All posts by UP Fast News

यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गहमर गांव में “कारगिल विजय दिवस” समारोह का भव्य आयोजन

यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गहमर गांव में ‘कारगिल विजय दिवस’ समारोह का भव्य आयोजन

गाजीपुर। देश के वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में ‘‘कारगिल विजय दिवस‘‘ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। गाज़ीपुर की इस ऐतिहासिक धरती और ‘‘एशिया के सबसे बड़े गाँव‘‘ गहमर की यह विशेषता है कि यहाँ का हर घर देश की सीमा की रक्षा से जुड़ा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचल प्रमुख टी कामेश्वर राव ने कहा गहमर को केवल एक गाँव नहीं, बल्कि वीरो की भूमि कहा जाता है, जिसने भारतीय सेना को हजारों जांबाज सैनिक दिए हैं। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर 1999 के कारगिल युद्ध तक, गहमर के सपूतों ने माँ भारती के मस्तक को हमेशा ऊँचा रखा है। क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कहा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को इस बात का गर्व है कि हम इस पराक्रमी धरती और यहाँ के निवासियों की सेवा में समर्पित हैं। समारोह को संबोधित करते आंचलिक आश्वासन प्रमुख दीप्तिमान गुप्ता ने कहा देश की सीमा पर हमारे जवान रक्षा कर रहे हैं, और देश की आर्थिक प्रगति में हम उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े हैं। ईको बैंकिंग प्रमुख अजय खरे ने कहा गहमर न केवल एशिया के सबसे बड़े गांव के रूप में विख्यात है अपितु देश के तीसरे सबसे बड़े सैनिकों के गांव के रूप में सुप्रसिद्ध है। यह हम सभी को गौरवान्वित करता है। बैंक के द्वारा सेना से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सुबेदार जन्मेजय सिंह, सूबेदार संतोष सिंह एवं सूबेदार वीर बहादुर के साथ अन्य सैन्यकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, ईको बैंकिंग प्रमुख गाजीपुर क्षेत्र अभिमीत कुमार एवं बैंक के गहमर परिक्षेत्र के शाखा प्रबंधकों कि गरिमामय उपस्थिति रही।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की बैठक सम्पन्न,अखंड भारत संकल्प दिवस 14 को

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की बैठक सम्पन्न,अखंड भारत संकल्प दिवस 14 को

गाजीपुरl विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की विभाग बैठक गुरुबाग मे सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं उनकी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गईl
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित बजरंग दल काशी प्रांत के प्रांत सह संयोजक संदीप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी कार्यक्रमों जैसे अखण्ड भारत संकल्प दिवस, स्थापना दिवस, बूढ़े अमरनाथ यात्रा एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग को पूर्ण तैयारी, अनुशासन एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाना विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान बजरंग दल के नवीन दायित्वों की घोषणा भी की गई। इसमें उज्ज्वल पांडेय को गाजीपुर नगर संयोजक, गोलू जायसवाल को रेवतीपुर प्रखंड संयोजक, आदित्य गुप्ता को वीरनो प्रखंड विद्यार्थी संपर्क प्रमुख, शिवम कुशवाहा को मरदह प्रखंड सुरक्षा प्रमुख तथा राजन सिंह को जिला सह सुरक्षा प्रमुख का दायित्व प्रदान किया गया। सभी नवदायित्ववान कार्यकर्ताओं का ॐ के उच्चारण के साथ स्वागत एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गई।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री विनीत सिंह, विभाग मंत्री बुद्ध नारायण, प्रांत कार्यसमिति सदस्य ओमकार नाथ राय, विनोद उपाध्याय, राजेश उपाध्याय, जिला सह मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, दिलीप उपाध्याय, उमेश तिवारी, बजरंग दल विभाग संयोजक अमित राय, जिला धर्माचार्य प्रमुख प्रदीप तिवारी, नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान, बजरंग दल सदर संयोजक विनोद बजरंगी, संतोष बलोपासना प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर, बंटी दादा, उत्तम चौधरी, रामबाबू सैनी, संदीप मोदीनवाल सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना को शीघ्र शुरू कराने के लिए सांसद डा.संगीता बलवंत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से किया आग्रह

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना को शीघ्र शुरू कराने के लिए सांसद डा.संगीता बलवंत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से किया आग्रह

गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने गाजीपुर, चंदौली सहित पूर्वांचल के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-97) के अंतर्गत प्रस्तावित महाराजगंज (गाजीपुर)–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण एवं बजट आवंटन को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र देकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सांसद डा.संगीता बलवंत ने अपने पत्र में अवगत कराया कि वर्ष 2019-20 में इस लगभग 41.6 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। यह महत्वाकांक्षी परियोजना चंदौली जनपद के 39 गांवों तथा गाजीपुर जनपद के 21 गांवों से होकर गुजरेगी। परियोजना के पूर्ण होने से गाजीपुर,चंदौली, गोरखपुर क्षेत्र सहित बिहार के लाखों लोगों को बेहतर एवं सुगम सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे यात्रा का समय और दूरी दोनों में कमी आएगी तथा क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

डा.संगीता बलवंत ने कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से क्षेत्र में व्यापार, निवेश, रोजगार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों को आधुनिक सड़क सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए शीघ्र बजट उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।

गौरतलब है कि सांसद डा.संगीता बलवंत लगातार संसद से लेकर मंत्रालयों तक गाजीपुर एवं पूर्वांचल के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाती रही हैं। क्षेत्र के विकास, बेहतर आधारभूत संरचना तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका निरंतर प्रयास जारी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद डा. संगीता बलवंत को इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा शिवभक्तों के लिए निःशुल्क जलपान सेवा शिविर का शुभारंभ

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा शिवभक्तों के लिए निःशुल्क जलपान सेवा शिविर का शुभारंभ

गाजीपुर।सावन के प्रथम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने जाने वाले श्रद्धालु शिवभक्तों की सेवा रविवार को रौजा तिराहा पर VHP बजरंग दल द्वारा निःशुल्क जलपान सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया।

इस सेवा शिविर के माध्यम से कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों के लिए शीतल पेयजल, फल एवं जलपान की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। बजरंग दल के कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा एवं समर्पण भाव से शिवभक्तों की सेवा में जुटे हुए हैं।

शुभारंभ में VHP जिला अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव, VHP जिला मंत्री विनीत सिंह, VHP जिला सह मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, बजरंग दल सदर संयोजक विनोद विंद, बजरंग दल सदर गौ रक्षा प्रमुख विशाल गुप्ता, VHP नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान, जेपी चौरसिया प्रतिनिधि पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, राम निवास बजरंग दल नगर सह संयोजक की गरिमामयी उपस्थिति रही।

VHP बजरंग दल ने सभी शिवभक्तों का स्वागत करते हुए उनके मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। समाज के सभी लोगों से इस सेवा कार्य से जुड़ने का आह्वान किया।

चकिया से अयोध्या धाम गई श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल संपन्न

चकिया से अयोध्या धाम गई श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल संपन्न

गाजीपुर(चकिया)। ग्राम चकिया से मौनी बाबा सेवा दल के तत्वावधान में समाजसेवी एवं अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। 51 श्रद्धालुओं का दल अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकुशल वापस लौट आया।
इस पावन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन-पूजन किया। जिसमें विशेष रूप से हनुमानगढ़ी, श्री राम जन्मभूमि, सीता रसोई, जटायु किला, दशरथ महल सहित अन्य पवित्र स्थलों की यात्रा शामिल रही। सभी श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान श्री राम एवं हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और भक्ति देखने को मिली। “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा के सफल आयोजन में रामलीला समिति चकिया के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
समाजसेवी संतोष पांडेय ने बताया कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में आस्था, एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और अनुशासन की सराहना की।
ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी पर खुशी व्यक्त करते हुए इस यात्रा को सफल और प्रेरणादायक बताया। सभी ने भगवान श्री राम से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

436 शिकायत पत्र में 40 का निस्तारण

436 शिकायत पत्र में 40 का निस्तारण

गाजीपुर।जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबाद में अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 86 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 436 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 40 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील सदर में 46 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 76 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानियॉ तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 49 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। तहसील जखनियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 86 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 04 निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 48 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 02 का निस्तारण किया गया एवं तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 45  शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें  04 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है। उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम ने किया गौ-आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण,हरे चारे की पाई गई कमी

डीएम ने किया गौ-आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण,हरे चारे की पाई गई कमी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद द्वारा विकास खण्ड सादात अन्तर्गत ग्राम पिपनार में बनाए गए अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशुओं के खाने के लिए चारे और पानी की व्यवस्था की जानकारी ली। गौ-आश्रय स्थल पर हरे चारे की कमी पाई गई। जिसपर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को तत्काल हरे चारे की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि गौ-आश्रय स्थल पर साफ सफाई, पेयजल, छाया एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जॉच की व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होने कहा कि गोवंश के रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पायी जाती है तो संबंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सादात एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण से मिली नई रोशनी,18 अगस्त को पुनः लगेगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर

निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण से मिली नई रोशनी,ऑपरेशन कराकर लौटे मरीजों ने रामलीला कमेटी और आर जे शंकरा की सेवा भावना को सराहा

कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा-18 अगस्त को पुनः लगेगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, जनसेवा का अभियान रहेगा जारी

गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर के बाद मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए वाराणसी स्थित आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल भेजे गए मरीजों का सफल उपचार होने के बाद वे बुधवार को सकुशल गाजीपुर लौट आए।
कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह एवं मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने लंका मैदान परिसर में अस्पताल की बस से लौटे सभी मरीजों और उनके तीमारदारों का स्वागत कर उनका हालचाल जाना। मरीजों ने सफल ऑपरेशन, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था एवं आत्मीय सहयोग के लिए कमेटी और आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 17 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया था। इनमें से 16 मरीजों को उसी दिन अस्पताल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां सभी का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया गया। एक मरीज का ब्लड प्रेशर अधिक होने के कारण चिकित्सकों ने ऑपरेशन स्थगित कर उपचार के बाद अगली तिथि पर पुनः जांच कराने की सलाह दी।
ऑपरेशन कराकर लौटे मरीजों ने बताया कि अस्पताल में उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर देखभाल मिली। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आगामी 18 अगस्त को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का लाभ उठाकर समय रहते अपनी आंखों की जांच एवं आवश्यक उपचार कराएं।
इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा, अति प्राचीन रामलीला कमेटी केवल रामलीला मंचन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा को भी अपना दायित्व मानती है। आगामी 18 अगस्त को पुनः निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। हमारी कोशिश रहेगी कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी और सेवा कार्य निरंतर चलते रहें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।

गाजीपुर में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, 17 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना

गाजीपुर में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, 17 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना

गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी, “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से सोमवार को लंका स्थित सभागार में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुई झमाझम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई।
शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने आंखों की जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच के बाद कुल 17 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सभी चयनित मरीजों को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण (चीरा विधि) एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा। इस दौरान अति प्राचीन रामलीला कमेटी के पदाधिकारी गण और वालेंटियर्स मौजूद रहे।
आर जे शंकरा अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों को लगभग 18 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें काला चश्मा, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर अस्पताल की बस से सुरक्षित गाजीपुर वापस लाया जाएगा और ये अगले महीने 18 अगस्त को भी ऐसा ही निःशुल्क शिविर कमेटी के साथ निःशुल्क लगाया जाएगा।
अतिप्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि कमेटी द्वारा रामलीला मंचन के कार्य के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति का उद्देश्य है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कमेटी के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि सुबह से लगातार बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बताता है कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की समाज में कितनी आवश्यकता है। समिति आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के अधिकृत प्रतिनिधि संदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है। चयनित सभी मरीजों का ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, दवाइयां, भोजन, आवास तथा आने-जाने की पूरी व्यवस्था अस्पताल द्वारा निःशुल्क की जा रही है।

नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता के संबंध में कार्यवाई की जाए:डीएम

नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता के संबंध में कार्यवाई की जाए:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के लगभग 50 विद्यालयों के प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में बिना मानक पूर्ण किए विद्यालयी वाहनों का संचालन नहीं होगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अनफिट, बिना परमिट एवं मानकों के विपरीत संचालित विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयी वाहनों के अतिरिक्त निजी वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा आदि से विद्यार्थियों के अवैध परिवहन पर भी कड़ी कार्यवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परिवहन संबंधी नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध उनकी मान्यता के संबंध में नियमानुसार कार्यवाई की जाए। उन्होंने तहसीलवार विद्यालयों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलवार विद्यालयों की अद्यतन सूची प्रस्तुत कर विद्यालयी वाहनों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सभी विद्यालयों को अपने वाहनों से संबंधित फिटनेस, परमिट सहित सभी आवश्यक प्रपत्र समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने होंगे।
बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह से 15 जुलाई तक जनपद के 286 विद्यालयों ने अपने विद्यालयी वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराया है, जबकि 86 विद्यालयों ने वाहनों का परमिट बनवाया है। जिलाधिकारी ने शेष विद्यालयों को भी शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।