गाजीपुर। गुरूवार को पुलिस लाइन में पुलिस विभाग के वाराणसी जोन की 28वीं अंतर्जनपदीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने किया। इस प्रतियोगिता में कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बॉक्सिंग इत्यादि खेलों का आयोजन किया जाना है। इस दौरान सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक ने सिक्का उछालकर कबड्डी प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया।
उन्होंने खिलाडियों को खेल भावना के साथ खेलते हुए अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए सभी का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता में वाराणसी जोन की विभिन्न जनपदों सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, भदोही, वाराणसी, गाजीपुर, बलियां, मऊ, मिर्जापुर, चंदौली की टीमों द्वारा प्रतिभाग किया गया। शुभारंभ से पहले समस्त टीमों को खेल भावना से खेलने के लिए शपथ दिलाई गई। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नगर ,क्षेत्राधिकारी नगर आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली गई और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परेड किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न थानों से आई हुई पुलिस की गाड़ियों का निरीक्षण कर उनमें रखे गए सुरक्षा संबंधी उपकरणों को चेक किया तथा रख रखाव के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने डॉयल 112 की गाड़ियों का निरीक्षण कर गाड़ियों का रिस्पांस टाइम जाना। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में स्थित विभिन्न शाखाओं का तथा पुलिस लाइन में हो रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। परेड के दौरान सभी जवानों को बाधा दौड़, बीम, रस्सी चढ़ाई, मंकी रोप और हथियारों को खोलने तथा तथा जोड़ने के लिए प्रशिक्षण से सभी को प्रशिक्षित किया गया।
गाजीपुर। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ के समन्वय से उत्तर प्रदेश राज्य के 41 जनपदों मे बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज़ किया गया। इसी क्रम में गुरूवार को जनपद के पांच बाढ़ प्रभावित तहसील सदर, सैदपुर,जमानिया ,मुहम्दाबाद, सेवराई, के समस्त बाढ़ प्रभावित तहसीलों में बाढ़ पूर्व तैयारी के तहत मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन 9 बजे से आरंभ कर अभ्यास किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जेटी कलेक्टरघाट, सदर तहसील में सुबह समय 8ः58 बजे शासन द्वारा अगले 3 घंटे में बाढ़ आने की जानकारी दिया गया। सुबह 8.59 मिनट पर ई०ओ०सी० द्वारा इन्सीडेन्ट कमाण्डर को घटना की जानकारी दी गयी। इन्सीडेन्ट कमाण्डर जिलाधिकारी द्वारा आई०आर०एस की टीमों की त्वरितगति से कियाशील किया गया। कार्यक्रम स्थल पर वर्तमान तैनात टीम को सुबह 9 बजे एलर्ट करते हुए जलस्तर बढ़ने की सूचना दिया गया.। सुबह 9.30 बजे समस्त टीमें प्रभावित एरिया में एकत्रित होने के उपरान्त घटना स्थल के नजदीक कलेक्टर घाट मंदिर उच्च स्थान में पहुँचकर बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया। सुबह 9.30 बजे से सुबह 10.30 बजे तक पी०एस०सी० स्थानीय पुलिस, गोताखोर, आपदा विशेषज्ञ, आपदा मित्र, स्थानीय अनुभवी व्यक्तियों की सहायता से तत्काल ध्वनि विस्तारक यन्त्र से उस इलाके में रहने वाले लोगो को बाढ़ का पानी आने की जानकारी दी गयी। सुबह 10.30 से सुबह 11.30 बजे तक स्वास्थ्य विभाग के तैनात चिकित्साधिकारी फार्मासिस्ट, एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा गर्भवती महिलाओं, बच्चों मेडिकल चेकअप के बाद राहत शिविरों में जाने हेतु एम्बुलेन्स एवं अन्य वाहन के माध्यम से भेजा। सुबह 11.30 से दोहपर बजे 12 तक सुरक्षित निकाले गये व्यक्तियों ने बताया गया कि कुछ लोग सामने वाले बालू के टीले पर फंसे हो सकते है।
