गाजीपुर।शुक्रवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा जिला कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का त्रैमासिक (आंतरिक) निरीक्षण किया गया। इस दौरान ईवीएम गोदाम को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया। ईवीएम / वीवीपैट मशीनों के रख- रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय का भी निरीक्षण किया।कार्यालय में स्वच्छता बनाए रखने एवं कार्य कुशलता को बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इसके साथ ही, कार्यालय में केबिन निर्माण हेतु भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।जिनमें राजेश कुमार यादव (जिला सचिव, समाजवादी पार्टी), राजन कुमार प्रजापति (कार्यालय मंत्री, भारतीय जनता पार्टी), सुभाष राम सिपाही (विधान सभा प्रभारी, बहुजन समाज पार्टी), जावेद अहमद (उपाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी), मारकण्डेय प्रसाद (अध्यक्ष, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), जोगेन्दर यादव (सदस्य, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
गाजीपुर।उत्तर प्रदेश सरकार की ‘‘सेवा, सुरक्षा सुशासन‘‘ की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद स्तर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में गुरुवार को तीसरे दिन मंत्री ओम प्रकाश राजभर पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रदर्शनी में लगाए गए समस्त विभागों के स्टालों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पंजीकृत कलाकारों द्वारा सास्कृतिक एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागतगीत प्रस्तुत किए गए। परिसर मे आयोजित महिला सशक्तिकरण एंव समृद्धि तथा ऋण मेले का मंत्री ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के ‘‘सेवा, सुरक्षा व सुशासन, की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होने कहा कि आठ वर्षाे के कार्यकाल मे जनता ने स्वीकार किया है कि प्रदेश मे जो दंगे होते थे वो बंद हो गए। छुट्टा अपराधियों पर बडे़ पैमाने पर लगाम लग चुका है, किसान सम्मान निधि बिचौलियो से मुक्त होकर सीधे किसानो के खाते मे जा रही है। आयुष्मान कार्ड से हर वो पात्र व्यक्ति लाभ प्राप्त कर रहा है। पात्रो को बिना किसी परेशानी के अगूंठा लगाकर राशन प्राप्त हो रहा है। किसानो को सिचाई के लिए नहरो की समस्या दूर हो गई,अधूरे नहरो का निर्माण पूर्ण कराया गया है। किसानो का गन्ना भुगतान समय से हो रहे है। नौजवानो को नौकरियां एवं रोजगार देने का काम सरकार ने इन आठ सालो मे किया है। ‘‘सबका साथ-सबका विकास‘‘ केन्द्र व राज्य सरकार के नेतृत्व मे अच्छे से चल रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 8 वर्षो मे सेवा, सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि, सनातन एवं संस्कृति की दिशा मे अभूतपूर्व कार्य किया।आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन गया है। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षो मे जनहित मे कई ऐतिहासिक कार्य किए है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ के कारण समाज के सभी वर्गो को विकास का लाभ मिल रहा है। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार तथा केन्द सरकार महिलाओें को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए कटिबद्ध है, इस लिए विभिन्न विभागो के योजना के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए नई नई योजनाए लाई जा रही है।
विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि इस प्रदर्शनी में समस्त विभागों के इंस्टाल लगाए गए हैं एवं लोगों को उनके विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में जो भी पात्र है वह इस मेले में अवश्य आए और योजनाओं का लाभ पाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहले लोग तहसील से लेकर जनपद मुख्यालय तक अपनी समस्याओं को लेकर चक्कर लगाते थे, लेकिन जब से हमारी पार्टी की सरकार बनी है हमारी सरकार ने गांव के विकास पर जोर दिया है। हमें आज कोई संदेह नहीं है कि समाज के सबसे अंतिम पायदान पर बैठा व्यक्ति केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों का कल्याण हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा नव नियुक्त आगंनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र, अच्छे कार्य करने वाले आगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं ग्रामप्रधानो को प्रशस्ति पत्र, संस्कृति विभाग के कलाकारो को प्रमाण पत्र का वितरण किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओ के अन्तर्गत ऋण वितरण, विभिन्न विभागो के द्वारा संचालित योजना के पात्र लाभार्थियो को प्रमाण पत्र, टी 0बी से ग्रसित मरीेज को पोषण किट आदि का वितरण किया गया। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कैबिनेट मंत्री को उत्तर प्रदेश सरकार की स्मृति चिन्ह भेट स्वरूप किया । कार्यक्रम मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने स्वागत संबोधन व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य ने किया । संचालन दुर्गेश सिंह ने किया । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी, अंशुल मौर्य, सुरेंद्र राजभर जिलाध्यक्ष भासपा, सुरेश राजभर प्रतिनिधि मा0मंत्री जी, दयाशंकर पांडेय मंत्री भाजपा ,साधना राय जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा, माया सिंह मंत्री भाजपा महिला मोर्चा , रुद्रा पांडेय पूर्व जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा, पूनम मौर्या क्षेत्रीय सह सोशल मीडिया प्रभारी उपस्थित रहेे।
