अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संघ ने कराया सामूहिक योग गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर क्षेत्र के लंका मैदान में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, युवाओं, एवं नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं योग सत्र के साथ हुआ। योग प्रशिक्षक नगर संघसंचालक सर्वजीत के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर जौनपुर के सह विभाग प्रचारक प्रेम प्रकाश ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित करने की जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारतीय योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है, रोगों से बचाव होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। इस अवसर पर जिला संघचालक जयप्रकाश, जिला प्रचारक प्रभात, नगर कार्यवाह हर्ष एव संघ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद में हुआ भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक सम्पूर्ण जीवन पद्धति:ओमप्रकाश राजभर
कोलकता में आयोजित प्रधानमंत्री जी के योग कार्यक्रम एवं झांसी में आयोजित मुख्यमंत्री योग कार्यक्रम को एल0ई0डी0 द्वारा दिखाया गया सजीव प्रसारण
गाजीपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद का मुख्य समारोह पुलिस लाईन ग्राउण्ड, में उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस के जवान एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर कैबिनेट मंत्री,पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग, उ0प्र0 सरकार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक जखनियां वेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ओमप्रकाश राय, जिला अध्यक्ष सुभासपा सुरेन्द्र राजभर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कोलकता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगाभ्यास कार्यक्रम एवं झांसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का एल0ई0डी0 के माध्यम से सजीव प्रसारण दिखाकर योग दिवस व योग के महत्व के सम्बंध में बताए गए उद्बोधन को सुनाया व दिखाया गया। कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, विधायक वेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा धन्वतरि के चित्र पर मार्ल्यापण एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंत्री जी ने 12वॉ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि आज गाजीपुर ही नही बल्कि पूरे देश में योग कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा झांसी एवं प्रधानमंत्री द्वारा कोलकता में योग्याभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग कर योग कर रहें है। उन्होने कहा कि योग को जिसने भी अपनी दिनचर्या में शामिल किया है उसने अपने शरीर से रोग को मुक्त रखा है। कहा कि जिस प्रकार बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर ने संविधान बनाकर एक यूनिटी बनायी उसी प्रकार प्रधानमंत्री ने आज 21 जून को योग दिवस के माध्यम से ऐसी एकता दिखाई की पूरे देश में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर ब्लाक स्तर एवं जिला स्तर सभी जगहों पर योग दिवस मनाया जा रहा है। आज 140 करोड़ के अबादी को देश के प्रधानमंत्री ने एक सूत्र में बाधकर देश को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत बनाने का जो सपना दिया है उस सपने को साकार करने के लिए आज हम और आप मिलकर जो सहयोग कर रहें है वो बधाई के पात्र है। उन्होने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, बल्कि मानसिक तनाव में कमी, सकारात्मक सोच तथा आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। आज विश्व के करोड़ों लोग भारतीय ऋषि परंपरा की इस अमूल्य धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रहा तथा स्वस्थ, नशामुक्त एवं संस्कारित समाज निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ है जिसके लिए जिलाधिकारी, व सभी आयोजक बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो थीम रखी है स्वथ्य बुर्जगियत/हेल्दी ऐजिंग जैसे-जैस उम्र बढ़ती जा रही है वैसे हम अपने कैसे स्वस्थ्य रखे यह हमारे सामने बड़ी चुनौती है और उसी लिए इस बार वृद्ध माताओ एवं बड़े बुर्जगजन अन्य सभी के लिए इस थीम पर योग कराया जा रहा है। सभी उपस्थित गणमान्य लोगों ने प्रधानमंत्री का योग दिवस संदेश एवं संबोधन श्रवण किया। तत्पश्चात विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। विधायक जखनियां वेदी राम ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ऋषि परम्परा की अमूल्य धरोहर है जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग करे, निरोग रहे केवल एक नारा ही नही बल्कि स्वंस्थ्य एवं सुखी जीवन का मूल मंत्र है। यह भी कहा कि वर्तमान समय में बदलते जीवन शैली, तनाव एवं अनियमित दिनचर्या के कारण लोग विभिन्न प्रकार की बीमारियो से जूझ रहे है ऐसे में शारीरिक, मानसिक एवं अध्यात्मिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का योग सबसे बड़ा माध्यम है।विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि योग हमारे देश में लगभग 5000 हजार वर्ष से अधिक पुरानी परम्परा रही है जो केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर व मन को स्वस्थ्य रखता है तथा सकारात्मक व संतुलित जीवन शैली को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि योग से बीमारी दूर हो जाती है सभी अपील किया कि प्रतिदिन अपने दैनिक जीवन शैली में अपनाए। अंत में जिला विकास अधिकारी राजन राय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, बल्कि मानसिक तनाव में कमी, सकारात्मक सोच तथा आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। आज विश्व के करोड़ों लोग भारतीय ऋषि परंपरा की इस अमूल्य धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। जनपद गाजीपुर में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। स्वस्थ, नशामुक्त एवं संस्कारित समाज निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। 12वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग‘‘ रखी गई है। योग प्रोटोकॉल के अनुरूप योग प्रशिक्षिका कुमारी विजेता पाण्डेय एवं मुकेश यादव द्वारा 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। जनपद गाजीपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 का कार्यक्रम जनपद मुख्यालय के साथ 7 तहसील, 16 विकास खंड, सभी ग्राम पंचायतों में भव्यता के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र प्रजापति द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवा मंण्डल के स्वयंसेवकों द्वारा योगा कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया।
मुहम्मदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुहम्मदाबाद इलाके में जगह जगह योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में काफी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग से होने वाले लाभ की जानकारी ली व योगासन किया। मुहम्मदाबाद नगर स्थित अष्ट शहीद पार्क परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों आदि ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस आयोजन में योग के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी डॉ.हर्षिता तिवारी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य विरासत है जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। प्राणायाम से मन मस्तिष्क पूरी तरह स्वस्थ रहता है,वहीं इससे पाजिटीव उर्जा प्राप्त होती है। योगासन से हमारा शरीर का अंग पूरी तरह दुरुस्त रहता है। योग करके हम कई बीमारियों पर बिना दवा के काबू पा सकते हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा कि वर्तमान परिवेश में योग की महत्ता और भी प्रासंगिक हो चुकी है। इसे दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है। योगाभ्यास में सीओ सुधाकर पांडेय,नायब तहसीलदार विपिन चौरसिया, विरेन्द्र राय, रामजी गिरी,ओपी गिरी, आनंद कुमार त्रिपाठी, भारतीय पूर्व सैनिक संघ के शशिकांत पाण्डेय, अमित अग्रवाल, राजेन्द्र गुप्ता, विनोद राय, श्रीनारायण राय, जयप्रकाश प्रजापति, प्रवीण राय, राजेन्द्र शर्मा, विनोद यादव आदि शामिल रहे। ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख अवधेश राय,कोतवाली परिसर में सीओ सुधाकर पांडेय व प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप की देखरेख में योग शिविर संपन्न हुआ।
नारी पचदेवरा का सम्मान करो, पीपापुल का निर्माण करो:अरूण कुमार श्रीवास्तव
गाजीपुर।21 जून को पीपापुल बनाओं संघर्ष समिति के तत्वावधान में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी तथा इस आंदोलन के संयोजक अरूण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में नारी पचदेवरा के ग्रामवासियों ने गंगा नदी के मध्य खड़े होकर नारी पचदेवरा (गाजीपुर) को अमादपुर(चंदौली) से जोड़ने के लिए गंगा नदी में पीपे के पुल की मांग को लेकर जल सत्याग्रह किया। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला यह क्षेत्र विकास की दौड़ में काफी पिछड़ गया है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी रामसुंदर शास्त्री,कामता लाल, गौरीशंकर लाल,बेचन प्रसाद गुप्ता,पतरू लाल, सदानंद यादव, लोकतंत्र रक्षक सेनानी संगम लाल की चर्चा करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का कभी सम्मान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान और इस क्षेत्र के विकास के लिए नारी पचदेवरा (गाजीपुर) और अमादपुर (चंदौली) को एक दूसरे से जोड़ने के लिए गंगा नदी पर पीपे के पुल की अति आवश्यकता है। पीपे के पुल की व्यवस्था होने से अमादपुर और उसके आसपास के गांवों और नारी पचदेवरा के आस पास के लोगों को एक दूसरे जिलों में जाने में काफी सुविधा मिलेगी और आवागमन आसान होगा। साथ में व्यापार बढ़ेगा और क्षेत्रीय नौजवानों को रोजगार मिलने की भी संभावना बढ़ेगी तथा दोनों किनारों पर बाजार भी विकसित होगा। गंगा किनारे पैदा होने वाली सब्जी तथा इस क्षेत्र का दूध, खोवा,छेना बड़ी मंडियों में आसानी से पहुचेगी तथा उसकी उचित कीमत भी किसानों और दूध व्यवसायियों को मिलेगी। अच्छी चिकित्सा, इलाज और शिक्षा ग्रहण के लिए नारी पचदेवरा, रामपुर मांझा, पहाड़पुर,धनई पुर,जेवर,बेलासी,बेलसड़ी, गरथौली ,खानकाह कलां,रसूलपुर,पचारा,गरथौली,और आस पास के क्षेत्रवासियों को बीएचयू तथा अन्य अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में जाने के लिए काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पीपापुल के लिए नारी पचदेवरा का गंगा किनारे का घाट काफी सुगम और फैला हुआ है और गंगा किनारे तक पिच रोड है। पीपा पुल से उतरने पर लोगों को और किसी भी वाहन के लिए बहुत ही सुविधा जनक रास्ता है। उन्होंने कहा कि वाराणसी और चंदौली जाने के लिए इस क्षेत्र के लोगों को काफी दूरी तय करना पड़ता है। इस पीपापुल के बनने से इस क्षेत्र के लोगों को वाराणसी या चंदौली जाने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इस बैठक में ग्रामवासियों ने पीपे के पुल की इस मांग को पूरा कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद करने की भी गुहार लगाई । इस धरना में मुख्य रूप से रविन्द्र यादव,लाल बहादुर यादव,तरूण प्रकाश सिंह, भीम गोंड,अजय यादव, केशेन्द्र यादव सिंगर, कन्हैया यादव,कृष्णा यादव,असगर अली, श्लोक यादव, शिवकुमार यादव, न संतोष यादव,विमल पांडे ,,ओमप्रकाश यादव ,लुटावन यादव,आदि मौजूद थे।
