गाजीपुर। थाना दिलदारनगर पुलिस ने गाँजा व मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक थाना दिलदारनगर और उप निरीक्षक चन्द्रशंकर मिश्र ने वायरलेस चौहारा से शनिवार को एक व्यक्ति को मोटर साइकिल के साथ पकडा। जिसके कब्जे से एक किलो सात सौ पचास ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ करने पर अपना नाम आजम कुरैशी पुत्र स्व0 शाहजहा कुरैशी निवासी मिर्चा थाना दिलदारनगर बताया। कहा कि साहब यह जो मोटरसाइकिल है चोरी की है। कुछ दिन पहले बिहार प्रान्त के भभुआ जिला थाना क्षेत्र मोहनिया से चुराया था। इसी मोटरसाइकिल से मै चोरी छिपे गांजा बेचता हूं और गांजा पीता हूँ। मोटरसाइकिल की चोरी होने के बाद सम्बन्धित थाना मोहनिया से सम्पर्क किया गया तो जानकारी हुई कि चोरी के सम्बन्ध में थाना मोहनिया पर मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल सुरेश यादव और चन्द्रप्रकाश पटेल शामिल थे।
गाजीपुर।शासन के निर्देश पर आज द्वितीय, चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में थाना कोतवाली सैदपुर में उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी। साथ ही शिकायतो को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया। थाना दिवस पर कोतवाली सैदपुर मे राजस्व द्वारा 04 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतो को लिखित रूप में दिया। जिसमें निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारी को दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओ के विरूद्ध एन्टी भू-माफिया एक्ट के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कड़ी कार्यवाही करे। गरीबो के पट्टे आदि की भूमि पर बार-बार कब्जा करने वालो के खिलाफ केस दर्ज कर जेल तत्काल भेजा जाए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, थाना प्रभारी, लेखपाल एंव अन्य अधिकारीगण एवं पुलिस विभाग से संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। शनिवार को यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में यूथ कांग्रेस का चुनाव होने जा रहा है। जिसको लेकर चुनाव अधिकारी कुलदीप बाना ने जिले में यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर सभी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओ को चुनावी नियम समझाते हुए। साल 2017 में अंतिम बार उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस का चुनाव हुआ था. 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है. इसी कड़ी में युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए यूथ कांग्रेस की मेंबरशिप व चुनाव प्रक्रिया की घोषणा की गई. यह जानकारी चुनाव अधिकारी कुलदीप बाना ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओ को दी। उन्होंने बताया कि ‘यूथ कांग्रेस का चुनाव न केवल युवाओं को पार्टी जोड़ने के लिए है, बल्कि यहां नेता बनो और नेता चुनो की प्रक्रिया भी है। उन्होंने बताया कि मेंबरशिप और चुनाव की प्रक्रिया दोनों ही 22 सितंबर से शुरू हो रही है। इस चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें पहला पश्चिम उत्तर प्रदेश, दूसरा मध्य उत्तर प्रदेश और तीसरा पूर्वी उत्तर प्रदेश है। इन तीनों ही जगह प्रदेश प्रभारी, जिला प्रभारी व विधानसभा प्रभारी का चुनाव किया जाएगा। तीनों ही भागों में 6-6 मंडल उन में आने वाले जिलों और विधानसभा को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में वह भी प्रत्याशी केवल एक पद पर ही चुनाव लड़ सकता है। इस मौके पर यूथ जिला अध्यक्ष सुधांशु तिवारी, प्रदेश महासचिव दिवांशु पाण्डेय अंशु , जिला उपाध्यक्ष जावेद आलम , जिला उपाध्यक्ष डॉ ज्ञानचंद्र राम, जिला महासचिव अच्छे लाल , माधव कृष्ण , ताम्रध्वज कुमार, अमन कुमार, सूरज कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
गाजीपुर। शुक्रवार को लंका मैदान में जनपद स्तरीय विश्वकर्मा पूजन उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वकर्मा भगवान की झांकी निकाली गई जो लंका मैदान से निकलकर सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, मिश्रा बाजार, महुआ बाग और कचहरी होते हुए पुनःलंका मैदान में पहुंचा। इसके बाद विश्वकर्मा भगवान की विधिवत पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए सभी अतिथियों का माल्यार्पण किया गया तथा श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा देकर सभी अतिथि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार विश्वकर्मा और सदर विधायक जय किशन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि हम विश्वकर्मा