महाविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाजीपुर। बुधवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महाविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका विषय ‘ राष्ट्र निर्माण में स्त्री शिक्षा की भूमिका’ था। अपने निबंध में छात्राओं ने बताया कि जब एक स्त्री शिक्षित होती है तो केवल घर नहीं बल्कि पूरा समाज भी शिक्षित होता है। छात्राओं ने यह भी लिखा कि स्त्री शिक्षा का ही परिणाम है जो स्त्री सही गलत में फर्क समझ कर समाज को सही दिशा में ले जा रही है । इंदिरा गाँधी, सरोजिनी नायडु एवं खेल जगत की सारी स्त्रियां शिक्षा की वजह से आगे बढ़ी हैं।

स्त्री शिक्षा की वजह से एक बेहतर समाज बन सकता है। इस प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान की प्रतिभागियों का चयन बहुत चुनौती भरा था क्योंकि सभी ने अपने स्तर पर बेहतरीन अभिव्यक्ति दी। निबंध प्रतियोगिता में संजना विश्वकर्मा प्रथम स्थान पर रही और संध्या राजभर ने दूसरा स्थान पाया जबकि तीसरे स्थान पर प्रज्ञा वर्मा रही। इस पूरी प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ.संगीता मौर्य, डॉ.नेहा कुमारी एवं डॉ. मनीष कुमार सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रहीं। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. शिव कुमार , डॉ.निरंजन यादव उपस्थित रहे।

डीएम एसपी ने जिले के बार्डरों का लिया जायजा, किया अपील 

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के द्वारा अवगत कराया गया है कि जिला प्रशासन प्रयागराज की सूचना के अनुसार मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है जिसके कारण अल्पसमय के लिए प्रयागराज जाने वाले वाहनों का आवागमन रोका गया है जिससे व्यवस्थाए सुचारू रूप से संचालित हो सके।

जिसके क्रम में जिलाधिकारी द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं से अभी प्रयागराज न जाने तथा संयम बरतने के साथ ही जिला प्रशासन का सहयोग करने का विनम्र अनुरोध किया गया है।

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधिकक्षक डा ईरज राजा द्वारा बुधवार की सुबह से ही राजकीय आई0टी0आई0, मरदह पूर्वांचल एक्सप्रेस्वे मऊ बाडर, कुण्डेसर, हैदरियां बलियां बाडर, औड़िहार, सिधौना वाराणसी बाडर एवं अन्य क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर यातायात, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने, शौचालय पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, शौचालय पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए जिला स्तरीय अधिकारी सुबह से ही सक्रिय होकर कार्य कर रहे है।

सबसे अधिक अंक लाकर टॉपर बनी श्रेया वर्मा

गाजीपुर। स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एम० ए० राजनीतिक शास्त्र की छात्रा श्रेया वर्मा पूरे महाविद्यालय में सबसे अधिक अंक लाकर महाविद्यालय टॉपर बनी। श्रेया वर्मा ने एम० ए० राजनीतिक शास्त्र में 80% अंक लाकर महाविद्यालय में टॉप किया। मोहल्ला रायगंज की रहने वाली श्रेया वर्मा संतोष वर्मा की पुत्री है। 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० वी०के० राय ने महाविद्यालय टॉपर श्रेया वर्मा को सम्मानित किया।

कहा कि श्रेया वर्मा ने महाविद्यालय में टॉप कर के महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। हमें उम्मीद है की आगे भी ऐसे कार्य करे कि महाविद्यालय को गर्व हो। श्रेया वर्मा ने अपने टॉपर बनने का श्रेय महाविद्यालय के शिक्षकों और अपने माता पिता को दिया।
इस अवसर पर डॉ० नर नारायण राय, डॉ० अवधेश पांडेय, डॉ० सतीश राय, डॉ० प्रमोद कुमार अनंग, डॉ० कंचन सिंह एवं डॉ० तूलिका श्रीवास्तव सहित आदि शिक्षक व महाविद्यालय के कर्मचारी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