मानव जिंदगी के लिए योग किसी वरदान से कम नहीं:प्रमोद वर्मा
गाजीपुर(जखनिया)। 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा जखनिया मंडल प्रथम द्वारा शिव मंदिर प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता एवं आम जनमानस ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर योग के विषय पर विचार विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवामोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने कहा हम सब यहाँ इस विशेष अवसर पर एकत्रित हुए हैं ताकि अपनी प्राचीन भारतीय संस्कृति के सबसे अनमोल उपहार, योग को मना सकें। हर साल 21 जून को पूरे विश्व में ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ मनाया जाता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम या कुछ आसन करने का नाम नहीं है। यह हमारे शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक प्राचीन कला और विज्ञान है। यह भारत की ही देन है कि आज पूरी दुनिया ने योग की शक्ति और इसके स्वास्थ्य लाभों को स्वीकार किया है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव पर, संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जिंदगी में, योग हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। नियमित रूप से योग और प्राणायाम करने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) मजबूत होती है। यह हमें मानसिक शांति और ध्यान केंद्रित करने की शक्ति देता है, जो विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। यह किसी विशेष उम्र के लोगों के लिए नहीं है, बल्कि हर कोई इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकता है। आज के इस पावन दिन पर, आइए हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएंगे। नियमित रूप से योग करेंगे और एक स्वस्थ, तनाव-मुक्त और सकारात्मक जीवन की ओर कदम बढ़ाएंगे। इस अवसर पर जिला प्रतिनिधि उमाशंकर यादव, मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, महामंत्री पीयूष सिंह, पंकज सिंहा, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, इंद्रदेव कुशवाहा, झुंना सिंह, अशोक गुप्ता, शैलू सिंह, सत्येंद्र पासवान, प्रशांत, राजेश जायसवाल, सुरेंद्र यादव, मंटू पांडेय, आर्यन, अजय सिंह, सोनू यादव, मोनू खान, धर्मेंद्र चौरसिया, दीपक गुप्ता सहित प्रमुख लोग मौजूद रहे।
गाजीपुर। प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वी किस्त जारी की गई। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के समस्त विकास खण्डो, ग्राम पंचायत, कृषि मंडी, कृषि विज्ञान केंद्र पर आयोजित की गई। जनपद स्तर पर इसका प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ओमप्रकाश राय, जिला अध्यक्ष भाजपा एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के साथ-साथ भारी संख्या में कृषक उपस्थित थे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जनपद के 417832 कृषकों को 83.56 करोड़ की धनराशि वितरित की गई। इस प्रकार जनपद को अब तक कुल 23 किस्तों के माध्यम से कुल 1923 करोड़ रुपए की धनराशि किसानों को वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम में उपस्थित किसान जिनके खाते में धनराशि प्राप्त हुई उनके चेहरे खूशी से खिल उठे। उनका कहना था यह धनराशि हम लोगों को कृषि कार्य करने में बहुत ही सहायक सिद्ध हो रही है।
गाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे-2024 के अंतर्गत प्राथमिकता प्रतीक्षा सूची तैयार किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायतों की प्राथमिकता प्रतीक्षा सूची तैयार करने हेतु विकास खण्ड स्तर पर Deletion Module डवकनसम की कार्यवाही पूर्ण कर प्रस्ताव अनुमोदन के लिए जिला स्तर पर प्रेषित किया जाएगा।
जिला स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात ग्राम पंचायतवार एवं लाभार्थीवार सूची डाउनलोड कर प्रिंट की जाएगी। इसी सूची के आधार पर ग्राम सभा की खुली बैठक में तथ्य सत्यापन (Fact Check) कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक लाभार्थी के सत्यापन हेतु उपलब्ध कराए जा रहे सिस्टम जनरेटेड प्रिंट में अंकित विवरणों में यदि कोई संशोधन आवश्यक हो तो उसे उसी प्रपत्र पर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए।
