Category Archives: Ghazipur

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन,सौंपा ज्ञापन

मनरेगा खत्म करने की साजिश के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

भाजपा सरकार पर गांधी-विरोधी और मजदूर विरोधी होने का आरोप

गाजीपुर।भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त करने और उसके नाम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की साजिश के खिलाफ जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में 22 दिसंबर को सरजू पांडे पार्क से जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर जोरदार एवं उग्र प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम कोई सामान्य विधायी प्रक्रिया नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और वंचितों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है। मनरेगा जैसे ऐतिहासिक अधिकार आधारित कानून को कमजोर करना दरअसल गरीबों से काम का अधिकार छीनकर उन्हें केंद्र सरकार की दया और कृपा पर निर्भर बनाने की साजिश है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने की कोशिश भाजपा-आरएसएस की गांधी विरोधी, श्रम विरोधी और जनविरोधी मानसिकता को उजागर करती है। यह प्रयास राष्ट्रपिता के विचारों, मूल्यों और सामाजिक न्याय की अवधारणा को मिटाने का एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र है।
जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा की “भाजपा सरकार गरीबों की रोटी, मजदूरों के हक और ग्रामीणों के सम्मान पर हमला कर रही है। मनरेगा को खत्म करने की साजिश दरअसल अमीर मित्रों को खुश करने और गरीबों को और गरीब बनाने की नीति का हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी इस गांधी-विरोधी सरकार को ग्रामीण भारत के अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगी।”
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि “भाजपा और आरएसएस को गांधी जी के नाम से डर लगता है, क्योंकि गांधी जी सत्य, समानता और संघर्ष के प्रतीक हैं। मनरेगा से गांधी जी का नाम हटाना उनके विचारों को मिटाने की नाकाम कोशिश है। भाजपा सरकार बताए कि उसे मजदूरों के अधिकार से इतनी नफरत क्यों है?”
पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा “मनरेगा ने करोड़ों ग्रामीण परिवारों को सम्मानजनक रोजगार दिया है, लेकिन भाजपा सरकार इसे बोझ मानती है। यह सरकार झूठे प्रचार और आंकड़ों के सहारे देश चला रही है और जमीनी सच्चाई से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस मनरेगा की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।”
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि “मनरेगा को कमजोर करना संविधान की आत्मा पर हमला है। भाजपा सरकार सामाजिक न्याय, समानता और गरीब कल्याण की अवधारणा को खत्म करना चाहती है। गांधी जी का नाम हटाकर यह सरकार देश के इतिहास और मूल्यों को मिटाने का असफल प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस और देश की जनता कभी सफल नहीं होने देगी।”
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव, सड़क-सड़क व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष मारकंडेय सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, हनुमान सिंह यादव, राजीव सिंह, हामिद अली, मंसूर जैदी, राम नगीना पांडे, अयूब अंसारी, विनोद सिंह, विद्याधर पांडे, महबूब निशा, शशि भूषण राय, अजय दुबे, आलोक यादव, राशिद कृष्णा तिवारी, राजेश उपाध्याय, मुसाफिर बिन्द, कमलेश्वर शर्मा, सुधांशु तिवारी, सदानंद गुप्ता, सीताराम राय, वीरेंद्र राय, कुंदन खरवार, अरविंद मौर्य, विंध्याचल कुशवाहा, सुमन चौबे, शंभू कुशवाहा, अवधेश भारती, जफरुल्लाह अंसारी, सतीराम सिंह, इरफान खान, महेंद्र कुशवाहा, कुद्दुस अंसारी, अहमद कमाल, इंद्रमल यादव, चंद्रशेखर कुमार, किरण भारती सिंह देवेंद्र सिंह, आदि सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गाजीपुर परिसर में स्वास्थ्य जाँच शिविर का हुआ आयोजन

