Category Archives: Ghazipur

जेल में बंद कैदी की मौत को लेकर छात्र नेताओं ने की मांग, सौंपा पत्रक

गाजीपुर। शनिवार को सरजू पाण्डेय पार्क में जिला जेल में बंद कैदी स्व0 अमन कुमार द्वारा जेल प्रशासन से प्रताड़ित होकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर उसके न्याय व मजिस्ट्रेटी जांच की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने पांच घंटे का सामूहिक उपवास रखा उसके बाद मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित पत्रक जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार राजीव कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता डॉ शम्मी सिंह ने कहा कि स्व अमन कुमार के पिता खुरचन राम ने जेल प्रशासन पर यह आरोप लगाया है कि आये दिन मेरे बेटे से धन की मांग की जा रही थी जिसको नही देने पर उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। दिन में कोई बन्दी सरेआम आत्महत्या कर लिया और उसको बचाने के लिए कोई नही आया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र नेता शशांक उपाध्याय ने कहा कि हम सभी कि मुख्यमंत्री से यही मांग है कि इस प्रकरण कि न्यायिक जांच हो और दोषियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो। छात्र नेता अभिषेक राय ने कहा कि जल्द से जल्द दोषियों पर दण्डनात्मक कारवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करने को हम सभी बाध्य होंगे।

सामूहिक उपवास में बैठे डां शम्मी सिंह, मनीष चौधरी, शिवम उपाध्याय, अभिषेक द्विवेदी, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, अनुज कुमार भारती, आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, नितेश सिंह, निखिल राज भारती, विवेक भारती, विनोद कुशवाहा, सर्वजीत मौर्य इत्यादि मौजूद थे।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र और दीपक वर्मा को कोर्ट ने किया दोषमुक्त

गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश / MPMLA अरविंद मिश्र की अदालत ने शुक्रवार को जान से मारने की धमकी के मामले में पूर्व मंत्री विजय मिश्र व दीपक वर्मा को दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन के अनुसार ग़ाज़ीपुर लाइव न्यूज के संपादक सुनील कुमार सिंह द्वारा 12 मार्च 2017 की घटना के बाबद तहरीर दिया कि पूर्व मंत्री विजय मिश्र पोल खोल रही खबरों से घबड़ाकर तथा अपने हार के बौख लाहट के कारण फोन से धमकी दिया उसके वावजूद वादी ने उसे नजरअंदाज कर दिया। फिर भी लगातार धमकी मिलती रही। होली के दिन विजय मिश्र के सहयोगी दीपक वर्मा ने उसी नंबर से फोन कर उसकी पिस्टल को छीन कर जान से मारने की धमकी दिया। वादी की सूचना पर मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने विवेचना उपरांत आरोप पत्र पेश किया। दौरान विचारण के उपरांत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों आरोपियों को 28 जुलाई 2023 को 1 साल की साधारण कारावास व 500 -500 रुपये के अर्थदंड से दण्डित करने का आदेश दिया था। उक्त आदेश की विरुद्ध आरोपियों ने 14 अगस्त 2023 को जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में अपील दाखिल किया। जिसकी सुनावई हेतु पत्रवाली को MPMLA कोर्ट अरविंद मिश्र की अदालत में भेजा गया। वहाँ सुनवाई के बाद शुक्रवार को दोनो आरोपियों की अपील को स्वीकार करते हुए दोषमुक्त कर दिया।

एकमुश्त समाधान योजना: पहले आए पहले पाए

एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी भीड़।


गाजीपुर। जिले के विद्युत वितरण मंडल के अधीन चारो खंडो सहित समस्त उपखंड कार्यालयो पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। वही विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय आमघाट के अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओटीएस के तहत एकमुश्त समाधान योजना पिछले 8 नवंबर से लाया गया था। जिसमे घरेलू एवम पैंपिंग सेट के बकाया बिल पर 100% ब्याज माफ है। वही कमर्शियल पर 3 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को 80% एवं 3 किलोवाट से उपर के उपभोक्ताओं को 60% ब्याज पर लाभ मिलेगा। वही निजी संस्थान के ब्याज पर 50% की छूट है तथा लघु एवं मध्यम उद्योग के ब्याज पर 50% की छूट है। वही विद्युत चोरी में दर्ज मुकदमों में लगे राजस्व निर्धारण पर 65% की छूट है मगर साथ ही साथ जो राजस्व निर्धारण के साथ शमन शुल्क लगा है उसको भी साथ जमा करना होगा एवं जिस भी उपभोक्ताओं की आरसी भेजी गई है उनके लिए भी सुनहरा मौका है, अपने बकाया बिल पर लगे ब्याज में भारी भरकम छूट का लाभ लेकर अपना बकाया बिल का भुगतान करे और आरसी वापस कराए। वही न्यायालय में लंबित मुकदमों में भी छूट दी गई है अगर जिन उपभोक्ताओं का बकाया बिल, बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज हो और प्रकरण न्यायालय में लंबित हो तो वैसे लोग अपने नजदीकी विद्युत ऑफिस में जाकर ओटीएस का पूरा लाभ लेकर अपना बकाया और राजस्व निर्धारण जमा कर सकते है।

