All posts by tiwarishivpratap

ठंड से ठिठुरते लोगों के लिए एसडीएम दरबार पहुंचे सपाई

गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा से मिलकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने एसडीएम सदर से वार्ता करते हुए कहा कि विगत दो तीन दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गरीब, मजदूर एवं सड़कों पर जीवन यापन करने वाले लोग इस कड़ाके की ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं।‌ कड़ाके की ठंड के चलते उनका जीवन संकट में है। उनके जीवन की सुरक्षा के लिए हर चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करना अत्यन्त आवश्यक है। अतः समाजवादी पार्टी आपसे यह मांग करती है कि जल्द से जल्द हर चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर दें ताकि गरीब, मजदूर एवं सड़कों पर अपना जीवन यापन एवं रोजी रोटी करने वालों के जीवन की रक्षा की जा सकें। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप अशोक कुमार बिंद, दिनेश यादव, गोवर्धन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अमित ठाकुर, रमेश यादव, अतीक अहमद राईनी, कमलेश यादव, सुग्गु यादव, वंशबहादुर कुशवाहा, नफीसा बेगम, मोहन रावत, राजदीप रावत, छन्नू यादव आदि शामिल थे।

पेंशन लेने वालों के लिए जरूरी सूचना, कृपया ध्यान दें

गाजीपुर। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने जनपद से पेंशन आहरित कर रहें समस्त पेंशनभोगी को सूचित किया है कि आयकर विभाग द्वारा निर्गत गाइड लाइन के दृष्टिगत वित्तीय वर्ष 2022-23 के समाप्ति के दृष्टिगत आयकर की परिधि से अच्छादित होने की स्थिति में वित्तीय वर्ष 2022-23 की समाप्ति तक की आयकर देयता विवरण 5 फरवरी 2023 से 25 फरवरी 2023 के मध्य तक प्रत्येक दशा में कोषागार कार्यालय में अपने पैन कार्ड व बैक पासबुक की छायाप्रति के साथ अवश्य जमा कर देवें। उक्त आयकर परिधि से अच्छादित पेंशनभोगियों का आयकर देयता विवरण न जमा करने की स्थिति में फरवरी- 2023 से पेंशन स्वतः बाधित हो जायेगी। आयकर की दरें 2,50,000 रुपया (सामान्य), 3,00,000 रुपया (वरिष्ठ नागरिक) तक शुन्य, 2,50,001 (सामान्य) 3,00,001 रुपया (वरिष्ठ नागरिक) से 5,00,000 तक 5 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। 5,00,001 रुपया (सामान्य एवं वरिष्ठ नागरिक) से 10,00,000 तक 20 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। 10,00,001 रुपया (सामान्य एवं वरिष्ठ नागरिक) से उपर 30 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। कुल आयकर (यदि कुल आय 5,00,000 रुपया तक है तो आयकर में 12,500 रुपया कम (छुट) दर्शाए धारा 87ए के अन्तर्गत)। प्रथम व पुनरीक्षित पेंशन भुगतान के मामलों में केवल राशिकरण एवं उपादान की राशि पुर्णतः कर मुक्त है।

अगर छात्रवृत्ति चाहिए तो करें आवेदन

गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2022-23 पिछड़ी जाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत छात्रवृत्ति आवेदन पत्र भरने एवं विद्यालयों द्वारा रिसीव एवं अग्रसारण की वर्तमान स्थिति के परीक्षण में पाया गया है कि कुल 139717 छात्रवृत्ति आवेदन पत्र छात्र-छात्राओं द्वारा फाइनल सब्मिट किये जा चुके है, वही विद्यालयों द्वारा 127850 आवेदन पत्र ही विद्यालयों द्वारा अब तक ऑनलाइन अग्रसारित किये गये है और 11867 छात्रवृत्ति आवेदन पत्र विद्यालयों के लॉगिन पर अग्रसारण हेतु लम्बित है। जबकि विद्यालय स्तर से अग्रसारण की अन्तिम तिथि 2 जनवरी 2023 ही निर्धारित है। यदि ससमय लम्बित आवेदन पत्रों का अग्रसारण विद्यालय द्वारा नहीं किया जाता है, तो ऐसे में लम्बित आवेदन पत्र वाले छात्रों छात्रवृत्ति योजना से वंचित हो जायेगें। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा ने जनपद के समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थाओं को सूचित किया है कि तत्काल बिना अन्तिम तिथि 2 जनवरी 2023 तक लम्बित 11867 छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों को नियमानुसार परीक्षण करते हुए ऑनलाइन अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। अन्यथा अन्तिम तिथि में वेबसाइट धीमी होने के कारण अग्रसारण में कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसके लिए विद्यालय स्वयं उत्तरदायी होगें।

