गाजीपुर। रविवार को पूर्व नियत कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत की सामान्य बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में पूर्वान्ह 10 बजे से प्रारम्भ हुआ। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गयी। जिला पंचायत को वर्ष 2023-24 में पंचम राज्य वित्त आयोग एवं पन्द्रहवां वित्त आयोग के अन्तर्गत 50 करोड़ की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन हुआ। इसके साथ जिला पंचायत के क्षेत्राधिकार में व्यवसायियों पर विभव व सम्पत्ति कर वर्ष 2022-23, मूल्य-81.92 लाख अनुमोदन के साथ शासकीय अनुदान से होने वाले कार्यों का नामकरण जनपद में 130 शहीदों के नाम पर किये जाने का अनुमोदन किया गया। जनपद एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं का मनरेगा लेबर बजट वर्ष 2023-24 अनुमोदित हुआ। बैठक में सदस्य विधान परिषद् विशाल सिंह चंचल, विधायक सदर जैकिशन साहू, विधायक जंगीपुर, डॉ० वीरेन्द्र यादव, विधायक जमानियाँ ओम प्रकाश सिंह के साथ ही जिला पंचायत सदस्य, प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक राजेश यादव, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थें। बैठक का संचालन सुजीत कुमार मिश्रा, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत, द्वारा किया गया।
गाजीपुर। राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग उ0प्र0 विजय लक्ष्मी गौतम की अध्यक्षता एंव विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल की उपस्थिती में विकास कार्याे की समीक्षा बैठक रायफल क्लब सभागार में रविवार को सम्पन्न हुई। बैठक में मंत्री ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, सांसद निधि, विधायक निधि से कराये गये कार्य, सांसद आदर्श ग्राम योजना, ग्रांम पंचायतो में संचालित ग्राम सचिवायल के संचालन की जानकारी, मनरेगा, खेल मैदान, अमृत सरोवर, स्वयं सहायता समूह, जल जीवन मिशन (ग्रामीण), एवं आई जी आर एस पर प्राप्त शिकायतो एंव उसके निस्तारण की जानकारी ली। बैठक के दौरान कहा कि आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियो को चिहिन्त करते हुए योजना का लाभ दिया जाये। किसी भी अपात्र का चयन न हो। इसके अतिरिक्त सांसद एवं विधायक निधि से कराये जा रहे विभिन्न विकास परक कार्योे का निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ससमय एंव मानक के अनुरूप पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होने कहा सांसद आदर्श ग्राम मे सरकार द्वार संचालित समस्त योजनाओ मे पारदर्शिता बरतते हुए पात्रो को लाभान्वित किया जाये। उन्होने कहा कि जिन-जिन ग्राम पंचायतो में पंचायत भवन पूर्ण हो चुके है वहां ग्राम सचिवालय का संचालन किया जाये तथा ग्राम सचिवालयो पर सरकार की लाभकारी योजनाओ का बोर्ड लगाकर लोगो योजनाओ की जानकारी दी जाये। उन्होने सभी ग्राम पंचायतो में खेल मैदान का चिन्हिकरण करते हुए खेल मैदान बनाने तथा समस्त ग्राम पंचायतो में अमृत सरोवर का निर्माण कराते हुए अमृत सरोवर पर पाथ-वे, वृक्षारोपण , औषधीय पौधो का रोपण एवं ब्रेन्च की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारियो को अपने कार्यालय में प्रतिदिन पूर्वान्ह 10 से 12 बजे के मध्य जनसुनवाइ करते हुए शिकायतो का निस्तारण करने का निर्देश दिया। अधिकारी जनसुनवाई के पश्चात ही क्षेत्र भ्रमण करेगे। इसके अतिरिक्त शासन के निर्देश के क्रम प्रत्येक शुक्रवार को समस्त विकास खण्डो ग्राम चौपाल का आयोजन कर शिकायतो का तत्काल निस्तारण किया जाये। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक राजेश यादव, डी सी मनरेगा, डी सी एन आर एल एम, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एंव अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा रविवार को उत्तर प्रदेश के पशुपालकों को तोहफा प्रदान किया गया है। प्रदेश भर के पशुपालकों को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर फोन करने के उपरांत घर बैठे उनके पशुओं का उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा लखनऊ में किया गया, जिसमें 201 करोड़ रुपए की लागत से 520 मोबाइल वेटरिनरी यूनिट का फ्लैग ऑफ करते हुए शुभारंभ किया गया। जिनका लाभ उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में प्राप्त होने जा रहा है। इस कड़ी में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में एक कार्यक्रम आयोजन हुआ। जिसमें लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा गया। तत्पश्चात जनपद की वेटरिनरी मोबाइल यूनिट को एम एल सी, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आयोजित कार्यक्रम में एम एल सी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री योगी के द्वारा आज पशुपालकों के लिए यह महत्वपूर्ण योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों से इस योजना को गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप संचालित करने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना का जनपद के समस्त पशुपालकों को भरपूर लाभ प्राप्त हो सके यही मुख्यमंत्री की मंशा है।
उन्होने पशु चिकित्साधिकारियो को इस योजना के तहत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर पशुपालकों के द्वारा जो कॉल की जाए उनका तुरंत संज्ञान लेते हुए घर बैठे पशुपालकों को पशुओं का इलाज संभव कराया जाए ताकि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का सरलता के साथ सभी पशुपालकों को घर बैठे इस योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। अतः जनपद में पशुपालकों के लिए इसे बहुत ही दृढ़ता के साथ संचालित किया जाए। कार्यक्रम के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी वेटरिनरी यूनिट कि मोबाइल टीमों को निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत दो मोबाइल वेटरिनरी यूनिट निर्धारित रूट पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 2 बजे तक संचालित होंगी। इसी प्रकार आपातकालीन सेवा में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 08 बजे तक सेवा प्रदान करेंगे तथा उनके जो मानक तय किए गए हैं सभी यूनिट अपने कार्यक्रम के तहत ग्रामों में पहुंचकर पशुपालकों को इस योजना का लाभ उपलब्ध कराएंगे। संबंधित यूनिट के चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्टाफ टोल फ्री नंबर के माध्यम से काल प्राप्त होने के उपरांत तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित स्थान पर पहुंचकर पशुपालकों को इस योजना का लाभ पहुंचाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे ताकि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का जनपद के सभी पशुपालकों को भरपूर लाभ प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, पुलिस अधीक्षक (शहर), मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी शिव कुमार रावत, परियोजना निदेशक राजेश यादव, अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। युवा कल्याण और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ में दिनांक 23 और 24 मार्च को आयोजित “युवा 20 परामर्श” (¼Youth 20 Consultation½ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद का प्रतिनिधित्व तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान, पी०जी०कॉलेज की छात्रा विदुषी सिंह ने किया। यह जनपद और संस्थान के लिए बड़े ही गर्व का अवसर था जब युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन में तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान की छात्रा विदुषी सिंह ने जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ लेफ्टिनेंट जनरल डा० बिपिन पूरी के द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों और छात्रों का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवनीत कुमार सहगल, अपर सचिव, युवा कल्याण विभाग ने युवाओं के स्वास्थ्य और उनमे सुधार से सम्बंधित अपने विचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अमेरिका, इंग्लैंड, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, मलेशिया, एम्स नई दिल्ली, पटना, बेंगलुरु आदि जगहों से विशषज्ञों की भागीदारी रही। सबने युवा कल्याण से सबंधित अपने व्याख्यान प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग को स्वस्थ बनाकर एक नए भारत के निर्माण हेतु आवश्यक विचारों को जानना था। जिसके तहत नशा मुक्ति पर विशेष प्रस्तुति की गई। युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के देखरेख हेतु मेडिटेशन और अन्य उपायों को बताया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त जनपदों के चयनित छात्रों ने भाग लिया। तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान पी०जी०कॉलेज के प्रबधक अजीत कुमार सिंह, अपर महाधिवक्ता, उ०प्र० ने विदुषी सिंह के अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन में प्रतिभागिता पर हर्ष प्रकट किया और उनके प्रयासों द्वारा युवाओं को स्वास्थ्य एवं खेल के लिए पी०जी०कॉलेज के खेल मैदान को खेल सुविधाओं से सुस्सज्जित कर दिया। जहाँ प्रतिदिन छात्र छात्राएं योग, मैडिटेशन, खेल (इनडोर एवं आउटडोर दोनों ) इत्यादि का लाभ लेते हैं। जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्रा विदुषी सिंह को पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सहायक निदेशक डा० अजीत प्रताप सिंह ने विदुषी सिंह को बधाई एवं शुभकामना प्रदान की। प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डा० अमित प्रताप ने बधाई एवं शुभकामना प्रदान कर इस प्रकार के कार्यक्रम में भागीदारी हेतु समस्त छात्रों को प्रेरित किया। इस उपलब्धि पर संस्थान में हर्ष एवं उत्साह का माहौल बना हुआ है।
सैदपुर (गाजीपुर) भारतीय नववर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन कार्यक्रम जिला प्रचारक हेमन्त के नेतृत्व में शनिवार को सैदपुर नगर में भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान आरएसएस के सैकड़ो स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में दण्ड सहित तैयार होकर पंक्तिबद्ध तरीके से तथा फूल माला से सजे रथ और उस रथ पर भारत माता और भगवान श्रीराम के चित्र के साथ साथ संघ से संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार और माधव सदाशिवराव गोलवलकर “श्री गुरुजी” का चित्र लगाकर झांकी पूरे नगर में निकाली गयी। जिस जिस रास्ते से झांकी गुजर रही थी उसे देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ नगर वासियों का हुजूम खड़ा हो जा रहा था। देशभक्ति की भावना से प्रेरित नगरवासी स्वयंसेवको के ऊपर पुष्प वर्षा कर रहे थे। नगरवासी भारत माता की जय का उदघोष भी लगा रहे थे जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत प्रोत दिख रहा था। पथ संचलन का कार्यक्रम पक्का घाट रामलीला मैदान से शुरू होकर हरि चौराहा, मुख्य बाजार होते हुए मुख्य सड़क से त्रिमुहानी, रानी चौक, पुरब बाजार, तहसील से होकर पूरे नगर में भ्रमण के बाद डायट परिसर के पास उपवन में सभी स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ। मुख्य वक्ता जिला संघचालक पारस नाथ ने अपने उद्बोधन में कहा कि सन 1925 में डॉ साहब ने संघ की स्थापना किया। जिसका मूल उद्देश्य अपने असंगठित समाज की संगठित करना था। डॉ साहब के भीतर जन्मजात राष्ट्रभक्ति की भावना थी। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद भी देश सेवा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दिया।
डॉ साहब हमेशा सोचते रहते थे कि हम गुलामी के जंजीरों में क्यों जकड़े है जबकि हमारे देश मे बहादुरों की कोई कमी नही है, शिक्षा के क्षेत्र में हमारा कोई मुकाबला नही है, धन सम्पदा में भी हम किसी से कम नही है फिर भी गुलाम है तो उसका एक ही कारण है हम संगठित नही है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संघ की स्थापना की जो आज निरन्तर आगे बढ़ता जा रहा है और आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। आगे उन्होंने कहा कि यदि हम ऐसे ही एक एक कदम आगे बढ़ते रहे तो वो दिन दूर नही जब भारत माता को विश्व के सर्वोच्च शिखर पर स्थापित हो जाएं। इस अवसर पर जिला प्रचारक हेमन्त, जिला कार्यवाह नागेन्द्र, मुकेश, डॉ कृष्णगोपाल, सन्टी वर्मा, अनिल सोनकर, राजकिशन जायसवाल, रामनारायण, सुजीत, शुभम, भोला, विष्णु आदि सैकड़ो स्वयंसेवक मौजूद रहे। अंत मे प्रह्लाद जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन कार्यक्रम में पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता बहुत ही ज्यादा देखने को मिली । जिस समय पथ संचलन का कार्यक्रम हो रहा था उस समय ना तो सैदपुर कोतवाल शिवकुमार वर्मा दिखे ना ही कोई दरोगा दिखा । खानापूर्ति के नाम पर 4 से 5 सिपाही लगे थे वो भी पूरे रास्ते भर मोबाईल पर बात करते रहे । यहाँ तक कि संचलन के समय स्वयंसेवको के बीच से कोई मोटरसाइकिल तो कोई साइकिल लेकर निकल जा रहा था । रास्ते मे भी कई जगह जाम की स्थिति बनी रही । पुलिस की ऐसी निष्क्रियता के कारण बड़ी घटना होते होते बची । कोतवाल की लापरवाही की चर्चा नगर में हर जगह हो रही है कि संघ के कार्यक्रम में जब पुलिस ऐसी निष्क्रिय है तो आम जनमानस इससे क्या उम्मीद रखेगा । पथ संचलन के समाप्ति के दौरान कोतवाल खानापूर्ति के नाम पर कुछ देर के लिए आये लेकिन फिर वापस चले गए ।
