Category Archives: Ghazipur

हर घर तिरंगा रैली को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

                                                           
गाजीपुर। ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के आयोजन को भव्य रूप से मनाए जाने के लिए मंगलवार को तिरंगा बाईक रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने विकास भवन से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली की अगुवाई मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार पाल ने खुद बाईक चलाकर की एवं जनपदवासियों को संदेश दिया की हर घर तिरंगा फहराकर जनपद को प्रथम स्थान लाना है। रैली विकास भवन से प्रारम्भ होकर सैनिक चौराहा (भूतहियाटाड), लंका, विशेश्वरगंज, महुआबाग, कलेक्ट्रेट, सिचाई विभाग चौराहा होते हुए विकास भवन आकर समाप्त हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की रैलियां सभी तहसीलों, ब्लाकों पर भी निकाली गयी है,और निरंतर 14 व 15 अगस्त तक निकाली जाएगी। रैली हर गॉव में बच्चे और गॉव के लोग तिरंगा लेकर निकालेंगे। उन्होने कहा कि इस रैली से लोगो संदेश देना है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा पर नाज करते हुए अपने घर पर तिरंगा लगाकर तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा डाट काम पर अपनी सेल्फी जरूर अपलोड करें। रैली में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अपर जिलाधिकारी भू/रा0, डिप्टी कलेक्ट्रर चन्द्रशेखर यादव, पुष्पेन्द्र पटेल, जिला विकास अधिकारी परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी ने बाईक चलाकर प्रतिभाग किया।

नपा अध्यक्ष ने सौंपा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र

स्वास्थ्य विभाग को मिले 10 सहायक शोध अधिकारी

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के द्वारा चयनित शोध अधिकारी का नियुक्ति पत्र मिशन रोजगार के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के द्वारा 12 सहायक शोध अधिकारियों को सौपा गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सहित तमाम अधिकारी इन सभी को नियुक्ति पत्र पाने की बधाई दिया। साथ ही साथ उन्हें अपने मूल कार्य में मन लगाकर काम करने की बात कही। जिससे कि आने वाले समय में विभाग की छवि बेहतर हो सके।

नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में 1036 शोध अधिकारियों को सभी जनपद मुख्यालयों पर नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा है। जिसके क्रम में आज गाजीपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में 12 चयनित लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है । उन्होंने बताया कि यह पद पिछले कई सालों से खाली पड़ा हुआ था। जिसके कारण विभाग का डाटा एंट्री संविदा कर्मचारी या फिर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के भरोसे पूरा किया जाता था। बावजूद उसके कुछ ना कुछ खामी रह जाया करते थे लेकिन अब इनकी नियुक्ति हो जाने से अब डाटा एंट्री में सुधार आएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि आज नियुक्ति पत्र प्राप्त किए हुए सभी सहायक शोध अधिकारी जनपद के विभिन्न ब्लाकों पर नियुक्त किए जाएंगे। उनकी नियुक्ति उनके ही ब्लॉकों में होगी ताकि उन्हें कार्य करने में सहूलियत मिल सके। उन्होंने बताया कि इन लोगों की नियुक्ति नहीं होने से हमारे जितने भी डाटा विभाग को या शासन को भेजा जाता था। उसमें गड़बड़ी हो जाया करती थी जिन्हें बार-बार सुधार करना पड़ता था। लेकिन अब उम्मीद है कि इस तरह की गलती नहीं होगी।

बताते चले की सहायक शोध अधिकारी के रिक्त पदों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग उत्तर प्रदेश के द्वारा अंतिम चयन परिणाम आयोग द्वारा 10 जून को घोषित किया गया था। इस कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ रामकुमार ,डॉ मनोज कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह , मिथिलेश सिंह सहित तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे

राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

गाजीपुर।हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सदर विधानसभा  द्वारा आयोजित तिरंगा बाइक यात्रा का शुभारंभ मंगलवार को राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने किया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि उन वीर शहीदों को हमने याद किया। जिनकी वजह से आज हम स्वतंत्र हवा में सांस ले रहे हैं , हर घर तिरंगा का उद्देश्य आज जब हम देश में अमृत काल में जीवन यापन कर रहे हैं तो आज का यह स्वतंत्र माहौल हमे यूही नहीं मिला है, बहुत से शहीदों और माँ भारतीय के वीर सपूतों ने अपना सिर कटाया हैं ,फाँसी के फंदे पर झूले हैं तब जा कर आज हमे यह आजादी मिली हैं। उन्हीं वीर सपूतों की स्मृति में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहरा कर उन्हें नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।


