घर घर रामचरित मानस का होना जरूरी
गाजीपुर। जमानिया नगर में स्थित बजरंग कालोनी में राष्ट्र सेविका समिति के तत्वाधान में हनुमान मंदिर में रामलला जी के तीसरा प्राण प्रतिष्ठा उत्सव गुरूवार को सांय मनाया गया। जिसमें जिला कार्यवाहिका नीलम चौबे और जिला सह सम्पर्क प्रमुख सोनम शर्मा के अध्यक्षता मे मनायी गयी। कार्यक्रम का शुभारम्भ हनुमान चालीसा से किया गया, जिसमे सभी सेविका एक स्वर व धून मे हनुमान चालीसा का पाठ किया। तत्पश्चात सुंदर कांड का पाठ हुआ। राष्ट्र सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका नीलम चौबे ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर जोर दिया और बोली की जीवन निर्वहन या संघर्स या कठिनाईयो का सामना व आपत्ति काल मे कितना धैर्य रखने की जरूरत होती है अगर इसकी कला सिखनी हो तो भगवान श्रीराम जी का चरित्र जरूर पढे। आज के परिवेश में हर घर मे रामचरित मानस का होना जरूरी। जिससे आने वाली पीढ़ी भी अपने जीवन मे भगवान श्रीराम जी के चरित्र को उतार सके। इसके बाद भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आरती कर के कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति की अन्नपुरणा, कंचन, मधु, सरोज, सीमा, रीना, रिया, बबली, पूनम, नीतू, मीरा, निर्मला, ज्योति आदि सेविका बहने उपस्थिति रही।
All posts by tiwarishivpratap
विशेष लोक अदालत और होमियोपैथी क्लीनिक का जिलाजज ने किया शुभारंभ
गाजीपुर। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जनपद न्यायालय में शुक्रवार को विशेष लोक अदालत (यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया) का शुभारंभ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा फीता काटकर किया गया। जनपद न्यायाधीश द्वारा इस विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु जनमानस को प्रोत्साहित किया साथ ही साथ जनपद न्यायालय के परिसर में होम्योपैथिक मेडिकल क्लीनिक का शुभारंभ भी किया गया। मेडिकल क्लीनिक के शुरू हो जाने से जनपद न्यायालय में वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या होने पर होम्योपैथिक चिकित्सकीय सुविधा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष सं0-01/नोडल अधिकारी लोक अदालत, गाजीपुर एवं विजय कुमार-IV , अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर एवं अन्य न्यायिक अधिकारी, सम्मानित अधिवक्ता, न्यायालय के कर्मचारी तथा सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहें। इस विशेष लोक अदालत में कुल 75 प्री-लिटिगेशन मामले निस्तारण हेतु नियत किये गये थे, जिसमें से सुलह समझौते के आधार पर कुल 35 वाद निस्तारित किये गये।
डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी
डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन
गाजीपुर। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया परिसर में शुक्रवार को विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा बड़े ही श्रद्धा, उल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय की ज्वाइन डायरेक्टर रुबिना खान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण में ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया।

बच्चों ने सरस्वती वंदना, नृत्य एवं गीतों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने कहा कि शिक्षा और सरस्वती पूजा का गहरा संयोग है। माँ सरस्वती ज्ञान, बुद्धि और संस्कार की प्रतीक हैं और विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाना चाहिए। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

शाह फैज स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नेताजी की जयंती और बसंत पंचमी
गाजीपुर। शाह फैज पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती एवं बसंत पंचमी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी एवं निदेशिका डॉ मीना अदहमी ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण किया। निदेशक ने छात्र-छात्राओं को नेताजी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया।

निदेशिका महोदया ने नेताजी के कार्यों पर प्रकाश डाला तथा बसंत पंचमी के महत्व से छात्रों को अवगत कराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए संकल्प दिलाया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नेताजी के कार्यों एवं वसंत पंचमी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

उक्त अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी, निदेशिका डॉ मीना अदहमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


नेता जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादाई:गोपाल यादव
गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में क्रान्तिकारी, देश के महान नेता तथा स्वतंत्रता सेनानी डॉ सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यालय समता भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई । गोष्ठी आरंभ होने के पुर्व पार्टी सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के संविधान, लोकतंत्र,देश की संप्रभुता और एकता तथा अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया।

