गाजीपुर। सोमवार को पूर्व से घोषित उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ (पशुपालन विभाग) का द्विवार्षिक अधिवेशन राजकीय पशु जिला अस्पताल पर सम्पन्न हुआ। चुनाव सम्पन्न कराने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा डाक्टर शिव कुमार वैश्य को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था। जिसमे सर्व सम्मति से ओमप्रकाश यादव अध्यक्ष, अरविंद श्रीवास्तव, मंत्री राजेंद्र प्रसाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजेश कुमार उपाध्यक्ष, गोपाल प्रसाद कोषाध्यक्ष, राधेश्याम संयुक्त मंत्री, राजेंद्र आडिटर निर्विरोध निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उक्त चुनाव मे राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकारी मंत्री आलोक राय, अमित कुमार, श्रीपति तिवारी, जनार्दन सिंह, रामजीत, राधेश्याम, अरविंद, अजाद, शिला देवी, जनतीरा देवी, विन्दु गुप्ता, मनीष पाठक, गनेश प्रसाद, आशुतोष, धनशयाम सिंह, संजीत आदि लोग उपस्थित रहे।
नगर पालिका द्वारा निविदा किए गए कार्य का हाथीखाना में जायजा लेने पहुँचे पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल,
मानक के विपरीत कार्य होते देख भड़के एवं अधिकारियों को दूरभाष पर दी सूचना
गाजीपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा पिछले दिनों किए गए लगभग 95 कार्यों के शिलान्यास में से एक वार्ड नं0 1 के हाथीखाना में हृदयनारायण पटेल के मकान से दिनेश पटेल के मकान तक इण्टरलाकिंग सड़क निर्माण की निविदा कार्य का जायजा लेने पहुँचे नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल मानक के विपरीत कार्य देख भड़क गए और तत्काल अधिकारियों को मोबाइल पर सूचना दी। विनोद अग्रवाल ने बताया कि मौके पर जब इण्टरलाकिंग ईटा व बालू हटाकर देखा गया तो सुकरूत की गिट्टी नहीं मिली। केवल बालू ही डालकर इण्टरलाकिंग ईंटा लगभग 50-60 मीटर बिछा दिया गया था। मौके पर हमलोग नहीं गए होते तो उसी तरह आगे भी बिछा दिया गया होता। इस्टीमेट में लगभग 3 इंच सुकरूत की गिट्टी, 1 इंच बालू एवं 3 इंच मोटा इण्टरलाकिंग ईट यानि कुल 7 इंच की मोटाई जमीन से ऊपर होनी चाहिए लेकिन मौके पर 5 इंच के आस-पास था। इस प्रकार उक्त कार्य मानक के विपरीत हो रहा था।
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि स्वयं आकर कार्य देखें एवं जितना बिछा हुआ इण्टरलाकिंग ईटा व बालू है उसको हटवाकर 3 इंच सुकरूत की गिट्टी बिछवाने के बाद ही सड़क का कार्य मानक के अनुसार कराया जाय। वहाँ पर उपस्थित सम्बन्धित कार्यदायी एजेन्सी के लोगों से भी बिना ठीक किए काम न करने की बात कही। श्री अग्रवाल ने बताया कि कुछ कार्यदायी एजेन्सी नगर पालिका की छवि को धूमिल करने के लिए गंदी मानसिकता से ऐसा काम कर रहे हैं जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उ0प्र0 की सरकार को बदनाम करने की कोशिश को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है जिनके मकानो/दुकानो के आगे विकास कार्य हो रहे हैं उसको वह लोग स्वयं भी देखे और यदि खराब काम हो रहा हो तो उसे रोक देवे एवं अधिकारियों को सूचित करें। जायजा लेने के दौरान साथ में अजय कुशवाहा, भरत बिन्द, सोमेश पासवान, प्रमोद यादव आदि लोग मौजूद थे। उन्होंने वहाँ के स्थानीय लोगों से भी कार्य अच्छा होने हेतु निगरानी करने का निवेदन किया।
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष (अंग्रेजी) के आर पी प्रधान 85 वर्ष का कल शुक्रवार दोपहर नोएडा में निधन हो गया। आर पी प्रधान मूलतः ग्राम मिरानपुर मुहम्मदाबाद निवासी थे। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधान जी 1995 में स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर से सेवानिवृत हुए थे। अपने पीछे वह पत्नी चंपा देवी और दो पुत्र रामप्रकाश प्रधान कानपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर व रविप्रकाश प्रधान आईईएस को छोड़ गये हैं। उनके निधन से जनपद में शोक की लहर है।
