All posts by tiwarishivpratap

भर्ती मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया वाराणसी ट्रामा सेंटर

जिला अस्पताल में भर्ती मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर वाराणसी

गाजीपुर। 108 एम्बुलेंस लगातार लोगों को सिर्फ जनपद के स्वास्थ्य केदो पर ही नहीं बल्कि ट्रामा सेंटर वाराणसी तक पहुंच कर उनके जीवन रक्षा कर आधुनिक संजीवनी बनने का काम कर रहा है। कुछ ऐसा ही देखने को मिला मंगलवार को जब जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज को डॉक्टर के द्वारा वाराणसी रेफर किए जाने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी तक पहुंचाया जहां पर उसका इलाज शुरू हुआ।

108 एंबुलेंस के ब्लॉक प्रभारी दीपक राय ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती मरीज अजय पुत्र राजेंद्र उम्र 34 वर्ष जिसके पैर में फ्रैक्चर था। उसके उचित इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया था। उसके लिए 108 एंबुलेंस हेतु काल आया। इसके पश्चात इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन लाल बहादुर शर्मा और पायलट संतोष यादव जिला अस्पताल पहुंचकर मरीज को एंबुलेंस में डालकर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी तक पहुंचाया। जहां पर उनके आगे का ट्रीटमेंट शुरू किया गया।

आधुनिक एक्स-रे मशीन से जिला अस्पताल में आमजन को मिलेगी सुविधा:डीएम

गाजीपुर।  जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिला चिकित्सालय गोराबाजार में बुधवार को डिजिटल एक्स-रे मशीन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस  दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि यह एक आधुनिक एक्स-रे मशीन है जिससे जनपदवासियों को इलाज के दौरान काफी सुविधा होगी तथा मरीजो को इधर-उधर नही भटकना पडे़गा। उन्होने बताया कि जिला अस्पताल में एक ही मशीन थी जिससे मरीजो को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नयी मशीन आ जाने के कारण मरीजो के समय की बचत होगी तथा मरीज अपना सुविधापूर्वक इलाज करा सकेगे। इसी दौरान उन्होने जिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया।  निरीक्षण के दौरान उपस्थिति मरीजो/परिजनो से चिकित्सकीय सुविधाओ की जानकारी ली। इस मौके पर सी एम एस डा0 राजेश सिंह, प्रधानाचार्य मेडिकल कालेज आनन्द मिश्रा एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

गाजीपुर पहुंचा जवान का शव, परिजनों में मचा कोहराम

गाजीपुर पहुंचा जवान का शव, परिजनों में मचा कोहराम

गाजीपुर। (रेवतीपुर) सुहवल गाँव निवासी एवं मध्य प्रदेश के स्पेशल आर्म्स फोर्स (एस ए एफ) के 23वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात जवान उमाकांत राय उम्र करीब 53 वर्ष का पार्थिव शरीर बुधवार की सुबह एम्बुलेंस से एमपी पुलिस के जवानों की देखरेख में सडक मार्ग से उनके पैतृक आवास सुहवल पहुंचा। जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गाँव व मुहल्ले में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पत्नी सुमिता राय व मां दुर्गावती देवी सहित अन्य परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल था। मृत जवान का अंतिम दाहसंस्कार गाजीपुर स्थित शमशान घाट पर किया गया, जहाँ ग्रामीणों और पुलिस के जवानों ने उन्हें अंतिम बिदाई दी। पुत्र प्रवीण राय के पिता को मुखाग्नि देते ही माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। अपने लाल के पार्थिव शरीर आने की सूचना मिलते ही जवान के पैतृक आवास पर गाँव सहित अगल बगल इलाके के ग्रामीणों सहित अन्य लोगों की भीड इकठ्ठा होने लगी, लोगों ने लाल के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए गमगीन परिजनों को सांतवना दी। मृतक जवान के पुत्र प्रवीण राय ने बताया कि उसके पिता वर्ष 1998 में मध्यप्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे, बताया कि बीते मंगलवार की सुबह उसके पिता भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में ड्यूटी के दौरान टेनिस कोर्ट में अचानक सीने में दर्द होने से व अचेत हो गये। पुत्र ‌ने बताया कि इसके तुरंत बाद वहाँ मौजूद पुलिस के जवान व अधिकारी तुरंत वाहन से अस्पताल ले गये ,जहाँ चिकित्सकों की टीम ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान के पुत्र प्रवीण राय ने बताया कि वह एक भाई व एक बहन है, बताया कि उसकी बडी बहन अंजली राय पीएचडी का कोर्स कर रही है,जबकि वह खुद अभी वर्तमान समय में बीटेक की पढाई कर रहा है।जवान उमाकांत राय की मौत के बाद पुलिस अधिकारियों, जवानों ने भोपाल पुलिस मुख्यालय में श्रद्धांजलि दे अंतिम विदाई दी।

