गाजीपुर। भारतीय युवा कांग्रेस के 63वें स्थापना दिवस पर बुधवार को युवा कांग्रेस के कैम्प कार्यालय पर युवा कांग्रेस का झण्डा फहराकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने, संगठन को मजबूत करने व जनहित में कार्य करने की शपथ ली। यह कार्यक्रम का आयोजन युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुधांशु तिवाड़ी के नेतृत्व में एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर किया गया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ताम्रध्वज कुमार, भदौरा ब्लॉक अध्यक्ष अभय कुमार, मनीष कुमार, अभिषेक बिंद, हरिनंदन, श्रवण कुमार, मुंशी, संदीप यादव, अजीत यादव, अखिलेश, अजय बिंद इत्यादि लोग मौजूद रहे।
गाजीपुर। गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से अपने सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराने का कार्य मंगलवार को भी जारी रहा। प्रेस क्लब की ओर से पिछले दिनों संस्था के सभी सदस्यों का बीमा कराने का कार्य शुरू किया गया है। जिसके तहत अब तक कुल 80 सदस्यो ने मुख्य डाकघर स्थित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से अपना बीमा कराया। इस संदर्भ में गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि हमारे एसोसिएशन में लगभग 100 से ज्यादा पत्रकार बतौर सदस्य शामिल हैं। इन सभी सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराया जायेगा। जिसकी आज से शुरुआत की गई है। इस बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत, दुर्घटना में आंशिक व पूर्ण या स्थायी विकलांगता, दुर्घटना में अंग-भंग होने पर बीमा धारक को दस लाख रूपये प्राप्त होंगे। इसी तरह दुर्घटनावश चिकित्सा व्यय के तहत आईपीडी/ओपीडी में खर्च हुई धनराशि का कवरेज भी मिलेगा। बीमा धारक को शिक्षा लाभ के तहत दो पात्र बच्चो के लिए विमित राशि का 10 प्रतिशत, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दस दिनो तक दैनिक नकद धनराशि एक हजार प्रतिदिन के हिसाब से प्राप्त होगी। इस अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा, आशीष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण “केके”, सचिव विनीत दुबे, प्रबंध समिति के सदस्य केके राय आदि मौजूद रहे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन/सम्भाजन के पश्चात जनपद के समस्त मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची तैयार की गई है। जिसका आलेख्य प्रकाशन 8 अगस्त 2023 को कर दिया गया है। यह आलेख्य प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूचियां जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (उप जिलाधिकारी/अपर उप जिलाधिकारी) के कार्यालय में स्थापित मतदाता पंजीकरण केन्द्रों (वी0आर0सी0) पर निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। आलेख्य प्रकाशन के 8 अगस्त से 7 दिन तक यानी 15 अगस्त 2023 तक प्रकाशित रहेंगी। सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि यदि इस सूची पर कोई आपत्ति/सुझाव देना चाहे तो वे जिला निर्वाचन कार्यालय/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में दे सकते है। उक्त अवधि में प्राप्त आपत्ति/सुझावों का निस्तारण अयोग द्वारा निर्धारित मानक के अन्तर्गत जांचोपरान्त किया जायेगा। तदोपरान्त स्वीकृत हुए आपत्ति/सुझाव को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची में सम्मिलित करते हुए उस पर राजनैतिक दलों से विचार विमर्श के पश्चात मतदेय स्थलों के सूचियों को अन्तिम रूप दिया जायेगा।
गाजीपुर। मंगलवार को शाह फैज़ विद्यालय में आजमगढ़ में चिल्ड्रेन्स गर्ल्स कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा 11 की छात्रा श्रेया तिवारी को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक सभा तथा बिना जाँच के प्रधानाचार्या व कक्षाअध्यापक को जेल भेजने के विरोध में एक सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने सभा के उद्देश्य को बताया तथा कहा कि यह एक बहुत ही दर्दनाक घटना है। छात्रा के परिवार के साथ समस्त विद्यालय परिवार की संवेदना है। उन्होंने प्रधानाचार्य व कक्षाध्यापक को बिना जाँच के गिरफ्तार करने की भर्त्सना की। कहा कि इस घटना से अन्य अध्यापक अध्यापिकाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है व उनमें भय व्याप्त है।
विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने अपने भेजे गए शोक सन्देश में कहा कि आजमगढ़ में हुई छात्रा की मृत्यु से मैं बहुत ही हताहत हूँ और जो दुःख मुझे महसूस हो रहा है उसके लिए शब्द पर्याप्त नहीं हैं। दुःख की इस घडी में ईश्वर दिवंगत छात्रा के परिवारीजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानचार्य व कक्षाध्यापक को बिना जाँच के गिरफ्तार करना गलत है। मैनेजर्स एसोसिएशन की तरफ से आवाहित इस सभा में सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने बांह पर कालीपट्टी बांधकर प्रधानाचार्या व कक्षाअध्यापक के साथ हुए अन्याय के प्रति विरोध प्रदर्शन किया।
ग़ाज़ीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल एक बार फिर जरूरतमंद लोगों के लिए देव दूत बने। बता दें कि उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग़ाज़ीपुर के 12 पीड़ित परिवारों को 23 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किया है। एमएलसी मदद की गुहार लिए गए लोगों की मदद करने के लिए जरूर आगे आते हैं। ताजा मामला सोमवार का है। उनके माध्यम से खुशबू गुप्ता नाम की छोटी सी बच्ची को तीसरी बार आर्थिक सहायता प्राप्त हुई हैं। वहीं एक पीड़ित महिला को दूसरी बार 5 लाख की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। ग़ाज़ीपुर की सातों विधानसभाओं से आये इन सभी पीड़ित परिवारो ने मुख्यमंत्री और एमएलसी के प्रति आंखों में खुशी के आंसु लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। एमएलसी द्वारा जसदेवपुर के विकास प्रजापति को इलाज के लिए 125000, अराजिमाफी पडरी की बच्ची खुशबू गुप्ता को तीसरी बार इलाज के लिए 182500, दाउदपुर के मुकेश चौहान को 100000, सोनबरसा में एक छोटी सी साइकिल की दुकान करने वाले राहुल गुप्ता को 250000, नवकापुरा की सोनी चौरसिया को 50000, चौराबोझ की आशा राय को 250000, सुहवल के राजेश यादव को 100000, सचितापट्टी की उषा सिंह को 75000, सरैला के सुनील को 250000, जसदेवपुर के विकास प्रजापति को 125000, भवानीपुर की अनिला देवी को 500000, मिश्रबाजार की आशा पटेल को 250000 और खाजेपुर के श्रीराम चौहान को 300000 को आर्थिक सहायता दिलाई गई हैं। आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले पीड़ित परिवारों के परिजनों ने एमएलसी का धन्यवाद ज्ञापित किया और उज्जवल भविष्य की कामना की। एमएलसी ने सभी के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की है।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी कीे अध्यक्षता मे सोमवार को रायफल क्लब सभागार मे 15 अगस्त के दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार कराने एवं भव्य आयोजन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियो के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक मे जिलाधिकारी ने 15 अगस्त को निकाली जाने वाली प्रभातफेरी एवं अन्य आयोजित होने वाले कार्यक्रमो की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होने बताया कि प्रातः 6ः30 बजे से 7 बजे तक क्रासकन्ट्री रेस का अयोजन नेहरू स्टेडियम से किया जायेगा। जिसका आयोजन जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा किया जायेगा। प्रातः 7 बजे से 7.45 बजे तक स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली जायेगी जो नगर के विभिन्न क्षेत्रो से होते हुए कलेक्ट्रेट पर समाप्त होगी। इस प्रभात फेरी मे कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है। प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण तथा राष्ट्रगान होगा। तत्पश्चात स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियो/आश्रितो तथा शहीदो के परिजनो को सम्मानित किया जायेगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। उन्होने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रो के अमृत सरोवरो, ग्राम सचिवालयों पर ध्वजारोहण तथा प्रकाश की व्यवस्था की जाये। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक सभी ऐतिहासिक इमारतो/शहीद स्थलो एवं उनके मूर्तियो पर, शिक्षण संस्थानो, शासकीय कार्यालयों/भवनो पर तिरंगा, प्रकाश की व्यवस्था का निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया। समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला प्रोवेशन अधिकारी अपने -अपने सम्बन्धित संचालित वृद्धाश्रम एवं अन्य केन्द्रो पर ध्वजारोहण एवं मिष्ठान वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करायेगे। इसी प्रकार जनपद के स्वास्थ्य उपकेन्द्रो, आंगनवाड़ी केन्द्रो पर, नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायतो के मलिन बस्तीयों मे साफ सफाई एवं ध्वजारोण कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘मेरी माटी, मेरा देश 9 से 30 अगस्त एवं हर घर तिरंगा 13 से 15 अगस्त 2023 अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन सहभागिता के साथ मनाये जाने के सम्बन्ध में बैठक की गयी। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगाँठ के अवसर पर विगत वर्ष हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत 13 से 15 अगस्त, 2022 तक उल्लास एवं गरिमा के साथ प्रदेश के 5.25 करोड़ आवासित घरों/सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराते हुए प्रदेश में जनपद ने अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया था। सचिव, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा गतवर्ष की भाँति इस वर्ष भी 13 से 15 अगस्त, 2023 तक उसी उत्साह एवं राष्ट्रीयता की भावना से हर घर तिरंगा अभियान चलाये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। 13 से 15 अगस्त 2023 के मध्य जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने हेतु कार्यवाही की जानी है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, शिक्षक, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वित किया जाये। ग्राम पंचायत स्तर पर सम्बन्धित विभाग द्वारा जागरूकता सत्र का आयोजन करते हुए ग्राम प्रधानों को शत-प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, राशन की दुकानों, नलकूपों इत्यादि पर झण्डा फहराने हेतु प्रेरित किया जाये।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, गैर सरकारी संगठनों, रेस्टोरेन्ट, शापिंग काम्पलेक्स, टोल प्लाजा, पुलिस चौकी/थाना इत्यादि को इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से झण्डा फहराये जाने का निर्देश दिया। हर घर तिरंगा कार्यक्रम हेतु समस्त सरकारी अधिकारी/कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आँगनबाड़ी कर्मियों, आशा बहुओं आदि को पूर्व की भांति निर्धारित दायित्व दिया जाये तथा उक्त दायित्वों का निर्वहन किया जाये। पुलिस विभाग के पब्लिक एड्रेस सिस्टम क्रियाशील रहे। 13 से 15 अगस्त 2023 तक समस्त सरकारी भवनों में तिरंगा लाईटिंग करायी जाये। समस्त शिक्षण संस्थाओं में हर घर तिरंगा से सम्बन्धित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उक्त आयोजन के सम्बन्ध में शासन से निर्गत निर्देशों का प्राईवेट शिक्षण संस्थाओं द्वारा भी पूर्ण रूप से पालन किया जाये। ग्राम विकास विभाग/पंचायती राज विभाग/नगर विकास विभाग सुनिश्चित करें कि शत प्रतिशत अमृत सरोवरों पर झण्डा फहराया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विकास अधिकारी ,परियोजना निदेशक ,सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
गोविन्द अग्रवाल व शीर्ष दीप जौनपुर में रक्तदाता सम्मान से हुए सम्मानित
गाजीपुर। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से 5 अगस्त को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, संगोष्ठी एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय सिंगराऊ जौनपुर में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉक्टर हिमा बिंदु नायक (महासचिव इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश) एवं विशिष्ट अतिथि अर्चना ओझा एस.डी.एम बदलापुर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 20 रक्त दाताओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्तिपत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से वाराणसी से प्रदीप इसरानी, सत्य प्रकाश आर्य, राजेश कुमार गुप्ता, नीरज पारिख, रोहित साहनी, मिर्जापुर से अभिषेक साहू, कृष्णानन्द हैहरवंशी, भदोही से सर्वेश शुक्ला, लखनऊ से राजीव गोयल, अयोध्या से आकाश गुप्ता , रेनुकूट दिलीप कुमार दुबे, वंदना दुबे, अम्बेडकर नगर से सूरज गुप्ता एवं गाजीपुर से जीवन रक्षक फाउंडेशन के सदस्य गोविन्द अग्रवाल को 5 बार रक्तदान एवं संस्था के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा को 33 बार रक्तदान करने व रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
