गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा स्वास्थ, कृषि, पंचायती राज, पशुधन, ग्राम विकास, वन विभाग, उर्जा, सेवायोजन, बेसिक शिक्षा, लोक निर्माण सेतु निगम एवं पी0एम0जे0एस0वाई, सिचाई एवं जल संसाधन, नमामि गंगे, लघु सिचाई, नलकूप, मत्सय, उद्यान, खाद्य एवं रसद, बाल विकास, समाज कल्याण, महिला कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन, व्यवसायिक शिक्षा, उद्योग, श्रम, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं सहकारिता विभागो की योजनाओ की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी नेे समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन का लाभ परक योजनाओं से वंचित न रहने पाए।
आई0जी0आर0एस प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी दशा में कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाये। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से लगातार की जा रही है। जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिया की पंचायत सचिवालय एवं सामुदायिक सचिवालय प्रतिदिन खुलने चाहिए कहीं भी बन्द अवस्था में न मिले, इसके साथ ही गौशालायों मे समस्त मूल भूत सुविधायें उपलब्ध रहें। पशुओं के लिए चारा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समेत समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों 13 जून को लाल दरवाजा स्थित ओम प्रकाश अग्रवाल के कपड़े की दुकान (बेबी लैण्ड) में आग लगाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी एसपी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पुलिस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि 13 जून को थाना कोतवाली क्षेत्र के लाल दरवाजा में अभियुक्त संजय कश्यप उर्फ श्याम पुत्र कालीचरन उर्फ गोपी निवासी अंजही घाट मारकीनगंज थाना कोतवाली द्वारा ओम प्रकाश अग्रवाल की बेबी लैण्ड नाम की दुकान में आग लगा दी गई। जिस संबंध में थाना कोतवाली में इस मामले में संजय कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे के बाद फरार चल रहा है संजय कश्यप को मंगलवार को सुबह 7.30 बजे क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने राजकीय सिटी स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त संजय कश्यप ने बताया कि मैं ओम प्रकाश अग्रवाल के कपड़े की दुकान में पिछले 7-8 वर्षों तक कार्य किया था। परन्तु ओम प्रकाश अग्रवाल ने मुझे 6 महीने पहले ही बेइज्जत करके दुकान से निकाल दिया था। तभी से मुझे आत्मग्लानि महसूस हो रही थी। जिसके बाद मैं इनका नुकसान करने की फिराक में था। इसी रंजिश में मैंने 13 जून को मौका देखकर इनकी दुकान में आग लगा दिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक सरिया लम्बाई करीब डेढ़ फुट, एक आरी ब्लेड और एक पेंचकस बरामद किया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पाण्डेय और क्राइम ब्रांच टीम के प्रभारी रामाश्रय राय, चंदन मणि त्रिपाठी शामिल रहे।
गाजीपुर। क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 मई को हुए हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी सपा में मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 मई को सैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया खतीब (मनसुखवाँ) में विनोद पुत्र बृजनाथ की हत्या का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को 5 बजे ग्राम कटया थाना सादात के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अपाचे मोटर साइकिल (UP50CU9215 ) बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि जिस लड़की से मेरी शादी तय थी, विनोद उस लड़की पर दबाव बनाता था कि मुझसे वह शादी न करे और उसके दबाव बनाने के कारण मेरी शादी टूट गई । जिससे मैं उससे रंजिश रखता था, उसी रंजिश में मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम- कुन्दन उर्फ मोहित राजभर पुत्र महेन्द्र राजभर निवासी ग्राम कटया थाना सादात उम्र 29 वर्ष है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम सैदपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय राय, चंदनमणि त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