तत्काल इन्सीडेन्ट कमाण्डर जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रोन को उठाकर खोज एवं बचाव कार्य प्रारम्भ कर किया गया। सर्वे के दौरान गंगा नदी के बहाव एवं प्रभाव से बचने के लिए उचे स्थान पर चढकर अपनी जान बचाने का प्रयास करते हुए 2 व्यक्ति देखा गया और तत्काल नाव के माध्यम से बचाव टीम द्वारा पीड़ितों को बचाया गया। अपरान्ह 12 से 12.30 बजे स्वास्थ्य विभाग के तैनात चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा सी०पी०आर० एवं मानसिक सहयोग प्रदान किया गया। अपरान्ह 12 से अपरान्ह 1 बजे स्वास्थ्य विभाग द्वारा सी०पी०आर० एवं प्राथमिक उपचार के उपरान्त कुछ मरीजो की हालात गम्भीर होने के कारण तत्काल उन्हें एम्बुलेन्स के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुचाया गया। दोपहर 1 से 1.30 बजे तक बाढ प्रभावित व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण के उपरान्त उनको राहत शिविरों में पहुचान एवं उनके मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करना, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चो, बुजुगों के लिए विशेष अभियान चलाकर खाने-पीने एवं अन्य दवाओं को उपलब्ध कराया गया तथा सुरक्षात्मक दृष्टि से खोज एवं बचाव का कार्य अपर जिलाधिकारी वि०/ रा०. ,आपदा विशेषज्ञ, आईआरएस के सदस्य, एसडीआरएफ के टीम लीडर एवं सदस्य मीडियाकर्मी तथा स्थानीय जनमानस द्वारा किया गया। इसी प्रकार जसवंत राय इंटर कालेज सैदपुर , गौसपुर घाट मुहम्मदाबाद , देवा बैरनपुर जमानिया, एवं नरायन उर्फ नरबाध घाट गहमर तहसील सेवराई में मेगा मॉक अभ्यास का आयोजन कर किया गया। प्रतीकात्मक रूप में जलभराव से विस्थापित व्यक्तियों को उनके सामान सहित उक्त बाढ़ राहत केंद्र ले जाया गया। उक्त राहत केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, आपूर्ति विभाग द्वारा कैम्प लगाए गए थे, जिनमें रेस्क्यू किये गए व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण कराए गए। इसी प्रकार पशुओं की जांच पशु पालन विभाग द्वारा की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, मुख्य चिकित्साधिकारी, तहसीलदार सदर, जिला पूर्ती अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, परिवहन विभाग के अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, दिलीप पाण्डेय, एवं अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, आपदा मित्र, एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अशोक राय आपदा विशेषज्ञ ने किया।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ बैठक गुरूवार को रायफल क्लब सभागार सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबन्दी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय, आईजीआरएस, के सम्बन्ध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक मे समीक्षा के दौरान वाणिज्यकर एवं विद्युत विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली मे प्रगति लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी तालाब, खेल मैदान, चारागाह, एवं ग्राम सभा की भूमि को प्राथमिकता के तौर पर चिन्हित करते हुए उसपर भू-माफियाओं केे द्वारा किये गये अतिक्रमण को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए एफ आई आर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होने आई जी आर एस की समीक्षा के दौरान सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत का निस्तारण निश्चित समयान्तराल मे किया जाये अन्यथा निस्तारण न होने के कारण डिफाल्टर होने पर सम्बन्धित अधिकारी जिम्मेदार होगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का आह्वान करते हुए उन्हें निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह उसे पूर्ण कर अंतिम रूप प्रदान किया जाए ताकि सभी विभागों में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण किए जा सकें। उन्होने कम राजस्व वसूली वाले विभागो के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान किए जाने का निर्देश दिया।
कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विभागीय अधिकारी की होगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने को कहा। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में समीक्षा करते हुए राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में सभी पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायतो का निस्तारण गुण एवं दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अरूण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी आशीष मिश्रा, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सम्बन्धित अधिकारी एंव पटल सहायक उपस्थित थे।
अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के संरक्षक सदस्य व वरिष्ठ चिकित्सक डा. सुरेश चंद्र राय के निधन पर शोक।
गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के संरक्षक सदस्य और जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक डा० सुरेश चंद्र राय का निधन 18 जुलाई दिन मंगलवार को उनके स्टीमरघाट स्थित आवास पर हो गया। उनका अंतिम संस्कार काशी के गंगा घाट पर पूरे विधि विधान से उनके परिजनों द्वारा किया गया। कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी ने बताया कि स्व० डा० सुरेश चंद्र राय जी 95 वर्ष के थे और कमेटी के संरक्षक सदस्य होने के साथ साथ कमेटी के कमेटी के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी निष्ठापूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं, डाक्टर साहब के निधन की सूचना मिलने के बाद अति प्राचीन रामलीला कमेटी में दुःख का माहौल है, इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज दिनांक 20 जुलाई को हरिशंकरी चबूतरे पर सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर प्रभु श्री राम से पुण्यात्मा के शांति की कामना किया। इस अवसर पर विनय कुमार सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, रोहित अग्रवाल, पंडित लव त्रिवेदी, प्रदीप पांडेय, गोपाल जी पांडेय, अशोक अग्रवाल, वीरेश जी, सुधीर अग्रवाल, ओम नारायण सैनी इत्यादि सदस्य शोक सभा में उपस्थित रहे।
पैर में फ्रेक्चर वाली महिला को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर वाराणसी
ग़ाज़ीपुर। बुधवार की बीती रात करीब 9:27 पर 108 नंबर पर कॉल आया और बताया गया कि पीड़ित के पैर में फ्रेक्चर है। उसे वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर को लेकर जाना है। जिसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस के पायलट और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन तत्काल बताए गए लोकेशन पर पहुंचे। मरीज को बीएचयू वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रवाना हुए। 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि बीती रात मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव की रहने वाली दुलारी देवी उम्र 55 जिनके पैर में फ्रैक्चर हुआ था। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें वाराणसी जाना था। जिसके लिए 108 नंबर पर फोन आया और बताए गए लोकेशन पर तत्काल क्विक रिस्पांस करते हुए पायलट संतोष और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन दिलीप शर्मा पहुंचे । मरीज को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रवाना हुए । देर रात तक उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी में एडमिट कराया जिसके बाद उसका इलाज शुरू हुआ।
गाजीपुर। बुधवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में प्रातः प्रार्थना सभा में जिले के वन विभाग रेंज के द्वारा चलाये गए वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत “पौध भंडारा कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इसमें छात्र छात्राओं को सागौन, अमरुद, श्रीफल व गुलमोहर के पौधे वितरित किये गए। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने छात्र छात्राओं से अपील की किया कि ‘वृक्ष लगाना ही नहीं है बल्कि उसका बचाव भी करना है’। सीओ वन विभाग नम्रता सिंह ने सभी छात्र छात्राओं को वृक्षारोपण के लिए जागरूक किया। बताया कि ये पौधे वृक्ष बनकर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ साथ पर्यावरण संतुलन में भी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य ही यही है कि हम सभी लोग कम से कम एक एक वृक्ष लगाएं ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा मिल सके। इस कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से सीओ नम्रता सिंह, फारेस्ट अफसर प्रभात सिंह, डिप्टी रेंजर आशीर्वाद कुमार, विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी एवं सम्पूर्ण विद्यालय परिवार उपस्थित था।