नगर पालिका अध्यक्ष को डीएम का निर्देश

गाजीपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में की गयी, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा प्रोत्साहन समिति के धन संग्रह करने का विचार विर्मश किया गया। स्टेडियम रख-रखाव सफाई व्यवस्था हेतु अध्यक्ष, नगर पालिका को निर्देषित किया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, अरूण कुमार सिंह अपर जिलाधिकारी, बृजेष कुमार श्रीवास्तव, जिला परियोजना अधिकारी, नरेन्द्र विष्वकर्मा, दिव्यांजन अधिकारी, रामनगीना यादव, समाज कल्याण अधिकारी, अशोक नाथ तिवारी जिला विद्यालय निरीक्षक, राकेश कुमार जिला सूचना अधिकारी, प्रवीण कुमार मौर्या उपायुक्त उद्योग अधिकारी, अरविन्द यादव क्रीड़ा अधिकारी, अष्विनी राय व्यायाम प्रशिक्षक षिक्षा विभाग , अमित राय सचिव ओलम्पिक संघ, अरविन्द शर्मा अन्तर्राश्ट्रीय खिलाड़ी पावरलिफ्टिंग, अकरम अहमद जिला कबड्डी संघ गाजीपुर, पारस नाथ सिंह, जिला वॉलीबाल संघ गाजीपुर, कमलेश यादव जिला कुश्ती संघ गाजीपुर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इनामिया अपराधी टुन्नू गिरफ्तार

गाजीपुर। बरेसर थाना पुलीस ने यू0पी0 गैंगेस्टर एक्ट से सम्बन्धित 10 हजार रुपये के इनामिया को गिरफ्तार किया। बता दें कि गुरुवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी ने मुखबीर की सूचना पर बरेसर थाना के गैंगेस्टर एक्ट में वांछित और 10 हजार रुपये के ईनामिया राजकुमार वनवासी उर्फ टुन्नू को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित शराब भट्ठी के सामने होटल से गिरफ्तार कर लिया। पकडे गये व्यक्ति ने अपना नाम राजकुमार वनवासी उर्फ टुन्नू पुत्र स्व0 रामचीज निवासी बाराचवर थाना करीमुद्दीनपुर उम्र 46 वर्ष बताया। गिरफ्तार अभियुक्त के उपर बरेसर थाना में कई मामलों में मुकदमा दर्ज है।

धूमधाम से मनाई गई कर्मवीर की पुण्यतिथि, शहीदों के परिजनों को मिला सम्मान

गाजीपुर। शिक्षा और संस्कार के संरक्षक एवं सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संस्थापक कर्मवीर सत्य देव सिंह की पांचवी पुण्यतिथि इनके तपोभूमि गांधीपुरम बोरशिया में धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रबुद्ध जनों एवं आगंतुकों का अभिनंदन एवं स्वागत माल्यार्पण स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया। इस अवसर पर कर्मवीर सत्यदेव सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। अनावरण हथियाराम शक्तिपीठ के संत भवानी नंदन यति एवं योगी आनंद संस्थापक गीता गुरुकुल फाउंडेशन मिशिगन अमेरिका के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक भारतीय ज्ञान परंपरा एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 थी। इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने अपने अलग-अलग विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर बलिया के सांसद विरेंद्र कुमार मस्त ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारतीय परंपरा का सम्मान पूरा विश्व कर रहा है। ज्ञान परंपरा के शब्दों की ध्वनि शंकर जी की डमरु से निकली है। जो ज्ञान साहित्य प्रदान नहीं करता वह ज्ञान नहीं है। भारतीय ज्ञान परंपरा साहित्य आर्थिक राजनीतिक स्मृति के लिए काम करती है। संस्थाएं परिवार बनाती हैं। बाजार आधारित परंपराएं समाज को तोड़ती हैं। भारतीय परंपराओं को नुकसान पहुंचाती हैं। टूटता हुआ परिवार देश एवं समाज के लिए एक संकट है। हमारा देश करुणा एवं भरोसे का देश है जो दुनिया को शांति का संदेश देती है। वह भाव भारतीय परंपरा है। समाज एवं संसद के शक्ति मिलकर ही संबल प्रदान करती है।