सत्यापन के दौरान विशेष रूप से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए- लाभार्थी को पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त हुआ है अथवा नहीं, लाभार्थी की मृत्यु होने एवं वारिस न होने की स्थिति, लाभार्थी का स्थायी रूप से पलायन कर जाना, सर्वेक्षण में चिन्हित भूमिहीन परिवारों की वास्तविक एवं अद्यतन स्थिति, प्रथम बार लाभार्थी (First Time Beneficiary) की वास्तविक पात्रता एवं वर्तमान स्थिति। समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली खुली बैठकों के पूर्व विकास खण्ड स्तर पर ग्राम पंचायत सचिवों, सहायक विकास अधिकारियों एवं सेक्टर प्रभारियों की बैठक आयोजित कर SOP की संपूर्ण जानकारी प्रदान की जाए तथा कार्यवाही विवरण भी उपलब्ध कराया जाए। निर्देश दिए गए कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न करते हुए दिनांक 30 जून 2026 तक समस्त कार्यवाही पूर्ण की जाए, जिससे पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जा सके।
गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस शनिवार को तहसील सदर में अनुपम शुक्ला, की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार मे सम्पन्न हुआ। जिसमे 52 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए मौके पर 09 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 511 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 51 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इसलिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक, डी सी मनरेगा, तहसीलदार सदर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस यूनिट का विस्तार, अब 25 बेड पर मिलेगी सुविधा
गाजीपुर।महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, गाजीपुर में डायलिसिस सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत 10 अतिरिक्त डायलिसिस बेडों का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.एन. चौधरी सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस यूनिट की शुरुआत जुलाई 2022 में 10 बेडों के साथ की गई थी। क्षेत्र में किडनी रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बाद में 5 अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था सीएसआर (CSR) के माध्यम से की गई, जिससे यूनिट की क्षमता 15 बेड हो गई। इसके बावजूद मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती रही और डायलिसिस के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची बन गई। जिन्हें नियमित डायलिसिस सुविधा प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद मिश्रा द्वारा शासन स्तर पर लगातार पत्राचार एवं प्रयास किए गए, जिसके फलस्वरूप 10 अतिरिक्त डायलिसिस बेडों की स्वीकृति प्राप्त हुई। आज इनके शुभारंभ के साथ डायलिसिस यूनिट की कुल क्षमता बढ़कर 25 बेड हो गई है। वर्तमान में चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग 45 मरीजों का डायलिसिस किया जा रहा है। 25 बेड होने के बाद प्रतिदिन लगभग 75 मरीजों को डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे प्रतीक्षा सूची में शामिल मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी तथा समय पर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा। डायलिसिस यूनिट के विस्तार से न केवल गाजीपुर जनपद बल्कि आसपास के जनपदों से आने वाले किडनी रोगियों को भी लाभ मिलेगा। अब मरीजों को डायलिसिस के लिए लंबे इंतजार का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
गाजीपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई एवं दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जनपद में चलाया जाएगा, जिसके सफल क्रियान्वयन हेतु अन्तर्विभागीय बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चलाये जाने वाले अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो एवं संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें, जिससे संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान का उद्देश्य सार्थक हो सके। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को माइक्रोप्लान के हिसाब से अपने कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि किसी विभाग के द्वारा अभियान में लापरवाही की जाती है तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जायेगी, समस्त अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बन्धित करायें जाने वाले कार्याे की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये।
उन्होंने जिला पंचायतराज विभाग को कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक गांव में साफ सफाई, झाड़ियों की कटाई, एन्टी लार्वा छिड़काव, नालों की सफाई कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकरी ने नगरीय क्षेत्रों में साफ सफाई, नालियों की सफाई, फागिंग, झाड़ियों की कटाई करायें जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दस्तक अभियान के अन्तर्गत शासन के द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप गतिविधि संचालित करायें जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर जलभराव न होने पाए, जहां पर भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो वहां एंटीलार्वा का छिड़काव किया जाए, संचारी रोग से संबंधित समस्त गतिविधियों के लिए एक ग्रुप बनाकर उसमें दिन प्रतिदिन होने वाले क्रियाकलापों की फोटोग्राफ्स डाली जाए। बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी ने संचारी रोग के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त अधिशासी अभियन्ता नगर पालिका/नगर पंचायत, एवं सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी, उपस्थित रहे।