिक सद्भाव खतरे में है।‌ भाजपा की मजहबी सोच की वजह से दुनिया में विविधता में एकता की जो पहचान दुनिया में थी वह खतरे में है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता जिस दिन प्रदेश में हत्या की वारदात न हो ।‌ भाजपा राज में लोगों की जान सस्ती हो गई है।


भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में रोजगार के अवसर घट रहे हैं। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है और अपराध बढ़ रहे हैं।
महंगाई का असर तो रोजाना की खाद्य सामग्री और घरेलू उपयोग के सामान पर भी पड़ रहा है। तेल, घी, दाल, आटा, सब्जी की कीमतों पर कोई रोक न लगने से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। डीजल, पेट्रोल, खाद, बीज के दाम बढ़ने से किसान की फसल की लागत बढ़ गयी है।
भवन निर्माण सामग्री ईंट, मौरंग, बालू आदि पर 18 फीसदी जीएसटी लगने से मध्यम वर्ग के सिर पर छत भी नहीं पड़ने वाली है।
देश की अर्थव्यवस्था की जमीनी हकीकत जब निराशाजनक है तब लोगों को गुमराह करने के लिए कभी 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य और वैश्विकस्तर पर पांचवें से तीसरी श्रेणी में छलांग लगाने का दावा हैं। जबकि लोगों की आमदनी घटने से देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, पिछड़ों से जो वादे किए थे वे वादे जुमला साबित हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों का जनता भाजपा सरकार को 2024 के लोकसभा चुनाव में बेदखल कर करारा जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज का हित समाजवादी पार्टी में निहित है। उन्होंने कहा कि क समाजवादी पार्टी की सरकार ने विश्वकर्मा पूजनोत्सव के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का काम किया था लेकिन भाजपा सरकार ने उस अवकाश को निरस्त कर विश्वकर्मा भगवान के साथ साथ विश्वकर्मा समाज का घोर अपमान किया है। इस अपमान के लिए विश्वकर्मा समाज भाजपा को कत्तई माफ नहीं करेगा।
इस पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के साथ साथ राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,राज्य कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव, अशोक कुमार बिंद, निजामुद्दीन खां, विभा पाल, सदानंद यादव, अमित ठाकुर, छन्नू यादव, रामप्रकाश यादव आदि उपस्थित थे ।

लापरवाही में प्रधानाचार्य निलंबित

गाज़ीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने गुरूवार को विकासखंड करंडा के कंपोजिट विद्यालय वीरापाह का स्थलीय निरीक्षक किया। निरिक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बाबत जानकारी ली। बच्चों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच के दौरान मामला प्रकाश मे आया की विद्यालय मे कुल 182 बच्चों का नामांकन किया गया था। उपस्थिति पंजिका मे 143 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गयी थी लेकिन जाँच के दौरान बच्चों की गणना करने पर विद्यालय मे केवल 78 बच्चे ही मौजूद मिले। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय वीरापाह करंडा के प्रभारी प्रधानाचार्य बीना शर्मा को तत्काल निलंबित करने का निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिया। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी करंडा राघवेंद्र सिंह को कार्य मे लापरवाही, समय समय पर विद्यालयों का निरिक्षण न किये जाने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर प्रतिकूल प्रवीष्टि का निर्देश दिया।

समिति के साथ डीएम ने किया बैठक, दिया निर्देश

गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा द्वारा संचालित जनपद के राजकीय विद्यालयों में प्रोजेक्ट अंलकार कन्वर्जन एवं समग्र शिक्षा के अन्तर्गत विद्यालयों में निर्माण, जीर्णाेद्वार कार्य स्वीकृत कराये जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बेसलाइन सर्वे के अन्तर्गत 35 पैरा मीटर पर डी०पी०आर० की तैयारी की स्थिति एवं सम्बन्धित कार्यदायी संस्था द्वारा कराये गये कार्य का अनुश्रवण हेतु समिति के साथ बैठक गुरूवार को रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा शासन से निर्धारित बेसलाइन सर्वे के अन्तर्गत 35 पैरा मीटर पर डी०पी०आर० की तैयारी की स्थिति में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा कार्यदायी संस्था को अपने डीड पर उल्लिखित समय सीमा के अन्तर्गत कार्यों का सम्पादन किये जाने के निर्देश दिये गये। उपजिलाधिकारी/तहसीलदार को निर्देशित किया कि प्रोजेक्ट अंलकार कन्वर्जन एवं समग्र शिक्षा के अन्तर्गत राजकीय विद्यालयो का निरीक्षण कर सायमकाल तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव ने किया जेल का निरीक्षण, बंदियों से पूछी समस्याएं

गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर गुरूवार को जिला कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव दीपेन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा जेल का निरीक्षण किया गया। बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी एवं उनके यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। जेल अधीक्षक द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कुल 979 बंदी निरूद्ध है। जिसमें 858 पुरूष, 46 महिला के साथ 8 बच्चा निरूद्ध है व 75 अल्पवयस्क है। इनको सुबह का नाश्ता-ब्रेड, चाय व दोपहर का भोजन-रोटी, चावल, अरहर की दाल, सब्जी (आलू, मूली) तथा सायं का भोजन-रोटी, चावल, चना की दाल सब्जी (आलू, चौकी) दिया जाता है। इस दौरान सचिव द्वारा पुरूष एवं महिला बैरक का भी निरीक्षण किया गया तथा जेल के कई बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश दिया।