भारतीय जनता पार्टी कार्यालय छावनी लाइन से शुरू हो कर सैनिक चौराहा होते हुए मिश्रबाजार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके गांधी पार्क आमघाट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को नमन करते हुए यात्रा का समापन हुआ।

हाथों में तिरंगा लेकर रैली में निकली राज्य सभा सांसद, लगे नारे

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के सदर विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस रैली में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा व पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह शामिल रहे। मोटर साइकिल सवार भाजपा के युवा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते भुतहियाटाड सैनिक चौराहा से वंशी बाजार, बड़ीबाग, लंका, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज के रास्ते मिश्र बाजार पहुंच कर पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कोतवाली के रास्ते आमघाट पार्क पहुंचे। जहां भारतीय जनता पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहिदों महापुरुषों के सम्मान में नारे लगाए। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने कहा कि देश की रक्षा तथा आजादी के लड़ाई मे अमर शहिदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का यह देश कृतज्ञ है और आज राष्ट्र गौरव के महा पर्व स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ से पुर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से मनाया जाने वाला हर घर तिरंगा अभियान उनके सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित कर हमे आजादी दिलाई।


तिरंगा यात्रा के आगे आगे चल रहे डीजे पर बज रहे राष्ट्र भक्ति गीत पर युवा मोर्चा कार्यकर्ता पिछे मोटर साइकिल पर तिरंगा लहराते देश प्रेम से ओत प्रोत नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, सरोज कुशवाहा, विनोद अग्रवाल, ओमप्रकाश राय, प्रो शोभनाथ यादव, अच्छे लाल गुप्ता, लालसा भारद्वाज, विश्वप्रकाश अकेला, अखिलेश सिंह,सुरेश बिंद,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,हरेन्द्र यादव, रासबिहारी राय,हर्षित सिंह, शुभम विश्वकर्मा,गोपाल राय, दीपक सिंह ,सनी चौरसिया, मनोज बिंद,अभिनव सिंह छोटू, राजन प्रजापति ,माया सिंह, साधना राय, नितीश दुबे, श्री प्रकाश केशरी, सुधीर केशरी, मयंक जायसवाल, विनोद खरवार, हेमंत त्रिपाठी,अजय कुशवाहा, प्रीति गुप्ता, हिमांशु यादव, दुष्यंत अग्रहरि आदि मौजूद थे।

शातिर चोरों को कोतवाली पुलिस ने दबोचा, कई बाइक बरामद

गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अन्तर्जनपदीय शातिर चोरो को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से मोटर साइकिल, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। एसपी के आदेश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र से मुखबिर के सूचना पर अरुण कुमार पुत्र स्व० नन्दू राम निवासी ग्राम बिन्दवलिया थाना कोतवाली उम्र करीब 24 वर्ष और सूरज कुमार पुत्र स्व० अशोक राम निवासी बिन्दवलिया थाना कोतवाली उम्र करीब 20 वर्ष को कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी की कुल 7 मोटर साइकिल व अभियुक्त अरुण कुमार के पास से एक तमंचा 315 बोर व 2 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध मे थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त अरुण कुमार उपरोक्त अपनी गलती की माफी मांगते हुये बताया कि हम दोनों लोग आपस में मिलकर योजना बनाकर जनपद गाजीपुर और आस पास का जिला जौनपुर, आजमगढ़ और बिहार में भी जाकर मोटर साइकिल की चोरी करते हैं। इसलिये यह तमंचा भी मैं अपनी सुरक्षा के लिये पुलिस से बच बचाकर लेकर चलता हूं। अरुण ने बताया कि साहब हम दोनों लोगों ने मिल कर कई मोटर साइकिलों की चोरी किया है, उनमें से कुछ मोटर साइकिलो को बेच कर उससे मिले रुपयों को आपस में बराबर बराबर बाँट लिया है। आज भी मैं अपने साथी के साथ चोरी की गई मोटर साइकिल जो छिपा कर रखा हूं उनको बेचने के लिये ग्राहक तय किया था और उस ग्राहक का यहीं पर इन्तजार करा रहा था लेकिन आप लोगों ने आकर हम दोनों लोगों को पकड़ लिया। चोरों ने बताया कि हम लोग चोरी की मोटर साइकिलों का नम्बर प्लेट बदल कर सुरक्षित स्थान पर छुपा देते है। इस समय हम दोनो लोग कुल 06 चोरी की मोटर साइकिलों को छुपाकर रखा है। सूरज कुमार भी पूछने पर अपने गलती की बार बार माफी मांगते हुये बता रहा है कि साहब आप लोग हमे भी माफ कर दीजिये। हमसे भी बहुत बड़ी गलती हो गयी है कि हम अपने साथी के साथ मिलकर मोटर साइकिलों की चोरी करते हैं और हम दोनों उन्ही मोटर साइकिलो को बेचकर अपना और अपने परिवार का खर्च चलाते हैं। आज हम दोनों लोग चोरी करके जो मोटर साइकिल छिपा कर रखे हैं उनको बेचने के लिये ग्राहक तय किये थे और उस ग्राहक का यहीं पर इन्तजार कर रहे थे लेकिन आप लोगों ने आकर हम दोनों लोगों को पकड़ लिया। शातिर चोरों के निशानदेही पर चक हुसैन खलिसापुर से कुल 06 मोटर साइकिल को कोतवाली पुलिस ने बरामद किया। चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी दीनदयाल पांडे, उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ला, उप निरीक्षक अशोक कुमार गुप्ता, उप निरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी और उप निरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