दिनचर्या में सुधार लाओ, हर दर्द से छुटकारा पाओ: डा. शिवम राय

कमर,घुटने के दर्द से महिलाएं अधिक परेशान-डा.शिवम राय

गाजीपुर। महिलाएं कमर और घुटने के दर्द से अधिक पीड़ित हैं। दिनचर्या , अपने प्रति उपेक्षा का भाव और चिकित्सकों तक पहुंचने में कठिनाई रोग को अधिक बढ़ा देता है। दिनचर्या में सुधार, व्यायाम और चिकित्सकीय परामर्श से कमर दर्द, घुटने का दर्द और हड्डियों से संबंधित रोग से निजात पाया जा सकता है। रविवार को सदर ब्लाक के रसूलपुर टी शेखपुर के पंचायत भवन पर मित्रसेन प्रधान मेमोरियल सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर में मरीजों का उपचार करने के बाद वरिष्ठ हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डा.शिवम राय ने उक्त बातें कहीं।
प्रधान कल्पना यादव के प्रतिनिधि और पत्रकार कमलेश यादव की देखरेख में आयोजित शिविर में डा. शिवम राय से उपचार के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपना अधिकांश दैनिक कार्य जमीन पर बैठकर करतीं हैं। जिसकी वजह से उनके घुटने की परेशानी बढ़ती जाती है। चिकित्सक की बताई सावधानियों का पालन सभी मरीजों को करना चाहिए। शिविर की दूसरी चिकित्सक स्त्री, प्रसूति एवं बांझपन रोग विशेषज्ञ डा. सुरभि राय ने मरीजों का इलाज करने के बाद बताया कि खून और बिटामिन्स की कमी से अधिकांश गर्भवती महिलाएं जूझ रहीं हैं। लज्जा, संकोच की वजह से गर्भ धारण करने के बहुत बाद में चिकित्सक से संपर्क में आतीं हैं। वह भी नीम हकीमों के। वह केस बिगाड़ कर हाथ खड़े कर देते हैं। ऐसे मरीज जब चिकित्सक के संपर्क में आते हैं तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। ऐसे मामलों में परिवार और पति की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।उन्हें समय पर सचेत हो जाना चाहिए। शिविर में मरीजों को मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर के आयोजन में संजय कुमार राय सुमन,शशि यादव, जितेंद्र पाल,माधव चौहान, खरपत्तू राम,सिताब चंद,अरविंद पाल,योगेश यादव आदि का योगदान रहा।प्रधान प्रतिनिधि कमलेश यादव ने डा. शिवम राय, डा. सुरभि राय, उनकी टीम और मित्रसेन प्रधान मेमोरियल सेवा ट्रस्ट के प्रति आभार ज्ञापित किया।ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश प्रधान ने शिविर से लाभान्वित मरीजों, आयोजक और चिकित्सक द्वय डा.शिवम राय व डा.सुरभि राय से मिले सहयोग के प्रति प्रसन्नता का इजहार किया।

