Category Archives: Ghazipur

विकसित भारत की गति निर्धारित करने का लक्ष्य है बजट: विद्यासागर सोनकर

केन्द्रीय बजट विकसित भारत की गति निर्धारित करने का लक्ष्य रखता है- विद्यासागर सोनकर


गाजीपुर। केन्द्रीय बजट 2025-2026 जन जन के उत्थान ,देश के विकास, आत्मनिर्भर भारत के निमार्ण के प्रति अमृत काल की अभिव्यक्ति को पूर्ण करने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का प्रयास है। यह बात आज बुधवार को बजट 2025 पर भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर आयोजित प्रेस वार्ता मे भाजपा के वरिष्ठ नेता विद्यासागर सोनकर ने कहा। उन्होंने कहा कि बजट मे आयकर नियमों मे छूट, नये संस्थानों के सृजन, शहरों के समृद्धि तथा आम आदमी की आय को बढ़ाने, सरकार की योजनाओं से गरीबों किसानों, महिलाओं, मजदूरों के कल्याण के लिए सरकार ने बजट मे व्यवस्था बनाई है। जिससे लोगों की आय बढ़ेगी और जीवन स्तर उठेगा।


पूर्व सांसद ने कहा कि मेक फार इंडिया को मेक फार वर्ल्ड करने का देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रयास है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति मजबूत तथा विकास कार्य बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे देश विकास की ओर बढ़ रहा है। मानव संसाधन क्षमता का विकास आर्थिक वृद्धि का तीसरा महत्वपूर्ण स्तंभ है, इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण -2 कार्यक्रमों को सशक्त बनाया गया है। बजट में प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना की घोषणा कृषि उत्पादकता को बढ़ाने, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने में मदद करेंगी ।उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में रोजगार की कमी को दूर करने के लिए एक व्यापक बहु क्षेत्रीय ग्रामीण समृद्ध और लचीलापन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिससे कौशल विकास, निवेश और तकनीकी माध्यम से कृषि में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

केंद्रीय बजट विकसित भारत की गति निर्धारित करने का लक्ष्य रखता है ।और यह बजट स्वीकार करता है कि देश की शक्ति उसके लोगों में निहित होती है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सांसद राज्यसभा डा संगीता बलवंत, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव तथा जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित थे।

परीक्षा के दूसरे दिन 13 नकलची पकड़े गए

बी० एड० प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में दूसरे दिन 13 नकलची गए पकड़े गए

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार से गोराबाजार स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुरू हो गई है। परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को बी.एड. प्रथम सेमेस्टर द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में 13 नकलची नकल करते हुए पकड़े गए जिन्हें तत्काल रिस्टीकेट कर दिया गया है। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में 20 बी.एड. महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुई। बुधवार को द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 1578 परीक्षार्थियों में से 1537 उपस्थित हुए, जबकि 41अनुपस्थित रहे।

परीक्षाओं की पारदर्शिता और सूचिता बनाए रखने के लिए स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग से निरंतर संपर्क में है। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान महाविद्यालय परिसर में घुसने से पहले सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी ली गई। छात्रों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी प्रकार के नकल के उपकरण का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई थी। नकल करते हुए पकड़े गए परीक्षार्थियों के खिलाफ विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत रिस्टीकेशन किया गया।

प्राचार्य ने यह भी बताया कि परीक्षा कक्षों की सघन जांच के दौरान 13 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। जांच दल में मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर (डॉ.) एस. डी. सिंह परिहार, प्रोफेसर (डॉ.) एस.एन. सिंह, प्रोफेसर (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. रामदुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव, डॉ० प्रतिमा सिंह जैसे सदस्य शामिल थे।नप्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वह परीक्षा में किसी भी तरह के अनुचित साधन का उपयोग नहीं करें। उन्होंने बताया कि पकड़े गए नकलची परीक्षार्थियों में ज्यादातर बिहार के निवासी हैं।जहां बी.एड. के आधार पर पिछले साल भारी संख्या में शिक्षकों की भर्ती हुई थी।

इसके अलावा, आगामी दिनों में शिक्षा विभाग में खुलने वाली वैकेंसी के कारण बिहार के विभिन्न जिलों के छात्रों ने उत्तर प्रदेश के कई स्ववित्तीय कॉलेजों में बी.एड. में दाखिला लिया है और नकल के सहारे बी.एड. डिग्री प्राप्त करना चाहते हैं

वसंतोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कल्चरल क्लब द्वारा सांस्कृतिक महोत्सव श्रृंखला में आज मंगलवार को ‘वसंतोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य ने बताया कि जब शक्ति का विस्तार होता है तो ज्ञान की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। बसंत के उल्लास में चेतना का होना आवश्यक है।

यही कारण है कि एक तरफ, यह महीना कामदेव का माना जाता है तो दूसरी तरफ हम सरस्वती की पूजा करते है। सरस्वती अर्थात ज्ञान। यह पर्व ज्ञान के सम्मान और आदर का पर्व है। सरस्वती प्रतिमा की स्थापना हुई और सरस्वती पूजा के साथ ही ‘वसंतोत्सव’ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। किया मिश्रा और अनामिका ने वर दे वीणावादिनि और ‘रामचरितमानस’ का पाठ किया। वहीं मंतशा परवीन, लक्ष्मी राय एवं बुशरा अली के समूह ने कबीर भजन ‘जरा धीरे गाड़ी हाकों मेरे राम गाडीवाले’ गा कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

वंशिका सिंह ने ‘ होली को शुभकामनाएं तथा पूनम यादव ने ‘ होली पर्व’ कविता का पाठ किया। राजश्री ने’ होली आई रे कन्हाई’ गाने पर नृत्य किया। तथा सीमू राय ने झिझिया नृत्य प्रस्तुत किया तथा बी ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने रंग बरसे भींगे चुनर वाली ‘पर सामूहिक नृत्य कर दर्शकों की खूब तालिया बटोरी। एम. ए. हिन्दी की छात्राओं द्वारा कबीर के पद ‘ साहब है अंगरेज, चुनर मोरी रंग डाली’ का समूह गायन किया। मुंबई से आए प्रशांत किशोर ने कहाँ कि प्रतिभा अवसर के बिना खत्म हो जाती है। संस्कृति के प्रति इतना प्रेम और ज्ञान मुझे यहाँ आकर मिला है कि उसका वर्णन करना मुश्किल है। लोक साहित्य मर्मज्ञ प्रो राम नारायण तिवारी जी ने होली और बसंत के गीतों को अंतर बताते हुए कुछ गीतों के बोल सुनाए।

उन्होने बताया कि लोक का आज व्यापार हो गया है। असल लोक को जानने के लिए हमे लोक में जाना होगा। लोक और शास्त्र दो अलग-अलग चीजे हैं। आज शास्त्र को ही लोक परंपरा और संस्कृति बताने की होड़ चल रही है। कार्यक्रम के अंत में देश को शान्ति एवं मंगल हेतु ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें प्राचार्य, अतिथि एवं छात्राओ ने हवन किया। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन डॉ शशि कला जायसवाल एवं डॉ निरंजन कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय विद्यालय परिवार के सदस्य डॉ शंभू शरण प्रसाद, डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ संगीता मौर्य, डॉ नेहा कुमारी, डॉ शैलेन्द्र यादव, डॉ पीयूष सिंह, डॉ आनंद चौधरी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को प्राचार्य ने दिखाई हरी झंडी

गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सप्त दिवसीय शिविर के चौथे दिन मंगलवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान से संबंधित एक रैली आमघाट कोयला घाट कलेक्टर घाट से होते हुए सुभाष नगर तक निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया । रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने नशा मुक्ति संबंधी नारे जैसे… जन-जन ने ठाना है नशे को मिटाना है, घर परिवार बचाना है नशा मुक्ति अपनाना है – आदि लगाए । साथ ही वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी के निर्देशन में स्वयंसेवी छात्राओं कशिश कुशवाहा, श्रुति राय, संजू कुशवाहा, सौम्या सिंह चौहान आदि ने डोर टू डोर कैंपेन के माध्यम से सुभाष नगर में लोगों को धूम्रपान, गुटका, तंबाकू शराब आदि से होने वाली गंभीर बीमारियों को लेकर जागरूक किया व नशा छोड़ने का आग्रह किया।

इसके उपरांत स्वयंसेवी छात्राओं ने शिविर में लौटकर दोपहर का भोजन ग्रहण किया । दोपहर 3:00 बजे से स्वरोजगार एवं सरकारी सहायता” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ हरेंद्र यादव ने छात्राओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान एवं स्किल इंडिया मिशन के अंतर्गत सरकार द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी दी । संगोष्ठी का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डा ओम शिवानी ने किया।संगोष्ठी में कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनीष कुमार सोनकर, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ संगीता, डा. अमित यादव , डॉ पीयूष सिंह सहित सभी स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रहे ।