समाज के साथ हैं। कहा कि विश्वकर्मा समाज का योगदान और बलिदान समाज में बहुत महत्वपूर्ण है। इस दौरान विधायक डॉ वीरेंद्र यादव के प्रतिनिधि रामबरत, विधायक ओम प्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह, मदन मोहन विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष सपा गोपाल यादव, सुदर्शन यादव, विभा पाल, रीता विश्वकर्मा, पंचदेव विश्वकर्मा, चंदन विश्वकर्मा, रामनारायण विश्वकर्मा, हरिंदर विश्वकर्मा, नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, विनोद शर्मा, दिना विश्वकर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, सिद्धनाथ विश्वकर्मा, प्रवीण विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
टीबी मुक्त पंचायत अभियान को लेकर आयोजित हुई अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक
गाज़ीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देशन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी मुक्त पंचायत अभियान के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने की। सीडीओ ने स्वास्थ्य, पंचायती राज विभाग समेत विभिन्न विभागों को निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं में टीबी मुक्त पंचायत अभियान को लेकर विशेष चर्चा की जाए जिससे समुदाय में इसके प्रति जागरूकता बढ़ सके। जनमानस के बीच ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार कर इस अभियान पर ज़ोर दिया जाए। इसके अलावा 15 नवंबर से पहले सभी ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, सीएचओ, पंचायत सचिव, एमओटीसी, एनटीईपी के समस्त स्टाफ व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित कर लिया जाए। देश को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त बनाने को लेकर जनपद में एक हजार की आबादी पर 30 लोगों की टीबी की जांच की जाए। जांच में पॉज़िटिव आने पर उनका तत्काल प्रभाव से उपचार शुरू किया जाए।
इसके साथ ही फैमिली केयर गिवर के तहत घर के किसी एक सदस्य को टीबी के बारे में प्रशिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल, जिला पंचायत अधिकारी अंशुल कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आई सी डी एस) दिलीप कुमार पाण्डेय, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ मनोज कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेन्दु, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुरेन्द्र सोनकर, जिला समाज कल्याण अधिकारी नगीना यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सुजीत मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार सिंह, क्षयरोग विभाग के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथिलेश कुमार सिंह तथा सभी सीएचसी के अधीक्षक उपस्थित रहे।
गाजीपुर। शासन द्वारा विद्युत विभाग उपभोक्ता के द्वार के तहत चल रहे अभियान की समीक्षा शुक्रवार को लखनऊ से आए अधिशासी अभियंता विकाश सिंह द्वारा किया गया। जिसमे उन्होंने बताया कि इस अभियान को निगरानी करने के लिए अधिशाषी अभियंता रैंक के प्रदेश में कुल 106 लोगो एवं सहायक अभियंता रैंक के 87 लोगो सहित कुल 193 लोगो को ऊर्जा चेयरमैन आशीष गोयल द्वारा प्रदेश में विद्युत विभाग उपभोक्ता के द्वार की निगरानी करने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस अभियान के तहत उपभोक्ताओं के विद्युत आपूर्ति, मीटरिंग बिलिंग, राजस्व संग्रह में आ रही समस्याओं को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है जिसमे बेहतर उपभोक्ता सेवा प्रदान की जा सके। इस अभियान में जो भी समस्याएं सामने आएगी उस समस्याओं को पावर कारपोरेशन के चैयरमैन को रिपोर्टिंग किया जायेगा जिसमे जो भी उचित कार्यवाही होगी वह शासन द्वारा किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता पूर्णचंद्र ने बताया कि हाई लाइन लॉस फीडर टाउन नबर दो पर विद्युत विभाग उपभोक्ता के द्वार के तहत चल रहे अभियान में मोहल्ला राजदेवपुर, चंदन शहिद, मुस्तफाबाद, रायगंज, सुजावलपुर, नौरंगाबाद में पिछले तीन दिन से हमारे विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिसमे अभी तक कुल लगभग 300 उपभोक्ताओं का घर के अंदर लगे मीटर को निकालकर बाहर लगाया गया। वही बड़ी संख्या में इस मुहल्ले में मीटर बाईपास करके लोग विद्युत उपभोग कर रहे थे जिसमे सभी लोगो को समझाकर मीटर को बाहर लगाकर सख्त हिदायत दी गई की भविष्य में अगर चोरी से विद्युत उपभोग करते हुए पाए जाने पर कठोरतम कार्यवाही के साथ ही साथ एफआईआर दर्ज कराया जायेगा। आगे उन्होंने बताया की इन सब मुहल्लो