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के ऐतिहासिक 8 वर्ष एवं केन्द्र सरकार के 10 वर्ष पूर्ण होने पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आडिटोरियम सभागार मे प्रेसवार्ता की गई। प्रेस प्रतिनिधियो से मुखातिब होते हुए उन्होने उत्तर प्रदेश सरकार के 08 वर्ष होने के अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई और बदलते उत्तर प्रदेश पर प्रकाश डाला।उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों तथा पर्यटकों को आकर्षित करने में देश में शीर्ष स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी के अन्तर्गत आवास निर्माण में उत्तर प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन ,प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 1.85 करोड़ निःशुल्क गैस कनेक्शन देने में, पी०एम० स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेण्डर्स को सर्वाधिक ऋण देकर देश में प्रथम स्थान पर है। अटल पेंशन योजना के अन्तर्गत पंजीकरण करने ,ग्रामीण स्वच्छ शौचालय निर्माण में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में सजा दिलाने उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। इसके साथ ही ईज ऑफ डुईंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश अचीवर्स स्टेट है। 96 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योगों की स्थापना ,प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत सम्पूर्ण वित्तीय समावेशन की संकल्पना के अनुरूप उत्तर प्रदेश 8.51 करोड़ खातों के साथ देश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश में 4.29 करोड़ नामांकन के साथ प्रथम,प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश में 1.39 करोड़ नामांकन के साथ उत्तर प्रदेश द्वितीय स्थान पर है। अटल पेंशन योजना के अन्तर्गत अब तक 75 लाख नामांकन के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। वर्ष 2024 में अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में 25,12,585 दीप जलाकर पुनः गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज। कृषि निवेशों पर किसानों को देय अनुदान डी०बी०टी० के माध्यम से भुगतान करने वाला देश में उत्तर प्रदेश पहला राज्य बना। गन्ना एवं चीनी, खाद्यान्न, आम, दुग्ध, आलू, शीरा उत्पादन में उत्तर प्रदेश का देश में लगातार प्रथम स्थान। देश में एथेनॉल के उत्पादन व आपूर्ति करने में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। ई-मार्केट प्लेस (जेम) के अन्तर्गत सर्वाधिक सरकारी क्रय करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन की कार्ययोजना विकसित करने में देश में उत्तर प्रदेश अग्रणी। कौशल विकास नीति को लागू करने वाला उत्तर प्रदेश प्रथम राज्य। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 16 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति हो चुकी है जिसमें से 14.65 लाख से अधिक आवास पूर्ण व आवंटित किए जा चुके हैं। इस अवसर पर विधायक जमानियां बेदी राम , जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, सूचना अधिकारी राकेश कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का चतुर्थ एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया जिसमें यातायात जागरूकता अभियान से संबंधित एक रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । महाविद्यालय से महुआ बाग मिश्रा बाजार कोतवाली तक रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने सड़क सुरक्षा संबंधी तमाम नारे – दुर्घटना पर लगेगा ताला जब पहनोगे सुरक्षा की माला, सड़क सुरक्षा की यही पुकार बिना हेलमेट सब बेकार – आदि लगाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने एवं शराब पीकर गाड़ी न चलाने का संदेश दिया।
तत्पश्चात महाविद्यालय लौटकर स्वयं सेवी छात्राओं ने जलपान किया। शिविर के दूसरे सत्र में प्राचार्य की अध्यक्षता में “व्यक्तित्व विकास एवं कैरियर गाइडेंस” से संबंधित एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें स्वयंसेवी छात्राओं को व्यक्तित्व विकास एवं कार्य क्षेत्र में सफल होने संबंधी आवश्यक बातें बताई गई। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने विविध क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की साथ ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजना बनाने एवं सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का प्रभाव उसके पहनावे एवं व्यवहार से स्पष्ट होता है । साथ ही अनुशासन एवं स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने पर जोर दिया । डॉ मनीष सोनकर ने छात्राओं को आगामी परीक्षा की तैयारी हेतु समय सारणी बनाकर अध्ययन करने साथ ही आगे अपने करियर का चुनाव सही तरीके से कैसे किया जाए इसके प्रति मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला के दौरान शिवांगी, शिवानी राय, भावना, श्रेया, नीतू, निशा, अर्चना, आदि ने परीक्षा के दौरान तनाव व चिंता से कैसे बचें, साथ ही करियर एवं जीवन की अन्य चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के दौरान डॉ पीयूष, डॉ विकास, डा. निरंजन सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राएं उपस्थित रहे।
