Category Archives: Ghazipur

राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत ने दिया रेल मंत्री को पत्रक, किया मांग

सांसद संगीता बलवंत ने गाजीपुर – मऊ रेल लाइन परियोजना शुरू करने और ओवर ब्रिज बनवाने के लिए रेल मंत्री को दिया पत्रक।

गाजीपुर। शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से राज्यसभा सांसद ने शिष्टाचार मुलाकात की। डा. संगीता बलवंत ने बताया की पूर्व में मैंने सदन के माध्यम से रेलवे क्रॉसिंग जमानियां, दिलदारनगर, भदौरा, दुल्लहपुर, सैदपुर, सहेड़ी, महराजगंज बजार, फुल्लनपुर और जखनिया क्रासिंगों पर ओवर ब्रिज या अंडर पास बनवाने की मांग रखी थी।


साथ ही गाजीपुर सिटी – मऊ रेल लाइन विस्तारीकरण परियोजना को पुनः चालू कराने की मांग की थी जिसके संबंध में आज केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात कर उक्त समस्या को पत्र के माध्यम से अवगत कराया।

एसपी ने किया वार्षिक खेलकूद दिवस का शुभारंभ

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा द्वारा केंद्रीय विद्यालय में वार्षिक खेलकूद दिवस का भव्य आयोजन का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय के प्रांगण में ‘वार्षिक खेलकूद दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर जनपद के पुलिस अधीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण और गुब्बारे उड़ाकर किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने पुलिस अधीक्षक का हरित स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इसके पश्चात, विद्यालय के चारों सदनों के छात्रों ने कदम से कदम मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी और मुख्य अतिथि को सलामी दी।


पुलिस अधीक्षक ने छात्रों को संबोधित करते हुए खेल और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में सफलता पाने के लिए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और खेल भावना अत्यंत आवश्यक है। खेल हमें न केवल जीतना सिखाते हैं, बल्कि हार को गरिमा के साथ स्वीकार करना और दोबारा प्रयास करना भी सिखाते हैं। अनुशासन ही वह नींव है जिस पर एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है।

उन्होंने युवाओं को नशा मुक्त रहने और मोबाइल गेम्स की दुनिया से बाहर निकलकर मैदानी खेलों में पसीना बहाने के लिए प्रेरित किया।

डीएम ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के संबंध में ली जानकारी,संबंधित विभाग को दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में सैनिक बन्धु की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार मे किया गया। जिला सैनिक बन्धु बैठक को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर मो० निशात अफजल (अ०प्रा०) के द्वारा संचालन किया गया। बैठक में जनपद के 43 से अधिक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए 09 प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया। स्वयं पूर्व सैनिकों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को पत्र जारी करने का निर्देश दिया।साथ ही जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में बैठक में आयी शिकायतों का 15 दिन में संबंधित विभाग से निस्तारण की रिपोर्ट प्राप्त होनी चाहिए, और आवेदनकर्ता को भी उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त पुराने लम्बित प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली गई। लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कराए जाने का भी निर्देश दिया गया। जिला सैनिक बन्धु बैठक का समापन अन्त में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, द्वारा सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अधिकारीगण का आभार के साथ किया गया।

डीएम ने किया विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अंतर्गत हो रहे कार्यों का औचक निरीक्षण

गाजीपुर।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार  द्वारा विधान सभा सदर का जिला पंचायत सभागार में, विधान सभा जंगीपुर का विकास भवन सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अंतर्गत हो रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की कार्यवाही गतिमान है, जिसके अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग ने कई प्रकार के डिफरेंसेज को सत्यापित करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं, जिसके अंतर्गत जेंडर मिसमैच, आयु गैप, डुप्लीकेट, मृतक मतदाताओं की डाटा सत्यापित की जानी है तथा रीवेरिफिकेशन किए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि नो मैपिंग के डाटा को 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग करने का कार्य भी किया जा रहा है, सभी कार्यों को यहां अच्छे से संपादित किया जा रहा है जो भी कार्य अवशेष हैं उसे शीघ्र संपादित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर से संवाद भी किया। उन्होंने निर्देशित किया कि जो भी विसंगतिया आई हैं उसको शीघ्र निस्तारित किया जाए, उन्होंने इस कार्य में लगे सभी कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होने बताया कि जनपद मे एस आई आर कार्य फिल्ड में 100 प्रतिशत तथा डिजिटाईजेशन का कार्य लगभग 85.5 प्रतिशत पूर्ण हुआ है। लगभग 14.5 प्रतिशत जिनके फार्म ट्रेस नही हुए है,अन्ट्रेसबल है या मृतक/डुप्लिकेट पाए गए है । बताया कि  अन्ट्रेसिबल के संबंध में कभी- कभी सूचना प्राप्त होती है कि गलत तरीके से नाम काट दिया गया है, इसके लिए सभी पूर्ति निरीक्षको द्वारा राशन कार्ड की लिस्ट एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा परिवार रजिस्टर का मिलान किया जा रहा है। चुनाव आयोग का निर्देश है कि कोई भी नाम गलत तरीके से नही कटना चाहिए एवं कोई गलत नाम रहना भी नही चाहिए, तो इसके लिए डुप्लिकेट नाम का भी चिन्हांकन किया गया है उसको भी प्रकाशन से पहले चेक किया जा रहा है। एस आई आर का मुख्य उद्देश्य है कि मतदाता सूची साफ एवं स्वच्छ बने और लोकतंत्र को मजबूत करने मे सभी लोग अपना योगदान दे।