में अभी भी बहुत लोग अपने परिसर के अंदर मीटर लगाकर बाईपास किए हुवे है और परिसर के बाहर ताला बंद कर भाग गए हैं जिसमे ऐसे लोगो के मेन केबिल पोल से डिस्कनेक्ट कर दी गई है एवं क्षेत्र के लाइनमैनो को सख्त निर्देशित किया गया है कि डिस्कनेक्ट किए हुवे उपभोक्ताओं की केबिल बिना उच्चाधिकारियों को अवगत कराए अगर कोई भी लाइनमैन दोबारा केबिल जोड़ा तो उसके ऊपर सीधे एफआईआर करते हुवे कार्य से मुक्त किया जायेगा। अभियान में मुख्य रूप से अधिशाषी अभियंता सेकेंड सुजीत कुमार, टेस्ट अधिशाषी अभियंता प्रदीप त्यागी, टाउन एसडीओ सुधीर कुमार, जीएमटी वेदांत त्रिपाठी, अजय विश्वकर्मा, अश्वनी सिंह, अरविंद राम, ऑपरेटर हिमांशु सहित समस्त विद्युत कर्मी मौजूद रहे।
जनपद में तीन अक्टूबर से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान
तैयारियों को लेकर सीडीओ की अध्यक्षता में हुई अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक
डेंगू की रोकथाम व नियंत्रण पर विभाग का रहेगा ज़ोर, दिये गए दिशा-निर्देश
16 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान, घर-घर पहुँचेंगी आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
टीबी, कुष्ठ, कालाजार व फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान पर भी रहेगा ज़ोर
गाजीपुर। जनपद में तीन से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जाएगा। इसी बीच 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। सीडीओ ने कहा कि स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से डेंगू, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे अक्टूबर माह संचालित किया जाएगा। समस्त विभागों के सामंजस्य से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। डेंगू की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त सहयोगी विभागों को ठोस कदम उठाना होगा। उन्होंने पंचायती राज एंव ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से साफ-सफाई का कार्य, लार्वीसाइडल स्प्रे, फॉगिंग, खराब इण्डिया मार्क-2 हैण्डपम्प की मरम्मत एवं उथले हैण्डपम्पों के चिन्हीकरण, नालियों एवं तालाबों की साफ-सफाई एवं मार्गों के खरपतवार/झाड़ियों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जाए। हाई रिस्क वाले गांव या क्षेत्र की विशेष निगरानी की जाए जिससे वेक्टर घनत्व नियंत्रित किया जा सके। नगर पालिका व नगर पंचायत को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी झोपड़ी व स्लम एरिया क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। साफ-सफाई कीटनाशक रसायनों का छिड़काव, फॉगिंग, जल जमाव निकासी, मच्छरों के प्रजनन स्थानों का नष्टीकरण, ब्रीडिंग न होने देना सोर्स रिडक्शन का कार्य कराया जाए। वेक्टर जनित रोगों यथा डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया तथा कालाजार आदि रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु प्रचार-प्रसार का कार्य करायेंगे। मोहल्ला निगरानी समिति द्वारा उपरोक्त कार्यों का अनुश्रवण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही टीबी, कुष्ठ, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिन्हित करने पर जोर रहेगा। अभियान के अंतर्गत ही 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा जिसमें आशा व आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई- कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इनमें बुखार के रोगियों की सूची, आई एल आई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों की सूची, क्षय रोग (टीबी) के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, कुष्ठ, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची शामिल होगी। संचारी रोग नियंत्रण के जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान में घर-घर भ्रमण के दौरान आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संक्रमण से बचने व बुखार होने पर “क्या करें, क्या न करें” का प्रत्येक प्रमुख स्थान पर प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी। रहें सतर्क दृ करें बचाव – जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि सभी अपने घर व आस पास साफ सफाई रखें, जल जमाव न होने दें, कूलर, फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में बदलते रहें। जल पात्रों जैसे गमला, मटका, टब, बाल्टी, ड्रम, टंकी, टायर आदि में भी पानी न एकत्र होने दें। अनावश्यक जलपात्रों को निष्प्रयोज्य कर दें। रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल या लार्वा नाशक