Category Archives: Ghazipur

एसपी ने आठ निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक का बदला कार्य क्षेत्र

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कानून व्‍यवस्‍था को और चुस्‍त-दुरुस्‍त करने के लिए सोमवार को 8 निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक का फेरबदल किया है। मुहम्‍मदाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा को प्रभारी डीसीआरबी, प्रभारी निरीक्षक शादियाबाद घनानंद त्रिपाठी को प्रभारी निरीक्षक मुहम्‍मदाबाद थाना, वाचक पुलिस अधीक्षक महेश पाल सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना शादियाबाद, प्रभारी निरीक्षक जमानियां वंदना सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना नंदगंज, प्रभारी निरीक्षक थाना नंदगंज महेंद्र सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना जमानियां, प्रभारी डीसीआरबी राजकुमार यादव को वाचक पुलिस अधीक्षक, उप निरीक्षक थाना सैदपुर वागीश विक्रम सिंह को थानाध्‍यक्ष सुहवल, प्रभारी निरीक्षक थाना सुहवल तारावती यादव को प्रभारी निरीक्षक भुड़कुड़ा और राजू दिवाकर प्रभारी निरीक्षक भुड़कुड़ा को विवेचना सेल में भेजा गया है।  

फिल्म के माध्यम से दिखाया गया प्रदेश का विकास, प्रभारी मंत्री ने कहा….

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्व0प्रभार) स्टाम्प व न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रविन्द्र जायसवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में ग्लोबल समिट-2023 में एतिहासिक निवेश हुआ है। यह भारत के किसी भी राज्य में आयोजित अब तक के सबसे बड़े निवेशक सम्मेलनों में से एक है। रविवार को सर्किट हाउस लो0नि0विभाग के सभाकक्ष में प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उन्होने कहा कि 41 देशों के लगभग एक हजार से अधिक प्रतिनिधियो ने लखनऊ में तीन दिवसीय समिट में भाग लिया। प्रेस वार्ता से पूर्व सभाकक्ष में प्रदेश के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म टेलीविजन के माध्यम से दिखाई गयी। उन्होने बताया कि केन्द्र सरकार के लगभग 17 मंत्रियों द्वारा समिट 2023 में भाग लिया गया और केन्द्र-राज्य सहयोग पर अपना विजन साझा किया गया। राज्य सरकार ने 16 देशों के 21 शहरों में अन्तर्राष्ट्रीय निवेशक बैठके आयोजित की। देश के 10 शहरों में रोड शो किया, प्रदेश के सभी 75 जनपदों में जिला स्तरीय रोड शो तथा इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने आईटी/आईटीईएस, डेटा सेण्टर, ईएसडीएम, डिफेंस और एअरो स्पेश इलेक्ट्रिक वाहन, वेयरहाउसिंग एवं लाजिस्टिक्स, पर्यटन, टेक्सटाइल, एमएसएमई सहित कई सेक्टर में निवेश आकर्षित करने के लिए 25 नीतियों को तैयार किया है। इसका उद्देश्य निवेशको के विश्वास को बढाना है। साथ ही वैश्विक व्यापारिक एवं निवेशक समुदाय से सम्पर्क एवं संवाद भी करना है। उन्होने बताया कि व्यापक निवेश सुविधा फ्रेमवर्क के अन्तर्गत निवेश सारथी तथा निवेशमित्र पोर्टल संचालित किया जा रहा है। निवेश सारथी में निवेशक आनलाइन एमओयू साईनिंग इन्टरफेस, आनलाइन प्रोत्साहन प्रबन्धन प्रणाली संचालित की जाती है तथा निवेशमित्र पोर्टल पर स्वीकृतिया/अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किया जाता है। उन्होने बताया कि निवेश सारथी पोर्टल पर कुल 19250 एमओयू हस्ताक्षरित हुए जिसमे से लगभग 170 एमओयू विदेशी कम्पनियों द्वारा किए गये है, जो 685000 करोड़ है।