बीए/बीएससी 5 जुलाई और एमए/एमएससी के लिए 15 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष- बीए /बीएससी फर्स्ट सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन जारी है। इस हेतु इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अर्ह छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट http://www.gwpgc.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश आवेदन कर 5 जुलाई तक कर सकती हैं। अब महाविद्यालय में एम ए एवं एम एस सी कक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ हो गया है। जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है। महाविद्यालय में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा तथा विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत प्रवेश काउंसलिंग के द्वारा किया जाएगा। यहां पर चार संकाय -विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं ललित कला के अंतर्गत कुल 22 विषयों में स्नातक एवं 7 विषयों – गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिंदी अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास मे एम ए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी बॉटनी में अध्ययन की सुविधा है। यहां पर बी ए के अंतर्गत कुल 827 सीटें एवं बीएससी के अंतर्गत 130 सीटें प्रवेश हेतु उपलब्ध हैं। परास्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र में 40 एवं एम ए के अन्य सभी विषयों में 60-60 सीटें प्रवेश के लिए उपलब्ध हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी के अनुसार प्रदेश सरकार की विशेष पहल पर महाविद्यालय में पहली बार रोजगारपरक पाठ्यक्रम के अंतर्गत बी बी ए रिटेल का तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस कोर्स में 60 सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ है। स्नातक करने के पश्चात सुनिश्चित रोजगार करने हेतु इच्छुक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं इस कोर्स में ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण करा सकती हैं। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य है। साथ ही यहां पर समय समय पर अनेक रोजगारपरक सर्टिफिकेट कोर्स/कार्यशाला भी संचालित किए जाते हैं। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार स्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग जुलाई के प्रथम सप्ताह में एवं परास्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग जुलाई के तृतीय सप्ताह में प्रस्तावित है। छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाई स्कूल- इंटरमीडिएट के अंक पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग हेतु तैयार रहें। छात्राएं एवं अभिभावक महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें एवं किसी भी जिज्ञासा के लिए दिए हुए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकती है।
गाजीपुर फोटोग्राफी एसोसिएशन ने किया फोटो उत्सव 2.0 का आयोजन
कई जिलों से फोटोग्राफरो और वीडियोग्राफरों ने लिया भाग
गाजीपुर। रविवार को गाजीपुर फोटोग्राफी एसोसिएशन के तरफ से फोटो उत्सव 2.0 का आयोजन एक पैलेस में आयोजित किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश फोटोग्राफी संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रदेश संगठन से मिथिलेश, अमर सिंह, अंश अनंत भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल व पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने संगठन का उत्साहवर्धन किया। इस फोटो उत्सव में पूरे भारतवर्ष के अलग-अलग क्षेत्र से फोटोग्राफी, वीडियोेाग्राफी कंप्यूटर, कैमरे, प्रिंटिंग से संबंधित कई स्टाल लगाए गए थे जिसमें गाजीपुर, भदोही, बलिया, वाराणसी, मऊ इत्यादि जगहों के फोटोग्राफर, वीडियोे ग्राफरो ने आकर के इस आयोजन को पूर्ण रूप से सफल बनाया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधीर केसरी ने किया। समापन की घोषणा संजय सिंह जिला प्रभारी ने किया। मंच का संचालन अंशुल प्रजापति मीडिया प्रभारी ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में गाजीपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन के पवन, संजय वर्मा, मिथिलेश चौहान, संजय पासवान, डब्बू सिंह, गोपाल, गौरव, सुरेंद्र जायसवाल, सुनील कुमार, विनोद प्रजापति, रमेश कुमार, रविंद्र यादव, विनय चौरसिया, विपिन चौरसिया, आकाश कश्यप एवं अन्य सभी पदाधिकारियो की अहम भूमिका रही।
किसी भी उचित दर के दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकता है
