11 किलो 20 ग्राम गांजा व बाइक के साथ तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है! अभियुक्त रंजय कुमार मौर्या (26 वर्ष) पुत्र नन्दलाल मौर्या निवासी ग्राम सिहाचवर थाना गड़वार जनपद बलिया को पुलिस ने गुरुवार को अरसदपुर तिराहे के पास मऊ-वाराणसी हाईवे स्थित अरशदपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान दबोचा उसके पास से 11 किलो 20 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है! गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया! बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में जंगीपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी काफी समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और उसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है! पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम सफलता मिली है।
अज्ञात वाहन ने मारी हेड कांस्टेबल को टक्कर, हुई मौत
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के सेहमलपुर के पास सोमवार की देर रात एक यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। घर जा रहे कांस्टेबल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान आसपास के लोग और मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कांस्टेबल अनिल पाण्डेय 45 को एक निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराते हुए परिजनों को सूचना दिया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कांस्टेबल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया। अनिल पांडे वर्तमान समय में आजमगढ़ में तैनात थे। वह अपने मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे की तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दिवंगत सिपाही को पुलिस लाइन में मंगलवार की दोपहर शोक सलामी के साथ जवानों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
पार्थिव शरीर को मृतक कांस्टेबल के घर आशापुर रवाना करने से पहले एडीजी पीयूष मोर्डिया सहित अन्य पुलिस अफसरों ने कंधा देकर पुलिस लाइन से वाहन तक पहुंचाया। इस दौरान शव देखते ही पत्नी और दोनों बच्चे बेहाल हो गए। मंगलवार की दोपहर अनिल पाण्डेय के शव का बीएचयू के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम हुआ, इसके बाद शव पुलिस लाइन स्थित शहीद स्थल ले जाया गया।
जहां पुलिस जवानों के साथ एडीजी ने शव को कंधा दिया और नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। जवानों ने शस्त्र झुकाकर सलामी। इसके बाद पार्थिव शरीर आशापुर आवास पर रवाना करा दिया। जहां परिजनों के अंतिम दर्शन के बाद अंतिम संस्कार के लिए मणिकर्णिका घाट के लिए ले जाया गया। सोमवार को वह लखनऊ से कोई सरकारी कार्य करके वापस अपने घर आशापुर आ रहे थे। तभी हादसा हो गया। अनिल पांडे अपने पीछे पत्नी सहित एक बेटे और बेटी को छोड़ गए।
गाजीपुर। काशी दास बाबा की पूजा के तैयारी के दौरान मरदह थाना क्षेत्र के नरवर, गांव मे बुधवार सुबह बांस गाड़ते समय हाई टेंशन तार की चपेट मे आने से घटित घटना मे मृत छोटेलाल यादव (35 वर्ष), उ प्र पु के सिपाही रविन्द्र यादव उर्फ कल्लू (29 वर्ष), अजय यादव (23 वर्ष), अमन यादव (19 वर्ष) के चार युवकों की मौत पर भाजपा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने इस दुखद दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शोक जताया और कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हृदयविदारक दिल को दहलाने वाली घटना है।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, जिला मंत्री राकेश यादव,मनोज सिंह, चतुर्भुज चौबे के साथ अनेकों भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना की सूचना मिलते ही नरवर स्थित घटनास्थल पर पहुंच कर परिजनों से मिल घटना की जानकारी लेकर जिला चिकित्सालय मऊ मे भर्ती घायल लोगों से भेंट किया और दवा इलाज के लिए तत्काल अधिकारियों से बात किया। तथा पोस्ट मार्टम हाऊस मऊ जाकर इसमें पोस्टमार्टम प्रक्रिया मे शीघ्रता के लिए सहयोग किया। इसके आलावा, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शोभनाथ यादव, जिला मंत्री राकेश यादव, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, जिला मंत्री धनेश्वर बिन्द, जिला पंचायत सदस्य शशि प्रकाश सिंह,विनोद गुप्ता,अजीत सिंह, प्रवीण पटवा, गुड्डू राजभर आदि श्मशान घाट पर अंत्येष्टि स्थल पर मौजूद रहे।
