जनपद न्यायालय व मुहम्मदाबाद तहसील में दुकानों की नीलामी 8 सितंबर को
गाजीपुर। जनपद न्यायालय परिसर एवं तहसील मुहम्मदाबाद स्थित न्यायालय परिसर में संचालित होने वाली विभिन्न दुकानों की नीलामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष अवधि के लिए की जाएगी। केन्द्रीय नजारत के अनुसार, जनपद न्यायालय परिसर में गेट नंबर-12 के सामने स्थित चाय, नमकीन एवं मिठाई की दुकान नंबर-02 तथा तहसील मुहम्मदाबाद स्थित सिविल जज (जू.डि.) न्यायालय परिसर में चाय, नमकीन, मिठाई, पान एवं फोटोस्टेट की दुकान की नीलामी प्रस्तावित है। नीलामी समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कक्ष संख्या-01, गाजीपुर शक्ति सिंह प्रथम ने बताया कि इच्छुक आवेदक सीलबंद निविदाएं 5 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक केन्द्रीय नजारत, जनपद न्यायालय, गाजीपुर में जमा कर सकते हैं। प्राप्त निविदाओं को 8 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे नीलामी समिति के समक्ष खोला जाएगा। इच्छुक आवेदक निविदा खोले जाने के समय स्वयं उपस्थित रह सकते हैं।
बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज, सितंबर में दो बड़ी हड़तालें और अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल; मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
गाजीपुर। बैंक कर्मचारियों की लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने राष्ट्रव्यापी आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन ने आंदोलन के अगले चरण का विस्तृत कार्यक्रम घोषित करते हुए सितंबर में एक दिवसीय और तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद भी मांगों का सकारात्मक समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। यूएफबीयू की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई योजना को वापस लेना अथवा उसके क्रियान्वयन पर रोक लगाना, यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से पीएलआई योजना में आवश्यक संशोधन करना तथा लंबित अवशिष्ट मुद्दों का शीघ्र समाधान करना शामिल है। आंदोलन के प्रथम चरण में 24 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक बैंक कर्मचारी नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप ही कार्य करेंगे। इस दौरान अतिरिक्त सहयोग से विरत रहने तथा निर्धारित कार्य अवधि से पहले या बाद में कार्य नहीं करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए विभिन्न तिथियों पर प्रदर्शन, काला बिल्ला धारण, पोस्टर अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल होगी। मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। यूएफबीयू ने स्पष्ट किया है कि इसके बावजूद यदि सरकार और संबंधित पक्षों की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल शुरू की जाएगी।यूएफबीयू गाजीपुर इकाई के जिला संयोजक कॉमरेड सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत अपनी न्यायोचित मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनियनों के साथ सहमति और द्विपक्षीय वार्ता की भावना के विपरीत लिए गए एकतरफा निर्णयों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों का समाधान बातचीत और सहमति के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने गाजीपुर जनपद के सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से यूएफबीयू के आंदोलन कार्यक्रम में पूरी एकजुटता के साथ भाग लेने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। यूएफबीयू ने संकेत दिया है कि यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इससे आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।
दिलदारनगर स्टेशन पर जियारत एक्सप्रेस का ठहराव 26 अगस्त से
रेल मंत्रालय ने दी स्वीकृति, जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी ने जताया आभार
गाजीपुर। जदयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने शुक्रवार को सकलेनाबाद स्थित आवास पर पत्रकारों को बताया कि राजेंद्रनगर टर्मिनल से अजमेर जंक्शन के बीच चलने वाली जियारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12395/12396) का दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर ली है। ट्रेन का ठहराव 26 अगस्त से दिलदारनगर स्टेशन पर शुरू होगा।विनीत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से जियारत एक्सप्रेस के दिलदारनगर स्टेशन पर ठहराव की मांग थी। उन्होंने सांसद नालंदा कौशलेंद्र कुमार के पत्र के साथ अपना पत्र संलग्न कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी और तीन मांगें रखी थीं। इनमें से एक मांग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्री ने जियारत एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी। शेष दो मांगों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने रेल मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि अन्य दोनों मांगों को भी जल्द स्वीकृति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सुहेलदेव एक्सप्रेस के संचालन के समय तत्कालीन रेल राज्य मंत्री और वर्तमान में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जौनपुर भंडारी स्टेशन से जौनपुर सिटी स्टेशन के बीच कॉर्ड लाइन की स्वीकृति दी थी। इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इससे गाजीपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को बिना इंजन बदले सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। विनीत तिवारी ने बताया कि एक अन्य मांग पाटलिपुत्र से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/12142 के गहमर स्टेशन पर ठहराव की है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय इस मांग को भी शीघ्र स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा कि जदयू पूर्वांचल की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को समय-समय पर उठाता रहेगा तथा उनके समाधान के लिए पार्टी पूरी तरह दृढ़संकल्पित है। प्रेसवार्ता में जदयू जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पटेल और युवा जिलाध्यक्ष अमजद खान मौजूद रहे।
