-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
अचानक बैंको का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी






गाजीपुर। सोमवार को अचानक पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने नगर क्षेत्र में महुआ बाग स्थित आईसीआईसीआई बैंक और कोतवाली स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओमवीर सिंह ने बैंकों में विभिन्न सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। बैंकों के अधिकारियों से सुरक्षा संबंधित किए गए इंतजाम के बारे में जानकारी ली और वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे तथा उनकी स्थिति एवं बैंकों की सुरक्षा कर रहे सुरक्षा गार्डों से सुरक्षा संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
-
सर्दी के मौसम में इन बातों का रखें ध्यान, करें यह उपाय

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी ने जनपद में शीतलहर एव घने कोहरे से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दियें है। अत्यधिक ठण्ड और शीतलहर होने पर छोटे बच्चों, बुजुर्गाे एवं गर्भवती महिलाओ को घर के अन्दर ही रखे। अति आवश्यक हो तभी घर से बाहर जाये। स्थानीय रेडियों, दैनिक समाचार पत्र, टी०बी०, मोबाईल फोन एवं वाटसअप के माध्यम से मौसम की जानकारी प्राप्त करते रहें। स्वय सर्तक रहें और अन्य व्यक्तियों को भी सर्तक करें। शरीर को सूखा रखें, गीले कपड़े कदापि न पहने, यह शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। गीले कपड़े से ठण्ड लगने की प्रबल सम्भावना बनी रहती है। मिटटी का तेल, कोयले की अंगीठी, हीटर इत्यादि का प्रयोग करते समय सावधानियाँ बरते। कमरे में शुद्ध हवा का आवागमन, वेन्टिलेशन, वायु-संचार बनाये रखें ताकि कमरे में विषाक्त, जहरीला धुआं इकट्ठा न हो। सोने से पहले हीटर, ब्लोवर, कोयले की अगीठी आदि को अवश्य बंद कर दें। कई स्तरों वाले गर्म कपड़े जैसे-ऊनी कपड़े, स्वेटर, टोपी, मफलर इत्यादि का प्रयोग आपको ठण्ड के प्रभाव से बचा सकता है। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाये रखने के लिए पोषक आहार एवं गर्म पेय पदार्थों का नियमित सेवन किया जाना लाभकारी होगा। हाइपोथर्मिया के लक्षणों जैसे-असामान्य शरीर का तापमान, भ्रम या स्मृति हानि, बेहोशी, विचलन, असीमित ठिठुरना सुस्ती, थकान, तुतलाना, थकावट इत्यादि की स्थिति उत्पन्न होने पर अपने नजदीकी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सम्पर्क करें। ठण्ड के लक्षणों जैसे -शरीर के अंगो का सुन्न पड़ना, हाथों-पैरों की उँगलियों, कान नाक आदि पर सफेद या पीले रंग के दाग उभर आने पर अपने नजदीकी चिकित्सक से परामर्श के बाद ही दवाइओ का प्रयोग करें। अपने आस-पास अकेले रहने वाले पड़ोसियों की जानकारी रखें, विशेषकर बुजुर्गाे व्यक्तियो का पूर्ण विवरण एवं मोबाईल नम्बर अवश्य रखे। किसी भी आपात कालीन स्थिति से निपटने के लिए एक आपातकालीन डायरी बनाये जिसमें पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन, एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागो के नम्बर दर्ज रखें और इसकी जानकारी परिवार के प्रत्येक सदस्यों को होनी चाहिए। बाहर निकलते समय सिर, चेहरे, हाथ एवं पैर को गर्म कपड़े से ढ़के। शीतलहर में गाड़ियों में फॉग लाईट का इस्तेमाल करें। ठंड के मौसम में पशुओं को थनैला मिल्क फीवर नेमोटाइटिस आदि रोग होने का खतरा रहता है इसलिए पशुओं को समय-समय पर चिकित्सक को दिखाते रहें। पशुओं को रात में खुले पेड़ के नीचे अथवा घर से बाहर ना निकालें। पशुओं को ठंड के समय में गुड़ व कैल्शियम टॉनिक पिलाएं। पशुओं को ठंड के मौसम में जूट की बोरी अथवा घर में पड़ा पुराना कंबल उढाएं। जन्म देने वाले (बियान) वाले पशुओं को ठंड लगने की ज्यादा संभावना होती है। उनके पास अलाव जलाकर रखें लेकिन यह भी ध्यान में रखें कि अलाव से पशुओं को कोई नुकसान ना पहॅुचें। पशुओं को ठंड के मौसम में स्नान कराने से परहेज करना चाहिए। पशुओं के नीचे बैठने वाले स्थान पर पराली/गन्ने की पत्ती जरूर डालें। पशुओ को गर्म स्थान पर रखें, उन्हे ठंड लगने पर पशु चिकित्सक की सलाह लें। किसी भी सहायता कि लिए निम्न नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते है। एम्बुलेंस- 108, पुलिस- 100/112, राहत आयुक्त कार्यालय-1070, जिलाधिकारी आवास-0548-2220240, 2221240, जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, (डी0डी0एम0ए0)/जिला इमरजेन्सी आपरेशन सेन्टर (ई0ओ0सी0), गाजीपुर। 0548-2224041, आईसीसीसी- 0548-2226100-14 है।
-
नियुक्ति पत्र पाकर खिल उठे नवनियुक्त प्रवक्ताओं और सहायक अघ्यापको के चेहरे




