Category Archives: Ghazipur

कांग्रेसियों ने मनाई महापुरुषों की जयंती

गाजीपुर। गुरुवार को कांग्रेसियों ने कैंप कार्यालय सकलेनाबाद में भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय एवं महाराजा बिजली पासी की जयंती तथा भारत रत्न चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की पुण्यतिथि गरिमापूर्ण एवं संघर्षपूर्ण संकल्प के साथ मनाई। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और भाजपा सरकार द्वारा लगातार संविधान, सामाजिक न्याय एवं ऐतिहासिक विरासत को कमजोर किए जाने पर तीखा प्रहार किया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों के नाम पर केवल दिखावटी राजनीति कर रही है, जबकि उनके विचारों और मूल्यों को योजनाबद्ध तरीके से कुचला जा रहा है।


जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि “पंडित मदन मोहन मालवीय शिक्षा, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक थे, लेकिन आज भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को निजीकरण और अराजकता की ओर धकेल रही है। महाराजा बिजली पासी सामाजिक न्याय और शोषित-वंचित समाज की आवाज थे, जिनके नाम पर आज की सरकार सिर्फ वोट की राजनीति कर रही है। कांग्रेस पार्टी ऐसे पाखंड को कभी स्वीकार नहीं करेगी।”


शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि “चक्रवर्ती राजगोपालाचारी ने लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए जीवन समर्पित किया, लेकिन आज भाजपा सरकार संविधान की आत्मा पर लगातार हमले कर रही है। कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।” पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहां कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक विभाजन और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस पार्टी महापुरुषों के विचारों को हथियार बनाकर जनआंदोलन को और तेज करेगी।


कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटुक नारायण मिश्रा जनक कुशवाहा लाल साहब यादव अजय कुमार श्रीवास्तव सुमेर कुशवाहा राम नगीना पांडे राजेश विश्वकर्मा सतीश उपाध्याय महबूब निशा शबीहूल हसन राजेश उपाध्याय कमलेश्वर शर्मा पुष्पा यादव अब्दुल्ला फैजान प्रवीण दुबे इस्लाम मास्टर आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

पुराने विवाद में दो पक्षों में मारपीट,1की मौत,2 लोग लापता

गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी घटना सामने आई है। खेलू राय पट्टी ग्राम पंचायत में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्की सिंह के रूप में हुई है।
यह घटना पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान घटी। एक पक्ष में तीन लोग शामिल थे, जिन पर दूसरे पक्ष ने हमला किया। इसी मारपीट में विक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।
विक्की सिंह के साथ मौजूद दो अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विक्की के साथ मौजूद दो अन्य युवकों सौरभ और अंकित की भी हमलावरों ने हत्या कर दी और शवों को गायब कर दिया। पीड़ित पक्ष हमलावरों की तत्काल गिरफ्तार की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि इस प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
पूरे मामले के बारे में बताया जा रहा है कि गहमर थाना क्षेत्र के खेलूराय पट्टी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। इस घटना में तीन युवकों की मौत का आरोप परिजनों द्वारा लगाया जा रहा है। पुलिस को एक युवक का शव बरामद हुआ है, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बरामद शव की पहचान विक्की सिंह पुत्र संजय सिंह उर्फ गांधी, निवासी पट्टी खेमनराय, गहमर के रूप में हुई है। वहीं परिजनों का आरोप है कि इसी घटना में सौरभ सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी पट्टी बाबूराय, तथा अंकित सिंह पुत्र अरुण सिंह, निवासी पट्टी गोपालराय, गहमर की भी मौत हुई है, जिनके शव अभी तक नहीं मिल सके हैं। पुलिस द्वारा दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली गहमर के सामने एनएच-124सी (टीवी रोड) पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना को लेकर गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अफसरों द्वारा स्वयं मौके पर मौजूद रहकर मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

शिक्षक संघ ने किया विरोध, कुलपति को भेजा मांग पत्र….

शीतकालीन अवकाश के दौरान परीक्षा कार्यक्रम का शिक्षक संघ ने किया विरोध, कुलपति को भेजा मांग पत्र….

