-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
पी०जी० कालेज में एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

गाजीपुर में सुकन्या समृद्धि योजना का कमजोर वर्ग पर सकारात्मक प्रभाव:डा.रूचि मूर्ति सिंह
पी०जी० कालेज में एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

गाजीपुर। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा आयोजित गाजीपुर में सुकन्या समृद्धि योजना का कमजोर वर्ग पर प्रभाव विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा किया गया है। यह कार्यशाला समाजशास्त्र की विभागाध्यक्ष डॉ० रूचि मूर्ति सिंह द्वारा उपरोक्त विषय पर की गई। अल्पकालिक अनुभवजन्य अनुसंधान (व्यक्तिगत) के तहत संपन्न की गई।
शोध परियोजना के अंतर्गत शोध परिणामों को लेकर जानकारी दी गई। कार्यशाला दो सत्रों में संपन्न हुई। जिसमें प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी के प्रतिनिधि दिनेश कुमार (अपर जिलाधिकारी) के साथ चंद्रशेखर यादव (एएसडीएम सदर),संजय कुमार सोनी (जिला प्रोबेशन अधिकारी) एवं युनीसेफ से रिजवाना परवीन एवं प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा माॅं सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य वक्ता प्रोफे० (डॉ०) एस० डी० सिंह परिहार ( मुख्य नियंता) ने सुकन्या समृद्धि योजना पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र के दौरान प्रमुख अनुसंधान कर्ता डॉ० रूचि मूर्ति सिंह द्वारा अपने अनुसंधान के परिणामों से प्रतिभागियों को अवगत कराते हुए कहा गया कि गाजीपुर जैसे पिछड़े जनपद में सुकन्या समृद्धि योजना का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इस योजना से जनपद की मुख्यतः कमजोर वर्ग की बालिकाएं एवं महिलाएं विशेष रूप से लाभान्वित व सशक्त हो रहीं हैं। उन्होंने इस योजना को इस पिछड़े हुए क्षेत्र के लिए नारी सशक्तिकरण के मार्ग में दीर्घकालिक कदम के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना की जनपद में प्रासंगिकता, प्रभावशीलता एवं कार्य क्षमता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यशाला में लगभग 120 प्रतियोगियों ने भाग लिया। जिसमें प्राध्यापक , शोधार्थी, ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बैंक, पोस्ट ऑफिस के विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी आदि सम्मिलित रहे। -
सहायक निदेशक बनने पर अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में स्वागत समारोह आयोजित

डॉ शशिकांत पांडेय बने सहायक निदेशक उच्च शिक्षा
सहायक निदेशक बनने पर अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में स्वागत समारोह आयोजित


गाजीपुर। शहीद स्मारक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० शशिकान्त सुमन पाण्डेय को उच्च शिक्षा निदेशालय में सहायक निदेशक के रूप में पदस्थापित होने पर शुक्रवार को अष्ट शहीद इंटर कालेज में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कालेज के शिक्षकों ने प्राचार्य डॉ पांडेय को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। स्वागत समारोह में डॉ पांडेय ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में रिक्त पड़े असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा से संबंधित कार्यों को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी।इसके साथ ही उन्होंने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शासन की नीतियों का त्वरित कार्यान्वयन को भी अपनी प्राथमिकता बताया। कहा कि उच्च शिक्षा से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण भी उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा, ताकि अधिकारियों, कर्मचारियों, अध्यापकों एवं अभ्यर्थियों को न्यायालय की शरण में न जाना पड़े। मालूम हो कि डॉ पांडेय शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में दो वर्ष से प्राचार्य की जिम्मेदारी सम्भाल रहे थे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिवशंकर गिरी, ओमप्रकाश राय, चौधरी दिनेश चन्द्र राय, संजय कुमार राय, लक्ष्मण प्रसाद केशरी, सत्येद्र कुमार सिंह, केशव चन्द्र मधेशिया, रविन्द्र नाथ तिवारी, वन्दना यादव, आत्मानंद वर्मा, देवभुषण तिवारी, अजीत कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे। -
एक दिवसीय डीबीटी एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन

एक दिवसीय डीबीटी एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन
टीबी रोगियों के उपचार व डीबीटी योजना के सुदृढ़ीकरण को स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत
सीएमओ कार्यालय में आयोजित हुई एक दिवसीय डीबीटी एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यशाला
टीबी रोगियों को डीबीटी के जरिये निक्षय पोषण योजना की राशि अब दो किस्तों में मिलेगी
डीबीटी से जुड़ी योजनाओं के बारे में लेखाकार, एसटीएस व एसटीएलएस को दी विस्तृत जानकारी


