सीएमओ ने किया मिशन इंद्रधनुष का शुभारंभ, 12 अगस्त तक चलेगा अभियान

गाजीपुर। जनपद के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) हाथीखाना पर सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई-5.0) के तहत पहले चरण का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने किया। इस अवसर पर पीएचसी पर आयोजित नियमित टीकाकरण सत्र में सीएमओ और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ एसके मिश्रा ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। साथ ही मीजिल्स-रूबेला की दूसरी डोज़ भी लगाई गई। इसके अतिरिक्त समस्त 16 ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी-पीएचसी) पर भी अभियान की शुरुआत हुई। सीएमओ डॉ पाल ने कहा कि नियमित टीकाकरण अभियान में किसी कारणवश छूटे पांच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती को प्रतिरक्षित करने के लिए अभियान का पहला चरण सोमवार से शुरू हुआ। यह चरण 12 अगस्त तक चलेगा। सीएमओ ने परिजनों से अपील की किया कि वह अपने बच्चे का टीकाकरण कराएं और आसपास के लोगों को बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें। कोई भी बच्चा छूटा हो तो उसका टीकाकरण अवश्य कराएं। सभी टीके पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। टीका लगने के बाद सामान्य बुखार हो सकता है, इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा गंभीर स्थिति या प्रतिकूल प्रभाव से निपटने को रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) तैयार की गई है।  जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सैदपुर पीएचसी के अंतर्गत आयोजित टीकाकरण सत्रों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि आईएमआई 5.0 के पहले चरण के लिए जिले के छूटे पांच वर्ष तक के 1500 बच्चों और 100 गर्भवती को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। सोमवार को लगभग 369 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। अभियान में बच्चों को प्रमुख रूप से मिजिल्स-रूबेला का टीका लगाया जाएगा। साथ ही गर्भवती को टिटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) का टीका लगाया जाएगा। यह टीका गर्भवती को दिये जाने से उनका व उनके गर्भस्थ शिशु का टिटनेस व डिप्थीरिया (गलघोंटू) रोग से बचाव करता है।

इसके साथ ही बच्चों को 11 बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाता है जिनमें डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटेनस, पोलियो, क्षय (टीबी), हेपेटाइटिस-बी, मैनिंजाइटिस, निमोनिया, हेमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी संक्रमण, डायरिया रोटा वायरस और खसरा-रूबेला (एमआर) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आईएमआई 5.0 का दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर और तीसरा चरण नौ से 14 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस मौके पर एसीएमओ डॉ मनोज कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक अशोक कुमार, यूनिसेफ से डीएमसी बलवंत सिंह, चाई से मणि शंकर, यूएनडीपी से प्रवीण उपाध्याय, चिकित्सक, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
पाँच साल – सात बार, टीका न छूटे एक भी बार – टीकाकरण एक सतत प्रक्रिया है जो कि बच्चे के जन्म से लेकर पांच वर्ष की आयु तक संपादित की जाती है। जन्म के समय बच्चों को हेपेटाइटिस बी संक्रमण से बचाने के लिये एवं पोलियो वैक्सीन की जीरो डोज खुराक एवं बीसीजी की वैक्सीन दी जाती है। तत्पश्चात बच्चे की आयु डेढ़ माह, ढाई माह एवं साढ़े तीन माह होने पर डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, रोटा वायरस, डायरिया, हेपेटाइटिस बी, हेमेसिफिलस संक्रमण एवं न्यूमोकोकल वैक्सीन, न्यूमोकोकल इन्फेक्शन के संक्रमण से बचाने के लिये टीका लगाया जाता है। इसके साथ ही नौ महीने की उम्र पूरी होने पर 10वें महीने पर मीजिल्स-रूबेला की पहली डोज़ तथा 16-24 महीने पर मीजिल्स-रूबेला की दूसरी डोज दी जाती है। इसके बाद 16 से 24 माह पर डिप्थीरिया, काली खांसी एवं टिटनेस के संक्रमण से बचाव के लिये डीपीटी वैक्सीन की बूस्टर डोज़। 5 वर्ष पूर्ण होने पर डीपीटी की दूसरी बूस्टर खुराक दी जाती है। किशोर एवं किशोरियों को 10 वर्ष एवं 16 वर्ष की उम्र पर डिप्थीरिया एवं टिटनेस से बचाव के टीके दिये जाते हैं। डॉ मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार एक ही टीकाकरण के विभिन्न वैक्सीन देने का समय निर्धारित किया गया है। बच्चे को सभी वैक्सीन मिल जाये इसके लिये उन्हें विभिन्न आयु पर 07 बार टीकाकरण केन्द्र लाना होता है।

