समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है:गीता शाक्य

समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है:गीता शाक्य

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सेवा समर्पित, समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ने के स्पष्ट सोच के साथ काम करने वाला राजनैतिक संगठन है।यह बात जिला चुनाव अधिकारी व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संगठन पर्व 2024 के संगठन चुनाव के दूसरे चरण की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा,उन्होंने कहा कि संगठन के सर्वव्यापी,सर्वस्पर्शी, समावेशी आधार के मजबूती हेतु सर्वसम्मति से समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन दायित्व प्रदान करने की पारदर्शी प्रक्रिया सिर्फ भाजपा मे है। यह हम कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है।


राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने द्वितीय चरण के चुनाव प्रक्रिया का विस्तार से वर्णन किया।उन्होंने कहा कि धीर, गंभीर, विपरीत परिस्थितियों में भी बिना घबराहट हमारा कार्यकर्ता देश हित एवं संगठन हित मे कार्य करने एवं निर्णय लेने मे सक्षम हो ऐसे सरल, सहज, उच्च गुणवत्ता के मानक को पूरा करने वाले कार्यकर्ता को दायित्व देना, हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी सक्रीय सदस्यों से “द साबरमती रिपोर्ट” फिल्म अवश्य देखने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने द्वितीय चरण की कार्यशाला में कहा कि आज के चुनौती पूर्ण माहौल में जहां विपक्ष लगातार देश के विकास, भारतीय सभ्यता, संस्कृति,से परे भ्रम और बेबुनियाद की बातों का सहारा लेकर स्वयं के राजनीतिक अस्तित्व के लिए काम कर रहा है ऐसे में उनके चुनौतियो के संघर्ष में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को लगातार 365 दिन और रोज 16 से 18 घंटे समाज और राष्ट्र हित में काम करना देश की जरूरत बन गयी है ।
जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने अतिथि का स्वागत अभिनन्दन करते हुए अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि संगठन का कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नही बल्कि महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कहा कि कार्य को सरलता से जटिलता की ओर लेकर चलने से सरल पूर्ण हो चुके कार्य जटिल कार्य को पूर्ण कराने में सहयोगी हो जाते हैं।
कार्यशाला को जिला सह चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश राय व सक्रिय सदस्यता प्रमुख प्रवीण सिंह ने भी संबोधित किया।
बैठक का शुभारंभ पं दीनदयाल उपाध्याय और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदेमातरम् तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ।
संचालन जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने किया।
कार्यशाला में भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, पारसनाथ राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल,अभिनव सिन्हा, बृजेन्द्र राय, सुनिता सिंह, दिलदारनगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जयसवाल,नेपाली, रामनरेश कुशवाहा, वृजनन्दन सिंह, राजेश राजभर,अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, अच्छेलाल गुप्ता, श्यामराज तिवारी, अखिलेश सिंह, सरोज मिश्रा,रनिका जायसवाल, शैलेश राम, साधना राय,विश्व प्रकाश अकेला आदि लोग उपस्थित थे।

डीएम ने की बैठक,दिए निर्देश

गाजीपुर।जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय एवं जिला टास्क फोर्स प्लस पोलियो अभियान की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जननी सुरक्षा योजना कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन, दवा एव ड्राप बैक की सुविधा, ओ0पी0डी0, एवं अन्य बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में प्लस पोलियो अभियान 08 दिसम्बर 2024 से 16 दिसम्बर 2024 तक चलाया जाना है। जिसमें शून्य से 05 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्राफ पिलाया जाएगा जिस पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गईं। समीक्षा के दौरान उन्होने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टर पर आवश्यक दवाओ की उपलब्धता रहे, ओ0पी0डी0 का संचालन तथा नियमित रूप से सी0एच0ओ0 एवं एन0एम0 की उपस्थिति का निर्देश दिया। समस्त सी0एच0सी0, पी0 एच0सी0 पर सी0सी0टीवी कैमरा का संचालन रिकॉर्डिंग मोड पर रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षको को हेल्थ वेनलेस सेन्टर की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध मे जानकारी लेते हुए इस कार्यक्रम के अन्तर्गत महिलाओ को निःशुल्क भोजन, तथा दवा एव ड्राप बैक की सुविधा के साथ-साथ 48 घण्टे रोके जाने के निर्देश दिये।बैठक मे जिलाधिकारी ने ई-कवच,  जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, आशा/जे एस वाई भुगतान, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन,एवं अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होने कहा कि जो भी शासन की योजनाए संचालित है उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे। बैठक मे समस्त एम0ओ0वाई0सी0 को निर्देशित किया गया कि सी0एच0सी0, पी0एच0सी0 पर फायर सर्विस लगाया जाय एवं नजदीकी अग्नि श्मन केन्द्र के अधिकारी का नम्बर अवश्य लिखा जाए तथा मरीजो के लिए बैठने की व्यवस्था एवं पेय जल की व्यवस्था सुनिश्चित करे। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया की पंजीकृत निजी चिकित्सालयों का सत्यापन कराया जाए एवं अवैध चल रहे चिकित्सालयों पर आवश्यक कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने जपनपदवासीयों से अनुरोध किया कि किसी भी व्यक्ति को सांप काटे तो उसके इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक केन्द्र पर इलाज कराए,  झाड़ – फूक के चक्कर में न पडे़। बैठक में  मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एन एच एम),, समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर डीएम ने दिया निर्देश

