नई शिक्षा नीति से हमारे देश में बहुत बड़ा बदलाव आने वाला है: केंद्रीय मंत्री

गाजीपुर। भारत की आजादी का अमृतकाल चल रहा है। आज आजादी के 75 वर्ष बीत गए, जब देश अपनी 100 वीं आजादी का जश्न मना रहा होगा तब इस नई शिक्षा नीति का वास्तविक लाभ हमारे बच्चों के साथ साथ समाज को मिलेगा। उपरोक्त बातें बुधवार को अलीपुर मांदरा स्थित स्व. रामनगीना सिंह इंटर कालेज में चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र/छात्राओं को संबोधित करते केंद्रीय शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पर चर्चा” नामक कार्यक्रम के अन्तर्गत आज पेंटिंग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसे संबोधित करते केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा की नई शिक्षा नीति से हमारे देश में बहुत बड़ा बदलाव आने वाला है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से बच्चों को डरने की जरूरत नहीं है। उसको एक उत्सव के रूप में लेने की जरूरत है। परीक्षा का तनाव जितना कम होगा परीक्षा देने में उतनी ही आसानी होगी। उन्होंने आगे कहा कि आज इंटरनेट की दुनिया में तमाम सुविधाएं छात्र छात्राओं को उनके पठन-पाठन के कार्य में सहायक के रूप में उपलब्ध है। पहले की तरह अब छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के उत्कृष्ठ सोच के कारण आज शिक्षा के क्षेत्र में अनेक बाधाएं थी। जिसे इस नीती के माध्यम से समाप्त किया गया है। बच्चों को पढ़ाई में किस प्रकार सुगमता हो इसकी पूरी चिंता प्रधानमंत्री ने इस नई शिक्षा नीति के माध्यम से की है। उन्होंने कहा कि इस नीति के अंतर्गत पढ़ाई के साथ-साथ व्यवसायिक शिक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। जिसका लाभ छात्रों को मिलेगा। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से कहा की 27 जनवरी को प्रधानमंत्री के “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम से आप सब अवश्य जुड़े। जिससे आपको आने वाली परीक्षाओं के डर और तनाव से छुटकारा मिलेगा। इस चित्रकला प्रतियोगिता कक्षा 10 के छात्र सतीश कुमार प्रथम, कक्षा 11 की छात्राएं क्रमश अर्चना यादव और रिया यादव द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। 10 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालो को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, लोकसभा प्रभारी सुशील उपाध्याय, कार्यक्रम के संयोजक श्यामराज तिवारी, राजेश राजभर, प्रधानाचार्य शालिनी श्रीवास्तव, संदीप सिंह सोनू, जिला सोशल मीडिया संयोजक कार्तिक गुप्ता, प्रशांत सिंह, संतोष यादव आदि अन्य लोग उपस्थित रहे।

छात्राओं को किया गया जागरूक, दिलाई गई शपथ

महिला महाविद्यालय में यौन हिंसा विषय पर कार्यशाला एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत हस्ताक्षर अभियान का हुआ आयोजन।

गाजीपुर। बुधवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महिला कल्याण विभाग से संबंध महिला शक्ति केंद्र द्वारा लैंगिक हिंसा विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं पर हो रहे शारीरिक- मानसिक, पारिवारिक तथा साथी हिंसा एवं महिला कल्याण से संबंधित विभागीय योजनाओं के बारे में महिला कल्याण अधिकारी नेहा राय ने विस्तार से जानकारी दी। महिला शक्ति केंद्र की जिला समन्वयक शिखा सिंह ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, दंपत्ति पुरस्कार योजना, भ्रूण हत्या के बारे में उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं को परिचित कराया। इसी क्रम में लक्ष्मी मौर्या जिला समन्वयक द्वारा वन स्टॉप सेंटर द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं बाल विवाह की रोकथाम के बारे में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों ने उत्साह पूर्वक इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए सवाल जवाब किए। इस अवसर पर राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर एक वृहद हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित हुआ। साथ ही भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए उपस्थित समस्त छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई गई।

राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के तहत महाविद्यालय में 19 जनवरी को एक पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने बेटियों को साक्षर ही नहीं बल्कि सुशिक्षित बनाने आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने तथा विभिन्न उपायों के माध्यम से सशक्तिकरण करते हुए समाज की मुख्यधारा में पुरुषों के बराबर कंधे से कंधा मिलाकर चलने की बात की। कहा कि इसमें शासन-प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय भी बराबर रूप से शामिल हो तभी बात बनेगी। कार्यक्रम का संचालन आइक्यूएसी प्रभारी डॉ संतन कुमार राम तथा संयोजन एवं आभार ज्ञापन महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ अनिता कुमारी ने किया। इस अवसर पर प्रज्ञा रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी से जुड़ी छात्राएं, महाविद्यालय के मीडिया एवं रेंजर प्रभारी डॉ शिव कुमार, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉक्टर शशिकला जयसवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ अमित यादव, डॉ संगीता, डॉ गजनफर सईद, डॉ राजेश यादव, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ सारिका सिंह, डॉ अभिषेक सिंह सहित सभी प्राध्यापक कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे।महिलाओं के विरूद्ध हो रही हिंसा को समाप्त करने के लिये और जागरूक करने के लिए आपातकालीन टोल फ्री नं0 जैसे 181, 1090, 112, 1098, 1076 आदि के बारें मे भी जानकारी दी गई।

किसानों की समस्या को सुन डीएम ने रोक दिया अधिकारी का वेतन

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता मे बुधवार को किसान दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार मे किया गया। बैठक मे सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा कृषको को धन्यवाद ज्ञापित किया, उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने एक-एक किसानों की समस्याओं को सुना, उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने किसानो की कोई भी समस्या पर तत्काल निस्तारण करने का निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिया। किसानो ने सिचाई हेतु पानी की समस्या बताई जिसपर जिलाधिकारी ने सिचाई विभाग अधिशासी अभियन्ता से पूछने के दौरान देवकली पम्प कैनाल प्रथम व द्वितीय को बैठक में अनुपस्थित बताया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने इन दोनो अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा नहर एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहित सम्मानित किसान बन्धु उपस्थित रहे।

विशेष सचिव ने किया निरीक्षण, डीएम ने किया अधिकारी को निलंबित

गाजीपुर। मंगलवार को आई.ए.एस. विशेष सचिव उच्चशिक्षा उ०प्र० शासन एवं नामित नोडल अधिकारी डा. अखिलेश कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता ने तहसील जमांनिया अन्तर्गत अस्थायी गोे-आश्रय केन्द्र रेवतीपुर एवं कान्हा गौशाला जमानियां का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने पशुओ के चारा, पानी एवं उनके बीमारियों के सम्बन्ध मे जानकारी ली, साथ ही पशुओ को ठण्ढ से बचाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने रेवतीपुर मे मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी के उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निलंबित करने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी द्वारा गो-आश्रय स्थल के  स्थलीय निरीक्षण के दौरान गौ-आश्रय स्थल में उपस्थित पशुओं की संख्या, चारा पानी, की जानकारी ली। मौके पर पशुओ के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पायी गयी। बताया गया कि पशुओ के लिए हरे चारे की बुवाई की गयी है तथा ठंड से बचाव हेतु शेड को चारो ओर तिरपाल से घेरा गया है. तथा छोटे गोवंश के लिये बोरे से ढकने की व्यवस्था की गयी है। रात्रि में अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. तथा समय समय पर संक्रामक बीमारीयों से बचाव हेतु टीकाकरण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सभी अभिलेख का अवलोकन किया गया जो ठीक मिले।

समय से कार्य नहीं हुआ तो होगी कार्यवाही:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सोमवार की शाम राइफल क्लब सभागार में मुख्यमंत्री की घोषणा, निर्माण कार्य, क्रिटिकल गैप्स, 50 लाख से अधिक एवं 50 लाख से कम परियोजनाओ, त्वरित आर्थिक विकास योजनाओ के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यो की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, सी0एन0डी0एफ0, आवास विकास परिषद, लो0नि0वि0, आर0ई0डी, यू0पी0 सिडको, यू0पी0 पी0सी0एल0 वाराणसी, आजमगढ, राजकीय निर्माण निगम आजमगढ, बलिया, वाराणसी, भदोही, राज्य निर्माण संघ वाराणसी, जल निगम वाराणसी, अभियन्त्रण एवं सहकारी संघ लि0, देवकली पम्प कैनाल प्रथम, द्वितीय, सिंचाई निर्माण खण्ड एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। बैठक मे जिलाधिकारी ने माह दिसम्बर 2022 मे पूर्ण होने वाले कार्यो की जानकारी कार्यदायी संस्थाओं से ली तथा निर्धारित अवधि मे कार्य पूर्ण न करने वाले कार्यदायी संस्थाओं को अधूरे कार्यो मे तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य मे मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधूरे कार्य जो  धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी लेते हुए पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण  एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।