युवाओं को शपथ दिलाते हुए नशा न करने की अपील

                                                             
गाजीपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया है कि समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत समस्त स्कूल एवं कॉलेजों तथा विभागीय कार्यालयों में मादक पदार्थो के दुरूपयोग को रोकने एवं व्यापक स्तर पर नशे के विरूद्ध जागरूकता फैलाने व नशीली दवाओं के दुरूपयोग के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को शपथ दिलाया गया। उक्त कार्यक्रम के अन्तर्गत पी0जी0 कॉलेज गोराबाजार गाजीपुर में परियोजना निदेशक गाजीपुर, जिला विकास अधिकारी, एवं पी0जी0 कॉलेज के प्राचार्य तथा अन्य शिक्षको व छात्र/छात्राओं की उपस्थिति में युवाओं को शपथ दिलाते हुए नशा न करने की अपील की गई।

अवैध अतिक्रमण पर रेलवे का चलेगा बुलडोज़र

अफीम की धुलाई के लिए बनाए गए रेलवे ट्रैक के आसपास अतिक्रमण  पर रेलवे चलाएगा बुलडोज़र

5 लाख स्क्वायर फीट जमीन कब्जे से मुक्त कराएगी रेलवे प्रशासन

गाजीपुर। ब्रिटिश हुकूमत काल में मुख्य डाकघर के पास अफीम फैक्ट्री में कच्चे माल को लाने और तैयार अफीम को सुरक्षित पहुंचाने के लिए अंग्रेजों को सुरक्षित संसाधन की जरूरत महसूस हुई। इसके लिए उन्होंने अफीम फैक्ट्री से लेकर लंका होते हुए सिटी रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रैक बिछा दी। इसी ट्रैक से ट्रेन के जरिए सिटी रेलवे स्टेशन से कच्चा माल अफीम फैक्ट्री के लिए आता था। साथ ही तैयार अफीम को इसी रूट से सिटी रेलवे स्टेशन तक भेजा जाता था। आजादी के बाद ट्रैक पर ट्रेनें दौड़नी बंद हो गईं। नतीजन रैक अनुपयोगी हो गई। समय बीतने के साथ रेलवे की जमीन पर कब्जा शुरू हो गया। इसी कब्जे को हटाने के लिए रेलवे ने 40 लोगों को नोटिस देने के साथ ही उनके मकान पर निशान भी लगा दिया है और एक दिन बाद यदि स्वयं नहीं हटाया जाता है तो रेलवे प्रशासन बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करेगा।गाजीपुर सिटी के रेलवे स्टेशन से एक रेल लाइन गाजीपुर की अपनी फैक्ट्री तक के लिए अंग्रेजों ने अफीम की ढुलाई के लिए बनवाया था और इस रेलवे ट्रैक पर काफी दिनों तक अफीम की ढुलाई हुआ करती थी। लेकिन करीब 20 से 25 साल पहले इस रेल लाइन पर इसकी ढुलाई बंद हो गई ।  इसके बाद धीरे-धीरे इस रेल लाइन के आसपास लोगों ने कब्जा कर मकान बनाना आरंभ कर दिया। जिसको लेकर पिछले दिनों रेलवे की तरफ से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था और कुछ लोगों के मकान का ध्वस्तीकरण भी किया गया था।