गाज़ीपुर। जिला वृक्षारोपण, जिला गंगा एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी है। बैठक में निम्न बिन्दुओं पर गहनता से चर्चा की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागो द्वारा 2024-25 में कराये गये वृक्षारोपण स्थलों के उत्कृष्ट 5-5 स्थलों के नाम व फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराने तथा विभागों द्वारा 2024-25 में कराये गये वृक्षारोपण स्थलों के अन्तर्विभागीय सत्यापन रिपोर्ट हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। उन्होने गंगा ग्राम पंचायतों से निकलकर गंगा नदी में मिलने वाले समस्त नालों में लिक्विड वेस्ट मैनेजमेन्ट हेतु नाले फिल्टर चेम्बर बनाने को कहा। उन्होने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोके जाने के सम्बन्ध में  कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका ईओ को उपवन योजना के अन्तर्गत भूमि चिन्हीत कर सोमवार तक रिर्पोट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। उन्होने जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत में ’’ग्राम आर्द्र भूमि समिति’’ का गठन जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होने बताया कि All Women Ganga River Rafting Expedition  की टीम 53 दिवस की गंगोत्री (उत्तराखण्ड) से गंगा सागर (पश्चिम बंगाल) की यात्रा पर निकली है, जिसका उद्देश्य ’’महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छ और निर्मल गंगा अभियान’’ है। जनपद गाजीपुर में दल का आगमन 30.11.2024 को होगा एवं प्रस्थान 1.12.2024 को होना है। जनपद में आगमन पर उक्त दल का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, डी0एफ0ओ0, एवं अन्य संबन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

शैक्षणिक यात्राएं हमारे ज्ञान और अनुभव को करती है समृद्ध:प्राचार्य

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूगोल परिषद द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण दल को प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शैक्षणिक यात्राएं हमारे ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करती हैं। अपने देश के भौगोलिक स्वरूप से परिचित कराती हैं। इस यात्रा में कुल 97 छात्राएं सम्मिलित हैं। यह राजगीर और नालंदा के भौगोलिक एवं सांस्कृतिक को समझने की कोशिश करेंगी। इस अवसर पर भूगोल विभाग के प्रभारी निरंजन कुमार यादव, डा शिखा सिंह, डा अमित यादव एवं मीडिया प्रभारी शिव कुमार जी उपस्थित रहे।

एक लाख 44 हजार रुपए की शराब बरामद

गाज़ीपुर। गहमर थाना पुलिस टीम ने चार पहिया वाहन से शराब बरामद किया। गुरूवार की रात भदौरा नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भाग रहे एक सफेद रंग के ब्रेजा कार न0 UP32MB5444 को स्टेशन रोड चौक के पास से पकड़ा गया। मौके से ब्रेजा कार को सड़क के किनारे छोड़कर चालक अंधेरे का लाभ उठा कर भाग गया। वाहन चेक किया गया तो वाहन में कुल 25 पेटी शराब (जिसमें 8PM के कुल 1200 पाउच बरामद किया गया। बरामद की गई शराब की कीमत लगभग एक लाख 44 हजार रुपये है। इस सम्बन्ध में थाना स्थानीय पर आबकारी अधिनियम के तहत अभियोंग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