गाजीपुर। रायफल क्लब सभागार में प्रस्तावित जिला योजना संरचना वर्ष 2022-23 के अनुमोदनार्थ जिला योजना समिति की बैठक प्रभारी मंत्री जिला योजना समिति/ प्रभारी मंत्री राज्य मंत्री (स्व0प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एंव पंजीयन विभाग उत्तर प्रदेश शासन रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में सांसद अफजाल अंसारी, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जमानियां ओमप्रकाश सिंह, विधायक जैकिशुन साहू, विधायक जखनियां वेदी राम, विधायक मुहम्मदाबाद सुएब उर्फ मन्नू अंसारी, विधायक जंगीपुर डा0 वीरेन्द्र यादव, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिलाध्यक्ष भाजपा भानु प्रताप सिंह, जिला पंचायत तथा समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मत से पिछली बैैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा जनपद के विभिन्न विकास से संबंधित विभागों की गहन समीक्षा किया गया।
जिला योजना समिति के अनुमोदनार्थ प्रस्तावित जिला योजना संरचना वित्तीय वर्ष 2022-23 के मूल बजट का भी अनुमोदन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के नामित सदस्यों ने विभागवार कार्याे की समीक्षा की तथा अधूरे पड़े विकास कार्यों पर भी चर्चा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 में जनपद के लिए 46 योजनाओं में कुल 5 सौ 48 करोड़ 3 लाख रुपये की अनुमानित बजट का अनुमोदन किया गया। जिस पर मंत्री ने जनपद के विकास हेतु शासन से शत-प्रतिशत बजट अवमुक्त कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि अधिकारी अपने विभागो की योजनाओ को स्वीकृत कराते हुए शासन को भेजे। आगे शासन से जो निर्देश प्राप्त होगे उसकी जानकारी सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी उपलव्ध कराया जाय। उन्होंने कहा कि विभागो में आवंटित बजट का शत-प्रतिशत व्यय हो इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। मंत्री ने कार्यक्रम उपरान्त अपने सम्बोधन मे कहा कि इस जनपद के विकास के लिए जो भी मुझे करना होगा उसको पूरी तन्मयता से लग कर पूरा करूगा। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी, द्वारा सदन में प्रस्तावित कार्याे की सूची को सभी सदस्यो के सम्मुख पढ कर सुनाया गया।
गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन शनिवार को लुर्दश कान्वेंट स्कूल के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रवीन्द्र जायसवाल प्रभारी मंत्री/ स्टाम्प न्यायालय एवं पंजीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रभारी मंत्री ने जनपद के विकास खंडों से जिला युवा संसद में भाग लेने आए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब भारत में वास्तविक लोकतंत्र है। पहले शासक राजा -रानी के घर में पैदा होते थे। हमारे पूर्वजों के सर्वाेच्च कुर्बानियों के बदौलत देश को आजादी मिली। मतदान का अधिकार मिला अपने देश के भविष्य को चुनने का। अब जनता जहॉ एक तरफ विरासत के शासकों को इंकार कर रही है वही दूसरी तरफ अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के द्वारा मुकाम हासिल करने वालों को चुन रही है।
हमारे प्रधानमंत्री इसके साक्षात उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवा भारत के भविष्य हैं। उनकी जैसी सोच होगी वैसा ही देश बनेगा। प्रधानमंत्री की मंशा है कि देश के युवाओं को एक मंच मिले जहां वह अपनी बात निर्भीक होकर रख सके। नेहरू युवा केंद्र द्वारा पड़ोस युवा संसद का आयोजन कर युवाओं को अभिव्यक्त का अवसर देना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री के पंच प्रण का भी उल्लेख किया। उन्होंने जी-20 पर कहा कि यह हमारे देश के लिए गौरव की बात हैं कि इस वर्ष भारत को अध्यक्षता का गुरूतर दायित्व मिला है। हम पहले से ही बसुधैव कुटुंबकम/एक धरती, एक परिवार एवं एक भविष्य की परिकल्पना पर चलते आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि भारत को 2047 के पूर्व विकसित देश की श्रेणी में लाने के साथ-साथ विश्व गुरु बनने की दिशा में पूरे पुरुषार्थ के साथ अभी से लग जाये एवं दिए गए दायित्वों का बखूबी निर्वाहन करें।