  इस दौरान 67  अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए थे और उसके बाद रेलवे का यह कार्रवाई कुछ दिनों के लिए रुक गया था। अब अन्य अतिक्रमणकारियों जिनमें से 40 लोगों को चिन्हित  रेलवे प्रशासन ने किया है।  13 अगस्त से पूर्व अपने अतिक्रमण को स्वयं हटाने के लिए नोटिस जारी करते हुए उनके मकान पर नोटिस चश्पा कर दिया गया है। बताते चले की सिटी रेलवे स्टेशन से लंका होते हुए अफीम फैक्ट्री तक रेलवे की लगभग 5 लाख स्क्वायर फीट की जमीन है। जिस पर वर्षों से लोग रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण किए हुए हैं । जिसमें अस्थाई अतिक्रमण भी है। टिन शेड , झोपड़ी से लेकर पक्के निर्माण तक कर लिए गए। लेकिन अब रेलवे प्रशासन ने अपनी जमीन की सुध ली है। इस अतिक्रमण को हटाए जाने के बाद खाली हुए जमीन पर रेलवे की तरफ से भवन का निर्माण कर सभी सुविधाओं से युक्त कर रेल कर्मियों को एलाट किया जाएगा। ऐसे में 13 अगस्त से दूसरे चरण का अभियान चलाने को लेकर आरपीएफ इंचार्ज गाजीपुर सिटी स्टेशन अमित राय ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।

सड़क पर पानी और कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान


सड़क पर पानी और कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान


गंदगी में जिंदगी: गली-गली कीचड़ और उनमें मक्खी-मच्छर, बरसों से लगा रहे गुहार, आश्वासन बहुतेरे, विकास जीरो


गाजीपुर। बारिश की वजह से सड़कों पर गंदगी, कीचड़ व जलजमाव की स्थिति हो गई है। जबकि शहर से लेकर गांव तक की सड़कों को बनवाने से लेकर मरम्मती करण के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। सदर ब्लाक के फतेहपुर सिकंदर फुल्लनपुर में मुख्य मार्ग से बाईपास मार्ग में बरसाती पानी के जमाव से सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गई है जिसकी वजह से लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सदर ब्लॉक क्षेत्र का गांव है फतेहपुर सिकंदर (फुल्लनपुर), स्थानीय लोगों का जनजीवन बदहाली से भरा है। गली-गली जलभराव और कीचड़ है और उनमें मक्खी-मच्छरों की भरमार है। हर तरफ गंदगी पसरी हुई है। बरसों बरस से यहां के निवासी इससे निजात पाने की गुहार लगाते आ रहे हैं लेकिन आश्वासनों के सिवा आज तक इस गांव को कुछ नहीं मिला। चौतरफा फैली इस गंदगी से ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी हर समय बना हुआ है।जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपेक्षा से परेशान होकर गांव के निवासी अपनी नाराजगी भी जता रहे हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों के दरवाजे तक गुहार लगाने के बावजूद बरसों बरस से नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव से सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है। बेहद सावधानी से निकलना पड़ रहा है नहीं तो कीचड़ में गिरना और कपड़े खराब होना तय है। बारिश के बाद कीचड़ और गंदगी से लोगों का बुरा हाल है। पक्की सड़कों पर कीचड़ के कारण पैदल चलना भी दूभर बना हुआ है। गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी लोगों को सता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे हालात और बद्तर होते जा रहे हैं। इससे इलाकाई लोगों में खासा रोष है। जिला मुख्यालय से दो किलोमीटर दूर स्थित फुल्लनपुर स्थित बाईपास मार्ग पर जल भराव के बाद अब कीचड़ राहगीरों सहित स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पूरे दिन व्यस्त रहने वाले मार्ग पर पैदल चलने वालों को अपने कपड़े बचाकर निकलना पड़ रहा है। बुजुर्ग लाठी अभिभावकों का हाथ पकड़कर जैसे तैसे रास्ते को पार कर रहे हैं। जबकि दो पहिया वाहन सवार तो फिसलकर चुटहिल तक हो रहे हैं।

ग्रामीण महेश बिंद, सुनील यादव, राजीव कुमार सिंह, दीनानाथ तिवारी, मंजू गुप्ता, राधिका देवी का कहना है कि रात के वक्त तो सड़क से गुजरने का मतलब है कि फिसलकर चोट आना तय है। नाली से कचरा निकाल कर सड़क पर रख दिया गया है और बारिश के बाद सड़क पर फैल गया है। कीचड़ के कारण सड़क पर हुआ गड्ढा भी नजर नहीं आ रहा है। मामूली सी बारिश भी जलभराव कर देती है। उसके बाद होने वाला कीचड़ समस्या सामने खड़ी कर देता है। रोड पर नालियां चोक होने से घरों का पानी भी गली और सड़क पर ही भरा रहता है। इससे कीचड़ और भी खत्म होने का नाम नहीं लेता है।