गाजीपुर। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त सिंह ने बताया है कि उ0प्र0 शासन द्वारा राशनकार्ड से आच्छादित समस्त लाभार्थियों के ई-केवाईसी का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए प्रदेश के समस्त उचित दर विक्रेताओं की ई-पास मशीन पर ई-केवाईसी सम्बन्धी सुविधा उपलब्ध करा दी गयी हैं। प्रदेश के समस्त राशनकार्ड के मुखिया सहित सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराए जाने का अभियान जून 2024 से प्रारम्भ कर दिया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए राशनकार्ड के मुखिया सहित समस्त सदस्यों का सहयोग नितान्त आवश्यक है। ई-केवाईसी अभियान के महत्वपूर्ण बिन्दु है। राशनकार्ड लाभार्थियों की ई-केवाईसी का कार्य ई-पॉस के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं के सहयोग से निःशुल्क कराया जा रहा हैं। लाभार्थी अपनी निकटतम किसी भी उचित दर दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। ई-केवाईसी हेतु लाभार्थियों का बायोमेट्रिक ऑथेन्टिकेशन किया जाएगा। ई-केवाईसी के साथ इस विकल्प के अन्तर्गत राशनकार्ड से मोबाइल नम्बर जोड़े जाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसका उपयोग राशनकार्ड मुखिया द्वारा करते हुए मोबाइल नम्बर फीड संशोधित किया जा सकेगा। इस मोबाइल नम्बर पर कार्ड पर प्राप्त होने वाले राशन का विवरण एस०एम०एस० द्वारा प्राप्त होगा। उक्त के अतिरिक्त यदि किसी राशनकार्ड में मुखिया से परिवारजन का सम्बन्ध गलत प्रदर्शित है, तो उसे भी सुधारा जा सकेगा। इस संशोधन का अधिकार भी केवल राशनकार्ड के मुखिया को होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशन कार्ड धारको से अपील किया है कि उचित दर दुकानों पर जाकर अपने राशनकार्ड में अंकित मुखिया सहित सभी सदस्यो का ई-केवाईसी पूर्ण कराना सुनिश्चित करें । उचित दर विक्रेताओं को यह भी निर्देशित किया जाता हैं कि जो कार्डधारक उनकी दुकान पर अपना राशनकार्ड, आधार लेकर जाता है उसका अविलम्ब ई-केवाईसी करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार से विलम्ब न किया जाय।
नपा अध्यक्ष और ईओ के खिलाफ सभासदों ने दिया पत्रक, किया मांग
गाजीपुर। जमानिया नगर पालिका अध्यक्ष के मनमाने रवैये से क्षुब्ध होकर सभासदों ने शनिवार को उपजिलाधिकारी के नामौजूदगी मे तहसीलदार देवेंद्र यादव को पत्रक सौंप कर टेंडर निरस्त करने की मांग की। नगर पालिका क्षेत्र के सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता व अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुवे कहा कि अध्यक्ष द्वारा सभासदों को गुमराह करते हुए बिना बोर्ड की बैठक बुलाए ही नवीन कार्य हेतु प्रस्ताव बनवाया और मनमाने तरिके से टेंडर निकाला गया है। आनन फानन मे निकाले गये टेंडर मे भी कई त्रुटिया है। बतादे की टेंडर अप लोधी व खुलने मे मात्र 11 दिन का समय दिया गया है। ज़ब की 30 जून 2021 नगर विकाश विभाग के शासनादेश मे वर्णित S. O. P ( मानक संचालन प्रक्रिया ) के अंतर्गत ई टेंडेंरिग मे न्यूनतम 21 दिन का समय दिया जाना अनिवार्य है। सभासदों का कहना है कि नगर के विभन्न वार्डो में हैंडपंप‚ स्टीर्ट लाईट‚ सड़क आदि खराब है। जिससे जनता परेशान है। जिस पर बोर्ड की बैठक बुलाकर चर्चा करने की जरूरत है, लेकिन बोर्ड की बैठक न बुला कर सभासदों को गुमराह करते हुए अपने नाम से एक प्रार्थना पत्र तैयार कर उस पर हस्ताक्षर करवा लिये और उसका टेंडर भी निकलवा दिए, जो पूर्णतः नियम विरुद्ध है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए और ज़ब तक हम सभासदो के आवेदन पर टेंडर निरस्त या निस्तारण न हो जाय तब तक टेंडर को न खोला जाय। जिस पर तहसीलदार देवेंद्र यादव ने कहा की आपके आवेदन को उपजिलाधिकारी के पास निस्तारण करने के लिए भेज दिया जायेगा और नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। उक्त मौके पर सभासद सचिन वर्मा,राहुल वर्मा‚ प्रमोद यादव‚अंजनी कुमार गुप्ता,मनीष सिंह यादव‚ राज चौधरी, रोहित शर्मा, करीम आदि सभासद मौजूद रहे।
एक जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण व 11 से दस्तक अभियान
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई अंतर्विभागीय समन्वय बैठक
डेंगू की रोकथाम व नियंत्रण पर विभाग का रहेगा ज़ोर, दिए गए कई दिशा-निर्देश
11 से 31 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान, घर-घर दरवाजा खट-खटाएंगी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
टीबी, कुष्ठ, कालाजार व फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान पर भी रहेगा ज़ोर
