Category Archives: Ghazipur

मतदान कार्मिकों को डीएम-एसपी ने किया रवाना, कहा…..


गाजीपुर। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्वक ढंग सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न स्थानो से हो रही पार्टी रवानगी स्थलो एवं बनाये गये स्ट्रांग रूम का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्वामी सहजानन्द, पी जी कालेज, अष्ट शहीद इण्टर कालेज मुहम्मदाबाद एवं नेशनल इण्टर कालेज कासिमाबाद का स्थलीय निरीक्षण कर वहां से हो रही पार्टी रवानगी का जायजा लिया एवं आवश्य निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मतदान कार्मिक रवानगी से पूर्व अपने-अपने सामानोे का मिलान अवश्य कर ले जिससे चुनावी प्रक्रियाओ में बाधा न हो। 4 मई 2023 को होने वाले नगरीय निकाय के मतदान हेतु आज प्रातः 7 बजे से मतदान पार्टिया अपने-अपने गन्तव्य के लिए उपलब्ध वाहनो से प्रस्थान करायी गयी। जनपद के 3 नगर पालिकाओ एवं 5 नगर पंचायतो के मतदान के लिए 266 मतदान पार्टियो को रवाना किया गया।

प्रत्येक मतदान पार्टी में एक पीठासीन के साथ 3 मतदान अधिकारी को लगाया गया है। उन्होने समस्त अधिकारियों को जनपद में 4 मई 2023 को होने वाले नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन को पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शी तरीके से आयोग की गाईड लाईन के अनुसार सम्पन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि अधिकारी बैलेट बाक्स जब तक जमा कर स्ट्रांगरूम में शील न करा लिया जाये तक पूरी मुस्तैदी से अपने-अपने जिम्मेदारियों को निभायेगे। बैलेट बाक्स सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होने किसी भी मतदान कार्मिक को मेडिकल इमरजेंसी होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करने की बात कही जिससे तत्काल उन्हे मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराया जाय सके। मतदान कर्मी अपने-अपने पोलिग वूथो पर निवास करेगे तथा किसी भी दशा में अपने पोलिंग सेन्टरो पर किसी भी अन्य व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार न करेगे, अन्यथा वह स्वयं जिम्मेदार होगे। मौके पर सम्बन्धित उपजिलाधिकरी/क्षेत्राधिकारी एवं जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।

ज्वाइन्ट ब्रीफिंग में डीएम-एसपी ने दिया अधिकारियों को निर्देश, कहा…..


गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्वक ढंग से सम्पन्न कराने के लिए ज्वाइन्ट ब्रीफिंग पुलिस लाईन परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को सम्पन्न हुआ। ज्वाईन्ट ब्रीफिग के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाअधिकारी वि0रा0 मुख्य राजस्व अधिकारी एवं समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक शहर/ग्रामीण, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी  आर्यका अखौरी ने समस्त अधिकारियों को जनपद में 4 मई 2023 को होने वाले नगर निकाय चुनाव को पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शी तरीके से आयोग की गाईड लाईन के अनुसार सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।

उन्होने मतदान के पूर्व, मतदान के दिन एवं मतदान के समाप्ति के पश्चात बैलेट बाक्स जब तक जमा न हो और स्ट्रांगरूम में शील न करा लिया जाये तब तक पूरी मुस्तैदी से अपने-अपने जिम्मेदारियों को निभायेगे। बैलेट बाक्स सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होने कहा कि मतदान के 48 घण्टे पूर्व प्रचार-प्रसार बन्द होगे।  मतदान के एक दिन पूर्व सुबह 7 बजे से ही पार्टी रवानगी निर्धारित स्थानो से सम्पन्न होगी। पार्टी रवानगी स्थलो पर सम्पूर्ण व्यवस्थाए सुनिश्चित रहे इसके लिए समस्त सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट निरीक्षण कर आश्वस्थ हो जाये। मतदान कार्मिक रवानगी से पूर्व अपने-अपने सामानोे का मिलान अवश्य कर ले जिससे चुनावी प्रक्रियाओ में बाधा न हो। कोई मतदान कार्मिक अनुपस्थित न हो अन्यथा सम्बन्धित के विरूद्ध मुकदमा पंजिकृत होगा।