अभी तक एकमुश्त समाधान योजना के तहत कुल 1801 लोगो का पंजीकरण कर लिया गया है और इस ओटीएस योजना का लाभ उपभोक्ता बढ़ चढ़कर ले रहे है। आगे उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया की इस ओटीएस योजना में जल्द से जल्द आप लोग पंजीयन तत्काल करा ले क्योंकि इस ओटीएस योजना का पूरा लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2023 है। उसके बाद 1 दिसंबर 2023 से 15 दिसंबर 2023 तक छूट में 10% की कटौती की जाएगी एवं 16 दिसंबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक छूट का लाभ लेने पर कुल 20% छूट में कटौती की जाएगी। अतः सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि जल्द से जल्द इस ओटीएस योजना का लाभ अपने निजी विद्युत खंड, उपखंड कार्यालय तथा उपकेंद्रों,सहज सन सेवा केंद्र,मीटर रीडर,विद्युत सखी के पास जाकर सरकार द्वारा दी गई ओटीएस योजना का पूरा लाभ प्रथम चरण 8,11,2023 से 30,11,2023 तक अपना पंजीयन करा ले एवं पहले आए पहले पाए का लाभ लेते हुवे पंजीयन अवश्य कराए।

भाजपा परिवारवाद की पार्टी नहीं है:चंचल सिंह

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्र पंचायत सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग मरदह ,मुहम्मदाबाद के बाद शुक्रवार को बजरंग शिक्षण संस्थान बकुलियापुर मे आयोजित हुआ। जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों को चार सत्रों में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास से परिचित और संस्कार, संस्कृति से अलंकृत किया गया। इसके समापन अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर आज देश के किसी भी राजनैतिक दल में लोकतंत्र नहीं है।यह परिवार वाद कि पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी समाजवादी पार्टी के लोग सिर्फ अवसर के तलाश में रहने वाले लोग हैं।इनका सरोकार जनता के काम या जनता से कभी नहीं रहा है।

भारतीय जनता पार्टी मे नेता किसी नेता के घर से नहीं पैदा होता,बल्कि छोटे से एक कार्यकर्ता के रूप में अपने कार्यो एवं निष्ठा,लग्न, समाज सेवा के माध्यम से संगठन और सरकार के शीर्ष पद पर स्थापित होते हैं। इस अवसर पर प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि देश की आजादी के बाद अराजकता के माहौल में जो परिस्थितियां देश में पैदा हुई उससे तुष्टिकरण की राजनीति मजबूत हुई,देश कि सभ्यता, संस्कृति तथा क्षेत्रीय असंतुलन से उपजा असंतोष 21 अक्टूबर 1951को भारतीय जन संघ के स्थापना का कारण बना। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास देश की एकता,अखंडता और सेवा समर्पित राजनीतिक संघर्षों की गाथा है। जिसके सिद्धांत,विचार सामाजिक समरसता के पूरक हैं। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह प्रशिक्षण वर्ग एक अभ्यास वर्ग है।

जो हमें हमारी निष्ठा और जिम्मेदारियों को नैतिकता का बोध तथा नेतृत्व को कुशलता प्रदान करता है। दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए पुर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार समृद्धि का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार का सर्वांगीण विकास देश के समस्त भू भाग पर प्रत्येक व्यक्ति के जीवन मे दिखाई दे रहा है। गरीबों का सपना साकार हुआ। लाल किले की प्राचीर से दिया गया स्वच्छता का संदेश लोगों के कल्याण और समृद्धि में सहायक सिद्ध हो रहा है। तीसरे सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व महामंत्री रामनरेश कुशवाहा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा समर्पित राजनीति के साथ आज विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है जिसके सिद्धांत,विचार पार्टी के जनप्रतिनिधियों के कार्य व्यवहार व वाणी,संस्कार में निहित है।जो देश के गौरव को मजबूत करने के लिए काम करते हैं। चौथे और अंतिम समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गौरव शाली इतिहास रहा है।

