डीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा, दिया निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण (37 बिन्दु), मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की समीक्षा गुरूवार को बैठक कलेक्ट्रट सभागार मे सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने जनपद मे 1 अगस्त से 30 अगस्त 2023 तक चल रहे अभियान के तहत प्रत्येक पात्र परिवार के व्यक्तियों का शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड बनाते हुए इसमे तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होने निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त आवेदनो का त्वरित गति से निस्तारण का निर्देश दिया।

उन्होने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ का टीकाकरण एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया साथ ही पशुओ को किसी प्रकार की समस्या होने पर समाधान हेतु सचल सेवा के टोल फ्री  1962 पर सुबह 10 बजे से सायं 8 बजे तक कॉल कर सकते है। उन्होने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी पौधरोपण हुए है उसका शत-प्रतिशत जीयो टैगिंग अवश्य करा ली जाये। उन्होने निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ दिया जाये कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओ से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में सभी अधिकारियो को अपने- अपने कार्यालय में पूर्वान्ह् 10 बजे से 12 बजे तक उपस्थित रहते हुए फरयादियो की समस्याओ को सुनते हुए उसका निस्तारण करने तथा आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को निर्धारित समयान्तराल मे उसका निस्तारण करना सुनिश्चित करे। उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारियो को निर्देशित किया कि बनाये गये गो-आश्रय केन्द्रो का निरीक्षण करते हुए वहां की समुचित व्यवस्थाओ का जायजा लेते हुए आवश्यकताओ की पूर्ति कराने का निर्देश दिया। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी सतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

सपाइयों ने किया आत्मा यादव का भव्य स्वागत

गाज़ीपुर।गुरुवार को समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव आत्मा यादव का स्वागत समारोह जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर आयोजित हुआ।इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आत्मा यादव का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया ।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने इस अवसर पर आत्मा जी को बधाई देते हुए उनके मनोनयन के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज जब देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है ,आये दिन लोकतंत्र का चीर हरण किया जा रहा है, संवैधानिक संस्थाओं पर सरकार लगातार हमले कर रही है ऐसी परिस्थिति में अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने अधिवक्ता समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा चाहे जंगे आजादी रही हो चाहे आजादी के बाद देश‌ को नई दिशा देने का सवाल रहा है अधिवक्ता समाज ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में लोकतंत्र कमजोर हुआ है । संवैधानिक संस्थाओं पर हमलें हो रहे हैं । भाजपा देश के लोकतांत्रिक प्रणाली के विरुद्ध साजिश रच रही है । आज देश साम्प्रदायिक , तानाशाह और फिरकापरस्त ताकतों के चंगुल में फंस गया है,देश को उनके चंगुल से निकालने की जिम्मेदारी अधिवक्ताओं पर है। उन्होंने मुलायम सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में हर जनपद मुख्यालय पर अधिवक्ता भवन बनाने का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी की प्रदेश में सरकार बनी है अधिवक्ता हित में अनेकों फैसले लिए गये हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी का भला नहीं चाहती यह सरकार केवल पूंजीपतियों की है जो राष्ट्र की सम्पत्तियों को कौड़ी के दाम बेचकर उनकी और अपनी तिजोरी भरने में व्यस्त हैं । उसे अधिवक्ता समाज का या समाज के किसी वर्ग का कोई ख्याल नहीं है। भाजपा सरकार मे समाज का हर वर्ग दुखी और पीड़ित हैं।


इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव संदीप यादव ने कहा कि भाजपा राज में चारों तरफ अन्याय और अत्याचार का बोलबाला है। देश और प्रदेश के कमजोर और गरीबों को सताया जा रहा है। अधिकारी,कर्मचारीऔर योगी जी की पुलिस बेलगाम हो गई है। उन्होंने कहा कि देश की तानाशाही और फासिस्टवादी सरकार के खिलाफ समाजवादी अधिवक्ता सभा संघर्ष करेगी और पीड़ितों और शोषितों को न्याय दिलाने में अग्रणी भूमिका निभायेगी।

