अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में शामिल हुए कई देशों के विद्वान

गाजीपुर। भारतीय लोक साहित्य एवं संस्कृति को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से जीवनोदय शिक्षा समिति, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित ‘उत्तर सत्ययुग में भोजपुरी भाषा एवं संस्कृति का पुनरावलोकन’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ शनिवार को किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो सदानंद शाही ने कहा कि उत्तर सत्य का अर्थ होता है सत्य के बाद का समय। सत्य के बाद या तो झूठ होता है या अति सत्य। भोजपुरी इसी की शिकार है। उसके नाम पर तमाम तरह के झूठ फैलाए गए हैं। तमाम तरह के मनगढ़ंत आरोप मढ़े गए है। यह भोजपुरी का दुर्भाग्य ही है कि आज संसद में भोजपुरी के बड़े बड़े कलाकार बैठे हैं लेकिन भोजपुरी आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं हो पाई है। भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल होने से हिन्दी को कोई खतरा नहीं है। इसी क्रम में लीबिया से पधारे प्रोफेसर अनिल प्रसाद ने कहा कि भोजपुरी में लोक की आत्मा बसती है भोजपुरी भाषा का क्षेत्र व्यापक है। यह भारत के गांव देहातों से होते हुए विश्व की कई देशों में अपना विस्तार किया है।भोजपुरी संघर्ष की भाषा है और इसकी सुगंध श्रम के माध्यम से पूरी दुनिया में फैला हुआ है। तुर्की से पधारी एस टी जस्सल ने कहा कि भोजपुरी भाषा एवं साहित्य को सजोने का कार्य सदियों से स्त्रियों ने किया है। वही इसकी समृद्धि का आधर हैं। प्रो पृथ्वीराज जी ने कहा कि भोजपुरी की संस्कृति कृषि की संस्कृति है, जिसमें साझेपन को महत्व दिया गया है।

अमेरिका से आए माइकल बोनेलॉक ने कहा कि भोजपुरी भाषा और साहित्य संगीतमय है। लय इस भाषा की प्राण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डा नीरजा माधव जी ने कहा कि भोजपुरी अपने उत्कृष्ट साहित्य के चलते सम्मान पाएगी न कि राजकीय संरक्षण से। आज भी हमारे यहां के मांगलिक कार्य इसी भाषा में रचित गीत के माध्यम से ही संपन्न होते हैं। इस अवसर पर जीवनोदय शिक्षा समिति ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने और छात्र हित को सदैव प्राथमिकता में रखने वाले राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के डा शिव कुमार एवं डा संतन कुमार राम ‘ को बेस्ट शिक्षक अवार्ड’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर पी जी कालेज के शिक्षक डा हरेंद्र सिंह एवं सूर्य प्रकाश पाण्डेय को भी सम्मानित किया गया। इस सत्र का संचालन जयनंदन ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डा रामनारायण तिवारी ने किया। दूसरे सत्र में पवन बाबू के संयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला शुरू हुई जिसमें देर रात तक लोक कलाकारों की प्रस्तुति चलती रही। इस कार्यक्रम में लोक कर्मी गोपाल ठाकुर,डा सानंद सिंह, डा निरंजन कुमार यादव, जितेंद्रनाथ राय, शेर खां, डा राघवेंद्र पांडेय, आर्य पुत्र दीपक, उदय प्रताप पाल,डा विश्वनाथ मिश्र, डा सर्वेश पांडेय, डा गजेंद्र पाण्डेय, काज़ी फरीद आलम, डॉ अशोक कुमार सिंह, जयशंकर, अमरनाथ तिवारी, संजीव कुमार वरुण, उरूज फातिमा, छत्रशाल सिंह आदि के साथ शोधार्थी एवं सुधी श्रोता उपस्थित रहे।