हुआ ब्रेन हेमरेज, एंबुलेंस ने पहुंचाया बीचयू वाराणसी

हुआ ब्रेन हेमरेज, एंबुलेंस ने पहुंचाया बीचयू वाराणसी

गाजीपुर। 108 एंबुलेंस की जब शुरुआत की गई थी तब लोगों को यह उम्मीद नहीं थी की एक दिन उनके मुसीबत में अपनी अहम भूमिका निभाएगी। जिसका नज़ारा आए दिन गाजीपुर में देखने को मिल रहा है।  ऐसा ही कुछ शनिवार को हुआ जब एक ब्रेन हेमरेज मरीज को जिला अस्पताल से बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया गया। जहां पर उसे इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करने के बाद उसका इलाज शुरू किया गया।

102 और 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि शनिवार को मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल में भर्ती मरीज संध्या उम्र 18 निवासी शेखपुरा ब्लॉक कासिमाबाद के परिजनों के द्वारा फोन कर 108 एंबुलेंस के लिए डिमांड किया गया। बताया गया कि मरीज को ब्रेन हेमरेज है और उसे डॉक्टर के द्वारा वाराणसी रेफर किया गया है। इसके बाद बताए गए लोकेशन पर पायलट मुकेश कुमार और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन शशि भूषण एंबुलेंस लेकर पहुंचे। और मरीज संध्या को एंबुलेंस में शिफ्ट करने के पश्चात बीएचयू वाराणसी के लिए रवाना हुए। इस दौरान वह लोग डॉ रस्तोगी के दिशा निर्देश पर पूरे रास्ते मरीज की देखभाल करते हुए बीएचयू वाराणसी तक पहुंचाया। जहां पर उसे इमरजेंसी में एडमिट कराया इसके पश्चात उसका इलाज शुरू हुआ।

लुदर्स कॉन्वेंट की आकांक्षा उपाध्याय और फिज़ा फातिमा ने किया टॉप

लुदर्स कॉन्वेंट की आकांक्षा उपाध्याय और फिज़ा फातिमा ने किया टॉप



गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (यूपी बोर्ड) ने शनिवार को 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। 10वीं में कुल 89.55% स्टूडेंट्स पास हुए। छात्रों का पासिंग परसेंट 86.64%, जबकि छात्राओं का 93.34% रहा है। परीक्षा में 27.63 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए, जबकि 29.47 लाख ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस साल 1.84 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने परीक्षा छोड़ी है। इस बार एग्जाम सिर्फ 17 दिनों में हुआ। पहला पेपर 22 फरवरी को और लास्ट पेपर 9 मार्च को हुआ था। परीक्षा 8265 केंद्रों में कराई गई। इस दौरान 311453 टीचर्स ने ड्यूटी की थी। कॉपियों की चेकिंग 16 मार्च से 30 मार्च तक चली। सिर्फ 12 वर्किंग-डे में ही 1.76 करोड़ कॉपियां चेक की गईं। वहीं यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी हो गया है। इस बार 82.60% छात्र पास हुए हैं। इसमें 88.42 प्रतिशत लड़कियां और 77.78 प्रतिशत लड़के हैं। 12वीं में 25 लाख 77 हजार 997 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। लेकिन 1 लाख 39 हजार 22 स्टूडेंट्स परीक्षा में नहीं बैठे थे। ऐसे में 24 लाख 38 हजार 975 स्टूडेंट्स का रिजल्ट आज जारी हुआ।