अपने स्वागत से अभिभूत समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव आत्मा यादव ने अपने स्वागत के लिए उपस्थित सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और स्वाभिमान की हर कीमत पर रक्षा की जायेगी। उनके मान और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा यह सरकार संविधान बदलना चाहती है लेकिन समाजवादी अधिवक्ता सभा भाजपा सरकार के इस नापाक मंसूबे को कत्तई पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के इरादे ठीक नहीं है। वह समाज में नफ़रत फैलाने का काम कर रही है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा,पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव,सिविल बार संघ के पूर्व अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, सिविल बार संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंह,सिविल बार संघ के पूर्व सचिव राजेश सिंह, रविन्द्र प्रताप यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, दिनेश यादव,राजकिशोर यादव, मदन यादव,मारकन्डेय यादव,विजय शंकर यादव, चन्द्रेश्वर यादव,चंदन तिवारी, खेदन यादव, जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव,बृजकिशोर यादव, अशोक यादव,धर्मचंद यादव, गोपाल जी श्रीवास्तव,आजाद राय, दयाशंकर कुशवाहा, शिवशंकर यादव,शंकर यादव,रामनगीना यादव, अरविंद यादव, रामाशीष यादव,सर्वेश पाल, अखिलेश यादव, निजामुद्दीन खां,हरेन्द्र यादव, राधेश्याम यादव आदि मौजूद थे।इस कार्यक्रम का संचालन सिविल बार संघ के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप यादव ने किया।

डीएम और चेयरमैन ने खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा, कहा….

एमडीए अभियान शुरू, जिलाधिकारी व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा

महुआबाग स्थित आदर्श इंटर कॉलेज से हुआ फाइलेरिया उन्मूलन के लिए एमडीए अभियान का शुभारंभ

जिलाधिकारी ने की अपील – स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग कर दवा का सेवन उनके समक्ष करें, दूसरों को भी प्रेरित करें

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने साफ-सफाई, गंदे पानी के निस्तारण, स्वच्छ पेयजल पर दिया ज़ोर

गाज़ीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को फाइलेरिया सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ महुआबाग स्थित आदर्श इंटर कॉलेज से किया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने फाइलेरिया से बचाव की दवा एल्बेण्डाज़ोल और डीईसी का सेवन किया। तत्पश्चात नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/विद्यालय निरीक्षक हेमंत राव, प्रधानाध्यापक चंद्रदेव राम, संचारी रोगों के नोडल अधिकारी/अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जेएन सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों, शिक्षकों व बच्चों ने दवा का सेवन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया, जिसको सामान्य भाषा में हाथीपांव कहा जाता है इससे बचाव के लिए सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान अगले 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा, जिसमें दवा सेवनकर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर एक वर्ष से ऊपर के सभी बच्चों, वयस्कों, वृद्धजनों को अपने सामने दवा खिलाएँगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज मैंने स्वास्थ्यकर्मियों के सामने यह दवा खाई है, उसी तरह सभी को यह दवा स्वास्थ्यकर्मियों के सामने खिलाई जानी है। यह दवा खाना बहुत आवश्यक है क्योंकि विगत कई वर्षों से यह रोग समाज में व्याप्त है। समाज में इसको लेकर कई भ्रांतियां भी बनी हुई हैं। गंदगी भी इसका प्रमुख कारण है। इसका मच्छर गंदगी में ही पनपता है। इस रोग के हो जाने पर शुरुआत में कोई लक्षण नहीं दिखते लेकिन पाँच से 15 साल बाद इसके लक्षण दिखने लगते हैं। हाथ-पैरों व अन्य अंगों में सूजन बढ़ने लगती है। एक बार यह बीमारी हो जाने पर यह ठीक भी नहीं होती है। इसी को देखते हुए साल में एक बार एमडीए अभियान संचालित किया जाता है। साल में एक बार और लगातार पाँच साल तक दवा खाने से हम सभी इस बीमारी से बच सकते हैं। यह बीमारी जल्द से जल्द विलुप्त हो जाए, इसके लिए सरकार ने वर्ष 2030 तक उन्मूलन का लक्ष्य रखा है।