युवाओ द्वारा जी-20, वाई-20, मिशन लाईफ, अन्तर्राष्टीय मिलेट वर्ष तथा मोटे अनाज के प्रचलन आदि विषयो पर खुल कर अपने विचार रखें गये। बेहतर अभिव्यक्ति के लिए पुष्पाजंलि सिंह को प्रथम, अलका यादव द्वितीय एवं प्रार्थना विवेक को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। दक्षिण अफ्रीका की सबसे ऊची चोटी माउन्ट किली अन्जारो पर विश्व रिकार्ड बनाने वाली एवं वर्तमान में माउन्ट एवरेट पर चढ़ाई की तैयारी कर रही गुंजन कुमारी को सम्मानित किया गया। विषय वस्तु पर सुबोध कन्नौजिया, सुबेदार सनेही एवं लुदर्स कान्वेंट की कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति सराहनीय रही। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि युवा संसद की थीम पर्यावरण सरंक्षण, जीवन जीने की शैली में परिवर्तन के लिए अपनी संस्कृति के तरफ आना होगा। आधुनिक जीवन शैली स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तो है ही, देश की प्रगति के लिए भी बाधक है। रवि प्रकाश जिला विस्तारक ने कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निवर्हन करे तभी देश विकसित राष्ट्र बनेगा।
इस अवसर पर विशाल सिंह चंचल, एल0एल0सी, भानु प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष, सुनिता सिंह पूर्व विधायक जमानियॉ, आर्यका अखौरी जिलाधिकारी, ओमवीर सिंह पुलिस अधीक्षक, संतोष कुमार वैश्य मुख्य विकास अधिकारी, अशोक नाथ तिवारी जिला विद्यालय निरीक्षक, दिलीप कुमार पाण्डेय जिला कार्यक्रम अधिकारी, सिस्टर अर्जना प्रधानाचार्य, पारसनाथ, छवीनाथ प्रधानाचार्य एवं अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी का स्वागत एवं विषय प्रर्वतन नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी कपिल देव राम ने किया। स्वागत गीत लूदर्स कान्वेंट की बालिकाओ द्वारा प्रस्तुत किया गया। संचालन नेहरू युवा केन्द्र के सुभाष चन्द्र प्रसाद ए0पी0ए0 एवं अगंद सिंह यादव ने किया। आभार बृजेश कुमार श्रीवास्तव जिला परियोजना अधिकारी ने किया।
गाजीपुर। प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल को 1 वर्ष पूर्ण होने तथा कुल 6 वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर सुशासन, विकास और रोजगार, डबल इंजन की सरकार की थीम पर जनपद के प्रभारी मंत्री राज्य मंत्री (स्व0प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एंव पंजीयन विभाग उत्तर प्रदेश शासन रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में शनिवार को प्रेस वार्ता का आयोजन निरीक्षण गृह लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस मे किया गया। इस मौके पर प्रदेश स्तर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रेस वार्ता का सजीव प्रसारण तथा 6 वर्ष की उपलब्धियों/विकास यात्रा पर आधारित लघु फ़िल्म दिखाया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपद के समस्त विधानसभा के विगत 1 वर्ष में कराए गए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया। जनपद के प्रभारी मंत्री ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि मोदी एवं योगी के नेतृत्व में चुनाव से पहले लिये गये 120 घोषणा/संकल्प जिसे एक वर्ष के अन्तराल में ही लगभग 105 संकल्पो को पूरा कर लिया गया है। अभी सरकार के 4 साल शेष है जिसमें अपने संकल्प के अलावा अन्य कई विकास परक कार्याे को पूरा किया जायेगा।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओ के लिए बीते छह वर्षों में रोजगार का माहौल बनाया है। सरकारी नौकरियों में जातिवाद, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को खत्म किया गया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ देने में न तो जातिवाद होता है और न ही भ्रष्टाचार। हर किसी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। विकास को गति देने के लिए एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया गया है। उद्योग के क्षेत्र मे नई क्रान्ति आई है। प्रदेश में सरकार ने गुण्डा राज/माफियाओ का कमर तोड़ने का काम किया गया तथा उनके द्वारा अर्जित बेनामी सम्पत्तियो को लेकर गरीबो के लिए आवास का निर्माण कराया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। सरकार द्वारा मुफ्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई है, शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को भोजन/ मिड डे मील, मुफ्त किताबें, ड्रेस आदि भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों के लिए अनेक योजनाएं संचालित है।