गर्ल आइकॉन ने कार्यक्रम आयोजित कर किया जागरूक

गाजीपुर। लड़कियों के जागरूकता, शिक्षा, विकास व स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मिलान संस्था द्वारा ग्राम सभा होरिलपुर बरेसर के पंचायत भवन पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुआ। जिसमें समाज द्वारा महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर कई सारे नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। ग्रामसभा बड़ेसर के प्रधान हरेंद्र शर्मा ने कहा कि लड़कियों द्वारा किया गया कार्य बहुत सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम को हर गांव में आयोजित किया जाना चाहिए तथा इसके लिए पहले से हैंड बिल द्वारा प्रचार-प्रसार भी करना चाहिए। कार्यक्रम में बोलते हुए महिला पुलिस रोली यादव ने सरकार द्वारा चलाई जा रही बहुत सारी योजनाएं जिसमें 112 नंबर, 1090 तथा अभ्युदय कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन मिलान संस्थान के होरिलपुर बरेसर की गर्ल आईकॉन अनु शर्मा एवं अर्चना कुशवाहा द्वारा किया गया। जिसमें इन्होंने 12 से लेकर 18 साल की लड़कियों को निशुल्क शिक्षा, उनका विकास और उनका आर्थिक सहयोग संस्था उद्देश्य है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी ने लड़कियों के शिक्षा पर बल देना, लड़कियों को जागरूक करने और लड़कियों को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। जनसंख्या नियंत्रण पर भी बल देते हुए इसके फायदे नुकसान को समझाया। प्रेम शंकर मिश्रा ने कहा कि लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के साथ-साथ सरकार को भी आगे आना चाहिए। केवल कागजों में खानापूर्ति ना हो जमीन पर भी कार्यों की समीक्षा हो। समाजसेवियों से आग्रह किया कि समाजसेवी आगे आएं और महिलाओं को भी अगली कतार में आने के लिए आमंत्रित करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बच्चियों द्वारा किए गए नाटक आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान उपनिरीक्षक रोहित द्विवेदी, आरक्षी अभय दूबे, गोपाल पाण्डेय, तारकेश्वर पाण्डेय, प्रधान सेराज अहमद मलिकपुरा, रैमल यादव, नागेश्वर गुप्ता, दीपक गुप्ता, रविंद्र कुशवाहा, गोवर्धन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन शक्करपुर कला के पुर्व प्रधान चन्द्रप्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित करके किया।

दिलदारनगर जंक्शन के आधुनिकीकरण से लोगों की यात्रा होगी सुगम

दिलदारनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 508 रेलवे स्टेशनों में चयनित गाजीपुर जनपद के दानापुर मंडल अंतर्गत दिलदारनगर जंक्शन के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण के शिलान्यास अवसर पर रविवार को दिलदारनगर रेलवे कैम्पस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विडियो कांफ्रेंसिंग शिलान्यास तथा सम्बोधन के पश्चात शिलापट्ट का अनावरण किया गया। इस अवसर उपस्थित राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की बुनियादी जरूरतों तथा लोगों की अपेक्षाओं को पुरा करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। आज 508 रेलवे स्टेशनों में दिलदारनगर जंक्शन का चयन इस रेल खंड के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिससे लोगों की सुगम यात्रा का मार्ग सुविधायुक्त सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि गाजीपुर सिटी स्टेशन से जुड़ने के बाद दिलदारनगर जंक्शन का महत्व बहुत बढ़ गया है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रिमोट दबाकर शिलान्यास करते ही पुरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, नगरपालिका गाजीपुर अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, नगर पंचायत दिलदारनगर अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा, सरोज कुशवाहा, कृष्ण बिहारी राय, प्रो शोभनाथ यादव, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अच्छेलाल गुप्ता, विनोद अग्रवाल, विष्णु प्रताप सिंह, अखिलेश सिंह, ओमप्रकाश राम, लालसा भारद्वाज, अमरेश गुप्ता, सुनील सिंह, शैलेश राम, विश्व प्रकाश अकेला, गोपाल राय, पंकज राय, हंसराज भारद्वाज, संजय राम सहित आदि अन्य लोग उपस्थित रहे।