किसी भी मतदान कार्मिक को मेडिकल इमरजेंसी होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करे जिससे तत्काल उन्हे मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराया जाय सके। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील सेन्टरो पर ए एम एफ की सुविधा रहेगी। मतदान कर्मी अपने-अपने पेालिग वूथो पर निवास करेगे तथा किसी भी दशा में अपने पोलिंग सेन्टरो पर किसी भी अन्य व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार न करे। अन्यथा वह स्वयं जिम्मेदार होगे। कर्मचारियो का मानदेय उनके तैनाती स्थलो पर ही उपलब्ध कराया  जायेगा। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है तथा उस क्षेत्र की सारी दुकाने मतदान की समाप्ति तक बन्द रहेगी। उन्होने कहा कि पोलिंग सेन्टर के 100 मीटर के परिधि में कानून व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन हो।

कोई भी वाहन, अस्त्र, शस्त्र, मोबाईल फोन, पानी तथा किसी भीं अतिविशिष्ट व्यक्ति का अपने सुरक्षा गार्ड के साथ बूथो पर प्रवेश वर्जित रहेगा। कहा कि किसी भी पोलिग सेन्टर पर भीड़-भाड़ न लगाई जाये यह सुनिश्चित कर लिया जाये। मतदाता पर्ची वितरण हेतु बी एल ओ की तैनाती पोलिंग सेन्टर पर होगी। मतदान हेतु आयोग के निर्देश पर 15 प्रकार के फोटोयुक्त पहचान पत्र मान्य होगे। आवश्यकता पड़ने पर पर्दानशीन महिलाओ की चेंकिंग केवल महिला कर्मचारी के द्वारा ही पूरी शालीनता के साथ किया जायेगा। कोई भी पुरूष कर्मी इस तरह की हिमाकत नही करेगा। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि चुनाव के तीन चरणो मे से एक चरण समाप्त हो चुका है दूसरा चरण मतदान का है जो 4 मई को सम्पन्न कराया जायेगा। जिन-जिन पुलिस अधिकारियों को  संेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट के साथ तैनात किया गया है वे आपसी सामंजस्य स्थापित कर अपने-अपने दायित्वो को पूरी निष्ठा एवं इमानदारी के साथ बिल्कुल निष्पक्ष होकर चुनावी गाइड लाईन के निर्देश के क्रम मे निभायेगे। उन्होने बताया कि जनपद मे मतदान हेतु पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था है। संवेदन/अतिसंवेदन शील बूथो पर ए एम एफ को तैनात किया गया है साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था है। मतदान के पश्चात जबतक पतपेटिका स्ट्रांगरूम में जमा न कर लिया जाये तब तक सम्बन्धित पुलिस बल पीठासीन के साथ साये की तरह बने रहेगे।

किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर का रहा दबदबा

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 28 से 30 अप्रैल को गाजियाबाद में खैतान वर्ल्ड स्कूल राजनगर एक्सटेंशन में आयोजन किया गया। जिसमे गाजीपुर जिले के जया दुबे 44 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, अखिलेश कुमार बिंद 52 किलो भार वर्ग मे स्वर्ण पदक, राहुल यादव 50 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, अखिलेश कुमार 60 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, सत्यम यादव 55 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, शेषनाथ सिंह यादव 57 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, आलोक प्रकाश बिंद 50 किलो भार वर्ग में रजत पदक, अमरेंद्र कुमार 57 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक, ज्ञानेंद्र कुमार बिंद 48 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक, अंकित यादव 75 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त कर के गाजीपुर जिले का नाम रोशन किया।