गाजीपुर। पी.जी. कॉलेज में चल रही पूर्वांचल विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के क्रम में 24 फरवरी शुक्रवार को सुबह की पाली में स्नातक विधि, बी.बी.ए, बी.सी.ए. प्रथम सेमेस्टर एवं स्नातकोत्तर हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न हुई। पी. जी. कालेज के आंतरिक उड़का दल द्वारा परीक्षा के दौरान स्नातक विधि की एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ कर अनुचित साधन प्रयोग के प्राविधान के अन्तर्गत कार्यवाही की गई। सुबह की पाली में स्नातक विधि में पंजीकृत 306 में 252, बीबीए में पंजीकृत 58 में 57, बीसीए में पंजीकृत 261 में 215 स्नातकोत्तर हिंदी में 92 में 84, संस्कृत में सभी 18, अंग्रेजी में 66 में 61 परीक्षार्थी सहित कुल 801 पंजीकृत, 687 उपस्थित एवं कुल 114 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह सांय की पाली में कुल 262 पंजीकृत, 248 उपस्थित एवं 14 अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों में स्नातक विधि पंचम सेमेस्टर में 120 में 115 , बी.बी.ए. पंचम सेमेस्टर में सभी 30 स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर गणित में 57 में 51, वनस्पति विज्ञान में 26 में 24 एवं रसायन विज्ञान 29 में 28 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षाओं की सुचिता एवं पारदर्शिता को लेकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ०राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के लिए परीक्षा विभाग, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संपर्क में है। सूचिता एवं पारदर्शिता पूर्वक परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। परीक्षा देने के लिए महाविद्यालय परिसर के गेट से घुसते समय छात्र-छात्राओं को किसी भी तरीके के किसी अनुचित साधन का प्रयोग न करने की हिदायत दी जा रही है। नकल करते पकड़े गए विद्यार्थियों के खिलाफ विश्वविद्यालय के दिशा निर्देश के क्रम में आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है। आंतरिक उड़का दल के सदस्य के रूप में डॉ दिनेश कुमार सिंह, प्रोफेसर एस एन सिंह, प्रोफेसर अरुण कुमार यादव,आर पी सिंह, प्रोफेसर रविशंकर सिंह, डॉक्टर बद्रीनाथ सिंह आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न परीक्षा केन्द्रो का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होने इण्टरमीडिएट की अंग्रेजी की परीक्षा मे निरीक्षण हेतु मॉ0 बेहफइया राष्ट्रीय इण्टर कालेज नसरतपुर बरही एवं शान्ति निकेतन इण्टर कालेज बरही परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने केन्द्र व्यवस्थपको एंव कक्ष निरीक्षको को नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया। कहा कि कही से नकल की सूचना होने पर आप स्वयं जिम्मेदार होगे। जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेने के दौरान कहा कि जिले में प्रत्येक दशा में नकल विहीन परीक्षा करायी जायेगी, यदि इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जायेगी। परीक्षा केन्द्र पर नकल कराते पाया गया तो सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों को ब्लैक लिस्टेट किया जायेगा। उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट/केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया है कि परीक्षा केन्द्रों के अन्दर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है, इसका पूर्णतः ध्यान रखा जाए। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रो के आस पास स्थित कम्प्यूटर, फोटो कापी की दुकानें भी बन्द रखी जाएं, इसका पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने उक्त विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक को देखा। उन्होंने संबंधित प्रधानाचार्याे को निर्देश दिया कि परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न कराना है। इसको देखते हुए सीसीटीवी कैमरे पूर्णतया संचालित रहें इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक विद्यालय में स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा पर पूरी नजर रहेगी। सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न करायी जाए।