घर-घर खोजें जाएंगे कुष्ठ रोगी

पल्स पोलियो की तर्ज पर घर-घर खोजे जाएंगे कुष्ठ रोगी



गाजीपुर। कुष्ठ रोगी खोजी अभियान जो 21 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलाया जाना है। इस अभियान में पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर घर-घर कुष्ठ रोगियों की खोज की जाएगी। जिसको लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में सीएमओ डॉ देश दीपक पाल की अध्यक्षता में एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ रामकुमार यादव ने बताया कि 21 दिसंबर से 4 जनवरी तक कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलाया जाना है। जो पल्स पोलियो अभियान की तरह चलाया जाएगा। अभियान के तहत घर-घर कुष्ठ रोगियों की खोज की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस तरह का अभियान साल 2018 में विभाग के द्वारा जनपद में चलाया गया था। वहीं अब 5 साल के बाद इस अभियान को एक बार फिर से चलाया जाएगा। जिसको लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया है। वर्कशॉप में शामिल लोगों को कुष्ठ रोगियों की कैसे पहचान और पहचान करने के बाद उनका किस तरह से इलाज किया जाएगा इसके बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी जा रही है।



उन्होंने बताया कि अभी पिछले दिनों 1 सितंबर से 30 सितंबर तक कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलाया गया था। जिसमें कुल 42 नए मरीज मिले थे। जिन्हें एमडीटी उपचार दिया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में 181 कुष्ठ रोगी व आठ अन्य कुष्ठ रोगी मरीज है । जिनकी कुल संख्या 189 होती है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2023 से अब तक कुष्ठ रोग विभाग के द्वारा किए गए इलाज से कुल 180 कुष्ठ रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। इस वर्कशॉप में सभी ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारी बीसीपीएम, एनएमए, एनएमएस ,एचईओ के साथ ही विभाग से जुड़े जयप्रकाश ,श्याम बिहारी, आरके मिश्रा, अभय कुमार, अखिलेश व अन्य मौजूद रहे।

डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 70 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 336 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 29 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने बच्चों से परखी शिक्षा की गुणवत्ता

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 एवं अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024, कार्यक्रम 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक जनपद में चलाया जा रहा।इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विधानसभा क्षेत्र जखनियॉ अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मदरा जखनियॉ, प्राथमिक विद्यालय मदरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय पद्दुमपुर जखनियॉ में बनाये गये बूथ का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये। प्राथमिक विद्यालय पद्दुमपुर विद्यालय में बच्चो को शिक्षा की गुणवत्ता को देखा और स्वय बच्चो को पढ़वाकर परखा।



निरीक्षण के दौरान उन्होने  बी0एल0ओ0 पर नाराजगी व्यक्ति करते हुए कड़े निर्देश दिया कि  आयोग के निर्देशानुसर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है । जिसमे विशेष अभियान 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा।  जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे ,फार्म 7 में  आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप 8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा । जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते है। उन्होंने कहा इस कार्य मे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म 06, 07 ,08 और 08 ए की कमी नहीं होनी चाहिए।

सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करे, यदि कहीं भी  बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर  विशेष ध्यान रखे। इस दौरान उन्होंने बूथ लेबल ऑफिसर के कार्यप्रणाली को भी देखा  तथा पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में जोड़ने, साथ ही जो मतदाता स्थान परिवर्तित करके नए स्थानों से जुड़े हैं उनके नाम को भी जोड़ा अथवा हटाया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण अभियान में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, बूथ पर आने वाले मतदाताओं का संबंधित फार्म अवश्य भराये तथा लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाता  वोटर लिस्ट में शामिल हो सकें।

एमएलसी चंचल के प्रयास से कई मार्गों का होगा सुंदरीकरण और चौड़ीकरण


गाजीपुर। जिले के दो महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के निर्माण को लेकर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शीघ्र निर्माण का अनुरोध किया है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने 20 नवम्बर 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर जिले के ताड़ीघाट-बारा राष्ट्रीय मार्ग और मनिहारी-जखनिया मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण निर्माण के लिए अनुरोध किया है। इस पत्र का संज्ञान लेते हुए शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से शीघ्र आख्या तलब की है। अब उम्मीद है कि इन दोनों सड़क मार्ग का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बताया कि ताड़ीघाट बारा राष्ट्री मार्ग संख्या-124सी के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है। इसी तरह जखनिया-मनिहारी मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण को लेकर भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है। इसको लेकर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि आग्रह पत्र पर शासन की ओर से प्रमुख सचिव पीडब्लूडी उत्तर प्रदेश से आख्या मांगी गई है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने भरोसा जताया है कि जल्द ही दोनों मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से जनपद के लोगों को आवागमन में बेहतर सहूलियत मिलेगी।