बैठक में डीएम नाराज,दी चेतावनी

गाजीपुर।उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण योजनाओं मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की सी एम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर मासिक समीक्ष बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार मे संपन्न हुई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नहरों मे सील्ट सफाई की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हुए अधीशासी अभियन्ता देवकली पंप कैनाल को चेतावनी देते हुए प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया। आरईडी द्वारा कराए जा रहे भवन निर्माण एवं सड़क निर्माण की प्रगति खराब होने पर प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारी/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत को अभियान मोड में फेैमिली पहचान पत्र लक्ष्य के सापेक्ष 15 मार्च 2025 तक बनवाने का निर्देश दिया। उन्होने देवकली पंम्प नहर के अधिशासी अभियन्ता को नहरों की साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। ताकि किसानो को डिमांड के अनुसार टेल तक पानी पहुचाया जाए सके तथा किसानो को सिचाई मे किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। समस्त खण्ड विकास अधिकारी द्वारा नहरो की सील्ट सफाई के संबंध मे सत्यापन किया गया जिसमें सत्यापन के दौरान कुछ कमियां पाई गई। जिस पर संबंधित को कमियो को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होने समस्त अधिकारियों को अपने-अपने वार्षिक लक्ष्य को माह फरवरी 2025 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास के अन्तर्गत मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी का लक्ष्य के सापेक्ष, जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का अनुरक्षण, सेतुओं का निर्माण, नई सड़कों का निर्माण, भवन निर्माण पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, पशुओ में कृत्रिम गर्भाधान, निराश्रित गोवंश का संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, श्रम एवं सेवायोजना तथा अन्य सभी विभागीय योजनाए की समीक्षा की गई।
बैठक मे जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन का लाभ परक योजनाओं से वंचित न रहने पाए। आई0जी0आर0एस0 प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया कहा कि किसी दशा में कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाए। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से लगातार की जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के संबंध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव,  अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद एवं खगेन्द्र सिंह समस्त खण्ड विकास अधिकारी समेत समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा

गाजीपुर।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में अपेक्षित वृद्धि ना होने पर अप्रसन्नता जाहिर की। इस योजना से संबंधित आवेदनों का प्रवाह बढ़ाने हेतु महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को निर्देशित किया। उन्होने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों को अतिशीघ्र निस्तारित करें। योजना संबंधित आवेदनों को अकारण अस्वीकृत ना करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रतिभागी बैंक सम्न्वयक एवं शाखा प्रबंधकों ने बताया की आवेदनकर्ताओं द्वारा कार्य में प्रयुक्त आने वाले सामान का कोटेशन देने में देरी की जा रही है। महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र एवं अग्रणी जिला प्रबंधक ने सदन को आश्वस्त किया कि सभी मिलकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना हेतु निर्धारित लक्ष्य को अवश्य पूर्ण करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र प्रवीण कुमार मौर्य, अग्रणी जिला प्रबन्धक पीयूष सिंह परमार सभी बैंक समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

कर्पूरी ठाकुर की 37 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया याद

जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 37 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया याद।

गाजीपुर। भारत रत्न से सम्मानित बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर की 37वीं पुण्यतिथि सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा कामरेड सरजू पांडेय पार्क में मनाई गई। सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले इस कर्मवीर जननायक की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में नारेबाजी कर उन्हें याद किया और श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव गाजीपुर प्रभारी प्रसाद हुसैन जिला अध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पीसीसी सदस्य लाल साहब यादव, अजय कुमार श्रीवास्तव, अरविंद मिश्रा एवं चंद्रिका सिंह राजीव सिंह, हामिद अली, लाल मोहम्मद, राजेश गुप्ता, सतीश उपाध्याय, राम नगीना पांडे, राशिद भाई, सबीबुल हसन, साजिद खान, रईस अहमद, विद्याधर पांडे, राशिद भाई, महबूब निशा, कुसुम तिवारी, उषा चतुर्वेदी, सुमन चौबे, सदानंद गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, रतन तिवारी, राघवेंद्र चौबे, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, मुसाफिर बिंद, जितेंद्र बिंद, अखिलेश यादव, आलोक यादव, देवेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, जीवित यादव, हसन खान, विजय शंकर पांडे, सुशील सिंह, ओम प्रकाश पांडे, अवधेश साहू, राफी भाई आदि लोग मौजूद रहे।

