गाजीपुर।गुरुवार को वाराणसी की एंटी करप्शन टीम ने चंकबदी के लेखपाल सूरज सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद उसे कोतवाली लाकर आवश्यक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। बहरियाबाद के बबुरा निवासी विनय कुमार गौंड के आराजी नंबर 645 का संशोधन आदेश हुआ था। इसके बाद विनय अमल दरामद करने के लिए काफी दिनों से लेखपाल से कह रहा था। काफी मान-मनौव्वल करने पर भी उसने नहीं सुनी। लेखपाल ने काम करने के लिए दस हजार रुपये की मांग की। विनय ने लेखपाल से कहा कि यह रकम बहुत अधिक है। बावजूद इसके लेखपाल ने एक न सुनी और विनय का काम नहीं किया। इस पर विनय ने एंटी करप्शन की टीम से संपर्क किया। टीम गुरुवार की सुबह ही जिला मुख्यालय पहुंच गई। विनय दस हजार रुपये लेकर तय स्थान जिलाधिकारी कार्यालय गेट नंबर दो के सामने विक्रम गुप्ता के चाय की दुकान पर गया। जहां लेखपाल के आते ही जैसे ही विनय ने रुपये दिया, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। जब तक कुछ समझते टीम ने लेखपाल को उठाकर गाड़ी में बैठा लिया और सदर कोतवाली लेकर पहुंच गई। गिरफ्तार करने वाले टीम में टीम प्रभारी संध्या सिंह, निरीक्षक उपेंद्र सिंह यादव, विनोद कुमार यादव, मुख्य आरक्षी शैलेंद्र कुमार राय, सुनील कुमार यादव, पुनीत कुमार सिंह और चालक अश्वनी कुमार पांडेय रहे। निरीक्षक संध्या सिंह ने बताया कि चकबंदी के लेखपाल सूरज सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद लेखपाल को जेल भेज दिया गया।
गाजीपुर। जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान कार्ड प्रगति की समीक्षा बैठक गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त एम ओ वाई सी , खण्ड विकास अधिकारी की उपस्थिति एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियो के साथ जिला पंचायत सभागर में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त एम ओ वाई से विकास खण्डवार आयुष्मान कार्ड प्रगति की समीक्षा की तथा लक्ष्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने एम ओ वाई सी द्वारा अब तक बनाये गये आयुष्मान कार्ड की संख्या जनपद स्तर पर बनाये गये सूची से भिन्नता होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सूची को मिलान कर सही कराने के साथ ही समस्त एम ओ वाई सी को उपलब्ध कराये गये प्रारूप पर सही डेटा भरकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रदेश स्तर पर जनपद की खराब रैकिंग के वजह से जिलाधिकारी ने सम्बन्धित कार्मिको को फटकार लगाते हुए इस कार्य मे तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक मे जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारी को अपने-अपने बी एल ई एंव पंचायत सहायको तथा जिला पूर्ती अधिकारी को जनपद के समस्त कोटेदारो को आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु निर्देशित करने हेतु निर्देश दिया। आवश्यकतानुसार आशाओ से भी इस कार्य मे सहयोग लिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला पूर्ती अधिकारी कुमार निर्मलेंदू, सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
गाजीपुर। गहमर थाने के अंतर्गत एक अज्ञात मुस्लिम युवक की ट्रेन दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिसकी शिनाख्त नहीं होने पर शव को कुँवर वीरेन्द्र सिंह ने पुलिस के सहयोग से मर्चरी रूम में रखवाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की। लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर बुधवार की रात अज्ञात शव का पोस्टमॉर्टम कराकर कुँवर वीरेन्द्र सिंह ने पुलिस के सहयोग से शव को विशेश्वरगंज स्थित बड़ा इमामबाड़ा कमेटी के सहयोग से इमामबाड़ा कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया। इस कार्य से लोगों ने वीरेंद्र को कहा कि सलाम है ऐसे नौजवान को जो इस मिट्टी में साथ रहकर इंसानियत का परिचय दिया है। इस नेक कार्य में विशेष योगदान अतीक अहमद राईनी व गुड्डू खान का रहा। इस दौरान मदरसा दिनिया से मौलाना सउदुल हसन साहब, मौलाना इफ्तिखार साहब, अशरफउल्लाह, शब्बीर राईन, शेरू खान, कमर अली, अभिषेक यादव आदि लोग मौजूद रहे।
इंजीनियर डे के अवसर पर ब्लड बैंक को मिला 120 यूनिट ब्लड