बदहाल मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा पत्रक

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा स्थित ग्राम रसूलपुर कंधवारा मार्ग जो की सरया के नाम से भी प्रसिद्ध है। आज अपने दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग के पास बैसो नदी स्थित है। इस मार्ग पर पूर्व मे स्वर्गीय कैलाश यादव पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक छोटी सी पुलिया का भी निर्माण किया गया है। जो अरखपुर, परवा, जंगीपुर, रसूलपुर, कंधवारा, बैदापुर चट्टी, भवरी व गाजीपुर घाट को जोड़ने का कार्य करता है। इस बदहाल मार्ग को लेकर बीते कई दशकों से वहां के निवासी दुर्दशा का दंश झेल रहे हैं। मार्ग के रास्ते इस पुलिया पर प्राइवेट वाहनों के साथ-साथ स्कूली वाहन व (एम्बुलेंस) की गाड़ियों का भी आगमन रहता है जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का शिकार बन सकती है। इस सम्बंध में विश्वकर्मा बिग्रेड के जिलाध्यक्ष चंदन विश्वकर्मा ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ रायफल क्लब पहुंचकर डीएम को संबोधित पत्रक उनके प्रतिनिधि को शनिवार को सौंपा। चंदन विश्वकर्मा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जहा गड्ढा मुक्ति की बात करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ गड्ढे में सड़क है कि सड़क में गड्ढा यह जान पाना भी मुश्किल है। मुख्यमंत्री के सारे गड्ढा मुक्ति के दावे हवा में है। कहा कि अगर इस सड़क का निर्माण जल्द ही नहीं कराया जाता है तो हम बाध्य होकर क्षेत्र के सभी ग्रामीणों के साथ व्यापक धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। पत्रक देने वाले मे अमित बिन्द, रवि यादव, मुकेश यादव, भरत शर्मा, अरविंद राम, अवध राम, दुक्कु बिन्द, रीता विश्वकर्मा, बबलू विश्वकर्मा, अमित राम और सुरेश बिन्द सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सीवरेज पाइपलाइन के कार्य में अनियमितिता को लेकर 5 दिसंबर से शुरू होगा सत्याग्रह:-शम्मी सिंह

सीवरेज पाइपलाइन के कार्य में देरी और अनियमितिता को लेकर 5 दिसंबर से शुरू होगा सत्याग्रह- शम्मी सिंह

गाजीपुर। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार और अनियमितता, गुणवत्ता की कमी तथा समय सीमा के अंदर कार्य को न करना, तथा जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ने को लेकर नगर के प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने शनिवार को कचहरी स्थित पत्रकार भवन में प्रेस वार्ता किया। इस दौरान विवेक कुमार सिंह शम्मी ने कहा कि नगर में सीवर का कार्य कर रही कार्यदाही संस्था गुंडो की तरह व्यवहार कर रही है तथा उन्हें न तो सरकार का, न तो प्रशासन का, न ही आमजन का किसी का भय नहीं है। खुलेआम भ्रष्टाचार जारी है।



उन्होंने कहा कि सीवर के कार्य में हो रही देरी के चलते पूरा शहर धूल के गुबार में बदल चुका है तथा लोग धूल के चलते सांस की बीमारियों से जूझ रहे हैं। सीवर की खुदाई के कारण जर्जर हुई सड़कों के चलते रोजाना दर्जनों लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सड़कों की बदहाली और अफसरो की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। श्री सिंह ने बताया कि इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आगामी 5 दिसंबर से शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया जाएगा। कहा कि जब तक सीवर की समस्या का समाधान नहीं होता है, लंका मैदान के गेट नंबर 4 के सामने आंदोलन जारी रहेगा।

