Category Archives: Ghazipur

पर्यावरण संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी:डीएम

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 से 21 जून 2026 के मध्य, प्रदेश में समेकित जन-कल्याण एवं जन- जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रधानमंत्री की अपील के अनुसार सम्पूर्ण प्रदेश में ‘‘एक पेड़ मॉं के नाम‘‘ अभियान के अन्तर्गत आज सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने पौधरोपण किया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा कल हमारे बच्चों को स्वच्छ हवा देगा। उन्होने जनपद के सभी नागरिकों से अपील किया कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और लगाए गए पौधों की देखभाल भी करें।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि, मिशन लाइफ के तहत हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव लाना होगा। जल बचाना, प्लास्टिक का कम उपयोग और वृक्षारोपण इसी का हिस्सा हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर चल रहे पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता जरूरी है।
प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने बताया की मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में 5 करोड़ पौध रोपण हेतु आह्वान किया गया है। उन्होने बताया कि जनपद गाजीपुर में 7.06 लाख पौधरोपण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके क्रम में जनपद गाजीपुर में वन विभाग को 68,000, ग्राम्य विकास विभाग को 4,28,000, उद्यान विभाग को 71,000, पंचायती राज विभाग को 29,000, कृषि विभाग को 1,07,000 एवं नगर विकास को 3000 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। जनपद गाजीपुर के सभी विभागों द्वारा बढ़-चढ़कर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम किया किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।

डीएम की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की हुई समीक्षा बैठक

डीएम की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की हुई समीक्षा बैठक

गाजीपुर।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी द्वारा योजनान्तर्गत वित्तिय वर्ष 2026-27 के अन्त तक जनपद गाजीपुर के कुल 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप की स्थापना लक्ष्य के सापेक्ष वर्तमान में जनपद में कुल 3479 सोलर रूफटॉप स्थापना कार्य पूर्ण होने के संबंध में अवगत कराया गया। जिसके उपरान्त वर्तमान में बैंकों में कुल 1088 लम्बित लोन पत्रावलियों के संबंध में जिलाधिकारी को बताया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित बैंक शाखाओं में लम्बित पत्रावलियों के संबंध में रोष व्यक्त करते हुए बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी प्रबंधक एवं समस्त बैंकों के जिला समन्वयकों को विशेष अभियान चलाकर एवं संबंधित बैंक शाखाओं में सम्पर्क कर 01 माह से अधिक दिनों की लम्बित पत्रावलियों को 03 दिवस में तथा 01 माह के अन्दर की लम्बित लोन पत्रावलियों को 07 दिवस में आवश्यक कार्यवाही कर उनका डिस्बर्सल सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए तथा यह भी निर्देशित किया गया कि अनावश्यक किसी भी पत्रावलियों का रिजेक्शन बैंक शाखाओं द्वारा न किया जाए, लोन निर्गमन में बैंक शाखाओं द्वारा अनावश्यक बिलंब अथवा हीला-हवाली करने वाले शाखा प्रबन्धको को चिन्हित कर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु संबंधित बैंक मुख्यालय को पत्र प्रेषित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त अधिशासी अभियन्तागणों को विद्युत विभाग के अन्तर्गत इंस्पैक्शन कार्य को पोर्टल पर 03 दिवसों के अन्दर समाप्त करने तथा मीटर की स्थापना, कान्फीग्रेशन कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही विद्युत बिल संशोधन के कार्यों हेतु समस्त डिविजनों पर मेगा कैम्प आयोजित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त वेण्डरों को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रमुख सार्वजनिक जगहों यथा- तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों एवं विद्युत वितरण खण्ड/उपखण्डों पर कैम्प के माध्यम से लोगों को योजनान्तर्गत सोलर रूफटॉप की स्थापना कराए जाने के संबंध में जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार भी किए जाए। बैठक में आलोक प्रसाद मुख्य विकास अधिकारी, सच्चिदानन्द तिवारी, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, राजदेव कुमार, जिला अग्रणी प्रबंधक (बैंक), समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, समस्त अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड /मीटर परीक्षण खण्ड-गाजीपुर, पीयूष कुमार, जी०एम०आर० स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि, समस्त जिला समन्वयक राष्ट्रीयकृत बैंक, गाजीपुर, एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