इसी क्रम में जिले लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में रिजल्ट जारी होते ही छात्राओं के चेहरे खिल उठे। 10वीं के रिजल्ट में आकांक्षा उपाध्याय ने 96 प्रतिशत पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया तो वहीं 12वीं के रिजल्ट में फिज़ा फातिमा ने भी 96 प्रतिशत पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर अल्फोंसा ने टॉपर छात्राओं को मुंह मीठा कराया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लुदर्स बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा श्रद्धा गुप्ता ने 94 प्रतिशत, खुशबू बिंद 97 प्रतिशत और कक्षा 10 की छात्रा सानवी गुप्ता 95.5 प्रतिशत, अंजली तिवारी 95.5 प्रतिशत और अदिति प्रजापति ने 95.17 प्रतिशत पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया। रिजल्ट घोषित होते ही विद्यालय की उत्साहित टॉपर छात्राओं ने ग्रुप बनाकर सेल्फी लेना शुरू कर दिया। उसके बाद विद्यालय के शिक्षकों का पैर छूकर सभी टॉपर छात्राओं ने आशीर्वाद लिया। रिजल्ट यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in/ और NIC की वेबसाइट upresults.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। 12वीं की परीक्षा 22 फरवरी से 9 मार्च तक चली थी।

डीएम-एसपी ने किया लोगों को जागरूक, कहा…..

गाजीपुर। लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखैरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर हलधर सैदपुर, इंग्लिस मीडियम प्राइमरी स्कूल मुड़ियार सैदपुर, ग्राम पंचायत औड़िहार विकास खण्ड सैदपुर, इंग्लिस मीडियम प्राइमरी स्कूल तेतारपुर सैदपुर मे मतदाता जागरूकता चौपाल के माध्यम से लोगो को निर्भिक होकर वोट डालने के लिए जागरूक किया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगो को  मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वोट देना जनतांत्रिक अधिकार है। आप लोग निर्भिक  होकर अधिक से अधिक संख्या में अपना वोट डालें। उन्होने  उपस्थित लोगो से कहां कि अपना मत किसी के बहकावे, डराने धमकाने या किसी भी प्रलोभन, मे आकर न दे, यदि कोई व्यक्ति पैसा, शाराब ,साड़ी व अन्य प्रलोभन देते समय पकड़ा जाता है तो देने एवं लेने वाले के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जायेगी। यदि कोई व्यक्ति जाति व धर्म के खिलाफ लोगो के मन मे भय एवं दंगे के उद्देश्य से निर्वाचन मे कोई विघ्न डालता है या पैसा, शाराब, साड़ी देता है तो इसकी जानकारी टोल फ्री नं0 1950 या टेलिफोन नं0 0548 220211 पर काल करके दे सकतेे है।

उन्होने लोगो से सी-विजिल एप्प डाउनलोड करने की अपील कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा बनाये गये सी-विजिल एप्प के माध्यम से चुनाव सम्बन्धी किसी प्रकार की शिकायत जैसे कोई गलत पैसा शाराब, साड़ी या जाति धर्म से लड़ाता है तो फोटो एवं विडियो के माध्यम से इस एप्प के द्वारा शिकायत कर सकते है। उन्होने कहा कि आप अपना मत, डर, भय, लालच में आकर न डालें। जिलाधिकारी ने बताया कि दिव्यांग व्यक्ति जिनके पास दिव्यांग प्रमाण पत्र है, एवं 85 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों का वोट उनके घर पर ही वैलेट पेपर के माध्यम से डाला जायेगा। जागरूकता चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगो को मतदाता जागरूक की शपथ दिलायी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि चुनाव शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न हो, जो व्यक्ति निर्वाचन में विघ्न डालेगा, वोटरो को धमकायेगा, पैसा बाटेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। उन्होने लोगो को जागरूक करते हुए कहा कि आप अपने मत का सही प्रयोग करें।  बुथ के 200 मीटर के दायरे में कोई गलत गतिविधी  नही होगी। अगर कोई व्यक्ति आचार संहिता का उलंघन कर रहा है तो आप हेल्प लाइन नं0 पर काल करके बतायें उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।  इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शहर, उप जिलाधिकारी सैदपुर, नायब तहसीलदार सैदपुर, खण्ड शिक्षा अधिकारी सैदपुर  एवं अन्य अधिकारी, उपस्थित थे।

