डीएम-एसपी ने किया जेल का स्थलीय निरीक्षण,ली जानकारी

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने जिला कारागार का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार मे कारागार चिकित्सालय, महिला एंव पुरूष बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार के बैरक में रहने वाले कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की। कुछ कैदियों ने अपनी समस्या भी सुनाई, जिसका तत्काल समाधान करने के निर्देश कारागार अधीक्षक को दिए गए। इसके बाद जेल अस्पताल में गए और वहां मौजूद चिकित्साकर्मियों से उपलब्ध दवाओं आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। किचन में जाकर कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को परखा। हवालात कार्यालय में जाकर अभिलेखों की जांच की। महिला और अल्पवयस्क बैरक में जाकर उनसे बातचीत कर आश्वस्त हुए कि उनकी कोई समस्या तो नहीं है। नियंत्रण कक्ष में संचालित सीसीटीवी कैमरे की निगरानी की व्यवस्था को देखा। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अन्दर किसी भी दशा मे मोबाइल व अन्य उपकरण  का प्रवेश न होने पाए इस हेतु रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर चेक किया जाए, इसके अतिरिक्त महिला बन्दीगृह मे दी जा रही सुविधाओ के बावत जानकारी ली।

मौलाना साजिद रशीदी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सपाइयों ने सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर। मंगलवार को समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल के नेतृत्व में मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव के विरुद्ध मौलाना साजिद रशीदी द्वारा अभद्र टिप्पणी किये जाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने एवं उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर विधायक जै किशन साहू ने कहा कि इस राज में किसी के भी खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का मानों फैशन‌‌ सा हो गया है। इस तरह का काम बहुत ही तुच्छ मानसिकता ‌, सत्ता संरक्षित तथा प्रलोभन देकर भाजपा सरकार के लोगों द्वारा एक सोची समझी साज़िश के तहत कराया जा रहा है। उन्होंने मौलाना साजिद रशीदी को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते हुए कहा कि उनके इस टिप्पणी की जितनी भी निंदा की जाय कम है। उन्होंने कहा कि डिंपल जी सदैव महिला सशक्तिकरण, गरिमा और सम्मान की आवाज होने के साथ साथ भारतीय सभ्यता और संस्कृति की पोषक और प्रबल पक्षधर रही है जो उनकी वेश भूषा, उनकी सौम्यता ,सरलता और सादगी तथा उनकी भाषा और बोलचाल से झलकता है

।उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी केवल महिला सांसद का अपमान ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण महिला जगत के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी है। साजिद रशीदी की इस आपत्तिजनक टिप्पणी से देश की महिलाएं अपने को अपमानित महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले साजिद रशीदी की तत्काल गिरफ्तार किया जायें अन्यथा अपने नेता के सम्मान में पूरी की पूरी समाजवादी पार्टी सड़क पर आन्दोलित दिखेगी।
महिला सभा की जिलाध्यक्ष ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक साजिद रशीदी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती महिला सभा चुप नहीं बैठेगी। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश सचिव सुशील जायसवाल,जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव शौर्या सिंह, रीता विश्वकर्मा, बिन्दु बाला बिंद,रीना यादव, कंचन रावत,सईदा खातून, ममता यादव, पूजा गौतम,रूक्मीना यादव, अनीता यादव आदि मौजूद थी।

जीआरपी पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

जीआरपी थाना पुलिस द्वारा चोरी का एक मोबाइल सहित 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार।