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और पीजी कॉलेज शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शीतकालीन अवकाश के मध्य परीक्षा आयोजित करने के निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है। बुधवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने गोराबाजार स्थित पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेन्द्र पाण्डेय को कुलपति के नाम संबोधित एक मांग पत्र सौंपा और इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. मनोज कुमार सिंह एवं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री (वरिष्ठ) डॉ. जे. के. राव ने पत्र में स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय द्वारा 25 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है।

शिक्षकों का तर्क है कि:

  • मूल भावना का उल्लंघन: घोषित अवकाश की अवधि में परीक्षा कराना अवकाश की सार्थकता को समाप्त करना है।
  • पारिवारिक दायित्व: सतत शिक्षण, मूल्यांकन और आंतरिक परीक्षाओं के बाद शिक्षक इस समय का उपयोग अपने परिवार और बुजुर्ग माता-पिता के साथ बिताने के लिए करते हैं। बीच में परीक्षा होने से शिक्षकों की व्यक्तिगत और सामाजिक योजनाएं पूरी तरह बाधित हो जाएंगी।
  • न्यायपूर्ण व्यवहार: शिक्षकों का कहना है कि अवकाश के दौरान वीक्षण (Invigilation) ड्यूटी पर लगाया जाना उनके अधिकारों का हनन है।
    परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग:
    शिक्षक संघ ने कुलपति से मांग की है कि बिंदु संख्या 03 पर उदारतापूर्वक विचार करते हुए 06.01.2026 से प्रस्तावित परीक्षाओं को स्थगित कर 09.01.2026 के बाद संचालित किया जाए। इससे शिक्षक बिना किसी मानसिक दबाव के अपने निर्धारित अवकाश का लाभ उठा सकेंगे और विश्वविद्यालय का कार्य भी सुचारू रूप से चल सकेगा।
    इस अवसर पर शिक्षक संघ के विभिन्न सदस्य एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे।

गोल्ड मेडलिस्ट छात्र विकास पाल का सम्मान समारोह में जोरदार स्वागत

बहरियाबाद। रामकरन इंटर कालेज ईशोपुर रामपुर गाजीपुर में स्कूल नेशनल गेम्स में अंडर-19 ग्रीको रोमन स्टाइल के 82 kg भार वर्ग के गोल्ड मेडलिस्ट कक्षा-11 के छात्र विकास पाल का आज विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में जोरदार स्वागत किया गया। छात्र/ पहलवान को मेडल, प्रमाण पत्र, गदा, पगड़ी, पट्टा, ट्रॉफी, माला तथा नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक डा. जय सिंह पप्पू ने बताया कि सम्मान समारोह के मुख्य अथिति आशीष मिश्रा उप क्षेत्र प्रमुख यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया गाज़ीपुर तथा विशिष्ट अतिथि रोहित विश्वकर्मा शाखा प्रबंधक यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया नूरुद्दीनपुर गाजीपुर रहे। कुश्ती क्षेत्र से कुश्ती कोच रामबचन उस्ताद वैद्यरत्न रंगनाथ यादव, सुरेंद्र यादव, मैनेजर शिव सर्जिकल नर्सिंग होम वाराणसी, राम नरेश पाल, विकास पहलवान के पिताजी उस्ताद संतोष पहलवान, काशी सिंह यादव पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, डा. राजेश पाल, श्री महेंद्र यादव तथा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। प्रबंधक डा. जय सिंह पप्पू ,आशीष यादव राहुल -जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी गाजीपुर व एकेडमी निदेशक तथा प्रधानाचार्य आत्मा यादव ने आए हुए सभी अतिथियों का माल्यार्पण किया। संचालन खेल अध्यापक/कुश्ती कोच राम आशीष यादव ने किया।
साथ ही साथ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से विद्यालय परिसर में वॉटर कूलर व आर. ओ. सिस्टम लगाया गया। बैंक द्वारा आयोजित निबंध लेखन और पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता छात्राओं को पुरस्कार, प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

काव्य पाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने मारी बाजी

अटल बिहारी वाजपेई जन्मशताब्दी समारोह के तहत निबंध लेखन, काव्य पाठ एवं विचार अभिव्यक्ति प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।

गाजीपुर। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में काव्य पाठ एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अटल बिहारी वाजपेई द्वारा रचित कविताओं का सस्वर पाठ करते हुए उन्हें याद किया।