उन्होने मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, लोक निर्माण विभाग, यू पी सिडको, प्रोजेक्ट कार्पोरेशन वाराणसी, आजमगढ़, आर ई एस, पर्यटन, आवास विकास, राजकीय निर्माण निगम बलिया, वाराणसी, भदोही, सी एन डी एस कार्यदायी संस्थाओ द्वारा कराये जा रहे कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जनपद मे निर्माण के अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी ली तथा उच्चाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। जो भी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उसको सम्बन्धित विभागो को हैण्डओवर कराने का निर्देश दिया। उन्होने मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अर्थ एवं संख्याधिकारी नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित थे। 

हार्ट अटैक से वरिष्ठ भाजपा नेता की मौत

गाजीपुर। (दुल्लहपुर) भारतीय जनता पार्टी के पुर्व जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान उपाध्यक्ष राज्य पिछ़डा वर्ग आयोग प्रभुनाथ चौहान उम्र लगभग 61 वर्ष का मंगलवार को पुर्वाह्न लगभग 8-30 बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया। इनकी पत्नी इन्द्रावती देवी के आलावा दो पुत्र रविकांत चौहान, शशिकान्त चौहान तथा एक पुत्री आभा चौहान है जिनकी शादी हो चुकी है। प्रभुनाथ चौहान की तबियत रात्रि मे कुछ खराब हुई लेकिन स्थानीय चिकित्सकों कि सलाह व दवा इलाज से सुधार हो गया। लेकिन अच्छे इलाज के लिए सुबह वाराणसी ले जाने की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक उनका निधन हो गया।
इस निधन से भाजपा मे शोक कि लहर व्याप्त है। जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि प्रभुनाथ जी भाजपा गाजीपुर के एक स्तम्भ थे। इनके निधन से भाजपा की अपुर्णिय क्षति हुई है। जिसकी पुर्ती असम्भव है। भाजपा मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने कहा कि प्रभुनाथ जी अपने राजनैतिक जीवन मे सदैव मूल्यों की राजनीति के साथ समाज के कमजोर और असहाय लोगों के लिए लडते रहे। पुर्व जिलाध्यक्ष के निधन पर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संवेदना प्रकट कर जताया दुख। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार अपराह्न 1-30 बजे भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय छावनी लाइन पर दर्शनार्थ रखा जाएगा। जहाँ से शव यात्रा श्मशान घाट के लिए प्रस्थान करेगी।

पांच दिवसीय श्रीहरि कथा ज्ञान यज्ञ शुरू

ग़ाज़ीपुर।दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वाधान में रामलीला मैदान, लंका में 16 जनवरी से 20 जनवरी तक , दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक पाँच दिवसीय श्रीहरि कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। कथा के दूसरे दिवस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकार बंधुओं को संबोधित किया।स्वामी जी ने कहा सर्व श्री आशुतोष महाराज जी के दिल्ली व गोरखपुर से आए साधु शिष्यगण इस कथा का वाचन कर रहे है । संस्थान पिछले 20 वर्षों से इस गाजीपुर जिला में विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित करती आई है। इसी शृंखला में यह कथा का कार्यक्रम समस्त जन कल्याण हेतु “सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया” का भाव लेकर आयोजित की गई है । दिव्य ज्योति जागृति संस्थान केवल आध्यात्मिक कार्यक्रम के साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेता आया है। संस्थान स्थापना सर्व श्री आशुतोष महाराज जी ने की है।संस्थान के पूरे देश में 350 से अधिक शाखाएं 10,000 से अधिक सन्यासी गण एवं विश्व के 15 देशों में मुख्य शाखाएं उपलब्ध है ।संस्थान के 40 जेलों में कार्यक्रम चल रहे हैं ।साथ ही अन्य कार्यक्रम भी संस्थान द्वारा संचालित है ,जैसे अंतरक्रांति, अंतर्दृष्टि ,मंथन, संतुलन,आदि। प्रेस वार्ता में पूर्वांचल संयोजक स्वामी अर्जुनानंद जी ने कहा दिल्ली व गोरखपुर से आये साधु संत मंचासीन होकर कथा पिपासुओं को धर्म, अध्यात्म, विज्ञान, भक्ति रस, मधुर संगीत में कथामृत का पान करवाएंगे। ।इस कार्यक्रम हेतु विशाल पंडाल का निर्माण करवाया गया है। पंडाल की बहुत सुंदर सजावट हुई है।इस कार्यक्रम में योगा शिविर , विद्यालयों में संस्कारशाला के कार्यक्रम, ध्यान शिविर आदि के कार्यक्रम भी आयोजित किये गए है।