बांग्लादेश में हिंदुओ पर अत्याचार के खिलाफ जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन

गाजीपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने से आर्य समाज में भारी आक्रोश है। उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और बाइक जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। आर्य समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचे। जहां उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करते हुए नारे लगाए। ज्ञापन के माध्यम से आर्य समाज ने मांग किया कि बांग्लादेश में मुस्लिम मज़हबी कट्टरपंथी लोगों द्वारा जो अत्याचार हिंदुओं पर किया जा रहा है उसको तत्काल रोका जाए। हम लोगों के लिए यह असहनीय व पीड़ादायक है। यह घटना सोशल मीडिया के माध्यम से हम लोगों को देखने को मिला है।

ऐसी स्थिति में बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा हेतु वहां की सरकार पर पूर्ण दबाव बनाकर उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान कराया जाए। भारत में अवैध तरीके से रह रहे रोहंगियों और बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों को चिन्हित कर उन्हें यहां से बांग्लादेश भेजा जाए। बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं को यहां लाकर बसाया जाए। ज्ञापन देने वालों में आदित्य प्रकाश आर्य प्रधान ज़िला आर्य प्रतिनिधि सभा, दिलीप कुमार वर्मा प्रधान आर्य समाज, सुरेंद्र नाथ वर्मा अध्यक्ष डी.ए.वी.इंटर कॉलेज, आर्य समाज के मंत्री धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, प्रचार मंत्री संतोष कुमार वर्मा, रवीश विश्वकर्मा, उदयभान आर्य,सुरेश आर्य, अजय केसरी, रितेश अग्रहरि, डीएवी इंटर कॉलेज गाजीपुर के उपाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री प्रकाश केसरी ,सुधीर केसरी, रवि राज हिन्दू, हिंदू वाहिनी के वरुण कुमार सहित अन्य आर्य समाज व हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।

चर्चित लावा आरीपुर खस्ताहाल सड़क का एमएलसी प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र का चर्चित खस्ताहाल लावा आरीपुर सड़क मार्ग इस समय सपा बनाम भाजपा हो चुका है। कुछ दिनों पहले एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी के क्षेत्रीय विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने सड़क बदहाली के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए धान रोपकर विरोध जताया। वही
रविवार के दिन एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधी प्रदीप पाठक ने लावा मोड़ से जयंतीदासपुर,बाबूरायपुर,मानपुर नेवादा होते हुए शुभाखरपुर लावा चट्टी सहित दस किमी लम्बे सड़क मार्ग का विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरिक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होने सम्बंधित अधिकारी पीडब्लूडी के अवर अभियंता अनिल वर्मा को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क में जो गढ्ढे है उन्हे गड्ढामुक्त किया जाय और जहां जहां जल जमाव की स्थिति है उसके जल निकासी का व्यव्स्था किया जाए। इस सड़क के निर्माण में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि जनपद के एम एल सी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर इस सड़क के निर्माण के लिए शासन ने लगभग पच्चीस करोड़ का बजट स्वीकृत किया है और गड्ढा मुक्ति के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।

वहीं उन्होने क्षेत्रीय सपा विधायक डा वीरेन्द्र यादव के द्वारा पुर्व में इस सड़क पर धान की रोपाई करने के सवाल पर कहा कि विधायक का परिवार इस विधानसभा के गठन के बाद से ही काबिज है लेकिन वह अपना फोटो लगाकर गेट बनाने में ही व्यस्त हैं। जनपद के ये पहले विधायक हैं जिन्हें यह भी नहीं पता है की धान की रोपाई कहां की जाती है! खैर यह सड़क जनता के दर्द और समस्या को दूर करने का विषय है ना कि राजनीति करने का। प्रदीप पाठक ने कहा कि विधायक को ज्ञात होना चाहिए की इसी सड़क के निर्माण के लिए सपा के शासन काल में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज कराया गया था और उनके ऊपर फर्जी तरीके से मुकदमा भी दर्ज कराया गया था लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सरकार में जनता को अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाने की पूरी आजादी है!


प्रतिनिधि को जन समस्याओं को सुनने का काम किया जाना चाहिए ना की राजनीति के तहत लाठी चार्ज किया जाना चाहिए!
निरीक्षण के दौरान बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन,सिंह शचिंद्रनाथ सिंह लल्लन सिंह,योगेश सिंह,विवेकानंद पांडेय, गुड्डू गुप्ता,रणधीर सिंह, रामप्रसाद गुप्ता,अमित सिंह, संजय सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।