जिलाधिकारी ने स्कूल व कॉलेज के छात्रों-छात्राओं सहित सभी लोगों से अपील की किया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए घर-घर जाने वाले दवा सेवनकर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग करें और उनके सामने ही फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करें। साथ ही अन्य लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें। यह दवा एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रूप से ग्रसित बीमारी व्यक्तियों को नहीं खिलाई जानी है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सबसे ज्यादा जरूरी साफ-सफाई है। यदि हम अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, घर व आसपास गंदगी व जलजमाव की स्थिति पैदा नहीं होने देंगे तो हम इस बीमारी से बचे रहेंगे। हमेशा स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें। सोते समय हमेशा मच्छरदानी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों में दवा सेवनकर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता की टीम घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा अपने समक्ष खिलाएगी। इसके अलावा नगर पालिका की टीम साफ-सफाई, फोगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव के कार्य में जुटी हुई है। कार्यक्रम में आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक चंद्रदेव राम ने बताया कि यहाँ लगभग 1800 छात्र हैं, जिनको बृहस्पतिवार को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई गई। उन्होंने समस्त छात्रों से अपील की किया कि वह अपने घर के परिजनों व आस पड़ोस के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर कक्षा आठवीं के छात्र आर्यन गुप्ता, ध्रुव कुमार, कृष्ण कुमार, कृष्णा कुमार सहित सभी छात्र दवा खाने के लिए उत्साहित दिखे। आर्यन ने कहा कि हमने फाइलेरिया से बचाव की दवा खा ली है। यह पूरी तरह से सुरक्षित है। इसी तरह हम लगातार पाँच साल तक साल में एक बार दवा जरूर खाएँगे। साथ ही और भी लोगों को प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संजय राम ने किया। इस मौके पर एसीएमओ डॉ मनोज कुमार, जिला सूचना अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, फाइलेरिया व मलेरिया निरीक्षक, जिला कार्यक्रम समन्वयक (एनटीईपी), डब्ल्यूएचओ, पाथ, पीसीआई, सीफार के जिला प्रतिनिधि सहित अध्यापक, जिला मलेरिया इकाई का समस्त स्टाफ एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

नर्स ने बचाई असहाय महिला की जान

गाजीपुर। बुधवार को मेडिकल कॉलेज में कार्यरत नर्स ने अपना रक्तदान कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती असहाय सतिया देवी की जान बचाई। बता दें कि सतिया देवी को ओ.पॉजिटिव ब्लड की अति आवश्यकता थी। लेकिन इनके परिवार में ब्लड देने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं था। ब्लड कम होने के कारण मरीज सतिया देवी की हालत गम्भीर बनती जा रही थी। जिसकी जानकारी समाजसेवी कुंवर वीरेंद्र सिंह को हुई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कार्यरत स्टॉप नर्स प्रियंका मौर्या को ब्लड बैंक आकर अपना ब्लड दान करने को कहा। वीरेंद्र के बात सुन तत्काल नर्स ने आकर अपना रक्तदान किया और मरीज सतिया देवी को दे दिया।

स्व. शेषनाथ पांडेय की स्मृति में वेलफेयर क्लब ने किया पौधरोपण

गाजीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुन्धरा स्व. शेषनाथ पांडेय की पुण्य स्मृति में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कालेज में गुरूवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफ़ेसर डा. आनन्द मिश्रा प्राचार्य मेडिकल कालेज तथा विशिष्ठ अतिथि डा. सुजित मिश्रा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नम्रता सिंह क्षेत्रीय वन अधिकारी ने किया। तत्पश्चात अध्यक्ष डा. शरद कुमार वर्मा ने अतिथियों, क्लब पदाधिकारी तथा उपस्थित गणमान्य लोगों के साथ ही मेडिकल कालेज के डा. अनुप्रिया, डा. अनु श्री, डा. आफरीन, डा. आदर्श, डा. साजिया, डा. चंद्रमौली, डा. अंजली के साथ पौधरोपण किया साथ ही पर्यावरण को हरा भरा करने का सामूहिक संकल्प किया। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय ने हाथ उठाकर मेरी माटी मेरा देश अन्तर्गत पञ्च प्रण भी किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफ़ेसर डा. मिश्रा ने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण समूचे विश्व की समस्या बन चुकी है, ऐसे में अधिक से अधिक पौधरोपण ही एकमात्र समाधान है। ग्लोबल वार्मिग, महामारी या वायरस से होने वाली बिमारिया या बारिश का समय से न होना निश्चित रूप से पर्यावरण के असंतुलन का दुष्परिणाम है। वेलफेयर क्लब पौध लगाने के साथ उसे बचाने का भी कार्य कर रहा है जो प्रशंसनीय है। जबकि विशिष्ट अतिथि डा. सुजित मिश्रा ने वर्ष 2003 से निरंतर चलाए जा रहे अभियान पर्यावरण मिशन ग्रीन वसुन्धरा के लिए शुभकामना व्यक्त करते हुए कहा यह जनपद के लिए बड़ी मिशाल है। अतिथियों का स्वागत क्लब पीआरओ सूर्य रेख मणि तथा क्लब उपाध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी ने किया। अतिथियो को क्लब अध्यक्ष डा. वर्मा तथा जनपद गवर्नर पवन पांडेय ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया । इस अवसर अभिषेक प्रजापति, प्रमोद कुमार बिंद, डिप्टी रेन्जर आशीर्वाद कुमार सिंह, वन दरोगा सुरेन्द्र सिंह यादव ,गोपी नाथ कुशवाहा सहित ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