गाजीपुर की बेटियों का दमदार पंच, सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग में शाह फैज़ पब्लिक स्कूल रनर-अप
गाजीपुर। शाह फैज़ पब्लिक स्कूल, गाजीपुर की छात्राओं ने सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को रनर-अप का गौरव दिलाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अर्पिता कुमारी, नव्येद्या आनंद और अंजली कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं शिल्पा यादव ने रजत पदक हासिल किया। विशाखा यादव, अंशिका राय और आयत फातिमा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने विजेता छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक देवेंद्र प्रजापति के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका डॉ. मीना अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
पूर्वांचल यात्रा का गाजीपुर में जोरदार स्वागत, छात्रों ने उठाई रोजगार और शिक्षा की आवाज
गाजीपुर। रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान के तत्वावधान में नौ सूत्री एजेंडे को लेकर 9 अगस्त को मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा शनिवार को गाजीपुर पहुंची। पीजी कॉलेज गाजीपुर, स्वामी सहजानंद सरस्वती पीजी कॉलेज, कलेक्ट्रेट, लंका चौराहा, महुआबाग चौराहा और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर छात्रों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा नौ सूत्री एजेंडे का पुरजोर समर्थन किया।
इस दौरान शहीद चंद्रशेखर, स्वामी सहजानंद सरस्वती, बाबू राजेश्वर सिंह, केशव शर्मा और कामरेड सरजू पांडेय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में दीपक उपाध्याय, प्रद्युम्न यादव, शिवम उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, अंशु पांडेय, नीलेश बिंद, शशांक उपाध्याय, आकाश चौधरी, सुधाकर पांडेय, विक्की पांडेय, विकास यादव, राहुल यादव, अभिषेक गौड़, अधिवक्ता अरुण श्रीवास्तव और अधिवक्ता शिब्बू भाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पीजी कॉलेज गाजीपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन जैसे संवैधानिक अधिकारों की गारंटी सुनिश्चित करने तथा कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को मजबूत करने के लिए सरकार को जवाबदेह और उत्तरदायी बनाना जरूरी है। उन्होंने कॉरपोरेट संपत्तियों पर टैक्स लगाने, कॉरपोरेट पूंजी के विनियमन एवं नियंत्रण तथा मुनाफाखोरी और आर्थिक लूट पर रोक लगाने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. शम्मी कुमार सिंह ने देश में रिक्त पड़े करीब एक करोड़ पदों पर पारदर्शी भर्ती, प्रदेश से पूंजी पलायन रोकने, युवाओं को उद्यम के लिए सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराने, प्राकृतिक संसाधनों की लूट और निजीकरण पर रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण की मांग रखी।
छात्र नेता दीपक उपाध्याय ने पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने, प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने, रिक्त पदों को तत्काल भरने और छात्र संघ की बहाली का मुद्दा उठाया। पूर्वांचल यात्रा संयोजक मंडल की सदस्य रूबी सिंह गोंड और गूंजा गोंड ने युवाओं से 20 सितंबर को वाराणसी के शास्त्री घाट पर आयोजित सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
वक्ताओं ने बताया कि पूर्वांचल यात्रा के नौ सूत्री एजेंडे में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, असंगठित मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा सहित रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
कार्यक्रम में डॉ. राम प्रकाश गौतम, अशोक कुमार, सविता गोंड, अर्जुन प्रसाद, इंद्रदेव खरवार, सुगवंती गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रोजगार अधिकार अभियान के नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश सचान भी मौजूद रहे।
गाजीपुर में 25 अगस्त को रोजगार मेला, 23,999 रुपये तक मिलेगा वेतन
गाजीपुर। जिले के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 अगस्त 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 10 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित होगा। रोजगार मेले में हिन्डालको, सुब्रोस, ग्लोबल ऑटो टेक, ग्लोबल एल्यूमिनियम सहित देश की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित युवाओं को पद एवं योग्यता के अनुसार 15,000 से 23,999 रुपये प्रतिमाह (CTC) तक वेतन मिलेगा। इस रोजगार मेले में आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण 18 से 30 वर्ष आयु के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार संबंधित कंपनियों में ऑनलाइन आवेदन करना होगा।अभ्यर्थियों को 25 अगस्त को प्रातः 10 बजे अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों के मूल एवं छायाप्रति के साथ रोजगार मेले में पहुंचना होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए कोई यात्रा व्यय देय नहीं होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। रोजगार संगम पोर्टल पर कंपनियों की रिक्तियों एवं अन्य विवरण उपलब्ध हैं।
कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच, 11 नमूने लिए गए
गाजीपुर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेश पर जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) के निर्देश पर 21 और 22 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों से कुल 11 सर्विलांस नमूने संग्रहित किए।
अभियान के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बाराचवर, मुहम्मदाबाद से तैयार गेहूं की रोटी और सब्जी के एक-एक नमूने लिए गए। गंगौली, कासिमाबाद स्थित विद्यालय से तैयार मटर-छोला सब्जी और चावल के नमूने संग्रहित किए गए। जखनिया स्थित विद्यालय से पके चावल और रोटी तथा सादात, जखनिया स्थित विद्यालय से पके चावल, अरहर-चना मिश्रित दाल, रोटी और सब्जी के नमूने लिए गए। वहीं सैदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से पकी अरहर की दाल का नमूना संग्रहित किया गया।
विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ द्वारा की गई।
बाढ़ से पहले तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने जमानियां के संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा
गाजीपुर। जनपद में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जमानियां क्षेत्र के पक्का बलुआ घाट का निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री, नाव तथा बचाव एवं राहत कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सब्बलपुर कलां में कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ एवं कटान से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए पहले से ही पर्याप्त राहत सामग्री और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की स्थिति तथा संभावित समस्याओं की जानकारी ली।
बड़ी संख्या में पशुओं के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त मात्रा में चारा-भूसा की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ एवं कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने बाढ़ से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। साथ ही गांव में ई-खसरा की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में प्रशासन प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जमानियां, तहसीलदार जमानियां सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक, अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर जोर
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय गाजीपुर, बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां सहित अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत शक्ति सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव नीरज गोंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नीरज गोंड ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, बाट-माप प्रचलन अधिनियम, कराधान, बिजली चोरी तथा अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वैवाहिक विवादों को भी सुलह-समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से परिपक्व कराकर लोक अदालत में निस्तारित कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में अधिक से अधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कर आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, समाज कल्याण विभाग के अभय कुमार सिंह, राज्य कर विभाग के विवेकमणि तिवारी, आबकारी निरीक्षक पवन मिश्रा, जिला सेवायोजन विभाग के पवन कुमार, खाद्य एवं रसद विभाग के अनंत प्रताप सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, संदीप यादव सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रो. राकेश कुमार सिंह, पीजी कॉलेज प्राचार्य ने दी बधाई
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नए कुलपति के रूप में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रोफेसर प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है।कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति होंगे। वह विश्वविद्यालय के 21वें कुलपति होंगे। वर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को समाप्त हो रहा है। प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नियुक्ति पर पीजी कॉलेज गोराबाजार के प्राचार्य एवं प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने प्रो. राकेश कुमार सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुभवी एवं योग्य शिक्षाविद् के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी। उनके कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय से संबद्ध गाजीपुर जनपद के 380 महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता को भी नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है। पीजी कॉलेज परिवार ने नए कुलपति के सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. अविनाश चंद्र राय, डॉ. अरुण कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, आशीष सिंह एवं प्रदीप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी नए कुलपति को शुभकामनाएं दीं।