उन्होने बताया कि प्रदेश में कुल 19250 एमओयू में से 4804 एमओयू पूर्वांचल के है, जो कुल निवेश का 20.49 प्रतिशत है। उन्होने कहा कि गाजीपुर में लखनऊ मे आयोजित यू0पी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 का आयोजन के पूर्व 23 जनवरी 2023 को जनपदस्तरीय इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था। जनपद स्तरीय निवेश कुम्भ मे कुल 20 क्षेत्रो में 222 निवेश प्रस्ताव धनराशि 3032.33 करोड़ एवं सृजित रोजगार 10307 प्राप्त हुए है। जनपद में अबतक कुल 185 एम आ यू विभिन्न क्षेत्रो में हस्ताक्षरित किये जा चुके है जिसमें कुल धनराशि 2620.33 करोड़ तथा 9456 सृजित रोजगार है। उन्होने बताया कि जनपद में सर्वाधिक निवेश प्रस्ताव क्रमशः एम एस एम ई क्षेत्र-104, पशुपालन में क्षेत्र मे 35, सहकारी क्षेत्र में 15, दुग्ध विकास क्षेत्र में 12, अतिरिक्त उर्जा श्रोत क्षेत्र मे 09 स्वास्थ्य क्षेत्र मे 08 पर्यटन में 07 एवं आवास विभाग मे 07 तथा अन्य सभी क्षेत्रो कुल 25 इस प्रकार कुल मिलकार 222 प्रस्ताव है। इस प्रकार जनपद को 300 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त था जिसके सापेक्ष अब तक लक्ष्य से अधिक कुल 10 गुना 3032.33 करोड़ का निवेश प्रस्ताव निवेश सारथी पोर्टल पर पंजीकृत कराया जा युका है। उन्होने बताया कि निवेश परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए रणनीति तैयार कर ली गयी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के स्तर पर त्रैमासिक समीक्षा की जायेंगी। निवेश सारथी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव तथा मण्डलों में मण्डलायुक्त नियमित अनुश्रवण करेंगे। नीतिगत बिन्दुओं का समाधान मुख्य सचिव के निर्देशन में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त करेंगे। निवेशों की समस्याओं का निवारण जिलाधिकारी के नेतृत्व में उपायुक्त जिला उद्योग द्वारा किया जायेंगा। इस दौरान जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, जी एम डी आई सी, जनपद के उद्यमी/निवेशक, अन्य पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

अंबिका दूबे के नेतृत्व में चलाया गया सघन हस्ताक्षर अभियान

गाजीपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं केंद्रीय कर्मचारी संगठन के संयुक्त मंच द्वारा पुरानी पेंशन की बहाली एवं संविदा कार्मिकों के नियमित कर्मचारी का दर्जा दिलाने के लिए मांग को लेकर प्रस्तावित आंदोलन की सफलता के लिए रेलवे स्टेशन, आयकर कार्यालय, मुख्य डाक घर,ओपियम फैक्ट्री सहित विभिन्न केंद्रीय एवं प्रांतीय कार्यालय पर पूर्व जिलाध्यक्ष व संरक्षक अंबिका दूबे के नेतृत्व में जाकर सघन हस्ताक्षर कर अभियान चलाया। कर्मचारी नेताओं ने 21 फरवरी को रेलवे परिसर में आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की । इस अभियान में रेलवे यूनियन के अध्यक्ष रामायण सिंह यादव,विरेंद्र यादव, जय प्रकाश, इं सुरेंद्र प्रताप,सुभाष सिंह,बैजनाथ तिवारी,धर्मेंद्र यादव, इं ओम प्रकाश गुप्ता, इं रोहित कुमार, इं हरीश चंद्र चौरसिया, इं नवीन कुमार, प्रमोद मिश्रा, प्रवीण राय, पंकज कुमार तथा बृजेश यादव सहित परिषद के पदाधिकारियों की पूरी टीम उपस्थित रही।