आपदाओं से बचने के लिये डीएम ने दी जानकारी

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में राहत चौपाल का आयोजन शनिवार को इण्टर कालेज सुहवल में किया गया। जिसमे दैवीय आपदा एवं बाढ से बचाव हेतु जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम कराया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा एवं बाढ से बचाव हेतु क्या करे क्या न करे की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने वर्तमान  मानसून समय मे दैवीय आपदा की घटनायें जैसे बाढ, अकाशीय, बिजली, सर्पदंश व डूबना इत्यादि आपदाये घटित हो रही है। इस सम्बन्ध में ग्राम वासियों को अपने मोबाइल में दामिनी व सचेत ऐप को डाउनलोड करने के लिए बताया गया जिससे आकाशी बिजली गिरने की सम्भावित स्थानो को जाना जा सकता है साथ ही उक्त आपदाओं से बचने के लिये क्या करें क्या न करें के बारे में बताया। उन्होने बताया कि आकाशीय विघुत/वज्रपात गिरने के दौरान पक्के मकान में शरण लें, यात्रा के दौरान अपने वाहन में ही रहें, खिडकियॉ, दरवाजे, बरामदे एवं छत से दूर रहें। खेत खलियानों में पैरों के नीचे लकडी, प्लास्टिक का बोरा या सूखे पत्ते रख लें। आसपास सुरक्षित स्थान न होने पर दोनों कानों को बन्द कर पैरो को आपस में सटा ले व घूटनों की टेक लेकर उकडू बन बैठ जाऐं। इसके साथ ही उन्होने आकाशीय विघुत/वज्रपात गिरने के दौरान क्या न करें के बारे मे बताते हुए कहा कि  पेड़ के नीचे न खडें हो, दीवार के सहारे टेक न लगायें, घर में हो तो नल, फ्रिज, मोबाइल आदि को न छुये धातु से बनी वस्तुओं एवं धातु की डंडी वाले छातों का उपयोग न करें।

जिलाधिकारी ने सर्पदंश के सम्बन्ध में लोगो को जागरूक करते हुए बताया कि यदि किसी भी प्रकार का सांप काट ले तो घबराएं नही, पीडित के शरीर पर कोई भी कसाव वाली वस्तु जैसे बेल्ट, जूते की लेस आदि न बंधे रहने दें। इससे रक्तचाप बढ़ता है। पीडित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले कर जायें। सर्पदंश वाले अंग को न मोड, ओझा या तांत्रिक के पास जाकर झाड फूंक नही करवायें। उन्होने जनपद वासियों को बताया कि  दैवीय आपदा से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम नम्बर 0548-2224041 पर अपनी समस्या बता सकते है। आपदा विशेषज्ञ अशोक राय बताया कि किसी आपदा होने पर टोल फ्री नम्बर  112, 101, 1077, 1070 तत्काल सूचित करने की बात कही। उन्होने बताया कि दैवीय आपदा से मृत व्यक्ति को शासन द्वारा रू0 04 लाख की अहैतुक सहायता दिये जाने का प्रावधान है। लेकिन इसके पूर्व मृतक का पोस्टमार्टन कराया जाना अनिवार्य है। कार्यक्रम के दौरान बाढ से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों ने बाढ की तैयारियो के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ अशोक राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जमानियां हर्षिता तिवारी, तहसील जमानियां, जिला पूर्ती अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधि0अभि0लोक निर्माण विभाग, अधि0 अभि0 देवकली पम्प कैनाल एवं अन्य बाढ से सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित  थे।

फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा जरूर खाएं: सरिता अग्रवाल

गाजीपुर। शनिवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के एमडीए अभियान पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी की सहभागिता बहुत जरूरी है। उन्होंने अपील की किया कि 10 अगस्त से शुरू हो रहे एमडीए राउंड में घर-घर जाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के समक्ष फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खाएं। यह दवा एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को नहीं खानी है। इस अवसर पर नगर पालिका के सभासद, कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी लोगों ने शपथ ली कि वह फाइलेरिया से बचाव की दवा खाएंगे और अन्य लोगों को दवा खाने के लिए जागरूक करेंगे।