गाजीपुर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत टीबी रोगियों के उपचार और उसके अंतर्गत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना को सुदृढ़ीकरण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय डीबीटी एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन सीएमओ डॉ देश दीपक पाल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला में एनटीईपी के समस्त लेखाकर, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइज़र (एसटीएस) एवं सीनियर टीबी लैब सुपरवाइज़र (एसटीएलएस) को डीबीटी की समस्त योजनाओं जैसे इनफारमेंट इन्सेन्टिव स्कीम, ट्रीटमेंट सपोर्टर फार टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी (टीपीटी),सैम्पल ट्रान्सपोर्टर और रिफ्रेशर प्रशिक्षण के अंतर्गत निक्षय पोषण योजना, ट्रीटमेंट सपोर्टर, प्राइवेट नोटीफिकेशन एवं आउटकम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। समस्त प्रतिभागियों को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ संजय कुमार के नेतृत्व में जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथलेश कुमार और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से डॉ वीजी विनोद के द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सीएमओ डॉ देश दीपक पाल ने कहा कि क्षय मुक्त भारत को लेकर देश के प्रधानमंत्री का विजन तभी पूरा हो सकता है जब किसी भी टीबी रोगी का नोटिफिकेशन न छूटे और उन्हें निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली धनराशि समय से प्रदान की जाए। साथ ही क्षय रोगी नियमित दवा और प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार का सेवन करें। टीबी के सम्पूर्ण उपचार के लिए उसका कोर्स का पूरा होना बहुत जरूरी है। कई टीबी रोगी बीच में ही इलाज छोड़ देते हैं या फिर बदल-बदल कर इलाज करते हैं जिससे उनकी स्थिति बिगड़ जाती और कई बार बीमारी बहुत गंभीर स्थिति में पहुँच जाती है। टीबी मरीजों की एचआईवी और डायबिटीज की भी नियमित जांच की जानी चाहिए। सीएमओ ने समस्त निजी चिकित्सकों से अपील की है कि क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिक से अधिक टीबी रोगियों को नोटिफ़ाई कर उनका तत्काल प्रभाव से उपचार पूरा करने में सहयोग करें। जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथलेश कुमार ने बताया कि टीबी मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत पौष्टिक आहार के लिए उपचार के दौरान (छह माह) हर महीने मिलने वाली राशि अब पांच की जगह दो किस्तों में मिलेगी। टीबी से पीड़ित व्यक्ति को उपचार शुरू होने पर दी जाने वाली पहली लाभ राशि को 1500 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद दूसरा लाभ उपचार शुरू होने की तारीख से 84 दिन (उपचार के तीन महीने) पूरे होने पर (1500 रुपये) मिलेगा। यह व्यवस्था जनवरी 2024 से लागू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष (2023-24) में अब तक कुल 5572 टीबी मरीज चिन्हित हुए, जिसमें 4924 (88%) रोगियों का उपचार पूरा हो चुका है। वर्तमान में 2914 रोगियों का उपचार चल रहा है। साथ ही निक्षय पोषण योजना के तहत 6407 टीबी रोगियों का डीबीटी के जरिये भुगतान किया जा रहा है। कार्यशाला में बताया गया कि इनफार्मेंट इन्सेन्टिव स्कीम के अंतर्गत किसी के द्वारा टीबी मरीज की सूचना दिये जाने पर उस व्यक्ति को 500 रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं। ट्रीटमेंट सपोर्टर के रूप में कार्य कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं को डीएसटीबी के मरीज का उपचार पूरा कराने में 1000 रुपये और डीआरटीबी मरीज का उपचार पूरा कराने में 5000 रुपये डीबीटी के जरिये भेजे जाते हैं। इसके साथ सैंपल ट्रांसपोर्टर के रूप में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से टीबी सैंपल के अनुसार भुगतान डीबीटी के जरिये किया जाता है। इसके साथ ही निजी चिकित्सकों द्वारा एक टीबी मरीज के नोटिफिकेशन पर 500 रुपये और उसका उपचार पूरा कराने पर 500 रुपये डीबीटी के जरिये भेजे जाते हैं। कार्यशाला में जिला पीपीएम समन्वयक अनुराग कुमार पाण्डेय एवं एनटीईपी के समस्त लेखाकार, एसटीएस एवं एसटीएलएस मौजूद रहे। -
प्रदेश स्तरीय रोवर्स एवं रेंजर्स प्रतियोगिता में चैम्पियन टीम का अभिनन्दन