सचिव ने जेल में बंद बंदियों से की बात, दिया निर्देश

गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को जिला कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर की पूर्णकालिक सचिव कामायनी दूबे द्वारा शिविर का आयोजन एवं जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी एवं उनके यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। जेल अधीक्षक द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कुल 1043 बंदी निरूद्ध है। जिसमें 933 पुरूष, 41 महिला, महिला बंदियों के साथ कुल 2 बच्चे निरूद्ध है व 69 अल्पवयस्क है। सुबह का नाश्ता-दलिया, चाय दोपहर का भोजन-रोटी, चावल, अरहर की दाल, सब्जी (आलू, पालक) शाम का भोजन-रोटी, चावल, चना उर्द की दाल, सब्जी (आलू, फुल गोभी) तथा सायं चाय, बिस्कुट दिया जाता है। सचिव द्वारा पुरूष एवं महिला बैरक का भी निरीक्षण किया गया तथा जेल के कई बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश दिया। सचिव ने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। ठण्ड से बचाव के लिए बैरक में उचित कम्बल एवं कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर कारापाल रविन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का परिणाम घोषित

गाज़ीपुर।वेलफेयर क्लब गाजीपुर के तत्वाधान में गत 4 दिसंबर को जनपद के तीन केंद्रों पर हुए बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता अंतर्गत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का परिणाम शुक्रवार को प्रधान कार्यालय पीरनगर पर क्लब पीआरओ सूर्य रेख मणि तथा परीक्षा प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने घोषित किया। जिसके अनुसार कनिष्ठ वर्ग में सृजन पार्थ तथा आयुष कुमार सिंह सेंट मेरीज कान्वेंट स्कूल संयुक्त रुप से प्रथम, शिवम बरनवाल बाबा टेनी मौर्य इंटर कॉलेज तथा तेजस्वी यादव एवर ग्रीन पब्लिक स्कूल द्वितीय तथा मोहम्मद उमर अंसारी आइडियल पब्लिक स्कूल मोहम्मदाबाद तृतीय पुरस्कार के लिए चुने गए जबकि शिव्या शाह द प्रेसीडियम इंटरनेशनल स्कूल, अनुष्का प्रजापति जीवी पब्लिक स्कूल मैनपुर, श्रेयांश तिवारी ब्लू बर्ड इंटरनेशनल स्कूल, सृष्टि यादव रेनबो मॉडर्न स्कूल नंदगंज को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। इसी प्रकार ज्येष्ट वर्ग में देव कुमार शर्मा सेंट मेरीज कान्वेंट स्कूल तथा राशि पांडे जीसी पब्लिक स्कूल प्रथम, प्रतिभा बिंद लुदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज द्वितीय, नेहा मिश्रा ब्लू बर्ड इंटरनेशनल स्कूल तृतीय, तथा विकास कुमार गौतम चंदनी पब्लिक स्कूल सूरतापुर, शिवम राजभर रेनबो मॉडर्न स्कूल नंदगंज, अंकिता वर्मा लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
वरिष्ठ वर्ग में आराधना प्रजापति लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज तथा राधेश्याम यादव रामदूत इंटरनेशनल स्कूल संयुक्त रुप से प्रथम, सुजीत यादव सनफ्लॉवर कान्वेंट स्कूल नंदगंज द्वितीय, आंचल राय एवरग्रीन पब्लिक स्कूल तृतीय तथा रवि कुमार स्वधर्म इंटर कॉलेज कटयां, प्रियांशु प्रजापति गंगा प्रसाद राम प्रसाद यादव इंटर कॉलेज रूहीपुर को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। क्लब सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कारो का वितरण 26वें वेलफेयर उत्सव में किया जाएगा जब की सांत्वना पुरस्कारों का वितरण विद्यालय के माध्यम से किया जाएगा।
इस अवसर पर क्लब कि महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रिंकू यादव, आय व्यय निरीक्षक डा 0 जितेंद्र कुमार, संजय वर्मा, पवन कुमार पांडेय, राहुल मिश्रा, अजय कुमार, प्रमोद बिंद, रामकुमार विश्वकर्मा, नौशाद अहमद, रामनाथ कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि देते सपा नेता

गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर जननायक एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्टी आरंभ होने के पूर्व पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस गोष्ठी में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि कर्पूरी जी का जीवन हम सबके अनुकरणीय है ,उनका संघर्ष,उनकी सरलता, सादगी और ईमानदारी हमें इस बात का संदेश देती है कि यदि आदमी के अन्दर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में हैं, लोकतंत्र को बचाना जरूरी है क्योंकि लोकतंत्र जिन्दा रहेगा तो गरीब जिन्दा रहेगा। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को एक राजनीतिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई का महान योद्धा बताया। कहा कि वह सरलता और सादगी के पर्याय थे। उनका नाम उन समाजवादी नेताओं की कतार में आता है जिन्होंने निजी और सार्वजनिक जीवन में आचरण के ऊंचे मानदंड स्थापित किए। उन्होंने आजीवन समाज में व्याप्त आर्थिक एवं सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ संघर्ष करते रहे। कर्पूरी ठाकुर का जीवन ताउम्र संघ‌र्षो से भरा पड़ा था। वह लालू जी के राजनीतिक गुरु थे और लोक राज की स्थापना के हिमायती थे। वह बिहार में सामाजिक आंदोलन के प्रतीक थे। वह बिहार की राजनीति में गरीब गुरबों की सबसे प्रबल आवाज थे। इस गोष्ठी में मुख्य रूप से चौथी यादव,निजामुद्दीन खां, सिकंदर कन्नौजिया, सदानंद यादव,देवनाथ कुशवाहा, राकेश यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार यादव, खुर्रम अली,राम अवतार विश्वकर्मा, संदीप यादव,रामनगीना यादव, संतोष यादव, छन्नू यादव, विभा पाल विजय शंकर यादव राममूरत सिंह यादव,आदि उपस्थित थे। गोष्ठी का संचालन लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने किया।

डीएम-एसपी ने तीन परीक्षा केंद्र से पकड़े 6 मुन्ना भाई


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया। दोनों ने नव युवक स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज मैनपुर, रामदास बालिका इण्टर कालेज मेदनीपुर करण्डा, शान्ति निकेतन इण्टर कालेज जेवर, मॉ तू कालिका इण्टर कालेज जखनियॉ सहित कई परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर डबल लॉक में रखे प्रश्नपत्रों के पैकेटों की टेम्परिंग का भी परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर निरीक्षण किया तथा नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेटो को भी परीक्षा के दौरान निरन्तर भ्रमणशील रहकर शान्ति पूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान शान्ति निकेतन इण्टर कालेज जेवर में एक छात्र एवं मॉ तू कालिका इण्टर कालेज जखनियॉ में परीक्षा के दौरान तीन छात्रो द्वारा दूसरे विद्यार्थी का पेपर देते हुए पकडे जाने पर घोर नाराजगी व्यक्त करते हुए छात्रो के उपर एफ आई आर दर्ज कराने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया। इसके अतिरिक्त हिन्दू इण्टर कालेज जमानियॉ में केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा परीक्षा में 2 छात्रो द्वारा दूसरे की परीक्षा देते हुए पकड़े जाने पर सुशंगत धाराओ में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा गया। जनपद में 253 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र पर सुपर विजन के लिए 253 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 35 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 11 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

