दुर्गेश श्रीवास्तव ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम!

अगर कार्यवाही नहीं हुई तो होगा सत्याग्रह:दुर्गेश श्रीवास्तव

गाज़ीपुर।सोमवार को विकास भवन मे सुंदरीकरण के नाम पर विकास भवन के हरे पेड़ कटवा दिया गया।जिसके पश्चात राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार जिला वन अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता के क्रम में जिला वन अधिकारी द्वारा टालमटोल जवाब दिया गया।मुख्य विकास अधिकारी को इन सब मामलों में जिम्मेदार बताया गया।जिस के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार वैश्य द्वारा परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष,शिक्षक नेता विजय शंकर राय को वार्ता के दौरान बताया गया।छोटे-छोटे पेड़ों की छटाई का निर्देश दिया गया था,किंतु अगर मोटा पेड़ काटा गया है, और इसमें जो भी जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी होगा,उसके ऊपर कार्यवाही की जाएगी।श्री श्रीवास्तव द्वारा मौके पर भौतिक निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी को मौके पर दिखाया गया कि नीम का पेड़,कदम का पेड़, सागवान का पेड़ व चिकवन का पेड़ सहित लगभग दर्जनों पेड़ हरा काटा हुआ दिखाई दिया,जिसके उपरांत मौके मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया गया, कि जितना भी पेड़ कटा हुआ है, वह सब लकड़ियां विकास भवन के प्रांगण में तत्काल होनी चाहिए,उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि जो भी दोषी होगा। वह बख्शा नहीं जाएगा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा भी 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया,कि अगर इस पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो बाध्य होकर के 1 अगस्त 2023 से आपके कार्यालय के समक्ष सत्याग्रह जैसा आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी आपकी होगी ।
वर्तमान जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र बोस जिला वन अधिकारी, दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव, विजय शंकर राय, मांधाता सिंह, अनुज अकेला, अतुल कुमार तिवारी, अतुल सिंह, गोपाल खरवार, अभय सिंह, अमित कुमार, प्रमोद कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

बीस किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार

गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस टीम व कोतवाली मुहम्मदाबाद की पुलिस टीम ने 2 शातिर अपराधियो को भारी मात्रा में गांजा, एक तमंचा और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। शनिवार की देर रात को स्वाट/सर्विलांस टीम व प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अहिरौली प्राइमरी स्कूल के पास से बक्सर (बिहार) की तरफ से आ रहे 2 अभियुक्तो को कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 20 किलो 100 ग्राम गाँजा, एक तमन्चा 315 बोर नाजायज और एक कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त बनारसी उर्फ भगेलू यादव पुत्र रामचन्द्र यादव निवासी ग्राम भीमापार थाना सैदपुर उम्र 48 वर्ष और अरविन्द उर्फ पिन्टू यादव पुत्र राजनाथ यादव निवासी औड़िहार थाना सैदपुर उम्र 35 वर्ष है। गिरफ्तार अभियुक्तों के उपर जिले के कई थानों में कई मामलों में मुकदमा दर्ज है।

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता की दादी का निधन

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनन्द दूबे कि दादी कमलावती देवी उम्र 87 वर्ष पत्नी स्व रामदास दूबे,निवासी- ग्राम – काझा, जनपद -मऊ का शनिवार की भोर 3-30 बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया। जिनकी अंत्येष्टि रविवार को गाजीपुर के श्मशान घाट पर हुई । जहां नगर पालिका के पुर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, भाजपा पुर्व जिला महामंत्री सुनिल सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री मंयक जायसवाल, विवेकानंद पांडेय नगर अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता सहित अन्य ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा मृतात्मा के शान्ति के लिए प्रार्थना किया। इनके निधन पर शुभचिंतको सहित भाजपा गाजीपुर ने शोक व्यक्त किया है।