कंप्यूटर क्रांति के जनक भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया याद। चौपाल लगाकर दी गई विनम्र श्रद्धांजलि।
गाजीपुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि मनाई गई। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को फूलनपुर गांव में स्थित संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमा के समक्ष चौपाल लगाकर देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर गोष्ठी के माध्यम से श्रद्धांजलि देकर आधुनिक भारत में उनके योगदान पर चर्चा करते हुए उन्हें याद किया गया। इस अवसर दलित बस्ती में कांग्रेस नेताओं ने बच्चों में कॉपी और पेन भी वितरित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिया था। 31 अक्टूबर 1984 को अपनी मां और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्व० इंदिरा गांधी के बलिदान के बाद वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के प्रधानमंत्री बने थे। दुरूह परिस्थितियों में सत्ता सम्हालने के बावजूद उन्होंने संतुलन, मर्यादा एवं संयम के साथ राष्ट्रीय जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया।
वहीं शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि राजीव गांधी की दुखद मौत तमिलनाडु में पार्टी प्रचार के दौरान 1991 में एक बम विस्फोट में 33 साल पहले पहले 21 मई को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में उनकी हत्या की गई थी। आतंकी संगठन लिट्टे की एक महिला ने राजीव गांधी की हत्या की थी। राजीव गांधी की जब हत्या हुई, तब उनकी उम्र मात्र 46 साल थी। पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा कि देश में कंप्यूटर क्रांति के जनक और भारत को एक विकसित देश बनाने का संकल्प लेकर आधुनिक भारत के निर्माण में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वर्गीय राजीव गांधी को बार बार नमन है। इस मौके पर प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना एवं विद्याधर पांडे, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, मंसूर जैदी, सतीश उपाध्याय, हामिद अली, राम नगीना पांडे, आशुतोष गुप्ता, सुमन चौबे, धर्मेंद्र कुमार, महबूब निशा, उमाशंकर सिंह, राजेश गुप्ता, कृष्णानंद तिवारी, अयूब अंसारी, शंभू नाथ कनौजिया, सदानंद गुप्ता, मंगल यादव, गुलवास यादव, अजय कुमार दुबे, कुंदन खरवार, पुष्पा देवी, चंद्रशेखर, मुनिया देवी, लाल मुनी, अंजनी देवी, आसमा, सविता देवी, किरण देवी, देवेंद्र कुमार सिंह, मुसाफिर बिन्द, अक्षय अरविंद नंदलाल स्वामी रतन तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
भारतीय सैनिकों के सम्मान मे महिलाओं ने निकाली सिंदूर यात्रा यात्रा में तुर्की और पाकिस्तान की एक ही अर्थी पर निकाली गई शव यात्रा
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के द्वारा मोर्चा अध्यक्ष साधना राय की अध्यक्षता मे सोमवार को भारतीय सैनिकों के सम्मान में “सिंदूर शौर्य तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की सैकड़ों महिलाएं हाथों मे भारतीय तिरंगा झंडा लेकर , भारत माता की जय,हम भारत की नारी है, फूल नहीं चिंगारी है, पाकिस्तान की तीन दवाई गोली,गोला और मिसाइल आदि गगनभेदी नारे लगाते , पाकिस्तान और तुर्की की अर्थी लेकर शव यात्रा निकाली यह सिंदूर शौर्य तिरंगा यात्रा आमघाट गांधी पार्क से कोतवाली, मिश्र बाजार, विशेश्वरगंज,सकलेनाबाद होते लंका मैदान पहुची । जहां पाकिस्तान व तुर्की के शव को महिला मोर्चा की महिलाओं ने चप्पल,ईंट से पिटकर दफन कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने कहा कि भारत के वीर योद्धाओं के शौर्य एवं पराक्रम का पुरातन इतिहास रहा है । निर्लज्ज पाकिस्तान द्वारा लगातार आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए निर्दोषों की निर्मम हत्या को अंजाम दिया जा रहा था। जिसका भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।