विमान हादसा:- नेपाल रवाना हुए मृतकों के परिजन

गाजीपुर। 15 जनवरी को लगभग अपरान्ह 2ः30 बजे अधिकारिक सूत्रो से ज्ञात हुआ कि पड़ोसी देश नेपाल के पोखरा नामक स्थान पर वायुयान दुर्घनाग्रस्त हो गयी है। उक्त घटना में मृत व्यक्तियों के साथ ही जनपद के भी 4 व्यक्तियों के मरने की सूचना है। जनपद के मृत 4 व्यक्तियों के बारे में नाम अवगत कराते हुए उनके आधार कार्ड शेयर किये गये। इस सम्बन्ध में तहसीलदार कासिमाबाद द्वारा मृत चारो व्यक्तियों के सम्बन्ध मे अवगत कराते हुए बताया गया। जिसमें अभिषेक कुशवाहा पुत्र चन्द्रमा कुशवाहा उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम धरवॉ तहसील कासिमाबाद, सोनू जायसवाल पुत्र राजेन्द्र जायसवाल उम्र-32 वर्ष निवासी ग्राम चकजैनब तहसील कासिमाबाद, विशाल शर्मा पुत्र संतोष शर्मा उम्र-27 वर्ष निवासी ग्राम अलावलपुर अफगां तहसील कासिमाबाद एंव अनिल कुमार राजभर पुत्र रामदरस राजभर उम्र-25 वर्ष निवासी चकदरिया (चकजैनब) तहसील कासिमाबाद है। इस सम्बंध में जिलाधिकारी ने बताया कि मृत 4 व्यक्तियों के शिनाख्त हेतु चारो परिवारो सेे एक-एक व्यक्ति और ग्राम प्रधान कुल 8 से 9 व्यक्तियों को जिला प्रशासन द्वारा 2 चारपहिया वाहन से सोमवार को रवाना किया गया है। वार्डर परमीशन हेतु जिला प्रशासन के 2 कर्मचारियो को साथ में भेजा गया है, जो 17 जनवरी को काठमांडू (नेपाल) पहुचेगे। जहां उन्हे पूरी तहर से जॉच पड़ताल के बाद पार्थिव शरीर हस्तगत किया जायेगा। पार्थिव शरीर वाया सड़क मार्ग द्वारा जनपद में वापस लाया जायेगा जिसकी सारी व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गयी है। उन्होने बताया कि पार्थिव शरीर के शिनाख्त से लेकर जनपद मे आगमन तक सम्भवतः 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। उन्होने कहा कि भारतीय दूतावास काठमाण्डू मे सम्बद्ध काउन्सलर दिवाकर शर्मा से लगातार मेरी वार्ता हो रही है। उन्होने कहा कि पार्थिव शरीर पोखरा से काठमांडू ले जाया जायेगा जहां उसकी शिनाख्त परिवाजनो की उपस्थिति में होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर मृतक का उनके परिवाजनो से डी एन ए मैच कराकर पुष्ट की जायेगी।

अब इस दिन होगी दुकानों की साप्ताहिक बंदी

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम-1962 की धारा-8(2) सपठित उ0प्र0 दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान नियामावली-1962 के नियम-6 के अन्तर्गत जनपद के नगर पालिका परिषद एवं टाऊन एरिया क्षेत्रों के लिए वर्ष-2023 में परिपालन हेतु एत्दद्वारा निम्नलिखित विवरण के साथ साप्ताहिक बंदी की स्वीकृति प्रदान किया। जिसमें नगर पालिका क्षेत्र, टाऊन एरिया सैदपुर में बाल काटने व केश प्रशाधन करने वाले दुकानों को छोड़कर समस्त दुकानो/वाणिज्य अधिष्ठानों के लिए रविवार एवं बाल काटने व केश प्रशाधन की दुकान शनिवार को साप्ताहिक बन्दी दिवस रहेगा। नगर पालिका क्षेत्र मुहम्मदाबाद में बाल काटने व केश प्रशाधन वाले दुकानों एवं फोटोग्राफर की दुकानों को छोड़कर समस्त दुकानो/वाणिज्य अधिष्ठानों के लिए बृहस्पतिवार एवं बाल काटने व केश प्रशाधन वाले दुकानों एवं फोटोग्राफर की दुकान शनिवार को साप्ताहिक बन्दी दिवस रहेगा। इसी क्रम में उन्होने टाऊन एरिया क्षेत्र बहादुरगंज के समस्त दुकानों/अधिष्ठानों की दुकाने मंगलवार, टाऊन एरिया क्षेत्र दिलदारनगर में शुक्रवार, टाऊन एरिया क्षेत्र सादात में मंगलवार, टाऊन एरिया क्षेत्र जमानिया कस्बा में बहस्पतिवार, टाऊन एरिया क्षेत्र जमानियॉ रेलवे स्टेशन में बुधवार, कस्बा जखनियॉ में शुक्रवार, कस्बा दुल्लपुर में बृहस्पतिवार, टाऊन एरिया क्षेत्र जंगीपुर में सोमवार, कस्बा कासिमाबाद में शनिवार, कस्बा भदौरा में बृहस्पतिवार, कस्बा नन्दगंज में सोमवार, कस्बा ढ़ढनी में बृहस्पतिवार एवं कस्बा मरदह बाजार की समस्त दुकानों/अधिष्ठानों की दुकाने बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बन्दी रखने का निर्देश दिया है।