प्रदेश सरकार द्वारा कमजोर वर्ग के लोगों को उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, निःशुल्क राशन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है तथा अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। इस मौके पर मंत्री ने जनपद के विभिन्न विभागों यथा महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, पीएम स्ट्रीट वेंडर्स योजना, नगर निकाय, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत सामूहिक विवाह योजना, परिवारिक लाभ योजना, अग्रणी बैंक, सेवायोजन के अंतर्गत रोजगार, यूपी नेडा, पशुपालन, एनआरएलएम, खाद्य एवं रसद विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ओडीओपी योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, श्रम योगी मानधन योजना, फसल बीमा योजना, आईसीडीएस के अंतर्गत पोषण वाटिका, उद्यान विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, मत्स्य पालन, विद्युत विभाग, कृषि विभाग आदि की उपलब्धियों की जानकारी दी।
उन्होने बताया कि जनपद में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 में 10 करोड़ से अधिक लागत की कुल 21 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिसकी कुल लागत 842.30 करोड़ है। 227.64 करोड़ की लागत से महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। जिसमें 300 बेडेड टीचिंग हास्पिटल, जिला चिकित्सालय गोरा बाजार के कैम्पस में निर्माणाधीन है। चिकित्सा महाविद्यालय क्रियाशील है एवं प्रथम बैच एवं द्वितीय बैच का शिक्षण कार्य प्रारम्भ है। वर्ष 2017-18 में जवाहर नवोदय विद्यालय फेज-1 का निर्माण कार्य 8.22 करोड़ की लागत से पूर्ण किया गया। जमानिया में गंगा नदी पर सेतु का निर्माण वर्ष 2017-18 में 72.395 करोड़ की लागत से पूर्ण किया गया। जनपद में महिला चिकित्सालय में 100 बेडेड मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य वर्ष 2017-18 में 19.24 करोड़ की लागत से कराया गया। वर्ष 2017-18 में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मनिहारी, सादात, करंडा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र -बालापुर का निर्माण कुल 8.174 करोड़ की लागत से कराया गया।
जनपद में वर्ष 2017-18 में गोरारी मार्ग से गाजीपुर-बहरियाबाद मार्ग किमी. 32 एवं बेसो नदी पर लघु सेतु पर अतिरिक्त पहुच मार्ग का कार्य पूर्ण कराया गया, जिसकी लागत 4.283 करोड़ है। इसी प्रकार इसी वर्ष में ढोढ़ाडीह रेलवे स्टेशन, परानपुर मार्ग के अवशेष भाग नाला पर लघु सेतु का कार्य पूर्ण कराया गया है। लागत. 2.549 करोड़, जाही बृजभानपुर सम्पर्क मार्ग पर बेसो नदी पर वर्ष 2017-18 में ही लघु सेतु का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया, (लागत 3.344 करोड़), कोर वन देवी सम्पर्क मार्ग के भेसही नदी पर वर्ष 2017-18 में लघु सेतु का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया, (लागत 3.344 करोड) तथा मौधा- सोनियापार के सामने गॉगी नदी पर वर्ष 2017-18 में ही लघु सेतु एवं पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया, जिसकी लागत3.300 करोड़ है।तहसील जमानियों में गंगा नदी के दायें तट पर स्थित जमानियाँ पक्का पम्प गृह का सुरक्षात्मक कार्य वर्ष 2018-19 में लागत 12.126 करोड़ से पूर्ण कराया गया है।
तहसील जमानिया में गंगा नदी के बायें तट पर स्थित ग्राम समूह बड़ेसर चन्दौली सम्पर्क मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 के बाढ़ सुरक्षा कार्य वर्ष 2018-19 लागत 24.264 करोड़ से कराया गया है। भारतीय रेलवे का जोनल प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण कार्य वर्ष 2018-19 में 9 करोड़ की लागत से कराया गया है। जनपद में 200 बेडेड चिकित्सालय, गोरा बाजार का निर्माण कार्य वर्ष 2022-23 में 48.54 करोड़ की लागत से पूर्ण कराया गया है। ताड़ीघाट-मऊ नई रेलवे लाइन और रेल कम रोड ब्रिज परियोजना का कार्य 1766 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है, जिसमें प्रथम फेज का कार्य ताड़ीघाट से गाजीपुर सिटी का कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। वाराणसी-गोरखपुर 4 लेन एक्सप्रेस-वे का कार्य जनपद-गाजीपुर में 22.34 किमी. लम्बाई में 92.80 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। वाराणसी - गाजीपुर-हल्दिया जल परिवहन परियोजना अन्तर्गत तहसील सदर के ग्राम- डुंगुरपुर व जल्लापुर में टर्मिनल / बन्दरगाह का निर्माण कार्य स्वीकृत है, जिसके भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जा रही है।
