Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलेगा एमडीए अभियान

    फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलेगा एमडीए अभियान

    फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनपद में 10 अगस्त से चलेगा एमडीए अभियान

    मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई प्रथम अंतर्विभागीय बैठक

    अभियान की तैयारियों व सभी विभागों के समन्वय के बारे में ली जानकारी

    सीडीओ की अपील – फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूरी

    गाज़ीपुर। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम 10 अगस्त से शुरू होकर दो सितंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए शासन एवं स्वास्थ्य विभाग काफी सक्रिय हो चुका है और तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में प्रथम जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
    राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद के समस्त ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा वितरण (एमडीए) कार्यक्रम 10 अगस्त से संचालित किया जाएगा। इसमें आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अपने समक्ष कराएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए समस्त अधिकारी और कर्मी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने अपील की है कि फाइलेरिया से बचने के लिए हर साल चलने वाले एमडीए राउंड के दौरान दवा का सेवन अवश्य करें। इस दवा का सेवन एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और अति गंभीर बीमार को छोड़कर सभी को करना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि एमडीए अभियान में जनपद की शत प्रतिशत लक्षित आबादी को फाइलेरिया बीमारी से बचाव के लिए उम्र के अनुसार एमडीए दवा का सेवन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समक्ष कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दवा का सेवन एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और अति गंभीर बीमार को छोड़कर सभी को करना है। लगातार पांच वर्षों तक साल में एक बार दवा खाने से इस बीमारी के होने से रोकने या नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
    कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने बताया कि एमडीए दवा का सेवन कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित आईसीडीएस, पंचायती राज व ग्राम विकास, जिला विधालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, आपूर्ति, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, आजीविका, आईएमए, सूचना अधिकारी आदि का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, पाथ, पीसीआई, सीफार, चाई व अन्य स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
    जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षक, ग्राम प्रधान, नगर पालिका व नगर पंचायत कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एमडीए की दवा फाइलेरिया के परजीवियों को नष्ट करने के साथ पेट के अन्य कीड़ों व समस्याओं को दूर करने में भी मदद करती हैं। इसलिए सभी लोग इस दवा का सेवन करें जिससे वह इस बीमारी से बच सकें। एक साल से कम आयु के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को इन दवाओं का सेवन नहीं करना है। दवा को चबाकर खाना है। खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना है।
    डीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया बीमारी मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होती है। यह बीमारी मुख्यतः व्यक्ति के शरीर के चार अंगों जैसे पैर, हाथ, अंडकोष और महिलाओं का स्तन को प्रभावित करती है। शुरुआत में इस बीमारी के कोई लक्षण नहीं देते हैं। इसके लक्षण दिखने में 10 से 15 साल लगते हैं। इसलिए सभी को फाइलेरिया की दवा खाना बेहद जरूरी है। जिससे उचित समय पर ही इसकी रोकथाम की जा सके। बताया कि फाइलेरिया की जाँच रात के समय होती है। जांच के लिए रक्त की स्लाइड रात में बनायी जाती है, क्योंकि इसके परजीवी दिन के समय रक्त में सुप्तावस्था में होते हैं और रात के समय सक्रिय हो जाते हैं।
    बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष व महिला), समस्त एसीएमओ, अंधता निवारण, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, मलेरिया व सर्विलान्स अधिकारी, जिला आपूर्ति, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, सूचना, बेसिक शिक्षा व अन्य विभागों के अधिकारी, आईएमए अध्यक्ष, डीपीएम, सहायक मलेरिया अधिकारी सहित यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ, पाथ, पीसीआई, सीफार, चाई संस्था के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • मंजुला सिंह ने ग्रामीण अंचलों में परखा स्वास्थ सेवा

    मंजुला सिंह ने ग्रामीण अंचलों में परखा स्वास्थ सेवा

    मंजुला सिंह ने ग्रामीण अंचलों में परखा स्वास्थ सेवा

    गाजीपुर। स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण अंचलों तक पहुचाने और उसमें सुधार लाने के लिए शासन की तरफ से लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। इसी क्रम में वाराणसी मंडल की अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. मंजुला सिंह ने सीएचसी सैदपुर के मौधा हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहा पर तैनात सीएचओ आरिफा अंजुम से ओपीडी, संजीवनी ओपीडी एवं एनसीडी के बारे में जानकारी ली और अभिलेखों को खंगाला। अपर निदेशक के केंद्र पर पहुंचते ही हड़कंप मच गई। उन्होंने आवश्यक जानकारी ली और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में पूछताछ किया। इस दौरान उन्होंने बताया की सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले,इस बात का ध्यान रखा जाए। अपर निदेशक ने कहा कि जरूरतमंद रोगियों तक इस केंद्र की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए जनपद से गम्भीर बीमारियों के चिन्हित रोगियों की सूचना से भी केंद्र को अवगत कराया जाए। आरएम मृगेंद्र, डीसीपीएम ,सीएचसी सैदपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा. संजीव सिंह आदि थे।