और पाकिस्तान को यह बता दिया है कि वह जमाना गया जब भारत आतंकवादी घटनाओं को सहता रहा अब भारत बदल गया है और अपने कुशल नेतृत्व के सानिध्य में घर मे घुस कर मारने को हर समय तैयार है।उन्होंने कहा की हमारे देश की दो नारियों ने भी पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने मे अपने शौर्य और पराक्रम को प्रदर्शित किया है और अपने बहनो के सिंदूर का बदला ले लिया है।
उन्होंने कहा कि यह भारत शौर्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से बहनों ने सेना के प्रति सम्मान शहिदों के प्रति श्रद्धांजलि और पाकिस्तान को खुले रूप से चेतावनी देने का काम किया है। पूर्व विधायक सुनिता सिंह ने कहा कि पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों ने पहलगाम मे निर्दोषो को मारकर निर्ममता का परिचय दिया लेकिन हमारे देश की सेना ने आपरेशन सिन्दूर के माध्यम से वीरता से बहनों के सिंदूर का बदला लिया।हम बहिनों ने आज अपने भारतीय सैनिकों के सम्मान में आज यह सिंदूर तिरंगा यात्रा निकाल कर उनके प्रति आभार धन्यवाद और सम्मान व्यक्त किया है। इसके माध्यम से आतंकवादियों तथा पाकिस्तान को यह संदेश दिया है कि अगर आगे फिर से ऐसी जुर्रत हुई तो इससे भी भयानक अंजाम झेलना पड़ेगा।
यात्रा में शामिल बहनों के प्रति आभार धन्यवाद जिलाध्यक्ष साधना राय ने व्यक्त किया। संचालन महामंत्री माया सिंह ने किया। इस अवसर पर महिलाओं मे देश के सैनिकों के प्रति जबरदस्त सम्मान तथा पाकिस्तान के प्रति गुस्सा था।
यात्रा में सुशीला सोनकर ,रूद्रा पांडेय ,सरोज मिश्रा, किरन सिंह,,माया सिंह,कंचन गीरी, रम्भा राय, पूजा शर्मा, लालसा भारद्वाज, कुसुम शर्मा,बेबी,नीलम सिंह, आफरीन, प्रीति गुप्ता, प्रमिला मौर्य,रुपा देवी, पिंकी शर्मा, लालसा शर्मा, कंचन गीरी, नीलीमा,मीनू मौर्य, मधु सिंह,अनिता देवी, पुष्पा सिंह, गोदावरी राजभर, दीपमाला श्रीवास्तव सहित आदि अन्य सैकड़ों महिलाएं शामिल रही।
गाजीपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार मे संपन्न हुयी। बैठक मे उन्होने कहा कि हिट एण्ड रन के केस में आम जनता को जागरूक किये जाने के लिये मीडिया में प्रचार-प्रसार एवं पुलिस विभाग द्वारा कार्यशाला आयोजित कर प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाये। वर्तमान मे हिट एण्ड रन मामलों मे दुर्घनाओं के लिये मृत्यु के मामले मे दो लाख रूपये एवं गम्भीर चोट के मामले मे पचास हजार रूपये की सहायता सरकार द्वारा दी जा रही है। विद्यालयों की प्रार्थना सभा मे सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध मे जागरूक किये जाने के लिये नियमित भ्रमण कर अभियान चलाया जा रहा है।
सड़क दुर्घटना मे घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डन ऑवर मे चिकित्सा केन्द्र पर पहुॅचाने के लिये आम लोगों को जागरूक किये जाने के लिये निर्देश दिये गये एवं बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति घायल व्यक्ति को चिकित्सा केन्द्र पर पहुॅचायेगा तो पुलिस द्वारा उसे अनावश्यक परेशान नही किया जायेगा एवं इस कार्य के लिये उसे पुरस्कृत भी किये जाने का प्राविधान है। हाईवे पर चलने वाले वाहन चालको के लिये निर्देश दिये गये कि वाहनों को चिन्हित स्थानों पर ही पार्क करें, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग करने, मोबाईल का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पर वाहन न चलाने, गलत दिशा मे वाहन न चलाने एवं नशे की हालत मे वाहन न चलाने के निर्देश दिये गये।