सांप काटे तो एक घंटा के अंदर लगवाए यह इंजेक्शन

गाजीपुर। जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण ने सर्पदंश प्रबंधन पर जारी की एडवाइजरी राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण, भारत सरकार नई दिल्ली एवं प्राधिकरण लखनऊ के माध्यम से भारत और उत्तर प्रदेश में घटित सर्पदंश की घटनाएं प्रायः बढ़ने के दृष्टिगत उससे होने वालें नुकसान और बचाव हेतु जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्षाकाल के दौरान सर्प अपने स्थानों से निकलकर सुरक्षित स्थानों को ढूढते-2 आवासीय क्षेत्रों में चले आते है जिससे सर्पदंश की घटना घटित हो जाती है। सर्पदंश से होने वाली मौत को कम करने के लिए प्रत्येंक चिकित्सा केन्द्र पर पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम व अन्य दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होने कहा कि सभी सीएचसी, पीएचसी पर मुख्य चिकित्साधिकारी स्वयं एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता की जंाच करें। सर्पदंश से बचाव संबंधी आईईसी मैटेरियल राहत आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट के लिंक डाउनलोड कर सोशल मीडिया, रेडियों, न्यूज पेपर, टी0वी0 आदि के माध्यम से प्रसारित कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरूण कुमार सिंह द्वारा उपलब्ध एडवाइजरी के माध्यम से लोंगो से अपील की गई है कि सर्पदंश से बचाव व उसके लक्षण के विषय में जानकारी प्राप्त कर स्वंय बचे एवं दूसरे को भी बचाने का कार्य करें तथा साथ ही साथ एक दूसरे को जागरूक कर जनहानि की घटना को कम करने का प्रयास करें। सांप के काटने पर क्या न करें – बर्फ अथवा अन्य गर्म पदार्थ का इस्तेमाल काटे गये स्थान पर न करें। सर्प से प्रभावित व्यक्ति के कटे स्थान पर टुर्निकेट ( तेज कपड़े से न बांधे ) । इससे संबंधित अंग में रक्त प्रवाह पूरी तरह रूक सकता है एवं संबंधित अंग की क्षति हो सकती है। काटे गये स्थल पर चीरा न लगाए। यह आगे नुकसान पहुॅचाता है। घायल को चलने से रोकें। शराब/नींद आने की कोई दवा नहीं दें। मुंह से कटे हुयें स्थान को न चुसे। मंत्र या तांत्रिक के झांसे में न आये। तुरंत क्या करें- काटे गये जगह को साबून व पानी से धोए। दांत के निसान की जॉच करें, कही जहरीले सर्प के काटने का दो दंत का निशान तो नहीं। काटे हुए अंग को हृदय के लेवल से नीचे रखें। सर्पदंश वाले अंग को स्थिर (फिक्स) करें। बैंडेज घाव पर और उसके उपर लगाये। घायल व्यक्ति को सांत्वना दे, घबराहट से हृदय गति तेज चलने से रक्त संचरण तेज हो जायेगा और जहर सारे शरीर में जल्द फैल जायेगा। तुरंत बड़े अस्पताल ले जाए। एंटी वेनम का इंजेक्शन डाक्टर से लगवाएं। आपदा विशेषज्ञ अशोक राय द्वारा बताया गया कि सर्पदंश के काटने पर झाड़ फूंक के चक्कर मेेेें न पड़े अस्पताल में इलाज कराने की दी सलाह । भारत में विषैले सर्प मात्र 15 प्रतिशत ही है। जिसके सापेक्ष भारत में लगभग प्रत्येक वर्ष 45-46 हजार मृत्यु सर्पदंश से होती जिसका प्रमुख कारण लोगों मेे अज्ञानता व समय से इलाज न कराने के बजाय झाड़-फूक आदि पर ज्यादा विश्वास करने से होती है। भारत मे  प्रमुख विषैल सर्प कोबरा कैरत, स्कैल्ड वाईपर व पिट्ट वाईपर पाये जाते है जो प्रायः उत्तर प्रदेश , बिहार , महाराष्ट्र , राजस्थान , केरल , तमिलनाडु , उड़िसा व असाम आदि राज्यों के जंगलों में सर्वाधिक पाये जाते है। मंत्र या तांत्रिक के झांसे में न आये। भय एवं चिन्ता न करें सभी सॉप जहरीले नहीं होते है। सभी सॉपों के पास हर समय पूरा जहर नहीं होता । 2 अगस्त 2018 से सर्पदंश कों राज्य आपदा घोषित किया गया है। सर्पदंश से मृत्यु होने की दशा में मृतक के आश्रित को 4 लाख रूपयें की सहायता प्रदान किया जाता है। सर्पदंश से मृत्यु होने पर मृतक का शवनामा एवं पोस्टमार्टम अनिवार्य रूप से काया जाना जरूरी है। सर्पदंश के लक्षण -सर्पदंश के लक्षण वाले स्थान पर तेज दर्द होना, बेहोशी आना, सर्पदंश वाले हिस्से में सूजन, ऑंखों के पलकों का भारी होना, पसीना आना, उल्टी महसूस होना, सांस लेने में तकलीफ होना, आंखों मे धूंधुलापन छाना, आवाज का पतला होना या पिच में कमी आना, बोलने में कठिनाई होना, पेट दर्द होना, गहरे भूरे रंग का पेशाब आना, रक्त का थक्का जमना। सर्पदंश के बाद प्रथम एक घंटा बहुत महत्वपूर्ण होता हैं। इस दौरान पीड़ित को एंटी स्नेेक वेनम इंजेक्शन लग जाना चाहिए। सांप के डसने पर तत्काल अस्पताल आने वाले लोगों की प्रायः जान बच जाती है। सर्पदंश की घटना प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में आती है। सर्पदंश होने पर जख्म वाले हिस्से पर चीरा नही लगाना चाहिए।