गाज़ीपुर।परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के निर्देश पर 22 दिसम्बर को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, गाजीपुर परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सामान्य स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, सामान्य रोगों की समय रहते पहचान करना तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा सेवाएँ प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान नेत्र जाँच, टीबी, एचआईवी, हेपेटाइटिस, सिफलिस जाँच, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रक्त शर्करा (शुगर), वजन, बीएमआई, हृदय जाँच एवं सामान्य शारीरिक परीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त जाँच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ, चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए गए।
इस स्वास्थ्य शिविर में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारी, चालक, परिचालक, अन्य कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कर्मचारियों की व्यस्त दिनचर्या को देखते हुए कार्यस्थल पर आयोजित यह शिविर अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें समय की बचत के साथ समुचित स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो सकीं।
चिकित्सकों द्वारा उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, स्वच्छता, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन के साथ-साथ टीबी एवं एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के विषय में विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया। साथ ही मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम पर भी विशेष जानकारी दी गई।
इस अवसर पर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का स्वस्थ रहना संस्था की कार्यक्षमता, उत्पादकता एवं सेवा गुणवत्ता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा।
डॉक्टर रविरंजन, जिला क्षयरोग अधिकारी ने कहा कि यह सामान्य स्वास्थ्य जाँच शिविर एक सकारात्मक एवं सराहनीय पहल है, जिससे लोगों को न केवल अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी मिली, बल्कि स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी प्राप्त हुई।
डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला क्षयरोग केन्द्र, गाजीपुर द्वारा टीबी एवं एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण, रोकथाम, समय पर जाँच एवं नियमित उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, गाजीपुर के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सक, आईसीटीसी काउंसलर, एलटी, एसटीआई के कर्मचारी तथा टीबी विभाग से राधेश्याम यादव (टीम लीडर), वेंकटेश्वर प्रसाद शर्मा (एसटीएलएस), नरेन्द्र कुमार राय (टीबीएचवी), तथा टीआई, गाजीपुर की टीम (प्रतिभा, अजय, मेंहदी, शकीला) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

मेडिकल कॉलेज गाजीपुर का आईसीयू विभाग गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी हो रहा है साबित

महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्यकीय मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर का आईसीयू विभाग गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है

ग़ाज़ीपुर।पिछले साल से संचालित से संचालित 6 बेड के आईसीयू में 20 दिसंबर को रेवतीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मरीज को पॉइजन सेवन के बाद अत्यंत गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया। जिसका नाम गोपनीय रखा गया है। इमरजेंसी डॉक्टर डॉ. स्वतंत्र सिंह और आईसीयू इंचार्ज डॉ. विनीत मिश्रा की तत्परता से मरीज को तत्काल आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख और मेडिसिन विभाग के अंतर्गत भर्ती युवा मरीज के मामले में डॉ. मनोज कुमार यादव से भी परामर्श लिया गया। जिसके बाद मरीज की स्थिति में निरंतर सुधार हुआ। वर्तमान में मरीज बातचीत करने की स्थिति में है और अगले 1–2 दिनों में पूरी तरह स्वस्थ होकर घर जाने की संभावना है।

डॉ. विनीत मिश्रा ने बताया कि प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के प्रयासों से आईसीयू की स्थापना हुई, जहां अब तक 50 से अधिक गंभीर मरीज भर्ती हो चुके हैं, जिनमें से 18 मरीज पूर्णतः स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। आईसीयू में इलाज पूर्णतः निःशुल्क है।

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ स्वतंत्र सिंह ने बताया कि आईसीयू में मरीज को भर्ती करने के बाद इलाज के नाम पर कोई भी खर्च मेडिकल कॉलेज प्रशासन के द्वारा नहीं लिया जाता है। जबकि मरिज पर प्रतिदिन 20 से 25 हजार रुपए का खर्च आता है। जो मेडिकल कॉलेज प्रशासन वहन करता है और अब तक 18 से ऊपर मरीज स्वस्थ होकर अपने घर को जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसके पहले इस क्रिटिकल मरीजों को आईसीयू की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें वाराणसी या अन्य जनपदों में रेफर किया जाता था। जिससे उन्हें हरासमेंट के साथ ही साथ उन्हें मोटी रकम खर्च करनी पड़ती थी लेकिन अब मेडिकल कॉलेज में इस सुविधा के हो जाने से लोगों का निशुल्क आईसीयू में भी इलाज हो रहा है।