जो सदैव देश की एकता,अखंडता, सभ्यता,संस्कृति के लिए त्याग और बलिदान की राजनीति को स्वीकार किया है। जो कभी सत्ता को सुख का आधार नहीं बल्कि सेवा का अवसर माना है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण के लिए असम्भव को सम्भव बनाना जनप्रतिनिधियों का काम और जिम्मेदारी है। नालंदा और तक्षशिला विश्वविद्यालय हमारी संस्कृति के अंग रहे हैं।इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों को उनके नैतिकता और कर्तव्य निष्ठा की श्पथ भी दिलाई गई। प्रशिक्षण वर्ग के एक सत्र की अध्यक्षता राकेश राय तथा संचालन महामंत्री प्रवीण सिंह,दयाशंकर पांडेय, अखिलेश सिंह, मनोज बिंद ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह,राजदेव यादव,सुरेश बिंद,विष्णु सिंह, संतोष यादव,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, गोपाल राय, धर्मेन्द्र कुशवाहा, अरविंद राय,मोनू तिवारी,लल्लन सिंह,किरन सिंह, सुनिता सिंह, कंचन गीरी, कंचन, साधना यादव, अनिल जायसवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश विश्वकर्मा, रामलीला देवी,नरेन्द्र विश्वकर्मा, मंशा देवी,लाल जी शर्मा, कंचन तिवारी, दीपमाला श्रीवास्तव, सुधीर केशरी आदि मौजूद रहे।

किसानों ने सीडीओ को समस्याओं से कराया रूबरू

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न किसानों द्वारा कृषि संबंधित जैसे सिंचाई, बिजली, पशुपालन, बीज व्यवस्था, उर्वरक व्यवस्था, उद्यान व मत्स्य से संबंधित अपनी शिकायतों से अवगत कराया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, सिंचाई अधिशासी अभियंता नलकूप आदि लोगों उपस्थित रहे। गोष्टी में उन्होने बारी-बारी से पिछली बैठक के दौरान प्राप्त शिकायतो के निस्तारण के सम्बन्ध मे शिकायतकर्ता से जानकारी ली। विद्युत बिल से सम्बन्धित शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा सिचाई विभाग/विद्युत विभाग के अभियन्ता,नहर एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहित सम्मानित किसान बन्धु उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण,दिया निर्देश

गाजीपुर।डाला छठ त्यौहार को देखते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया।संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने शहर के ददरी घाट, चीतनाथ घाट, कलेक्ट्रर घाट, सिकन्दरपुर घाट,छोटा महादेव मंदिर,पत्थर घाट, पवहारी बाबा आश्रम घाट, के पास घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने बड़ा महादेवा, छोटा महादेवा एवं पत्थर घाटो पर अत्यधिक पानी व गहराई होने के कारण इन तीनो घाटो पर लोगो को जाने के लिए प्रतिबंधित किया है।

उन्होने कहा कि इन घाटो पर छठ पूजा अर्चन करने वाले व्यक्ति किसी अन्य घाट पर जाकर पूजा पाठ कर सकती है। उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को घाटो पर साफ-सफाई, बैरिकेटिग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटो पर नावो तथा उस पर तैनात गोताखोरो की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स के साथ महिला आरक्षियों की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटो पर लगाए गए नाविको एवं गोताखोरो का पहचान पत्र जारी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सभी घाटो पर अस्थायी कपड़ा चेंजिंग रूम तथा घाटो पर जाने वाली सड़को को गढ्ढा मुक्त करने तथा सभी घाटो पर साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि घाटो पर किसी प्रकार की दुकाने न लगाई जाए जिनसे भीड़-भाड़ होने की संभावना हो।


उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को जनपद के प्रमुख घाटो पर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होने ऐसे घाट जहां भीड-भाड़ अधिक होती है ऐसे प्रत्येक प्रमुख घाटो पर कन्ट्रोल रूम/खोया/पाया केन्द्र बनाते हुए कर्मचारी तैनात करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियो से अपील की है कि त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढ़ग से मनाई जाए। घाटो पर कम से कम व्यक्ति ही जाए, मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, एस0पी0सिटी, क्षेत्राधिकारी शहर, शहर कोतवाल, उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, गाजीपुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, तहसीलदार सदर एवं अन्य संस्था के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