प्रदेश स्तरीय रोवर्स एवं रेंजर्स प्रतियोगिता में चैम्पियन टीम का अभिनन्दन


गाजीपुर। प्रादेशिक रोवर्स / रेंजर्स समागम 2024 में पी० जी० कालेज की टीम उत्तर प्रदेश चैम्पियन बनी है। प्राचार्य प्रोफ० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह समागम दिगम्बर जैन कालेज, बडौत, बागपत में 11 से 13 मार्च 2024 को आयोजित हुआ था, जिसमें स्नातकोत्तर महाविद्यालय की टीम ने वीर बहादुर सिंह पूर्वान्चल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। पी० जी० कालेज की टीम समागम में शुरु से ही अपना वर्चस्व बनायें रखा। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में जैसे टेण्ट प्रतियोगिता, पुल प्रतियोगिता, फायर फाइटिंग, रोल प्ले, ध्वज शिष्टाचार झाॅकी, लोक गीत, लोक नृत्य, किम्स गेम, ध्वज शिष्टाचार इत्यादि में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य प्रोफेसर (डाॅ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने टीम की इस जीत पर सभी रोवर्स / रेंजर्स को महाविद्यालय को पुनः प्रदेश चैम्पियन बनने पर सभी को बधाई दी। कहा कि महाविद्यालय परिवार के लिए यह गौरवशाली क्षण है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की यह दोनों टीमें रोवर्स एवं रेंजर्स जनपदीय तथा विश्वविद्यालय स्तर के सत्र 2024 के समागम में भी प्रथम स्थान पर रह कर विजेता रही हैं। लगातार कई वर्षों से प्रदेश चैम्पियन हो रही है। रोवर्स एवं रेंजर्स की प्रदेश चैम्पियन टीम के गाजीपुर आगमन पर महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य द्वारा रोवर्स एवं रेंजर्स टीम के साथ-साथ डाॅ० मनोज कुमार मिश्र जिला प्रशिक्षण आयुक्त, वीर बहादुर पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर व प्रभारी रोवर्स एवं रेंजर्स, डाॅ० अतुल कुमार सिंह एवं अशोक कुमार सिंह को इस जीत पर गर्मजोशी के साथ बधाई देते हुए अभिनन्दन किया गया। अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन करने वाले दिनेश सिंह यादव, जिला संगठन कमिश्नर गाजीपुर कुमार प्रमोद कुमार यादव, इनामुल्लाह अंसारी को भी बधाई दिया। इस अवसर पर बधाई देने वालों में प्रोफे० एस० डी० सिंह (कुलानुशासक) प्रोफे० जी०सिंह, प्रोफे० एस० एन० सिंह, प्रोफे० अरुण कुमार यादव, लव जी सिंह, अशोक कुमार सिंह, डॉ० मनोज कुमार मिश्र, डॉ० अतुल कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
पोस्ट डाक्टरोल फेलोशिप के लिए डा.सौरभ कुमार राय हुआ चयन

पोस्ट डाक्टरोल फेलोशिप के लिए डा० सौरभ कुमार राय हुआ चयन

गाजीपुर। भांवरकोल ग्राम बीरपुर निवासी डा० सौरभ कुमार राय को Indian Council of Philosophical Research, New Delhi (आईसीपीआर) के द्वारा दार्शनिक राजा राम वाल्मिकि रामायण के विशेष सन्दर्भ में, विषय पर पोस्ट डाक्टर फेलो (पीडीएफ) प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय स्तर की उक्त प्रतियोगिता मे सामान्य वर्ग की कुल 8 सीटो में से इन्होने अपना स्थान बनाया। डा० सौरभ राय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से प्रो० सतीश दूबे के निर्देशन में पीडीएफ करेगें। ग़ौरतलब हो कि डा० राय अपनी विद्यावारिधी की उपाधि वाल्मिकी रामायण पर ही प्राप्त किया है। डा० राय से बातचीत के क्रम में इन्होंने बताया कि श्री राम ही कलयुग के आदर्श नायक है इसलिए युवा पीढ़ी को इनके जीवन संदर्भों को जितना विवेचित और प्रकाशित किया जाए उतना ही भारतीय ज्ञान परंपरा में वृद्धि होगी जो की नई शिक्षा नीति का भी उद्देश्य है। डा० राय अकादमी जगत में हस्तक्षेप के साथ-साथ राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। यह जनपद से काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्वास्थ्य लाभ के लिए गए ग्रामीण एवं जनपद निवासियों का हर संभव मदद करते हैं एवं उनके समस्याओं में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं। सौरभ राय ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय बाबा विश्वनाथ, माता अन्नपूर्णा अपने गुरुजनों एवं माता-पिता, मित्रों एवं शुभचिंतकों को दिया।
-
छात्राओं में मेडल,ट्रॉफी और प्रमाण पत्र का हुआ वितरण