  • जल्द पकड़े जाएंगे ट्रिपल मर्डर केस के हत्यारोपी: एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक

    जल्द पकड़े जाएंगे ट्रिपल मर्डर केस के हत्यारोपी: एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक

    जल्द पकड़े जाएंगे ट्रिपल मर्डर केस के हत्यारोपी: एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक

    गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसम्ही कला गांव में ट्रिपल मर्डर केस की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे एमएलसी प्रतिनिधि डॉ प्रदीप पाठक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वार्ता किया और दोषियो के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा। ज्ञात हो की रविवार की रात में हुवे कुसुम्ही कला में सनसनीखेज वारदात के तहत बेखौफ बदमाशों ने तीन लोगों की गला काटकर हत्या कर दी। पति पत्नी और उनके नौजवान बेटे की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गये। बदमाशों ने इस ट्रिपल मर्डर केस को उस समय अंजाम दिया जब तीनों घर में सो रहे थे। कुसुम्ही कलां गांव निवासी 45 साल के मुंशी बिन्द उसकी पत्नी 40 वर्षीया देवंती और बेटे 20 साल के रामाशीष की बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी। बदमाशों ने घटना को रात मे उस समय अंजाम दिया जब तीनों घर मे सो रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। इस मामले की तफ्तीश में पुलिस जुट गयी है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें हर एंगल से मामले की तफ्तीश मे जुटी हुई हैं। एमएलसी प्रतिनिधि ने वहाँ उपस्थित ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए बताया की पोस्‍टमार्टम किया जा रहा है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगा दी गयी है जल्‍द ही अपराधी गिरफ्तार हो जायेंगे। इस अवसर पर प्रधान राम किशुन बिंद, जिला पंचायत सदस्य भोला बिंद, दया यादव, संजय सिंह धुष्का एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे ।

  • चलाया जाएगा विद्यालय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह अभियान: बीएसए हेमंत राव

    चलाया जाएगा विद्यालय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह अभियान: बीएसए हेमंत राव

    चलाया जाएगा विद्यालय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह अभियान: बीएसए हेमंत राव

    गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव ने बताया है कि विद्यालय में सर्तकता एवं सुरक्षा के उदे्श्य से विद्यालय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है। जिसमें सुरक्षा सम्बन्धी बिन्दुओं का पालन करने हेतु छात्रों, अध्यापकों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबन्ध समिति, ग्राम प्रधान व अन्य स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मिलित करते हुए विद्यालय में जुलाई माह के द्वितीय सप्ताह 8 से 13 जुलाई 2024 तक जागरूकता सप्ताह के अन्तर्गत कार्य किये जाने है। विद्यालय में रोस्टरवाइज प्रत्येक गतिविधियो के समय सभी शिक्षकों में दायित्व का बटवारा कर दे, जिससे विद्यालय का प्रत्येक छात्र विद्यालय अवधि तक शिक्षकों की निगरानी में रहे, किसी भी दशा में कक्षाएं जर्जर भवन में संचालित न हो तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई छात्र जर्जर भवन के तरफ न जाये, विद्यालय के निकट तालाब होने की स्थिति में प्रत्येक शिक्षक का यह दायित्व होगा कि वे सुनिश्चित करे कि कोई भी छात्र तालाब के निकट न जाने पाये, विद्यालय भवन के उपर हाईटेंशन तार गया है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए हाईटेशन तार को हटवाने की कार्यवाही प्रारम्भ कर दी जाय, यदि विद्यालय सड़क के किनारे अवस्थित है तो शिक्षक विद्यालय अवकाश के समय खुद छात्रों को सड़क पार कराये, छात्रों के विद्यालय आने के समय शिक्षक जरूर विद्यालय पहुँचे। समस्त शिक्षक शासन द्वारा निर्धारित समय सारणी का अनुपालन सुनिश्चित करे तथा छात्रों को अवगत कराये कि वे विद्यालय के निर्धारित समयानुसार विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में अवस्थित उपकरणों/संयंत्रों में करंट की संभावना, हैण्डपम्प, किचेन, एम0डी0एम0/राशन की साफ-सफाई, गैस सिलेंडर में रिसाव, छिपकली या अन्य कोई कीड़ा खाना पकाने और खाना रखने के स्थान को प्रत्येक शिक्षक छात्रों के सुरक्षा की दृष्टि से सर्तकता दिखाते हुए उनका आवश्यक रूप से ध्यान रखें। शौचालय, मूत्रालय की साफ- सफाई आदि पर विशेष ध्यान दिया जाय तथा विद्यालय परिसर में कीड़े मकोड़े, सांप, बिच्छू आदि तो नहीं है, यह अवश्य सुनिश्चित कर ले, विद्यालय में यदि कोई निर्माण कार्य चल रहा हो तो अध्यापक विशेष रूप से ध्यान रखे कि निमार्ण वाले स्थान पर कोई भी छात्र- छात्रा न जाने पाये, विद्यालय में मीना मंच व स्काउट के बच्चों के सहयोग से अन्य छात्रों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य करें, मान्यता प्राप्त विद्यालयों में यदि विद्यालय द्वारा छात्रों को विद्यालय से घर आने जाने में किसी वाहन का प्रयोग किया किया जा रहा है तो खण्ड शिक्षा अधिकारी यह अवश्य सुनिश्चित कर लें कि उनकी फिटनेस सत्यापित रहें, विद्यालय में छात्रों के बीच सुरक्षा जागरूकता के उदे्श्य से विभिन्न मानक बिन्दुओं पर निबन्ध, चित्रकला, भाषण एवं वाद विवाद व रंगोली इत्यादि की प्रतियोगिता आयोजित करे, जिसमंे प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को विद्यालय, न्याय पंचायत व ब्लॉक स्तर पर पुरस्कृत करे। इसके अतिरिक्त विद्यालय सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्ेश्य से विद्यालय में बच्चों, अध्यापकों, अभिभावकों, स्थानीय प्रबुद्ध जन, विद्यालय प्रबन्ध समिति एवं ग्राम प्रधान गण की उपस्थिति में विद्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कराये जिससे सभी के मध्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर बृहद चर्चा करें व प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को पुरस्कार वितरित करते हुए उसके फोटोग्राफ ब्लॉक के माध्यम से जनपद तक पहुंचाये।

  • सीवर पाइपलाइन कार्य के कारण हो रहा नगर में जल जमाव : विनोद अग्रवाल

    सीवर पाइपलाइन कार्य के कारण हो रहा नगर में जल जमाव : विनोद अग्रवाल

    बारिश ने खोल दी सीवर पाइपलाइन कार्य की पोल

    सीवर पाइपलाइन कार्य के कारण सड़के बनी तालाब

    गाजीपुर। शहर में चल रहे सीवर पाइपलाइन के चलते बारिश का पानी नगर में हर जगह इकट्ठा हो गया जिससे आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जल निगम द्वारा पाइप लाइन और उसका चेंबर बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे से नगर पालिका क्षेत्र के सड़कों का बुरा हाल हो गया है। मेन बाजार सहित सड़कों में बरसाती पानी से सड़क व गली लबालब हो गईं। बरसाती पानी के साथ नालों व नालियों का गंदा पानी भी सड़कों पर आ गया। पानी निकालने के लिए दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बता दें कि नगर में कल शनिवार को शाम 4:30 बजे से शुरू हुई बारिश 5 बजे तक लगातार जारी रही। सुबह से ही नगर का बाजार, गली, चौराहा,  सड़कें नाले, नालियां और चौक सीवर पाइपलाइन कार्य के चलते लबालब भरी रही। बारिश के कारण नगरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और पाइप लाइन कार्य के कारण वाहनों को निकलने में दिक्कतें होती रही। लोगों को गड्ढों व नालियों का अंदाजा जलभराव में नहीं हो पा रहा था। आसपास के लोग राहगीरों को चिल्लाकर सावधान कर रहे थे।