इस अवसर पर डॉ आनंद सिंह ने सभी अतिथियों का अभिनंदन एवं वंदन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा एक परंपरा नहीं है। उपासना ज्ञान की परंपरा कर्मकांड की परंपरा भारत को आलोकित करने वाली परंपरा है। संस्था की परंपराओं का उन्होंने वर्णन किया। कहा परंपराएं ज्ञान प्रदान करने के लिए अलग-अलग हो सकती हैं। उन्होंने दिनकर की कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि किसको नमन करूं मैं भारत किसको नमन करूं मैं जो वस्तु को भावसमझता है वह भाव को वस्तु समझता है वह भारतीय नहीं है। आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर चर्चा करते हुए कहा कि सांस्कृतिक धरोहर को ध्यान में रखकर समग्र शिक्षा नीति बनाई गई है। यह शिक्षा नीति ढाई लाख ग्राम पंचायतें 6600 ब्लॉक एवं 676 जिलों के विचार-विमर्श करके बनाई गई है। शैक्षणिक एवं नियामक संस्थाएं से विचार-विमर्श करके राष्ट्रीय निर्माण एवं समस्त को ध्यान में रखकर के यह शिक्षा नीति बनाई गई है। सभी सरकारें इस नई शिक्षा नीति को लागू करने के लिए कटिबद्ध हैं एवं कई राज्यों ने अपने राज्यों में इसे लागू कर दिया है। शिक्षा के बल पर ही हम आगे बढ़ सकते हैं। शिक्षा केवल किताब ज्ञान ना होकर रोजगार युक्त एवं संस्कृति युक्त होनी चाहिए ज्ञान लेकिन उस ज्ञान का प्रयोग के रूप में करते हैं। भारतीय संस्कृति से युक्त ज्ञान लाभदायक हो सकता है इसमें जोड़ा गया है एवं इसका भरपूर प्रयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।

डॉक्टर आनंद सिंह एवं डॉ सानंद सिंह के द्वारा शहीदों के परिजनों को साल, अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया साथ ही बाबा गिरनार आश्रम वनवासी समाज को भी सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में वनवासी समाज के छात्रों को कंबल बैग एवं चादर देकर भी सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराज भवानी नंदन यति महंत हथियाराम शक्तिपीठ ने किया। इस कार्यक्रम में अन्य अतिथियों के अलावा प्रोफ़ेसर हरिकेश सिंह, पूर्व कुलपति जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा एवं मनोज श्रीवास्तव पूर्व अपर मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन एवं प्रमुख प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्य ग्रुप आफ कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक डॉ सानंद सिंह ने कहा कि आज हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर युवाओं के द्वारा अग्रसर हो रहा है। किसी भी देश एवं समाज की स्थिति को ऊंचा उठाने के लिए शिक्षा एक प्रमुख साधन है जिसमें हमारे देश के विद्वत जनों का विचार सर्वोपरि है। विद्या केवल हमें ज्ञानार्जन ही नहीं कराती है बल्कि आर्थिक रूप से सशक्त एवं बलवान भी बनाती है। कार्यक्रम का संचालन श्याम कुमार ने किया। इस कार्यक्रम में सत्यदेव डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम चंद्र दुबे, डॉ कृपाशंकर सिंह, दिग्विजय उपाध्याय, सत्यदेव पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य अजीत यादव, आईटीआई के प्रधानाचार्य सुनील यादव, फार्मेसी सत्यदेव फार्मेसी के प्राचार्य टीपी सिंह, सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी एवं समस्त कर्मचारी एवं प्राध्यापक गण उपस्थित रहे।