जागरूकता रैली को प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

गाजीपुर। सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सप्त दिवसीय शिविर के तीसरे दिन स्वयं सेविकाओं द्वारा ददरी घाट, महुआ बाग, होते हुए नवपुरा तक ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई । रैली को महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बेटियों के जीवन को बचाने एवं उन्हें पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराने संबंधी तमाम नारे जैसे बेटियों को दे शिक्षा का उजियारा पढ़ लिख कर करें जग रोशन सारा, पुरुष और महिला एक समान जन-जन का हो अब यही आह्वान, देश को आगे बढ़ाना है तो नारी को सशक्त बनाना है, महिलाओं को दो इतना सम्मान कि बढ़े देश की शान और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लगाए गए।

रैली प्राथमिक विद्यालय नवापुरा में गई जहां पर स्वयंसेवी छात्राओं ने कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों को कविता और शिक्षाप्रद कहानी खेल विधि द्वारा सिखाई। कुछ मनोरंजक खेल भी करवाए गए जिसमें संजय चौहान प्रथम , आलशिफा द्वितीय और संगीता द्वितीय रही । चारों कार्यक्रम अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पेंसिल , चॉकलेट तथा गृह विज्ञान के छात्राओं द्वारा बनवाए लर्निंग मैटेरियल का वितरण कर उत्साहवर्धन किया । रैली के उपरांत बच्चों ने शिविर में लौटकर दोपहर का भोजन करने के बाद विश्राम किया । तदुपरांत दोपहर 3:00 बजे से “समाज कल्याण योजनाएं” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के डॉ पीयूष सिंह ने समाज कल्याण की योजनाएं ( वृद्धा पेंशन योजना , रोजगार , कौशल विकास, कृषि ) के विषय में स्वंयसेवी छात्राओं को विस्तृत रुप से जानकारी प्रदान की।

आर्या, अक्षिता, शुमाइला, शालिनी आदि की जिज्ञासाओं का समाधान किया । संगोष्ठी का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने किया । कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी ने संगोष्ठी में उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ ओम शिवानी, डॉ मनीष सोनकर, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ अमित यादव, डॉ हरेंद्र यादव सहित सभी स्वयं सेविकाएं उपस्थित रहे।

पकड़े गए 24 नकलची

बी० एड० विषम सेमेस्टर की परीक्षा प्रारम्भ, पहले ही दिन पकड़े गए 24 नकलची

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर बी० एड० विषम सेमेस्टर व की परीक्षा सोमवार को प्रारम्भ हुई। परीक्षा के पहले ही दिन बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 24 नकलची पकड़े गए। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीस बी.एड. महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न 01 बजे की पाली में बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न हुई। बी० एड० परीक्षा के पहले दिन पंजीकृत 1596 परीक्षार्थियों में 1550 उपस्थित एवं 46 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षाओं की सूचिता एवं पारदर्शिता को लेकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के लिए परीक्षा विभाग, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के सदैव संपर्क बना हुआ है।

सूचिता एवं पारदर्शिता पूर्वक परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। परीक्षा देने के लिए महाविद्यालय परिसर के गेट से घुसते समय ही सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की उपस्थिति में भारी पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी की गई। इसके साथ ही परीक्षार्थियों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस एवं किसी भी प्रकार का अनुचित साधन सम्बन्धित सामग्री का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गयी। नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों के खिलाफ विश्वविद्यालय के दिशा निर्देश के क्रम में आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है। प्राचार्य की अगुवाई में सभी परीक्षा कक्षों की सघन जांच की गई। इस दौरान एक दिन का सर्वाधिक रिकार्ड बनाते हुए कुल 24 परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़े गए।