    नगर में कुछ जगहों पर सीवर पाइपलाइन का कार्य होने के बाद सड़कों को तो ठीक कर दिया गया लेकिन बारिश के कारण ठीक हुए सड़कों की पोल खुल गई। जगह जगह सड़के बारिश के कारण धसी हुई दिखाई देने लगी। देखा जाए तो नगर के नाले और नालियों की सफाई न होने से भी कुछ जगहों पर बारिश का पानी ठहरा दिखाई दिया। मालूम हो कि शहर में इन दिनों कई जगहों पर सीवर पाइपलाइन का कार्य कराया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन के लिए खोदाई चल रही है। वहीं कई जगह पर पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदकर डाल दी गई। इसी क्रम में महुआबाग, मिश्राबाजार और ललदारवाजा के आगे से एक सप्ताह पहले खोदाई को शुरू कराई गई थी। सड़क को खोदने के बाद पाइन लाइन डालते हुए गड्ढे को भर दिया गया, लेकिन उसे पूरी तरह से सही करना भूल गए। पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क हादसों का सबब बन गया। इसमें बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। दूसरी तरफ वाहन भी आए दिन आकर फंस जाते हैं। वाहनों को फंसने पर उन्हें निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार सड़क को सही नही कर पा रहे है। नगर के नागरिकों का कहना है कि उनकी सड़क काफी बेहतर थी। उसे खोदने के बाद सही करने की अधिकारियों को फुर्सत नहीं मिली है, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस संबंध में नगर पालिका के चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने कहा कि सीवर पाइपलाइन कार्य की वजह से शहर में वाटर लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। सिवर पाइपलाइन कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में से मोटर लगाकर जो पानी निकाली जा रही है वह मिट्टी युक्त है। जिसके कारण नालियां उस पानी के जाने से जाम हो जा रही हैं। जिसके कारण बारिश होते ही जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। उन्होंने कहा कि सीवर कार्य के वजह से नगरपालिका की छवि धूमिल हो रही है। फिर भी नगर पालिका अपने स्तर से नाले और नालियों की सफाई में लगी हुई है। सीवर पाइपलाइन की वजह से शहर की पूरी सड़क खुदी हुई है। उन्होंने कहा कि सीवर पाइपलाइन का जो कार्य किया जा रहा है वह भी ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा है। जिससे आम जनता काफी परेशान है। और नगर पालिका की छवि भी जनता की नजर में खराब हो रही है।

  • महीला पीजी कॉलेज में प्रवेश की मेरिट सूची जारी

    महीला पीजी कॉलेज में प्रवेश की मेरिट सूची जारी

    गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की शैक्षिक सत्र 2024-25 की स्नातक बीए /बीएससी प्रथम वर्ष की प्रवेश की मेरिट सूची जारी हो गई है। प्राचार्य डॉ अनीता कुमारी ने बताया कि प्रवेश कार्य 9 जुलाई से दिन में 10:30 बजे से 2:30 के मध्य महाविद्यालय के सावित्रीबाई फुले सभागार में संपन्न होगा।  9 जुलाई को बीएससी प्रथम सेमेस्टर के प्रवेश के लिए मेरिट रैंक 1 से लेकर 90 तक तथा 10 जुलाई को 91 से अंत तक की छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग के लिए जंतु विज्ञान विभाग में उपस्थित होगीं। बीए प्रथम सेमेस्टर प्रवेश के लिए मेरिट 01 से लेकर 160 तक 9 जुलाई को 161 से लेकर 320 तक 10 जुलाई को 11 जुलाई को 321 से  लेकर 480 तक एवं 12 जुलाई को 481 से अंत निर्धारित समय 10:30 से 2:30 के मध्य महाविद्यालय के मुख्य सभागार में प्रवेश काउंसलिंग के लिए उपस्थित हो। विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार किए जाएंगे। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग के समय अपने हाई स्कूल, इंटरमीडिएट के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र; जाति प्रमाण पत्र,  भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र एवं स्थानांतरण प्रमाण पत्र, प्रवेश आवेदन पत्र समेत सभी पत्रों की मूल एवं छायाप्रति के साथ काउंसलिंग हेतु उपस्थित हो। शिक्षार्थी एवं उनके अभिभावक प्रवेश संबंधी किसी भी जिज्ञासा के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट http://www.gwpgc.ac.in या महाविद्यालय नोटिस बोर्ड का अवलोकन कर सकते हैं।

  • डीएम-एसपी ने किया पौध रोपण, कहा…..

    डीएम-एसपी ने किया पौध रोपण, कहा…..

    गाजीपुर। वन महोत्सव के अंतर्गत सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, रेंज सैदपुर द्वारा तहसील के प्रांगण में जिला अधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंर्तगत पौधारोपण किया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि एक पौधा मां के नाम अभियान को सफल बनाएं, पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करें, पौधों के महत्व को समझें और इनका संरक्षण करें। पर्यावरण को संरक्षित करने का सरकार के साथ-साथ हम सभी की भी जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि वृक्ष एवं सामाजिक अथवा भौतिक विकास का संतुलन ही सभ्यता तथा संस्कृति को विकसित करती है, वृक्षों का योगदान केवल बढ़ते हुए प्रदूषण को रोकने में ही नहीं अपितु जलवायु एवं वातावरण के संतुलन में भी सर्वाेपरि है। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने भी पौधारोपण कर जन जन को पौधारोपित करने पर बल दिया। प्रभागीय निदेशक विवेक यादव  ने कहा वन महोत्सव 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलेगा पौधारोपण अभियान में लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह एवं वन विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।

  • डीएम-एसपी ने सुनी समस्या, किया निस्तारण

    डीएम-एसपी ने सुनी समस्या, किया निस्तारण

    गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमे 75 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 12 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 695 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 52 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मंे प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करायी जाय। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सैदपुर तहसीलदर सैदपुर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

  • बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने अर्पित किया श्रद्धासुमन

    बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने अर्पित किया श्रद्धासुमन

    उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर कांग्रेस पार्टी ने किया याद।


    गाजीपुर। शनिवार को स्वतंत्रता आंदोलन में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले और कांग्रेस पार्टी वरिष्ठ नेता के साथ दलित होते हुए बहुजन समाज के चिंतक बाबू जगजीवन राम की 38 वीं पुण्यतिथि पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने रायगंज स्थित चुनाव के कैंप कार्यालय पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। जिलाध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में एक गोष्ठी का आयोजन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि जब भी भारत की आजादी की बात होती है तो देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले क्रांतिकारियों में बाबू जगजीवन राम का भी जिक्र आता है। भारत के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रहे बाबू जगजीवन राम का 6 जुलाई 1986 को 78 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। बाबू जगजीवन राम का भारत के संसदीय लोकतंत्र के विकास में अमूल्य योगदान रहा है और आज कांग्रेस पार्टी उन्हीं के सिद्धांतो पर भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था के सिद्धांतों पर आगे बढ़ रही है।

    इस अवसर पर पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ मार्कंडेय सिंह ने बताया कि भोजपुर बिहार के चंदवा में जन्में बाबू जगजीवन राम 1946 में जवाहरलाल नेहरू की अंतरिम सरकार में सबसे कम उम्र के मंत्री बने थे, श्रम मंत्री के रूप में भारत के पहले कैबिनेट और भारत की संविधान सभा के सदस्य भी बने, जहाँ उन्होंने सुनिश्चित किया कि सामाजिक न्याय संविधान में निहित हो। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के सदस्य के रूप में अगले 30 वर्षों तक विभिन्न विभागों के मंत्री के रूप में कार्य करते रहे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान भारत के रक्षा मंत्री थे, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस बाबू जगजीवन राम के आदर्शों को अपनाएगी और समाज के गरीब तबके की लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष कुसुम तिवारी, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना, सुनील साहू, आशुतोष गुप्ता, हामिद अली, राम नगीना पांडे, उषा चतुर्वेदी,  प्रमिला भारती, सतीश उपाध्याय, राशिद, आदिल अख्तर, संजय सिंह, जय सिंह, मनीष राय, रतन तिवारी, रिंकू, ओम प्रकाश यादव, अनुराग पांडे सहित आदि लोग उपस्थित है ।

  • प्रखर राष्ट्रवादी विचारधारा के बलिदानी पुरुष थे डॉ श्यामा प्रसाद: सांसद डॉ. संगीता

    प्रखर राष्ट्रवादी विचारधारा के बलिदानी पुरुष थे डॉ श्यामा प्रसाद: सांसद डॉ. संगीता

    गाजीपुर।जन संघ संस्थापक डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 124 वीं जयंती अवसर पर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर जयंती मनाया। भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर राज्यसभा सांसद डा संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर जयंती मनाया।इस अवसर पर डा संगीता बलवंत ने कहा कि डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी विचारधारा के बलिदानी पुरुष थे,जिनके नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई। आज भारतीय जनता पार्टी का एक एक कार्यकर्ता उनके विचारों को आत्मसात कर समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पित होकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जो परिवार या समाज अपने पूर्वजों को स्मरण कर उनका सम्मान करता है उस समाज और परिवार की प्रगति निरंतर होती रहती है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और उनके द्वारा किए गए कार्य देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार  है। जहां हर कार्यकर्ता भारत को परम वैभव पर स्थापित करने के निर्धारित लक्ष्य के लिए  काम करता है।
    जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने कहा कि डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राजनीतिक उर्जा और प्रेरणा है। इस अवसर पर मुरली कुशवाहा, अनिकेत राय,अरविंद बिंद,हर्ष कुशवाहा, सुजीत सिंह, प्रतिभा शर्मा सहित आदि अन्य लोगों ने उन्हें स्मरण किया।

Uttar Pradesh Fast News