कोच कृष्णा कुमार शर्मा के देखरेख में इन खिलाडियों ने उपलब्धि प्राप्त किया। कृष्णा कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल प्राप्त कर चुके हैं और गाजीपुर में विभिन्न जगह ताइक्वांडो और किक बॉक्सिंग मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण भी देते हैं। इस उपलब्धि में प्लेयरों को माला पहनाकर सम्मान किया गया। गांव एवं शहर में हर्ष कि लहर है। इन प्लेयरों के परिवारों ने कोच कृष्णा कुमार शर्मा को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य कि कामना किया।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्‍यापार मंडल ने भाजपा को दिया समर्थन

गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव में नगर पालिका गाजीपुर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्‍यापार प्रतिनिधि मंडल गाजीपुर ने भाजपा के अध्‍यक्ष प्रत्‍याशी सरिता अग्रवाल को समर्थन दिया है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में समर्थन की घोषणा करते हुए जिलाध्‍यक्ष अबू फकर खां ने कहा कि व्‍यापारियों के चुनाव लड़ने पर हमारा संगठन उनको समर्थन देता है। पिछले विधानसभा चुनाव में व्‍यापारी नेता को समर्थन दिया था। नगर पालिका गाजीपुर के चुनाव में व्‍यापारी विनोद अग्रवाल की पत्‍नी सरिता अग्रवाल प्रत्‍याशी भाजपा को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि नगर के सभी व्‍यापारी भाजपा प्रत्‍याशी सरिता अग्रवाल को जिताएंगे। अबू फकर खां ने योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछली सरकारो में जो व्‍यापारियों की हत्‍या कर लूट होती थी उसको हम भूले नही है, योगी के नेतृत्‍व में जो भयमुक्‍त उत्‍तर प्रदेश हुआ है आज सभी व्‍यापारी अपना अमन चैन से व्‍यवसाय कर रहें है। ग्‍लोबल इंन्‍वेंर्स्‍टस समिट के माध्‍यम से गाजीपुर में साढे तीन हजार करोड़ का एमओयू का एग्रीमेंट हुआ है, वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्‍ट, व्‍यापारी दुर्घटना योजना, आयुष्‍मान भारत योजना आदि कार्यो से प्रभावित होकर हम लोग भाजपा का समर्थन कर रहें है। वहां मौजूद पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल ने कहा कि हमनें नगर में सर्वागीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किया है, स्‍वकर आधा कर अपना वादा पूरा किया है।बिना भेद -भाव सभी वार्डो में विकास कार्य कराया है। उन्होने कराए गए विकास कार्यो को भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महामंत्री श्रीप्रकाश केशरी, वरिष्‍ठ उपाध्‍यक्ष प्रिंस अग्रवाल, युवा जिलाध्‍यक्ष सुधीर केशरी, युवा जिला मंत्री पप्‍पू गाजी, नगर अध्‍यक्ष सुप्रोतिम बागची, नगर महामंत्री आकाशदीप, नगर कोषाध्‍यक्ष अब्‍दुल फैजान आदि लोग उपस्थित थे।

बीजेपी ने बागियों को किया पार्टी से निष्कासित

गाजीपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने नगर निकाय चुनाव 2023 में जिले कि विभिन्न नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के विरुद्ध बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे लोगों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी गाजीपुर के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने देते हुए बताया की नगरपालिका जमानिया से अनिल कुमार गुप्ता, नगर पंचायत दिलदार नगर से अमित जायसवाल, नगर पालिका मुहम्मदाबाद से तेज बहादुर यादव तथा नगर पंचायत सादात से शिवानंद सिंह और यशवंत वर्मा को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। श्री सिंह ने स्पष्ट रुप से बताया कि यदि इन निष्कासित लोगों के मदद में कोई भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करेगा तो उनके खिलाफ भी पार्टी अनुशासनात्मक कार्यवाही करने को बाध्य होगी। पार्टी संगठनात्मक रुप से किसी भी प्रकार कि अनुशासनहीनता सहन नहीं करेगी।