बता दें कि इससे पहले शीर्ष दीप शर्मा को बीते 26 फरवरी को करनाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व 27 फरवरी को हरियाणा के एडीजीपी वी० कामाराजा ने सम्मानित किया था तथा 11 मार्च को राजस्थान में अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड से नवाजा गया था। कार्यक्रम को एसीएमओ डॉ. डीके सिंह, महेंद्र शुक्ला जिला पोषण अधिकारी सुल्तानपुर, डॉ डीपी सिंह आजमगढ़, अमन कुमार सिंह ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अजय तिवारी एवं दिलीप कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से किया। संस्था के सहयोग से हस्तशिल्पियों द्वारा बनाए गए समान की प्रदर्शनी को मुख्य अतिथि ने सराहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. हिमाबिंदु नायक एवं एसडीएम बदलापुर द्वारा पौधारोपण भी किया गया। शिविर में करीब 21 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया जिनको प्रस्स्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बिहार से आए मशहूर यू ट्युब कलाकार रौनक रतन, रत्नेश रतन एवं लक्ष्मी ने देशभक्ति (भारत का रहने वाला हूं) और (रक्तदान से बढ़कर इस दुनिया में कोई दान नहीं) जैसे बहुत ही जोशीले गीत गाकर पूरे कार्यक्रम में जोश भर दिया। बच्चों में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा एक संक्षिप्त प्रश्नोत्तरी सत्र भी रखा गया जिसमे सही उत्तर देने वालों को प्रोत्साहित करते हुए मेडल दिया गया।
गाजीपुर। जनपद के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) हाथीखाना पर सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई-5.0) के तहत पहले चरण का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने किया। इस अवसर पर पीएचसी पर आयोजित नियमित टीकाकरण सत्र में सीएमओ और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ एसके मिश्रा ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। साथ ही मीजिल्स-रूबेला की दूसरी डोज़ भी लगाई गई। इसके अतिरिक्त समस्त 16 ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी-पीएचसी) पर भी अभियान की शुरुआत हुई। सीएमओ डॉ पाल ने कहा कि नियमित टीकाकरण अभियान में किसी कारणवश छूटे पांच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती को प्रतिरक्षित करने के लिए अभियान का पहला चरण सोमवार से शुरू हुआ। यह चरण 12 अगस्त तक चलेगा। सीएमओ ने परिजनों से अपील की किया कि वह अपने बच्चे का टीकाकरण कराएं और आसपास के लोगों को बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें। कोई भी बच्चा छूटा हो तो उसका टीकाकरण अवश्य कराएं। सभी टीके पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। टीका लगने के बाद सामान्य बुखार हो सकता है, इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा गंभीर स्थिति या प्रतिकूल प्रभाव से निपटने को रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) तैयार की गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सैदपुर पीएचसी के अंतर्गत आयोजित टीकाकरण सत्रों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि आईएमआई 5.0 के पहले चरण के लिए जिले के छूटे पांच वर्ष तक के 1500 बच्चों और 100 गर्भवती को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। सोमवार को लगभग 369 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। अभियान में बच्चों को प्रमुख रूप से मिजिल्स-रूबेला का टीका लगाया जाएगा। साथ ही गर्भवती को टिटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) का टीका लगाया जाएगा। यह टीका गर्भवती को दिये जाने से उनका व उनके गर्भस्थ शिशु का टिटनेस व डिप्थीरिया (गलघोंटू) रोग से बचाव करता है।