मारपीट में दर्ज नहीं हुआ मुकदमा तो एसपी से लगाई गुहार

गाजीपुर। रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के बासूचक गांव निवासी अरविंद सिंह बीते 23 नवम्बर को हुए मारपीट में अब तक मुकदमा नही लिखे जाने पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। अरविंद सिंह ने कहा कि बासूचक में मेरी आबादी की पुस्तैनी जमीन है जिसपर 40 वर्षों से छप्पर व तीन शेड डालकर रहन सहन के रूप में प्रयोग करता आ रहा हू। कहा कि गांव के ही प्रधानपति राकेश सिंह व उनके परिवार के लोग बीते शनिवार को मेरी जमीन जबर्दस्ती कब्जा करने लगे जब मेरी भाभी शर्मा उम्र 60 वर्ष मना करने गई तो उनके साथ गाली गलौज करने लगे तथा मारपीट कर घायल कर दिया। जब मैं बीच बचाव करने गया तो मुझे भी लात घुसो से जमकर पीट दिया।

आरोप लगाया कि जब थानाध्यक्ष को मारपीट का मुकदमा दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया तो उल्टा मुझपर ही मुकदमा करने की धमकी देकर व डांटकर भगा दिया। यही नही पूरे मारपीट की घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद है उसके बाद भी थानाध्यक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज न करके विपक्षी का ही साथ दे रहे। बता दे कि बासूचक गांव में अरविंद सिंह से अपने पाटीदार प्रधानपति राकेश सिंह से जमीन का विवाद चला आ रहा है जिसपर उपजिलाधिकारी न्यायिक सैदपुर ने मुकदमे में राकेश सिंह के दादा सूर्यबली सिंह द्वारा कब्जा हेतु किया गया मुकदमा ये कहते हुए निरस्त कर दिया कि यह मामला सिविल न्यायालय का है। इसके बावजूद 23 नवम्बर को प्रधानपति तथा उनके परिवार के आधा दर्जन लोग जबर्दस्ती जमीन कब्जा करने लगे औऱ मना करने पर जमकर मारपीट किया । अरविंद सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मारपीट में शामिल लगभग आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।

‘पढ़ें महाविद्यालय, बढ़े महाविद्यालय’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

किताबें होती हैं जीवन के सच्चे साथी: प्रोफेसर अनीता कुमारी प्राचार्य

महाविद्यालय में ‘पढ़ें महाविद्यालय, बढ़े महाविद्यालय’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन!

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को ‘पढ़े महाविद्यालय, बड़े महाविद्यालय’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इसके अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापको, कर्मचारियो एवं विद्यार्थियों ने अपने निर्धारित स्थान पर रहते हुए पुस्तके पढ़ी तथा पुस्तकों के महत्व पर चर्चा करते हुए इसकी तस्वीर महाविद्यालय की सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया ताकि लोग जीवन में पुस्तकों के महत्व को समझें और पुस्तकों को अपने जीवन का सच्चा साथी बनाएं।


विदित हो कि यह कार्यक्रम प्रदेश की कुलाधिपति/राज्यपाल महोदय के निर्देश पर समस्त विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के कुलपति/ प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा मनाया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने योग पर अपनी पसंदीदा पुस्तक पढ़ते हुए सभी प्राध्यापकों एवं छात्राओं को पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया। आपके अनुसार उच्च शिक्षा से जुड़े सभी लोगों को अनिवार्य रूप से हर माह कम से कम एक किताब पढ़ना चाहिए। इससे आपके पठन-पाठन संबंधी ज्ञान में वृद्धि होगी। साथ ही आप अपने कार्य को अधिक कुशल एवं आधुनिक तरीके से संपन्न कर पाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक को अपने जीवन के पसंदीदा क्षेत्र एवं रुचियां के अनुकूल पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए जो आपके जीवन में सदैव पथ प्रदर्शक का काम करेंगी।


इस कार्यक्रम के संयोजक एवं महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार ने कहा कि शरीर के लिए उचित भोजन के साथ-साथ दिमाग के पोषण के लिए भी अच्छी पुस्तके आवश्यक हैं। इसलिए विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा से जुड़े सभी लोगों को अपनी अपनी रुचि एवं अनुकूल पुस्तकों का चयन कर अवश्य पढ़ना चाहिए। पुस्तक पढ़ने की आदत जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास एवं स्व सक्षमता में वृद्धि करती हैं।