डीएम के निर्देश का पालन नहीं किया तो होगी टोल फ्री नम्बर पर शिकायत

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को राइफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुइ। बैठक में सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित बिन्दूओ पर विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओ में कमी लाये जाने के सम्बन्धी कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। सड़क दुर्घटना कम करने हेतु अभियांत्रिक प्रयास, जन जागरूकता एंव यातायात के नियमो का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। ब्लैक स्पॉट (ऐसा स्थल जहां एक वर्ष के अन्दर दुर्घटना में पॉच से अधिक जाने गई हो) के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे स्थलो पर सड़क सुरक्षा सम्बन्धित चिन्हो का बोर्ड, रबलिंग, स्ट्रिप, रिफलेक्टिंग कलर लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने वाहनो के चेंकिंग की योजना बनाकर कम से कम चेंकिग का प्रभाव अधिक से अधिक लोगो पर पड़े इसके लिए मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जायें तथा शहर के व्यस्तम मार्ग में यातायात को सुचारू रूप से व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होने सड़क दुर्घटनाओ मे मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से जन सामान्य को यातायात नियमो का अधिक से अधिक पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि सड़क सुरक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, सभी वाहन चालक अपने-अपने वाहन चलाते हुए शत-प्रतिशत यातायात नियमो का पालन सुनिश्चित करें तो निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के साथ-साथ मृत्यु दर में भी कमी आयेगी। इसके अतिरिक्त बैठक में माल वाहनो में ओंवलोडिंग, निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्तियों को बैठाकर उनका संचालन करने, नशे में वाहनो को चलाने, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग करने, हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने, हिट एण्ड रन दुर्घटना मामले मे उनपर की गयी कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होने सभी विद्यालय के प्रबन्धकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने वाहनो को दुरूस्त कराये एवं समय-समय पर सर्विसिंग कराए। बच्चों के परिजनों के साथ बैठक कर उनका सुझाव लिया जाय। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय के प्रबन्धकों को निर्देशित करते हुए कहा कि वाहन के पीछे ड्राइवर का नाम व मोबाईल नम्बर जरूर लिखवाये। ड्राइवर को वाहन चलाने से पूर्व 5 वर्ष का अनुभव प्रमाण पत्र के साथ लाइसेंस होना अनिवार्य है। स्कुली वाहनों में जी.पी.एस एवं सी.सी.टी.वी.कैमरा अवश्य लगायी जाय। विद्यालयो में बच्चो को लाने और ले जाने हेतु बड़े वाहनो का प्रयोग किया जाये। उन्होने कहा कि सरकारी बसो के चालको द्वारा यदि किसी से अभद्रता या नियम के विरूद्ध बस का संचालन करता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री नम्बर 9415049606 एवं 180018028277 पर की जा सकती है। एन0 एच एवं हाई-वे पर आपात कालीन नंम्बरो के बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसका लाईसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए भविष्य में दूसरा लाईसेंस नही जारी किया जाये। बैठक में एस पी सिटी गोपी नाथ सोनी,  सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी श्रीराम सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी , विद्यालयो के  प्रबन्धक एवं वाहन स्वामी उपस्थित थे।

सीएमओ ने किया बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विटामिन ए की खुराक पिलाकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह का किया शुभारंभ

गाजीपुर। बाल स्वास्थ्य पोषण माह जिसके अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक से आच्छादित किया जाता है। जिसका शुभारंभ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीखाना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह ने बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ उमेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दो चरणों में 6 माह के अंतराल पर विटामिन ए संपूर्णन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक से आच्छादित किया जाता है। विटामिन ए एक वसा में घुलनशील विटामिन है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दिए जाने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोतरी होती है और वह स्वस्थ एवं पोषित रहते हैं। उन्होंने बताया कि 9 माह से 12 माह के बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान एम आर के प्रथम टीके के साथ आधा चम्मच विटामिन ए की खुराक देनी चाहिए। 16 से 24 माह के बच्चों को नियमित टीकाकरण के दौरान एम आर के दूसरे टीके के साथ पूरा एक चम्मच एवं 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 6 माह के अंतराल पर विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान पूरा एक चम्मच विटामिन ए की खुराक पिलाए जाने से बच्चे स्वस्थ एवं पोषित रहते हैं। विटामिन ए का सेवन करने से आंखों की रोशनी बढ़िया रहती है। यह रतौंधी से भी बचाता है। खाने में पर्याप्त मात्रा में विटामिन ए शामिल करने से बढ़ती उम्र में कमजोर होने वाली आंखों की रोशनी भी ठीक रहती है। विटामिन ए खाने में शामिल करने से बॉडी का रोग प्रतिरक्षा तंत्र भी बेहतर होता है। इससे बॉडी को कई तरह के रोगों और वायरस से लड़ने के लिए मजबूती मिलती है। विटामिन ए आपकी स्किन के लिए भी वरदान की तरह है. यह सूजन कम करता है और मुहांसों की समस्या भी इससे दूर होती है. विटामिन ए से सेल को विकसित होने में मदद मिलती है. इससे बालों की ग्रोथ और नाखून की ग्रोथ भी बेहतर होती है। इस कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ विनय शंकर, चाय के मणिशंकर के साथ ही कई अन्य लोग मौजूद रहे।