जिले की समृद्ध साहित्य परंपरा की यात्रा कार्यक्रम की हुई शुरुआत

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिन्दी विभाग के तत्वाधान में इस वर्ष ‘गाजीपुर की समृद्ध साहित्य परंपरा की यात्रा’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक श्रृंखलाबद्ध अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। इस श्रृंखला का उद्देश्य जिले के साहित्यकारों के घर तक पहुंचकर छात्राओं को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व के विषय में जानकारी प्रदान करना है। इस श्रृंखला की पहली कड़ी की शुरूआत नवगीतकार डॉ उमाशंकर तिवारी के घर चलें’ कार्यक्रम से रविवार को हुई। इस साहित्यिक यात्रा को रवाना करते हुए प्राचार्य प्रो सविता भारद्वाज ने कहा कि यह एक अनूठा आयोजन हैं। नई पहल पुरानी जड़ता को तोड़ने की एक छोटी सी शुरुआत है। स्मृति शेष डॉ. उमाशंकर तिवारी के घर पहुंच कर छात्राओं ने स्वनिर्मित कविता पोस्टर से उनके घर को सजाया। उनकी पांडुलिपियों को देखा। वीडियो के माध्यम से उनको उनकी कविता पाठ को देखा और सुना। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत डा उमाशंकर तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करके हुई। तत्पश्चात इस कार्यक्रम के सूत्रधार डा निरंजन कुमार यादव ने इस कार्यक्रम के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “हिंदी के छात्र-शिक्षक क्लास रूम, नोट्स और पाठ्यक्रम-डिग्री तक सिमट जाएं, यह 21 वीं सदी में साहित्य और मानवता दोनों के लिए घातक है। साहित्य-कला को अब जड़ बुद्धिवाद के साथ साथ कृत्रिम बौद्धिक मशीन से चुनौती मिलने जा रही है। ऐसे में लेखक के परिवेश से जुड़ने का अर्थ साहित्यिक प्रतीक को सामाजिक गौरव में बदलना है, साहित्य के सामाजिक स्रोत से जुड़ना है, साहित्य और लेखक के रिश्ते का पुनर्पाठ करना है, साहित्य को एक जीवित संवेदनात्मक इकाई के रूप में जानना है।

डॉ उमाशंकर तिवारी के पुत्र डा संतोष कुमार तिवारी ने अपने पिता के साहित्यिक जीवन से जुड़े कई संस्मरण सुनाए और कहा कि “उन्होंने जीवन से जो कुछ भी सीखा, उसे ही अपनी कविताओं में अभिव्यक्त किया। इसकी अगली कड़ी में हिंदी विभाग की अध्यक्ष डा संगीता मौर्य ने कहा कि बनारस में पढ़ते हुए हम किसी भी साहित्यकार के घर नहीं जा पाए कम से कम गाज़ीपुर की छात्राएं अपनी साहित्यिक परंपरा को जानने से वंचित न रहे। डा शशिकला जायसवाल ने कहा कि यह परंपरा और आधुनिकता को जोड़ने वाली यात्रा है, जिससे हमारी संस्कृति समृद्ध होगी। छात्राओं ने नवगीतकार डॉ उमाशंकर तिवारी के घर पहुंच कर एक काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। जिससे छात्राएं उनके नवगीत का सरस पाठ किया। इस काव्य पाठ में हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता मौर्या एवं डॉ. शशिकला जायसवाल ने अपने कविता पाठ द्वारा संगोष्ठी में उपस्थित सभी व्यक्तियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के डा राकेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के साहित्यिक आयोजनों से शहर में एक संस्कृति की निर्मित होती है, जिससे हमारे मूल्य संरक्षित और संवर्धित होते हैं।सेवानिवृत्त आचार्य डॉक्टर श्रीकांत पाण्डेय जी ने कहा कि “उपन्यास के क्षेत्र में जितना महत्व प्रेमचंद का है, उतना ही महत्व नवगीत के क्षेत्र में रमाशंकर तिवारी का भी है।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की शोधार्थी श्वेता यादव तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ संतोष कुमार तिवारी ने किया। एम ए की छात्रा किरन यादव एवं ज्योती शर्मा ने इस कार्यक्रम हेतु 20 कविता पोस्टर बनाएं। श्वेता यादव ने पूरे कार्यक्रम की रिपोर्टिंग की तथा किरन यादव ने इस पूरे आयोजन पर डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाया। इस अवसर पर एम ए तृतीय सेमेस्टर की छात्राएं उपस्थिति रहीं। मीडिया प्रभारी डा शिव कुमार जी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से इस शहर में साहित्यिक जीवंतता के साथ कुछ रचनात्मक माहौल भी बनेगा।