शिक्षा की अलख जगाने को डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का होगा शुभारंभ
गाजीपुर। शिक्षा की अलख जगाने की नई पहल का शुभारंभ होने जा रहा है।शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डालिम्स जखनियां का आगाज होने जा रहा है। जन जन तक शिक्षा को पहुंचाने के उद्देश्य से आमिर अली का एक और प्रयास जारी है। उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति जलाना और बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाना है। यह पहल न केवल शैक्षिक विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प भी लेती है।डालिम्स जखनियां स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षिक केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसमें बच्चों के लिए नवीनतम शिक्षण तकनीकों का उपयोग, प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति और सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता शामिल है। लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ना है।डालिम्स को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमारे बच्चों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। अब उन्हें भी शहरों की तरह अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।” यह पहल नई पीढ़ी को सशक्त बनाने और क्षेत्र में शैक्षिक क्रांति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।डालिम्स जखनियां शुभारंभ शुक्रवार 28 मार्च को एक समारोह के साथ किया जाएगा।जिसमें स्थानीय नेता, शिक्षाविद् और सारे समुदाय के लोग शामिल होंगे। इस परियोजना से न केवल जखनियां बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी शिक्षा का स्तर ऊंचा उठने की उम्मीद जताई जा रही है। यह प्रयास शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। समारोह के मुक्त अतिथि डालिम्स सनबीम स्कूल के डायरेक्टर बाबा प्रदीप मधोक होंगे। विशिष्ट अतिथि में विधायक ओ.पी. सिंह,विधायक गाजीपुर डॉ. वीरेंद्र यादव, विधायक सदर जय किशुन साहू और आशुतोष सिन्हा एमएलसी शामिल होंगे।
14 वर्षों के जनता के संघर्ष का परिणाम है अब तक का सबसे कम दर पर टैक्स स्लैब का अंतिम प्रकाशन होना: शम्मी
ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने आपत्ति निस्तारण के बाद स्वकर की दरों के अंतिम प्रकाशन में दिए गए दरों को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसको जनता के संघर्षों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आपत्ति निस्तारण के आखिरी दिन जो सुझाव जनहित में टैक्स को लेकर आपत्ति के रूप में दर्ज कराया गया था, लगभग वही दर अंतिम प्रकाशन में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि जो टैक्स छ: गुना कमर्शियल के रूप में लिया जाता था, वह अब दोगुना कर दिया गया है। जो रेजिडेंशियल टैक्स 90 पैसे से 45 पैसे तक हुआ था, अब वह 30 पैसे के दर से जनता से हाउस टैक्स के रूप में लिया जाएगा।
शम्मी सिंह ने कहा कि यह दर जन सामान्य को देने की स्थिति में रहेगी। उन ऊपर भारी टैक्स का बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो चुनावी जुमले के रूप में स्वकर आधा किया गया था, उसकी वजह से अब तक जिन सम्मानित नागरिकों ने ज्यादा टैक्स जमा किया है, उसको भी नगर पालिका परिषद द्वारा पॉलिसी बनाकर समायोजित किया जाना आवश्यक है। जिनका भी टैक्स ज्यादा जमा है, उसको एडवांस टैक्स मानते हुए आने वाले सालों में समायोजित किया जाना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा हाउस टैक्स के नाम पर ज्यादा पैसा जो वसूला गया है, अगर उसका समायोजन नहीं हुआ तो हम वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। यह जो अंतिम प्रकाशन हुआ है, अगर इसमें भी किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई तो हम सभी मिलकर नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी करके अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला के नेतृत्व में निकली बाइक रैली