गोष्ठी में नेता जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा उनकी देशभक्ति की चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने वह महान देशभक्त और ओजस्वी राष्ट्रवादी वह साहसी एवं अत्यंत क्रान्तिकारी थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत को सशस्त्र चुनौती दी। देशभक्ति की भावना उनमें कूट-कूट कर भरी हुई थी। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणादाई है।
इस गोष्ठी में मुख्य रूप से पुर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव, सदानंद यादव,रामवचन यादव, आजाद राय, विजय शंकर यादव, रविन्द्र प्रताप यादव,शेर अली राईन, धीरेंद्र, चन्द्र शेखर आदि मौजूद थे।
गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री अरूण सहाय ने किया।
गणतंत्र दिवस परेड में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी असिस्टेंट प्रोफेसर नेहा
2026 के गणतंत्र दिवस परेड में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी महिला महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर नेहा कुमारी ।
गाजीपुर। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद से गणतंत्र दिवस परेड–2026 के अवलोकन हेतु विशेष अतिथि के रूप में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग की असिस्टेंट प्रोफेसर नेहा कुमारी का चयन किया गया है। यह चयन महाविद्यालय एवं जिले के लिए गौरव का विषय है। नेहा वर्तमान में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी के रूप में भी कार्यरत हैं। सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में उनके योगदान को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें यह अवसर प्रदान किया गया है। नेहा कुमारी मूलतः सोनभद्र जिला की रहने वाली है। इनकी शिक्षा दीक्षा बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से हुई है। इन्हें वर्ष 2014 में कुलपति लालजी सिंह के द्वारा “बेस्ट स्टूडेंट” का सम्मान भी दिया गया है तथा यह एम.ए. गृह विज्ञान 2017 बैच की गोल्ड मेडलिस्ट भी रही है।

2021 से यह राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग में कार्यरत हैं । छात्राओं में कौशल विकास और व्यक्तित्व विकास हेतु यह विभिन्न कार्यशालाएं और प्रतियोगिता आयोजित करती रही है। राष्ट्रीय पोषण माह 2025 में इनके द्वारा जनपद स्तरीय “श्रीअन्न के लाभ और रेसिपी मेकिंग ” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम बाल विकास एक पुष्टाहार विभाग के तत्वाधान में आयोजित किया गया था । इसके अलावा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में भी एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सामाजिक मुद्दों पर छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम करती रही हैं ।जिला गंगा समिति, गाजीपुर द्वारा उपलब्ध कराए गए यात्रा विवरण के अनुसार नेहा कुमारी गणतंत्र दिवस परेड–2026 के कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इस दौरान नेहा कुमारी ने कहा कि “गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर परेड का साक्षी बनना मेरे लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का क्षण है। यह सम्मान मैं अपने संस्थान, विद्यार्थियों एवं जनपद गाजीपुर को समर्पित करती हूँ।” महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने इस क्षण को महाविद्यालय के लिए गौरव का पल बताया है। महाविद्यालय के मीडिया डॉ शिव कुमार समेत विभिन्न शिक्षाविदों, सामाजिक कर्यकर्ताओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने इस आमंत्रण पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दिया हैं।