लगेगा जन चौपाल, होगा जन सवालों पर संघर्ष

गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर आयोजित हुई। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 9 अगस्त से हर सेक्टर एवं जोन में जन चौपाल लगाने पर विस्तृत रूप से चर्चा की गयी, इसके साथ साथ जनसमस्याओं पर गंभीर रूप से चर्चा की गयी। बैठक में कार्यकर्ताओं ने शहर की खराब सड़कों, अनियमित विधुत आपूर्ति, जर्जर तार, जनपद की लचर कानून व्यवस्था, लगातार बढ़ती मंहगाई पर चिंता भी जताई। इस बैठक में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाते हुए जनसवालों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा की जनविरोधी नीतियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा देश में नकारात्मक राजनीति कर रही है। नफ़रत की आग फैलाना और समाज को बांटना ही भाजपा का मानो धर्म हो गया है। भाजपा शांति और विकास की दुश्मन साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में लोकतंत्र कमजोर हुआ है । संवैधानिक संस्थाओं पर हमलें हो रहे हैं । भाजपा देश के लोकतांत्रिक प्रणाली के विरुद्ध साजिश रच रही है । आज देश साम्प्रदायिक , तानाशाह और फिरकापरस्त ताकतों के चंगुल में फंस गया है, देश को उनके चंगुल से निकालने की जिम्मेदारी नौजवानों पर हैं ।देश का नौजवान मोदी और योगी सरकार की नौजवान विरोधी नीतियों के चलते हताश और उदास है । भाजपा सरकार के पास देश और प्रदेश के नौजवानों की खुशहाली के लिए कोई योजना नहीं है ।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों को धोखा दिया है ।उनकी जिंदगी में अंधेरा फैलाने का काम किया है । युवाओं से नौकरी देने का झूठा वादा कर उन्हें ठगने का काम किया गया । भाजपा सरकार नौकरी देने के बजाय नौकरियां छिनने का काम कर रही है । उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता और लैपटॉप देने का काम किया था लेकिन भाजपा सरकार नौजवानों को कुछ देने के बजाय उनके सामने केवल झूठ परोसने का काम कर रहीं हैं । आज नौजवान मारा मारा फिर रहा है , शिक्षा व्यवस्था पटरी से पूरी तरह उतर गयी हैं। नौजवानों के सपने को सच करने का काम केवल और केवल समाजवादी पार्टी करेगी और किसी भी राजनीतिक दल के पास नौजवानों के लिए कोई कार्यक्रम नहीं है । आज पूरे प्रदेश का नौजवान अखिलेश की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहा है। इस बैठक में पुर्व विधायक त्रिवेणी राम,पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव,पुर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव,सूरज राम बागी, आत्मा यादव, जिला सचिव आमिर अली, रामजन्म चौहान,रविन्द्र प्रताप यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव,रामवचन यादव ,मुन्नी लाल राजभर,आशीष यादव,राम जी राय,जै हिंद यादव, विवेक मौर्या,गोवर्धन यादव, राजेंद्र यादव, अवधेश यादव उर्फ राजू यादव,कमलेश यादव, अनिल यादव,अमित ठाकुर, विभा पाल,राजेश कुमार यादव, जमुना यादव,सुर्यनाथ यादव,परशुराम बिंद, सदानंद यादव,मारकन्डेय यादव,खेदन यादव,बृजदेव खरवार, पूजा गौतम,रजनी कान्त यादव,अमित सिंह, डॉ समीर सिंह, दिनेश यादव, रीना यादव,रामदास पाल, अदनान खां,शहनवाज खां, केसरी यादव,रमेश यादव,जुम्मन खां, शिवशंकर राम,बलिराम यादव,राम जी सोनकर,मंगला यादव,जयराम यादव, जलालुद्दीन खां,लालबहादुर यादव,राम अवध यादव , रामविजय यादव, रामाशीष यादव,भरत यादव,राजनरायन यादव, अनिता यादव,छन्नू यादव,देवमुनि यादव,लालजी राम,राजेश गोड़ ,शेर अली राईनी, अशोक यादव, कृष्णा यादव पंकज यादव आदि उपस्थित थे। इस बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।

समाधान दिवस मे प्रार्थना पत्र मिले 585, निस्तारण हुआ 50

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जमानियॉ में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधिक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिती में सम्पन्न हुआ। जिसमे 118 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर 11 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 585 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 50 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मे प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करायी जाय। उन्होने सार्वजनिक भूमि, तालाब, भूमि पर अवैध अतिक्रमण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कोई भी व्यक्ति आफिस का चक्कर न काटे तत्काल मौके पर जाकर निस्तारण किया जाय। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर भी प्राप्त शिकायतो को प्रतिदिन शत-प्रतिशत निस्तारण कराते हुए कहा कि शिकायत किसी भी दशा में डिफाल्टर न हो। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर उपजिलाधिकारी जमानियॉ, तहसीलदार जमानियॉ, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

माउंट लिट्रा जी स्कूल के बच्चों और अभिभावकों को किया गया जागरूक

माउंट लिट्रा जी स्कूल में फाइलेरिया रोग उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन



गाजीपुर। फाइलेरिया रोग से संबंधित समाज में फैली भिन्न भिन्न प्रकार की भ्रांतियों उससे बचाव एवं रोकथाम के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा “सर्वजन दवा अभियान” के तहत शनिवार को शहर के बंधवा पीरनगर स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में “जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
जिसमें कहा गया कि बच्चे कल के भविष्य हैं इसलिए इनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। माउंट लिट्रा जी स्कूल सदैव बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास एवं स्वास्थ्य के प्रति प्रयासरत रहा है। इस कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डिस्ट्रिक्ट मलेरिया ऑफिसर मनोज कुमार एवं डीएमसी पीसीआई रामकृष्ण वर्मा ने बच्चों को फाइलेरिया के विभिन्न लक्षणों, उनके प्रकार एवं बचाव के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए आगामी 10 अगस्त से लेकर 28 अगस्त तक फाइलेरिया उन्मूलन हेतु दवा के सेवन के लिए भी निर्देश दिए। साथ ही साथ बच्चों के द्वारा स्वयं को स्वस्थ बनाए रखने हेतु प्रतिज्ञा भी दिलवाई। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों के द्वारा मलेरिया से बचाव पर आधारित छोटे-छोटे रोल प्ले एवं स्किट के द्वारा जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई विभिन्न संक्रामक बीमारियों में से एक फैलेरिया को जड़ से समाप्त करने हेतु बच्चों एवं उनके अभिभावकों को जागरूक करना था।

गाजीपुर प्रेस क्लब ने कराया अपने सदस्यों का दस लाख का दुर्घटना बीमा

गाजीपुर प्रेस क्लब ने कराया अपने सदस्यों का दस लाख का दुर्घटना बीमा

गाजीपुर। गाजीपुर प्रेस क्लब ने अपने सम्मानित सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराने का कार्य शुक्रवार को शुभारंभ किया। जिसमें पहले दिन 28 सदस्यो ने मुख्य डाकघर स्थित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से अपना बीमा कराया। इस संदर्भ में गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि हमारे एसोसिएशन में लगभग 100 पत्रकार बतौर सदस्य शामिल हैं, इन सभी सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराया जायेगा, जिसकी आज से शुरुआत की गई है। इस बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत, दुर्घटना में आंशिक व पूर्ण या स्थायी विकलांगता, दुर्घटना में अंग-भंग होने पर बीमा धारक को दस लाख रूपये प्राप्त होंगे। इसी तरह दुर्घटनावश चिकित्सा व्यय/ओपीडी में खर्च हुई धनराशि का कवरेज भी मिलेगा। बीमा धारक को शिक्षा लाभ के तहत दो पात्र बच्चो के लिए विमित राशि का 10 प्रतिशत, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दस दिनो तक दैनिक नकद धनराशि एक हजार प्रतिदिन के हिसाब से प्राप्त होगी।

इस अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण “केके”, सचिव विनीत दुबे, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा, प्रबंध समिति के सदस्य अमितेश सिंह, मुकेश उपाध्याय, अनिल कश्यप आदि लोग उपस्थित रहे।

मांग पूरी नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन: छात्र नेता

ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सदर एसडीएम प्रखर उत्तम को सौंपा। जिसमें वीर अब्दुल हमीद सेतु पुल पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने व पुल के दोनों तरफ दस फीट की जाली लगाने मांग है।दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर के वीर शहीद अब्दुल हमीद के नाम पर बने गंगा पुल पर कई वर्षों से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं और पुल के दोनों तरफ जालीदार जाली नहीं होने से लगातार छात्र-छात्राओं व बुजुर्गों द्वारा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर खुदखुशी किया जा रहा है।

इस सभी समस्याओं को लेकर लगातार जिला प्रशासन को पत्रक के माध्यम से अवगत कराया गया लेकिन जिला प्रशासन कि उदासीनता के चलते अब तक इन समस्याओं को दूर नहीं किया जा सका, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। इन सभी मामले को लेकर आज मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक एसडीएम को दिया गया। कहा कि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो हमीद सेतु पुल पर ही धरना-प्रदर्शन पर बैठने को विवश होंगे। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप यादव, छात्र नेता शशांक उपाध्याय, शिवम पाल, धीरज सिंह, विकास तिवारी, अभिषेक वर्मा, दीपक उपाध्याय इत्यादि लोग मौजूद थे।

Uttar Pradesh Fast News