अभियान के दौरान हुई कई लोगों पर कार्यवाही

गाजीपुर। अधीक्षण अभियंता के निर्देशन पर विद्युत वितरण खंड प्रथम लाल दरवाजा के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेन्द्र अंधऊ से निर्गत 11 केवी फीडर पश्चिमी एक के अंतर्गत ग्राम चक जाफर पोस्ट कटैला में सहायक अभियंता प्रमोद कुमार, प्रमोद कुमार यादव, लाइनमैन बेचू राम एवं संविदा कर्मी द्वारा विद्युत विच्छेदन एवं राजस्व वसूली हेतु शुक्रवार अभियान चलाया गया। जिसमें मौके पर 14 लोगों को अवैध रूप से विद्युत चोरी करते हुए पाया गया। जिनके खिलाफ खिलाफ विद्युत चोरी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वही सहायक अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि अभी तक जो विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है वे लोग तत्काल अपना अपना विद्युत कनेक्शन करा ले। बकाया बिल का भुगतान तत्काल कर दे, नही तो चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर कठोर विविध कार्यवाही करते हुए हर्जाना वसूला जाएगा।

पूर्व मंत्री विजय मिश्रा को एक साल की सजा, मिली जमानत

गाजीपुर। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शरद कुमार चौधरी की अदालत ने शुक्रवार को जान से मारने की धमकी के मामले में पूर्व मंत्री विजय मिश्र सहित एक अन्य को एक साल की सजा सुनाते हुए 500-500 रुपये अर्थदंड से दण्डित किया।
अभियोजन के अनुसार ग़ाज़ीपुर लाइव न्यू के संपादक सुनील कुमार सिंह द्वारा 12 मार्च 2017 की घटना के बाबद तहरीर दिया कि पूर्व मंत्री विजय मिश्र पोल खोल रही खबरों से घबड़ाकर तथा अपने हार के बावघलाहट के कारण फोन से धमकी दिया। उसके वावजूद वादी ने उसे नजरअंदाज कर दिया। फिर भी लगातार धमकी मिलती रही। होली के दिन विजय मिश्र के सहयोगी दीपक वर्मा ने उसी नंबर से फोन कर उसकी पिस्टल को छीन कर जान से मारने की धमकी दिया। वादी की सूचना पर मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने विवेचना उपरांत आरोप पत्र पेश किया। दौरान विचारण अभियोजन की तरफ से कुल 2 गवाह पेश हुए। शुक्रवार को दोनो तरफ की बहस सुनने के बाद न्यायालय उपरोक्त फैसला सुनाया। वही न्यायालय में विजय मिश्र व दीपक वर्मा के अधिवक्ता द्वारा अपील अवधि तक जमानत अर्जी दी गई। जिसे न्यायालय ने मंजूर कर रिहा किया।

इनामियां गैंगस्टर गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना भाँवरकोल थाना पुलिस ने इनामियाँ गैंगेस्टर गिरफ्तार को गिरफ्तार किया। 30 जून 2023 को भाँवरकोल थाना में एक शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे के बाद विनय कुमार पुत्र अंगद राम निवासी ग्राम इमलीसपुर थाना नोनहरा के उपर गैंगस्टर एक्ट में कार्यवाही करने के साथ ही दस हजार का इनाम घोषित किया गया। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय ने फरार आरोपी को ग्राम इमलिसपुर थाना नोनहरा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के उपर पहले से ही जिले के कई थानों में कई मामलों में मुकदमा दर्ज है।