आईसीयू का संचालन एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. उदय सिंह, डॉ. हिमांशु पांडे, डॉ. चैतन्य सोनी, डॉ. आशीष कुमार यादव सहित समर्पित नर्सिंग स्टाफ और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. के.एन. चौधरी के निर्देशन में किया जा रहा है।

छात्राओं को वितरित किया नेपकिन पैड

गाज़ीपुर(बहरियाबाद)। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सादात से सोमवार को आयुष चिकित्सक (आर बी एस के) टीम के द्वारा बहरियाबाद कस्बा स्थित सुभाष विद्या मंदिर इण्टर कालेज में छात्राओं को 1200 पीस नेपकिन पैड वितरित किया गया। उक्त जानकारी देते हुए डा. सुर्य प्रताप राय ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डा पंकज सिंह के निर्देशानुसार नेपकीन पैड का वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किशोरावस्था में होने वाले सामान्य रोगों तथा इससे बचाव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामप्रकाश राम डा. आनन्द कुमार पाण्डेय, डा. प्रियंका यादव, डा. कृतिका चौबे, फार्मासिस्ट ख़ुशी शाहू आदि लोग मौजूद रहीं।

पुलिस ने बरामद की 17 मोबाइल,लोगों के खिल उठे चेहरे

गाजीपुर(बहरियाबाद)। बहरियाबाद पुलिस की सर्विलांस टीम की सक्रियता से लोगो की गायब हुई दो लाख इकसठ हजार मुल्य की कुल 17 मोबाइल सोमवार को लौटाया। जिसमें एक आई. फोन व 15 एंड्रॉयड मोबाइल को सी.ई.आई. आर. पोर्टल से बरामद कर लोगों को वापस लौटाया। अपनी गायब हुई मोबाइल पाकर लोग खुश दिखाई दिए और पुलिस को धन्यवाद भी दिए। उक्त जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि सी.ई.आई.आर. पोर्टल पर दर्ज हुसेनपुर मुर्थान निवासी अनूप गिरी की गायब हुई आई. फोन को सर्विलांस के द्वारा मात्र 15 दिनो मे बरामद कर लौटाया। वही गहनी निवासी सोनिया की एंड्रॉयड मोबाइल को झारखंड से, मिर्जापुर के गुलशन कुमार की एंड्रॉयड मोबाइल को मुम्बई से, आजमगढ के चिरैयाकोट निवासी बृजेश कुमार की मोबाइल दिल्ली से तथा गदाईपुर के नौशाद की एंड्रॉयड मोबाइल बिहार से बरामद हुई। इसके अतिरिक्त मिर्जापुर के विनोद कुमार, अभिषेक कुमार, अतीश कुमार बैजनाथपुर के संजय कुमार, बेवदा के संदीप कुमार, पलिवार के कृष्णा गिरी, बेलहरा के भगवान दास, नादेपुर के मिंटू यादव, चकफरीद के शुभम यादव, पलिवार के प्रशांत पुरी, मलौरा के शुभम कुमार की गायब मोबाइल को सर्विलांस टीम ने बरामद किया। पुलिस की इस सक्रियता मे कम्प्यूटर आपरेटर सोनू यादव, का. अंकित कुशवाहा व मिशन शक्ति टीम का योगदान रहा।

महिला पीजी कॉलेज में विभागीय शोध समिति (डीआरसी) साक्षात्कार संपन्न


राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभागीय शोध समिति (डीआरसी) साक्षात्कार संपन्न


गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग में विभागीय शोध समिति (Departmental Research Committee – DRC) का साक्षात्कार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस साक्षात्कार में पीएच.डी./शोध उपाधि हेतु पंजीकरण के लिए पात्र शोधार्थियों ने अपने शोध प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में शिबली नेशनल पीजी कॉलेज आजमगढ़ के वरिष्ठ प्रोफेसर सुल्तान अहमद जी रहे। साक्षात्कार के दौरान शोधार्थियों के शोध विषय, उद्देश्य, कार्यविधि एवं विषय की प्रासंगिकता पर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति के सदस्यों द्वारा शोध की गुणवत्ता, नवीनता एवं व्यवहारिक उपयोगिता के आधार पर मूल्यांकन किया गया। साक्षात्कार में समिति ने तीन शोधार्थियों क्रमशः मोहम्मद सरफराज, मनीषा यादव एवं कुमारी गीता के नाम को शोध उपाधि समिति (Research Degree Committee- RDC) के लिए अग्रसारित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय कि प्राचार्य प्रोफेसर, अनीता कुमारी ने साक्षात्कार के सफल आयोजन पर विभागीय शोध समिति एवं सभी शोधार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त किया कि यह शोध कार्य शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

वसुधैव कुटुंबकम की संस्कृति है: डॉ. नितेश

वसुधैव कुटुंबकम की संस्कृति है – डॉ. नितेश

गाज़ीपुर। जनपद के नगर क्षेत्र के शिवाजी बस्ती, दयानन्द बस्ती व गुरूबाग बस्ती मे हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। दयानंद बस्ती का कार्यक्रम डीएवी मैदान पर आयोजित किया गया। विराट हिंदू सम्मेलन के मुख्य वक्ता जौनपुर विभाग के विभाग कार्यवाह डॉ नितेश ने बताया कि भारत की संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम एवं सर्व धर्म समभाव की है। सनातन धर्म हर जीव का कल्याण चाहता है। इसलिए मानवता, उपासना, आराधना, साधना एवं त्याग की भावना हर इंसान में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हिंदू समाज संगठित और अनुशासित होगा, तभी भारत विश्व गुरु बन सकेगा।

एक संगठित और संयमित समाज ही राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जा सकता है। जब हिन्दू समाज में जाति पाति, ऊंच नीच का भेदभाव मिटकर एकता और समरसता आएगी, तभी एक मजबूत और विकसित व समर्थ भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि हिंदू स्व और समाज दोनों में संतुलन लाता है । सभा को संबोधित करते हुए डॉ नितेश ने आगे कहा कि सनातन धर्म ने ही संपूर्ण विश्व को जोड़ने का मंत्र ‘सर्वे भवन्तु सुखिनःदिया है। इसकी कल्पना केवल सनातन संस्कृति में ही मिलती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की साधना और संतों की प्रेरणा से आज देश का हिंदू संगठित हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि अब लोग ‘भारतमाता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ बोलने के लिए तत्पर हैं। पर्वों और त्योहारों को समरस भाव से मनाया जा रहा है और जन्मभूमि को अपनी मां के समान माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के सौ वर्ष पूरे हुए है इस अवसर पर संघ समाज के अंदर परिवर्तन के लिए पांच आयाम पर कार्य कर रहा हैं। ये पांच बाते सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी भाव का जागरण और नागरिक कर्तव्यों का बोध के लिए समाज का जागरण कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इन परिवर्तनों से हिंदू समाज की जय होगी और विश्व का कल्याण होगा, जिसमें सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सम्मेलन में उन्होंने कहा कि संपत्ति, व्यवसाय, परिवार, पूजा पद्धति और पूजा स्थल तभी तक सुरक्षित हैं, जब तक हिंदू संगठित, सबल और समरस है। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा विधर्मी शक्तियां सनातन से दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी। सामाजिक समरसता पर्यावरण शैलेन्द्र तिवारी, कुटुंब प्रबोधन उर्मिला सिंह, नागरिक कर्तव्य संतोष तिवारी, स्व बोध व हिंदुत्व आदित्य प्रकाश ने अपना विचार व्यक्त किया।

गुरूबाग मे आयोजित कार्यक्रम मे संगठित हिंदू विकसित एवं वैभवशाली भारत का आधार बस्ती में बोलते हुए मुख्य अतिथि माधव कृष्ण ने बताया कि श्रीराम को माता शबरी ने जिस भाव से श्रीराम का स्वागत किया इसका एक अविस्मरणीय प्रसंग की रचना वाल्मीकि रामायण में की गयी । इस तरह अयोध्या में एक सफाई कर्मी इसी भाव से वह रोज झाड़ू लगाता रहा और सड़कों के कांटे को साफ करता रहा और इसी आस में करता रहा उसे भगवान श्री राम दर्शन देंगे उसकी भगवान ने उसकी भी सुनी और वह भी बताया कि उसको भी श्रीराम के दर्शन हुए श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। हिंदू के सनातन व्यवस्था में धर्म सर्वप्रथम होता है।