छापेमारी में 9 लोगों पर हुआ एफआईआर

विद्युत विभाग बिजीलेंस की मार्निंग रेड में 9 पर एफआईआर, दर्जनों का बकाया पर कटी केबिल।


गाजीपुर। विद्युत वितरण खंड द्युतीय के अंतर्गत शहर क्षेत्र के सैय्यदवाडा, तुलसीसगर, मियापुरा और कोयलाघाट मुहल्ले में सुबह तड़के 5 बजे अधिशाषी अभियंता संजय सिंह और सहायक अभियंता सुधीर कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त छापेमारी की गई। जिसमे बिजलेंस थाना प्रभारी धनंजय यादव, बिजीलेंस जेई पंकज चौहान समेत समस्त पुलिस कर्मी मौजूद रहे। अधिशाषी अभियंता संजय सिंह ने बताया की शासन के निर्देशानुसार विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त छापेमारी सैय्यदबाड़ा, तुलसीसगर, मियापुरा और कोयलाघाट मुहल्ले में छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि बहुत दिनो से इन क्षेत्रों की शिकायत मिल रही थी की इस मुहल्ले में धड़ल्ले से केबिल बाईपास करके विद्युत चोरी हो रही है। जिसके वजह से लाइन लॉस अधिक हो गई थी और राजस्व की भी कम वसूली हो रही थी। छापेमारी के दौरान कुल 9 लोगो को चोरी से विद्युत उपभोग करते हुवे पकड़ा गया। सभी लोगो के खिलाफ बिजीलेंस थाने रौजा में एफआईआर दर्ज करा दिया गया है। विभाग के तरफ से राजस्व क्षतिपूर्ति के रूप में सबको आरसी के माध्यम से वसूल की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी बहुत सारे मुहल्ले में लोग रात को कटिया मारकर मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग कर रहे है, ऐसे लोगो का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जिनकी सूची भी बना लिया गया है। जल्द ही ऐसे लोगो के खिलाफ छापेमारी करके विभागीय विविध कार्यवाही की जाएगी।

जिले में आने वाले यात्रियों की होगी जांच, डीएम ने दिया निर्देश


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार की देर शाम जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, 108/102 एम्बुलेंस की उपलब्धता, आशा /जे एस वाई भुगतान, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन सहित अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के सम्बन्ध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन, स्वयं सहायता समुह के माध्यम से दिये जाने तथा दवा एव ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के दिये गये निर्देश के बावजूद भी देवकली, मिर्जापुर, मनिहारी, सुभारखपुर, बिरनो, करण्डा , गोडउर, कासिमाबाद एंव मरदह के एम ओ वाई सी के द्वारा कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हे स्पष्टिकरण का निर्देश दिया तथा प्रधानमत्री मातृत्व वन्दना योजना में कम प्रगति पर  सदर, बिरनो, रेवतीपुर एवं सादात  एम ओ वाई सी को चेतावनी एंव स्पष्टिकरण का निर्देश दिया। उन्होने प्रसव उपरान्त लाभार्थियों/आशाओ को दिये जाने वाले जेएसवाई के भुगतान के सम्बन्ध में शत-प्रतिशत भुगतान का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि जिन-जिन स्वास्थ्य केन्द्रो पर जे एस वाई भुगतान पेन्डिग है उसका ततकाल निस्तारण करवाते हुए भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आरोग्य योजनान्तर्गत जनपद में बनाये गये गोल्डेन कार्ड की जानकारी ली तथा  प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार का शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। उन्होनेे कहा कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत चिकित्सालयो में कोविड वार्ड, एच डी यू वार्ड, आई सी यू वार्ड , आईसोलेशन वार्ड तथा आक्सीजन संचालन हेतु पाईपलाईन व्यवस्था की जानकारी ली तथा जहा-जहा आक्सीनज पाईप लाईन की समस्या है वहा टेण्डर कर कार्य प्रारम्भ कराने का निर्देश दिया। उन्होने कोविड टेस्टिग पर जोर देते हुए जनपद में अधिक से अधिक कोविड जॉच कराने के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनो पर एक टीम के माध्यम से दूसरे राज्यो से आने वाले यात्रियो का कोविड जाच का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 हरगोविन्द सिंह , अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम) डा0 उमेश कुमार , मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 राजेश सिंह समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।