डब्ल्यूएचओ की टीम ने जिले में किया भ्रमण, ली जानकारी

गाजीपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 10 अगस्त से सर्वजन दवा वितरण (एमडीए) कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसको लेकर शासन व जनपद स्तर पर हर संभव तैयारियाँ की जा रहा हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की टीम ने कासिमाबाद ब्लॉक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। तत्पश्चात जनपद मुख्यालय आकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय का भ्रमण करते हुये सीएमओ डॉ देश दीपक पाल से भी मुलाक़ात की। टीम में डॉ कमलाकर एवं डॉ निशांत शामिल थे। कासिमाबाद में तैयारियों की समीक्षा के बाद टीम ने जनपद मुख्यालय पर आकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फीडबैक शेयर किया। फीडबैक के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गतिविधियों को ससमय पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) मनोज कुमार ने एमडीए अभियान की समस्त तैयारियों के बारे में टीम को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य कि अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक की जा चुकी है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त विभागों से सहयोग लिए जाने को लेकर चर्चा की गई। पार्टनर संस्थाओं से भी सहयोग लेने के बारे में चर्चा हुई। इसके अलावा जनपद स्तरीय प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (टीओटी) की कार्यशाला भी पूरी हो चुकी है।

ब्लॉक स्तर पर सभी स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सभी दवा वितरण कर्मी (ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर) को भी लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह अभियान सभी 16 ब्लॉकों में चलाया जाएगा। सभी ब्लॉक सीएचसी व पीएचसी के अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही अभियान में खोजे जाने वाली फाइलेरिया रोगियों को चिन्हित करते हुए उसे ई कवच पोर्टल पर फीडिंग करने का निर्देश दिया गया है। जिससे उनका फॉलो अप किया जा सके और फाइलेरिया प्रभावित अंगों की देखभाल के लिए रुग्णता प्रबंधन व दिव्यांगता रोकथाम (एमएमडीपीे) किट भी प्रदान की जा सके। इसके अलावा बताया गया कि पाथ, पीसीआई और सीफार के सहयोग से समुदाय स्तर पर जन जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। कासिमाबाद ब्लॉक सीएचसी पहुंचकर टीम ने वहां के अधीक्षक डॉ नवीन सिंह से एमडीए अभियान की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान टीम ने दस्तावेजों और सामुदायिक स्तर पर की जा रहीं गतिविधियों की रिपोर्टिंग आदि के बारे जानकारी ली। टीम के साथ जिला मलेरिया अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

जल संरक्षण समिति की बैठक में विधायक ने अधिकारियों को दिया सुझाव

गाजीपुर। जिला भूमि व जल संरक्षण समिति की एक आवश्यक बैठक मनरेगा सेल के सभागार में गुरूवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जंगीपुर विधानसभा के विधायक डा0 विरेन्द्र यादव एवं विधायक प्रतिनिधि विधानसभा सदर, ब्लाक प्रमुख बिरनो राजन सिंह, उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी की उपस्थित रहे। बैठक में मनरेगा के अर्न्तगत 250 हे0 की परियोजनाये राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (खेत-तालाब) के अंतर्गत 9 तालाब एवं प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम  (अल्पसंख्यक) के अंर्तगत 800 हे0 की परियोजनाये तथा पं0 दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजनार्गत 608 हे0 की परियोजनाये अनुमोदित की गयी। समिति के सचिव भूमि संरक्षण अधिकारी जीतलाल गुप्ता द्वारा बताया गया कि सरकार द्वारा चालित समस्त योजानाओं में प्रमुख पं0 दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अर्न्तगत मनरेगा कन्वर्जेन्स से जलभराव वाले क्षेत्र सैदपुर, मनिहारी, जमानियां ब्लाक में 250 हेक्टेयर की परियोजनाओ द्वारा ड्रेन बनाकर जल निकासी कराना सुनिश्चित किया जायेगा। विधायक जंगीपुर तथा विधायक प्रतिनिधि सदर द्वारा क्रमशः ग्राम बोगना एवं ग्राम धरम्मरपुर में ड्रेन बनाने का सुझाव दिया गया।

इसी प्रकार सरकार की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय कृषि विकास योजना द्वारा चालित खेत तालाब के अर्न्तगत चयनित कृषको को 22×20×3 मी (52500.00) रूपए का अनुदान किया जायेगा। जिसका उद्देश्य वर्षा के जल संचयन एवं भूतल के जल स्तर को बढाना एवं खेत का पानी खेत में, गॉव का पानी गॉव में, अभियान चलाकर कृषक भाइयो को जागरूक करना है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अर्न्तगत 800 हे0 की 8 परियोजनाओ में चयनित अल्पसंख्यक ब्लाक-भदौरा में बीजड-बंजर सुधार, असमतल क्षेत्रो में कण्टूर बांध, पेरिफेरल बांध, मार्जिनल बांध एव चेक-डैम का कार्य कराया जायेगा, जिससे भूमि को उपजाऊ बनाया जाय। इसी प्रकार पं0 दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजनार्गत 08 गॉवो में बीहड-बंजर सुधार, अन उपजाऊ/कम उपजाऊ, असमतल क्षेत्र मेंकण्टूर बांध एव चेक डैम निर्माण कार्य कराया जायेगा, जिससे उक्त क्षेत्र में कृषि उत्पादन तथा उत्पादकता बढेगी। बैठक में उप कृषि निदेशक ने बताया कि 31 जुलाई तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत सभी किसान बीमा करा लें। बैठक में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी शैलेन्द्र दूबे एवं प्राविधिक सहायक सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम ने दिया प्रमाण पत्र, किया वृक्षारोपण

गाजीपुर। यूनियन बैंक द्वारा संचालित यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को 13 दिवसीय जूट उद्यमी (ओ डी ओ पी ) प्रशिक्षण कार्यक्रम के दीक्षांत समारोह में पहाड़पुर कला ब्लॉक देवकली की 70 प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथि आर्यका अखौरी जिलाधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रमुख  के डी गुप्ता यूनियन बैंक के द्वारा प्रमाण पत्र वितरण किया गया। मुख्य अतिथि  जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने प्रशिक्षणार्थियों में कार्य करने का हौसला कड़ी मेहनत दूरदर्शिता पक्का इरादा लगन शीलता व जीतने का जुनून जिद लगन व आत्मविश्वास से सफलता अर्जित करने के गुण मंत्र प्रदान की एवं गुणों को आत्म सात करने पर जोर दिया व जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने हेतु मार्ग प्रशस्त करने का गुण मंत्र प्रदान की। इसी क्रम में क्षेत्र प्रमुख के डी गुप्ता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से समस्त महिला प्रशिक्षणार्थियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्था प्रतिबद्ध है। महिला सामूहिक रूप से जूट उद्यमी में कढ़ाई का कार्य करके अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकती हैं। संस्था के निदेशक अजीत प्रसाद ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार से जुड़ने का अनुरोध किया। वहां पर उपस्थित महिला प्रशिक्षणार्थियों द्वारा जूट से बने वॉल हैंगिंग कैसर व अंग वस्त्र जहां अहमद के द्वारा जिलाधिकारी को भेंट किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक पीयूष सिंह परमार के द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के जूट के बने सामान की प्रशंसा की गई और बैंक से होने वाली किसी भी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। धन्यवाद ज्ञापन उप क्षेत्र प्रमुख आशीष कुमार के द्वारा सभा में उपस्थित सभी सदस्यों को ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के समाप्ति के उपरांत वृक्षारोपण आरसेटी परिसर में जिलाधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन संकाय मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर संकाय लक्ष्मीकांत तिवारी, कार्यालय सहायक अभिषेक सिंह एवं पंकज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News