मुख्तार के पूर्व प्रतिनिधि का ऐसा “कारनामा”, बुलडोजर लेकर पहुंचा प्रशासन

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद थाना पुलिस द्वारा IS-191 के माफिया मुख्तार अंसारी के प्रमुख सहयोगी मिसबाहुद्दीन अंसारी पुत्र स्व0 सलाउद्दीन अंसारी निवासी कस्बा मुहम्मदाबाद द्वारा मुहल्ला यूसुफपुर गंज कस्बा थाना मुहम्मदाबाद से अवैध अतिक्रमित भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। अंतरप्रान्तीय गैंग 191 के माफिया मुख्तार अंसारी का प्रमुख सहयोगी तथा पूर्व में उसका प्रतिनिधि रह चुका मिसबाहुउद्दीन अंसारी पुत्र स्व0 सलाहुद्दीन अंसारी के द्वारा अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के नाम से जीविकोपार्जन हेतु आवंटित पोखरा सिंघाड़ा बोने वाली भूमि को अवैध तरीके से अपने बाहुबल पर यूसुफपुर गंज स्थित करीब 5 मण्डा (10 बिस्वा) भूमि अपनी माँ रशीदा खातून के नाम रजिस्ट्री कराकर कब्जा कर लिया गया था। जिसके बाद कब्जा की गई भूमि को F.H.A (फरीदुलहक अंसारी) स्कूल की चहारदीवारी बनाकर व गेट लगाकर जलमग्न भूमि को घेर लिया गया था। जिसे रविवार को उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद ने सर्किल के पुलिस बल के साथ कब्जा मुक्त कराया। कब्जा मुक्त करायी गयी भूमि 0.130 हेक्टेयर (1300 वर्ग मीटर) भूमि है । इसकी बाजारू कीमत करीब सवा करोड़ रुपये) है।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर युवाओं ने मांगा भीख

नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर यूथ कांग्रेस ने युवाओं के साथ भिक्षाटन कर विरोध दर्ज कराया गया।

गाजीपुर। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। 17 सितंबर 1950 मे जन्मे नरेंद्र मोदी आज 73 वर्ष के हो गए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। वही विपक्षी दलों और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा आज का दिन राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को युवा कांग्रेस ने मोदी के जन्मदिन पर भीख मांगकर विरोध जताया, युवा कांग्रेस ने इस दिन को बेरोजगार दिवस के रूप में मनाते हुए प्रदर्शन किया और सड़कों पर उतरकर भीख मांगी। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों एवम कार्यकर्ताओ ने युवाओं के साथ भिक्षाटन कर अपनी बेरोजगारी और समस्याओं को जनता के समक्ष रखने का कार्य किया। सुधांशु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जो जो वादे किए वह कभी पूरे नहीं किए, रोजगार देने की बात की लेकिन आज भी पूरे देश में करोड़ों युवा बेरोजगार है, उन्हे रोजगार नहीं मिला।

इस मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिवांशु पाण्डेय अंशु ने कहा कि युवाओं को रोड पर उतरने के लिए सरकार ने पूरी तरह विवश कर दिया है। यदि अब भी सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगती तो हम यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सदैव विरोध करते रहेंगे। यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन चर्चा में रहा, जिस सड़कों से यूथ कांग्रेस का यह विरोध मार्च निकला लोग इन्हे भीख मांगते देख हैरान रह गए। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डा ज्ञानचंद्र राम, जिला उपाध्यक्ष ताम्रध्वज कुमार, जिला महासचिव अच्छे लाल, अभय कुमार, अनुराग पाण्डेय, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, रईस अहमद, आशुतोष गुप्ता, अंकित यादव, मृत्युंजय सिंह, संदीप बिंद, अजय गुप्ता, सूर्या सहित आदि युवा मौजूद रहे।

विजिलेंस की रेड में पकड़े गए कई लोग, हुआ एफआइआर

विजिलेंस की मॉर्निंग रेड में 40 पर एफआईआर,शहर में मची खलबली


गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय आमघाट से संबंधित शहर क्षेत्र के आमघाट, चंपियाबाग, ददरीघाट, मछली बाजार, बरबरहाना, टाउन हाल, विशेषवरगंज एवं महुवाबाग में भोर के 2 बजे से सुबह 9 बजे तक अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह के नेतृत्व में बिजीलेंस टीम के साथ मिलकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया एल। इस अभियान मे हाईप्रोफाइल कटियामार लोगो के खिलाफ कार्रवाई किया गया। जिसमें राइनी कटरा महुवाबाग में मकान मालिक के द्वारा 16 एमएम केबिल से अलग तरीके से कटिया डालकर विद्युत उपभोग करते हुवे मौके पर पकड़ा गया। वही सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि शहर क्षेत्र के लगभग दर्जनों मुहल्लो में कटियामारो के खिलाफ कांबिंग की गई। बराबर शहर की ट्रांसफार्मर ओवर लोडेड होना, जलना आम बात हो गई थी जिसमे हम लोग विद्युत सप्लाई सुचारू रूप से चलाने को लेकर काफी परेशान हो रही थे, जिसमे जो सही विद्युत उपभोक्ता है बराबर ऐसे लोगो की शिकायत खंडीय ऑफिस में करते थे।