मुख्तार को 10 साल और अफजाल को 4 साल की सजा के साथ लगा जुर्माना

सजा होते ही गाज़ीपुर सांसद अफजाल अंसारी की सांसदी जाना तय, एमपी- एमएलए कोर्ट से सुनाई 4 साल की सजा

कृष्णानंद राय हत्याकांड में है आरोपी, इसके पूर्व पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा व 5 लाख लगा जुर्माना

गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम/एमपी-एमएलए कोर्ट में सांसद अफजाल अंसारी व मुख्तार अंसारी पर चल रहे 15 साल पुराने गैंगस्टर के मुकदमे में आज शनिवार को फैसला सुनाया गया। इस केस में मुख्‍तार अंसारी को दस वर्ष की कैद और पांच लाख का जुर्माना लगा है। कोर्ट ने सांसद अफजाल को भी दोषी करार देते हुए चार साल की सजा और एक लाख का जुर्माना लगाया है। कृष्णानंद राय हत्याकांड मामले में एमपी एमएलए कोर्ट का फैसले में मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा है व 5 लाख का जुर्माना लगा है। वही गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी को कोर्ट ने 4 साल की सजा सुनाई है । कोर्ट के सजा सुनाते ही भारी सुरक्षा व्यव्स्था के साथ गाजीपुर के जिला जेल में बंद कर दिया है। सजा के बाद अब माना जा रहा है कि अफजाल अंसारी की सांसदी जाना तय है। बता दे कि किसी भी सांसद या विधायक को किसी मामले में कोर्ट अगर सजा सुनाती है तो उसकी सांसद या विधायक जाना तय हो जाता है। बता दें कि 2007 में बीजेपी विधायक रहे कृष्णानंद राय सहित 7 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमे मुख़्तार व अफजाल अंसारी आरोपी थे ।

गैंगस्टर ऐक्ट में न्यायालय ने IS गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी पुत्र स्व. शुभानउल्लाह अंसारी निवासी यूसुफपुर थाना मुहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर को 10 वर्ष के कारावास और 5 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। गैंगस्टर ऐक्ट में न्यायालय ने अफजाल अंसारी पुत्र स्वा0 शुभानउल्लाह अंसारी निवासी यूसुफपुर थाना मुहम्मदाबाद जनपद को 4 वर्ष के कारावास और 1 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

मतदान कार्मिकों ने किया मतदान


गाजीपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2023 को सकुशल निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के मतदान कार्मिको का शुक्रवार को प्रशिक्षण के बाद डाक मतपत्र के माध्यम से सुविधा केन्द्र पर मतदान हुआ, जिसमें नगर पालिका परिषद गाजीपुर में अध्यक्ष पद हेतु 15 एवं सदस्य पद हेतु 15 मत पड़े। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद जमानियॉ में अध्यक्ष पद पर 6 एवं सदस्य पद पर 6 मत डाले गये।

नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में अध्यक्ष पद पर 4 मत एवं सदस्य पद पर 4 मत, नगर पंचायत जंगीपुर में अध्यक्ष पद पर 2 मत एवं सदस्य पद पर 2 मत पडे़। नगर पंचायत सैदपुर में अध्यक्ष पद पर 2 मत एवं सदस्य पद पर 2 मत पडे़े। नगर पंचायत सादात में अध्यक्ष पद पर 1 एवं सदस्य पद 1 मत, नगर पंचायत दिलदारनगर मेें अध्यक्ष पद पर 2 मत एवं सदस्य पद पर 2 मत, नगर पंचायत बहादुरगंज मेें अध्यक्ष पद पर 1 मत एवं सदस्य पद पर 1 मत पड़े। कुल अध्यक्ष पद पर 33 एवं सदस्य पद पर 33 डाक मत्रपत्र प्रस्तुत किये गये।

