Category Archives: Ghazipur

15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग दिवस

गाजीपुर। दशम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2024 के मौके पर बड़ी संख्या में लोग संभावित स्थल पुलिस लाईन में शामिल होंगे। शासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके पूर्व योग सप्ताह का आयोजन 15 से 21 जून तक किया जाएगा। इसमें जिला मुख्यालय के साथ तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए योग शिविरों के आयोजन किये जायेगे। जिसमें सभी विभागों के कर्मचारी तथा अधिकारी शामिल होंगे। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला संचालन समिति की बैठक करके तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने योग दिवस के आयोजन के लिए तैयार कार्य योजना पर व्यवस्था दुरूस्त करने का निर्देश संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को दिया।

कहा कि 15 जून को योग दिवस का उद्घाटन जिला स्तर के अलावा तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। इसमें सामूहिक योग कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एकीकृत आयुष चिकित्सालय एवं अन्य आयुष चिकित्सालयों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। योगाभ्यास के लिए जिले के प्राचीन सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक महत्व के स्थान, प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, अमृत सरोवरों के किनारे एवं प्रमुख नैसर्गिक सौंदर्य से पूर्ण स्थलों को, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शामिल किया जाएगा। योग दिवस को ‘‘योग स्वयं एवं समाज के लिए‘‘ थीम के साथ मनाया जाएगा। योग सप्ताह में 15 से 21 जून 2024 को सुबह 6 बजे से सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से 12 बजे तक विद्यालयों और स्थानों पर योग से संबंधित रंगोली, निबंध, स्लोगन, आंशू भाषण, ड्राइंग आदि प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक योग के महत्व कार्यक्रम के तहत सेमीनार आयोजित किये जायेगे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेसन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नेहरू युवा केन्द्र के साथ योग सम्बन्धी अधिकारी कर्मचारी उपस्थिति रहें।

चेयरमैन के रवैये से अक्रोशित सभासदों ने डीएम को सौंपा पत्रक

चेयरमैन के मनमाने रवैये से अक्रोशित सभासदों ने जिलाधिकारी को सौंपा पत्रक

जांच कर कार्यवाही करने की सभासदों ने किया मांग

गाजीपुर। नगरपालिका जमानियां अध्‍यक्ष के मनमाना रवैये से आक्रोशित सभासदों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपस्थिति में संबंधित अधिकारी  को पत्रक सौंपा। इसके बाद सभी सभासदों ने एडीएम को भी पत्रक सौंपा। पत्रक में सभासदों ने बताया कि नगरपालिका जमानियां अध्‍यक्ष बिना बोर्ड की बैठक बुलाये, सभासदों और बिना प्रस्‍ताव के विकास कार्य करा रहे हैं। जो विधि सम्‍मत नही है। पत्रक में सभासदों ने अध्‍यक्ष पर कई आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों को गुमराह करते हुए बिना बोर्ड की बैठक बुलाए ही नवीन कार्य हेतु प्रस्ताव पास किया जा रहा है।

सभासदों ने कहा कि शासन को प्रस्ताव भेजकर नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा मनमानी ढंग से कार्य कराया जा सकता है। ऐसी परिस्थितियों में नगर पालिका परिषद जमानिया अध्यक्ष द्वारा किए गए उक्त कार्य विधि विरुद्ध एवं नियमों के विपरीत है। यदि इस प्रकार का कोई पत्र जो बिना बोर्ड के प्रस्ताव के नवीन कार्य हेतु नगर पालिका परिषद जमानिया द्वारा भेजा जाए तो उसे तत्काल निरस्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा बिना बोर्ड के प्रस्ताव कराए सभासदों को गुमराह कर हस्ताक्षर अध्यक्ष ने अपने नाम से प्रार्थना पत्र पर प्रस्ताव करवा कर नवीन कार्य हेतु बनाकर शासन को भेज सकते हैं। पत्रक सौंपने वालों में अनिशा खातुन, रजनीकांत उपाध्‍याय, रजिया, शबाना खातुन, पूनम यादव, राधेश्‍याम राम, शमसुन निशा, रफत जहां, सचिन कुमार, रोहित शर्मा, राकेश कुमार, मनीष सिंह यादव, प्रमोद यादव, अहमद अली, माया देवी आदि लोग थे।