विजय दिवस 2025: राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का भव्य उद्घाटन,वीर अब्दुल हमीद के पौत्र की रही उपस्थिति 

विजय दिवस 2025: राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का भव्य उद्घाटन,

नई दिल्ली।आज ‘विजय दिवस’ के ऐतिहासिक अवसर पर, देश के उन महान सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक अभूतपूर्व पहल की गई। जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। प्रधानमंत्री के विशेष प्रस्ताव पर, महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का विधिवत उद्घाटन किया गया।

​परमवीर दीर्घा: शौर्य की जीवंत गाथा
​इस नव-निर्मित दीर्घा में देश के 21 परमवीर चक्र विजेताओं की भव्य तस्वीरें लगाई गई हैं। यह दीर्घा न केवल राष्ट्रपति भवन की शोभा बढ़ाएगी, बल्कि यहाँ आने वाले लोगों को भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान की कहानियों से भी रूबरू कराएगी।

​परिजनों का सम्मान और महामहिम के साथ संवाद
​कार्यक्रम की सबसे भावुक और गौरवपूर्ण कड़ी वह रही, जब देश के इन 21 परमवीर चक्र विजेताओं के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

​सम्मान समारोह:राष्ट्रपति जी ने सभी परिजनों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया।

​चाय पर चर्चा: औपचारिक उद्घाटन के बाद, राष्ट्रपति ने शहीदों के परिजनों के साथ एक विशेष ‘चाय और जलपान’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ बैठकर काफी समय बिताया और उनके अनुभवों को साझा किया।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कई वीवीआईपी (VVIP) और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री,सीडीएस (CDS)चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ,
तीनों सेनाओं के प्रमुख, थल सेना, वायु सेना और नौसेना के अध्यक्ष
राष्ट्रपति भवन के अधिकारी, कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वीर अब्दुल हामिद के पौत्र की उपस्थिति
शौर्य की इस सभा में परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद वीर अब्दुल हामिद जी के पौत्र, जमील आलम भी सम्मिलित हुए। उन्होंने इस अवसर पर अपने दादाजी की विरासत और देश के प्रति उनके बलिदान को याद किया और इस सम्मान के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

​निष्कर्ष
​यह आयोजन राष्ट्रवाद की भावना को सशक्त करने वाला रहा। प्रधानमंत्री के विजन और राष्ट्रपति जी के सानिध्य में ‘परमवीर दीर्घा’ अब आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक अक्षय स्रोत बनेगी।

सांसद डा.संगीता बलवंत ने जनपद की व्यस्त रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवर ब्रिज और गाज़ीपुर- मऊ लाइन विस्तारीकरण परियोजना को पुनः चालू कराने माँग की

राज्यसभा सांसद ने जनपद की व्यस्त रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवर ब्रिज और गाज़ीपुर- मऊ लाइन विस्तारीकरण परियोजना को पुनः चालू कराने माँग की

गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत बिन्द ने आज सदन में जनपद की सबसे ज़्यादा व्यस्त प्रमुख रेलवे क्रॉसिंग दिलदारनगर, भदौरा, दुल्लहपुर, सैदपुर, सहेड़ी, महराजगंज बाजार और फुल्लनपुर पर ओवर ब्रिज या अंडर पास बनवाने की माँग की। इन जगहों पर रोजाना हजारों वाहन और पैदल यात्री रेलवे फाटक बंद होने से घंटों फंस जाते हैं इससे न केवल समय बर्बाद होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
राज्यसभा सांसद ने बताया की इन रेलवे कार्सिंगों से हज़ारों की संख्या में लोग प्रतिदिन रेलवे फाटक बंद होने से भीषण जाम का सामना कर रहे हैं।ब्रिज या अंडर पास बनने से इन जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और लोगों की यात्रा आसान बनेगी।

साथ ही राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने गाजीपुर – मऊ रेल लाइन विस्तारीकरण परियोजना को पुनः चालू कराने की माँग की।