अवैध शराब के साथ जीआरपी पुलिस ने किया एक तस्कर को गिरफ्तार
गाजीपुर। जीआरपी थाना पुलिस सिटी द्वारा अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से 29 अवैध देशी शराब मसाला (24 ब्ल्यू लाईम व 05 बन्टी बबली) मात्रा प्रत्येक 200 मिली बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन मे रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रेनो मे अपराध नियंत्रण एवं अपराधियो की गिरफ्तारी व अवैध शराब की तस्करी के रोकथाम व बरामदगी के दृष्टिगत चलाये जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी थानाध्यक्ष ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं 01 के पूर्वी छोर पर बने रोलिंग हट के पास से अभियुक्त अमीरू पुत्र उमा करोरी निवासी मणिका हरकिशुन, थाना मुसहरी, जिला मुजफ्फरपुर, राज्य बिहार उम्र 27 वर्ष को 29 देशी शराब मसाला (24 ब्ल्यू लाईम व 05 बन्टी बबली) मात्रा प्रत्येक 200 मिली सहित गिरफ्तार किया गया । बरामदशुदा शराब के संबंध मे थाना स्थानीय पर मु0अ0स0 02/26 धारा 60(1) EX. ACT पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
पूछताछ करने पर अभियुक्त ने बताया कि बिहार मे शराब बन्दी है। ट्रेन से बिहार मे ले जाकर शराब को उँचे दामो पर बेच कर अपना व अपने परिवार का जीवकोपार्जन करता हुँ लेकिन आज आप लोगो द्वारा पकड़ लिया गया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव के साथ हेड कांस्टेबल विजय कुमार यादव और का0 शैलेन्द्र कुमार यादव शामिल रहे।
एसपी ने दस उपनिरीक्षकों का बदला कार्य क्षेत्र, कुछ को मिली नई जिम्मेदारी
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा ने गुरुवार की शाम दस उपनिरीक्षकों के तबादले, चौकी प्रभारियों की अदला-बदली और पुलिस लाइन से थानों में तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू हैं। बता दें कि साइबर सेल प्रभारी रहे तेज तर्रार शिवाकांत मिश्रा को गोराबाजार चौकी प्रभारी बनाया गया। शिवकांत साइबर सेल प्रभारी रहते हुए साइबर फ्राड के गिरफ्त में आए सैकड़ों पीड़ितों के साइबर फ्राड के चलते गए हुए लाखों रुपये वापस दिलाए। रुपये मिलने के बाद सभी पीड़ितों ने भी शिवकांत मिश्र के काम की सराहना की। इसी तरह गोराबाजार चौकी प्रभारी शैलेश यादव को करण्डा थाना में तैनाती मिली। रोहित द्विवेदी को कामाख्या चौकी प्रभारी बनाया गया। प्रॉपर्टी सीजर सेल के तेज तर्रार उप निरीक्षक विवेक तिवारी को साइबर सेल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी प्रकार अन्य उपनिरीक्षकों को भी नई तैनाती मिली।

ब्यूटी एंड वैलनेस कार्यशाला में छात्राओं को दी गई ट्रेनिंग
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग व क्वींस अकादमी गाज़ीपुर के संयुक्त तत्वाधान में चल रही 15 दिवसीय कार्यशाला ब्यूटी एंड वैलनेस का आज बुधवार को तृतीय दिवस था। आज कार्यशाला की ट्रेनर आयुश्री सिंह ने प्रतिभागियों को त्वचा के प्रकार के अनुसार मुंहासे, दाग धब्बे, डार्क सर्कल्स आदि के लिए हाई फ्रीक्वेंसी ट्रीटमेंट की थ्योरी और डिमॉन्स्ट्रेशन के साथ साथ, प्रतिभागियों को हैंड्स ऑन ट्रेनिंग भी दी। त्वचा को ताज़ा, चमकीला व स्वस्थ रखने के लिए विभिन्न प्रकार के शीट मास्क की जानकारी दी व क्वींस अकादमी की सहायक ट्रेनर्स शिवानी, सुप्रिया और सुनिधि ने छात्राओं को शीट मास्क का डेमो दिया।

प्रतिभागियों ने त्वचा को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए घरेलू उत्पादों का प्रयोग करके विभिन्न प्रकार के शीट मास्क बनाना भी सीखा। कार्यशाला की कॉर्डिनेटर, डॉ शिखा सिंह ने छात्राओं से आज की कार्यशाला विषयों का फीडबैक लिया व प्रतिदिन उपस्थित रहने की और लगातार सीखने की हिदायत दी।
कार्यशाला में 170 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।


विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस, डीएम ने दिए निर्देश
गाजीपुर। 26 जनवरी, 2026 गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम के तैयारियों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को कलेक्टेªट सभागार में समस्त अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न की। बैठक के दौरान उन्होने बताया कि 26 जनवरी के दिन स्वतंत्र भारत में संविधान को लागू किया गया एवं देश को धर्म निरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया गया। संविधान के माध्यम से भारत के समस्त नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। गणतंत्र दिवस हमारे राष्ट्रीय स्वतंत्रता एवं राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। आओ सभी मिलकर देश के शहीदों, राष्ट्रभक्तों, देशभक्तों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति आदर एवं सम्मान अभिव्यक्त करें एवं हर्षाेल्लास से हमारे राष्ट्रीय पर्व को मनाये तथा यह प्रण करे कि राष्ट्र की उन्नति के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इसी क्रम में 26 जनवरी, 2026 को मनाये जाने वाले कार्यक्रम को भव्य मनाने हेतु निम्नलिखित दिशा निर्देश दिये गये है जिसमें 7.30 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी दो भागो मे आयोजित की जायेगी। टाउनहाल से प्रारम्भ होकर कलेक्ट्रेट त्रिमुहानी पर पहुॅचकर समाप्त होगी तथा पी0जी0 कालेज चौराहा से प्रारम्भ होकर कलेक्ट्रेट त्रिमुहानी पर समाप्त होगी। इस अवसर पर समस्त सरकारी भवनों पर प्रातः 8.30 बजे झण्डा अभिवादन एवं राष्ट्रगान होगा तथा संविधान में उल्लिखत संकल्प लिया जायेगा। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभातफेरी से वापस आये बच्चों, सम्मानित अतिथियों एवं नागरिको को मिष्ठान वितरण किया जायेगा। झण्डारोहण के पश्चात 8.40 बजे कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी द्वारा एवं तहसीलों में सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/सैन्य कर्मियों की विधवाओं को सम्मानित किया जायेगा। 9.00 बजे नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्र में एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खण्ड विकास अधिकारी द्वारा महापुरूषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण करेंगे तथा ऐसे स्थलो पर विशेष सफाई व्यवस्था करेंगे इसके अतिरिक्त समस्त टाउन एरिया के सटे ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई, अभियान चलाया जायेगा तथा सभी मलिन बस्ती की सफाई, अभियान चलाकर समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत द्वारा किया जायेगा तथा मलिन बस्ती तुलसी सागर एवं महाजन टोली में स्वास्थ कैम्प लगाकर/निःशुल्क दवा वितरण का आयोजन किया जायेगा। प्रातः 09 बजे सभी आगनबाड़ी केन्द्रों पर सरकारी योजनाओं क बारे में संगोष्ठी आयोजित कर उपस्थित सभी बच्चों को पंजरी हल्वा एवं लड्डू का वितरित किया जायेगा जिनके नोडल अधिकारी कार्यक्रम अधिकारी होंगे। साइकिल दौड़ 10 कि0मी0 जिला क्रीड़ा अधिकारी की उपस्थिति में नेहरू स्टेडियम से पी0जी0कालेज होते हुए पुलिस लाईन होते हुए हेतीमपुर से नेहरू स्टेडियम पर समाप्त किया जायेगा। प्रातः 09ः30 बजे पुलिस लाईन में झण्डा रोहण व परेड का कार्यक्रम किया जायोगा। 09ः30 बजे जिला अस्पताल/महिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण का कार्य एवं जिला अस्पताल में स्थित पोषण पुर्नवास केन्द्र के मरीजो को उपरोक्तानुसार फल आदि का वितरण भी किया जायेगा। 10 बजे समस्त सरकारी/गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं में झण्डारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। 11ः00 बजे जिला कारागार में कैदियों को फल एवं मिष्ठान वितरण किया जायेगा। दोपहर 12 बजे सिटी स्कूल में शिक्षण संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक/देश भक्ति कार्यक्रम/निबन्ध/चित्रकला/स्वतंत्रता आंदोलन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का अयोजन किया जायेगा। दोपहर 01 बजे बाल सुधार गृह के बच्चों को भोजन तथा टेण्ट आदि की व्यवस्था तथा बच्चों को भोजन के बाद एक पेन व एक डायरी का वितरण की व्यवस्था जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा किया जायेगा।
उन्होने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 22 से 26 जनवरी, 2026 की रात्रि में अपने अपने कार्यालय भवन को तथा समस्त उपजलाधिकारी तहसील भवन को प्रकाशमान करेंगे। महापुरूषों की मूर्तियों एवं परिसर की साफ-सफाई तथा रंग रोगन नगरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खण्ड विकास अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। मुख्य चौराहों पर देश-भक्ति के गीत बजवाने की कार्यवाही/व्यवस्था अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत द्वारा किया जायेगा।