गाजीपुर। मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के बेमिसाल लगातार आठ वर्ष कि विशेष उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने को लेकर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विश्वप्रकाश अकेला के नेतृत्व मे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नगर मे बाइक जुलूस निकाला। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुनील सिंह, कृष्ण बिहारी राय के सानिध्य मे बाइक रैली महात्मा गांधी पार्क आमघाट ,महुआबाग, मिश्र बाजार तिराहा, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद,लंका , चुंगी, सिंचाई विभाग चौराहा के रास्ते,विकास भवन चौराहा से,आरटीआई चौराहे होते विगत आठ वर्ष की अनुपम उपलब्धि का प्रतीक महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर सभा करके सम्पन्न हुई। कार्यकर्ताओं द्वारा जुलूस के रास्ते भर लगातार योगी सरकार के आठ साल — बेमिसाल, बेमिसाल, भारत माता की जय, वंदेमातरम्, भाजपा जिन्दाबाद के नारे लगाए गए। सभा स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि देश और प्रदेश मे भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शिलान्यास, निर्माण और लोकार्पण की एक निश्चित अवधि मानक के परम्परा का प्रारंभ किया है। विकास और सृजन के क्षेत्र में भाजपा सरकार की अतुलनीय उपलब्धि देश मे स्वस्थ्य और मजबूत लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केन्द्र सरकार व विगत आठ वर्षों मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सरकार ने जिले मे विकास लक्ष्यों के अनगिनत मानक स्थापित किए है।जिनका गुणगान सिर्फ जनपद ही नहीं जनपद के बाहर के लोग भी करते रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि 2017 के पहले और 2017 के बाद देश,प्रदेश और जिले के विकास का अगर मूल्यांकन परिणाम देखा जाए तो कोरोना काल के बावजूद भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार में कभी जिला चिकित्सालय मे एक सर्जन के लिए संघर्षरत जिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज अनगिनत चिकित्सकों का निर्माण कर रहा है। अगर जिले के कोने कोने में नजर जहां तक जाए वहां सिर्फ सिर्फ भाजपा के कार्यकाल की उपलब्धि गाथा ही दिखाई देगी। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विगत आठ वर्षों में प्रदेश में शांति, सुरक्षा की स्थापना के साथ विकास की बेमिसाल उपलब्धि हासिल हुई है। भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने सबके प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने सभा का संचालन किया। इस अवसर पर जिलामंत्री सुरेश बिंद, विनोद अग्रवाल,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री मयंक जायसवाल, भाजयुमो महामंत्री अविनाश सिंह , विवेकानंद राय,हर्षित सिंह, ऋषभ राय, अंकुश श्रीवास्तव, शशांक राय,आशुतोष राय, गौरव श्रीवास्तव , शिवम राय,अशोक कुशवाहा, , शौरभ उपाध्याय, पंकज,आशुतोष कुशवाहा, काशीनाथ तिवारी, मनीष तिवारी, नीरज पाण्डेय,शुभम विश्वकर्मा, शुभम राय,मनोज यादव, राजेश सोनकर, गर्वजीत सिंह,राजन प्रजापति,गब्बर व अन्य लोग उपस्थित थे।
पीजी कॉलेज शिक्षकों का सरकार के खिलाफ़ बुलंद आवाज़; पुरानी पेंशन बहाली और नई शिक्षा नीति के विरोध में प्रदर्शन
गाजीपुर। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संगठन (AIFUCTO) के आह्वान पर बुधवार को पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के शिक्षकों ने सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ़ अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने लगातार तीन दिनों तक, 24, 25 और 26 मार्च को अपनी बाँहों पर काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और नई एवं एकीकृत पेंशन योजना को वापस लेने का दबाव बनाना था। शिक्षकों ने एक स्वर में सरकार से यह भी मांग की किया कि नई शिक्षा नीति को समाप्त किया जाए, सह आचार्य एवं आचार्य पदों पर पदोन्नति के लिए पीएचडी की अनिवार्यता को खत्म किया जाए, और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की प्रस्तावित विनियमावली (ड्रॉफ्ट रेगुलेशन) 2025 को तत्काल वापस लिया जाए। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों ने अस्थायी, अतिथि और स्ववित्तपोषित शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार करने और शिक्षकों के सभी रिक्त पदों को भरने की पुरजोर मांग की।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के वरिष्ठ संयुक्त मंत्री डॉ. जे. के. राव और महाविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें तत्काल पूरा करने का आह्वान किया। इस सशक्त प्रतिरोध में महामंत्री शिक्षक संघ डॉ मनोज कुमार सिंह, प्रो. धर्मराज सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. पंकज यादव, डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. यशवन्त मौर्या, डॉ. उमा निवास मिश्र, डॉ. मंजीत सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. आस्था, डॉ. बी. सी. झा, डॉ. बद्री नाथ सिंह, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार वर्मा, डॉ. शिव शंकर यादव, डॉ. अनुज कुमार मिश्र, डॉ. प्रदीप कुमार रंजन, डॉ. भोलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. स्मृति, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन तीन दिनों के दौरान, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के नेतृत्व में शिक्षकों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में सरकार की नीतियों के खिलाफ़ अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी मांगों को अति शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। यह विरोध प्रदर्शन सरकार को यह स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षक समुदाय अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्पित है और यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