सचिव ने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। उन्होंने कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर कारागार अधीक्षक राकेश वर्मा व कारापाल रविन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला कारागार के जेल वार्डर/कम्प्यूटर आपरेटर विवेक कुमार यादव व अजय कुमार गुप्ता को नालसा पोर्टल पर विधिक सहायता हेतु प्राप्त प्रार्थना पत्रों को अपलोड करने हेतु जयप्रकाश कुशवाहा, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

कन्याओं का मनाया गया जन्मदिन, दिया गया उपहार

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्याका अखौरी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर और जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी के आदेश पर गुरूवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत बालिका के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात मिर्जापुर में 25 कन्याओ की माताओं की उपस्थिति में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाया गया तथा गिफ्ट वितरित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी अधीक्षक डॉ रामजी सिंह द्वारा महिलाओं को बेटियों के प्रति अच्छी सोच रखने तथा बेटा बेटी में कोई अंतर न करने तथा समय समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं जाने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि बेटा/बेटी में भेदभाव न करें, दोनों को समान शिक्षा दें, जिससे बेटियां भी अपने पैरों पर खड़ा होकर परिवार, समाज एवं देश का नाम रोशन करें।

महिला कल्याण अधिकारी नेहा राय ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की महात्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के लिंगानुपात को बराबर करना है। कन्या जन्मोत्सव का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को रोकना है तथा समाज में बालिका के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत हेल्पलाइन नम्बर 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, के बारे में भी बताया। जिला समन्वयक शिखा सिंह गौतम एवं लक्ष्मी मौर्य के द्वारा विभाग द्वारा चलाई जा रही समस्त योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का फार्म भरवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

कोर्ट ने सुनाई 22 साल की सजा

गाजीपुर। मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन द्वारा की गयी लगातार प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप जनपद के सनसनीखेज अपराध में 1 अभियुक्त को 56 दिन के अंदर न्यायालय द्वारा दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई। गुरूवार को मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन के प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप थाना शादियाबाद पर पंजीकृत मुकदमे से सम्बन्धित प्रकरण में 1 अभियुक्त बृजेश कुमार पुत्र रच्चन राम निवासी मोहब्बतपुर थाना शादियाबाद के विरुद्ध लगातार किये गये प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप न्यायालय द्वारा पाक्सो एक्ट में 20 वर्ष का कठोर कारावास तथा 15000 रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। अर्थदण्ड अदा न करने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास से दण्डित किया एवं धारा 506 भादवि में 2 वर्ष से दण्डित किया गया ।

राजू श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

गाज़ीपुर।अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान कायस्थ कुल के गौरव ,लोकप्रिय व मशहूर कामेडियन राजू श्रीवास्तव की प्रथम पुण्यतिथि पर गुरुवार को सरजू पांडे पार्क में माल्यार्पण कार्यक्रम एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई।
इस अवसर पर महासभा के सभी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
महासभा के प्रान्तीय उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन हास्य कलाकार थे।वह एक जिंदा दिल इंसान होने के साथ साथ वह अपनी कला प्रतिभा के चलते अनेकों कलाकारों के प्रेरणास्रोत थे । उनके जाने से हास्यकला की एक विधा के युग का मानो समापन हो गया है । उनके निधन से हुई रिक्तता की भरपाई संभव नहीं है। इस अवसर पर मुख्य रूप से ,चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ,अमर सिंह राठौर, मोहनलाल श्रीवास्तव,अमरनाथ श्रीवास्तव,कमल प्रकाश श्रीवास्तव,, संतोष श्रीवास्तव,राजेश कुमार श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव सत्यार्थ प्रकाश, संदीप वर्मा, अनूप कुमार श्रीवास्तव, ,नवीन श्रीवास्तव, विनोद कुमार,आदि उपस्थित थे। इस श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव व संचालन जिला महामंत्री अरूण सहाय ने किया।

दस लोगों पर हुआ मुकदमा दर्ज

विजिलेंस की मॉर्निंग रेड में 10 पर मुकदमा, कई की कटी केबिल


गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय आमघाट के अंतर्गत मोहल्ला गोराबाजार, नौकापुरा, विशेश्वरगंज, मालगोदम रोड और गौतमबुद्ध कालोनी में तड़के 4 बजे सहायक अभियंता सुधीर कुमार के द्वारा विजिलेंस टीम के साथ गुरूवार को छापेमारी किया गया। जिसमे कुल मीटर बाईपास करके 10 लोगो को डायरेक्ट कटिया लगाकर विद्युत चोरी करते हुवे रंगे हाथ पकड़ा गया। सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि विद्युत चोरी करते हुए पकड़े गए सभी लोगो के खिलाफ विजिलेंस थाने में एफआईआर दर्ज कराया गया। वही दर्जनों लोगो का मीटर अंदर लगा था

जिसको लेकर सख्त हिदायत दी गई की तत्काल आप लोग मीटर बाहर लगवा ले ताकि रीडिंग प्रतिमाह होता रहे नही तो दुबारा चेकिंग हुवा तो पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान 6 लोगो का बकाया होने पर मेन पोल से केबिल खोली गई और सख्त हिदायत दी गई की बिना बकाया का भुगतान किए बगैर अगर लाइट जोड़ी पाई गई तो सीधे विद्युत चोरी में एफआईआर करके राजस्व निर्धारण लगाया जाएगा। चेकिंग टीम में बिजीलेंस इंस्पेक्टर धनंजय सिंह, विजिलेंस जेई अजय कुमार, कांस्टेबल अवधेश सिंह, आशुतोष दीक्षित, दीपक मिश्रा सहित क्षेत्रीय लाइनमैन, डिस्कनेक्शन टीम शामिल रही।

Uttar Pradesh Fast News