सांड के हमले से घायल सपा नेता की हुई मौत

गाजीपुर। सांड़ के हमले में घायल हुए समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश यादव का बुधवार को ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान निधन हो गया। ज्ञात हो कि यह घटना सोमवार कि रात हंसराजपुर के करीब नसीरपुर नवापुरा चौराहा के पास साधन सहकारी समिति के सामने हुआ था।
उसी रात से ही वह जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग से जूझ रहे थे लेकिन आज जिंदगी की जंग लड़ते लड़ते मौत के मुंह में चले गए। उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें पार्टी का बहुत ही मजबूत, कर्मठ और समर्पित सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने अपना एक होनहार सपूत खो‌ दिया है जिसकी भरपाई निकट भविष्य में मुश्किल है। उनके निधन से पूरी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। सारे लोग दुखी और मर्माहत है। उनके निधन पर दुख व्यक्त करने वाले में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, अरुण कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष आमिर अली, दिनेश यादव, विभा पाल, रीना यादव, रीता विश्वकर्मा, पूजा गौतम, कंचन रावत, रामाशीष यादव, रामनगीना यादव आदि थे।

“मेरी माटी मेरा देश” कार्यक्रम में डीएम और नपा अध्यक्ष ने दिलाई शपथ

गाजीपुर। ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत देश भक्तों को नमन करने और उनकी स्मृतियों को ह्दय में सजोने और उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा ग्रहण करने, युवाओं को उनके बलिदान एवं देश भक्ति के बारे में बताने, हर वर्ग व हर समुदाय को अपने राष्ट्र के प्रति कृत संकल्पित करने के लिए पूरे देश में ‘‘मेरी माटी मेरा देश‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में भी इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्यालय, तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामान्य नागरिकों की भागीदारी के साथ उल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। मुख्यालय स्तर पर यह कार्यक्रम आमघाट पार्क में बुधवार को बडे़ ही घूम-घाम से मनाया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एंव अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, सरिता अग्रवाल ने आमघाट पार्क में सर्वप्रथम महात्मा गॉधी के मूर्ति पर माल्यार्पण एवं नमन करने के पश्चात् दीप प्रज्ज्वलित कर शिलाफलकम् का उद्घाटन किया। साथ ही साथ स्कूली बच्चों, युवक मंगलदल, महिला मंगलदल व जनपदवासियों को शपथ दिलायी गयी। जिलाधिकारी ने स्वयं एवं उपस्थित आगन्तुको, समस्त छात्र-छात्राओ, युवक मंगलदल, महिला मंगलदल व जनपदवासियों से अमृत कलश में मिट्टी डलवाकर इस कार्यक्रम के उद्देश्य को सफल बनाने की तरफ कदम भी बढ़ाया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि पिछले वर्ष जनपद में