छात्राओं में मेडल,ट्रॉफी और प्रमाण पत्र का हुआ वितरण

गाजीपुर। गुरूवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रज्ञा रेंजर टीम का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। इसके पूर्व क्रू काउंसिल की बैठक द्वारा रेंजर छात्राओं ने जनपद एवं विश्वविद्यालय समागम में अपने क्रियाकलापों एवं आयोजन के परिणामों की गहन समीक्षा की तथा उसके कारणों एवं समाधान पर विस्तृत चर्चा किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्काउटिंग से जुड़ने के पश्चात रेंजर गतिविधियों से संबंधित अपने अनुभव एवं संस्मरणों भी साझा किया। रोली कुशवाहा, रिंकू यादव ने समागम के मूल्यांकन प्रणाली पर सवाल उठाया तो रागिनी, अंकिता पांडेय एवं अर्चिता यादव ने रेंजरिंग के कारण जीवन एवं व्यक्तित्व में आए बदलावो को रेखांकित किया। इस अवसर पर डॉ विकास सिंह ने छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित किया तथा डॉ शंभू शरण प्रसाद ने छात्राओं को अपनी कमियों पर ध्यान देने तथा उन पर काम करने पर विचार प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संयोजक रेंजर प्रभारी डॉ शिव कुमार ने रेंजर लीडर समीना एवं उप लीडर रितु यादव के साथ प्राचार्य डॉ अनिता कुमारी को जनपद समागम एवं विश्वविद्यालय समागम की ट्रॉफी सौंपा। विद्युत हॉकी रेंजर टीम ने जनपद एवं विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ अनीता कुमारी ने रेंजर्स को आगे बढ़ने अपने अधिकारों और विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त करने तथा एक दूसरे का सहयोग करते हुए सदैव सीखने की अपील की। आपके अनुसार कैंप के अनुभव पूरे जीवन भर काम आएंगे। इसके पूर्व रेंजर प्रभारी डॉ शिवकुमार ने रेंजर्स की वर्ष भर की गतिविधियों एवं उपलब्धियां को प्रस्तुत किया तथा टीम को आत्म मंथन करते हुए आगे बढ़ने का आवाहन किया । इसके पश्चात सभी छात्राओं को विभिन्न समागमो में प्राप्त मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र तथा प्रशिक्षण कैंप के प्रवेश प्रमाणपत्र वितरित किए गए। सविता रावत, कंचन, नेहा यादव, शिल्पी प्रजापति, आकांक्षा, जेबा, ज्योति प्रजापति को विशिष्ट रेंजर सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन टीम लीडर समीना एवं आभार ज्ञापन उप लीडर रितु यादव ने किया। कार्यक्रम में डॉ शिखा सिंह, डॉ शिल्पी राय, डॉ अभिषेक सिंह, आज शिक्षक गण एवं रेंजर्स छात्राएं उपस्थित रही ।
-
5- 2 से नेहरू स्टेडियम ने मारी बाजी

5- 2 से नेहरू स्टेडियम ने मारी बाजी

गाजीपुर। गुरूवार को जिला खेल कार्यालय के ततवावधान में सीनियर वर्ग खो-खो बालिका वर्ग एवं वॉलीबाल बालक वर्ग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि संजय सोनी, जिला प्रोबेशन अधिकारी के द्वारा किया गया। अरविन्द यादव क्रीड़ा अधिकारी ने बैज लगाकर मुख्य अतिथि का स्वागत् किया। खो-खो प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसका फाईनल मैच बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर बनाम नेहरू स्टेडियम के मध्य खेला गया, जिसमें नेहरू स्टेडियम 05-02 से विजयी रही। इसी क्रम में वॉलीबाल प्रतियोगिता में कुल 12 टीमो ने प्रतिभाग किया। जिसका फाईनल मैच जय हिन्द क्लब पसरदा बनाम तेतारपुर के मध्य खेला गया, जिसमें तेतारपुर 25-18 से विजयी रही। अवसर पर सर्वदेव सिंह यादव, ग्यासुद्वीन अहमद, नफीस अहमद, अवधेष सिंह, पारसनाथ सिंह, राधेश्याम सिंह यादव, लालबहादुर यादव, विजय, लालू सिंह यादव, शिवाजीत सिंह, विनोद शर्मा, शंकर राम, रामप्रताप सिंह, विमलेष सिंह, गोबिन्द यादव, अजित यादव, जुगनू, अंकिता राय, सावित्री देवी, शिवानी राय एवं समस्त स्टाप उपस्थित रहें। अन्त में अरविन्द यादव, क्रीड़ा अधिकारी द्वारा सभी आगन्तुओं एवं खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
-
देश की सबसे बड़ी जरूरत बन चुके हैं पीएम मोदी: अभिनव सिन्हा