दादी के निधन पर पत्रकारो ने दी श्रंद्धाजलि

दादी के निधन पर पत्रकारो ने दी श्रंद्धाजलि

गाजीपुर। पत्रकार शिवप्रताप तिवारी भोलू की दादी आरती तिवारी उम्र 90 वर्ष पत्नी स्व0 सिद्धान्त तिवारी का निधन सोमवार 1 जून को हो गया। जिससे पत्रकार जगत मर्माहत है। जिसपर गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के कचहरी स्थित कार्यालय पर बुधवार को एक शोकसभा किया गया। जिसमें पत्रकार अनिल उपाध्याय, सूर्यवीर सिंह, विनोद गुप्ता, आशुतोष त्रिपाठी, विनय तिवारी, शशिकान्त तिवारी आदि ने स्वर्गीय आरती तिवारी को भावभीनी श्रद्धाजंलि दी।

इसकी जानकारी देते हुए शिवप्रताप ने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकार स्व0 सिद्धान्त तिवारी के चार पुत्र है सबसे बड़े अरविन्द तिवारी जो हनुमार मंदिर के पुजारी है दूसरे पुत्र मान्यता पत्रकार स्व. अनिल तिवारी थे जिनका निधन पहले हो चुका है। तीसरे नम्बर के गुडडू तिवारी व चौथे नम्बर के अजय कुमार तिवारी सिविल बार संघ गाजीपुर के अधिवक्ता व स्वयंसेवक है। दो पुत्रियो व एक पोता की शादी हो चुकी है। नाती पोतो से भरापुरा परिवार छोड़ गयी। इनकी अन्तेष्टी सोमवार को नगर के गंगा किनारे स्थित श्मशानघाट पर सांय काल छोटे पुत्र अजय कुमार तिवारी ने मुखाग्नि देकर किया। अन्तिम यात्रा में नगर के संभ्रान्त नागरिक व पत्रकार, अधिवक्ता, संघ के स्वयंसेवक, समाजसेवी उपस्थित रहे।

डीएम ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली का औचक निरीक्षण

डीएम ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली का औचक निरीक्षण

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ब्लाक देवकली में कार्यशाला के उपरान्त  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सक/स्टाफ रजिस्टर, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी तथा वार्डों का निरीक्षण। निरीक्षण के उपरान्त उपस्थित चिकित्सक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन

डीएम की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खण्ड सैदपुर एवं देवकली में स्वयं सहायता समूह सदस्यों के आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए समूह सदस्यों को इन योजनाओं से अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, उद्योग, एवं अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न ऋण योजनाओं, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि (ब्प्थ्) एवं रिवॉल्विंग फंड आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समूह सदस्यों को सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूहों एवं समूह सदस्यों से संबंधित ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में किसी प्रकार का अनावश्यक विलम्ब न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि समूह सदस्यों के ऋण प्रकरणों में विलम्ब अक्षम्य माना जाएगा तथा बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी ने विकास खण्ड सैदपुर में पौधरोपण किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र समूहों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा समूहों को प्रशिक्षण, विपणन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएं साथ ही उपस्थित समूह सखियों एवं अन्य कैडरों को निर्देशित किया कि उक्त कार्यशाला में जो जानकारी प्राप्त की हैं, वे अपने-अपने ग्राम पंचायत में समूह सदस्यों को इन योजनाओं के संबंध में जागरूक करेंगी व लाभान्वित कराएंगी । उक्त के अतिरिक्त कार्यशाला में समूह सदस्यों द्वारा अपनी समस्याएं बताई गयी, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यशाला में उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उप कृषि  निदेशक, अग्रणी जिला प्रबन्धक, स्थानीय बैंकर्स एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समूह सदस्यों द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया गया।