गाजीपुर। एसपी रेलवे लक्ष्मीनिवास मिश्र के निर्देश पर रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रेनो मे अपराध नियंत्रण, अपराधियो की गिरफ्तारी व अवैध शराब की तस्करी के रोकथाम और बरामदगी को लेकर चलाये जा रहे अभियान के दौरान जीआरपी थानाध्यक्ष के नेतृत्व मे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को सिटी रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर बनें ट्रेन यार्ड के बगल मे पोल के चबूतरे पर बैठे हुए अभियुक्त सोनू बिन्द पुत्र डग्गुर बिन्द निवासी बरहनिया थाना कोतवाली उम्र करीब 25 वर्ष को एक चोरी के मोबाइल साथ गिरफ्तार किया गया । बरामद मोबाइल का संबंध थाना पर मु0अ0स0 13/25 धारा 305(C),317(2) BNS पंजीकृत है। जीआरपी पुलिस के पूछने पर सोनू ने बताया कि ट्रेन मे आने जाने वाले यात्रियो का मोबाइल व समान चोरी कर बेचकर अपना जीवन यापन करता हुँ। गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में उ0नि0 सच्चिदानन्द यादव, हे0का0 चन्दन यादव, का0 संजय कुमार शामिल रहे।

शादी का झांसा देखकर शारीरिक संबंध बनाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना नगसर हाल्ट पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। बता दे कि एसपी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धारा 69,351(3) बी.एन.एस. से संबंधित अभियुक्त सौरभ कुमार पुत्र मातादीन पाल निवासी नवापुरा बोगना थाना मरदह थाना उम्र 22 वर्ष को थानाध्यक्ष अभिराज सरोज और वरिष्ठ उप निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा ने मुखबिर की सूचना पर नगसर क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा पीड़िता से प्रेम की बाते करके शादी का वादा करना तथा इच्छा के विरूद्ध पीड़िता के साथ शारीरिक सम्बंध और बाद में शादी न करने के सम्बंध में धमकाया जाता था। इन्ही सब मामलों में अभियुक्त पर विभिन्न धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल प्रमोद यादव सहित अन्य शामिल थे।

कारगिल विजय दिवस: दयाशंकर मिश्र दयालु ने शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित,बोलें-हमें गर्व है कि मैं गाजीपुर की धरती पर पैदा हुआ

गाजीपुर।कारगिल विजय दिवस की 26 वें स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के बीच गाजीपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री आयुष एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि हमें गर्व है कि मैं गाजीपुर की धरती पर पैदा हुआ। पूरे भारत में गाजीपुर की जो पहचान है वह इन सैनिकों की शहादत की वजह से है या तो प्राचीन ऋषि मुनियों की धरती होने के कारण है। गाजीपुर में गहमर एक  ऐसा गांव है जहां घर-घर से सैनिक है ।उन्होंने इस अवसर पर कारगिल शहीद की परिजनों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध जहां 2 महीने तक चला था वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में भारत में इतनी प्रगति कर ली है कि ऑपरेशन सिंदूर मात्र तीन दिन में ही समाप्त हो गया और भारत को विजयश्री मिली। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश बदल रहा है तथा लखनऊ से ब्रह्मोस मिसाइल तैयार होकर के पूरी दुनिया में अपना डंका बजा रही है । भारत सरकार ने 26000 करोड रुपए का रक्षा उपकरण का निर्यात किया है । उन्होंने आगे कहा कि कारगिल युद्ध में या किसी भी रूप में सेवा में अपनी शहादत देने वाले सैनिकों के परिजन हों या पूर्व सैनिक उनको कहीं भी किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। उत्तर प्रदेश सरकार अब गांव-गांव में खेल का मैदान एवं स्टेडियम बनवा रही है जिससे आने वाली पीढ़ी स्वस्थ समृद्ध एवं भारत मां की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रह सके।
विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि भारत के वीर जवानों ने देश की आन-बान-शान के खिलाफ दुश्मनों के दुस्साहस को सदैव मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने अपना बलिदान देकर भी भारत की एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखा है। कारगिल विजय दिवस हमें यही संदेश दे रहा है। जिन वीर सैनिकों ने देश को सुरक्षित रखने के लिए अपना बलिदान दिया है, उनकी प्रेरणा है कि हम एक रहें।
उन्होने  कहा कि राष्ट्र की एकता और अखण्डता सदैव बलिदान मांगती है। हमे भी इसमें अपना योगदान देना होगा। यदि आज हम चैन से सो पाते हैं, समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ पाते हैं, विकास के नये आयामों का लाभ ले पाते हैं और आधुनिक सुविधाओं से लाभान्वित हो पाते हैं, तो इसका कारण यह है कि भारत के वीर जवान सम-विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।