तिरंगा अभियान बडे ही उत्साह के साथ मनाया गया था, उसी श्रृखला में आज हम उन पंच तत्व को नमन करेगे जिसमे हम पले बढे है। वो है हमारे देश की माटी। इस पूरे अभियान का शीर्षक है ‘‘मेरी माटी मेरा देश‘‘। उन्होने कहा कि हमारा जनपद वीरो की धरती है। यहा पर वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पाण्डेय, शिवपूजन राय जैसे वीरो ने जन्म लिया। जिन्होने अपने देश की खातिर अपने प्राणो को न्यौछावर कर दिया। आज इन्ही वीरो के नाम से हमारे जनपद के युवा प्रेरित होते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणो की आहूति देने को तत्पर रहते है।

इसी भावना को जागृत करने के उद्वेश्य से 9 अगस्त से यह अभियान का शुभारम्भ किया गया है। क्योकि हमारे देश में 9 अगस्त 1947 को ही सम्पूर्ण क्रान्ति का आगाज हुआ था, जिसे अगस्त क्रान्ति के नाम से भी जाना जाता है। जिसके कारण अग्रेजो को विवश होकर भारत को छोड़ना पड़ा था और आज ही के दिन मोहम्मदाबाद मे अष्ट शहीदो ने देश के खातिर अपने प्राणो की आहूति दी थी। उन्होने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हमने जो माटी को नमन कर कलश में इकट्ठा किया है ये अमृत कलश प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली में नियत तिथि को भेेजी जायेगी। जहा 30 अगस्त 2023 को आजादी के अमृत महोत्सव का समापन होगा। किन्तु अमृत काल का समय 2047 तक चलेगा, जिसमें हमे आगामी 25 वर्षो मे वो कार्य करने है जो हमने पिछले 75 वर्षाे मे नही किये। इस दौरान हम जिस भी क्षंेत्र मे है उस क्षेत्र मे अच्छे से अच्छा कार्य करते हुए अपने देश को शीर्ष स्थान पर ले जाये। उन्होने कहा कि पूर्वजो के कथनो के अनुसार पहले हमारा देश विश्व गुरू हुआ करता था। लेकिन कई विदेशी आक्रमणो के कारण हमारा देश पीछे चला गया। जिसे हमे पुनः वही स्थान दिलाना है और वर्ष 2047 तक जब हमारा देश 100वी आजादी का उत्सव मना रहा होगा तो वह पुनः विश्व गुरू के शीर्ष पर रहे यही प्रण आज हमे लेना है। जिसके लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने सभी को उत्साहित किया है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने उपस्थित सभी लोगो को ‘‘पंच प्रण‘‘ की शपथ दिलायी। ‘‘मै शपथ लेता हूॅ कि, विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाउॅंगा, मैं शपथ लेता हॅू कि गुलामी की मानसिकता से मुक्ति के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।‘‘मैं शपथ लेता हॅू कि देश की समृद्धि विरासत पर गर्व करूंगा और इसके उत्थान के लिए हमेशा कार्य करता रहूॅगा। मैं शपथ लेता हूॅ कि देश की एकता और एकजुटता के लिए सदैव प्रयासरत रहूॅगा। मै शपथ लेता हॅू कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का पालन करूंगा। मैं शपथ लेता हूॅ कि देश के गौरव के लिए प्राण देने वाले वीरों से प्रेरित होकर, राष्ट्र की रक्षा, सम्मान और प्रगति के लिए समर्पित रहूॅंगा।