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के 26 वें दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें पीजी कालेज की तीन छात्राओं को चांसलर गोल्ड मेडल से नवाजा गया। महाविद्यालय की विद्यार्थी बीपीई पाठ्यक्रम की आकृति राय पुत्री मनोज कुमार राय, एमए इतिहास के छात्रा रही नेहा यादव पुत्री राजनाथ सिंह यादव तथा एमएससी. गणित की मोनिका शर्मा पुत्री सत्य प्रकाश शर्मा को उनके उत्कृष्ट अकादमी प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल मिला। पीजी कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चांसलर मॉडल से सम्मानित सभी छात्राओं को जल्दी ही महाविद्यालय स्तर पर भी पूर्व सचिव/प्रबंधक जन्म शताब्दी समारोह वर्ष पर सम्मानित किया जाएगा। गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली छात्राओं का महाविद्यालय के अन्य छात्रों के साथ औपचारिक संवाद कार्यक्रम के जरिए ,अन्य छात्र-छात्राओं को भी अकादमिक रूप से बेहतर परफॉर्म करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य कार्यक्रमों का आयोजन आने वाले दिनों में होगा। तीनों छात्राओं के गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सभी शिक्षक कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर किया है।
रेवतीपुर (गाजीपुर)। ब्लाक के रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी के ब्लॉक प्रतिनिधियों के साथ मंडल प्रभारी की बैठक हुई । इसके मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुरुआत किया। बैठक में चितबड़ागांव मे 27 फरवरी को होने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे शिलान्यास कार्यक्रम में केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के आगमन पर अधिक से अधिक संख्या में पहुचने की रणनीति बनायी गयीं। संयोजक पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बनने वाला यह पहला ग्रीन फिल्ड है,जिससे पूरा बलिया लोक सभा क्षेत्र आच्छादित है। इसमें मुहम्मदाबाद और जहूराबाद विधान सभा क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में लोगो की उपस्थिति होनी चाहिए। रेवतीपुर ब्लाक प्रमुख अजिताभ राय राहुल ने कहा कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बन जाने के बाद क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों को लाभ होगा। बैठक में ब्लाक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष अवधेश राय, भाजपा जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय, पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश राय ,पीयूष राय, प्रमोद राय, मनोज राय, विपूलेन्द्र प्रताप सिंह रहे।कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर कुशवाहा ने किया।
गाजीपुर। गुरुवार को करण्डा ब्लॉक के लखनचंदपुर ग्राम सभा में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वे का कार्य जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव द्वारा किया गया। इस योजना के अंतर्गत सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और 2021-22 की बजट घोषणाओं के अनुरूप वयस्क शिक्षा के सभी पहलुओं को कवर करने के लिए वित्त वर्ष 2022-2027 की अवधि के लिए “न्यू इंडिया साक्षरता कार्यक्रम (नव भारत साक्षरता कार्यक्रम)” को मंजूरी दी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में प्रौढ़ शिक्षा और आजीवन सीखने की सिफारिशें शामिल हैं।