डा.संगीता बलवंत ने सदन में माँग रखते हुए कहा कि जनपद गाजीपुर का रेल मार्ग दिलदारनगर, ताड़ीघाट अंग्रेजी शासन के समय लगभग 1880 ई में बनाया गया था जहां 2 वर्ष पूर्व तक ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन भी सक्रिय था पूर्व के सरकारों में भी ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन से गाजीपुर सिटी व मऊ तक रेल लाइन का विस्तार करना एवं गंगा नदी में पुल बनाया जाना प्रस्तावित था लेकिन पूर्व के सरकारों ने इसे कभी बनाया नहीं, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2014 में कार्यकाल प्रारंभ हुआ. जिसमें तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के प्रस्ताव पर उपरोक्त रेल मार्ग के विस्तारिकरण एवं गंगा नदी में डबल डेकर रेल सह रोड ब्रिज परियोजना की आधारशिला 14 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा रखी गई, कुछ ही वर्षों में ताड़ीघाट से गाजीपुर सिटी तक रेल मार्ग एवं गंगा नदी में पुल का निर्माण कर लिया गया परंतु अभी संज्ञान में आया है कि उक्त प्रस्तावित रेल मार्ग जो गाजीपुर सिटी से मऊ तक है जो दिल्ली हावड़ा लाइन को वाराणसी मऊ छपरा लाइन से जोड़ने वाली थी इस परियोजना को बंद कर दिया गया है।
उपरोक्त परियोजना को पुनः प्रारंभ कर गाजीपुर सिटी से मऊ तक रेल मार्ग विस्तारीकरण की मांग राज्यसभा सांसद ने जोरदार तरीक़े से रखी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। शिक्षा, उद्योग और रोज़गार के क्षेत्र में प्रगति होने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश देश के सभी रेल जोन से जोड़ने में मददगार साबित होगा. जिससे उत्तर प्रदेश के साथ की पड़ोसी राज्य बिहार को भी लाभ होगा।

सावि रत्न गौतम ने किया जीआरपी थाने और स्टेशन का निरीक्षण, दिए निर्देश

गाजीपुर। राजकीय रेलवे पुलिस अनुभाग गोरखपुर पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल बलिया सावि रत्न गौतम द्वारा बुधवार को जीआरपी थाना सिटी का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जीआरपी थाना प्रभारी सिटी जितेंद्र सिंह उनके साथ अर्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। सावि रत्न गौतम द्वारा अर्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस, मालखाना, शस्त्रागार, थाना कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन कर उसमें पायी गई।

कमियों को दूर करने हेतु सर्व-सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए साक्ष्य संकलित करते हुए गुण-दोष के आधार पर निस्तारण एवं थानान्तर्गत हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी हेतु सर्व सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए ट्रेन में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं व रेलवे ट्रैक अवरोध के मामलों को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्यवाही हेतु कार्य योजना बनाकर अनुपालन करने हेतु निर्देशित किया गया। महिला हेल्प डेस्क की भी समीक्षा की गई तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शस्त्रों के रख-रखाव एवं पुलिसकर्मी की संचालन की दक्षता को भी परखा तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी पुलिस कर्मियों को ब्रीफ करते हुए उनकी समस्यायों को सुना गया एवं सर्व सम्बन्धित को उनके निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।

थाना कार्यालय रजिस्टरों के अवलोकन के उपरांत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग, आउटर, पार्किंग, वेटिंग हॉल व सीसीटीवी कैमरा आदि का सघनतापूर्वक निरीक्षण करते हुए सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक को यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत अलर्ट मोड पर रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए एवं जीआरपी थाना प्रभारी को दंगा नियंत्रण उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने हेतु भी निर्देशित किया गया।

रजत पदक जीतने वाले आदित्य यादव का हुआ भव्य स्वागत

बहरियाबाद। लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 69वीं विद्यालयी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले आदित्य यादव का बुधवार को सादात पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आदित्य ने 3000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर बापू इंटर कालेज में एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। जबकि पैतृक गांव मरदापुर के निवासियों ने भी उसका स्वागत अभिनंदन किया। बापू इंटर कालेज के प्रबंधक सुशील सिंह और प्रधानाचार्य उदयभान सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों और एनसीसी कैडेटों ने आदित्य यादव का सादात रेलवे स्टेशन के पास बैंड बाजा और फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद एक जुलूस के रूप में उन्हें बापू इंटर कालेज ले जाया गया। कालेज में आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गाज़ीपुर/वाराणसी के चेयरमैन डा. विजय कुमार यादव थे। डा. विजय कुमार यादव ने आदित्य की उपलब्धि पर बधाई दी।छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। डा. यादव ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ साथ नियमित खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। प्रबंधक सुशील सिंह और प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने भी अपने विद्यालय के छात्र आदित्य की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे बधाई दी। उल्लेखनीय है कि बापू इंटर कालेज के कक्षा 10 बी1 के छात्र आदित्य यादव ने 13 से 17 दिसंबर तक लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया था। उन्होंने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर शिक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, विजय कुमार यादव, हृदयेश मिश्रा, कैलाश सिंह, राकेश सिंह, जितेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी आदित्य को बधाई दी और प्रसन्नता व्यक्त की।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची का होना जरूरी