गाजीपुर। रविवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए ’’मिशन रोजगार’’ के अन्तर्गत लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा पूरे प्रदेश में 1395 चयनित प्रवक्ताओं व सहायक अध्यापको का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ऑनलाइन पदस्थापन एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह कार्यक्रम का प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से आयोजित कर नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसी क्रम में रायफल क्लब सभागार मे जनपद के नवनियुक्त 31 प्रवक्ताओं और 6 सहायक अध्यापको को सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त प्रवक्ताओं और सहायक अघ्यापको के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे प्रदेश में पारदर्शी तरीके से सहायक अध्यापको की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा की गई सभी नियुक्तियों में योग्य लोगों की नियुक्ति की गई है। नव चयनित प्रवक्ताओं/शिक्षकों की नियुक्ति से पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनेगा। उन्होने कहा कि गत वर्षों में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग सहित अन्य भर्ती बोर्डाे में लोगों का विश्वास बढ़ा है और योग्यता के अनुरूप उनका शासकीय सेवाओं में चयन हुआ है। चयनित प्रवक्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बेहतर आचरण और कृतित्व से अपने व्यक्तित्व को चमकाएं। अपनी क्षमता को पहचाने, अकेला शिक्षक समाज में व्यापक परिवर्तन कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि को जागृत करके उनके भविष्य को बेहतर ढंग से निखार सकते हैं। उन्होने कहा कि सीखने की कोई सीमा नहीं होती, प्रत्येक गतिविधि से कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है। छात्रों की जिज्ञासा के प्रति हर वक्त जागरूक रहें। छात्र-छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ संस्कारपरक शिक्षा देकर उनका सर्वांगीण विकास करें।इस अवसर पर सांसद एवं विधायक ने माध्यमिक शिक्षा के सभी नवनियुक्त प्रवक्ताओं को बधाई देते हुए उन्हें उनकी अपार सफलता पर शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों में विषय की समझ को जाग्रत करते हैं। शिक्षण एक पवित्र कार्य है, जो सकारात्मक सोच एवं समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
-
सांसदों ने दिया अधिकारियों को निर्देश, कहा…….





गाजीपुर। राइफल क्लब सभागर में रविवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद अफजाल अंसारी एवं सांसद बलिया विरेन्द्र सिह ‘‘मस्त‘‘ ने केन्द्र/राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी, रोजगारपरक एवं गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ जिले के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुॅचाने एवं केन्द्र/प्रदेश सरकार की योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक के दौरान विधायक, सदस्य और जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रो के जर्जर सड़कों, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता एवं संचालन, नहरों में रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी की उपलब्धता, अमृत योजना के तहत पेयजल की उपलब्धता एवं पाईप लाइन डालने के पश्चात सडकों की मरम्मत आदि सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया गया। सांसदों द्वारा समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों को बैठक के दौरान उठाई गई समस्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने एवं की जा रही कार्यवाही की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट लिखित रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होने गरीब एवं पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से लाभांवित करने तथा गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये विभागीय योजनाओं को अमलीजामा पहनाने हेतु अधिकारियों से ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। राइफल क्लब सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसदों द्वारा गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी, गरीबी उन्मूलन व रोजगारपरक योजनाओं का लाभ गांव के किसान, मजदूरों तथा जरूरतमंद लोगों को पहुंचाने के लिये सभी विभागीय अधिकारियों से स्पष्ट अपेक्षा की। सांसद ने समस्त विभागों को केंद्र/राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सूची एवं उनकी प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।