इस योजना का उद्देश्य न केवल आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता प्रदान करना है, बल्कि 21वीं सदी के नागरिक के लिए आवश्यक अन्य घटकों को भी शामिल करना है। जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल (वित्तीय साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, वाणिज्यिक कौशल, स्वास्थ्य देखभाल, जागरूकता, शिशु देखभाल, शिक्षा एवं परिवार कल्याण), व्यावसायिक कौशल विकास (स्थानीय रोजगार प्राप्त करने की दृष्टि से), बुनियादी शिक्षा (प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक स्तर की समकक्षता सहित) और सतत शिक्षा (कला, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, संस्कृति, खेल और मनोरंजन में समग्र प्रौढ़ शिक्षा पाठ्यक्रम के साथ-साथ स्थानीय शिक्षार्थियों के लिए रुचि या उपयोग के अन्य विषय, जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल पर अधिक उन्नत सामग्री सहित) यह योजना देश के सभी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के गैर-साक्षर लोगों को कवर करेगी। वित्त वर्ष 2022-27 के लिए आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता का लक्ष्य राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, एनसीईआरटी और एनआईओएस के सहयोग से “ऑनलाइन अध्यापन, शिक्षण और मूल्यांकन प्रणाली (ओटीएलएएस)” का उपयोग करके प्रतिवर्ष 1.00 करोड़ की दर से 5 (पांच) करोड़ शिक्षार्थियों का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें कोई शिक्षार्थी नाम, जन्म तिथि, लिंग, पहचान पत्र , मोबाइल नंबर आदि जैसी आवश्यक जानकारी के साथ अपना पंजीकरण करा सकता है। इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन की मूल इकाई ग्राम सभा में स्थित विद्यालय होंगे।
गाजीपुर। सारनाथ-साहूपूरी लाइन के 220 केवी उपकेंद्र भदौरा पर लीलो लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। उक्त लाइन चंदौली एवं गाजीपुर के ग्राम कुंडाखुर्द, पड़ाव, मवायीकला, रुपेठा, बलिहारपुर, खोर, पियरी, गोपालपुर, शेकथा, नाथपुर, दगेशरी, रामपुर, सकलडीहा, भुपौली, धानापुर, जमानिया, दिलदारनगर, भदौरा आदि गांवों से होकर गुजर रही है। 24 फरवरी को दिन में 12 बजे या उसके बाद उक्त लाइन में बिजली आपूर्ति की जाएगी। यह जानकारी अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने है। उन्होंने उक्त संबंधित गांवों के लोगों से अपील किया है कि सुरक्षा की दृष्टि से लाइन से कृपया दूरी बनाए रखे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में समस्त विकास खण्डो में मिशन कायाकल्य योजनान्तर्गत विद्यालयो में कराये जा रहे कार्याे की समीक्षा बैठक बुधवार की देर शाम रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में खण्ड विकास अधिकारी रेवतीपुर एवं कासिमाबाद के अनुपस्थित होने पर वेतन काटने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आपरेशन कायाकल्प के तहत सभी 19 कार्य बिन्दुओं से विद्यालयों को संतृप्त किए जाने का निर्देश दिये। इसमें किसी भी स्तर पर कोई शिथिलता नही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की मिशन कायाकल्प योजना में जुड़े सभी अधिकारी कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ बेहतर से बेहतर रूप दें और इसके लिए अपनी पूरी तन्मयता व सक्रियता दिखाएं। उन्होने कहा कि आपरेशन कायाकल्प मुख्यमंत्री महत्वपूर्ण येाजनाओ में एक है।
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि संचालित कायाकल्प योजना में अन्य शेष सभी कार्यों को माह मार्च 2023 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करे। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही व शिथिलता क्षम्य नही होगी। जिलाधिकारी ने कायाकल्प के तहत स्कूलों में टाइल्स, रैंप निर्माण, इंटरलॉकिंग, विद्युतीकरण आदि कार्यों को कराए जाने पर बल दिया। जिन-जिन विकास खण्डो में दिव्यांग शौचालय निर्माण अधूरे है उन ग्राम पंचायतो में एक साथ मजदूर लगाकर कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिये। उन्होने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयो में बने शौचालयो की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये। गन्दगी पाये जाने सम्बन्धित प्रधानाचार्य एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी , समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी/खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।