एसपी ने किया उद्घाटन, व्यापारियों से कहा….

गाजीपुर। शनिवार को एसपी ओमवीर सिंह ने थाना मोहम्मदाबाद पर नवनिर्मित बॉउंड्री वॉल तथा मुख्य गेट का उद्घाटन फीता काटकर किया। इसके बाद एसपी ने क्षेत्र के नागरिकों, व्यापार मंडल के लोगों के साथ मीटिंग की और उनसे क्षेत्र की समस्याओं को सुना साथ ही सुधार के लिए उनसे सुझाव भी लिया। एसपी ने थाने पर मौजूद व्यापार मंडल से आए हुए लोगों से अपने अपने दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उनके साथ किसी भी तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान एसपी ने माफियाओं तथा अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्यवाही के बारे में भी लोगों को अवगत कराया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, एसडीएम तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

जिलाध्यक्ष ने बस्तियों में जनसंपर्क कर उनकी समस्याओं को सुना

ग़ाज़ीपुर(सुहवल)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जयंती सेवा पखवाड़ा मे शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने बस्ती जनसंपर्क अभियान अंतर्गत जंगीपुर विधानसभा के सुहवल और मलसा की बस्तियों में जनसंपर्क कर उनकी समस्याओं को सुना।

उन्होंने सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को बताया।जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नयी ऊंचाईयों की ओर तेज गति से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार सेवा कार्यों के दौरान कल स्वच्छता अभियान का वृहद कार्यक्रम चलाएगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरविंद राय, श्रवण राम, राधेश्याम कुशवाहा, प्रफुल्ल चंद्र राय, सुनील पटेल, आशुतोष राय, वीरेंद्र यादव आदि उपस्थित थे।

एक सप्ताह चलेगा विश्व रेबीज दिवस

विश्व रेबीज सप्ताह को लेकर हुई संगोष्ठी



गाजीपुर। विश्व रेबीज सप्ताह जो 25 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक चलेगा। इसको लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के द्वारा किया गया। इस दौरान रेबीज को लेकर चर्चा किया गया और बताया गया कि किन जानवरों के रेबीज से कितना प्रभाव पड़ता है।



मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि रेबीज एक वायरल जूनोटिक डिजीज है, जो कुत्ता, बिल्ली और बंदर समेत कुछ जानवरों के काटने से इंसानों में फैलती है।करीब 99 प्रतिशत मामलों में रेबीज की बीमारी कुत्तों के काटने से फैलती है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर में हर साल रेबीज की वजह से 59 हजार लोगों की मौत हो जाती है। इनमें 40 प्रतिशत 15 साल से कम उम्र के बच्चे होते हैं। रेबीज बेहद खतरनाक बीमारी है, जिसका संक्रमण व्यक्ति में फैल जाए, तो उसकी मौत हो सकती है। लोगों को रेबीज से बचने के बारे में जागरूक करने के लिए हर साल वर्ल्ड रेबीज डे मनाया जाता है। पहली बार रेबीज दिवस मनाने की शुरुआत साल 2007 में हुई थी। इस खास दिन को सेलिब्रेट करने का उद्देश्य रेबीज से होने वाले खतरे और इससे बचने के बारे में जागरुकता फैलाना है। इस संगोष्ठी में डॉ मुंशीलाल, डॉ शाहबाज, प्रेमचंद चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

आयुष्मान भव कार्यक्रम का सीएमओ ने किया भौतिक सत्यापन

आयुष्मान भव कार्यक्रम का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया भौतिक सत्यापन

गाजीपुर।पूरे जनपद में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान भव कार्यक्रम के तहत समस्त हेल्थ बैलेंस सेंटर पर स्वास्थ्य मेले के साथ ही अन्य कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शनिवार को भौतिक सत्यापन करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के द्वारा कई स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर यथा स्थिति जानने का काम किया।

शनिवार को हेल्थ वेलनेस सेंटर मेदिनीपुर पहुंचे जहां पर प्रिया राय के द्वारा कुल 55 मरीज का इलाज किया गया था। इसके पश्चात हेल्थ बैलेंस सेंटर सुहवल पूर्वी पहुंचे जो बंद पाया गया। हेल्थ बैलेंस सेंटर डेढ़गावा पर तैनात सीएचओ कमलेश कुमार के द्वारा 42 मरीज का उपचार किया गया था। हेल्थ वेलनेस सेंटर भीष्म देव राय पट्टी बंद पाया गया। वहां पर कार्यरत सीएचओ को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के द्वारा नोटिस दिया गया। हेल्थ बैलेंस सेंटर उतरौली पर सीएचओ तेजपाल सैनी के द्वारा 48 मरीज का उपचार किया गया था।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संविदा को निर्देशित किया कि वह अपने हेल्थ बैलेंस सेंटर पर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर शासन द्वारा सेवाएं आम जन को देना सुनिश्चित करें। यदि इसमें कोई शिथिलता बरतता है तो वह क्षम्य नही होगा।