इस कार्यक्रम मे मंचासीन अतिथियो मे संत अंजनी दास को अशोक राय, तुलसीदास को कृपाशंकर राय, मातृ शक्ति से गायत्री राय के विभा पाल, व माधव कृष्ण को जिला संघचालक जयप्रकाश व अभिनव सिंह ने अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। भाजपा के कृष्ण बिहारी राय, ओम प्रकाश बिन्द, सुग्रीव बिन्द, विजय नरायण, राम कुमार राय उपस्थित रहे।


हिंदू सम्मेलन के तहत नगर में तीसरे कार्यक्रम के दौरान श्री राम बस्ती के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर रायगंज में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता मनोज विभाग बौद्धिक प्रमुख ने बताया समरसता कुटुंब प्रबोधन पर्यावरण संतुलन नागरिक कर्तव्य वह स्वदेशी पर बोलते हुए लोगों को धर्म के साथ-साथ पांच पुराण के भी याद दिलाए धर्म के मार्ग पर चलते हुए कर्तव्य और कर्म की महत्व के साथ समाज में समरसता कायम करने स्वदेशी का उपयोग करने परिवार को एक सूत्र में बांधने व पर्यावरण संतुलन जैसे कार्यों पर प्रकाश डाला। जिसमें नगर संचालक दीनदयाल, संजय, नगर प्रचारक विक्रम, नगर कार्यवाह अंजनी, सह नगर कार्यवाह अभिषेक, रासबिहारी राय, संजय आदि उपस्थित रहे।

जीवन रक्षक सम्मान समारोह का होगा आयोजन, रक्तवीर होंगे सम्मानित

गाजीपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह का होगा आयोजन

गाजीपुर। जीवन रक्षक फाउंडेशन की बैठक रविवार को अभिनय एकेडमी आमघाट में सम्पन्न हुई। बैठक में 1 फरवरी 2026 दिन रविवार को बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में जीवन रक्षक फाउंडेशन के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम करने पर चर्चा की गई। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों व देश के 28 राज्यों से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं/रक्तदाताओं व संस्था के लगभग 300 रक्तवीरों को सम्मानित किया जायेगा। इस समारोह में अन्य रक्तदाताओं के साथ 11 शतकवीर रक्तदाता, 21 अर्धशतकवीर रक्तदाताओं के साथ 3 प्रमुख सम्मान भी दिये जायेंगे। जिसमें 200 सें अधिक रक्तदान करने वाले एक रक्तदाता को रक्त शिरोमणि सम्मान, जनपद के एक चिकित्सक को चिकित्सा शिरोमणि सम्मान व जनपद के एक समाजसेवी को श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।


आप को बता दें कि जीवन रक्षक फाउंडेशन 2021 से गाजीपुर में रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है। जिसके द्वारा 2200 से अधिक जरूरतमंदों को रक्त मुहैया कराया जा चुका है। संस्था को अब तक 6 राज्यों में सम्मानित किया जा चुका है। जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व हरियाणा के मुख्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर के द्वारा सम्मानित किया गया है। बैठक में संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने कहा कि यह समारोह संस्था ही नही बल्कि पूरे गाजीपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान को बढावा देना तथा अन्य जनपदों व राज्यों में यदि गाजीपुर के व्यक्ति को ब्लड की आवश्यकता हो तो उसकी मदद कराई जा सके। बैठक में एड.उपेन्द्र कुमार भारती, संजीव अरूण कुमार, अनुज राय, मुकेश व रंजीत वर्मा उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने व संचालन सह-सचिव सुरजीत कुमार ने की।