जिसको लेकर हम लोग टीम गठित किए और रात्रि 2 बजे रेड डाले तो वाकई चोरी पकड़ी गई, जिसमे कुल 40 लोगो को चोरी से मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग करते हुवे पकड़ा गया। सभी लोगो के खिलाफ विजिलेंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। वही महुवाबाग राइनी कटरे में रेड डाली गई जिसमे लगभग 12 किलोवाट की विद्युत चोरी कटिया डालकर की जा रही थी। मकान मालिक के द्वारा जिस पर मौके पर विद्युत चोरी, राजस्व हानि पर मुकदमा दर्ज किया गया। सभी लोगो के खिलाफ जल्द से जल्द राजस्व निर्धारण बनाकर राजस्व हानि के रूप में भेजा जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए बताया कि जो भी कटिया मारकर मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग कर रहे हैं सबकी शिकायत डिवीजन ऑफिस में नोट की जा रही है। जल्द ही फिर मॉर्निंग रेड की जाएगी और पकड़े जाने पर राजस्व हानि के रूप में अधिक से अधिक जुर्माना लगाया जाएगा एवं विद्युत चोरी में एफआईआर दर्ज की जाएगी। चेकिंग टीम में विजिलेंस इस्पेक्टर धनंजय सिंह, विजिलेंस जेई अजय कुमार, कांस्टेबल अवधेश सिंह, आशुतोष दीक्षित, दीपक मिश्रा, रौजा जेई अश्वनी पटेल सहित क्षेत्रीय लाइनमैन शामिल रहे।

लाभार्थियों को दूल-किट एवं ऋण किया गया वितरण

गाजीपुर। शासन द्वारा 17 सितम्बर को विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को सायं 4 बजे से 5 बजे तक लोकभवन सभागार, लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसका शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जिसमें विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत लाभार्थियों को दूल-किट एवं ऋण वितरण किया गया तथा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। जिसके क्रम में जिले स्तर पर जिलाधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उद्यमियों/लाभार्थियों एवं अधिकारियों द्वारा राइफल क्लब में अपराहन् 4 बजे से देखा एवं सुना गया। तत्पश्चात् सरिता अग्रवाल अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षता में कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ एवं अध्यक्ष के द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत विभिन्न ट्रेड के लाभार्थियों को टूलकिट एवं विभिन्न ऋण परक योजनाओं एम०वाई0एस00वाई० ओ०डी०ओ०पी० पी०एम०ई०जी०पी०, मुद्रा योजनाओं में उद्योगो हेतु बैंको द्वारा 50 लाभार्थियों को 4 करोड़ रूपये के ऋण का चेक वितरित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा अपने सम्बोधन में परम्परागत कारीगरों को आगे बढ़ने एवं उनके सहयोग हेतु सम्बन्धित विभागों से पूर्ण सहयोग प्रदान कराने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में संतोष कुमार वैश्य मुख्य विकास अधिकारी, प्रवीण कुमार मौर्य, उपायुक्त उद्योग, पियूष सिंह परमार अग्रणी जिला प्रबन्धक, सभी बैंकों के जिला समन्वयक, अन्य बैंकों के शाखा प्रबन्धक विजय शंकर वर्मा, अध्यक्ष व्यापार मण्डल, गाजीपुर, अच्छेलाल कुशवाहा, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उद्यमी, लाभार्थी उपस्थित रहे।

बाइक चोर गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना खानपुर पुलिस द्वारा एक अभियुक्त को चोरी की मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। शनिवार को थाना खानपुर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान थाना चन्दवक जनपद जौनपुर से चोरी की गयी मोटर साइकिल सुपर स्प्लेण्डर जिसका नं0 UP65DM2744 के साथ अभियुक्त अजय यादव पुत्र कैलाश यादव निवासी ग्राम बराभनपुर पोस्ट भैसा थाना चन्दवक जनपद जौनपुर उम्र 22 वर्ष को जौनपुर गाजीपुर बार्डर साई की तकिया बहदग्राम बलेहरी से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक फूलचन्द पाण्डेय थाना खानपुर के साथ कांस्टेबल दीपक मौर्या, का. बृजेश यादव एवं का. शुभम सिंह परिहार शामिल थे।

सिद्धपीठ पर 22 को मनाया जाएगा महामंडलेश्वर भवानीनंदन यति जी महाराज का जन्मोत्सव

सिद्धपीठ पर 22 सितम्बर को मनाया जाएगा महामंडलेश्वर भवानीनंदन यति जी महाराज का जन्मोत्सव