बाबा साहेब ने कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए:डीएम

गाजीपुर। जनपद में भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर की 133वीं जयंती धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाई गई। डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव महू में हुआ था। उनके पिता का नाम रामजी मालोजी सकपाल और माता भीमाबाई थीं। बाबा साहब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर लोगों को चलना चाहिए। उनके विचारों पर चलने से देश आगे बढ़ेगा। उनका विचार था कि सभी को समान अधिकार मिले और सभी लोग शिक्षित बने। कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में रविवार को  जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा साहब की सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, उनके बताए गए विचारों पर चलें। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को एक समान जोड़ने का कार्य किया है। भारतीय संविधान बनाने में बाबा साहब का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनका विचार था कि समाज में समता होनी चाहिए। सभी को बराबर का समान, अधिकार एवं न्याय मिलना चाहिए। डॉ. आंबेडकर जी का पूरा जीवन संघर्ष, सत्यनिष्ठा, लगन व वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक है। उन्होंने व्यक्तिगत जीवन मे अनेक बाधाओं व कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। सार्वजनिक जीवन मे उन्होंने अश्पृश्यता व भेदभाव का कड़ा विरोध किया। उन्होने कहा कि महापुरूषों के जीवन का अनुसरण करते हुए व्यक्ति को उनके द्वारा बताए गए रास्तों पर चलकर देश, प्रदेश की तरक्की, खुशहाली के लिए अपना जीवन व्यतीत करना चाहिए। जिलाधिकारी  ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि बाबा साहब के बताए गए रास्तों पर चल कर देश को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि जो अपने सुखसाधनों को छोड़कर देश का हित करें, ऐसे महान व्यक्तियों को नमन करते हैं। देश बदलना है तो शिक्षित होना बहुत ज़रूरी है। बाबा साहब ने समाज में परिवर्तन लाने के लिए अनोखा कार्य किया है। समाज के सभी वर्ग एक ही पंक्ति में खड़े हो सकें, ऐसे उनके विचार थे। संविधान निर्माण में उन्होंने सभी धर्म, वर्ग, जाति को एक समान करने का विशेष ध्यान रखा। उन्होने कहा कि नारी शक्ति, शिक्षा, मताधिकार सहित आदि अधिकार दिलाने में उनका योगदान हैं। भारत एक विविधता भरा देश है और तत्कालीन समय मे यह अनेक विषमताओं से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थिति में इन विविधताओं को स्वीकारते हुए अखंड राष्ट्र का निर्माण बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन डॉ. आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने न सिर्फ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया बल्कि एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो “विविधता में एकता“ जैसे भारतीय मूल्य का साकार रूप था। भारत को एक राष्ट्र के रूप में खड़ा करने में संविधान की अतुलनीय भूमिका है। अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि संविधान में समाज के हर वर्ग, जाति को बराबर का दर्जा दिया गया है। जिस व्यक्ति को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे समय से निभाए। बाबा साहब चाहते थे कि गरीब व्यक्तियों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। डॉ0 भीमराव अंबेडकर साहब की इच्छा थी कि संविधान को मजबूत बनाना हैं। प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर समाज के लिए योगदान करते रहें। उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। आज हम एक सफल लोकतंत्र के रूप में दुनिया भर में सम्मान की दृष्टि से देखे जाते हैं तो इसके पीछे उस संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है, जिसके शिल्पकार डॉ. अम्बेडकर हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा लोकसेवक और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए हमे डॉ भीमराव आंबेडकर की जीवनी व उनकी लिखी किताबों को पढ़ना चाहिये। इस अवसर पर कलेक्टेªट के समस्त अधिकारी, एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