इस मौके पर विभिन्न स्कूली छात्राओ द्वारा देश भक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। सूचना विभाग से पंजीकृत कलाकार रामउग्रह ने जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया वही सलटू राम के टीम द्वारा प्रस्तुत किये गये धोबउ नृत्य ने सबका मन मोह लिया। इसके साथ ही नेहरू युवा केन्द्र गाजीपुर द्वारा मेरी माटी मेरा देश, माटी को नमन, वीरो को वन्दन कार्यक्रम जनपद के सभी युवा मण्डलो मे धूम-घाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम के तहत कार्यालयों, विद्यालयों , तहसीलों एवं ग्रामों में ‘‘पंच प्रण‘‘ की शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम के अन्त में पूरा परिसर राष्ट्रगान एवं भारत माता, वन्दे मातरम के जयघोष से गूज उठा। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केन्द्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चन्द्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अरूण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, जिला युवा अधिकारी कपिल देव, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी दिव्या तिवारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, एवं अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राए, प्रबुद्ध नागरिक एवं आमजनमानस उपस्थित थे।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

गाजीपुर। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में अगस्त क्रांति का विशेष महत्व है, आज ही “करो या मरो” का नारा देकर इसकी शुरुआत 9 अगस्त 1942 के दिन राष्ट्रपिता स्व.महात्मा गांधी जी ने की थी। जिसे आज गाजीपुर के कांग्रेस सदस्यों और पदाधिकारियों ने स्थानीय सुभाष चंद्र बोस की टैक्सी स्टैंड स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण कर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम की अध्यक्षता में वहीं सुभाषचंद्र बोस वाचनालय एवम सभागार में एक गोष्ठी कर अपने विचार रखे।इस दौरान कांग्रेस परिवार के तरफ से शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों क्रमशः अमिताभ अनिल दुबे, रविकांत राय, हनुमान यादव, हरिनाथ कुशवाहा, दिव्यांशु पांडेय, हनुमान शर्मा और सतीराम सिंह को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी में अगस्त क्रांति का महत्वपूर्ण स्थान, महात्मा गांधी जी की एक आवाज पर जनपद गाजीपुर के वीर लोगों ने अपने प्राणों तक को न्योछावर कर दिया और हमें खुशी है कि ऐसे ही वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन आज हमारे साथ हैं और हम उनको सम्मानित करके गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं । इस अवसर पर शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा की आज वर्तमान सरकार स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों का मान तक नहीं रख पा रही है, देश में भ्रष्टाचार, महंगाई बेरोजगारी तो चरम पर है ही, लेकिन मणिपुर की घटना ने हमें शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति का ही नतीजा है कि 15 अगस्त 1947 में हमें आजादी मिली।
वही पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने बताया कि उनका परिवार स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा रहा और आज ही के दिन मुंबई तत्कालीन बंबई में गांधी जी अगस्त क्रांति की शुरुआत की थी।इस लड़ाई में गांधी जी ने ‘करो या मरो’ का नारा देकर अंग्रेजों को देश से भगाने के लिए पूरे भारत के युवाओं का आह्वान किया था। यही वजह है कि इसे ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ या क्विट इंडिया मूवमेंट भी कहते हैं। इस आंदोलन की शुरुआत नौ अगस्त 1942 को हुई थी, इसलिए इसे अगस्त क्रांति भी कहते हैं। इसी मौके पर एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने अपने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजनों को याद करते हुए कहा कि आज ही के दिन जिस जोश से पूरे भारत में आजादी के प्रति लहर उठी थी, वो निर्णायक थी, असहयोग आंदोलन के साथ गांधी जी के करो या मरो के नारे ने देश को अंततः आजादी दिलाई, जिसमें हमारे कांग्रेसियों की अहम भूमिका रही है, अंग्रेजों की गोलियों का शिकार हुए उन असंख्य सेनानियों की शहादात को हम सलाम करते हैं आज हमें उनके जीवन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