नेहरू युवा मंडलों ने मनाया 26वां कारगिल विजय दिवस

गाजीपुर। मेरा युवा भारत गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 26 वां कारगिल विजय दिवस पर विभिन्न ब्लॉकों में स्थापित नेहरू युवा मंडलों द्वारा धूमधाम से मनाया गया। जनपद स्तर पर नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में स्थापित कारगिल विजय स्तंभ पर माल्यार्पण जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर अफजल, माय भारत के उपनिदेशक कपिल देव, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश श्रीवास्तव, राज्य प्रशिक्षण अंगद सिंह यादव, पारसनाथ यादव ,सेवा निवृत लेखा एवं कार्यक्रम सहायक ओम प्रकाश मिश्र आदि ने माल्यार्पण कर कारगिल शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उक्त कार्यक्रम से इतर केंद्र कार्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि सरोज कुमार राय समाजसेवी ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान के फल स्वरुप हमारे वीर जवानों ने कारगिल की दुरूह पहाड़ियों पर कब्जा कर विजय हासिल किया। इस युद्ध के दौरान हमारे अनेक जांबाज जवान शहीद हुए। 26 जुलाई उनके शहादत को याद करने का दिन है ।संगोष्ठी में बृजेश श्रीवास्तव डीपीओ ,ओम प्रकाश मिश्र आदि ने विचार व्यक्त किया। उपनिदेशक कपिल देव ने कहा कि देश की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है।हमें अपने सैनिकों के साहस और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। हमें उनके त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।अपने देश के लिए हमेशा कुछ अच्छा करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित किया ।संचालन मेरा युवा भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया।

कारगिल शहीद इश्तियाक खान को आनंद राय ने दी श्रद्धांजलि,किया वायदा

कारगिल शहीद इश्तियाक खान के पैतृक गांव पखनपुरा में दी गई श्रद्धांजलि।

ग्राम वासियों ने शहीद के मजार के सुंदरी करण की उठाई मांग।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और भाजपा नेता आनंद राय मुन्ना ने श्रद्धांजलि देकर सुंदरीकरण का किया वायदा।

गाजीपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद इश्तियाक खान के मजार पर ग्राम वासियों और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना ने श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नदीम खान, भाजपा नेता कृष्ण बिहारी राय, मासूम सिद्दीकी, जुनैद मास्टर और जुबेर प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान ग्राम वासियों और परिजनों ने ब्लॉक प्रमुख को मजार के सुंदरीकरण के लिए एक पत्रक दिया। ब्लॉक प्रमुख आनंद राम मुन्ना ने सभी ग्राम वासियों के सामने वादा किया कि जल्द से जल्द मजार के सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उनका आभार प्रकट किया।


कारगिल शहीद इश्तियाक खान को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोगों ने उनकी शहादत को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। गाजीपुर में कारगिल शहीदों को सम्मानित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि उनकी शहादत को याद रखा जा सके।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीदों के प्रतिमा की साफ-सफाई,दी श्रद्धांजलि,लगाए नारे

गाजीपुर ।भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी सात शहीदों के प्रतिमा स्थलों पर पहुंच कर प्रतिमा परिसर पर साफ- सफाई कर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। उनके सम्मान मे देश भक्ति नारे लगाए। नन्दगंज थाना क्षेत्र के धरवा स्थित शहीद शेषनाथ सिंह यादव के प्रतिमा स्थल पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भानुप्रताप सिंह व पारसनाथ राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा परिसर की सफाई कर शेषनाथ सिंह यादव के पुण्य स्मृति को नमन किया। माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया।इस अवसर पर जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय,प्रो शोभनाथ यादव,मंत्री सुरेश बिन्द, राकेश यादव, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, मंडल अध्यक्ष काशी चौहान, बलवंत बिंद, भानु जायसवाल, हरेंद्र यादव,कमलेश प्रजापति,विनीत शर्मा, अभिनव सिंह आदि मौजूद थे।

डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, लिया जायजा

गाजीपुर।उप्र.लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रा०) परीक्षा 2023 हेतु निर्धारित परीक्षा 27 जुलाई 2025 को होने वाली लिखित परीक्षा को नकल विहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बनाए गए परीक्षा केंद्र एवरग्रीन पब्लिक स्कूल मीरनापुर, स्कॉलर्स एकेडमी मीरनापुर गाज़ीपुर,डालिम्स सनबीम अंधऊ बाईपास ग़ाज़ीपुर, आर्यन पब्लिक स्कूल जंगीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान सी0सी0टी0वी0 कैमरा, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, पीने का पानी, साफ- सफाई एवं पार्किंग की कि गई व्यवस्थाओं की संबंधित से जानकारी लेते हुए संबंधित को निर्देशित किया गया कि कोई भी समस्या हो तो तत्काल अवगत कराए।

34 परीक्षा केंद्रो पर होगी परीक्षा,15216 परीक्षार्थी होंगे सम्मिलित

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश की अध्यक्षता में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रा०) परीक्षा 2023 हेतु निर्धारित परीक्षा की लिखित परीक्षा को नकल विहीन,निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट संग बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 27 जुलाई, 2025 को एक सत्र में (पूर्वाह्न 09.30 बजे से 12.30 तक) में कराया जाना प्रस्तावित है। इस हेतु जनपद गाजीपुर में निर्धारित 34 परीक्षा केन्द्रों पर कुल मे लगभग 15216 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित होगे। उन्होने बताया कि परिक्षार्थी समय से डेढ़़ घण्टा पहले केन्द्र पर पहुॅकर रिपोर्टिंग करें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 07 जोनल मजिस्ट्रेट, 34 सेक्टर  मजिस्ट्रेट, तथा 34 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगाए गए है।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले रास्तों को तत्काल गड्ढा मुक्त करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि विद्युत सप्लाई में जो भी समस्या आ रही है उसको ससमय सही करा लिया जाए। अधिसाशी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत एवं पंचायती राज अधिकारी एवं संबंधित खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि केंद्रों पर साफ सफाई एवं जलभराव की निकासी की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित करा ली जाए।उन्होंने समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि केंद्रों पर पार्किंग व्यवस्था, परीक्षार्थीओं की चेकिंग/फिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होने बताया कि 27 जुलाई, 2025 को आयोजित होने वाली सम्मिलित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 में परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने एवं शान्ति विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्र/गोपनीय परीक्षा सामग्री पहुँचाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त सेक्टर परीक्षा केन्द्रो पर बिजली,सी सी टी वी कैमरे, शुद्ध पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, साफ-सफाई, सोशल डिस्टेसिंग के आधार पर परीक्षार्थी के बैठने की व्यवस्था एव अन्य समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर लेगे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाईस, खाने पीने की सामाग्री, कैलकुलेटर,मोबाईल एवं अन्य सामाग्री ले कर आना सख्त प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा मे किसी भी संविदाकर्मी को न लगाया जाए। उन्होने कहा कि परीक्षा को नकल विहीन एंव पारदर्शी ढंग कराना हम सभी का कर्तव्य है। परीक्षा में कही भी किसी भी प्रकार की गडबड़ी होने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित सेक्टर मजिस्टेट स्वयं जिम्मेदार होगे। उन्होने कहा कि परीक्षा समयबद्ध एवं अतिमहत्तपूर्ण है, इसमे किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य अधिकरीगण उपस्थित थे।

Uttar Pradesh Fast News