एसपी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

गाजीपुर। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे यातायात माह के तहत एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ओमवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। सुरक्षित यातायात के लिए उन्हें भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम में एसपी सिटी यातायात ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद एवं सीओ सिटी गौरव कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने में स्कूली बच्चों की भूमिका अहम है। उन्होंने बच्चों से जिम्मेदार बनने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का भी आह्वान किया। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग होना चाहिए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का मतलब है कि आप अपनी जीवन की सुरक्षा के प्रति सजग है।

यातायात प्रभारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिग न करने, निर्धारित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बिना लाइसेंस के गाड़ी न चलाए और न ही चलाने दें। बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट व कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। नशे में किसी को वाहन न चलाने दें। क्योंकि यातायात नियमों का पालन कर खुद सुरक्षित रहने के साथ ही दूसरों को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। इस मौके पर एसपी ओमवीर सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद एवं सीओ सिटी गौरव कुमार को अंगवस्त्रम भेंट किया गया।

23 नवम्बर से शुरू होगा सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान

जनपद में 23 नवम्बर से शुरू होगा सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान

स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर खोजेंगे टीबी रोगी, 221 टीम तैयार

अभियान में 20 प्रतिशत आबादी की होगी स्क्रीनिंग

संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर लक्षणयुक्त लोगों की भी होगी जांच

गाज़ीपुर।टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए क्षय रोग विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए टीबी की शीघ्र जाँच और इलाज पर पूरा जोर है। इसी के तहत विभाग एक बार फिर टीबी रोगियों को खोजने के लिए एक्टिव केस फाइंडिंग (एसीएफ) यानि सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान शुरू करने जा रहा है। इस बारे में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-उत्तर प्रदेश की मिशन निदेशक डॉ पिंकी जोवल ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजा है। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में बैठक आयोजित हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने बताया – मिशन निदेशक के पत्र में माइक्रोप्लान तैयार कर संवेदनशील क्षेत्रों में 23 नवंबर से पांच दिसंबर तक एसीएफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद की आबादी करीब 44.55 लाख है लेकिन विशेष अभियान के तहत 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। टीबी के लक्षण युक्त (संभावित रोगियों) व्यक्तियों की जांच की जाएगी और जांच में टीबी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।


जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया – राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अन्तर्गत 23 नवंबर से पांच दिसंबर तक यह अभियान चलेगा। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर टीबी रोगियों को खोजेंगे। माइक्रोप्लान तैयार किया जा चुका है। अभियान के लिए कुल 221 टीम और 43 सुपरवाइजार तैयार की गईं हैं। समस्त स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मी संभावित क्षय रोगियों की जांच करेंगे और टीबी की पुष्टि होने पर 48 घंटे के अंदर उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया- अभियान के दौरान आवासीय परिसरों, जैसे अनाथालयों, वृद्धाश्रमों, नारी निकेतन, बाल संरक्षण गृह, मदरसों और छात्रावासों में कैंप आयोजित कर टीबी के प्रति संवेदीकरण किया जाएगा और लक्षण युक्त व्यक्ति के स्पुटम (बलगम) के नमूने एकत्र किए जाएंगे ।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथलेश कुमार ने बताया – अभियान के दौरान माइक्रोप्लान के मुताबिक संवेदनशील क्षेत्रों (घनी बस्ती और स्लम एरिया) को कवर करते हुए जनपद की 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग में मिलने वाले लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच की जाएगी। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर हर रोगी की सीबीनॉट जांच कराई जाएगी ताकि उसके लिए सटीक दवा का निर्धारण करने में आसानी हो। इसके साथ ही सभी रोगियों की शुगर और एचआईवी जांच भी की जाएगी और पूरा डेटा निक्षय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा ।
जनपद में क्षय रोग के मरीज – डॉ मिथलेश ने बताया कि वर्तमान में जनपद में करीब 3700 टीबी रोगी नोटिफ़ाइ हैं, जिनका स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर उपचार किया जा रहा है। साथ ही गोद लिए गए सभी क्षय रोगियों को हर माह पोषण पोटली भी प्रदान की जा रही है। निक्षय पोषण योजना में क्षय रोगियों को उपचार के दौरान हर माह 500 रुपये भी डीबीटी के द्वारा भेजे जा रहे हैं।
क्षय रोग के बारे में जानें – दो सप्ताह या अधिक समय तक खांसी आना, खांसी के साथ बलगम आना, बलगम में कभी-कभी खून आना, सीने में दर्द होना, शाम को हल्का बुखार आना, वजन कम होना और भूख न लगना टीबी के सामान्य लक्षण हैं।

कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों की हुई रामायण संस्कार प्रतियोगिता

