जेईई एडवांस परीक्षा में सफ़लता हासिल कर हामिद अंसारी क्षेत्र वासियों के लिए बने प्रेरणा स्रोत
गाज़ीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के नवापुरा यूसुफपुर के रहने वाले हाफिज मुहम्मद अय्यूब अंसारी के लड़के मुहम्मद हामिद अंसारी ने पिछले 26 मई को आयोजित प्रतिष्ठित जी एडवांस प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 3119वां और ओबीसी में 548वां रैंक हासिल कर सफलता की मंज़िल को प्राप्त किया है। उनकी सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग उनके घर पहुंचकर हामिद और उनके पिता को बधाईयां दे रहे हैं। गौर तलब है कि हामिद अंसारी बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा 3 तक की पढ़ाई क्षेत्र के ही जागृति स्कूल और कक्षा 4 व 5 की पढ़ाई एमजेआरपी एकेडमी से पूरी करने के बाद कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय गाजीपुर से की है। हामिद बचपन से ही अपनी कक्षा के होनहार छात्रों में रहे हैं। हामिद अंसारी को अपने माता-पिता विशेषकर बड़े भाई गुलाम गौस अंसारी के अलावा नवोदय विद्यालय के प्रिन्सिपल एकरामुद्दीन सिद्दीकी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। हामिद की मेहनत और लगन को देखकर एकरामुद्दीन सिद्दीकी ने विश्वास जताया था कि हामिद एक दिन आईआईटी की परीक्षा जरूर पास करेगा। पूर्व सभासद सरफराज़ अंसारी ने बताया कि हामिद की सफलता ने हमारे नगर समेत क्षेत्र के प्रतियोगी छात्रों के लिए प्रेरणा के द्वार खोल दिए हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। बधाई देने वालों में तालीमी बेदारी की ओर से डॉ॰ वसीम अख्तर, शहीद रामदुलार यादव के भाई रामदरस यादव, समाज सेवी एजाज अंसारी, पूर्व सभासद सरफराज अंसारी, पूर्व सभासद शमशाद खां, पत्रकार वसीम रज़ा, मुख्य टीटीसी परवेज अंसारी, इम्तियाज अहमद, जवाहिर अंसारी वगैरह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में मिला बेरोजगारों को रोजगार
रोजगार मेले में मिला बेरोजगारों को रोजगार
गाजीपुर। जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया कि आज बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में राजकीय आई0टी0आई ग्राउंड के परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनी बीज नइण्डिया, रोहित हाई वीड्स सीड्स, पी0एन0बी0 मेट लाईफ, क्वैस कार्पोरेशन प्रा0लि0 द्वारा टाटा मोटर्स के लिए सर्विस बॉय, सेल्स मैनेजर, फील्ड आफीसर, टेक्नीशियन, हेल्पर कम्प्यूटर आपरेटर आदि पदों पर चयन किया गया। इस मेले में लगभग 152 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 32 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया। भारत के कार्य बल को कुशल बनाकर अंतर्राष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने हेतु भारत सरकार के स्किल इण्डिया मिशन के तहत स्किल इण्डिया इंटरनेशल सेन्टर वाराणसी द्वारा उक्त परिसर में प्री-काउंसिलिंग की गयी। जिसमें इलेक्ट्रिशियन, फिटर, हेेेेेल्पर, क्लीनर, मैकेनिकल ड्राफ्ट्स मैन, मेसन, ड्राइवर इत्यादि जॉब रोल्स के लिए प्री-काउंसलिंग में लगभग 62अभ्यर्थियों का वाराणसी टीम द्वारा काउंसलिंग की गयी जिसमें से 20 अभ्यर्थी रोजगार पाने हेतु योग्य पाये गये जिसमें से 03 अभ्यर्थी पासपोर्ट धारी है। इन सभी योग्य अभ्यर्थियों को अन्तिम चयन हेतु वाराणसी सेन्टर पर कॉल किया जायेगा।
सवा करोड के हेरोइन के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सवा करोड़ के हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस व जमानिया पुलिस की संयुक्त टीम ने (हेरोइन) की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को 670 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। इसकी जानकारी एसपी ऑफिस में एसपी ओमवीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि 11 जून यानी मंगलवार को स्वाट/सर्विलांस व जमानिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ (हेरोइन) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को 670 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन (जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 01 करोड़ 25 लाख रूपये है) उसके साथ जमानियाँ गंगापुल के पास से समय करीब रात 8 बजे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तो द्वारा बताया गया कि हम लोग चितरा झारखण्ड से कम कीमत पर नशीले पदार्थ को खरीदकर राजस्थान, कोटा, दिल्ली में ले जाकर ऊँची कीमतों पर बेचते हैं। उनसे मिलने वाले पैसों को आपस में बाँट लेते हैं और उसी पैसे से अपना व अपने परिवार का भरण-पोषण व शौक पूरे करते हैं।

गिऱफ्तारशुदा अभियुक्तों में शुभम उर्फ राजू सिंह पुत्र शम्भू सिंह निवासी ग्राम कुर्रा पोस्ट अकोढी थाना मोहनियाँ जनपद कैमूर भभुआ (बिहार) उम्र 28 वर्ष और विनोद कुमार प्रजापति पुत्र नथुना प्रजापति निवासी रामपुर पोस्ट रामपुर थाना राजपुर भभुआ बिहार उम्र करीब 31 वर्ष शामिल हैं। इस सभी के पास से एक दो पहिया वाहन भी बरामद किया गया जिसकी संख्या UP67A 3456 है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जमानियां की पुलिस टीम और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस की पुलिस टीम शामिल रही।
मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर
हेड इंजरी के मरीज को 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया ट्रामा सेंटर
गाजीपुर। 102 और 108 एम्बुलेंस जो उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा आम जन के सेवा के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई गई थी। इस उद्देश्य के साथ की गरीब और असहाय लोगों को इससे बेहतर सेवा उपलब्ध करा कर उनकी जान बचाई जा सके । ऐसा ही कुछ गाजीपुर में भी पिछले कई सालों से देखने को मिल रहा है। मंगलवार की बात करें तो जिला अस्पताल में हेड इंजरी के मरीज को डॉक्टर की सलाह पर ट्रामा सेंटर वाराणसी 108 एंबुलेंस के द्वारा भेजा गया जहां पर मरीज का इलाज चल रहा है। 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि गाजीपुर के जिला अस्पताल में 70 वर्षीय प्रेम शंकर भारती जो मलिकपूरा करंडा के रहने वाले थे। इनके सर में गंभीर चोट लगा हुआ था जिनका इलाज चल रहा था। लेकिन डॉक्टरों ने इनके और बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया था। मरीज के परिजनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से ट्रामा सेंटर ले जाने की सलाह दिया था। इसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया और काल को रिसीव करने के पश्चात पायलट मुकेश कुमार और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विपिन ओझा तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी पहुंचे। मरिज प्रेम शंकर भारती और उनके परिजनों को लेकर ट्रामा सेंटर वाराणसी रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विपिन ओझा के द्वारा मरीज के स्वास्थ्य की देखरेख किया गया। और फिर उसे सकुशल ट्रामा सेंटर वाराणसी में एडमिट कराया गया जहां पर उसका इलाज कुशल डॉक्टरों की देखरेख में शुरू हुआ।
पुलिस ने हत्यारों के घर चस्पा की कुर्की की नोटिस, दिया अल्टीमेटम
पुलिस ने हत्यारों के घर चस्पा की कुर्की की नोटिस, दिया अल्टीमेटम
अनंत राय के हत्या के मामले में फरार चल रहे हैं दोनों आरोपी
कुर्ती की नोटिस चस्पा होने के बाद भी हाजिर नहीं होते हैं तो अगली कार्रवाई कुर्की की होगी: सुहवल थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी

रेवतीपुर। सुहवल निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनंत राय उम्र करीब तीस वर्ष के चार साल पहले हत्या कर शव गायब करने के मामलें में फरार चल रहे रामनरेश राय के घर मिश्रबाजार व शिवजी राय हाटा मुहम्दाबाद के घर सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर आज बुधवार को सुहवल पुलिस ने सीजेएम कोर्ट के आदेश पर डुगडुग्गी पिटवा कर धारा 82 के तहत कुर्की के वारंट की नोटिस चस्पा कर दिया।पुलिस की इस कार्यवाई के चलते आरोपियों के परिजनों, गाँव एवं उनके शरणदाताओं में हडकंम्प मच गया है।साथ ही पुलिस ने चेताया कि अगर आरोपी जल्द न्यायालय में हाजिर नहीं होते है, तो अगली कार्यवाई कुर्की की होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अनंत राय की हत्या कर शव गायब करने के मामलें में कुल पांच आरोपी है, जिसमें से दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर उनका चालान कर चुकी है, जबकि एक आरोपी को हाईकोर्ट से इस मामलें में उसकी गिरफ्तारी पर स्टे मिल चुका है, शेष दो वांछित आरोपितो की पुलिस को अभी तक तलाश है जो घटना के बाद से ही फरार चल रहे है। प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि करीब चार साल पहले सुहवल गाँव के अनंत राय पुत्र शम्भू नाथ राय तीस वर्ष जो प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था, वह इन लोगों के सम्पर्क में किसी तरह आ गया। बताया कि मामलें में आरोपितो ने अनंत राय की गाजीपुर स्थित जमीन व मकान पर कब्जा कर लिया। उन्होंने बताया कि जब अनंत राय ने आरोपितो से जमीन खाली करने को कहा तो सभी ने मिलकर अनंत राय को जमीन देने की बात कह गाजीपुर बुलाकर उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया। जिसके बाद मृतक युवक की मां ने सुहवल थाने में पांच आरोपितो के खिलाफ पुत्र की हत्या कर शव गायब करने का मुकदमा पंजीकृत कराया था। प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अब अगर आरोपी इसके बाद भी न्यायालय या पुलिस के समक्ष सरेंडर नहीं करते है तो अगली कार्यवाई कुर्की की होगी।

नीट परीक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन,की मांग
नीट परीक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन, की मांग

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ इमरान के नेतृत्व में नीट परीक्षा लिक के संबंध में मंगलवार को राष्ट्रपति भारत सरकार को उत्तर प्रदेश के समस्त जिलाधिकारी को प्रदेश व्यापी ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य राहुल सिंह राधे के नेतृत्व में छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि पूरे देश में डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए प्रवेश परीक्षा के रूप में ली जाने वाली नीट परीक्षा पूर्व में CPMT/PMT के रिजल्ट में सैकड़ो अभ्यर्थियों के 10% नंबर आए हैं इनमें भी एक ही परीक्षा केंद्र से कई लोगों के एक साथ 100% नंबर आना एक बड़ी धांधली की ओर संकेत करता है। भाजपा राज में परीक्षाए अवैधानिक तरीके से प्रशन पत्र लीक कराने छद्यम लोगो से पेपर दिलवाने सेंटर की सेटिंग करवाने और रिजल्ट को मैनेज करने जैसे धंधे का रूप लेती जा रही है। इस देश का छात्र युवा व्यवस्था में विश्वास खोने लगा है।
राहुल सिंह ने राष्ट्रपति से मांग किया की आप इस मामले को स्वत: संज्ञान ले और इसके लिए दोषी लोगों पर कार्यवाही कराते हुए। इस परीक्षा को पुनः कराने की कोशिश करे। इस मौके पर छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह कुशवाहा, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर, रमेश यादव, कमलेश, रोहन, दीपक, रिशु, प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार, रंजीत सिंह, राधे, राकेश यादव आदि लोग उपस्थित थे।
महिला पीजी कॉलेज में 30 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
बीए/बीएससी के लिए महिला पीजी कॉलेज में 30 जून तक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष- बीए /बीएससी फर्स्ट सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ हो गया है। ऑनलाइन प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2024 निर्धारित है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अर्ह छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट http://www.gwpgc.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश आवेदन कर सकती हैं। महाविद्यालय में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा तथा विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत प्रवेश काउंसलिंग के द्वारा किया जाएगा। प्रदेश सरकार की विशेष पहल पर महाविद्यालय में पहली बार रोजगारपरक पाठ्यक्रम के अंतर्गत बी बी ए रिटेल का तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस कोर्स में 60 सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ है। स्नातक करने के पश्चात सुनिश्चित रोजगार करने हेतु इच्छुक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं इस कोर्स में ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण करा सकती हैं। महाविद्यालय में परंपरागत रूप में चार संकायो -विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं ललित कला- के अंतर्गत कुल 22 विषयों में स्नातक स्तर पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। यहां पर बी ए के अंतर्गत कुल 827 सीटें एवं बीएससी के अंतर्गत 130 सीटें प्रवेश हेतु उपलब्ध हैं। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य है। छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु सतत शिक्षणेत्तर गतिविधियां, कक्षा में 75% उपस्थित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनिवार्य क्षेत्र अध्ययन भ्रमण एवं प्रोजेक्ट कार्य, आंतरिक मूल्यांकन, मिड टर्म परीक्षा के कारण यह महाविद्यालय अध्ययनशील छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण है। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार काउंसलिंग जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है। छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाई स्कूल- इंटरमीडिएट के अंक पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग हेतु तैयार रहें। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनीता कुमारी के अनुसार परास्नातक एम ए एवं एमएससी बॉटनी में प्रवेश पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा परिणाम घोषित होने के पश्चात जून माह के अंतिम सप्ताह से ऑनलाइन प्रवेश प्रारंभ होंगे। परास्नातक विषयों में प्रवेश मेरिट के अनुसार होगा। छात्राएं एवं अभिभावक महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें एवं किसी भी जिज्ञासा के लिए दिए हुए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकती है।
पीआरडी जवानों ने जिला प्रशासन को सौंपा पत्रक
मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने जिला प्रशासन को सौंपा पत्रक
विभागीय अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
गाजीपुर। पीआरडी जवानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन को पत्रक सौंपा। प्रशिक्षित पीआरडी जवानों ने मांग किया कि अधिक से अधिक जवानों की ड्यूटी शान्ति सुरक्षा व्यवस्था हेतु जनपद के थानों / यातायात व्यवस्था / महिला थाना एवं विभिन्न स्थानों, संवेदनसील तथा अति संवेदनसील स्थानों पर ड्यूटी लगाई जाय। कहा कि जनपद के लगभग 200 जवान बेरोजगार एवं भुखमरी के कगार पर है, परन्तु विभागीय अधिकारियों के लापरवाही के चलते यह जवान अपने रोजी रोटी के लिए दर दर भटक रहे है। पांच महीने बीत जाने के बाद भी अधिकारीयों द्वारा शासनादेश का पालन नहीं किया गया, जिसका खामियाजा जनपद के लगभग 200 प्रशिक्षित जवान आज भुगत रहे है। विजय कुमार यादव ने कहा कि जनपद के प्रशिक्षित पी०आर०डी० जवान पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र में प्रत्येक थानों में 9 की जगह 15 तथा प्रत्येक तहसील में 3 की जगह 6 जवान तथा ट्राफिक में 35 की जगह 50 जवानों को तैनात किया गया है। इस मुताबिक ड्यूटी जनपद गाजीपुर में बढ़ जाती है तो बेरोजगारी एवं भुखमरी के कगार से पी०आर०डी० जवानों को निजात मिल सकती है। पांचू यादव ने बताया कि जनपद गाजीपुर के लगभग 90 से 150 जवान बेरोजगार एवं भुखमरी के कगार पर है परन्तु विभागीय अधिकारियों के लापरवाही के चलते यह जवान अपनी रोजी रोटी के लिए दर-दर भटक रहे है। जनपद गाजीपुर में प्रशिक्षित पी०आर०डी० जवान घर बैठे है और जो फर्जी पुरुष / महिला जवान उनको अधिकारियों व कर्मचारियों के मिली भगत से ड्यूटी पर तैनात किया गया है जोकि प्रशिक्षित जवानों के साथ घोर अन्याय है। पीआरडी जवानों ने अपनी विभिन्न मांगो के जल्द समाधान की मांग की है। जिला प्रशासन को पत्रक देने वालों में प्रमुख रूप से विजय कुमार यादव, पांचु यादव, छोटे लाल यादव, योगेंद्र, रामानन्द आदि शामिल रहे।
मांग पूरा नहीं हुआ तो संगठन करेगा प्रदर्शन
गाजीपुर। विद्युत मजदूर पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर उनके अनुपस्थिति में संबंधित पत्रक सौपा। जिला अध्यक्ष ने बताया कि जनपद में विद्युत उपकेंद्रों पर मैनपॉवर सप्लाई का कार्य मेसर्स भारत इंटरप्राइजेज नाम की फॉर्म करती है। जनपद में सभी संविदा लाईनमैनों का फार्म द्वारा फरवरी से अब तक 4 माह का भुगतान रोक दिया गया है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि 47 डिग्री टेंपरेचर में आम जनमानस अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। हीट वेव का सरकार ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस परिस्थिति में भी हमारे लाइनमैन लोहे के पोल पर चढ़कर जनता को निर्वाध आपूर्ति देने के लिए कार्य कर रहे हैं फिर भी इनका वेतन 4 महीने से रोक कर रखा गया है। इसमें निश्चित तौर पर अधिकारियों और ठेकेदार की मिली भगत प्रतीत होती है। इस संबंध में हम लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से अवगत कराने का काम किया है। हम सभी को पूरी उम्मीद है कि यहां आने के बाद इन मजदूरों को निश्चित तौर पर न्याय मिलेगा।

जिला मंत्री शंकर राय ने बताया कि जनपद में डोर टू डोर बिलिंग का कार्य स्टर्लिंग नामक फॉर्म लड़कों को रखकर कराती है। फर्म को जनपद में कार्य करते हुए लगभग 30 महीने हो गए और प्रत्येक मीटर रीडर के खाते से कंपनी के द्वारा ई पी एफ के नाम पर 1100 के लगभग कटौती होती है। इस तरह से अगर आंकड़ा देखा जाए तो लगभग प्रत्येक मीटर रीडर के खाते में पैसा लगभग 33000 से 34000 शो करना चाहिए लेकिन बड़े मजे की बात यह है कि प्रत्येक मीटर रीडर के खाते में सिर्फ और सिर्फ 3000 से लेकर ₹3500 तक ही शो कर रहा है जो एक बहुत बड़े पैमाने पर घोटाले की तरफ इंगित करता है। इसकी भी जांच आवश्यक है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर मांगे पूरी नहीं होती है तो संगठन विवश होकर कार्य बहिष्कार, हड़ताल और धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। पत्रक सौपने वालों में मुख्य रूप से विनय तिवारी, प्रमोद यादव, गिरधर ,योगेश और शहर के लगभग सभी संविदा लाइनमैन उपस्थित रहे।
अंगद और गोरा को पांच-पांच साल की सजा
गाजीपुर। जिला कारागार में बंदी को मारने-पीटने के मामले में जिले के टॉप 10 अपराधियों की सूची में शामिल व मुख्तार अंसारी के शूटर अंगद राय और गोरा राय को कोर्ट ने पांच-पांच साल की सजा सुनाई है। 7 जून को विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट शक्ति सिंह की अदालत में सुनवाई हुई थी। अभियोजन की तरफ से विशेष लोक अभियोजक प्रदीप चतुर्वेदी ने बहस पूरी की थी। आरोप सिद्ध होने पर सोनवार को न्यायालय ने सजा सुनाई है। मालूम हो कि अभियोजन के मुताबिक, जितेंद्र राम जिला कारागार में निरुद्ध था। बीते 22 अप्रैल 2009 को बंदी अंगद राय और उमेश उर्फ गोरा राय, जो बैरक नंबर-10 में रहते थे, वहां पर वादी जितेंद्र राम रोजाना झाड़ू लगाने जाता था, लेकिन फोड़ा होने की वजह से वादी सफाई करने नहीं गया. इस पर वादी को बुलाकर अंगद राय और गोरा राय मारने-पीटेने लगे, जिससे उसका हाथ टूट गया. साथ ही दोनों अपराधियों ने वादी को जाती सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। वादी की सूचना पर कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने उक्त मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया था. इस दौरान विचारण गवाही के समय गवाह प्रमोद गिरी उर्फ पप्पू को दोनों आरोपियों ने गवाही करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। गवाह की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अभियोजन ने गवाह को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई और गवाह का न्यायालय में बयान अंकित हुआ था। मुकदमे में कुल सात गवाहों की गवाही होने के बाद दोनों आरोपी गोरा राय और अंगद राय पर आरोप सिद्ध हुआ था। सोमवार को दोनों को सजा सुनाई गई।