साबिर अली आईटीआई कॉलेज में नेता प्रतिपक्ष का हुआ जोरदार स्वागत

शिक्षकों की लड़ाई लड़ने का संकल्प दोहराया, नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव

जखनिया में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर किया स्वागत

गाजीपुर। मंगलवार को जखनिया स्थित साबिर अली आईटीआई के प्रांगण में उत्तर प्रदेश विधान परिषद में विपक्ष के नेता लाल बिहारी यादव के आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष आमिर अली और सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधेश उर्फ राजू यादव ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया।

इस अवसर पर लाल बिहारी यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षकों की लड़ाई मैं हमेशा लड़ता रहूंगा, चाहे मैं नेता प्रतिपक्ष रहूं या एमएलसी। शिक्षकों के हित के लिए मुझे अपने जीवन की आहुति भी देनी पड़े, तो मैं पीछे नहीं हटूंगा।

उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव शिक्षकों के मुद्दों को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हर शिक्षक चाहे सरकारी हो या निजी उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “एक शिक्षक समाज अनेक जीवन को गढ़ने का काम करता है। उनका सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।

कार्यक्रम में जनाब अनवर अली, अनुज कुमार सिंह, सर्वानंद पांडेय, अमर नाथ यादव, पूर्व प्रधान कैलाश सोनकर समेत कई लोग उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम सपा उपाध्यक्ष आमीर अली की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

डीएम ने मॉडल गांव का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का किया शुभारंभ

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को विकास खण्ड बाराचवर के अन्तर्गत ग्राम पंचायत ताजपुर डेहमा मॉडल गॉव का स्थलीय निरीक्षण कर वहां विभिन्न योजना/परियोजना का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने मॉडल गॉव ताजपुर डेहमा वि0ख0 बाराचवर में पहुचकर वहां बनाये गये स्वम सहायता समूह शेड एवं अमृत सरोवर तालाब, आर0आर0सी सेन्टर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी उद्घाटन समारोह के दौरान अपना सम्बोधन व्यक्त करते हुए कहा कि यहां पर बने अमृत सरोवर जो एक आकर्षण का केंद्र है, जहां पर शाम को लोगो के टहलने व बैठने की व्यवस्था है तथा जल संरक्षण के लिए ऐसे अमृत सरोवर बहुत ही जरूरी हैं।

उन्होने कहा कि ऐसे अमृत सरोवर जिससे जल संरक्षण हो, तथा हमारा पर्यावरण संतुलित हो और लोग स्वस्थ रहें। साथ ही उन्होने महिलाओं की आजीविका के लिए बनाये गये स्वयं सहायता समूह जो कि प्रत्येक गांव में शेड का निर्माण हो रहा है यह भी एक सराहनीय कार्य है। उन्होने कहा कि स्वयं सहायता समूह मे जुड़ी महिलाए अपनी आजीविका के लिए विभिन्न कार्य करते हुए अपना आय को अर्जित कर रही है, उनके लिए यह एक सुरक्षित कार्य स्थल है। यहां पर आकर समूह की महिलाएं कार्य कर सकती हैं, और अपनी आमदनी बढ़ा सकती है।

इसी प्रकार गॉव में आर0आर0 सी सेंटर तैयार किया गया है जिससे गांव के कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। जिससे गांव साफ एवं स्वच्छ रहे, इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा कि अपना कूड़ा इधर उधर न डालकर गांव में ग्राम प्रधान के माध्यम से लगाए गए डस्टबिन में डालें। इसी प्रकार यहां पर आंगनबाड़ी केन्द्र तैयार है जिसमे बच्चों के लिए किट दिया गया है। जिसमें 3 से 6 वर्ष तक के बच्चे के पढ़ने एवं पढ़ाने का पूरा समान है। जिससे बच्चे अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण कर सके। यहां के स्कूल मे कायाकल्प योजना के सारे मानक पूरे है तथा यह ब्लॉक एवं जनपद के लिए एक मॉडल स्कूल है।