ग़ाज़ीपुर।विश्व हिन्दू परिषद काशी प्रान्त के तत्वाधान में विश्व हिन्दू परिषद द्वारा पांच प्रखंड रेवतीपुर, भदौरा, जमानिया, बाराचवर, सदर गांधीपुरी मे कक्षा 6 से 8तक विद्यालय के बच्चों की रामायण संस्कार प्रतियोगिता परीक्षा ली गई। जिसमे हर प्रखंड से 100बच्चे सम्मलित हुए,जिसमें कुल 500बच्चे परीक्षा मे शामिल हुए। इस परीक्षा का उद्देश्य बच्चों मे रामायण के प्रति जागरूकता पैदा करना, उन धार्मिक पुस्तकों क़ो अपने जीवन के क्रिया कल्पों मे शामिल कराना तथा अपनी संस्कृति, धर्म, राष्ट्र के विकास मे योगदान देना और कराना है, इस रामायण परीक्षा के पालक विनीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद के नेतृत्व मे संम्पन्न हुआ जिसमे दिनेश चंद्र पाण्डेय जी प्रान्त सह सेवा प्रमुख काशी प्रान्त, विनोद उपाध्याय जिला अध्यक्ष, विपिन श्रीवास्तव जिला मंत्री, राजेश उपाध्याय विभाग अध्यक्ष, सतीश विभाग संगठन मंत्री, दुर्गा वाहिनी जिला सह सयोजक कचन तिवारी ,दयाशकर तिवारी , बुद्धि नरायन के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ।

राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक


गाजीपुर।अर्हता तिथि 1 दिसम्बर के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण से संबंधित कार्याे की समीक्षा बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार सिंह की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक मे उन्होने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को शेष चार विशेष अभियान की तिथियां 25 व 26 नवम्बर एवं 02 व 3 दिसम्बर 2023  की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 27 अक्टूबर से 15 नवम्बर 2023 तक प्राप्त फार्म 6, 7, व फार्म 8 सूची राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होने बताया कि इन तिथियों मे अब तक समस्त विधान सभा क्षेत्रो में फार्म 6 के 27961, फार्म 7 के 13524 व फार्म 8 के 4569 फार्म प्राप्त हुए है। उन्होने बताया कि बूथ लेवल एजेन्ट द्वारा एक बार में दस फार्म तथा पुनरीक्षण अवधि मे कुल 30 फार्म अपने से संबंधित बूथ पर जमा किया जा सकता है। उन्होने राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों से आयोग द्वारा दिए गए निर्देशानुसार निर्धारित प्रारूप पर विधान सभावार मतदेय स्थलों के आधार पर बी एल ए की नियुक्ति कर उपलब्ध कराने को कहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन द्वारा कराए जा रहे कार्याे की कार्य प्रणाली पर यदि किसी को कोई कमियां या सुझाव  हो तो बताने का आग्रह करे जिसे समय रहते सही करा लिया जाए। जिस पर सभी राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन के कार्याे की कार्य प्रणाली पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए संतुष्ट दिखे।
उन्होने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार 04 विशेष तिथियां निर्धारित है इन विशेष तिथियों पर सभी मतदेय स्थनो पर विशेष अभियान चलाकर मतदाता बनने हेतु पंजीकरण किया जाएगा। उन्होने कहा कि विशेष तिथिया  जिसमें   25 नवम्बर 26 नवम्बर 02 दिसम्बर एवं 03 दिसम्बर 2023 को बी एल ओ अपने-अपने बूथो पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित होकर मतदाता सूची मे नये मतदाताओ के नाम जोड़वाने, संशोधित करवाने, का नियमानुसार कार्य सम्पन्न करायेगे। उन्होने कहा कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके मतदाताओ के लिए फार्म-6 एवं इसके अतिरिक्त अन्य अर्ह मतदाताओं, विशेष तौर पर 24 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओ के नाम जोड़ने हेतु फार्म-8 का उपयोग कराया जायेगा। उन्होने कहा किसी भी मतदाता का नाम विलोपित करने की कार्यवाही करते समय पूरी सावधानी बरती जाए, जिन मतदाताओ के नाम विलोपित किए जाने की कार्यवाही की जानी है।बैठक राजन प्रजापति भाजपा, राजेश कुमार यादव समाजवादी पार्टी , आदित्य नारायण सिंह कुशवाहा बसपा, रविकान्त राय कांग्रेस, जावेद अहमद आप पार्टी, अमेरिका सिंह यादव भाकपा, विजय बहादुर सी पी एम,एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी  संबंधित कर्मचारीगण उपस्थित थे।