पुण्यतिथि पर कर्मचारी नेता को किया नमन

डीएन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए लोग।

पुण्यतिथि पर कर्मचारी नेता को किया नमन
डीएन सिंह के नेतृत्व में डेढ़ दशक तक कर्मचारियों का नहीं हुआ उत्पीड़न


गाजीपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष, संगठन मंत्री और सिंचाई संघ के प्रदेश चेयरमैन डीएन सिंह की नौवीं पुण्यतिथि मनाई गई। गुरुवार को श्रमिक उत्थान समिति के तत्वावधान में फुल्लनपुर स्थित आवास पर कर्मचारियों ने उन्हें नमन किया। आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि नलकूप विभाग से एक जुड़े हजारों कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के सामान वेतन भत्ते दिलाने में डीएन सिंह ने जो सशक्त आंदोलन किया था वह आज भी कर्मचारी संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे में कर्मचारियों का संगठित होना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान वक्ताओं ने डीएन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्वक याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति के संरक्षक अरविंद नाथ राय ने कहा कि डीएन सिंह का कर्मचारी संघर्ष का इतिहास हमेशा याद किया जाएगा। डीएन सिंह कर्मचारी हितों को ही सर्वोपरि मानते थे। डीएन सिंह कर्मचारियों व असहायों के मसीहा थे। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी जिंदा हैं।माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह ने कहा कि डीएन सिंह के नेतृत्य में डेढ़ दशक तक कर्मचारियों का उत्पीड़न नहीं हुआ। उनके कार्यों व पदचिन्हों पर चलने से ही कर्मचारी तथा समाज का भला हो सकेगा। समिति के अध्यक्ष चौधरी दिनेश चंद्र राय ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और कहा कि डीएन सिंह जैसा कर्मचारी नेता नहीं मिलेगा। वह अपने व्यक्तित्व के बल पर कर्मचारियों को बिना लड़ाई के अनगिनत उपलब्धियां दिलाई हैं। जब भी कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात हुआ, डीएन सिंह ने घर परिवार को त्याग कर आंदोलन की राह पकड़ ली थी। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय, कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी ने उनके साथ गुजारे अनुभव को सभी के सामने रखा। कार्यक्रम में रविन्द्र तिवारी, आशुतोष पाण्डेय, दिनेश सिंह यादव, राम सिंह, संतोष कुमार सिंह, एसपी यादव, श्रीनिवास चौबे, दीपक त्रिपाठी, अभय सिंह, रमाकांत राम, विपिन कुमार सिंह, राजवीर सिंह, गायत्री सिंह, राजीव कुमार सिंह आदि रहे। अध्यक्षता दिनेश चंद्र राय और संचालन राजीव कुमार सिंह ने किया।

कपड़े के शोरूम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

गाजीपुर। शहर के लाल दरवाजा मोहल्ले स्थित रेडीमेड कपड़ो की दुकान ओम बेबी लैंड शोरूम में बीती रात लगभग ढाई बजे अज्ञात परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। भीषण आग लगने से एक करोड़ का सामान जलकर राख होने का दुकान मालिक ने अनुमान जताया है। दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जो कि करीब तीन घंटे तक चलता रहा। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, दुकान का सारा सामान जलकर का को चुका था। दुकान के मालिक अंशुल अग्रवाल ने बताया कि रात लगभग 2:30 बजे दुकान में आग लगी। 10-15 मिनट के अंदर आग लगने की सूचना मुझे मिल गई। आनन फानन मैं मौके पर पहुंचा। आसपास के लोग जुट चुके थे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड आग लगने के आधे घंटे में पहुंच गया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जो कई घण्टो चला। आग के कारण दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। दुकान मालिक ने आग लगने की वजह से लगभग 1 करोड रुपए का माल नष्ट होने का अनुमान जताया है। साथ ही उन्होंने आग लगने को लेकर साजिश की संभावना भी जताई है। कहा कि शटर का ताला टूटा हुआ मिला है। ऐसे में अनुमान है कि पहले चोरी के नियत से बगल के शटर का ताला तोड़ा गया और अंदर घुस गए।शोरूम में जब नगदी नहीं मिला तो चोरों ने आग लगा दी, ऐसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

मुख्तार का बेटा अब्बास कासगंज जेल के लिए गाजीपुर से हुआ रवाना

गाजीपुर। मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ विधायक अब्बास अंसारी को गुरुवार की सुबह 5:00 बजे पुलिस कस्टडी में गाजीपुर जिला जेल से कासगंज के लिए रवाना किया गया। मालूम हो कि कोर्ट के आदेश पर अब्बास अंसारी को तीन दिनों की पैरोल मिली थी, जिसके क्रम में बीते 9 जून की सुबह अब्बास अंसारी कासगंज से गाजीपुर जिला जेल लाया गया था। पेरोल के तहत लगातार 10, 11 और 12 जून को जिला जेल से पैतृक आवास मोहम्मदाबाद फाटक ले जाया गया। अब्बास अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से 10 से 12 जून तक पिता की मौत के बाद आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होने और घर पर परिजनों से मुलाकात करने के लिए कस्टडी पैरोल मिली थी। अब्बास अंसारी को कोर्ट से 10 से 12 जून तक दिन मे अपने घर पर परिजनों के साथ रहने की पेरोल मिली थी। लेकिन हर दिन शाम को उसे वापस गाजीपुर जेल वापस लाने और रात मे अब्बास अंसारी को गाजीपुर जेल मे ही रखने का आदेश था। ये रूटीन 12 जून तक रहा। पैरोल खत्म होने के बाद अब्बास अंसारी को आज 13 जून को वापस कासगंज जेल के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया।
तीन दिनों की मिली पैरोल के पहले दिन बीते सोमवार को मुख्तार अंसारी का बेटा विधायक अब्बास अंसारी मुहम्मदाबाद के कालीबाग कब्रिस्तान पहुंचा था। कब्रिस्तान मे पहुंच कर अब्बास अपने पिता मुख्तार अंसारी के मिलाद कार्यक्रम मे शरीक हुआ था। इस दौरान अब्बास ने अपने पिता मुख्तार अंसारी की कब्र पर चादरपोशी कर फतिहा पढा। इसके बाद अगले दो दिन तक अब्बास अंसारी को पुलिस कस्टडी में जिला जेल से पैतृक घर मोहम्मदाबाद पहुंचाया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने दिया एसडीएम को पत्रक

नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने दिया एसडीएम को पत्रक

गाजीपुर। जमानियां नगर पालिका अध्यक्ष के मनमाने रवैये से क्षुब्ध होकर निर्वाचित सभासदों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंप कर जांच की मांग की। नगर पालिका क्षेत्र के मौजूदा 24 सभासदों में से 20 सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा सभासदों को गुमराह करते हुए बिना बोर्ड की बैठक बुलाए ही नवीन कार्य हेतु प्रस्ताव पास किया जा रहा है। सभासदों का कहना है कि नगर के वार्डो में कई हैंडपंप‚ स्ट्रट लाईट‚ सड़क आदि खराब है। जिससे जनता परेशान है। जिस पर बोर्ड की बैठक बुलाकर चर्चा करने की जरूरत है, लेकिन बोर्ड की बैठक न बुला कर सभासदों को गुमराह करते हुए अपने नाम से एक प्रार्थना पत्र तैयार कर उस पर हस्ताक्षर करवा लिया गया है। हम सभी को अंदेशा है कि उस पर प्रस्ताव लिख कर शासन को प्रस्ताव भेजा जायेगा। जो पूर्णतः नियम विरुद्ध है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। नगर अध्यक्ष के इस कृत्य को अधिशासी अधिकारी को भी अवगत कराया गया है। जिस पर उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उक्त मौके पर सभासद राधेश्याम राम‚ राहुल वर्मा‚ प्रमोद यादव‚ मनीष सिंह यादव‚ अहमद अली‚ सचिन वर्मा, राज चौधरी, मोहन गुप्ता, करीम, राकेश, रोहित शर्मा आदि सभासदगण मौजूद रहे।