गाज़ीपुर। जनपद में एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जाएगा और इसी बीच 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाएगा। इसको लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से डेंगू, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे जुलाई माह संचालित किया जाएगा। समस्त विभागों के सामंजस्य से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। डेंगू की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त सहयोगी विभागों को ठोस कदम उठाना होगा। उन्होंने पंचायती राज एंव ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से साफ-सफाई का कार्य, लार्वीसाइडल स्प्रे, फॉगिंग, खराब इण्डिया मार्क-2 हैण्डपम्प की मरम्मत एवं उथले हैण्डपम्पों के चिन्हीकरण, नालियों एवं तालाबों की साफ-सफाई एवं मार्गों के खरपतवार/झाड़ियों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जाए। हाई रिस्क वाले गांव या क्षेत्र की विशेष निगरानी की जाए जिससे वेक्टर घनत्व नियंत्रित किया जा सके। नगर पालिका व नगर पंचायत को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी झोपड़ी व स्लम एरिया क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। साफ-सफाई कीटनाशक रसायनों का छिड़काव, फॉगिंग, जल जमाव निकासी, मच्छरों के प्रजनन स्थानों का नष्टीकरण, ब्रीडिंग न होने देना सोर्स रिडक्शन का कार्य कराया जाए। वेक्टर जनित रोगों यथा डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया तथा कालाजार आदि रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु प्रचार-प्रसार का कार्य करायेंगे। मोहल्ला निगरानी समिति द्वारा उपरोक्त कार्यों का अनुश्रवण किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त विभाग अभियान की सघन मॉनिटरिंग और डाटा फीडिंग पर जो दें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही टीबी, कुष्ठ, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिन्हित करने पर जोर रहेगा। अभियान के अंतर्गत ही 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा जिसमें आशा व आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई- कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इनमें बुखार के रोगियों की सूची, आई एल आई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों की सूची, क्षय रोग (टीबी) के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, कुष्ठ, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची शामिल होगी। परिवार के सभी सदस्यों की आभा आईडी जेनरेशन पर भी जोर दिया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण के जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने बताया कि माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान में घर-घर भ्रमण के दौरान आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संक्रमण से बचने व बुखार होने पर “क्या करें, क्या न करें” का प्रत्येक प्रमुख स्थान पर प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी। रहें सतर्क – करें बचाव – जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि सभी अपने घर व आस पास साफ सफाई रखें, जल जमाव न होने दें, कूलर, फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में बदलते रहें। जल पात्रों जैसे गमला, मटका, टब, बाल्टी, ड्रम, टंकी, टायर आदि में भी पानी न एकत्र होने दें। अनावश्यक जलपात्रों को निष्प्रयोज्य कर दें। रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल या लार्वा नाशक रसायन डालें, मच्छर दानी का प्रयोग करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। खुले बदन न सोएं। कोई भी बुखार घातक हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर तुरंत जांच कराएं व डॉक्टर की सलाह पर ही अपना इलाज कराएं। अधिक से अधिक तरल पदार्थों, शरीर का प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत करने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें। पूरी तरह आराम करें। ओ0आर0एस0 घोल का प्रयोग करें। बाहर के खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। कुछ भी खाने से पहले साबुन से हाथ जरूर धोएं। इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएँ – जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां । हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार । हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग मिटाना है। बैठक में एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजेश सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आनंद मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, आईसीडीएस विभाग के डीपीओ, पंचायती राज के डीपीआरओ समेत अन्य विभागों के मुख्य अधिकारी व सहकर्मी एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