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर मतदाता सूची गहन पुनर्निरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक हुई।बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला प्रभारी डा. राकेश त्रिवेदी ने एस आई आर के महत्व को बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में भी बहुत से फर्जी, मृत व विस्थापित मतदाताओं को मतदाता सूची से बाहर करने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है।मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि निष्पक्षता और समग्रता से परिपूर्ण शुद्ध मतदाता सूची के निर्माण में हमारी भूमिका महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे राजनीतिक दल के कार्यकर्ता है जो भारत माता की जय के साथ देश के समृद्धि व विकास के लिए काम करने की हमारी पहचान स्थापित है। उन्होंने कहा कि निश्चित है कि मजबूत और निष्पक्ष राजनीति के साथ समाज सेवा की भावना मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भूमिका स्थापित करेगा।
जिला प्रवासी राणा सिंह ने कहा कि सघन मतदाता सूची पुर्ननिरीक्षण अभियान के माध्यम से शुद्ध मतदाता सूची जनपद के सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशीयों की जीत सुनिश्चित करेगा।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान मे मैपिंग से वंचित मतदाताओं का धरातली समीक्षा की जरूरत है कोई भी पात्र व योग्य मतदाता सूची मे शामिल होने से छुटने न पाए यह हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती तथा 28 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को बुथ स्तर सुना जाएगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने एस आई आर को लेकर तकनीकी जानकारी से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। बैठक को पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय ने भी सम्बोधित किया।
बैठक मे गुलाम कादिर राइनी, विश्वकर्मा राम,धीरज तिवारी, भानु प्रताप राय, जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा जी के भाभी, भाजपा कार्यकर्ता दीलिप गुप्ता के दामाद नवली निवासी दरोगा,डा शोभनाथ की माता आदि अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उनके परिजनों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट मौन रखकर आत्मा शान्ति की प्रार्थना की गई।
बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम तथा पार्टी महामनीषियों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा समापन राष्ट्रगान से हुआ।
बैठक में बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा,जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, प्रो शोभनाथ यादव,डा मुराहू राजभर,रामनरेश कुशवाहा, जितेन्द्र पांडेय, राजेश भारद्वाज, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, अवधेश राजभर, ब्लाक प्रमुख सीता सिंह,राजन सिंह,डा प्रदीप पाठक,मनोज गुप्ता, बृजेन्द्र सिंह, शशिपाल उर्फ घुरा सिंह,आनन्द राय, अच्छेलाल गुप्ता,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, योगेन्द्र सिंह, अवधेश राय, अखिलेश सिंह, सरोज मिश्रा, लालसा भारद्वाज,शनि चौरसिया, गर्वजीत सिंह संकठा प्रसाद मिश्र, मनोज सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष,बीलए-1, मंडल महामंत्री एवं जनप्रतिनिधि तथा जिला पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने किया।

23 से 25 दिसंबर के मध्य आयोजित होगा सांसद खेल महोत्सव

गाजीपुर। सभी खिलाड़ियों को सूचित करना है कि सासंद खेल महोत्सव का आयोजन की तिथि में राज्यसभा सासंद डा. संगीता बलवंत के निर्देशानुसार परिवर्तन किया गया है। अब यह प्रतियोगिता 23 से 25 दिसम्बर 2025 के मध्य आयोजित की जाएगी। सभी विधान सभा के विजेता खिलाड़ियों से अनुरोध है कि परिवर्तित तिथि पर प्रातः 09 बजे नेहरू स्टेडियम गोराबाजार गाजीपुर में उपस्थित होना सुनिश्चित करे, जिसमें खेल प्रतियोगिता की तिथि में 23-12-2025 उद्घाटन समारोह में फुटबाल बालक/बालिका सभी आयु वर्ग में एथलेटिक्स बालक/बालिका सभी आयु वर्ग में, खो-खो बालिका वर्ग सभी आयु वर्ग में क्रिकेट बालक/बालिका, सभी आयु वर्ग में। 24-12-2025- कबड्डी बालक वर्ग में वॉलीबाल बालक/बालिका वर्ग हॉकी सबजूनियर बालक वर्ग एवं बालिका सभी आयु वर्ग एवं 25-12-2025 1- हॉकी बालक जूनियर एवं सीनियर वर्ग खो-खो बालक वर्ग सभी आयु वर्ग में,कबडडी बालिका वर्ग सभी आयु वर्ग,कुश्ती बालक/बालिका सभी आयु वर्ग रहेगे।