गाजीपुर की बेटी डॉ. अपराजिता ने गोवा राजभवन में सम्मान पाकर रचा इतिहास
गाजीपुर। जिले की बेटी डॉ. अपराजिता सिंह ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा से दुनिया भर में नाम कमाया है। हाल ही में उन्हें गोवा के राजभवन में ‘इम्पैक्ट बियॉन्ड मेज़र CSR अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजदरबार हॉल में हुआ, जहां गोवा के राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई और समाज कल्याण मंत्री सुभाष फल देसाई मौजूद थे। मंत्री ने खुद उन्हें पुरस्कार देकर उनकी उपलब्धियों की तारीफ की। डॉ. अपराजिता ने कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने 37 सेकंड में आवर्त सारणी याद कर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई। इसके अलावा 2 घंटे तक व्हील पोज और 1 घंटे 26 मिनट तक मरमेड पोज में रहकर इंटरनेशनल योगा बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया। एक मिनट 26 सेकंड में आवर्त सारणी का चार्ट बनाने और एक उंगली से 4 सेकंड में A से Z टाइप करने जैसे रिकॉर्ड भी उनके नाम हैं। चीन की एक यूनिवर्सिटी में एक महीने में 11 शोधपत्र प्रकाशित कर वह सबसे युवा शोधकर्ता बनीं। उनके शोध को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सराहा। टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में काम के लिए अमेरिका की केनेडी यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट दी। शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र दुबे और गायक सलीम मर्चेंट ने भी उनकी तारीफ की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने उन्हें नेशनल आइकॉन अवॉर्ड दिया। डॉ. अपराजिता की मेहनत और लगन ने साबित किया कि उम्र कोई मायने नहीं रखती। गोवा राजभवन में सम्मान पाकर उन्होंने गाजीपुर और पूरे देश का नाम रोशन किया। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। अपराजिता गाज़ीपुर के न्यू प्रोफेसर कॉलोनी में रहती हैं ।
“प्रादेशिक रोवर्स-रेंजर्स समागम में भाग लेने पी जी कॉलेज गाजीपुर की टीम को प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए किया रवाना”
गाजीपुर। पीजी कॉलेज की रोवर्स-रेंजर्स टीम प्रयागराज में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय रोवर/रेंजर समागम 2024-25 में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई है। इस टीम को प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह समागम 26 से 28 मार्च 2025 तक प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज में आयोजित होगा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं से मुखातिब प्राचार्य पाण्डेय ने कहा, “रोवर्स एवं रेन्जर्स के छात्र-छात्राओं, यह बेहद गर्व का क्षण है कि पीजी कॉलेज गाजीपुर के छात्र और छात्राएँ इस प्रतिष्ठित प्रादेशिक समागम में भाग लेने जा रहे हैं। यह मंच आपकी प्रतिभा, नेतृत्व और समर्पण को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। विशेष रूप से हमारी रेंजर छात्राओं से मैं कहना चाहता हूँ कि आप अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग करें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी मेहनत से कॉलेज का नाम रोशन करें। यह समागम न केवल प्रतियोगिता का अवसर है, बल्कि एकता, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। मैं आप सभी को शुभकामनाएँ देता हूँ कि आप उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और सम्मान के साथ वापस लौटें।”
आयोजन का विवरण:
इस समागम में टीमों का आगमन 25 मार्च 2025 को सायं 7:00 बजे तक होगा, जबकि समापन और प्रस्थान 28 मार्च 2025 को समापन समारोह के पश्चात होगा। प्रत्येक विश्वविद्यालय से चयनित 3 रोवर और 3 रेंजर, कुल 6 प्रतिभागी, इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।
पुरस्कार:
इस समागम में विभिन्न पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। टीम पुरस्कारों में ओवरऑल चैंपियन विश्वविद्यालय को कमिश्नर रनिंग कप/शील्ड और 1,00,000/- रुपये नकद, जबकि ओवरऑल रनर्सअप विश्वविद्यालय को रनिंग कप/शील्ड और 50,000/- रुपये नकद प्रदान किए जाएँगे। इसके अतिरिक्त, बेस्ट रोवर क्रू और बेस्ट रेंजर टीम को प्रमाण पत्र, शील्ड/कप और 51,000/- रुपये नकद से सम्मानित किया जाएगा। व्यक्तिगत पुरस्कारों के अंतर्गत वाद-विवाद और बी.एस.जी. ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 10,000/-, 7,500/- और 5,000/- रुपये नकद के साथ प्रमाण पत्र दिए जाएँगे।
प्राचार्य ने अंत मे कहा कि पीजी कॉलेज गाजीपुर की टीम इस समागम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार है। हम सभी उनकी सफलता की कामना करते हैं।