मानक के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो होगा आंदोलन:शम्मी

सीवर के कार्य में अनियमितता पाए जाने पर रुकवाया कार्य

अधिकारियों के आश्वासन पर कार्य शुरू

अनियमितता बरतने पर होगा आंदोलन – शम्मी

गाजीपुर। शुक्रवार को अंधऊ बाइपास रोड पर चल रहे सीवर के काम को मानक के अनुरूप ना होने से नगर के प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह (शम्मी) ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के न आने तक रुकवा दिया था। मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे ऐ ई तथा जे ई ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए मानक के अनुरूप कार्य करने की हिदायत दी। जिसके बाद अधिकारियों के आश्वासन पर फिर से कार्य शुरू किया गया। मौके पर पहुंचे शम्मी ने कहा की पहले से ही सीवर के कार्य में शिकायत आ रही है। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया है। कहा कि जब जिलाधिकारी ने इस कार्य में जरा भी लापरवाही न बरतने की सलाह दी है तो संबंधित विभाग निर्माण कार्य में सावधानी बरतनी चाहिए। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा की गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं हुआ तो सभी नगरवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस दौरान सूरज सिंह, मनोज सिंह, शशांक, शशि पांडे, संजीव, जावेद आदि लोग मौजूद थे।

माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री बने चौधरी दिनेश चंद्र राय

मा. शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री बने चौधरी दिनेश चंद्र राय
शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक करेंगे संघर्ष


गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री के पद पर चौधरी दिनेश चंद्र राय को मनोनीत किया गया है। संघ के प्रदेशीय अध्यक्ष ने बताया कि अष्ट शहीद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर नियुक्त चौधरी दिनेश चंद्र राय को शिक्षकों के प्रति सच्ची सेवा को देखते हुए संघ का प्रदेशीय मंत्री मनोनीत किया गया। शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय कमेटी द्वारा प्रदेशीय मंत्री की जिम्मेदारी चौधरी दिनेश चंद्र राय को सौंपी गई है। इस नए उत्तरदायित्व के लिए पूरे जनपद के शिक्षक साथियों के तरफ से एमएम बधाई दी जा रही है। प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चन्द्र राय ने शिक्षकों की जायज मांगों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करने का ऐलान किया।

उन्होंने संगठन के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए शिक्षक साथियों से संगठन को और मजबूत करने की अपील की। बताया कि शिक्षकों के संघर्ष और संगठन की ताकत के माध्यम से वेतन वितरण अधिनियम, चयन बोर्ड अधिनियम और सेवा सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन उपलब्धियों को अक्षुण्ण रखना हम सभी शिक्षक साथियों की जिम्मेदारी है। उधर प्रांतीय अध्यक्ष के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय कमेटी द्वारा प्रदेशीय मंत्री की जिम्मेदारी चौधरी दिनेश चंद्र राय को मिलने की खबर लगते ही जिलाध्यक्ष शिव कुमार सिंह, नारायण उपाध्याय, रत्नेश कुमार राय, रविन्द्र नाथ तिवारी, रेयाज अहमद, अमित कुमार राय, अविनाश कुमार सिंह गौतम, सूर्य प्रकाश राय, वीएस पांडेय आदि ने बधाई दी।

ऐसा कौन सा काम किया जिसकी वजह से आई लव यू हमारा गाजीपुर बोला जाए

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार दिनेश यादव के समर्थन में कल देर रात झुन्नू लाल चौराहा और मिश्र बाजार चौराहे पर नुक्कड़ सभा का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस सभा के माध्यम से दिनेश यादव ने सभी स्थानीय जनता से सहयोग और समर्थन देने की अपील किया। कहा यदि आपका आशीर्वाद मिला तो शहर की सारी बुनियादी जरूरतों को पूरा कर इस शहर को एक सुंदर स्वरूप देने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि नगरपालिका में बैठे लोगों ने केवल अपनी तिजोरी भरने का काम किया है, शहर के विकास से इनका कोई मतलब नहीं रहा है। झूठ पकाना और झूठ परोसना ही इनका धर्म रहा है ।
विधायक जै किशन साहू ने इस नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के झूठ और फरेब से बचने की हिदायत देते हुए कहा भाजपा लगातार हिंदू मुसलमान की बात कर आपका लगातार भावनात्मक शोषण करती रही है। मौका तो नगरपालिका चुनाव का है लेकिन आज गाजीपुर की नगरपालिका ही नहीं पूरा का पूरा देश गंभीर परिस्थितियों से होकर गुजर रहा है। देश के संविधान के साथ साथ लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, सामाजिक और साम्प्रदायिक सद्भाव, गंगा जमुनी तहजीब सब कुछ खतरे में है। यदि आप चाहते हो कि इस देश का संविधान सुरक्षित और लोकतंत्र कायम रहें तो भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा।