उन्होने कहा कि शासन द्वारा जो भी छोटी बड़ी योजनाए संचालित हो रही है उनकी होने वाले बैठको मे जनप्रतिनिधियो को अवश्य सम्मिलित किया जाये। जनपद प्रतिनिधियों के शिकायत पर जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रो की जॉच कराते हुए सम्बन्धित व्यक्ति एंव सचिव पर कार्यवाही हेतु अपेक्षा सांसदों द्वारा की गयी। बैठक मे विद्युत, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी/ग्रामीण), सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, निराश्रित महिला पेशन योजना, बेटी बचाव बेटी पढाओ, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण/शहर), राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर, सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, समेकित बाल विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री रोजगार श्रृजन कार्यकम, एवं टेलिकाम, रेलवेज, हाईवेज, वाटरवेज, माइन्स आदि के सम्बन्ध में कराये गये कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान उपस्थित विधयक, सदस्य और जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को रखा। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने उक्त समस्याओं के संबंध में संबधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण करने एवं जनप्रतिनिधिओं को सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रदेश/शासन की प्राथमिकताओं में शामिल योजनाओं सहित जनपद के जन कल्याणकारी, गरीबी उन्मूलन, रोजगारपरक योजनाओं एवं विभागीय कार्याे को गुणवत्ता को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक के दौरान जो भी निर्देश दिये गये है उन सभी निर्देशों का पालन जिलाधिकारी के नेतृत्व एवं अधिकारियों के माध्यम से कराना सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्षत सपना सिंह, विधायक जमानिया ओम प्रकाश सिंह, विधायक मुहम्मदाबाद शोएब अंसारी, विधायक सदर जैकिशन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख, विधायक प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी, परियोजना निदेशक राजेश यादव सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
-
थानों के निरीक्षण के बाद जिले के बार्डर पर पहुंचे एसपी





गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को सुहवल थाना, रेवतीपुर थाना और थाना गहमर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना का कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क, मेस, बैरक और थाने पर हो रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विहार राज्य से लगने वाली सीमा तथा बार्डर पर स्थित बारा और देवल पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बार्डर से होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने और अवैध गतिविधि में शामिल होने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देशित किया।
-
पुलिस कर्मियों के साथ रूट मार्च पर निकले एसपी





गाजीपुर। रविवार की शाम पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गहमर थाना क्षेत्र में पुलिस कर्मियों के साथ शान्ति व्यवस्था को लेकर रूट मार्च/पैदल गस्त किया। रूट मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम जनमानस में शांति एवं सुरक्षा की भावना का संचार किया। इस दौरान आम जनमानस से पुलिस अधीक्षक ने बातचीत भी किया और उनसे जनपद में शांति और सुरक्षा संबंधीत जानकारी भी लिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक भारती और क्षेत्राधिकारी सहित थाना प्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद थे।
-
भारी मात्रा में गोमांस के साथ दो गिरफ्तार




गाजीपुर। दिलदारनगर थाना पुलिस ने गोमांस, देशी तमंचा और कारतूस के साथ दो अभियुक्तों गिरफ्तार किया। मुखबीर की सूचना पर दिलदारनगर थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक चन्द्रशंकर मिश्र अपने पुलिस कर्मियों के साथ रविवार को जबूरना गाँव मे ईदगाह के पीछे वहद ग्राम जबूरना से इम्तियाज कुरैशी पुत्र मुमताज कुरैशी निवासी गाम मिर्चा थाना दिलदारनगर और सेराज खाँ पुत्र स्व0 तसद्दुक खा निवासी ग्राम जबूरना थाना दिलदारनगर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 62 किलो ग्राम गोमांस, 1 लोहे का चापड़, 2 चाकू, 1 स्टील राड, 1 लकड़ी का ठीहा, 1 तराजू, 2 बाट और 1 मोटरसाइकिल बरामद किया गया।
-
कोतवाली पुलिस ने असलहे और मोटरसाइकिल के साथ दो लोगों को किया गिरफ्तार



गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचा, कारतूस और चोरी की एक मोटर साइकिल बरामद किया। रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने उपनिरीक्षक सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस कर्मियों के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के बुद्धा हास्टल के लार्ड कार्नवालिस रोड के पास से संदीप यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी बसनियाँ थाना भाँवरकोल और विवेक राय उर्फ रावण पुत्र मुन्ना राय निवासी गरूआ मकसूदपुर थाना सुहवल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से अवैध 2 तमंचा 315 बोर, 2 जिन्दा कारतूस 315 और मऊ से चोरी की गयी एक मोटर साइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के उपर जिले के विभिन्न थानों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाले पुलिस में विश्वेरगंज चौकी प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
-
भाजपाइयों ने फूंका पाकिस्तान के विदेश मंत्री का पुतला






गाजीपुर। पाकिस्तानी की विदेश मंत्री विलावल भुट्टो के खिलाफ राष्ट्र व्यापि अभियान के क्रम मे शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व मे जुलूस निकाल कर पाकिस्तान और विलावल भुट्टो के खिलाफ नारे लगाते हुए भुतहियाटाड़ (प्रकाश नगर) स्थित सैनिक चौराहे पर पुतला फूंका गया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वृहस्पतिवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री विलावल भुट्टो ने शर्मनाक और आपत्तिजनक जो टिप्पणी किया है उसको लेकर आज सायंकाल भाजपा कार्यालय छावनी लाइन से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, कृष्ण बिहारी राय और प्रभुनाथ चौहान सहित आदि वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व मे जुलूस के रुप मे हाथों मे पाकिस्तान तथा पाक विदेश मंत्री विरोधी नारों से लिखी तख्तियां हाथों मे लेकर नारे लगाते हुए भुतहियाटाड़ चौराहे पहुंच कर विलावल भुटटो का पुतला जलाया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान कि आर्थिक स्थिति भयावह हो चुकी है और पाकिस्तान सरकार का नियंत्रण समाप्त हो चुका है। ऐसे मे सस्ती लोकप्रियता के लिए विलावल भुट्टो की टिप्पणी सामने आई है जिसे भारत कत्तई बर्दाश्त नही करने वाला है। जिला प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमान जनक शब्दों की टिप्पणी पाकिस्तान को महंगी पडेगी। सरोज कुशवाहा ने कहा कि पाकिस्तान मे जब जब गृहयुद्ध की स्थिति बनती है तब तब वह भारत और उसके नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करता है लेकिन भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ पाकिस्तानी विदेश मंत्री कि यह टिप्पणी उनके विछिप्तता और नैतिक पतन को दर्शाता है। लोक सभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि पाकिस्तान आर्थिक संकट से डवांडोल हो चुका है। और वहां के विदेश मंत्री विलावल भुट्टो पागल हो चुके है। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख अवधेश राय, पुर्व जिलाध्यक्ष वृजेन्द्र राय,सुनिल सिंह,वृजनन्दन सिंह,ओमप्रकाश राय,प्रो शोभनाथ यादव, दयाशंकर पांडेय,रमेश सिंह पप्पू,बालकृष्ण त्रिवेदी, अवधेश राजभर,विनोद अग्रवाल,योगेंद्र सिंह,डा मुराहु राजभर,,मनोज सिंह, संकठा प्रसाद मिश्रा,श्यामराज तिवारी, अखिलेश सिंह, सरोज मिश्रा, ओमप्रकाश राम, राजेश राजभर,अच्छे लाल गुप्ता,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,कार्तिक गुप्ता,लालसा राजभर,,योगेश सिंह,रासबिहारी राय,राकेश राय,अनिल पांडेय,सुमित तिवारी,श्यामबली मदेशिया,किरन सिंह, विशाल चौरसिया,राजेश विश्वकर्मा,अजीत सिंह,सुनील गुप्ता, गोपाल राय,विनीत शर्मा, चतुर्भुज चौबे,संदीप सिंह,हंसराज राजभर, अनिल गुप्ता, आदि सहित सभी मोर्चा अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष,मंडल प्रभारी,युवा मोर्चा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।
-
461 शिकायत और प्रार्थना पत्रों में सिर्फ 31 का ही हुआ निस्तारण




गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबद में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान 126 शिकायत और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 4 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 461 शिकायत और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर सिर्फ 31 शिकायत और प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत और प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया जाय। उन्होने सार्वजनिक भूमि, तालाब, सरकारी भूमि, ग्राम समाज के भूमि पर अवैध अतिक्रमण को एक अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