उन्होने कहा कि बाराचवर एक महत्वाकांक्षी ब्लॉक है जो कि पहले के सर्वे में कई मापदंडों में पीछे था इसको भारत के नीति आयोग एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी ब्लॉक में लिया गया है, इसके लिए आवश्यक है कि ऐसे ब्लॉक के हर क्षेत्र में अच्छा से अच्छा कार्य हो जिससे ब्लॉक विकास के क्षेत्र मे सबसे आगे पहुंचे। उन्होने ग्राम प्रधान से गांव में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणो को इन योजनाओ केे बारे मे अवगत कराने को कहा जिससे लोगों को इसके महत्व के बारे में पता चले एवं इसका सदउपयोग करें ।

उन्होने कार्यक्रम के दौरान ताजपुर डेहमा के ग्राम प्रधान ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम के सम्मानित व्यक्तियों को कार्य करने एवं सहयोग करने के लिए बधाई दी। इस दौरान कार्यक्रम मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव, डी सी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य, खण्ड विकास अधिकारी बाराचॅवर, ब्लाक प्रमुख बाराचवर, एडीओ पंचायत, गाम प्रधान एंव अन्य अधिकारी/कर्मचारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

डीएम ने किया ईवीएम गोदाम का निरीक्षण,की समीक्षा

गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का मासिक निरीक्षण (बाह्य) किया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवी पैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति,सुरक्षा कार्मिकों की तैनाती और अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम में लगे सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच करते हुए संतोष व्यक्त किया गया। ईवीएम गोदाम एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के कमरों के साफ-सफाई हेतु सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/गाजीपुर, अंसल कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक,सहकारिता तथा अभय शंकर मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे ।

हेमंत राव ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का किया निरीक्षण,की गई गुणवत्ता की जांच

गाजीपुर।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव द्वारा विकास खण्ड बाराचवर के अन्तर्गत स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कमसड़ी पर निर्माणाधीन कक्षा-कक्षों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें निर्माण में प्रयोग हो रहे सामग्रियों की गुणवत्ता की जाँच की गई।पीएम श्री विद्यालय में शासन द्वारा विभिन्न मदों में प्राप्त धनराशियों के अभिलेखों तथा निर्माण में प्रयोग होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता की जाँच की गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उक्त विद्यालयों में निर्माण से संबंधित पाई गई कमियों के सन्दर्भ में चेतावनी प्रदान करते हुए निर्देशित किया गया कि माह फरवरी-मार्च के मध्य निर्माण का कार्य पूर्ण करा लिया जाए, साथ ही निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने की हिदायत भी दी गई एवं गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही प्रकाश में आने पर संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर खण्ड शिक्षा अधिकारी बाराचवर सुनील कुमार उपस्थित रहें।

शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुई छात्र-छात्राओं की टीम

गाजीपुर। गोराबाजार स्थित पीजी कालेज के भूगोल विभाग की ओर से शैक्षणिक भ्रमण के लिए मंगलवार को टीम रवाना हुई।भ्रमण टीम को कालेज से चीफ प्रॉक्टर (मुख्य कुलानुशासक) प्रोफ (डॉ) एसडी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शैक्षणिक भ्रमण टीम 3 बसों से पीजी कॉलेज से राजगीर (बिहार) के लिए मंगलवार की सुबह रवाना हुआ। भ्रमण के लिए कुल छात्र छात्राएं 122 की संख्या में रवाना हुए। शैक्षणिक भ्रमण के क्रम में प्रमुख भौगोलिक एवम सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का अवलोकन छात्र छात्राओं को कराया जाएगा। भ्रमण के लिए छात्र छात्राओं के समूह को राजगीर वन्यजीव अभ्यारण्य, गृद्धकूट पर्वत (विश्व शांति स्तूप), ब्रह्म कुण्ड (गर्म पानी का स्रोत), घोड़ा कटोरा झील ,स्वर्ण भंडार, सप्तपर्णी गुफा सहित आदि स्थानों पर ले जाया जाएगा। भ्रमण समूह के साथ भूगोल विभाग के प्राध्यापक प्रशांत कुमार सिंह,डॉ. अभिषेक यादव,डॉ. गौतमी जैसवारा, उत्कर्ष सिंह के साथ परिचारक सुबाष यादव रवाना हुए।टीम अपने साथ फर्स्ट ऐड बॉक्स के साथ सभी जरूरत के समान लेकर रवाना हुई।