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता अभिनव सिन्हा ने आज बुधवार को सदर विधानसभा के सलामतपुर,अगस्ता, बुधनपुर, खिदिरपुर, हरिहरपुर ,हाला आदि गांव में जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित सरकार द्वारा देश के सम्मान और विकास के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। आज देश की सबसे बड़ी जरूरत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बन चुके हैं ,उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर 2019 तक भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में जनपद में कराए गए विकास के कार्य आज भी प्रासंगिक एवं चर्चा में शामिल है। निश्चित तौर पर विगत 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि के न होने से जनपद की बहुत बड़ी क्षति हुई है। जिसका जबाब आने वाली पिढी आज के लोगों से मांगेगी। उन्होंने कहा कि विगत लोकसभा चुनाव की ग़लती अबकी बार न हो इसके लिए हमें भाजपा के कमल फूल को हर बूथ से प्रचंड बहुमत से जिताना होगा। इस अवसर पर मनोज बिंद, गोपाल राय, अरविन्द सिंह, संतोष कुमार,उदयप्रताप सिंह मन्नू, मुरली कुशवाहा, काशी चौहान आशीष आदि लोग मौजूद रहे।

-
इन्वेस्ट यूपी के नए कार्यालय का सीएम ने किया उद्घाटन, देखा लाइव प्रसारण

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु की बैठक मंगलवार की देर शाम राइफल क्लब, सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अकौरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक में निम्नलिखित कार्यावली पर चर्चा एवं निर्णय लिया गया। सचिव/उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि प्रमुख सचिव, उ0प्र0, औद्योगिक विकास अनुभाग-6, लखनऊ के पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा 12 मार्च को सायंकाल 5 बजे इन्वेस्ट यू0पी के नवीन कार्यालय का लखनऊ में उद्घाटन किया गया, जिसका सजीव प्रसारण उद्यमियों द्वारा देखा एवं सुना गया। इसी क्रम में सांसद राज्य सभा डा0 बलवन्त एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिशद् सरिता अग्रवाल द्वारा निवेशकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत दर्जी ट्रेड के लाभार्थियों को सिलाई मशीन का वितरण किया गया। तत्पश्चात् अध्यक्ष/जिलाधिकारी द्वारा उद्योग बन्धु की बैठक में उद्यमियों के अनुरोध पर राजकीय औद्योगिक आस्थान नन्दगंज के गेट के सामने शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानान्तरित करने के लिए माह अप्रैल नये सत्र में किये जाने हेतु आश्वन दिया गया तथा प्लेज पार्क को गाजीपुर में विकसित किये जाने पर जोर दिया गया।
-
पीएम सूरज पोर्टल का हुआ शुभारंभ, दिया गया आयुष्मान कार्ड और पीपीई कीट


गाजीपुर। वंचित वर्गो के लिए आउटरीच कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पी0एम0-सूरज) पोर्टल का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (NBCFDC ), राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC ), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC), के लाभार्थियों को रियायती दर पर ऋण वितरण एवं नमस्ते योजना के स्वीपर एवं सेप्टिक टैंक वर्कर्स को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड एवं पी0पी0ई0 किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रट सभागार में सासंद राज्य सभा डा0 संगीता बलवन्त, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि सिंहासन, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला अग्रणी प्रबन्धक एवं लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया। सासंद राज्य सभा डा0 संगीता बलवन्त, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा (पी0एम0-सूरज) पोर्टल के शुभारंभ करने पर शुभकामना देते हुए कहा कि समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुचे यही प्रधानमंत्री की सोच है। कार्यक्रम के दौरान जनपद में नमस्ते (NAMASTE ) योजना के अन्तर्गत 16 स्वीपर एवं सेप्टिक टैंक वर्कर्स को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड एवं पी0पी0ई0 किट का वितरण किया गया। यू0पी0 सहकारी ग्राम विकास बैंक द्वारा (NBCFDC ) योजना के अन्तर्गत 17 लाभार्थियों, यू0पी0 सहकारी ग्राम विकास बैंक द्वारा (NSFD) योजना के अन्तर्गत 14 लाभार्थियों तथा बड़ौदा यू0पी0 बैंक द्वारा NSCFDC ) योजना के अन्तर्गत 35 लाभार्थियों को ऋण वितरण प्रमाण पत्र दिया गया।