इसके साथ ही बच्चों को 11 बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाता है जिनमें डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटेनस, पोलियो, क्षय (टीबी), हेपेटाइटिस-बी, मैनिंजाइटिस, निमोनिया, हेमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी संक्रमण, डायरिया रोटा वायरस और खसरा-रूबेला (एमआर) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आईएमआई 5.0 का दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर और तीसरा चरण नौ से 14 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस मौके पर एसीएमओ डॉ मनोज कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक अशोक कुमार, यूनिसेफ से डीएमसी बलवंत सिंह, चाई से मणि शंकर, यूएनडीपी से प्रवीण उपाध्याय, चिकित्सक, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। पाँच साल – सात बार, टीका न छूटे एक भी बार – टीकाकरण एक सतत प्रक्रिया है जो कि बच्चे के जन्म से लेकर पांच वर्ष की आयु तक संपादित की जाती है। जन्म के समय बच्चों को हेपेटाइटिस बी संक्रमण से बचाने के लिये एवं पोलियो वैक्सीन की जीरो डोज खुराक एवं बीसीजी की वैक्सीन दी जाती है। तत्पश्चात बच्चे की आयु डेढ़ माह, ढाई माह एवं साढ़े तीन माह होने पर डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, रोटा वायरस, डायरिया, हेपेटाइटिस बी, हेमेसिफिलस संक्रमण एवं न्यूमोकोकल वैक्सीन, न्यूमोकोकल इन्फेक्शन के संक्रमण से बचाने के लिये टीका लगाया जाता है। इसके साथ ही नौ महीने की उम्र पूरी होने पर 10वें महीने पर मीजिल्स-रूबेला की पहली डोज़ तथा 16-24 महीने पर मीजिल्स-रूबेला की दूसरी डोज दी जाती है। इसके बाद 16 से 24 माह पर डिप्थीरिया, काली खांसी एवं टिटनेस के संक्रमण से बचाव के लिये डीपीटी वैक्सीन की बूस्टर डोज़। 5 वर्ष पूर्ण होने पर डीपीटी की दूसरी बूस्टर खुराक दी जाती है। किशोर एवं किशोरियों को 10 वर्ष एवं 16 वर्ष की उम्र पर डिप्थीरिया एवं टिटनेस से बचाव के टीके दिये जाते हैं। डॉ मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार एक ही टीकाकरण के विभिन्न वैक्सीन देने का समय निर्धारित किया गया है। बच्चे को सभी वैक्सीन मिल जाये इसके लिये उन्हें विभिन्न आयु पर 07 बार टीकाकरण केन्द्र लाना होता है।
गाजीपुर। लड़कियों के जागरूकता, शिक्षा, विकास व स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मिलान संस्था द्वारा ग्राम सभा होरिलपुर बरेसर के पंचायत भवन पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुआ। जिसमें समाज द्वारा महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर कई सारे नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। ग्रामसभा बड़ेसर के प्रधान हरेंद्र शर्मा ने कहा कि लड़कियों द्वारा किया गया कार्य बहुत सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम को हर गांव में आयोजित किया जाना चाहिए तथा इसके लिए पहले से हैंड बिल द्वारा प्रचार-प्रसार भी करना चाहिए। कार्यक्रम में बोलते हुए महिला पुलिस रोली यादव ने सरकार द्वारा चलाई जा रही बहुत सारी योजनाएं जिसमें 112 नंबर, 1090 तथा अभ्युदय कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन मिलान संस्थान के होरिलपुर बरेसर की गर्ल आईकॉन अनु शर्मा एवं अर्चना कुशवाहा द्वारा किया गया। जिसमें इन्होंने 12 से लेकर 18 साल की लड़कियों को निशुल्क शिक्षा, उनका विकास और उनका आर्थिक सहयोग संस्था उद्देश्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी ने लड़कियों के शिक्षा पर बल देना, लड़कियों को जागरूक करने और लड़कियों को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। जनसंख्या नियंत्रण पर भी बल देते हुए इसके फायदे नुकसान को समझाया। प्रेम शंकर मिश्रा ने कहा कि लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के साथ-साथ सरकार को भी आगे आना चाहिए। केवल कागजों में खानापूर्ति ना हो जमीन पर भी कार्यों की समीक्षा हो। समाजसेवियों से आग्रह किया कि समाजसेवी आगे आएं और महिलाओं को भी अगली कतार में आने के लिए आमंत्रित करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बच्चियों द्वारा किए गए नाटक आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान उपनिरीक्षक रोहित द्विवेदी, आरक्षी अभय दूबे, गोपाल पाण्डेय, तारकेश्वर पाण्डेय, प्रधान सेराज अहमद मलिकपुरा, रैमल यादव, नागेश्वर गुप्ता, दीपक गुप्ता, रविंद्र कुशवाहा, गोवर्धन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन शक्करपुर कला के पुर्व प्रधान चन्द्रप्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित करके किया।