इन निर्देशों का अनुपालन न किये जाने पर परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। हाईवे पर अवैध कट बन्द करने के निर्देश दिये गये एवं यदि किसी के द्वारा इन अवैध कटों को पुनः प्रयोग करते हुये पाये जाने पर कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। जनपद मे वर्तमान मे सत्रह ब्लैक स्पॉट है इन सभी ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किये जाने के लिये एन0एन0ए0आई एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये गये। गाजीपुर बलिया राष्ट्रीय मार्ग पर बढ़नपुरा लघु सेतु के चौड़ीकरण हेतु एन0एच0ए0आई को निर्देश दिये गये। एन0एच0ए0आई द्वारा अवगत कराया गया कि चौड़ीकरण का आगणन प्रेषित है एवं ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे सितम्बर माह तक चालू हो जायेगा, जिससे बलिया एवं मॉझीघाट जाने के लिये नया एक्सप्रेसवे जनपद को मिल जायेगा।
शहर मे चलने वाले ई-रिक्शा को निर्धारित रूट के अनुसार भी चलाये जाने के निर्देश दिये गये एवं इनके स्टैण्ड के लिये जगह चिन्हित कर व्यवस्था किये जाने भी निर्देश दिये गये है। शहर मे वाहनों की पार्किंग के लिये टाउन हाल एवं रेलवे स्टेशन पर पिंक बूथ के पीछे पार्किंग बनाये जाने के निर्देश दिये गये है। बैठक मे अपरजिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षण नगर, जी0एन0 प्रसाद, अधिशासी अभियंता, बी0एल0गौतम, संतोष कुमार, जे0पी0यादव, पुनीत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा, यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी, सहायक अभियंता, विजय पाल ंिसह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, परिवहन विभाग, एन0एच0ए0आई, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम के अधिकारी एवं सवारी वाहन एसोसियेशन, ट्रक एसोसिएशन एवं प्रदूषण मोटर ट्रेनिंग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन सहायक अभियन्ता, अनुराग यादव ने किया।
अंबेडकरनगर में राष्ट्र गौरव सम्मान से सम्मानित हुए शीर्ष दीप शर्मा
गाजीपुर। आरम्भ फाउंडेशन अंबेडकरनगर के द्वारा दिनाँक 17 व 18 मई को लोहिया भवन सभागार, अंबेडकरनगर में दो दिवसीय उत्तर प्रदेश रक्तकुम्भ और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया! जिसमें जीवन रक्षक फाउंडेशन गाज़ीपुर के संस्थापक और एसोसिएशन ऑफ पूर्वांचल ब्लड डोनर्स के सचिव शीर्ष दीप शर्मा को राष्ट्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 35 जनपदों के समाजसेवियों और रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया! कार्यक्रम में रक्तदानियों का उत्साह बढाने के लिए पूरे उत्तर प्रदेश मे सबसे अधिक 223 बार रक्तदान करने वाले रक्तदाता प्रदीप इसरानी जी भी वाराणसी से उपस्थित रहे और उन्हे भी शान ए उत्तर प्रदेश सम्मान से सम्मानित किया गया। शीर्ष दीप को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य सरकार द्वारा वीर गुरु गोविंद सिंह वीरता पुरस्कार से सम्मानित, 1000 कन्याओं का कन्यादान करने वाले, प्रख्यात समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा, विशिष्ट अतिथि शिव कुमार गुप्ता (अध्यक्ष व्यापार मंडल अंबेडकरनगर) एवं महाराष्ट्र राज्यपाल द्वारा सम्मानित कार्यक्रम की आयोजक व आरम्भ फाउंडेशन की संस्थापिका संध्या सिंह ‘समीप’ ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर शीर्ष दीप शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अंबेडकरनगर में सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिये सबसे गर्व का विषय यह है कि एक निस्वार्थ सेवा करने वाले समाजसेवियों के हाथों सम्मान पाना अपने आप में एक बहुत बड़ा सम्मान है और हम सभी का उद्देश्य सिर्फ सम्मान प्राप्त करना नही है। बल्कि ऐसे कार्यक्रमों में उपस्थित होकर एक दूसरे से परिचय प्राप्त कर अपने जनपद के साथ साथ अन्य जनपद में रक्त की आवश्यकता होने पर एक दूसरे के सहयोग से रक्त मुहैया कराया जा सके। ताकि बिमारी से भले किसी की जान जाये परन्तु रक्त की कमी से किसी की जान ना जाये। शीर्ष दीप ने एसोसिएशन ऑफ पूर्वांचल ब्लड डोनर्स के मंत्री सूरज गुप्ता, कार्यक्रम में उपस्थित रक्तवीर, रक्तविरांगनाओं व आयोजन समिति के हर सदस्य सहित आयोजक आयोजक संध्या सिंह जी का आभार ज्ञापित किया और कहा कि यह सम्मान पूरी जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर टीम के योगदान का प्रतिफल है इसलिये यह सम्मान संस्था के हर सदस्य सहित समस्त सहयोगियों, मार्गदर्शकों व जिले को समर्पित है। आपको बता दें कि शीर्ष दीप व उनकी संस्था जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर 4 वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कोरोना की दूसरी लहर में जब लोगों को ऑक्सीजन, ब्लड व प्लाज्मा की बहुत आवश्यकता थी! तब शीर्ष दीप शर्मा, जीवन रक्षक फाउंडेशन की स्थापना कर जरूरतमंदों की मदद को आगे आये और तब से अब तक शीर्ष दीप शर्मा ने अपनी संस्था जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर के द्वारा थैलेसिमिया, एप्लास्टिक अनेमिया, कैंसर, गर्भवती महिला, नवजात शिशु आदि जरूरतमंदों व लावारिस मरीजों को 1900 से अधिक रक्तदान कराया और सिर्फ गाजीपुर ही नहीं वाराणसी, आज़मगढ़, मऊ, प्रयागराज, लखनऊ, दिल्ली, बिहार, केरल , महाराष्ट्र मध्यप्रदेश व राजस्थान में भी जरूरतमंदों को ब्लड मुहैया कराया| शीर्ष दीप शर्मा अब तक 43 बार रक्तदान कर चुके है और अपनी टीम के साथ समय-समय पर वाराणसी स्थित होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल में कैंसर से पीड़ित बच्चों को प्लेटलेट्स दान करने भी जाते रहें है| शीर्ष दीप को एक माह पूर्व 5 अप्रैल को एसोसिएशन ऑफ पूर्वांचल ब्लड डोनर्स का सचिव भी नियुक्त किया गया। शीर्ष दीप शर्मा व उनकी संस्था जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल महामहिम मनोज सिन्हा जी, ए०डी०जी०पी० हरियाणा वी कामाराजा व भारतीय हांकी के पूर्व कप्तान, अशोक ध्यानचंद आदि से देश के 6 राज्यों हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखण्ड, बिहार, मध्यप्रदेश व उत्तर प्रदेश में सम्मानित किया जा चूका है। साथ ही उत्तर प्रदेश के भी 5 जनपदों गाजीपुर, मिर्जापुर, जौनपुर, अयोध्या व अब अंबेडकरनगर में सम्मानित किया जा चुका है।
गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने रविवार को मंडी परिषद के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से औपचारिक मुलाकात की। मुलाकात के दौरान राज्यसभा सांसद ने बताया की मण्डी परिषद् द्वारा मण्डी समितियों के माध्यम से अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जाती है जिसमे से एक है आवागमन हेतु अच्छी सड़के भी शामिल है। संगीता बलवंत ने 4 महत्वपूर्ण सड़कों के नव निर्माण का प्रस्ताव दिया। जिसमें ग्राम सभा महाबलपुर,(मकसुदनपाह) विजय के घर से अनिल के घर होते हुए संतोष के घर तक के मार्ग का नव निमार्ण कार्य, छावनी लाईन कलौता में विजेन्द्र कुशवाहा के डेरा से सियाराम सिंह के भठ्ठा तक मार्ग का नव निमार्ण कार्य, छावनी लाईन कलौता में लिला सिमेन्ट की दुकान से जितन के घर होते हुए नहर की पटरी तक के मार्ग का नव निमार्ण कार्य सहित मनिहारी जखनियाँ मार्ग से मुसाफिर बालिका इण्टर कालेज होते हुए खडवाडिह गाँव तक मार्ग का नव निमार्ण कार्य शामिल है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने संगीता बलवंत को प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा कि जल्द प्रस्ताव पास कर सड़कों का नव निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस छात्रों ने किया नुक्कड़ सभा का आयोजन