प्रथम पाली हाईस्कूल की परीक्षा में छात्र/छात्राओ की टोटल संख्या-85383 थी जिसमें संस्थागत 13126 एवं व्यक्तिगत 35 छात्र/छात्राए परीक्षा में अनुपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेने के दौरान कहा कि जिले में प्रत्येक दशा में नकल विहीन परीक्षा करायी जायेगी, यदि इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जायेगी। कहा कि जिन परीक्षा केन्द्रों पर नकल कराते पाया गया तो सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों को ब्लैक लिस्टेट किया जायेगा। उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट/केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया है कि परीक्षा केन्द्रों के अन्दर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है, इसका पूर्णतः ध्यान रखा जाए। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रो के आस पास स्थित कम्प्यूटर, फोटो कापी की दुकानें भी बन्द रखी जाएं, इसका पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने उक्त विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक को देखा। उन्होंने संबंधित प्रधानाचार्याे को निर्देश दिया कि परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न कराना है। इसको देखते हुए सीसीटीवी कैमरे पूर्णतया संचालित रहें इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक विद्यालय में स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा पर पूरी नजर रहेगी सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न करायी जाए।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने किया शपथ ग्रहण

गाजीपुर। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन का शपथग्रहण समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अधिवक्ता समाज की भूरि भूरि प्रसंशा करते हुए कहा कि बार और बेंच सबको मिलकर वादकारियों के हित में ईमानदारी और पूरी लगन से काम करने की जरूरत है।।विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी वित्त अरुण कुमार सिंह ने भी सभी अधिवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने समारोह में आये सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बार और बेंच के बीच समन्वय बनाने का पूरा प्रयास करूंगा और अधिवक्ताओं के हक में जैसी भी जरूरत पड़ेगी संघर्ष करने का काम करूंगा। अधिवक्ताओं के मान सम्मान की रक्षा हर कीमत पर करूंगा।
आर्डर कमेटी के चेयरमैन बालेश्वर सिंह ने भी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से चर्चा किया।
शपथग्रहण समारोह में मुख्य रूप से धन्नजय सिंह, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, अनिल सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, राकेश श्रीवास्तव, अनिल सिंह बागी, सत्येन्द्र सिंह, चन्द्रप्रकाश सिंह, यशवंत सिंह , रमेश राय आदि उपस्थित थे।
नवनिर्वाचित महामंत्री राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी समारोह में आये सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिला अस्पताल में पीड़ित बच्चो का किया गया नि:शुल्क इलाज

जिला अस्पताल ग़ाज़ीपुर में क्लब्फूट (टेढ़े- मेढ़े पंजे) पीड़ित बच्चो का किया गया नि:शुल्क इलाज ।

महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कालेज से संबंध होने से जिला अस्पताल मे मिलने सुविधाएं बढ़ रही है

  • जिला अस्पताल में 8 क्लब्फुट के बच्चों का निःशुल्क इलाज पोनेसेटी मेथड से प्लास्टर लगाया गया ।

ग़ाज़ीपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से जिला अस्पताल गाजीपुर में अब तक 75 बच्चो का नि:शुल्क इलाज किया जा चुका है।.जो की क्लबफुट (टेढ़े पंजे) से पीड़ित थे । जिला अस्पताल के हड्डी विभाग मे कार्यरत डॉ० सतीश सिंह तथा डॉ० के के यादव द्वारा 8 बच्चो का बुधवार को पोनसेटी मेथड से प्लास्टर लगाया गया। डॉ० सतीश सिंह ने बताया कि इन बच्चो के पैर सीधे हो जाने पर जल्द बच्चो का टेनोटॉमी(छोटा आपरेशन) किया जाएगा और फिर ये बच्चे ब्रेस (विशेष प्रकार के जूते ) पहन पाएंगे। डॉ० के के यादव ने बताया कि क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है जन्म के समय से ही बच्चो के पैर का पंजा मुड़ा हुआ होता है। उन बच्चों के पैरों के उपचार के लिये पोंसेटी तकनीकी के सहयोग से क्लब फुट का उपचार संभव है। अनुष्का फाउंडेशन के ब्रांच मैनेजर ने बताया की बच्चे के पैर को धीरे-धीरे बेहतर स्थिति में लाना है और फिर इस पर एक प्लास्टर चढ़ा दिया जाता है, जिसे कास्ट कहा जाता है। यह हर सप्ताह 5 से 8 सप्ताह तक के लिए दोहराया जाता है। आखिरी कास्ट पूरा होने के बाद, अधिकांश बच्चों के टेंडन को ढीला करने के लिए एक मामूली ऑपरेशन (टेनोटॉमी) की आवश्यकता होती है। यह बच्चे के पैर को और अधिक प्राकृतिक स्थिति में लाने में मदद करता है। जिससे पैर अपनी मूल स्थिति पर वापस न आ जाए। फिर बच्चा 4 सालो तक ब्रेस या विशेष प्रकार के जूते पहनता है जो की अनुष्का फाउंडेशन द्वारा नि:शुल्क दिया जाता है। अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एक्जिक्यूट आनंद कुमार ने बताया कि 0 – 2 साल तक के बच्चे इस नि:शुल्क इलाज का लाभ ले सकते है हमारे संस्था के द्वारा बच्चो के प्लास्टर में लगने वाला जिप्सोना तथा और ब्रेस ( विशेष प्रकार का जूता ) नि: शुल्क प्रदान किया जाता है।कभी-कभी इस प्रक्रिया के काम नहीं करने का मुख्य कारण यह होता है कि ब्रेसिज़ (विशेष प्रकार के जूते) लगातार उपयोग नहीं किये जाते हैं। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि आपका बच्चा लंबे समय तक विशेष जूते और ब्रेसिज़ आमतौर पर तीन महीने के लिए पूरे समय और फिर रात में पहनाने होते है।