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के छात्र-छात्राओं को एसपी ने किया जागरूक

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन, पुलिस अधीक्षक ने किया मार्गदर्शन


गाजीपुर। बच्चों के शैक्षिक, नैतिक एवं मौलिक गुणों के विकास के लिए वचनबद्ध शहर के बंधवा पीरनगर स्थित माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में मंगलवार को साइबर सुरक्षा पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ इराज राजा रहे। इसके साथ ही ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद एसपी सिटी व अशोक मिश्रा इंस्पेक्टर साइबर क्राइम ब्रांच भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना था।

कार्यशाला की शुरुआत मुख्य अतिथि के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। तदोपरांत माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के निदेशक मोहित श्रीवास्तव के द्वारा मुख्य अतिथि व उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात एसपी डॉ इरज राजा ने अपने वक्तव्य से साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि वर्तमान युग में तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के उपाय बताए। उन्होंने माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल द्वारा साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला की सराहना भी की।

कार्यशाला के दौरान एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद व इंस्पेक्टर साइबर क्राइम अशोक मिश्रा ने भी छात्रों को समझाया कि कैसे साइबर अपराधों से बचने के लिए मजबूत पासवर्ड बनाएं और अनजान लिंक या ईमेल पर क्लिक करने से बचें। विद्यार्थियों ने उत्सुकता से एसपी से सवाल पूछे, जिनका उत्तर उन्होंने सरल और प्रभावी तरीके से दिया।

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के निदेशक मोहित श्रीवास्तव व प्रधानाचार्य डॉ राजेश कारकून ने एसपी डॉ इरज राजा, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद व इंस्पेक्टर साइबर क्राइम अशोक मिश्रा व उनके सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कार्यशाला बच्चों और शिक्षकों के लिए अत्यंत लाभकारी रही। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित शपथ ली और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने न केवल छात्रों बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

महिला पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को महाविद्यालय संस्कृत परिषद द्वारा किया गया। इसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार सामूहिक और एकल, नृत्य, गीत एवं संगीत प्रस्तुत किया। एकल गायन में अनामिका कृष्ण, पूजा कुमारी,स्नेहा वर्मा एवं सोनाली वर्मा का प्रदर्शन सराहनीय रहा। समूह नृत्य में आर्या राय, आसना पाण्डेय, सोनम, अंकिता, रिमझिम, संजना आदि के साथ ही रेंजर ग्रुप की छात्राओं का प्रदर्शन उच्च कोटि का रहा। एकल नृत्य में अर्चिता, सोनी, पायल, खुशी गुप्ता, शिमू राय, शांति सोनी, रेशमा खातून, शालू आदि ने प्रतिभाग किया। यह समस्त कार्यक्रम वार्षिकोत्सव 2025 को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

कार्यक्रम का कुशल संचालन छात्रा स्नेहा वर्मा ने किया तथा जज की भूमिका में डॉ. सारिका सिंह, डॉ.संगीता मौर्य एवं डॉ. नेहा कुमारी उपस्थित रहीं। सम्पूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनीता कुमारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। प्राचार्य ने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपको अपनी कमियों पर काम करने की जरूरत है तभी पूर्णता आएगी। अध्ययन के साथ-साथ आपको किसी ने किसी एक कला से अवश्य जुड़ना चाहिए। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. शिवकुमार ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुये कहा कि आपकी प्रस्तुति शानदार है। गीत संगीत के माध्यम से किसी भी भाव या संदेश को आसानी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। इस कार्यक्रम के आयोजन में संगीत विभाग की छात्राओं ने विशेष योगदान दिया तथा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए भारी संख्या में महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Uttar Pradesh Fast News