ग़ाज़ीपुर। रक्तदान महादान कहा गया है जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लगातार आमजन को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया जाता है। ताकि किसी जरूरतमंद की इस रक्त से जान बचाई जा सके। जिसको लेकर गुरुवार को इंजीनियर डे के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रांगण में प्रत्येक साल की भांति इस वर्ष भी बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 120 लोगों ने रक्तदान किया जो अब तक जनपद की सबसे बड़ी रक्तदान शिविर में शुमार हुआ है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के कैम्प प्रभारी साकेत सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी प्रांगण में डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के बैनर तले प्रत्येक वर्ष इंजीनियर डे के अवसर पर बृहद रक्तदान शिविर ,हवन पूजन का आयोजन किया जाता है। जिसमें डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के समस्त घटक संघ के पदाधिकारियों के साथ ही मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन, नियमित वर्क चार्ज कर्मचारी संघ ,लोक निर्माण विभाग के अलावा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारी, रोलर चालक संघ एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ लोक निर्माण विभाग के लोगों के द्वारा रक्तदान किया गया है। जिसमें कुल 113 यूनिट रक्त जिला अस्पताल के ब्लड बैंक को प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि रक्त मानव जीवन के लिए सबसे जरूरी चीज है। यह एक अमानवीय शरीर द्रव है जो कोशिकाओं को पोषक तत्व और ऑक्सीजन जैसे आवश्यक पदार्थ पहुंचाता है। तकनीकी रूप से, रक्त शरीर के सभी हिस्सों में हृदय (या समकक्ष संरचना) द्वारा पंप किया जाने वाला एक परिवहन तरल है, जिसके बाद प्रक्रिया को दोहराने के लिए इसे हृदय में वापस कर दिया जाता है। रक्त या प्लेटलेट्स दान करने के लिए, आपका सामान्य स्वास्थ्य अच्छा होना चाहिए, वजन कम से कम 110 पाउंड और कम से कम 16 वर्ष का होना चाहिए। 16 साल के बच्चों द्वारा रक्तदान के लिए माता-पिता की सहमति आवश्यक है। 18 से 60 वर्ष के बीच का कोई भी व्यक्ति, जिसका वजन 45 किग्रा या उससे अधिक है, वह सुरक्षित रूप से एक यूनिट रक्तदान कर सकता है, अर्थात हर तीन महीने में एक बार 350 मिली रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कर्मचारी गण एवं संयुक्त राज्य परिषद के पदाधिकारियों के साथ ही ब्लड बैंक के बृजेश शर्मा, पंकज राय ,पूजा कुमारी,, स्तुति राय ,डॉ के के सिंह ,नंदलाल दुबे रामजी यादव आदि रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी गाजीपुर अधिवक्ताओं के जंग में दिया समर्थन ।
गाजीपुर। बता दें कि वर्तमान समय में अधिवक्ता संघर्ष समिति, गाजीपुर द्वारा, रजिस्ट्री कार्यालय कहीं अन्यत्र भेजने के विरोध में जिला प्रशासन की मंशा के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रहा है। इसको लेकर जिला कांग्रेस कमेटी में अधिवक्ताओं का समर्थन किया। इस दौरान कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया है कि अधिवक्ताओं की मांग जनहित में है, इसे कहीं कचहरी परिसर में ही रहना चाहिए। जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भी उनकी लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, हर हाल में रजिस्ट्री ऑफिस कचहरी कैंपस में होना चाहिए इसकी मांग जिला कांग्रेस कमेटी जिला प्रशासन से करती है। जिला प्रशासन को भी जिले के सम्मानित अधिवक्ताओं के इस उचित मांग का सम्मान करना चाहिए। इस दौरान अमिताभ अनिल दुबे, रवि कांत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ मार्कंडेय सिंह अजय सिंह, सतीश उपाध्याय, विद्याधर पांडे व झुन्ना शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार की सायं जिला पंचायत सभागार में निर्माण कार्य, क्रिटिकल गैप्स, मुख्यमंत्री की घोषणा की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कार्य प्रारम्भ न करने पर आर0 ई0 डी0, डी आई ओ एस एवं प्रधानाचार्य रा0 बालिका ई0कालेज मुहम्मदाबाद का वेतन रोकने तथा कार्यदायी संस्था यू0पी0पी0सी0एल0 एवं उ0प्र0 पुलिस आवास निगम द्वारा धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टिकरण मांगा। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, सी0एन0डी0एफ0, आवास विकास परिषद, लो0नि0वि0, आर0ई0डी, यू0पी0 सिडको, यू0पी0 पी0सी0एल0 वाराणसी , आजमगढ, राजकीय निर्माण निगम आजमगढ, बलिया,वाराणसी, भदोही, राज्य निर्माण संघ वाराणसी, जल निगम वाराणसी, अभियन्त्रण एवं संघ सहकारी लि0, देवकली पम्प कैनाल प्रथम, द्वितीय, सिंचाई निर्माण खण्ड एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। बैठक मे जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम माह सितम्बर 2022 मे पूर्ण होने वाले कार्यो की जानकारी कार्यदायी संस्थाओं से ली तथा निर्धारित अवधि मे कार्य पूर्ण न करने वाले कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाते हुए कार्य मे तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका इण्टर कालेज मुहम्मदाबाद मे भौतिक एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण मे धनराशि उपलव्ध होते हुए भी पिछले 6 माह से कार्य प्रारम्भ न होने की दशा मे आर0ई0डी0, डी0आई0ओ0एस एवं प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इण्टर मु0बाद का वेतन रोकने का निर्देश दिया। जल निगम ग्रामीण द्वारा पाईप पेयजल परियोजना वर्ष 2019-20 के लम्बित 7 परियोजनाओं जिसमे नसरतपुर , नरियांव, तिवारीपुर, अलावलपुर, रामपुर, साधोपुर, नवापुरा की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकदार पर एफ0आई0आर कराते हुए काली सूची मे डालने का निर्देश दिया। यू0पी0 पी0सी0एल0 द्वारा ताजपुर कुर्रा मे राजकीय आई0टी0आई0 निर्माण तथा उ0प्र0 पुलिस आवास निगम द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यो की मे धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। जिलाधिकारी ने ऐसे कार्यदायी संस्थाओं की सूची उपलव्ध कराने का निर्देश दिया जिनके द्वारा धनराशि आवंटन के बाद भी कार्य प्रारम्भ नही किया गया है या कार्य मे ढिलाई बरती जा रही है। उन्होने ऐसे कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य मे मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी लेते हुए पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगंे। उन्होने कहा मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता एवं ए0डी0एस0टी ओ0 शैलेंद्र मिश्रा एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारीगण उपस्थित थे।
गाजीपुर। कासिमाबाद के वैभव पैलेस में विश्व हिंदू महासंघ ने बुधवार को महंत योगी अवेद्यनाथ की आठवीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई। चूंकि विश्व हिंदू महासंघ के संस्थापक योगी अवेध नाथ ही थे। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू महासंघ के आजमगढ़ मंडल के प्रभारी मनोज श्रीवास्तव, मुख्य अतिथि कासिमाबाद के पूर्व ब्लाक प्रमुख देवेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में वाराणसी मंडल के प्रभारी दिनेश चंद्र पांडे एवं मऊ के जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह थे। यह कार्यक्रम विश्व हिंदू महासंघ गाजीपुर के जिला अध्यक्ष राकेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक विश्व हिंदू महासंघ गाजीपुर के जिला संगठन मंत्री राकेश सिंह सूर्यवंशी थे। मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह ने कहा अब समय आ गया है कि हिंदू एकजुट हो जाएं तथा जातिगत बंटवारे को भूल जाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता मनोज श्रीवास्तव ने कहा हिंदू समाज को एकजुट होने के लिए जो भी करना पड़े हम लोग पूरे मनोयोग से करेंगे, क्योंकि हिंदू समाज को एकजुट करना ही योगी अवेद्य नाथ का सपना था। कार्यक्रम संयोजक राकेश सिंह सूर्यवंशी ने सनातन धर्म के प्राचीनता, वैज्ञानिक पराकाष्ठा को ले करके बहुत सारी बातें कहीं। जिससे सनातन धर्म की सर्वोच्चता का प्रमाण मिलता है। सभा को संबोधित करते हुए डॉ अनिल सिंह ने बहुत सारी हिंदू धर्म की वैज्ञानिक तथा सामाजिक एवं हिंदू धर्म के धर्म ग्रंथों की वैज्ञानिक प्रामाणिकता को साबित करते हुए बहुत सारे उदाहरण मिसाल के रूप में पेश किया। इस पुण्यतिथि सभा में जनपद के विश्व हिंदू महासंघ के जिला प्रभारी विनीत सिंह तथा कासिमाबाद मंडल के प्रभारी अमरदीप सिंह एवं कार्यकर्ताओं ने इस संगोष्ठी में हिस्सा लिया तथा सनातन धर्म के उन्नयन के लिए एकजुट होने का आवाहन किया।