इस कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के पुस्तकालय, अभ्युदय कोचिंग केंद्र, कामन हाल, कैंटीन, कक्षाओं एवं ग्राउंड में विभिन्न जगहों पर उपस्थित छात्राओं ने चाव से पुस्तके पढ़ी और उससे संबंधित तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया के लिए साझा किया। साथ ही इन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने साथ सदैव कम से कम एक उपयोगी पुस्तक अवश्य रखेंगी तथा भविष्य में भी पुस्तकों को अपना जीवनसाथी बनाएंगे। कार्यक्रम के तहत विज्ञान संकाय

परास्नातक भवन, स्नातक भवन में प्रोफेसर उमाशंकर प्रसाद, डॉ अमित यादव, डॉ दिवाकर मिश्रा, डॉ सर्वेश कुमार, डॉ शिवानी, डॉ शिल्पी राय, डॉ राजेश कुमार, डॉ गजनफर प्रसाद, डॉ रामनाथ केसरवानी आदि प्राध्यापको एवं विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी अपनी पुस्तके पढ़ते हुए तस्वीरें साझा की। सभी लोगों ने एक स्वर से ऑफलाइन पुस्तक पढ़ने एवं जीवन अनुभव प्राप्त करने के लिए किताबों को महत्वपूर्ण बताया।

पात्र लाभार्थीयों को योजना से करें लाभान्वित: सीडीओ

ग़ाज़ीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता मे जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं खंड प्रेरकों के साथ गुरुवार को समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण रिट्रोफिटिंग, ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत आवंटित क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष खर्चा एवं कार्यों की समीक्षा तथा आर जे एस ए अंत्येष्टि स्थल तथा क्यूं आर कोड पंचायत भवन आदि की समीक्षा की गई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी कार्यों को स् समय पूर्ण करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतो मे व्यक्तिगत शौचालय के लिए पात्र लाभार्थीयों का सर्वे कराकर पात्र लाभार्थीयों को योजना से लाभान्वित किया जाय। उन्होने ग्राम पंचायतो मे बनाये गये ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक शौचालय को प्रतिदिन खोलने  तथा एडीओ पंचायत को औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला पंचायती राज अधिकारी अंशुल मौर्या एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किये गये विजय कुमार मधुरेश

डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किये गये श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महामंत्री विजय कुमार मधुरेश, प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय पार्षद ने भी दी बधाई

गाजीपुर। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिला महामंत्री विजय कुमार मधुरेश को डाक्टरेट मानद समतुल्य विद्या वाचस्पति विशेष मानद सम्मान से सम्मानित किये जाने के बाद संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय पार्षद ने बधाई दी। शिक्षक के बाद अब डाक्टर विजय कुमार मधुरेश हो गये है। श्रमजीवी पत्रकार एसोसिएशन की स्थानीय जिला इकाई की ओर से उन्हें बधाई दी गयी है।

ज्ञात हो कि विजय कुमार मधुरेश पेशे से शिक्षक थे तथा पूर्व में इण्टर कालेज में लेक्चरर के पद पर लम्बी सेवा देने के बाद अवकाश प्राप्त हो गये। इस दौरान श्री मधुरेश पत्रकारिता से भी जुड़े रहे और हिन्दुस्तान समाचार पत्र को अपनी सेवायें देते रहे। मधुरेश कवि व रचनाकार भी है। मौजूदा समय में उनके द्वारा लिखी गयी कई कविताओं व पुस्तकों का लोकार्पण भी अलग-अलग स्थानो पर हो चुका हैं। मधुरेश श्रमजीवी पत्रकार संगठन की जिला इकाई के लम्बे समय से महामंत्री भी है। श्री मधुरेश को यह सम्मान जनपद के तुलसीसागर स्थित जिला पत्रकार समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अति विशिष्ट लोगो सहित प्रोफेसर रणविजय सिंह द्वारा दिया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, कार्यालय के डी0जी0एम0 डा0 अरविन्द , दिनेश चन्द्र शर्मा, प्रो0 बालेश्वर विक्रम, कवि इन्द्रजीत तिवारी, कार्यक्रम के संयोजक सूर्य कुमार सिंह, पं0 रंगबहादुर सिंह, काशी विद्यापीठ के उपकुलपति धर्मदेव यादव भी मौजूद थे।