इस अवसर पर पीसीसी सदस्य अजय कुमार श्रीवास्तव, महबूब निशा, सुमन चौबे, ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना एवं हनुमान सिंह यादव ,बाल रूप शर्मा ,उषा चतुर्वेदी, दिव्यांशु पांडे,रूद्रेश निगम ,सीमा विश्वकर्मा, राकेश राय , सुधांशु तिवारी,डॉ संगीता राजभर,आलोक यादव, राजेश गुप्ता विभूति राम राम नगीना पांडे शंभू कुशवाहा,रईस अहमद ,सतिराम सिंह, कैलाशपति कुशवाहा, विद्याधर पांडे ,नसीम अख्तर, माधव कृष्ण यादव, सूरज खरवार, संजय गुप्ता जी संजय सिंह सतीश गुप्ता हरिनाथ सिंह कुशवाहा, सोनू यादव आदि लोग उपस्थित रहे ।

जनपंचायत में सपा नेताओं ने सुनी जनता की समस्याएं

गाजीपुर। क्रान्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पूरे प्रदेश की हर विधानसभाओं में हर सेक्टर स्तर पर जनपंचायत आयोजित की गयी। इस जनपंचायत में पार्टी के नेताओं ने जनता के मन की बात सुनी और उनकी पीड़ा और व्यथा को जानने का प्रयास किया। इसी कड़ी में कांशीराम आवास बड़ी बाग में भी जनपंचायत आयोजित हुई। इस जनपंचायत में शामिल यहां की स्थानीय निवासियों ने कांशीराम आवास की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जिला प्रशासन की उदासीनता की चलते यह कालोनी पूरी तरह से उपेक्षित है। इस कालोनी में साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। जब से कालोनी बनी है उसके बाद आज तक कभी भी न उसकी रंगाई पुताई हुई और नहीं साफ सफाई। इस कालोनी में चल रहा विधालय और क्लिनिक भी बंद कर दिया गया है। राशन मिलने वाला कन्ट्रोल भी यहां से बहुत दूर स्थानांतरित कर दिया गया है। जिससे यहां के लोग को राशन लेने जाने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां के जर्जर तारों और खराब पड़े ट्रांसफार्मर की समस्या के साथ साथ और भी इस कालोनी में व्याप्त समस्याओं को बताने का काम निवासियों ने किया। इस जनपंचायत में शामिल समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इन‌ समस्याओं को लेकर संघर्ष करने और जिलाधिकारी से वार्ता करने की बात कही। इस जनपंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि आज हम मोदी की तरह अपने मन की बात सुनाने नहीं आये हैं बल्कि हम आपकी व्यथा और पीड़ा को जानने तथा आपके मन‌की बात सुनने आये हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था से पूरा देश और प्रदेश जूझ रहा है।

जिला उपाध्यक्ष आमिर अली ने कहा कि इस भाजपा सरकार मे गरीब का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। भाजपा सरकार को आपकी बुनियादी सवालों से कुछ भी लेना-देना नहीं है। यह सरकार केवल समाज में नफ़रत पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने बेरोजगारी भत्ता, कन्या विद्याधन, लैपटाप वितरण, मुफ्त सिंचाई, पढ़ाई और दवाई, 1090 महिला हेल्प लाइन, 108 व 102 समाजवादी एम्बुलेंस जैसी तमाम अखिलेश की सरकार में जनता के लिए चलायी जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा आपकी बुनियादी सवालों और जरूरतों को पूरा करने का काम किया है इसके विपरित भाजपा सरकार केवल जनता का भावनात्मक शोषण कर रही है। जनता की समस्याओं से इस सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी संवेदनहीन सरकार देश और प्रदेश में कभी नहीं रही। भाजपा सरकार केवल अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने का काम कर रही है। समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो इस सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यप्रणाली से दुखी न हो। इस जनपंचायत में पार्टी की तरफ से मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष आमिर अली, जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल, महिला सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रीता विश्वकर्मा ,कंचन रावत, रीना यादव, अवधेश कुशवाहा,माया जायसवाल,दीपक श्रीवास्तव आदि लोग शामिल थे।इस जनपंचायत का संचालन नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने किया।

Uttar Pradesh Fast News