आंतरिक उड़का दल के सदस्य के रूप में मुख्य कुलानुशासक प्रोफे० (डॉ०) एस० डी० सिंह परिहार, प्रोफे० (डॉ०)एस० एन० सिंह, प्रोफे० (डॉ०) अरुण कुमार यादव, डॉक्टर रामदुलारे, डॉ० योगेश, डॉ० गोपाल यादव, डॉ० शिप्रा श्रीवास्तव आदि सघन तलाशी में शामिल रहे। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने यह भी बताया कि परीक्षा के पहले ही दिन 24 नकलची पकड़े गए हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वह परीक्षा के दौरान किसी भी तरह के अनुचित साधन का प्रयोग ना करें। नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों में ज्यादातर बिहार के मूल निवासी हैं।

बिहार में बी० एड० के आधार पर गत वर्ष भारी संख्या में शिक्षकों की भर्ती हुई है और आगामी दिनों में शिक्षा विभाग में निकलने वाली वैकेंसी की सम्भावनाओं को लेकर बिहार के विभिन्न जनपदों के ढेरों छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश के कई स्ववित्त पोषित कॉलेजों में बी० एड० पाठ्यक्रम में दाखिला ले रखा है और नकल के भरोसे बी० एड० डिग्री करना चाहते हैं।

बैंक कर्मचारी करेंगे दो दिवसीय हड़ताल


बैंक कर्मचारी करेंगे दो दिवसीय हड़ताल
प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक में हुआ निर्णय


गाजीपुर। पंजाब नैशनल बैंक स्टाफ एसोसिएशन उत्तरप्रदेश की प्रान्तीय कार्यकारिणी बैठक में बोलते हुये प्रान्तीय महामंत्री मदन मोहन राय ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के संयुक्त मंच ने अपनी मांगों को लेकर एक बड़ा आंदोलन छेड रखा है। बैंककर्मी एकजुट होकर 24 व 25 मार्च को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने को तैयार है। रविवार को शहर के लंका क्षेत्र में एक स्थानीय होटल के सभागार में स्टाफ एसोसिएशन के 14वें प्रान्तीय अधिवेशन के बाद की पहली प्रान्तीय कार्यकारिणी प्रान्तीय अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पत्र हुई जिसमें प्रान्तीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश की तमाम जिला इकाइयों से प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। अपने संबोधन में प्रान्तीय महामंत्री मदन मोहन राय ने कहा कि बैंको में नई भर्ती बहुत जरूरी हो गयी है। खाली पड़े पद भरे नहीं जा रहे हैं। बैंक कर्मचारी काम के बोझ तले दबा है। बैंको में आउटसोर्सिंग यूनियंस के विरोध के बाबजूद जारी है। उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय बैंकिंग पर भारतीय बैंक संघ व बैंक यूनियंस के बीच सहमति बन जाने के बाबजूद सरकार इसे क्लियरेंस नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंसियल सर्विस का अनावश्यक हस्तक्षेप कार्मिक नीतियों को विपरीत प्रभावित कर रहा है। बैंक मैनेजमेंट की ओर से द्विपक्षीय समझौतों व सहमतियों का उल्लंघन किया जा रहा है। बारहवें द्विपक्षीय समझौते के मांगपत्र के लंबित मुद्दों पर बातचीत आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को मिलने वाले परिलाभों पर एकमुश्त कर कटौती ने उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया है। यह कर कटौती कार्मिक के वेतन से न की जाय। उन्होंने बैंक शाखाओं पर ग्राहकों के बढ़ते हमलों पर चिंता व्यक्त की और सरकार से मांग की कि इसके लिये उचित कानून बनाकर इसे हतोत्साहित किया जाय। प्रान्तीय कार्यकारिणी बैठक में करीब बीस वक्ताओं ने संगठन पर अपने विचार रखे। मंच पर प्रान्तीय अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव (लखनऊ), वरिष्ठ उपाध्यक्ष यूपीएन सिंह (गोरखपुर) उपाध्यक्ष राजीव जैन (सहारनपुर) व जितेंद्र शर्मा (अलीगढ़) उपमहामंत्री संजय शर्मा (वाराणसी) आसीन रहे। आयोजक इकाई गाज़ीपुर की ओर से सत्येन्द्र गुप्ता ‘सत्या’ ने स्वागत भाषण पड़ते हुए गाज़ीपुर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक व क्रांतिकारी इतिहास प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्यों को संबोधित किया।आयोजन में गाज़ीपुर इकाई की ओर से कमलेश सिंह, हृदय शंकर राय, शुभम सिंह, आलोक प्रकाश, कृष्णदेव सिंह, अशोक सिंह, बबिता यादव, संगीता, ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभावी भूमिका अदा की।