लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की मनाई गई जयंती

गाजीपुर।राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की 149 वीं जयंती महोत्सव राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में जनपद में उत्साह, उमंग एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने सरदार बल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सरदार बल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस को ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाए जाने के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सम्भ्रान्त नागरिकों को शपथ दिलाते हुए कहा ‘‘मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वंय को समर्पित करुंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका है। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने की भी सत्यनिष्ठा से संकल्प लेता हूॅं’’।
मुख्य विकास अधिकारी ने लौह पुरूष के जयंती पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यद्यपि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती 31 अक्टूबर को है लेकिन शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आगामी 31 अक्टूबर 2024 को दीपावली का त्यौहार एवं अवकाश होने के कारण आज ही हम सब सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल के सिद्धान्तों, आदर्शाे एवं आचरण के व्यवहारिक पक्ष को निष्ठापूर्वक एवं सेवा-भाव के साथ आत्मसात करना ही उनके प्रति हम सबकी सच्ची श्रद्धाजली होगी।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव, सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

त्योहार को लेकर शहर में रहेगा रूट डायवर्जन

गाजीपुर। शहर में धनतेरस और दिपावली के त्यौहार को देखते हुए यातायात पुलिस विभाग के द्वारा कई जगहों पर रूट डायवर्जन किया गया है। जिससे लोगों को किसी भी तरह की कोई असुविधा न हो सके। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि शहर में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था धनतेरस के दिन यानी 29, 30 अक्टूबर की दोपहर से लेकर रात तक रहेगी। दोपहर 2 बजे के बाद से शहर में चार पहिया वाहन, ई रिक्शा सहित अन्य सभी बड़े वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। मनीष त्रिपाठी ने कहा कि शहर में मंगलवार की दोपहर 2 बजे से लेकर बुधवार की रात 12 बजे तक विभिन्न रास्तों पर रूट डायवर्जन रहेगा। इस दौरान कई मार्गों पर ऑटो और ई रिक्शा लेकर आने जाने में रोक रहेगी। बाजारों में भीड़ होने की वजह से कार लेकर जाने में जाम का सामना करना पड़ सकता है। यातायात प्रभारी का कहना है कि सड़क पर गाड़ी खड़ी करने के बजाय उचित स्थानों पर अपने वाहन खड़ी करें। जाम लगने पर चालान काटकर जुर्माना वसूला जाएगा।

चार दिवसीय दीपावली मेला का हुआ शुभारंभ

गाजीपुर। 28 वर्षों से इन्वर्टर बैटरी सोलर एवम सिर्फ सागौन के फर्नीचर बनाने वाले पूर्वांचल के सबसे विश्वसनीय प्रतिष्ठान एलिगेंट एप्लायंसेज के चार दिवसीय दीपावली मेला का उ‌द्घाटन सोमवार को ज्ञान मूर्ति सन्त यूश महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

इस अवसर पर नगर के तमाम सम्भांत जन व मीडिया के बन्धु उपस्थित थे। करीब वर्ग 10000 फुट गोदरेज, स्लीपवेल, नीलकमल, त्रिवेणी, नेशनल व डैक तथा एलिगेंट के शानदार फर्नीचर रेंज तथा प्लास्टिक व स्टील के अन्य घरेलू सामान के साथ एल जी, वोल्टास, हैवेल्स आदि के इलेक्ट्रॉनिक सामान की शानदार रेंज डिस्प्ले की जा रही है। दीपावली मेले में किसी भी समान की खरीद पर शानदार छूट व उपहार दिए जा रहे हैं।

ऐतिहासिक स्कीम विवाह आपका इंतजाम हमारा के तहत मैरेज पैकेज की बुकिंग पर टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन व डाइनिंग सेट फ्री दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 108000 की सब्सिडी के साथ विशेष आफर दिया जा रहा है

पीएम मोदी ने मन की बात में किया साइबर क्राइम जिक्र

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 115 वें मन की बात के संस्करण को रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी बूथों पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों सहित आम जन ने देखा व सुना । इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं संग गाजीपुर नगर मण्डल के बूथ संख्या 267 पीरनगर पर सुनते हुए कहा कि विश्व के सबसे मजबूत नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विश्वास आम जनता मे स्थापित है ।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के मन की बात कार्यक्रम में देश में तेज गति से फैल रहे साइबर अपराध पर प्रधानमंत्री ने लोगों को चैतन्य करते हुए सचेत किया है।और देश की विरासतों के समृद्ध पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह कार्यक्रम लोगो के जीवन मे उर्जा तथा प्रेरणा का स्रोत है। और  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिया गया जन संदेश लोगों की भावनाओं मे आत्मियता के साथ स्थापित है जो देश के विकास, सम्मान एवं  राष्ट्र गौरव की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।


पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय बूथ संख्या 285 राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के आवास विकास कालोनी रौजा पर मन की बात कार्यक्रम को सुना। जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने सकरताली बूथ के कार्यकर्ताओं संग मन की बात कार्यक्रम को सुना।

बैंक खाते में आएगी लाखों रूपये की धनराशि

ग़ाज़ीपुर।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्या की राजधानी काशी से रविवार को उत्तर प्रदेश के समस्त संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना की विधिवत शुरुआत की। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर के दीक्षा प्रांगण में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंप्यूटर के माउस को क्लिक कर प्रदेश के 69195 संस्कृत विद्यार्थियों के बैंक खाते में एक साथ 586 लाख रूपये की धनराशि छात्रवृत्ति के रूप में स्थानांतरित किया।

बैंक खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि डिजिटली ट्रांसफर होने पर मौके पर मौजूद छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय संस्कृति के ऊर्जा का स्वर है। संस्कृत के प्रथमा से आचार्य तक के सभी बच्चों को छात्रवृति की व्यवस्था की गयी है। इसके लिए संस्कृत विद्यालयों को बच्चों का फार्म आदि भरवाने की औपचारिकता पूर्ण कराते हुए प्रयास करना होगा। संस्कृत केवल देववाणी ही नहीं बल्कि भौतिक समाज की तमाम समस्याओं के समाधान करने का भी माध्यम बने। उन्होंने संस्कृत को वैज्ञानिक भाषा के दृष्टि से भी आगे बढ़ाए जाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा की भारत संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना की धरा है। संस्कृत वेद भाषा है तथा उसको जाने बिना भारत की संस्कृति जानना मुश्किल होगा। किसी अभाव से जो विद्यार्थी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं उनको ये छात्रवृत्ति बहुत संबल देगी। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य एंव जिला विद्यालय निरीक्षक की उपस्थिति में मुख्यमंत्री  के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया। जनपद गाजीपुर में कुल 938 संस्कृत विद्यार्थियों के बैंक खाते में 8,26,200 रूपये की धनराशि छात्रवृत्ति के रूप में लखनऊ से स्थानांतरित की जायेगी।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित 10 छात्रों को छात्रवृत्ति का डेमो चेक वितरित किया गया। कार्यक्रम मे माध्यमिक विद्यालय के तरफ से खेल कूद मे एथलेटिक्स एवं कुश्ती को छोड़कर, मण्डल स्तर तथा राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र छात्राओ को ट्रेक शूट का वितरण मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अन्त मे जिला विद्यालय निरीक्षक ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजकीय सीटी इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य सहित अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं छात्र/छात्राएं उपस्थित रहे।

बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति

नगर में 8 घंटे आंशिक रूप से बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति


गाजीपुर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला सिकंदरपुर कालोनी, गोला घाट,आरटीआई चौराहा, कोयला घाट और कचहरी रोड में रविवार को जर्जर तार बदलकर एबीसी कंडक्टर तारों को लगाया जाएगा, जिसमे आज इन मोहल्लों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आंशिक रूप विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसकी जानकारी अधिशाषी अभियंता आशीष शर्मा ने दी।

दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षुओ को किया गया पुरस्कृत

साबिर अली आईटीआई कॉलेज जखनियां में दीक्षांत समारोह 2024 में प्रशिक्षुओ को किया गया पुरस्कृत।

आईटीआई प्रशिक्षु के लिए रोजगार के तमाम अवसर, डॉ. अनिल यादव

शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को लगनशील होना जरूरी, निजामुद्दीन सिद्दीकी समाजसेवी