महिला पीजी कॉलेज के दो छात्राओं का हुआ चयन

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में पीएच.डी. डीआरसी संपन्न, दो छात्राओं का चयन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में शनिवार को वनस्पति विज्ञान विभाग में पीएच.डी. शोध प्रवेश हेतु विभागीय शोध समिति (डी.आर.सी) की बैठक संपन्न हुई। यह बैठक डॉ. आनन्द कुमार चौधरी एवं डॉ हसीन अहमद के निर्देशन में आयोजित की गई। विषय विशेषज्ञ के रूप में गोरखपुर विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी शामिल हुए।इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी ने कहा कि पीएच.डी. शोध केवल उपाधि प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक विवेक एवं नवाचार की भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

शोधार्थियों को चाहिए कि वे जिज्ञासा, अनुशासन और वैज्ञानिक नैतिकता के साथ शोध कार्य करें, जिससे शोध समाज एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके।
विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों, शोध प्रस्ताव प्रस्तुतिकरण एवं साक्षात्कार के आधार पर दो अभ्यर्थियों का चयन पीएच.डी. शोध कार्य हेतु किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने डीआरसी के सफल आयोजन हेतु सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री जबीउल्लाह एवं अंजनी ने विशेष योगदान और सहयोग दिया।

खेलकूद शैक्षिक पाठ्यक्रमों के अनिवार्य अंग हैं: प्रो. वीके राय

खेलकूद शैक्षिक पाठ्यक्रमों के अनिवार्य अंग हैं- प्रो. वी के राय, प्राचार्य

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की अंतर महाविद्यालयीय महिला क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता सत्र 2025-26 के द्वि- दिवसीय आयोजन का समापन शुक्रवार को संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में सूर्यबली महाविद्यालय, जौनपुर की टीम प्रथम स्थान पर रही जबकि पांचू राम महाविद्यालय की टीम उपजेता रही। मेजबान स्वामी सहजानन्द पीजी कालेज, गाजीपुर की टीम को प्रतियोगिता में तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता का पहला सेमी फाइनल मैच स्वामी सहजानन्द पीजी कालेज तथा सूर्यबली महाविद्यालय, जौनपुर के बीच हुआ। सूर्यबली महाविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 125 रन का स्कोर बनाया जिसके जवाब में सहजानन्द की टीम 118 रन बना कर आल-आउट हो गई। दूसरा सेमी फाइनल मैच मडियाहूं पीजी कॉलेज, जौनपुर तथा पांचू राम महाविद्यालय, जौनपुर के बीच खेला गया जिसमें मडियाहूं पी जी कालेज की टीम मात्र 73 रन बना कर आल-आउट हो गई. जवाब में पांचू राम महाविद्यालय, जौनपुर ने 2 विकेट खो कर लक्ष्य की पूर्ति कर 8 विकेट से मैच जीत लिया।


ज्ञातव्य है कि इस प्रतियोगित के माध्यम से ही वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की 14 सदस्यीय महिला क्रिकेट टीम का चयन होना है. मुख्य चयनकर्ता और पर्यवेक्षक के रूप में सुश्री अलका सिंह पूरे प्रतियोगिता के दौरान मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रतिभागी टीमों की खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डा.) वी के राय ने कहा कि खेलकूद शैक्षिक पाठयक्रमों के अनिवार्य अंग के रूप मे लिए जाने चाहिए। खेल प्रतियोगिताओं से दर असल जीवन को सकारत्मक रूप से समग्रता में जीने की प्रेरणा मिलती है। प्रो. राय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल-कूद विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामधारी राम तथा खेल प्रशिक्षक श्री संजय राय सहित पूरे आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कर्मचारी डा. विलोक सिंह , डॉ रामधारी राम, डॉ. कृष्णानन्द चतुर्वेदी, डॉ. राकेश पाण्डेय, डॉ. अवधेश पाण्डेय, डॉ. सतीश राय, डॉ. देव प्रकाश राय, डॉ. नित्यानंद राय, शशांक राय, प्रवीण राय, समीर राय, सत्येंद्र राय, डॉ. कंचन सिंह, डॉ. विभा राय, शरद राय, आदि के साथ सैकड़ों की संख्या मे छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।