जेईई एडवांस परीक्षा में हामिद अंसारी ने हासिल की सफ़लता

जेईई एडवांस परीक्षा में सफ़लता हासिल कर हामिद अंसारी क्षेत्र वासियों के लिए बने प्रेरणा स्रोत

गाज़ीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के नवापुरा यूसुफपुर के रहने वाले हाफिज मुहम्मद अय्यूब अंसारी के लड़के मुहम्मद हामिद अंसारी ने पिछले 26 मई को आयोजित प्रतिष्ठित जी एडवांस प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 3119वां और ओबीसी में 548वां रैंक हासिल  कर सफलता की मंज़िल को प्राप्त किया है। उनकी सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग उनके घर पहुंचकर हामिद और उनके पिता को बधाईयां दे रहे हैं। गौर तलब है कि हामिद अंसारी बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा 3 तक की पढ़ाई क्षेत्र के ही जागृति स्कूल और कक्षा 4 व 5 की पढ़ाई एमजेआरपी एकेडमी से पूरी करने के बाद कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय गाजीपुर से की है। हामिद बचपन से ही अपनी कक्षा के होनहार छात्रों में रहे हैं। हामिद अंसारी को अपने माता-पिता विशेषकर बड़े भाई गुलाम गौस अंसारी के अलावा नवोदय विद्यालय के प्रिन्सिपल एकरामुद्दीन सिद्दीकी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। हामिद की मेहनत और लगन को देखकर एकरामुद्दीन सिद्दीकी ने विश्वास जताया था कि हामिद एक दिन आईआईटी की परीक्षा जरूर पास करेगा। पूर्व सभासद सरफराज़ अंसारी ने बताया कि हामिद की सफलता ने हमारे नगर समेत क्षेत्र के प्रतियोगी छात्रों के लिए प्रेरणा के द्वार खोल दिए हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। बधाई देने वालों में तालीमी बेदारी की ओर से डॉ॰ वसीम अख्तर, शहीद रामदुलार यादव के भाई रामदरस यादव, समाज सेवी एजाज अंसारी, पूर्व सभासद सरफराज अंसारी, पूर्व सभासद शमशाद खां, पत्रकार वसीम रज़ा, मुख्य टीटीसी परवेज अंसारी, इम्तियाज अहमद, जवाहिर अंसारी वगैरह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में मिला बेरोजगारों को रोजगार

रोजगार मेले में मिला बेरोजगारों को रोजगार

गाजीपुर। जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया कि आज बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में राजकीय आई0टी0आई ग्राउंड के परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनी बीज नइण्डिया, रोहित हाई वीड्स सीड्स, पी0एन0बी0 मेट लाईफ, क्वैस कार्पोरेशन प्रा0लि0 द्वारा टाटा मोटर्स के लिए सर्विस बॉय, सेल्स मैनेजर, फील्ड आफीसर, टेक्नीशियन, हेल्पर कम्प्यूटर आपरेटर आदि पदों पर चयन किया गया। इस मेले में लगभग 152 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 32 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया। भारत के कार्य बल को कुशल बनाकर अंतर्राष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने हेतु भारत सरकार के स्किल इण्डिया मिशन के तहत स्किल इण्डिया इंटरनेशल सेन्टर वाराणसी द्वारा उक्त परिसर में प्री-काउंसिलिंग की गयी। जिसमें इलेक्ट्रिशियन, फिटर, हेेेेेल्पर, क्लीनर, मैकेनिकल ड्राफ्ट्स मैन, मेसन, ड्राइवर इत्यादि जॉब रोल्स के लिए प्री-काउंसलिंग में लगभग 62अभ्यर्थियों का वाराणसी टीम द्वारा काउंसलिंग की गयी जिसमें से 20 अभ्यर्थी रोजगार पाने हेतु योग्य पाये गये जिसमें से 03 अभ्यर्थी पासपोर्ट धारी है। इन सभी योग्य अभ्यर्थियों को अन्तिम चयन हेतु वाराणसी सेन्टर पर कॉल किया जायेगा।

सवा करोड के हेरोइन के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सवा करोड़ के हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस व जमानिया पुलिस की संयुक्त टीम ने (हेरोइन) की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को 670 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। इसकी जानकारी एसपी ऑफिस में एसपी ओमवीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि 11 जून यानी मंगलवार को स्वाट/सर्विलांस व जमानिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ (हेरोइन) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को 670 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन (जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 01 करोड़ 25 लाख रूपये है) उसके साथ जमानियाँ  गंगापुल के पास से समय करीब रात 8 बजे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तो द्वारा बताया गया कि हम लोग चितरा झारखण्ड से कम कीमत पर नशीले पदार्थ को खरीदकर राजस्थान, कोटा, दिल्ली में ले जाकर ऊँची कीमतों पर बेचते हैं। उनसे मिलने वाले पैसों को आपस में बाँट लेते हैं और उसी पैसे से अपना व अपने परिवार का भरण-पोषण व शौक पूरे करते हैं। 


गिऱफ्तारशुदा अभियुक्तों में शुभम उर्फ राजू सिंह पुत्र शम्भू सिंह निवासी ग्राम कुर्रा पोस्ट अकोढी थाना मोहनियाँ जनपद कैमूर भभुआ (बिहार) उम्र 28 वर्ष और विनोद कुमार प्रजापति पुत्र नथुना प्रजापति निवासी रामपुर पोस्ट रामपुर थाना राजपुर भभुआ बिहार उम्र करीब 31 वर्ष शामिल हैं। इस सभी के पास से एक दो पहिया वाहन भी बरामद किया गया जिसकी संख्या UP67A 3456 है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जमानियां की पुलिस टीम और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस की पुलिस टीम शामिल रही।

मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर

हेड इंजरी के मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर

गाजीपुर। 102 और 108 एम्बुलेंस जो उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा आम जन के सेवा के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई गई थी। इस उद्देश्य के साथ की गरीब और असहाय लोगों को इससे बेहतर सेवा उपलब्ध करा कर उनकी जान बचाई जा सके । ऐसा ही कुछ गाजीपुर में भी पिछले कई सालों से देखने को मिल रहा है। मंगलवार की बात करें तो जिला अस्पताल में हेड इंजरी के मरीज को डॉक्टर की सलाह पर ट्रामा सेंटर वाराणसी 108 एंबुलेंस के द्वारा भेजा गया जहां पर मरीज का इलाज चल रहा है। 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि गाजीपुर के जिला अस्पताल में 70 वर्षीय प्रेम शंकर भारती जो मलिकपूरा करंडा के रहने वाले थे। इनके सर में गंभीर चोट लगा हुआ था जिनका इलाज चल रहा था। लेकिन डॉक्टरों ने इनके और बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया था। मरीज के परिजनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से ट्रामा सेंटर ले जाने की सलाह दिया था। इसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया और काल को रिसीव करने के पश्चात पायलट मुकेश कुमार और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विपिन ओझा तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी पहुंचे।  मरिज प्रेम शंकर भारती और उनके परिजनों को लेकर ट्रामा सेंटर वाराणसी रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विपिन ओझा के द्वारा मरीज के स्वास्थ्य की देखरेख किया गया। और फिर उसे सकुशल ट्रामा सेंटर वाराणसी में एडमिट कराया गया जहां पर उसका इलाज कुशल डॉक्टरों की देखरेख में शुरू हुआ।