गाज़ीपुर। जनपद दौरे पर आए संघ प्रमुख मोहन भागवत से विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने बुधवार को आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सैदपुर क्षेत्र मे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल बेमिसाल, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण सेवा कार्य बीतने उपरांत संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के निमित्त कुंदन सिंह समाजसेवी, जैनपुर, तथा विनोद कुमार प्रजापति (प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी ) नगर पंचायत सैदपुर के प्रतिष्ठान पर जाकर भेट कर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन हेतु प्रेरित कर बुकलेट भेट किया। संपर्क के दौरान 9 वर्ष के कार्यकाल पर प्राकशित पुस्तक अन्य लोगो मे भी भेट किया। इस दौरान लोगो को संबोधित करते हुए एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत देश ने विश्व में विशेष स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक नीति व सैन्य नीति शानदार है, जिसके चलते देश तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है। एमएलसी ने केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों के बारे में बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के सफलतम कार्यकाल में गाज़ीपुर जिले में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर मण्डल महामंत्री शैलू सिंह, पूर्व सभासद संतोष सोनकर, नन्हकू प्रजापति, हनी प्रजापति, रविंद्र प्रजापति, मनोज यादव, कौशल सोनकर, रामदरश यादव, एमएलसी प्रतिनिधि डा. प्रदीप पाठक, अनूप जायसवाल , पवन सिंह, सुधीर पाटिल, सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। थाना करण्डा पुलिस ने थाना दुल्ल्हपुर का 10 हजार के इनामिया को एक तमन्चा व कारतूस तथा एक मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार किया। बता दें कि मंगलवार की रात थानाध्यक्ष करण्डा ने मुखबीर की सूचना पर करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर तिराहे से चोचकपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से थाना दुल्लहपुर के 10 हजार रुपए इनामिया को एक तमन्चा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस .315 बोर तथा एक मोटर साइकिल टीवीएस अपाचे के साथ अभियुक्त राहुल चौहान पुत्र रामसुख चौहान नि0ग्राम आनापुर सरयां थाना करण्डा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना करंडा पर आर्म्स एक्ट पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त के ऊपर जिले के कई थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में करंडा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी, उ0नि0 राणा प्रताप राय, कांस्टेबल विशाल, का0 सोनू सरोज और का0 अंकित कुमार शामिल रहे।
गाजीपुर। बुधवार को पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों ने गाजीपुर सिटी से जौनपुर जंक्शन तक डेमू ट्रेन के परिचालन हेतु मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय वाराणसी में डीआरएम वाराणसी के नाम संबोधित पत्रक एडीआरएम ज्ञानेश त्रिपाठी को सौंपा। छात्र नेता ने उन्हें डेमू ट्रेन गाजीपुर सिटी से नहीं चलने से होने वाली असुविधाए और जनता कि दुश्वारियो से भी अवगत कराया। दीपक उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान समय में जो डेमू ट्रेन औड़िहार जंक्शन से जौनपुर जंक्शन तक चल रही है उस ट्रेन को गाजीपुर सिटी से परिचालन होने से गाजीपुर जनता को जौनपुर जंक्शन तक सफर करने में आसानी होगी। चूंकि कोरोना काल से पहले ये डेमू ट्रेन गाजीपुर सिटी से जौनपुर तक अप-डाउन होती थी परन्तु कोरोना काल खत्म होने के बाद इस डेमू ट्रेन का परिचालन गाजीपुर से न होकर औड़िहार से जौनपुर तक कर दिया गया जिससे गाजीपुर सिटी से जौनपुर आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि गाजीपुर के सभी महाविद्यालय पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर से संबद्ध हैं। इस वजह से तमाम छात्रों के साथ ही शिक्षकों को आने-जाने में असुविधा के साथ ही आर्थिक छति और मानसिक यातनाओं के साथ ही समय कि बर्बादी का सामना करना पड़ रहा है, छात्रों ने गाजीपुर सिटी से जौनपुर जंक्शन तक डेमू ट्रेन के परिचालन कि मांग कि है। फलस्वरुप एडीआरएम ज्ञानेश त्रिपाठी ने शीघ्र उच्च अधिकारियों से पत्राचार कर डेमू ट्रेन गाजीपुर से चलाये जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, विकास तिवारी, संतोष कुमार, शैलेश यादव, शुभम बिन्द इत्यादि छात्र मौजूद थे ।