गाजीपुर। जखनिया स्थित अलीपुर मद्ररा साबिर (एस )अली नेशनल प्राइवेट आईटीआई परिसर में शनिवार को दीक्षांत समारोह 2024 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ अनिल यादव और विशिष्ट अतिथि निजामुद्दीन सिद्दीकी रहे। जिसका स्कूल के गेट पर पहुंचते ही समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवधेश उर्फ राजू यादव ने फूलमाला पहनाकर  स्वागत किया। इस मौके पर डायरेक्टर आमिर अली ने अतिथियों कों मंचासीन कराया। उसके बाद प्राचार्य अमरनाथ यादव ने वैज व बुके देकर सम्मानित किया। इस मौके पर छात्र छात्राओं ने स्वागत, सरस्वती वंदना सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक डॉक्टर अनिल यादव ने कहा कि आज के युग में आईटीआई प्रशिक्षु के लिए रोजगार के तमाम अवसर खुले हैं। अगर ध्यान पूर्वक आईटीआई में विद्यार्थी रुचि ले तो देश ही नहीं विदेशों में भी द्वार खुले हैं। निजामुद्दीन सिद्दीकी समाजसेवी ने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा लग्नशील होकर ध्यान पूर्वक शिक्षा को ग्रहण करना चाहिए। और हमेशा अपने शिक्षक के प्रति जागरूक होकर पठन पाठन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के युग में आईटीआई इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में विद्यार्थियों का बोलबाला है। इस मौके पर मुख्य अतिथियों ने कई होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर भारद्वाज,सपा के प्रदेश सचिव रंगीला यादव, जखनिया विधानसभा अध्यक्ष अवधेश उर्फ़ राजू यादव, सामाजिक न्यायिक संगठन के अध्यक्ष सुनील यादव, सैफ सिद्दीकी,गोविंद पटेल, शाहिद अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में आए हुए आगंतुकों का प्रबंधक आमिर अली ने आभार जताया।

डीएम की उपस्थिति में कराई गई धान की क्रॉप कटिंग

गाजीपुर।क्राप कटिंग प्रयोग के आधार पर जनपद  में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के ऑकड़े तैयार किए जाते है, जिससे उत्पादन की सटीक जानकारी प्राप्त की जाती है। क्राप कटिंग के प्रयोग के आधार पर ओलावृष्टि,भारी वर्षा एंव अन्य नुकसान से फसलों की बीमा की राशि निर्धारित की जाती है।
इसी सिलसिले में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की उपस्थिति मे ग्राम हेतिमपुर तहसील सदर में संगीता यादव के खेत मे धान की क्राप कटिंग कराई गई। इस दौरान 43.33 वर्ग मीटर या .0043 हेक्टेयर खेत में क्राप कटिंग मौके पर कराई गई। जिसमें 33.07 किग्रा उपज तौलाई के दौरान  प्राप्त हुई।
इस दौरान उन्होने किसानो को अपने नजदीकी धान क्रय केन्द्रो पर धान बेचने की सलाह दी। जिससे उन्हें अपने धान का उचित मूल्य मिल सके। उन्होने किसान बन्धु से आग्रह किया कि किसी भी बिचौलियों के बहकावे में न आए। उन्होने जनपद के सभी किसानो से अपने-अपने खेतो में पराली न जलाने की अपील की। मौके पर उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह, तहसीलदार सदर राजीव यादव, अपर सांख्यकीय अधिकारी अनुराग जगत श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सदर अजय वर्मा, कानूनगो लालचन्द, लेखपाल अवधेश प्रसाद, ए0डी0ओ0एजी आजाद यादव, एस बी आई इन्श्योरेंस के जिला प्रतिनिधि राजीव कुमार, तहसील प्रतिनिधि आशीष कुमार, ग्राम प्रधान दीनानाथ पासी एवं किसान बन्धु उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने किया रूट मार्च,की अपील

गाजीपुर।जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने आगामी त्यौहार धनतेरस,दीपावली, गोवर्धन पूजा, डाला छठ, देव दीपावली की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत नगर पंचायत जंगीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को रूट मार्च किया।अधिकारी द्वय द्वारा थाना जंगीपुर से यादव मोड़ होते हुए जंगीपुर बजार का पैदल रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर प्रभारी जंगीपुर एवं अन्य अधिकारी, पुलिस बल मौजूद रहे।

डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, किया निस्तारण

गाजीपुर। शासन के निर्देश पर आज चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की अध्यक्षता में थाना जंगीपुर में उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी गई साथ ही शिकायतो को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया। थाना दिवस पर जंगीपुर मे 10 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतो को लिखित रूप में दिया जिसमें मौके पर 03 का निस्तारण किया गया एवं शेष निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओ के विरूद्ध एन्टी भू माफिया एक्ट के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कड़ी कार्यवाही करे। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिस गांव की शिकायत आती है वहां मौके पर गांव के संबंधित लेखपाल एवं पुलिस विभाग की टीम साथ मिलकर निस्तारण करेंगे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर सालिक राम, थाना प्रभारी, लेखपाल एंव अन्य पुलिस विभाग से सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Uttar Pradesh Fast News