उन्होंने कहा कि इस शहर में भाजपा ने 25 वर्षों में ऐसा कोई काम नहीं किया जिसका नगरवासी जिक्र कर सकें। आज शहर की दीवारों पर आई लव यू हमारा गाजीपुर की इबारत लिखी जा रही है, इस शहर की जनता पूछ रही है आखिर भाजपा ने इस नगरपालिका में ऐसा कौन सा आकर्षण पैदा कर दिया या ऐसा कौन सा निर्माण करा दिया जिसकी वजह से आई लव यू हमारा गाजीपुर बोला जा सके । उन्होंने कहा कि 25 वर्षो में भाजपा इस शहर में एक सामूदायिक केन्द्र का भी निर्माण नहीं करा पायी जहां इस शहर का गरीब अपनी बेटी की शादी का आयोजन कर सकें या किसी राजनीतिक या सामाजिक आयोजन करने की सुविधा मिल सकें। उन्होंने कहा कि आज भी शहर में हर तरफ गंदगी व्याप्त है। उन्होंने कहा यदि आपका आशीर्वाद मिला तो अपने नगरपालिका चेयरमैन के साथ मिलकर इस शहर की हर बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का काम करूंगा। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने इस सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने स्वकर के संबंध में इस शहर की जनता के साथ छल करने और धोखा देने का काम किया है। उन्होंने भाजपा चेयरमैन पर सवाल दागते हुए कहा कि यदि नगरपालिका बोर्ड को स्वकर कम करने या उसे खत्म करने का अधिकार था तो फिर भाजपा चेयरमैन ने 10वर्षों तक इस शहर की जनता को मानसिक पीड़ा में क्यूं रक्खा। उनके इस नापाक हरकत के लिए इस शहर की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने भी समाजवादी पार्टी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा झूठ का पुलिंदा है। इस कथनी और करनी में बहुत अंतर है। चुनाव भले ही नगरपालिका का हो लेकिन इस चुनाव में उसके लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के खिलाफ काम करने की सजा उसे इस चुनाव में पराजित कर दिया जाना जरूरी है। शरीफ राईनी ने भी लोकतंत्र और संविधान विरोधी और तानाशाही के रास्ते पर चल रही भाजपा के खिलाफ मतदान करने और साईकिल पर मुहर लगाकर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश यादव को विजई बनाने की अपील किया। मिश्र बाजार चौराहा पर आयोजित नुक्कड़ सभा की अध्यक्षता राजकिशोर मास्टर साहब और संचालन पार्टी के जिला सचिव आमिर अली और झुन्नू लाल चौराहे पर आयोजित नुक्कड़ सभा की अध्यक्षता मोहम्मद अमीन साहब और संचालन जिला सचिव नरेंद्र कुशवाहा ने किया। इन नुक्कड़ सभाओं में मुख्य रूप से पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव,मुन्नन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार अग्रहरि,रामयश यादव , अशोक कुमार पाण्डेय,डॉ समीर सिंह, दिनेश यादव अशोक कुमार बिंद, आत्मा यादव ,सिंकदर कन्नौजिया,अभिनव सिंह, अरुण कुशवाहा विभा पाल, रीना यादव, फिरोज जमाल,बाबी चौधरी,आरिफ खान, आदित्य यादव, रामज्ञान यादव,कंचन रावत, पूजा गौतम, सदानंद कन्नौजिया,शेर अली राईनी, आदि उपस्थित थे।