बीएमएस के जिला कार्यकारिणी का हुआ गठन

बीएमएस के जिला कार्यकारिणी का हुआ गठन

गाजीपुर। भारतीय मजदूर संघ की ओर से शहर स्थित एक होटल में जिला अधिवेशन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी हित में हमें एक होकर कार्य करना होगा, और मैं सदैव कर्मचारी हित के लिए अपने संगठन भारतीय मजदूर संघ के माध्यम से विरोध व धरना प्रदर्शन कर कर्मचारी हित के निस्तारण का कार्य कराता रहूँगा। क्षेत्रिय सचिव राकेश पांडेय ने कहा कि हमें एक होकर सरकार के खिलाफ लड़ना होगा जब हम एक होंगे तभी सरकार हमारी बात सुनेगी।
इस दौरान नई जिला कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। जिसमे अध्यक्ष वाल्मीकि शर्मा, जिला मंत्री दीपक राय, संरक्षक यूपी राय, चंद्रमोहन उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र राय, कार्यवाहक अध्यक्ष मोइम खान, उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जयवीर, नंदलाल यादव, विजय कृष्ण, प्रमिला, संयुक्त मंत्री उमेश यादव, अजीत पाल, विपिन रावत एवं प्रचार मंत्री छाया राय व कोषाध्यक्ष पी. के. राय बने । कार्यक्रम में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार करते हुए भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिजनों से की मुलाकात

जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मिला पीड़ित परिजनों से

गाजीपुर।जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजी) की जिला कमेटी के अध्यक्ष गुड्डू केसरी के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल बिंदु होटल के मालिक आलोक राय से उनके पुत्र विनीत राय के निर्मम हत्या के उपरान्त दुःख प्रगट करने आज उनके निवास अष्टभुजी कॉलोनी पहुंचा। जिलाध्यक्ष गुड्डू केशरी ने उनको भरोसा देते हुए कहा की गाजीपुर का सभी ट्रेड के लोग आपके साथ है और जरूरत पड़ने पर पीछे हटने वाले नहीं हैं जिला महामंत्री प्रिंस अग्रवाल ने कहा की प्रशासन यदि शीघ्र कोई गिरफ्तारी नहीं करता है तो व्यापार मंडल सभी संगठन को साथ लेकर के जिला प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। ट्रांसपोर्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन यदि समय रहते हुए इन गिरोहों पर अंकुश लगाता तो आज यह हादसा नहीं होता।फोटोग्राफर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुधीर केसरी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से निरंकुश हो गया है और यहां के कुछ अधिकारी भ्रष्ट हो गए हैं जिन पर लगाम लगाया जाना बहुत जरूरी है उनकी जांच होकर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, राइस मिल एसोसिएशन के श्रवण कुमार सिंह सिप्पू ने कहा कि भाजपा सरकार में इस तरह की घटना होना निन्दनीय हैं और सरकार की जीरो टोलरेंस पर तमाचा है इसकी मॉनिटरिंग स्वयं योगी जी को करते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, सब्जी मंडी समिति के अध्यक्ष अतीक अहमद राइनी ने कहा की ऐसे कु कृत्य करने वाले अपराधियों की समाज में कोई जगह नहीं है। मिलने संवेदना प्रगट करने वालों में नगर महामंत्री आकाशदीप, राजेश गुप्ता, विक्की गाजी,जिला उपाध्यक्ष कमरू जमा अंसारी, मैनुद्दीन भाई, अरुण कुमार जायसवाल आदि रहे।

ट्रांसफार्मर बदला, ग्रामीणों को मिली राहत

12 दिन बाद बदला ट्रांसफार्मर, महेशपुर द्वितीय के ग्रामीणों को मिली राहत

गाज़ीपुर। जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा महेशपुर द्वितीय में पिछले 12 दिनों से जला पड़ा ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित थी, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीण लगातार समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे, लेकिन कई दिनों तक स्थिति जस की तस बनी रही। इस बीच गांव के गुलाब यादव (शिक्षामित्र), मिथिलेश यादव, हरिशंकर पांडेय, रितेश मास्टर, मुनीब यादव, विकास यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने लखनऊ में मौजूद समाजसेवी रवि प्रकाश पांडेय को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद रवि प्रकाश पांडेय ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों की ओर से बताया गया कि बकरीद के मद्देनज़र कर्मचारी विभिन्न व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं, हालांकि स्थानीय सहयोग मिलने पर कार्य शीघ्र कराया जा सकता है।

इसके बाद रवि प्रकाश पांडेय स्वयं लखनऊ से गांव पहुंचे और लगातार दो दिनों तक विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर ट्रांसफार्मर बदलवाने के प्रयास में जुटे रहे। अंततः गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