काव्य पाठ प्रतियोगिता में राजकीय महिला कॉलेज की विजय लक्ष्मी प्रजापति प्रथम, लूदर्श कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की अंकिता सेन द्वितीय एवं शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय यूसुफपुर की रिंकी शुक्ला तृतीय स्थान पर रही। इस दौरान विद्यार्थियों ने सुशासन के महत्व पर अपने विचार प्रकट किया । भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महिला कॉलेज की प्रज्ञा वर्मा प्रथम, शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय यूसुफपुर की अमृता राय द्वितीय एवं राजकीय महिला कॉलेज की श्रेया मौर्य तृतीय स्थान पर रही।

माध्यमिक विद्यार्थियों के लिए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई एवं सुशासन विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ जिसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्राची कश्यप प्रथम, दिव्या कुशवाहा द्वितीय एवं स्नेहा पाण्डेय तृतीय स्थान पर रही।


विभिन्न प्रत्याशियों के निर्णायक मंडल में डॉ राजेश कुमार यादव, डॉ घनश्याम कुशवाहा, डॉ सत्यनारायण तिवारी, डॉ सारिका सिंह, डॉ प्रमोद श्रीवास्तव, सुमित कौशल शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी ने किया। महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन डॉ शिव कुमार, संचालन डॉ शशि कला एवं आभार ज्ञापन डॉ रामनाथ केसरवानी ने किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ संगीता, डॉ नेहा कुमारी, डॉ मनीष सोनकर, डॉ इकलाख खान, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ गजनफर सईद आदि शिक्षक गण, कुश राय संयोजक समग्र शिक्षा अभियान एवं भारी संख्या में छात्राएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विजेता प्रतिभागियों को विकास भवन में आयोजित जनपद स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं जन्म शताब्दी समारोह 25 दिसंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।

22 मार्च को होगा मानवाधिकार जागरूकता सेमिनार

गाजीपुर में 22 मार्च 2026 को होगा मानवाधिकार जागरूकता सेमिनार

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को दिया गया मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण


गाजीपुर। जनपद में आगामी 22 मार्च 2026 को प्रस्तावित मानवाधिकार जागरूकता सेमिनार को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। कार्यक्रम को भव्य और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से जिला महासचिव संदीप अग्रहरि ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया।


मुलाकात के दौरान संदीप अग्रहरि ने सेमिनार के उद्देश्यों, मानवाधिकारों के प्रति जन-जागरूकता, सामाजिक न्याय और आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मानवाधिकार जागरूकता जैसे विषय को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की और कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। उनके सकारात्मक रुख से संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।


बताया गया कि यह सेमिनार समाज के विभिन्न वर्गों को मानवाधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। यह जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी विनय तिवारी ने दिया।

शोध कार्य के लिए एक शोधार्थी का शोध हुआ चयन

गाजीपुर। महिला महाविद्यालय में विभागीय शोध समिति की बैठक शोध कार्य हेतु संपन्न हुई। गृह विज्ञान विभाग में शोध प्रवेश हेतु विभागीय शोध समिति (डीआरसी) की बैठक में एक अभ्यर्थी को शोध कार्य हेतु चुना गया। वाह्य विषय विशेषज्ञ के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से आईं प्रोफेसर अर्चना चक्रवर्ती ने विश्वविद्यालय के सभी मानकों जैसे एकेडमिक इंडेक्स, प्रेजेंटेशन एवं साक्षात्कार का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को शोध कार्य करने हेतु संस्तुत किया।

प्रोफेसर चक्रवर्ती ने शोधार्थियों को शोध कार्य में गहन अध्ययन, तार्किकता और अपने शोध कार्य को उन्नत बनाने लिए साहित्य के अवलोकन व सांख्यिकीय नियमों का पालन करने की सलाह दी। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनसे पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ शोध कार्य करने एवं अधिक से अधिक शोध पत्र जर्नल्स में प्रकाशित करने की अपेक्षा की। इस प्रक्रिया में गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं अनामिका मिश्रा, मुस्कान, अंकिता व चतुर्थ श्रेणी से अंजनी का सहयोग सराहनीय रहा। चयनित शोधार्थी गृह विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ शिखा सिंह के निर्देशन में अपना शोध कार्य करेंगे।

बहरियाबाद में हिंदू सम्मेलन संपन्न

गाज़ीपुर(बहरियाबाद)। सलेमपुर बघाई स्थित आनंद भवन डा.संतोष कुमार यादव के निजी आवास पर हिन्दू सम्मेलन का आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत रमेश जी ने उपस्थित जन समाज को संबोधित करते हुए कहा कि ” हिन्दू संस्कृति अति प्राचीन है जो शाश्वत और सनातन है, हमारे मनीषियों और महापुरुषों ने हमेशा वसुधैव कुटुम्बकम, सर्वे भवन्तु सुखिनः की पवित्र भावना से मानवता को जोड़ने का काम किया। प्राचीन काल में पूरा हिन्दू समाज एक और नेक था, परंतु कालांतर में समाज जातियों, भाषाओं और रुढ़ियों में बंट गया जिसके फलस्वरुप हम कई सौ वर्षों तक गुलामी की दासता में जीने को मजबूर हो गए, फलस्वरुप हमारा धन, राज्य, जमीन, धर्म और स्वाभिमान सब खत्म हो गया था परंतु हमारे महापुरुषों, संतों देश भक्तों ने अपने सर्वस्व का बलिदान देकर पुनः स्वतंत्र होकर जीने का अवसर दिया। परंतु आज फिर हम जाति, पंथ, भाषा, ऊँच- नीच में बटते जा रहे हैं फलस्वरुप हम कमजोर हो रहे हैं आज समय की जरूरत है कि फिर से हम संतों महापुरुषों के आध्यात्मिक विचारों को आत्मसात कर एक बने, आपस में भाई चारा स्थापित हो और हिंदू संस्कृति को पुनः ऊंचाई पर ले जाएं, कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रख्यात धर्मगुरु परम पूज्य सतपाल जी महाराज के आत्म अनुभवी शिष्य महात्मा सारथानंद जी ने कहा कि हमारा समाज तभी एक हो सकता है जब हम सबके अंदर छुपे हुए उस एक आत्म तत्व को जानेंगे, जिसका ज्ञान प्रभु राम ने हनुमान को कराया, कृष्ण ने अर्जुन को कराया और सभी सच्चे गुरुओं ने अपने शिष्यों को उनके हृदय के अंदर जगाया ,जब हम उसको जानेंगे तब सबके अंदर उसी एक प्रभु का दर्शन करेंगे तो सारे भेद भाव खत्म हो जाएंगे और हम एक और नेक बनकर इस देश, धर्म और समाज की सेवा करेंगे, विशिष्ट अतिथि के रूप में साध्वी महात्मा दयावती बाई ने कहा कि आज मानव धर्म के प्रणेता हमारे सद्गुरु देव सतपाल जी महाराज सनातन धर्म और संस्कृति का ध्वज भारत ही नहीं पूरी दुनिया के कोने-कोने में फहराकर भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का प्रयास कर रहे हैं, हम जब संतों के बताये मार्ग पर चलेंगे तभी हमारा जीवन सार्थक होगा और हमारा और हमारे धर्म, समाज और संस्कृति की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. संतोष कुमार मिश्र ने तथा संचालन कार्यक्रम के आयोजक डॉक्टर संतोष कुमार यादव ने किया। शीत लहर के बावजूद भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति में लोगों ने कार्यक्रम में भजन कीर्तन सत्संग,प्रसाद का आनंद लेते हुए एक और नेक बनने का संकल्प लिया।

भारतीय समाज सहायता संस्था के तत्वाधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान रैली का आयोजन

गाज़ीपुर(बहरियाबाद)। भारतीय समाज सहायता संस्था के तत्वाधान में मंगलवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान रैली का आयोजन अनिल यादव एवं मदन गाज़ीपुरी के नेतृत्व में बहरियाबाद पानी टंकी तिराहा से चौक स्थित पुलिस बूथ चौराहा के सामने संपन्न हुआ। नशाखोरी को जड़ से समाप्त करने का उद्देश्य लेकर शुरू किए गए इस अभियान के द्वारा समाज में पनपते नशाखोरी से लोगों को दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर अनिल यादव ने कहा कि वर्तमान में नशाखोरी की प्रवृत्ति विशेष रूप से युवाओं में दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिससे उनका जीवन अंधकारमय तो हो ही रहा है, परिजन भी परेशान रहते हैं। तेजी से फैल रही नशाखोरी रोकने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाना चाहिए। जुलूस में प्रमुख रूप से डा. मुमताज अहमद, उपेंद्र कुशवाहा, मोहम्मद रहमत फारुकी, डा. आर बी मौर्य ,नरेंद्र प्रताप ,सोनू, संतोष यादव, शैलेश पाल, डा. राजकुमार, आदित्य मौर्य, शैलेश यादव प्रदीप चौहान आदित्य चौहान प्रिंस मौर्य विक्की चौहा, रिंकू सिंह ,आकाश कश्यप, अनुज कुमार, विशाल यादव, अंकित कुमार आदि शामिल रहे। जुलूस में थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह मय हमराहियान रहे।

स्व.चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन, कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

गाजीपुर।पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र पीजी कालेज गोराबाजार में किया गया। कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि अब खेती किसानी वैसी नही रह गई है जैसा कि हमारे पूर्वज करते थे। अब कृषि को व्यवसाय समझ कर किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने वाले कृषि से सम्बद्ध विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ना होगा। उन्होने अपनी पिछली तैनातियों के दौरान विभिन्न नामचीन किसानों और समारोह में स्टाल लगाए हुए कई प्रगतिशील किसानों का उदाहरण देते हुए बताया कि किसान परम्परागत खेती धान, गेहू की खेती से आगे नही बढ पा रहे है तो इसका एक मात्र कारण उनका जोखिम मोल लेने की कम क्षमता है। उन्होने ऐसे छोटी जोत वाले किसानों का आहवान किया कि वे कृषक उत्पादक संगठनों से जुडकर एक शसक्त प्लेटफार्म का सहारा और सुविधा पा सकते है।
उन्होने कहा कि किसान सौ फिसदी अंक पाने के बावजूद महज इसलिए फेल साबित हो रहा है क्योकि उसके पास उचित बाजार नही है। उत्पादन करना तो आसान है लेकिन बिक्री के लिए बाजार की सुलभता एवं गारंटी अब सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होने विभिन्न अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ-साथ एफ0पी0ओ0 से भी आहवान किया कि वे मिल बैठकर इसका निदान खोजें।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा बताया गया कि यहॉ प्रगतिशील किसानों के स्टाल पर जाकर वार्ता करने और सफलता की कहानी जानने-समझने के बाद सहज ही यह विश्वास होता है कि कृषि विकास के क्षेत्र में बहुत से उल्लेखनीय कार्य हुए है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सपना सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुरस्कृत किए गए किसानों को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुकरण से निश्चित ही अन्य किसान भी प्रेरित होकर कुछ नया करने का प्रयत्न करेंगें।
किसान सम्मान समारोह में कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं दुग्ध विकास के क्षेत्र में सर्वोच्च उत्पादकता प्राप्त करने वाले 36 कृषकों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष द्वारा पुरस्कृत किया गया। इनके अतिरिक्त 07 अन्य कृषक जिनमें एफ0पी0ओ0 का सर्वाधिक टर्न ओवर प्राप्त करने वाले रूद्र प्रताप सिंह, औषधीय पौधों की खेती एवं उत्पाद की बिक्री में जनपद को पहचान दिलाने वाले रंग बहादुर सिंह, श्री अन्न के विभिन्न उत्पादों एवं विशेष प्रकार की दही की ब्रान्डिंग करने वाले रामधारी सिंह यादव, महिला कृषि उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली अंजू चतुर्वेदी, जनपद में सेव की खेती के बाद कीवी उत्पादन की ओर अग्रसर एवं प्राकृतिक खेती योजना के जनपदीय कृषक मास्टर ट्रेनर  सुनील सिंह कुशवाहा, टीश्यू कल्चर से केले की खेती एवं उसके साथ मसालों की अन्तः फसली खेती करने वाले अनूप राय को भी उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित किसान मेले एवं प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, बैकों, कम्पनियों के अतिरिक्त कृषक उत्पादक संगठनों के लगभग 03 दर्जन से अधिक स्टालों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकी जानकारिया प्रदान की गयी। मेले में मुख्य आकर्षण बेलर से पराली की बेल बनाने का यंत्र, ड्रोन एवं गार्डेन पावर टीलर जैसे नये एवं आधुनिक यंत्र थे वही दूसरी तरफ विभिन्न औषधीय उत्पाद एवं श्री अन्न से बने रेडी टू इट उत्पाद तथा उद्यान एवं प्राकृतिक खेती का स्टाल मुख्य थे।
इस अवसर पर लगभग 1200 किसानों द्वारा खराब मौसम एवं भीषण ठंढ के बावजूद अपनी सहभागिता की गयी।