गाजीपुर। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस (WORLD Hypertension Day) के अवसर पर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य शिक्षा महाविद्यालय की ओर से एक माहव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 17 मई 2025 से 16 जून 2025 तक चलाया जा रहा है़। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को हाइपरटेंशन यानी उच्च रक्तचाप के खतरों, कारणों, लक्षणों और रोकथाम के तरीकों के बारे में जानकारी देना है।
अभियान के प्रथम दिन महाविद्यालय के एमबीबीएस के छात्रों द्वारा नगर के महुआबाग में शनिवार को एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। इस नुक्कड़ सभा में छात्रों ने जन-सामान्य की भाषा में उच्च रक्तचाप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह एक मौन हत्यारा (Silent killer) है, जो बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी शरीर को गंभीर नुकसान पहुँचा सकता है।
कार्यक्रम में छात्रों ने अभिनय, संवाद और पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश दिया कि हाइपरटेंशन से बचने के लिए नियमित रक्तचाप जांच, संतुलित आहार, व्यायाम, तनाव प्रबंधन और समय पर इलाज अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 डॉ. आनंद मिश्रा ,शहर कोतवाल दीनदयाल पांडे , साकेत सिंह एवं बायोकेमेट्री के सह-आचार्य प्रो0 डॉ. अमित जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य प्रो0 डॉ. आनंद मिश्रा ने अपने संबोधन में छात्रों की पहल की सराहना की और कहा कि, इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
ईयर फोन और ईयर प्लग से युवाओं में सुनने की क्षमता हो रही है कम
गाजीपुर। आज का युवा ईयरफोन और ईयर प्लग को अधिक समय तक उपयोग कर रहे हैं। जिसके कारण उनके सुनने की क्षमता के साथ ही टिटनेस की भी संभावनाएं बढ़ रही हैं।इसी को लेकर प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश पार्थ सारथी सेन शर्मा के द्वारा समस्त मंडल आयुक्त एवं जिला अधिकारी को इस संबंध में एक पत्र जारी करते हुए आम जनमानस में बचाव के लिए जन जागरूकता करने का निर्देश दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा का एक पत्र विभाग को प्राप्त हुआ है। जिसमें मोबाइल के इयरफोन तथा हेडफोन के संबंध में जारी किया गया और बताया गया है कि इसके उपयोग से लोगों को सुनने की क्षमता में लगातार कमी आ रही है। और यह युवा वर्ग को ज्यादा प्रभावित कर रहा है यह अनदेखा किया जाने वाला स्वास्थ्य से संबंधित प्रकरण है । उन्होंने बताया कि आज का युवा व्यक्तिगत ऑडियो उपकरणों के माध्यम से तेज संगीत एवं अन्य ध्वनियों के लंबे समय तक सुनने की लगातार क्षति हो रही है।
उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए कई तरह के उपाय भी बताए गए हैं। इससे बचने के लिए हेडफोन के अनावश्यक उपयोग से बचे। यदि बहुत आवश्यक हो तो 50 डेसीबल से अधिक ध्वनि वाले ईयर फोन हेडफोन का उपयोग करें। हेडफोनअथवा ब्लूटूथ इयर प्लग का प्रतिदिन 2 घंटे से ज्यादा लंबे समय तक इस्तेमाल न करें और बीच-बीच में ब्रेक भी ले । यदि संभव हो तो कम आवाज में ऑडियो सुनने के लिए अच्छी तरह से शोर कम करने वाले हेडफोन का ही उपयोग करें । बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग से दूर रखें ताकि वह तेज आवाजों के संपर्क में ना आए। जिनका इस्तेमाल अक्सर गेम डिजाइन में किया जाता है। सोशल मीडिया का उपयोग कम करें परिवार और सामाजिक मेलजोल पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक साथ समय बिताने का कार्य करें । सार्वजनिक स्थलों पर अधिकतम औसत ध्वनि 100 डेसीबल से अधिक ना हो।
उन्होंने बताया कि इन उपायों को यदि अमल में लाया जाए तो इस तरह के कम सुनने वाले मामले में कमी लाई जा सकता है । उन्होंने बताया कि एक बार यदि सुनने की क्षमता स्थाई रूप से खत्म हो जाने पर श्रवण यंत्र से सामान्य श्रवण क्षमता बहाल नहीं की जा सकती। इसके अलावा कम उम्र से ही लगातार टिटनेस होने से अवसाद सहित कई तरह के मनोवैज्ञानिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।