गाजीपुर। सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर व जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति जी महाराज का आविर्भाव दिवस “जन्मोत्सव” आगामी 22 सितंबर दिन शुक्रवार को सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर मनाया जाएगा।
सिद्धपीठ द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि राधाष्टमी 22 सितंबर को प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक पूजन अर्चन कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के कोने-कोने से सिद्धपीठ से जुड़े शिष्य श्रद्धालु अपने गुरु श्री यति जी महाराज का दर्शन पूजन कर आशीर्वाद ग्रहण करेंगे। गौरतलब हो कि अभी सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर पिछले तीन माह से अनवरत चातुर्मास महाअनुष्ठान चल रहा है। इसी दौरान राधा अष्टमी तिथि को प्रत्येक वर्ष श्री यति जी महाराज का जन्म उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान सिद्धपीठ पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है।

सभी योजनाओं के कार्य अतिशीघ्र कराएं पूर्ण:डीएम

गाजीपुर। शुक्रवार की शाम जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आहूत की गयी। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा जनपद के अन्तर्गत निर्माणाधीन योजनाओं की गहन समीक्षा की तथा कार्यदायी संस्थाओं एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि सभी योजनाओं पर ट्यूबवेल, शिरोपरि जलाशय के कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करेगें। टी०पी०आई को निर्देश दिये गये कि सम्पादित कराये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जाँच निरन्तर करते रहेगें। बैठक में अधिशासी अभियन्ता मो० कासिम हाशमी, जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, जूनियर इंजीनियर कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर, आई०एस०ए० तथा टी०पी०आई० के इंजीनियर उपस्थित थे।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने वर्चुअल किया शिलान्यास

ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने वर्चुअल किया शिलान्यास

गाजीपुर। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट जिसके माध्यम से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने का कार्य किया जाएगा। जिसके लिए प्रदेश के 69 जनपदों में शनिवार को 87 बीपीएचयू का शिलान्यास कार्यक्रम किया जाना था। शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार मनसुख मांडवीया के द्वारा किया गया। वही गाजीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया पर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि के द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल व अन्य की उपस्थिति में किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 49 लाख की लागत से उच्च श्रेणी की बीपीएचयू लैब बनेगी। लैब में एपीडिमियोलॉजिस्टिक की पोस्ट के अलावा लैब टेक्नीशियन समेत पांच पद होंगे। जिसमें विभिन्न तरह की जांचों के साथ कुल 98 तरह की जांचे होगी। साथ ही सैंपल संग्रह, जांच, सर्विलांस के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए डेटा संग्रह आदि किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 49 लाख की लागत से बनने वाला ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण यूपीआरएनएसएस निर्माण इकाई को स्टेट के द्वारा नामित किया गया है। बहुत जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में डॉ योगेंद्र यादव अधीक्षक के साथ ही जखनिया निर्माण इकाई के सहायक अभियंता और जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने 80 प्रार्थना पत्रों में सिर्फ 3 का किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 80 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए और मौके पर 3 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 387 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 26 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मे प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करायी जाय। इस अवसर पर परियोजना उपजिलाधिकारी जखनियॉ, तहसीलदार जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप


गाजीपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत वह सभी परिवार जिनके पास आयुष्मान कार्ड है, उन्हें प्रतिवर्ष प्रति लाभार्थी 5 लाख तक की निःशुल्क उपचार की सुविधा सरकार के द्वारा दी जा रही है। इस योजना के लाभ से गरीब लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड वरदान साबित हो रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान आपके द्वार 3.0 के तहत 17 सितंबर से आयुष्मान भवः कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को बेहतर और सुगम बनाने के लिए पूर्व में जिनके परिवार के एक दो सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है। बाकी छूटे हुए लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उन परिवारों को चिन्हित करते हुए प्रमुखता से उन सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। साथ ही अब इस बार पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवारों में 6 या 6 से अधिक सदस्य हैं अब उन लोगों का भी उपलब्ध डाटा अनुसार प्रमुखता से अब आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा परिवारों को आयुष्मान कार्ड द्वारा इस योजना का लाभ मिले व लाभार्थी परिवारों के सदस्यों को पीवीसी (पॉली विनाइल कार्ड) आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसलिए जो लाभार्थी अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार जिनके परिवार में 6 या अधिक सदस्य हैं उनके परिवार के सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। उन्होंने बताया पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक अपने क्षेत्र की आशा और आंगनबाड़ी से संपर्क कर जानकारी लें और अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे विशेष कैंप के माध्यम से जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे जिसमें सहयोगी विभागों की सहायता से जिले में अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके। आयुष्मान आपके द्वार 3.0 को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवियों और सहयोगी एजेंसियों के साथ आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,पंचायत सहायकों का सहयोग लिया जाएगा। और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक महत्वपूर्ण सूचनाओं को पहुंचाया जाएगा जिससे लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के संदर्भ में सही जानकारी जान प्राप्त कर सकें।

Uttar Pradesh Fast News