रसायन डालें, मच्छर दानी का प्रयोग करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। खुले बदन न सोएं। कोई भी बुखार घातक हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर तुरंत जांच कराएं व डॉक्टर की सलाह पर ही अपना इलाज कराएं। अधिक से अधिक तरल पदार्थों, शरीर का प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत करने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें। पूरी तरह आराम करें। ओ आर एस घोल का प्रयोग करें। बाहर के खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। कुछ भी खाने से पहले साबुन से हाथ जरूर धोएं। इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएँ – जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां । हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार । हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग मिटाना है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी , डिप्टी सीएमओ, डीपीओ (आईसीडीएस) समेत अन्य विभागों के मुख्य अधिकारी व सहकर्मी एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। थाना मुहम्मदाबाद पुलिस द्वारा दो शातिर अपराधियो को गोवंशीय पशु व एक नाजायज चाकू के साथ गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उप निरीक्षक सन्तोष कुमार यादव द्वारा परसा तिराहे से लगभग 400 मीटर दाहिने सड़क के किनारे स्थित बाग से दो शातिर अपराधियों परविन्द कुमार पुत्र कमलेश सिंह निवासी ऐकौनी थाना नरही जनपद बलिया उम्र करीब 24 वर्ष एवं शमतुल्ला नट पुत्र दरोगा नट निवासी मिर्जाबाद थाना भाँवरकोल उम्र करीब 23 वर्ष को दो गाय, एक बछड़ा, एक चाकू एवं एक पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। पशुओ के सम्बन्ध में दोनों ने बताया कि हमलोग गोवंशों को पिकअप मे लादकर बिहार प्रान्त ले जाते हैं तथा बध हेतु बिक्री कर देते हैं, जिससे रुपये अधिक मिलते हैं। प्राप्त रुपये को हम लोग आपस में बांट लेते है।
गाजीपुर। (जखनिया) सोनबरसा मुड़ीयारी ग्राम सभा के निवासी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर के पिता फेकू राजभर का वृहस्पतिवार रात्रि में देवासन हो गया। जिसकी सूचना पाकर जनपद के वरिष्ठ भाजपा जन एवं पार्टी कार्यकर्ता उनके घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त किया। वही उनके अंत्येष्टि जौहरगंज गंगा घाट सैदपुर में संपन्न हुई। अंत्येष्टि स्थल पर उत्तर प्रदेश सरकार कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मौके पर पहुंचे और उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की, और राजेश राजभर सहित उनके परिवार का ढाढ़स बढ़ाया। इस मौके पर गाजीपुर लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह, रामनरेश कुशवाहा, विश्व प्रकाश अकेला,व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमाशंकर यादव, संदीप सिंह सोनू, मनोज यादव, हंसराज राजभर, अशोक गुप्ता, पीयूष सिंह, धर्मवीर राजभर, प्रशांत सिंह, धीरेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं उनके सहयोगी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। सहायक आयुक्त (खाद्य) वाराणसी मण्डल, वाराणसी द्वारा प्रदत्त एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से तहसील जमानिया में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 39 नमूनें जॉच किये गये। सुहवल बाजार से एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से 17 नमूनें जॉच किये गये। जिनमें से मिल्क केक के 1 नमूनें में बाह्य पदार्थ युक्त पाया गया, बेसन के लड्डू के एक नमूने में सिन्थेटिक कलर एवं भुने चने के एक नमूनें में सिन्थेटिक कलर पाया गया। कामाख्या धाम गहमर से एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से 6 नमूनें जॉच किये गये। जिनमें से इमली चटनी के एक नमूने में सिन्थेटिक कलर पाया गया। भदौरा बाजार से एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से 16 नमूनें जॉच किये गये, जिनमें से मसूर दाल के एक नमूनें में सिन्थेटिक कलर पाया गया। इस दौरान मौके पर ही खाद्य कारोबारकर्ताओं को टीम द्वारा जाँच रिपोर्ट से अवगत कराया गया एवं उन्हें भविष्य में खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार हेतु निर्देशित किया गया तथा मौके पर उपस्थित आम जनमानस के व्यक्तियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। एफ0एस0डब्ल्यू वैन का संचालन मो0 हनीफ लैब टेक्नीशियन एवं विरेन्द्र यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर द्वारा टीम द्वारा सहयोग किया गया।