अम्बेडकर जी ने वर्ग विहीन समाज की कल्पना किया था: विधायक वीरेन्द्र

गाजीपुर। रविवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय समता  भवन पर भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर  पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में   माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई।  गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया। गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए  जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उनके जीवन संघर्ष एवं त्यागमय जीवन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब महान समाज सुधारक, राजनीतिक, अधिवक्ता, अर्थशास्त्री ,लेखक,चिंतक, दार्शनिक थे। उनका व्यक्तित्व बहुआयामी था। वह दलित, शोषित एवं उपेक्षित वर्गों के मसीहा थे। वह ऐसे राजनीतिज्ञ मनीषी थे जिनके मन में हमेशा सर्वजनहिताय सर्वजन सुखाय  की भावना व्याप्त थी । बाबा साहब ने वंचितों की आवाज को राष्ट्रीय फलक तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आज का दलित जो स्वाभिमान एवं सम्मान पूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है उसके पीछे बाबा साहब अम्बेडकर जी की बनाई गई नीतियों को ही जाता है।  विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने कहा कि डॉ भीमराव अम्बेडकर जी ने वर्ग विहीन समाज की कल्पना कि‌या था। वह कहां करते थे कि यदि वर्गविहीन समाज बनाना है तो पहले जातिविहीन समाज बनाना होगा । उन्होंने कहा था कि समाजवाद के बिना दलित-मेहनती इंसानो की आर्थिक  तंगी से मुक्ति संभव नहीं है।उन्होंने कहा कि पीडीए को ताकतवर बनाना डॉ अम्बेडकर जी का सपना था जिसे पूरा करने के लिए समाजवादी पार्टी कृतसंकल्प है।
पुर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने उन्हें नमन करते हुए बताया कि भाजपा सरकार संविधान में दिए गए जनता के अधिकारों को छीन रही है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पुर्व जिलाध्यक्ष डॉ नन्हकू यादव, अशोक कुमार बिंद, रविन्द्र प्रताप यादव, सिकंदर कन्नौजिया, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सुभाष यादव, रीता विश्वकर्मा, कैलाश यादव, बिन्दूबाला बिन्द ,विभा पाल, विधान परिषद के प्रत्याशी रहे मदन यादव, सदानंद यादव ,  राजेन्द्र यादव,  तहसीन अहमद,लल्लन राम, रामाशीष,आन्नद यादव, रामविजय यादव, ,भरत यादव, सिंकदर कन्नौजिया,गोपाल खरवार अमित ठाकुर, अभिषेक कुशवाहा, राजेन्द्र यादव, रामविजय यादव, रामाशीष यादव,कंचन रावत,संगीता यादव,लल्लन राम,उपेन्द्र यादव, सुग्गु यादव, रामाशीष यादव, अनीता यादव, सईदा खातून,विन्ध्याचल यादव,राजदीप यादव, राजनाथ कुशवाहा,कन्हैयालाल यादव, बादशाह राही उपस्थित थे। इस गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा  ने किया।

एसपी ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, दी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। रविवार को अग्निशमन केंद्र, पुलिस लाइन में एसपी ओमवीर सिंह ने राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर अग्निशमन कर्मियों तथा पुलिस के जवानों की उपस्थिति में सेवा के दौरान शहीद हुए जवानों को याद कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। इसी क्रम में एसपी ने अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल, पेट्रोल पंप तथा सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को आग व उससे होने वाले नुकसान से बचाव के उपाय के बारे में जागरूक करेंगे। ज्ञातव्य हो कि आज के ही दिन 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर माल वाहक जहाज फोर्ट स्टीकेन में लगी आग पर साहस व पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए काबू पाने के क्रम में आग बुझाने वाले दमकल के 66 अग्निशमन कर्मी आग की लपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे। इन बहादुर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन दिवस और 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन दल द्वारा अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।  इस पर एसपी देहात बलवंत, सीओ अग्निशमन केंद्र, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन तथा अग्निशमन व पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।