मीडिया से बातचीत में रवि प्रकाश पांडेय ने कहा कि उनका व्यवसाय लखनऊ में संचालित होता है, लेकिन गांव और ग्रामवासियों से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और उनका प्रयास रहता है कि जरूरत पड़ने पर लोगों के साथ खड़ा रहा जाए।

उन्होंने बिजली विभाग के जेई चंदन यादव एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बलिया सांसद सनातन पांडेय द्वारा गांव में 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की पहल की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि 20 जून तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद लो-वोल्टेज की समस्या से भी स्थायी राहत मिल सकेगी।

ट्रांसफार्मर बदलने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।

कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजामों के बीच बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न

कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजामों के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल एवं नकलविहीन सम्पन्न

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार को जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा को स्थानीय स्तर पर सुचारू रूप से संचालित कराने की जिम्मेदारी निभा रहे गाजीपुर जनपद के नोडल समन्वयक एवं पी० जी० कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 35 केंद्र बनाए गए थे, जहाँ कुल 15,340 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।


यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 14,014 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,326 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 14,023 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1,317 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता और गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा प्रत्येक केंद्र पर दो ऑब्जर्वर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जबकि पूरी परीक्षा पर पैनी नजर रखने के लिए 18 केंद्र प्रतिनिधियों की भी नियुक्ति की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। वर्तमान में जारी भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं के भी पुख्ता इंतजाम रहे।


परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय और उप नोडल अधिकारी प्रोफेसर विजय कुमार राय के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से आए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ० दिलीप कुमार, डॉ० राजेन्द्र कुमार एवं डॉ० विनोद कुमार बौद्ध ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। परीक्षा के सफल और निर्विघ्न समापन पर नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने गाजीपुर जिला व पुलिस प्रशासन, सभी केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, पर्यवेक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

“मन की बात” के 134 वे संस्करण के प्रसारण को भाजपा पदाधिकारीयों कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उत्साह पूर्वक सुना

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 134 वे संस्करण के प्रसारण को भाजपा पदाधिकारीयों कार्यकर्ताओं तथा आम जनता ने उत्साह पूर्वक बूथ स्तर पर सुना।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के गौसपुर के बूथ संख्या 66 पर पार्टी कार्यकर्ताओं व बूथ पदाधिकारियों संग सुनते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान भारतीय राजनीति के देव पुरूष है जिनके नेतृत्व मे देश की जनता को पूरा भरोसा और विश्वास है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का उनसे हृदयस्पर्शी गहरा लगाव का प्रभाव “मन की बात” कार्यक्रम में दिखाई देता है।इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने गाजीपुर सदर विधानसभा के नगर मंडल में कपूरपुर बूथ पर मंडल अध्यक्ष प्रीति गुप्ता के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताम्र पट्टीकाओं के उल्लेख मे राज राजा चोल का उल्लेख कर इतिहास की मजबूती की बात करते हुए देश की मजबूत संस्कृति का उदाहरण बताया और उन्होंने जो आह्वान किया कि एक विडियो जरूर देखिएगा जिसमें एक गंगा डॉल्फिन को बचाने की कोशिश जिसमें 13 घंटे लगे लेकिन बचाने वाली टीम को सफलता मिली और एक जीवन बच गया । निश्चित उनकी जीवो के प्रति दया का भाव प्रकट होता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जखनियां विधानसभा के मनिहारी प्रथम मंडल के बरहट बुथ 362 पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। विधानसभा जखनिया के मंडल मनिहारी प्रथम के बूथ संख्या 362 पर बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के साथ सुना।और मन की बात सुनने के बाद बूथ की बैठक कर बूथ समिति के दायित्व तथा उनके कार्यों पर चर्चा किया।और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के विविध आयामों से जनसामान्य को जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या-290 पर मन की बात सुन कर कहा कि समाज के अनाम नायकों, नवाचारों, पर्यावरण ,संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाया है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने गाजीपुर सदर विधानसभा के 167 सकरताली बूथ पर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने नगर के वंशीबाजार, दयाशंकर पांडेय ने देवकली, सुरेश बिंद ने मिरनपुर सक्का बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना।