अचानक धूं धूं कर जलने लगा ट्रांसफार्मर

गाज़ीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लालदरवाजा मोहल्ले में सड़क किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मरो में आज अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में दोनों ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया। आसपास के लोगों ने विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत आपूर्ति ठप होने हजारों की आबादी परेशान है। विद्युत विभाग के अधिकारी जल्द ही विद्युत आपूर्ति चालू हो जाने की बात कह रहे हैं। बताया जा रहा है कि लालदरवाजा बिजली दफ्तर के बाहर लगा ट्रांसफार्मर अचानक जलने लगा। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की तेज लपटें उठने लगी। आग की लपटों ने पास के ही दूसरे ट्रांसफार्मर को भी अपनी जद में ले लिया। दोनों ट्रांसफार्मर से उठ रही तेज लपटे दूर से दिख रही थी। यह देख पास के घरों के लोग परेशान हो गए। ट्रांसफार्मर जल जाने बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने का आश्वासन स्थानीय लोगों को दिया है। अधीक्षण अभियंता पूर्णचन्द्र ने कहा अचानक एक ट्रांसफार्म में लगी। आग की लपट की चपेट में दूसरा ट्रांसफार्मर भी आ गया।कहा कि शार्ट सर्किट की वहज से आग लगी है।

गीत और नृत्य के माध्यम से मतदाताओं को किया गया जागरूक

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सावित्रीबाई फुले सभागार में गुरूवार को मतदाता जागरूकता, युवा महोत्सव एवं युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज युवा मतदाताओं को समर्पित और उनको उत्प्रेरित करने के लिए युवा महोत्सव एवं युवा सांसद का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी लोकेश कुमार, विशिष्ट अतिथि राम नगीना यादव समाज कल्याण अधिकारी एवं संजय कुमार सोनी बाल एवं महिला विकास कल्याण अधिकारी रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ अमित यादव एवं एनसीसी प्रभारी डॉ शशि कला ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने अतिथि का स्वागत करते हुए बढ़ चढ़कर मतदान की अपील की। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी लोकेश कुमार ने उपस्थित युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि न केवल हमें अपना वोट डालना है बल्कि अपने आसपास के लोग भी वोट डालने जाएं इसके लिए भी युवाओं को तैयार रहना है। कार्यक्रम के दौरान श्रेया मौर्य, दिव्या तिवारी, साधना यादव, श्रेया यादव, अंकिता, अंजलि आदि की टीम ने मतदाता जागरूकता गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रतीक्षा एवं दिव्या तिवारी, लक्ष्मी राय की टीम ने  मतदाता जागरूकता नाटक का मंचन किया। राकेश कुमार,कोशल कुमार, श्रेया, अंकिता, रागिनी आदि ने युवा संसद के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किया। निर्वाचन साक्षरता क्लब (फ्यूचर वोटर) की प्रतिनिधि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता पर एकल एवं समूह नृत्य प्रस्तुत किया।


स्वीप आइकॉन अरविंद कुमार शर्मा एवं डा संजय राय और उनकी टीम कार्यक्रम में मौजूद रही जिसमें बॉडी बिल्डिंग का प्रदर्शन कर संदेश दिया गया कि स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम जरूरी है। उसी प्रकार लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी है। मिस्टर गाजीपुर गौरव कुमार एवं मसल्स चौंपियन आशीष कुमार ने बॉडीबिल्डिंग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में भारत के मानचित्र पर छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया। सहायक स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ हरिओम यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ शिवकुमार डॉ निरंजन कुमार, डॉ विकास कुमार आदि उपस्थित रहे।

रुके और साफ़ पानी में ही पनपता है डेंगू का मच्छर:सीएमओ

सावधान रहें, रुके और साफ़ पानी में ही पनपता है डेंगू का मच्छर:सीएमओ

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सीएमओ कार्यालय समेत सीएचसी – पीएचसी पर आयोजित हुए कार्यक्रम

डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए जानकारी एवं जागरूकता भी बेहद जरूरी



गाज़ीपुर। डेंगू, एडीज़ मादा मच्छर के काटने से फैलता है। ये मच्छर रुके हुए साफ पानी में पनपते हैं। इसलिए आवश्यक है कि घरों में मौजूद कूलर, गमले के नीचे जमा पानी, टायरों, छत और खाली पत्रों में जमा हुए पानी को हर हफ्ते खाली करें, जिससे मच्छर का लार्वा न पनप सके। समय पर जांच और उपचार कराने से डेंगू पूरी तरह ठीक हो सकता है। लापरवाही करने से यह गंभीर रूप ले सकता है। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल का। वह राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर वृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित हुई गोष्ठी में कह रहे थे।
सीएमओ ने कहा कि इस वर्ष डेंगू दिवस की थीम ‘समुदाय को जोड़ें, डेंगू को नियंत्रित करें’ रखी गई है।

इसके लिए डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव एवं रोकथाम के लिए अधिक से अधिक लोगों में जागरूकता लायी जाए। आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा रोकथाम के लिए “क्या करें और क्या न करें” के बारे में बताया जाए। घर व आसपास कहीं भी जल जमाव न होने दें। डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग ने अभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने कहा कि तालाब और नालियों की नियमित सफाई के लिए, फॉगिंग-छिड़काव की व्यवस्था कराने के लिए, संक्रमण और प्रदूषण की उत्तरदायी खुली नालियों को ढक कर रखें। नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में पेयजल स्रोतों एवं संसाधनों से शौचालयों के सीवर को उचित दूरी पर स्थापित करें। इस कार्य को पूरा करने के लिए जिला मलेरिया अधिकारी, नगर विकास और पंचायती राज विभाग का सहयोग लें।    


कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि डेंगू, वायरल और मच्छर जनित रोग है। इससे ग्रसित मरीजों का बदन टूटता है और अधिक दर्द होता है। डेंगू बुख़ार के कुछ लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते तथा मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द शामिल होता है। डेंगू का एक लक्षण रक्तस्रावी बुख़ार भी है जिसके कारण रक्त ले जाने वाली नलिकाओं में रक्तस्राव या रिसाव होता है जिससे प्लेटलेट्स का स्तर कम धीरे-धीरे कम होने लगता है। दूसरा डेंगू शॉक सिंड्रोम है, जिससे खतरनाक रूप से निम्न रक्तचाप (ब्लडप्रेशर) होता है। इस प्रकार के कोई भी लक्षण दिखते ही नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर सम्पूर्ण इलाज कराएं। जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला अस्पताल में जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध है।


इसके साथ ही सैदपुर सीएचसी समेत सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) पर भी जागरूकता कार्यक्रम व गोष्टी का आयोजन किया गया। इस मौके अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मनोज कुमार सिंह समेत अन्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

अन्नदाता किसान सम्मेलन में बोले सांसद मस्त

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नेतृत्व में अन्नदाता किसान सम्मेलन का आयोजन वृहस्पतिवार को जमानिया के एक निजी विद्यालय मे सम्पन्न हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा विगत दस वर्षों मे धरती से जुड़े लोगों के साथ उनकी समस्याओं पर व्यावहारिक विचार-विमर्श के साथ उनके समृद्धि के लिए काम किया गया है। तथा नीति आयोग के नेतृत्व में संबंधित सभी मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ मिलकर बैठकर किसानों के समृद्धि के मार्ग को प्रशस्त करने का निर्णय लिया गया। कृषि उत्पादों के मूल्यसंवर्धन पर जोर देते हुए मस्त ने संपदा योजना का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में सुगंधित कृषि उत्पादों की मांग बहुत बढ़ी है। और भारत में इसकी बड़ी संभावनाएं हैं, जिसका दोहन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत अपने खुशबू से दुनिया में महक बिखेर सकता है। किसानों को समय पर जानकारी मुहैया कराना और मांग आधारित खेती के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करना जरूरत बताई है।और कहा कि यह तभी संभव जब देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि किसानों को हर तरह की जानकारी मुहैया कराने के लिए डिजिटल प्लेटफार्म तैयारी पर सरकार  कार्य कर रही है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम केंद्र सरकार की योजनाों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। जब तक हर गांव खुशहाल होगा, अन्नदाता के चेहरे पर खुशी  होगी तब हमारा देश भी खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि हमें हर एक चेहरे पर सुकून भरी मुस्कान लाना है और उसके लिए समर्पित प्रयास चल रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों का दिन जल्द ही सुखद होगा जिसके लिए 63000 सहकारी समितियों के कंप्युटरीकरण का कार्य तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए उनकी परंपरागत खेती के साथ अतिरिक्त आय के साधन सृजित करने पर सरकार ने जोर दिया है। इनमें बागवानी, डेयरी, पोल्ट्री, मधुमक्खी पालन व सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा गया है।

जमानिया की पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने युवा किसानों आह्वान किया कि आप सब युवा किसान हैं। आप में असीम ऊर्जा के साथ अनगिनत संभावनाएं हैं। उन्होंने उनका आह्वान किया कि किसान खेत और फसल पर ध्यान दें। उन्होंने  योजनाओं के  लाभ  का अवसर ले किसान की सबसे बडी पूंजी उसकी मेहनत होती है। सच्ची लगन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। जिला अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत अभिनंदन किया। सम्मेलन की अध्यक्षता और संचालन जिलाध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम में दिलदारनगर चेयरमैन अविनाश जयसवाल उर्फ नेपाली, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, रामेश्वर कुशवाहा, माया सिंह, हरदेव कुशवाहा, रंजीत राजभर, राकेश राय, नगरपालिका चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता, हरेन्द्र यादव, तारकेश्वर वर्मा, मीडिया प्रभारी संजीत यादव, अवधेश सिंह, तारकेश्वर वर्मा, निषाद पार्टी के विराट साहनी, सुहेलदेव समाज पार्टी के अच्छे लाल राजभर सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अनन्या सेवा ट्रस्ट ने सैकड़ो जरूरतमंद लोगों को कराया भोजन

गाजीपुर। अनन्या सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित हफ्ते के प्रत्येक बुद्धवार के दिन सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में जरूर मंद लोगों को भोजन कराया जाता है । इस भंडारे में सहयोग “न्यूट्रिशन सेंटर रौजा के जर्नादन प्रजापति का रहा। बता दें कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है जिले में एक अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चैरिटेबल हास्पिटल का निर्माण कराना, बेरोजगार नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना, जन-कल्याण के लिए अधिक से अधिक कार्य करना एवं पीड़ित – असाध्य मरीजों की सहायता करना व उचित मार्गदर्शन करना आदि हैं। भंडारे के समय पूर्व प्राचार्य ओमप्रकाश सिंह, युवा समाजसेवी कुंवर वीरेंद्र सिंह, गोपू, सुधांशु कुमार बलवंत कल्लू, शैलेन्द्र पाल पिंटू, पवन कुमार श्रीवास्तव, दिलिप, पंकज, दीपक , विक्की, भोलू तिवारी, फिरोज, ऐनु जी, कुंदन, नन्हे, नैय्यर, डब्बू आदि लोग मौजूद रहे। ट्रस्ट परिवार एवं सहयोगी सभी साथी का आभार जताया।

लाखों रुपए के गांजा के साथ दो लोग गिरफ्तार

गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस टीम ने गांजा की अवैध तस्करी करने वाले 2 अन्तर्राज्यीय  गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 83.550 किग्रा गांजा (जिसकी अन्तराष्ट्रीय कीमत लगभग 20 लाख 88 हजार 750 रूपया है) बरामद किया गया। इसकी जानकारी एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसपी ओमवीर सिंह ने गुरूवार को दिया। एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष जंगीपुर अमित कुमार पाण्डेय, यूपी STF पुलिस टीम उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी व स्वाट /सर्विलांस टीम उप निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से चलाये गये आपरेशन में मादक पदार्थ (गांजा) की अवैध तस्करी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह को 83.550 किग्रा मादक पदार्थ गांजा (जिसकी अनुमानित कीमत अन्तराष्ट्रीय बाजार में करीब 20 लाख 88 हजार 750 रूपया हैं ) उसके साथ ऊसर गांव से जैयराम पुर की तरफ जाने वाले रास्ते बहदग्राम नसीरपुर के पास से बुधवार की रात को अभियुक्त छोटे लाल गुप्ता पुत्र स्व0 जमुना गुप्ता निवासी हनुमान मंदिर के पास बहादुरगंज थाना कासिमाबाद और साहब राज यादव पुत्र रामजीत यादव निवासी सिसवा थाना मेहनगर जनपद आजमगढ को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग असम राज्य से ट्रक के केबिन के उपर बने  हुड में छिपाकर गांजा लाते हैं और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदो में बेचते है। बेचने के बाद प्राप्त धन से अपने तथा अपने परिवार की आर्थिक तथा भौतिक आवश्यक्ताओ की पूर्ति करते है। अभियुक्त साहबराज यादव द्वारा बताया गया कि वह पूर्व में भी गांजा तस्करी में संलिप्त रहा है तथा जेल भी जा चुका है। अभियुक्तों के पास से गांजा के साथ एक ट्रक  UP53DT1183 और 3 मोबाईल फोन बरामद किया गया।

पांच हत्यारों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस और कोतवाली थाना पुलिस टीम ने बीते दिनों 13 मई 2024 को मोतीनगर चट्टी पर मारपीट कर हत्या करने वाले 5 अभियुक्त को घटना मे प्रयुक्त आलाकत्ल 2 लाठी व 1 कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया।
इसकी जानकारी एसपी कार्यालय में एसपी ओमवीर सिंह ने गुरूवार को प्रेस वार्ता कर दिया। उन्होंने कहा कि पी0जी0 कालेज चौराहे के पास से गुरूवार की देर रात 2.50 बजे कोतवाली प्रभारी दीनदयाल पाण्डेय और क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय राय अपने पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त एक बांस की लाठी अभियुक्त रामायन बिन्द की निशानदेही पर तथा अभियुक्त कृष्णा बिन्द की निशानदेही पर एक कुल्हाडी एवं अभियुक्त अंगद बिन्द की निशानदेही पर एक बाँस की लाठी बरामद की गयी। मालूम हो कि 13 मई को ग्राम परमेठ बिन्दपुरवा निवासी के दो पक्षों में आपस में मारपीट हो गयी थी जिसमें गम्भीर रुप से घायल राजकिशोर बिन्द पुत्र अन्तु बिन्द की इलाज के दौराने इलाज मौत  हो गयी थी।

जिसके संबंध में थाना कोतवाली पर राजकिशोर बिन्द के पत्नी की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर वांछित अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। जिसको 16 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ करने पर अभियुक्तों द्वारा बताया कि हम लोगो से 13 मई को शाम लगभग 8.30 बजे मोतीनगर चट्टी (भटौली) पर  राजकिशोर बिन्द व अन्तु बिन्द तथा उनके घरवालो से दुकान से सामान खरीदने तथा पैसे को लेनदेन की बात को लेकर झगडा हुआ। जिसमे हम लोगो द्वारा उन लोगो को लाठी डण्डा व कुल्हाड़ी से मारा गया तो वे लोग घायल हो गये। हमलोग घटना के बाद वहाँ से भाग गये। बाद मे हम लोगो को मालूम हुआ कि राजकिशोर बिन्द की अस्पताल में मृत्यु हो गयी है। इसी डर से हम लोग गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की फिराक में थे तब तक आप पुलिस लोगो द्वारा पकड लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्णा बिन्द पुत्र शोभित बिन्द उर्फ राधेश्याम बिन्द उम्र करीब 22 वर्ष, अंगद बिन्द पुत्र लालबहादुर बिन्द उम्र करीब 20 वर्ष, गजनी बिन्द उर्फ शैलेश कुमार पुत्र स्व0 राजदेव बिन्द उम्र करीब 20 वर्ष, टुनटुन बिन्द उर्फ बुलेन्द्र कुमार पुत्र रामदयाल बिन्द उम्र करीब 29 वर्ष और रामायन बिन्द पुत्र शोभित बिन्द उर्फ राधेश्याम बिन्द उम्र करीब 20 वर्ष सभी निवासी परमेठ (बिन्द का पुरवा) थाना करण्डा शामिल हैं।

11 प्रत्याशियों का नामांकन पत्र वैध

11 प्रत्याशियों का नामांकन पत्र वैध

गाजीपुर।लोकसभा सामान्य निर्वाचन- 2024 नामांकन के दौरान 25 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। जिसमे क्रम आज सामान्य प्रेक्षक अनन्त लाल ज्ञानी (आई ए एस) एवं जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी के द्वारा स्कूटनी के दौरान कुल 11 प्रत्याशियों का नामांकन वैध पाया गया। जिसमें 03 प्रत्याशी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनैतिक दलो के अभ्यर्थी है। जिसमें समाजवादी पार्टी से अफजाल अंसारी पुत्र सुबहानुल्लाह अंसारी, बहुजन समाज पार्टी से उमेश कुमार सिंह पुत्र विन्ध्याचल सिंह, भारतीय जनता पार्टी से पारस नाथ राय पुत्र उमाकान्त राय है। 08 प्रत्याशी रजिस्ट्रीकृत राजनैतिक दलों के अभ्यर्थी (मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनैतिक दलो से भिन्न) जिसमें विश्व कल्याण राष्ट्रीय समाज पार्टी से अजय पुत्र शिवप्रसाद, युग तुलसी पार्टी से आदित्य श्रीवास्तव पुत्र उमेश चन्द्र, भारतीय लोकवाणी पार्टी से धनंजय कुमार तिवारी पुत्र कृष्णानन्द तिवारी, जन जनवादी पार्टी से रामचरन पुत्र रामराज एवं मौलिक अधिकार पार्टी से रामप्रेवश पुत्र रामकरन तथा अन्य 03 निर्दल प्रत्याशियों में नुसरत अंसारी पुत्र अफजाल अंसारी, सत्यदेव यादव पुत्र भीमल यादव एवं ज्ञानचन्द बिन्द पुत्र बल्ली का नामांकन पत्र स्कूटनी के दौरान वैध रहा।

दुष्कर्मी को न्यायालय ने सुनाई 10 साल की सजा

गाजीपुर। विशेष न्यायाधीश पाक्सो प्रथम राकेश कुमार सप्तम की अदालत ने बुधवार को नाबालिक पीड़िता के साथ दुष्कर्म के मामले में अभियुक्त अभिषेक उर्फ बबलू नाई को 10 साल की कड़ी कैद के साथ 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दण्डित किया। अर्थदंड की राशि से 75 प्रतिसत राशि पीड़िता को देने का आदेश दिया है। अभियोजन के अनुसार थाना नोनहरा के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने इस आशय की तहरीर दिया कि उसकी नाबालिक पुत्री 9 दिसम्बर 2018 को मुहल्ले का अभिषेक उर्फ बबलू बहलाफुसला कर भगा ले गया है। वादी की सूचना पर थाना नोनहरा में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने दौरान विवेचना आरोपी और पीड़िता को बरामद किया और आरोपी को जेल भेज दिया। पीड़िता का डाक्टरी मुआयना कराकर न्यायालय में पीड़िता का बयान दर्ज कराया। पीड़िता ने आप बीती घटना को बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने विवेचना उपरान्त आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया।
दौरान विचारण अभियोजन की तरफ से विशेष लोक अभियोजक प्रभुनारायण सिंह ने कुल 8 गवाहों को पेश किया। सभी गवाहों ने न्यायालय में अपना अपना बयान दर्ज कराया। जिसके बाद बुधवार को दोनो तरफ की बहस सुनने के बाद न्यायालय ने उपरोक्त फैसला सुनाते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया।

राजकुमार पांडे ने जरूरतमंद परिवार को उपलब्ध कराई स्वास्थ्य सेवाएं

राजकुमार पांडेय ने फिर पेश की दरियादिली की मिसाल.. 

गाज़ीपुर। एक बार फिर अपने चिरपरिचित अंदाज में समाजसेवी राजकुमार पांडेय ने जरूरतमंद मरीज को मदद पहुंचाने का काम किया है। नारी पचदेवरा गांव के रहने वाले मरीज़ सुजीत यादव के परिजनो की मांग पर सपा नेता और समाज सेवी राजकुमार पांडेय ने ऑक्सीजन समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने का काम किया है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने राजकुमार पांडेय के आवास पर पहुंच कर कहा कि हमारे बेटे का ऑक्सीजन लेवल कम हो रहा है और उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है। राजकुमार पांडेय ने कहा ठीक है इसको हॉस्पिटल में एडमिट करा देते हैं, तो परिजनों ने बताया कि हमने अस्पताल में एडमिट कराया था। इसका ऑक्सीजन लेवल हमेशा ऊपर नीचे होता रहता है। यह मुंबई में किसी रुई की फैक्ट्री में काम करता था, तब से ही यह प्रॉब्लम हुई है। हमारे घर की स्थिति उतनी अच्छी नहीं कि हम इसे हमेशा हॉस्पिटल में रख सकें। इस पर राजकुमार पांडेय ने अपने लोगों से बात किया और अपने करीबी डॉक्टर सिराज पठान को यह जिम्मेदारी दी की जो भी इनकी जरूरत है, उनका पूरा किया जाए। 2 घंटे के अंदर राजकुमार पांडेय की टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर सहित सारा कीट सुजीत यादव के घर पर ही इंस्टॉल कर दिया। जिस पर गांव के लोगों ने राजकुमार पांडेय की भूरी भूरी प्रशंसा की। ग्राम प्रधान शिवप्रसाद यादव ने कहा कि राजकुमार पांडेय जैसा बेटा हमारे गांव का लाल है, इस पर हम सभी को गर्व है। राजकुमार पांडेय ने हमेशा जाति धर्म से ऊपर उठकर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करते हुए मिसाल कायम किया है। इस मौके पर सोनू पांडे, दिवाकर तिवारी, मुकेश पाल, संजय यादव, लवकुश यादव सुरेंद्र, यादव आदि मौजूद रहे।

Uttar Pradesh Fast News