विजय कुमार मधुरेश के सम्मानित होने के बाद श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के राष्ट्रीय पार्षद व जिलाध्यक्ष पदमाकर पाण्डेय ने हार्दिक बधाई दी है साथ ही संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा0 हसीब सिद्दीकी ने भी जनपद महामंत्री को बधाई दी है। संगठन के कैम्प कार्यालय पर आयोजित एक बैठक में संगठन के रंगनाथ दूबे, जनार्दन प्रजापति, शैलेन्द्र चौधरी, लालजी पाण्डेय, सत्येन्द्र शुक्ला, प्रदीप जायसवाल, एैनुददीन, राजेश कुशवाहा, सतीश पाण्डेय, बुलबुल पाण्डेय, भुवर जायसवाल, सत्येन्द्र नाथ पाण्डेय, मनीष सिंह, गौरीशंकर पाण्डेय, पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद पाण्डेय, गोपाल पाण्डेय आदि ने भी बधाई दी है।

बुजुर्गों को अलग से मिलेगा पांच लाख का कवर

70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को अलग से मिलेगा पांच लाख का कवर

• यह टापअप उनके परिवार के अन्य सदस्यों को मिलने वाली पांच लाख रुपए तक की धनराशि के अतिरिक्त होगा

Beneficiary.nha.gov.in पर जाकर अन्य वृद्ध भी बनवाएं अपने आयुष्मान कार्ड

ग़ाज़ीपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत वर्तमान परिवारों के 70 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के समस्त वरिष्ठ नागरिकों को पृथक से पांच लाख रूपए तक का टॉप अप कवर प्रदान किया जाएगा। यह टापअप उनके परिवार के अन्य सदस्यों को मिलने वाली पांच लाख रुपए तक की धनराशि के अतिरिक्त होगा। इसलिए 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्ग जल्द से जल्द अपने आयुष्मान कार्ड बनवा लें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार पांडे ने बताया कि अब तक जिले में 3500 से अधिक बुजुर्गों ने अपने आयुष्मान कार्ड बनवा लिए हैं।
उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों, चाहे उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, को इस योजना का लाभ मिलेगा। ऐसे परिवार जो वर्तमान में योजना से आच्छादित नहीं हैं, उनके 70 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रूपए प्रति परिवार प्रति वर्ष का कवर फ्लोटर आधार पर अनुमन्य होगा।

उन्होंने ने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्य स्वास्थ्य बीमा योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को वर्तमान योजना में बने रहने अथवा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के अन्तर्गत सम्मिलित होने का विकल्प चयनित करने के लिए एक ही बार अवसर प्रदान किया जाएगा। 70 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जिन्होंने निजी स्वास्थ्य बीमा का लाभ ले रखा है अथवा ईएसआईसी के लाभार्थी हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ अनुमन्य होगा।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिले में 15 सरकारी व प्राइवेट अस्पताल सूचिबद्ध हैं। जिले में 3500 से अधिक आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। इस योजना के तहत 26 विशेषताओं से संबंधित बीमारियों के 1900 से अधिक पैकेज के अंतर्गत निःशुल्क इलाज दिया जाता है।

ऐसे बनाएं आयुष्मान कार्ड

आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए Beneficiary.nha.gov.in पर लॉगिन करना होगा। आधार नंबर दर्ज करने पर लिंक मोबाईल नं0 पर ओ0टी0पी0 प्राप्त होगा। ओ0टी0पी0 दर्ज करने के बाद ई-केवाईसी करना होगा और इसके बाद आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। मोबाइल पर प्ले स्टोर से Ayushman ऐप डाउनलोड करके भी आयुष्मान कार्ड आसानी से बनाया जा सकता है। किसी भी तरह की जानकारी टोल फ्री नं0 1800 1800 4444 से प्राप्त की जा सकती है। योजना की पात्रता के लिए एक मात्र शर्त 70 वर्ष की आयु की पूर्णता होगी एवं आयु की गणना आधार कार्ड पर अंकित आयु के आधार पर की जाएगी। योजना के लिए एक मात्र दस्तावेज आधार कार्ड मान्य होगा।

Uttar Pradesh Fast News