सीवरेज सीवेज ट्रीटमेंट एवं डिस्पोजल फार गाजीपुर परियोजना का निर्माण स्वीकृत लागत 152.83 करोड़ से कराया जा रहा है। वर्तमान में. 17.16 करोड़ व्यय करते हुए 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया है। अवशेष कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट फरवरी, 2023 में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विनिर्माण, सेवा, खाद्य प्रसंस्करण, ट्यूरिज्म, दुग्ध विकास, मत्स्य विकास आदि में अभी तक 234 निवेशकों द्वारा 3138.28 करोड़ का निवेश करने हेतु इन्वेस्टर्स यू.पी. के पोर्टल, निवेश सारथी एप्प पर पंजीकरण कराया गया है, जिसके सापेक्ष 208 उद्यमियों द्वारा सरकार के साथ अनुबन्ध करते हुए 2648.58 करोड़ का निवेश किया गया है, जिससे 109645 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध होगा। राजधानी लखनऊ से इस जनपद में हैदरिया तक जोड़ने वाली 6 लेन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे (लम्बाई 340 किमी.) का निर्माण कार्य यूपीडा द्वारा कराया गया है।
गाजीपुर - बलिया - मॉझी घाट ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना 117 किमी. लम्बाई में स्वीकृत है, जिसमें जनपद का भाग 43 किमी. है। अब तक 27 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। माह फरवरी, 2023 तक शत् प्रतिशत भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही पूर्ण कर ली जायेगी। जनपद में जल परिवहन को बढावा देने हेतु गंगा नदी पर 4 सामुदायिक जेटी का निर्माण क्रमशः सैदपुर, चोचकपुर, जमानिया व स्टीमर घाट पर कराया जा रहा है। गंगा बिलास क्रूज विदेशी सैलानियों के साथ जनपद में रजागंज हमीद सेतु के पास रूका था। जहाँ सैलानियों का जिला प्रशासन द्वारा स्वागत किया गया व जे.टी. के माध्यम से सैलानियों को लार्ड कार्नवालिस एतिहासिक स्थल का भ्रमण भी कराया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत 3,83,267 गोल्डेन कार्ड लाभार्थियों को निर्गत किये गये है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जनपद के 5,10,850 किसानों को 1002.40 करोड़ डी.बी.टी. के माध्यम से वितरित कर लाभान्वित कराया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजनान्तर्गत अबतक 2751 स्वयं सहायता समूहों का गठन करते हुए 36,993 परिवारों को वित्तीय सहयोग किया गया है। मनरेगा के अन्तर्गत जनपद में वर्ष 2022-23 में अबतक 74लाख मानव दिवस का सृजन करते हुए 1,90,219 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया गया है। जल जीवन मिशन (हर घर जल) फेज-2 के अन्तर्गत 821 पाइप पेयजल योजनाओं का कार्य कराया जा रहा है, जिससे 996 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत 2223 राजस्व ग्राम आच्छादित होगें। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन योजना अन्तर्गत कुल 37 परियोजनाओं के सापेक्ष 30 पाइप पेयजल परियोजनाएं पूर्ण कर ली गई है।
जनपद में कुल राशन कार्डाे की संख्या - 6,35,398 के अन्तर्गत अन्त्योदय कार्ड धारकों की संख्या - 59,537 व पात्र गृहस्थी 5,75,861 को खाद्यान्न वितरण आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत 198.67 लाख की धनराशि से 8170 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत वर्ष 2022-23 में अबतक 789.48 लाख की धनराशि से 1548 जोड़ों के सामूहिक विवाह कराये गये हैं। उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत कुल 2,82,879 (दो लाख बयासी हजार आठ सौ उन्यासी) लोगो को निःशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन से लाभान्वित किया गया। जनपद में स्मार्टफोन/टैबलेट वितरण के अन्तर्गत 48,883 मेधावी छात्रों को स्मार्टफोन/टैबलेट वितरित किया गया। जनपद में कुल 6 आक्सीजन प्लांट क्रियाशील हैं एवं 810 आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर के साथ 79 वेन्टीलेटर 14 वाईपैप आदि उपकरण उपलब्ध कराये गये हैं। कोविड-19 से सुरक्षा हेतु 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीन के प्रथम एवं द्वितीय डोज से आच्छादित किया गया है। इसी प्रकार 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों को प्रथम डोज 112.98 प्रतिशत एवं द्वितीय डोज 111.46 प्रतिशत एवं 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को प्रथम डोज 100.42 प्रतिशत एवं द्वितीय डोज 99.28 प्रतिशत से आच्छादित किया गया। विशेष अभियान के अन्तर्गत 43प्रतिशत व्यक्तियों को प्रिकाशन डोज से