मानसिक रोगियों का हुआ ईलाज

गाजीपुर। शासन के मंशा के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य देख-रेख अधिनियम के अनुपालन एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद पर वृहद मानसिक स्वास्थ्य ओपीडी डा0 नवीन कुमार सिंह साईक्राईटी एवं उनकी टिम के द्वारा क्षेत्र से आए 43 मरीजों का उपचार किया गया। जिसमे परामर्श एवं अन्य आवश्यक सलाह भी दिया गया। इस ओपीडी सेवा में मानसिक रोग से ग्रसित व्यक्तियों एवं मंद बुद्धि बालको को अधिक से अधिक मानसिक सेवाओं का लाभ दिया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के ओपीडी के लिए क्षेत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया था। जिसके तहत उक्त दिवस पर कुल 43 मरीज पहुंचे जिनका डॉ नवीन सिंह एवं उनकी टीम के द्वारा इलाज एवं परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया की उक्त दिवस पर हर तरह के टेंशन, सर दर्द, माइग्रेन (अधकपारी), काम में मन न लगना मन उदास, अकेलापन आत्म हत्या का विचार आना, अकेले बुदबुदाना, वेवजह बात करना, नींद का न आना या बार बार नींद खुल जाना, बुढ़ापे में याददाश्त की कमी, मन्दबुद्धि बच्चों में चिड़चिड़ापन , पढ़ाई में मन न लगना, बार बार हाथ पैर धोना ज्यादा सफाई,एक ही विचार बार बार आना, हिस्टीरिया, शराब, गांजा, तम्बाकू, भाग, चरस , स्मैक आदि, सेक्स में रूचि न होना , शीघ्र पतन, दांत की समस्या, हबराहट , बेचैनी, चिन्ता, आवश्यक डर लगना, बार बार बेहोशी, तथा बच्चों एवं बुजुर्ग की व्यवहारिक समस्या इत्यादि से ग्रसित का उपचार, परामर्श इत्यादि किया गया। इस तरह के लक्षण हो तो उपचार कराएं। गांव में झाड़-फूंक, ओझा के चक्कर में न पड़ें। इसके लिए जिला मानसिक स्वास्थ्य की टीम जिला अस्पताल में उपचार के लिए मुस्तैद रहती है। यहां मानसिक रोगियों के लिए काउंसिलिग की भी सुविधा है। जिसमे ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार, फार्मासिस्ट इमरान, बीसीपीएम मनीष कुमार, डा0 पी पी सिंह , बब्लू यादव, आशुतोष पाण्डेय, इत्यादि एवं सतीश कुमार नर्स सहयोग में रहे।