गाजीपुर। राज्य मंत्री ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग उ.प्र. डा. सोमेनद्र तोमर जनपद में पहुचकर निरीक्षण भवन लो.नि.वि. में बुधवार को मीडिया बन्धुओ के साथ वार्ता की। वार्ता के उपरान्त राज्य मंत्री ने विद्युत विभाग के समस्त अधिकारियों के साथ जनपद में हो रही समस्या एवं निस्तारण की जानाकरी लेते हुए समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्राप्त आवेदनो, मीटर बदलने एवं नये मीटर, नये कनेक्शन, र्जजर तारो, खराब ट्रान्स्फामरों एवं समय पर बदले जाने वाले ट्रान्स्फामरों, विद्युत उपभोगताओं के बकायेदारो एवं 1 लाख से अधिक बकायदारो, ट्यूबेल का नये कनेक्श्न एवं मीटर लगाये जाने एवं प्रतिनिधियों के वाट्सप ग्रुप में सूचना लेने व देने की बाबत जानकारी ली। मंत्री ने विद्युत विभाग द्वारा रिपोर्ट न तैयार करने एवं जनपद की स्थिति को पूछे जाने पर असंतोष/नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कडे निर्देश देते हुए कहा कि 8 दिन के अन्दर टोटल रिपोर्ट तैयार कर विडियों कान्फेसिंग के माध्यम से अवगत कराया जाय। बैठक में शिवम राय ए.सी.एन. द्वारा फोन पर वार्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट्रीकरण देने का निर्देश दिया।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनो को तत्काल निस्ताण किया जाय एवं सभी से सहयोग एवं स्वेछा से वार्ता की जाय। जर्जर तारो को तत्काल बदला जाय। बैठक के उपरान्त राज्य मंत्री ने विद्युत समाधान सप्ताह पर 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्रो पीरनगर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतो एवं निस्तारणो के बारे में जानकारी ली। फाईलो का रख रखाव एवं साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। पीरनगर उपकेन्द्रो पर प्राप्त शिकायतो के निस्तारण किये गये लोगों से सिधे फोन द्वारा मंत्री ने वार्ता की एवं उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए संतोषजनक पाने पर सम्बन्धित विद्युत विभाग के अधिकारी को धन्यवाद दिया। मंत्री ने जनपद के समस्त जनपदवारियों से अपील किया है कि विद्युत समाधान सप्ताह पर किसी भी प्रकार की समस्या हो जैसे लम्बित बिलो का भुगतान, नये कनेक्शन, मीटरो में शिकायत की स्थिति, मीटरो को बदलने, लोड बढ़ाने तथा अन्य की समस्याओं को अपने नजदीकी फीटर/उपकेन्द्रो पर जाकर अपनी-अपनी समस्याओं को प्रातः 8 बजे से सायः 8 बजे तक उपस्थित होकर तत्काल निस्तारण करा सकते है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। कोई भी व्यक्ति कनेक्शन, खराब मीटर, एवं बढे बिल से परेशान है एवं ट्रान्सफामरो के बदले जाने पर वसूली कोई वसूली कर रहा है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
गाजीपुर। जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता में (37) बिन्दु मुख्यमंत्री की सर्वाेच्च प्राथमिकता, विकास कार्यक्रमो की समीक्षा बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के तीन विभाग जो अपने धीमी प्रगति एंव राज्य स्तर पर खराब रैकिंग के कारण जनपद की छवि को घूमिल कर रहे है। उनको फटकार लगाते हुए स्पष्टिकरण मांगा तथा वेतन काटने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने चिकित्सा ,उद्यान एंव सहकारिता विभाग द्वारा धीमी प्रगति तथा प्रदेश स्तरीय रैकिंग में फिसड्डी रहने तथा बी श्रेणी से सी श्रेणी आने पर फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने मुुख्य चिकित्साधिकारी से स्पष्टिकरण मांगा.,तथा ए0आर0 को-आपरेटिव का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर ड्राप मोर क्राप, माइक्रो एरिगेशन में लगातार दो माह से कम प्रगति (58 प्रतिशत) प्राप्त होने पर फटकार लगाई तथा चिकित्सा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान गोल्डेन कार्ड) योजना में माह अक्टूबर 2021 में ‘डी‘ श्रेणी, नवम्बर 2021 में ‘डी‘ श्रेणी तथा माह दिसम्बर से जुलाई 2022 तक ‘बी‘ श्रेणी तथा माह अगस्त 2022 में ‘सी‘ श्रेणी प्राप्त होने एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम में पिछलें चार माह से ‘डी‘ श्रेणी तथा वर्तमान में माह अगस्त 2022 तक ‘सी‘ श्रेणी में होने तथा हेल्थ वेलनेस सेन्टर में पिछले एक वर्ष से ‘ए‘ श्रेणी मे रहने के बाद माह अगस्त 2022 में ‘बी‘ श्रेणी प्राप्त होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी से स्पष्टिकरण मांगा। इसी क्रम में सहकारी देयो एवं एन पी ए की वसूली के अन्तर्गत अल्पकालीन ऋण में माह जून तक ‘ए‘ श्रेणी एंव जुलाइर्, अगस्त 2022 में ‘बी‘ श्रेणी प्राप्त होने तथा दीर्घ कालीन ऋण में पिछले एक वर्ष से ‘बी‘ श्रेणी प्राप्त होने से राज्य स्तर पर जनपद की रैकिग खराब होने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए ए0आर0 को-आपरेटिव का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं को समय से पूरा करने के सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जनमानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने आई जी आर एस की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिया कि यदि किसी भी विभाग के शिकायत पत्र का निस्तारण निर्धारित समयांतराल मे नही किया जाता और वह डिफाल्टर होता है तो इसका उत्तरदायित्व सम्बन्धित अधिकारी का होगा। उन्होने समस्त अधिकारियो को प्राप्त शिकायतो का निस्तारण निर्धारित समयांतराल मे गुणदोष के आधार पर करने का निर्देश दिया। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना में सुधार, पेयजल की व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, खाद्य रसद, राज्य औद्योगिक मिशन,, पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, आंगनबाड़ियों का कार्य, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, स्वच्छ भारत मिशन, पोषाहार का वितरण, कौशल विकास मिशन आदि बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, परियोजना निदेशक राजेश यादव, एवं सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
15 से 30 सितंबर तक चलेगा आयुष्मान कार्ड विशेष पखवाड़ा
75692 परिवार का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य
गाजीपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना जो आयुष्मान भारत योजना के नाम से जाना जाता है। और इसके लाभार्थियों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य सुविधा चिन्हित सरकारी व गैर सरकरी अस्पतालों में निशुल्क प्रदान किया जाता है। योजना के लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाने को लेकर एक बार फिर से 15 से 30 सितंबर तक आयुष्मान पखवाड़े के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसको लेकर विभाग के द्वारा पूरी तैयारियां कर ली गई है। जिसके तहत 75692 परिवार के बचे हुए लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल डॉ एस डी वर्मा ने बताया की सरकार का मनसा है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित परिवारों के प्रत्येक सदस्य के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है। ऐसे में योजना 23 सितंबर को 4 साल पूरा कर रही है। परंतु 4 वर्ष के उपरांत भी 48% परिवारों में ही आयुष्मान कार्ड उपलब्ध हो पाया है। योजना से आच्छादित पात्र लाभार्थियों में से 27% लाभार्थियों के ही आयुष्मान कार्ड बन पाए हैं। इन्हीं सब को देखते हुए एक बार फिर से 15 सितंबर से 30 सितंबर तक आयुष्मान पखवाड़े के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार विशेष पखवाड़े में आशा और आंगनबाड़ियों के द्वारा लाभार्थियों को कैंप तक लाया जाएगा। जिसके लिए पूरे जनपद में 985 कैंप लगाए जाएंगे। इन सभी कैंपों में जन सेवा केंद्र के वीएलई ,ग्राम पंचायत सहायक और ब्लॉक लेवल ऑपरेटर शामिल रहेंगे। इन कैंपों में लाभार्थियों का कार्ड निशुल्क बनाया जाएगा। इस विशेष पखवाड़े में जिला सूचना विभाग, जिला आपूर्ति विभाग ,जिला पंचायती राज विभाग, जनपद के सभी एसडीएम और बीडियो की विशेष सहभगिता रहेगी।
आयुष्मान भारत योजना के आईटी मैनेजर अमित उपाध्याय ने बताया कि जनपद में कुल 231425 परिवार का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना था। जिसमें से 50420 परिवार सर्वे में अब तक नहीं मिल पाए हैं। जिसको लेकर अब तक 138664 परिवार का 356960 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं इस बार 15 से 30 सितंबर तक चलने वाले पखवाड़े में 75692 परिवार का डाटा प्राप्त हुआ है। जिनका आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है।