आच्छादित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत वर्ष 2022-23 में कुल 30,393 आवासों के सापेक्ष अब तक 28,664 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रदान की गयी है। मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत वर्ष 2022-23 में कुल लक्ष्य 295 के सापेक्ष शत-प्रतिशत आवासों की स्वीकृति प्रदान की गयी है। जनपद में कुल 63 गो-आश्रय स्थलों में 5,999 निराश्रित गोवंशों को संरक्षित किया गया है एवं मुख्यमंत्री सहभागिता योजनान्तर्गत पशुपालकों को 911 गोवंशों की सुपुर्दगी की गयी। दैवी आपदा से प्रभावित कुल 131 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान किया गया। जनपद में ओ०डी०आर० / एम०डी०आर० / राज्य राजमार्गाें के अनुरक्षण हेतु कुल लम्बाई 11.56 कि0मी0 लक्षित है, जिसे शत-प्रतिशत पूर्ण करा लिया गया। प्रधानमंत्री रोजगार योजना के अन्तर्गत 81 इकाईयों में 343.70 लाख रु. से 1055 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है एवं मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजनान्तर्गत 11 इकाईयों में 70.50 लाख रूपये से 282 व्यक्तियों को रोजगार का सृजन किया गया है। उत्तर प्रदेश में 100 आकांक्षात्मक विकास खण्ड चयनित किये गये है, जिनमें जनपद के 6 विकास खण्ड- देवकली, मरदह, रेवतीपुर सादात, बाराचवर एवं बिरनों चयनित किये गये है, जिनमें 75 इंडिकेटर्स पर विकास कार्य कराये जा रहे है। जनपद में धारा-14 (1) उत्तर प्रदेश गिरोह बन्द अधिनियम के अन्तर्गत दिनांक 1 जनवरी 2017 से 15 जनवरी 2023 तक 25 गैंग लीडर/सदस्यों एवं उनके सहयोगियों के विरूद्ध सम्पत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी है, जिसका कुल अनुमानित मूल्यांकन रू 149.57 करोड़ रूपया है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिलाध्यक्ष भाजपा भानु प्रताप सिंह, पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह, एंव अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज में भर्ती असहाय सूरज प्रकाश उम्र 16 वर्ष पुत्र उमाशंकर प्लास्टिक एनीमिया (कैंसर) से पीड़ित है। जिसका इलाज पीजीआई में चल रहा है। जिसको डॉक्टर ने दो यूनिट ब्लड और प्लेटलेट्स चढ़ाने के बाद ब्रोन मैरो कराने का सुझाव दिया। जिसके बाद सूरज प्रकाश को तत्काल दो यूनिट ब्लड और प्लेटलेट्स की आवश्यकता थी। पीजीआई में ब्लड और प्लेटलेट्स की व्यवस्था नही था। जिसकी जानकारी होते ही कुँवर वीरेन्द्र सिंह ने पीजीआई में भर्ती सूरज प्रकाश के पिता उमाशंकर से बात किया और सूरज प्रकाश को गाजीपुर बुलाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। भर्ती होने के बाद एक यूनिट ब्लड मेडिकल कॉलेज में कार्यरत स्टॉप नर्स पूजा राय ने रक्तदान कर दिया। दूसरा रक्तदान मुकेश सिंह ने किया। मरीज सूरज प्रकाश और उनके असहाय पिता उमाशंकर से रक्तदानों ने मिलकर जल्द स्वस्थ होने की कामना किया। बता दें कि सूरज प्रकाश को पीजीआई में भर्ती कराने में आरुष चौधरी का योगदान रहा।
102 और 108 एंबुलेंस कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
ग़ाज़ीपुर। 102 और 108 एंबुलेंस कर्मियों का एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रभारी संदीप चौबे की देखरेख में किया गया। जिसमें एंबुलेंस कर्मियों को क्विक रिस्पांस के साथ ही साथ इससे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। 108 एंबुलेंस के ब्लॉक प्रभारी दीपक राय ने बताया कि जनपद में इन दिनों 102 और 108 एंबुलेंस लगातार अपना कार्य कर रही हैं। ऐसे ही एंबुलेंस कर्मियों को और बेहतर कार्य करने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें क्विक रिस्पांस के बारे में जानकारी दी गई साथ ही साथ 108 एंबुलेंस से मिलने वाली सुविधा को लेकर प्रशिक्षित किया गया। उन्हें बताया गया कि मरीज को जब घर से अस्पताल और फिर घर पहुंचाने का कार्य किया जाता है तो इस दौरान मरीज की बेहतर देखभाल कैसे किया जाए। इसके बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही साथ इन लोगों को ड्रेस कोड की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ओपीडी कराने आए मरीज और उनके परिजनों को जो अपने साधन से अस्पताल तक आते हैं। उन लोगों को 102 और 108 एंबुलेंस से मिलने वाली सुविधा को बताने के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशुतोष मिश्रा के साथ ही एंबुलेंस के पायलट और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन मौजूद रहे।