गाजीपुर से होने जा रहा है लोकसभा चुनाव का आगाज

उत्तर प्रदेश मे 2024 लोकसभा चुनाव का आगाज गाजीपुर से:सुब्रत पाठ

गाजीपुर।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के 20 जनवरी को गाजीपुर आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी जोर शोर से तैयारी कर रही है।इसके निमित्त सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय पर भाजपा प्रदेश महामंत्री,कन्नौज सांसद क्षेत्र प्रभारी सुब्रत पाठक ने जनप्रतिनिधियों,पदाधिकारियों तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं संग जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह की अध्यक्षता तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव की उपस्थिति मे तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सम्मान और जन उत्थान के साथ देश की समृद्धि व नव निर्माण के लिए राजनीति करती है।यह पार्टी न किसी एक जाति,न किसी एक परिवार और न ही व्यक्ति विशेष की पार्टी है,यह पार्टी देश के हम जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने कहा कि तमाम विकास कार्य कराने के बावजूद 2019 मे भारतीय जनता पार्टी लोकसभा गाजीपुर विजय से वंचित रह गई।जब जम्मू कश्मीर मे धारा 370 समाप्त करने का इतिहास लिखा जाएगा तब गाजीपुर जैसा राष्ट्र के लिए बलिदानी जिला उस समय लोकसभा मे विपक्षी विचारधारा के नेतृत्व के लिए जाना जाएगा।सुब्रत पाठक ने कहा कि 2024 के चुनाव मे गाजीपुर इस गलती का सुधार आसानी से कर सकते है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के सफलता के प्रति कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मे लोकसभा चुनाव का आगाज गाजीपुर से होने जा रहा है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि गाजीपुर शौर्य और पराक्रम की धरती है।यहां कि मिट्टी का कण-कण राष्ट्र के सम्मान और स्वाभिमान के लिए आजादी संग्राम से आज तक लगातार समर्पित रुप से लगा हुआ है।उन्होंने कहा कि 2024 के आम लोकसभा चुनाव की तैयारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी पूर्वांचल की धरती गाजीपुर से करेंगे।
बैठक मे जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कार्यक्रम के योजना मे बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ऐतिहासिक पवहारी बाबा आश्रम पर दर्शन-पूजन के आलावा भाजपा बूथ समितियों की बैठक मे भाग लेगे,तथा भूतपूर्व सैनिकों संग बैठक कर आईटीआई मैदान तुलसीपुर मे एक विशाल जन सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा कार्यालय पर जिला पदाधिकारीयो एवं लोकसभा संचालन समिति की बैठक मे भाग लेंगे।
कार्यक्रम मे अतिथियों का स्वागत सम्मान जिला प्रभारी अशोक मिश्रा ने तथा आभार धन्यवाद लोकसभा संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय ने जताया।
बैठक मे नेपाल के पोखरा विमान हादसे मे सभी 68 यात्रियों सहित गाजीपुर के चार युवाओं के दुखद निधन पर उनके आत्मा की शान्ति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल,जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह,सरिता अग्रवाल,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिलीप पटेल,सुशील उपाध्याय,लोकसभा विस्तारक रवि प्रकाश पांडेय,पूर्व विधायक सुनिता सिंह, शिवपूजन राम,ब्लाक प्रमुख अवधेश राय,राजन सिंह,मनोज गुप्ता,आनन्द राय मुन्ना, योगेन्द्र सिंह,राजेश राजभर,वृजनन्दन सिंह,पूर्व महामंत्री ओमप्रकाश राय,प्रवीण सिंह,दयाशंकर पांडेय,विनोद अग्रवाल,रामनरेश कुशवाहा, संकठा मिश्रा,डा मुराहु राजभर,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।इस बैठक का संचालन अवधेश राजभर ने किया।

Uttar Pradesh Fast News