राज्य सभा सांसद, कमिश्नर, नपा अध्यक्ष और डीएम ने किया योग
योग भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की एक अमूल्य देन: राज्य सभा सांसद
भारत की भूमि वह भूमि है जहां योग का प्रादुर्भाव हुआ:मंडलायुक्त वाराणसी
गाजीपुर। दशम् अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस थीम ‘‘स्वयं एवं समाज के लिए योग‘‘ जनपद में भव्य रूप मनाया गया। शुक्रवार को जनपद में उत्साह, उल्लास एवं उमंग के साथ दशम अंन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस-2024 का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला मुख्यालय के नेहरू स्टेडियम गोराबाजार में बड़ी तादात में लोग शामिल हुए। इसी के साथ तहसील, ब्लाक, समस्त ग्राम पंचायतो व विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग दिवस का आयोजन हुआ। दशम् अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद संगीता बलवंत, विशिष्ट अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, मण्डलायुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने दीप प्रज्ज्वलित एंव धन्वतरि के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, एम एल सी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, अपर जिलाधिकारी वि0रा0, पुलिस विभाग के अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, समस्त जनपद स्तरीय विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी के अलावा भारी संख्या में उपस्थित लोगो ने अंन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संगीता बलवंत ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की एक अमूल्य देन है। योग भारत मे सदियो पुरानी परम्परा रही है जिसे हमे हमारे ऋषि मुनियांे ने आर्शिवाद के रूप में दिया है। आज जहां हम लोग योग दिवस के रूप में यहां उपस्थित हुए है उसी तरह प्रधानमंत्री जम्मू कश्मीर में योग दिवस समारोह मे शामिल है। हमे चाहिए की योग को केवल एक दिन न करके प्रतिदिन योग को अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाये क्योकि जब हम योग करेगे तभी निरोग रहेगे। जब हमारा तन, मन स्वस्थ रहेगा तभी देश भी स्वस्थ रहेगा। आज हमे यह संकल्प लेना है कि केवल 21 जून को ही नही बल्कि प्रत्येक दिन योग को अपने दिनचर्या मे शामिल करते हुए स्वयं स्वस्थ रहेगे और समाज को भी स्वस्थ रखेगे । तभी अपना देश आगे बढेगा। मण्डलायुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी कौशल राज शर्मा ने दसवें अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस के अवसर पर गाजीपुर मे योग की अलख जगाने के लिए इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित लोगो को बधाई देते हुए कहा कि भारत की भूमि वह भूमि है जहां योग का प्रादुर्भाव हुआ है। यहां अनेक ऋषि मुनियों ने जन्म लिये जिन्होने योग जैसी साइंटिफिक विद्या से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खोज निकाला एवं उसका जन-जन मे प्रचार भी किया। इसी भूमि से जो विद्या निकली है उसी को प्रधानमंत्री ने आगे पहुचाया और पूरे विश्व पटल पर योग दिवस के माध्यम से स्थापित कराया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि इसको और आगे कैसे ले जा सकते है। इसी उद्देश्य से आज योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होने उपस्थित लोगो से अपील किया कि योग को एक दिन ही न करके प्रतिदिन योग को अपने जीवन में उतारते हुए योग को अपने दिनचर्या मे शामिल करे। उन्होने बताया कि योग के लिए आसन, प्रणायाम, ध्यान व कई प्रकार की चीज शामिल होती है, सभी को अंगीकार करे, स्वस्थ रहे। कहा कि शारीरिक स्वस्थता के लिए योग उतना ही आवश्यक है जितना की हमारे लिए भोजन आवश्यक है। उन्होने कहा कि सामाजिक कार्य हम तभी कर सकते है जब हम स्वस्थ रहेगे। साथ ही दूसरे को भी स्वस्थ रहने की प्रेरणा देगे, क्योकि बिमार समाज विकास के रास्ते पर आग्रसर नही हो सकता तो आज से ही यह प्रण ले कि इस योग दिवस की थीम ‘‘स्वयं एवं समाज के लिए योग‘‘ से प्रेरणा लेते हुए समाज को भी योग से जोडे़गे। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने अपने सम्बोधन में स्वयं एवं समाज के लिए योग‘‘ थीम पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि योग को अपने जीवन शैली मे अपनाने, समाज मे प्रचार प्रसार करने , आत्म प्रेरित करने के लिए किया जा रहा है। योग हमारी एक ऐसी विरासत है जिससे हम अपने स्वास्थ को ही नही बल्कि मानसिक व शारीरिक विकास के साथ अपने जीवन को आगे बढाने के लिए इसका उपयोग कर सकते है। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने योग की जननी भारत और इसे विश्व पटल पर पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उपस्थित सभी आगन्तुको से योग करने का आह्वाहन किया। योग करे, स्वस्थ रहे तथा ‘स्वयं एवं समाज के लिए योग‘ की थीम पर कार्य करते हुए साथ मे समाज को भी जोड़े ताकि हमारा देश स्वस्थ देश रहे। 21 जून 2024 अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस यह एक ऐसा मौका था, जब जनप्रतिनिधि, जिले भर के अधिकारी और आम नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास किया। इसमें जनपद के कुशल योग प्रशिक्षक ने कॉमन योग प्रोटोकॉल की ग्रीवा शक्ति, शक्ति एवं घुटना शक्ति विकासक क्रियाओं, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन एवं सवासन सहित कपालभाति नाड़ी शोधन प्राणायाम शीतली प्राणायाम भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराते हुए प्रतिदिन योगाभ्यास का संकल्प दिलाया। साथ ही इन योगासनों के शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों और निरोगीकाया के लिए इनके महत्व को बताया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित आगन्तुको का आभार मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने वक्त किया। इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को प्रातः 6 बजे से नेहरू युवा केन्द्र प्रशिक्षको एवं युवा मण्डल के द्वारा विभिन्न विकास खण्डो पर योगाभ्यास कर विभिन्न जानकारी दी गयी।
नीट परीक्षार्थियों के उत्तम भविष्य के लिए जेल भी जाना पड़ा तो जाएंगे:सुनील राम
नीट परीक्षा में हुई धांधली को लेकर कांग्रेस पार्टी का धरना प्रदर्शन
गाजीपुर। नीट पेपर लीक मामले में शुक्रवार को जिला एवं शहर कांग्रेस पार्टी द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क पर जिलाध्यक्ष सुनील राम की अगुवाई में धरना प्रदर्शन हुआ। इस दौरान प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खूब धक्कामुक्की भी हुई। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आज पूरे देश में नीट परीक्षार्थियों संग हुए धोखेबाजी को लेकर हमारे नेता राहुल गांधी चिंतित हैं, नीट परीक्षा में ‘घोटाला सिर्फ छात्रों के साथ धोखा नहीं, बल्कि देश के भविष्य के साथ धोखा है। वहीं पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे और पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह ने संयुक्त रूप से भाजपा की वर्तमान सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया, छात्रों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए कहा कि नीट परीक्षा में धांधली हुई है इसे फिर से कराए जाने की मांग पार्टी करती है, अन्यथा आंदोलन व्यापक होगा। नीट छात्रों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं संग आंदोलनरत शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने भी नीट परीक्षा में हुई धांधली के जांच की मांग करते हुए उसे फिर से कराने की मांग की है। रविकांत राय ने भी सरकार को निकम्मा बताते हुए नीट परीक्षा को फिर से कराने की मांग को कार्यकर्ताओं संग बुलंद किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष कुसुम तिवारी, पीसीसी सदस्य जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, राघवेंद्र, मुसाफिर बिन्द, चंद्रिका सिंह, हामिद अली, आशुतोष गुप्ता, महबूब निशा, उषा चतुर्वेदी, सीमा विश्वकर्मा, राम नगीना पांडे, दिव्यांशु पांडे, धर्मेंद्र लाल, मोहम्मद राशिद, रूद्रेश निगम, मिलिंद सिंह, सीताराम राय, उमाशंकर सिंह, वीरेंद्र राय, दिनेश राम, कमलेश्वर प्रसाद, प्रमिला भारती, मोहन चौहान, संजय सिंह, राहुल कुशवाहा, मोहम्मद हनीफ मंसूर, ओजस साहू, पुष्पा देवी, सुधांशु तिवारी, सभी उल हसन, गुलवास यादव, सुमेर कुशवाहा, आलोक यादव, मीरा चौबे, अतुल पांडे, रईस अहमद, दिनेश तिवारी, प्रवीण दुबे, रितेश विश्वकर्मा, मोहित, जावेद मुस्ताक, अछैबर बिन्द, सतीश सिंह यादव, जय सत्यार्थ और अतुल पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।