बताते चले कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इस मौके पर सरकार देश के लोगों को स्वास्थ सेवाओं का तोहफा दिया । 17 सितंबर से आयुष्मान भव: कैंपेन की शुरुआत हुई। इस कैंपेन के तहत आम लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरुक करने और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया जाना है।

एक घंटे की बारिश से शहर का कई इलाका हुआ जलमग्न

गाजीपुर। शनिवार को पूरे जिले में तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। एक घंटे की बारिश में शहर के बाजारों व मुख्य मार्गों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी व उमस से काफी राहत भी मिली। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल पा रही थी। दोपहर में आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। एक घंटे तक जमकर बारिश हुई।

शहर में नगर पालिका के नाले व नालियों की सफाई के दावों की पोल भी खुलकर सामने आई। शहर के मिश्र बाजार, महुआबाग, लालदरवाजा, कचहरी, विकासभवन चौराहा समेत अनेक स्थानों पर पानी भर गया। जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद शहर से पानी उतरने पर लोगों का आवागमन शुरू हो सका। खबर लिखे जाने तक शहर के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का पानी भरा हुआ है।

एडीएम ने किया आहरण वितरण अधिकारियों के साथ बैठक

गाजीपुर। शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) अरूण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के उत्तरदायी सभी विभागों/कार्यालयों से संबंधित आहरण वितरण अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में  सुनील कुमार, उपायुक्त राज्य कर गाजीपुर द्वारा प्रशिक्षण देते हुए बताया गया कि जनपद के समस्त आहरण वितरण अधिकारियों के साथ ही विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक टी०डी०एस० की कटौती हेतु राज्य कर विभाग में ऑनलाईन प्रक्रिया से पंजीयन लेना अनिवार्य है। यह भी बताया गया कि समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को ढाई लाख से अधिक के करयोग्य भुगतान पर 1 प्रतिशत सी0जी0एस0टी0 एवं 1 प्रतिशत एस0जी0एस0टी0 अथवा अंतर्प्रान्तीय भुगतान की दशा में 2 प्रतिशत आई0जी0एस0टी की टी०डी०एस० कटौती किया जाना है। उक्त कटौती के उपरांत कटौती का विवरण प्रत्येक माह की 10 तारीख तक GSTR&7  रिटर्न के रूप में दाखिल किया जाना है तथा काटे गये टी०डी०एस० के संबंध में संबंधित डिडक्टी को 5 दिन के अन्दर टी०डी०एस० प्रमाण पत्र GSTR&7 A  प्राप्त कराना है। निर्धारित अवधि के अंतर्गत रिटर्न दाखिल न करने अथवा टी०डी०एस० प्रमाण पत्र प्राप्त न कराने की दशा में विलम्ब फीस 25 रूपए प्रतिदिन अधिकतम 1000 हजार तथा ब्याज 18 प्रतिशत की दर से देय होगा तथा टी०डी०एस० कटौती का दायित्व होते हुए भी टी०डी०एस० कटौती न किये जाने अथवा कम दर से कटौती किये जाने की दशा मे सुसंगत प्रावधानों के अधीन अर्थदण्ड की भी कार्यवाही सम्पादित की जा सकती है जो कि 10,000 से 50,000 हजार तक हो सकती है।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कर विभाग गजीपुर के अन्य अधिकारी  राजेश ओझा (आहरण वितरण अधिकारी राज्य कर गाजीपुर),  प्रभात कुमार सिंह सहायक आयुक्त राज्य कर, डा० सतीश कुमार सिंह सहायक आयुक्त राज्य कर,  दीपक सिंह,  अतुल यादव राज्य कर अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के लगभग 40 आहरण वितरण अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

डीएम ने की जनपदवासियों से अपील

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जनपद से समस्त जनपदवासियों से अपील किया है कि स्वच्छता ही सेवा-कचरा मुक्त भारत अभियान 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2023 के मध्य जनपद में संचालित है। इस अभियान के दौरान महात्मा गांधी जयंती के एक दिन पूर्व 1 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री के आवाहन पर भारत सरकार द्वारा प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे का सार्वजनिक श्रमदान अभियान आहूत करने के निर्देश दिये गये है। “एक तारीख एक घंटा की थीम का उक्त श्रमदान अभियान सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही सफल हो सकता है। यह अभियान जनपद की सभी 1238 ग्राम पंचायतों में (प्रत्येक पंचायत में एक स्थान) तथा सभी 7 नगरीय निकायों में (प्रत्येक निकाय के प्रत्येक वार्ड में एक स्थान पर) 1 अक्टूबर 2023 को प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक चलाया जाएगा। इस एक घंटे में चिन्हित स्थान पर सभी के द्वारा सामूहिक रूप से वृहद सफाई इस प्रकार से की जाएगी कि सफाई के बाद उक्त स्थान पर स्वच्छता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो। यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त होगा और प्रतिभागियों से अपेक्षा है कि वह उचित परिधान में आए और यथा सम्भव पीने का पानी भी साथ ले आयें। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि सामूहिक श्रमदान आधारित इस वृहद सफाई अभियान में अपनी सुविधा अनुसार चयनित स्थान पर प्रतिभाग करने का कष्ट करें। चयनित स्थानों की सूची https://swachhtahiseva.com  पर उपलब्ध है। जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने समस्त प्रिन्ट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से अनुरोध किया है कि 1 अक्टूबर, 2023 को प्रधानमंत्री के आवाहन पर प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे सार्वजनिक श्रमदान अभियान का जनपद स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना है।

शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर बनाया जाएगा आयुष्मान कार्ड

गाजीपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत वह सभी परिवार जिनके पास आयुष्मान कार्ड है उन्हें प्रतिवर्ष प्रति 5 लाख तक की निःशुल्क उपचार की सुविधा सरकार के द्वारा दी जा रही है। इस योजना के लाभ से गरीब लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड वरदान साबित हो रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान आपके द्वार 3.0 के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2023 तक किया जा रहा है। 2 अक्टूबर, 2023 को विशेष सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जायेगा, जिसमें अभियान के पॉच प्रमुख घटक है जो सेवा पखवाड़ा, आयुष्मान आपके द्वारा 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा एवं आयुष्मान ग्राम पंचायत/आयुष्मान नगरीय वार्ड द्वारा किया जाना है। सेवा पखवाड़ा के तीन अंग है जो स्वस्थ भारत अभियान, रक्तदान, महादान, अंगदान शपथ है। आयुष्मान भवः कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को बेहतर और सुगम बनाने के लिए पूर्व में जिनके परिवार के एक दो सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है। बाकी छूटे हुए लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उन परिवारों को चिन्हित करते हुए प्रमुखता से उन सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। साथ ही अब इस बार पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवारों में 6 या 6 से अधिक सदस्य हैं अब उन लोगों का भी उपलब्ध डाटा अनुसार प्रमुखता से अब आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा परिवारों को आयुष्मान कार्ड द्वारा इस योजना का लाभ मिले व लाभार्थी परिवारों के सदस्यों को पीवीसी (पॉली विनाइल कार्ड) आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसलिए जो लाभार्थी अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार जिनके परिवार में 6 या अधिक सदस्य हैं उनके परिवार के सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। उन्होंने बताया पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक अपने क्षेत्र की आशा और आंगनबाड़ी से संपर्क कर जानकारी लें और अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे विशेष कैंप के माध्यम से जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे जिसमें सहयोगी विभागों की सहायता से जिले में अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके। आयुष्मान आपके द्वार 3.0 को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवियों और सहयोगी एजेंसियों के साथ आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायकों का सहयोग लिया जाएगा। और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक महत्वपूर्ण सूचनाओं को पहुंचाया जाएगा जिससे लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के संदर्भ में सही जानकारी जान प्राप्त कर सकें।

राजनीतिक दलों के साथ एडीएम ने किया बैठक, दी जानकारी

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी /उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को अपराहन 3.30 बजे राइफल क्लब में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन नामावलियों का आलेख प्रकाशन जो 17.10.2023 को निर्धारित था वह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 27.10.2023 को अलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में यह भी अवगत कराया गया कि शहरी क्षेत्र में मतदाताओं की उदासीनता को कम करने एवं मतदान प्रतिशत में वृद्धि के दृष्टिगत शहरी क्षेत्र में जहां ग्रुप हाउसिंग सोसायटी तथा बहुमंजलि भवन बन गए हैं उन क्षेत्रों के अंतर्गत मतदेय स्थल बनाए जाने हेतु अवगत कराया गया साथ ही साथ यह भी अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 5.10.2023 को ईवीएम मशीनों का एफएलसी का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त सभी राजनीतिक दलों सेे यह भी पूछा गया कि आप लोगों को फार्म 9, 10, 11 प्राप्त हो गया है कि नहीं। सभी राजनीति दलों ने यह कहा कि हम लोगों को 9, 10, 11 की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी प्राप्त हो गई है। अंत में सभी राजनीतिक दलों का धन्यवाद के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्त की गई।

अगली बैठक में आधार की प्रगति बढ़ी होनी चाहिए: एडीएम

गाजीपुर। आधार सीडिंग की बैठक शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। बैठक में उन्होने अनुश्रवण समिति के सदस्यों को प्रगति बढ़ाने हेतु कड़े निर्देश दिये, जिसमें बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से बच्चों के आधार बनाने की प्रगति में सुधार हेतु निर्देशित किया। उन्होने निर्देशित किया कि आगामी बैठक में आधार आपरेशन की प्रगति बढ़ी हुई होनी चाहिए।

Uttar Pradesh Fast News