सात देश के विद्वान करेंगे अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में प्रतिभाग

गाजीपुर। भारतीय लोक साहित्य एवं संस्कृति को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जीवनोदय शिक्षा समिति, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान 2 और 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है उत्तर सत्ययुग में भोजपुरी भाषा एवं संस्कृति का पुनरावलोकन। इस कार्यक्रम के पहले दिन का आयोजन तीन हिस्सों में किया जाएगा। प्रथम हिस्से में विद्वानों द्वारा शोध पत्र पढ़ा जाएगा।द्वितीय सत्र में भोजपुरी कवियों का काव्य पाठ आयोजन होगा और तीसरा हिस्सा सांस्कृतिक संध्या का होगा जिसमें लोक कलाकारों की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन विद्वानों का व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सात देश के विद्वान एवं लोक कलाकर प्रतिभाग कर रहे हैं। जिसमे से टर्की से टी एस जसल, अमेरिका से माइकल बोनेलोक, लीबिया से प्रो अनिल कुमार, दुबई से नवीन चंद्र कला, नेपाल से गोपाल ठाकुर एवं शिवानंद जायसवाल तथा मरिसश से प्रगति तिवारी एवं राजेंद्र राय पहुंच चुके हैं। भारतीय विद्वानों में लोक साहित्य एवं संत साहित्य के मर्मज्ञ प्रो सदानंद शाही, कथाकार नीरजा माधव, गीतकार प्रो वशिष्ठ अनूप, प्रो संजय कुमार एवं मनोज भावुक आदि विद्वान पधार रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया जायेगा। डा रामनारायण तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम लंका मैदान में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम भोजपुरी भाषा एवं कला के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किया गया एक अनूठा प्रयास है। इससे भी आने वाले दिनों में गाजीपुर जाना जाएगा।

मेरठ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी जिले की महिला खिलाड़ी

खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग विमेन लीग के लिए गाजीपुर की टीम ने मेरठ के लिए किया प्रस्थान।

गाजीपुर। जनपद के कई महिला खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग विमेंस लीग में हुआ है। बता दें कि खेलो इंडिया किक बॉक्सिंग विमेंस लीग मेरठ के सुभारती यूनिवर्सिटी में 2 से 3 दिसंबर तक आयोजित होगा। इन सभी चयनित महिला खिलाड़ियों को लेकर जिले के पूरे क्षेत्रवासियों में बहुत ही हर्ष का है। खेलो इंडिया में चयन होने के बाद सभी चयनित महिला खिलाड़ी सभी भार वर्ग में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मेरठ के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। महिला खिलाड़ियों को लेकर यूपी के हेड कोच अब्दुल सलाम खान ने बताया कि पूरे गाजीपुर से 14 महिला खिलाड़ी, 4 रेफरी और दो कोच के साथ मेरठ के लिए प्रस्थान की है। चयनित महिला खिलाड़ी में शिखा यादव, काजल कुमारी, चांदनी गुप्ता, मुस्कान कुमारी, काजल कुमारी, चांदनी मौर्य, सोनाली राय, संध्या कुमारी, अंजली सिंह, कृति, परिधि और भावना कुमारी के साथ जिले से मुख्य कोच के रूप में देवेंद्र प्रजापति, धनंजय कुमार, अब्दुल सलाम खान, निजामुद्दीन राइनी, मोहम्मद आसिफ, निलेश कुमार यादव शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग ने किया एड्स के प्रति जागरूक

रैली निकाल कर स्वास्थ्य विभाग ने किया एड्स के प्रति जागरूक

सीएमओ कार्यालय में हस्ताक्षर अभियान व संगोष्ठी का हुआ आयोजन

संक्रमित व्यक्ति के छूने, साथ बैठने व खाने से नहीं फैलता एचआईवी/एड्स – डॉ. देश दीपक पाल

रोकथाम के लिए बचाव व जागरूकता ही एकमात्र उपाय – डॉ मनोज कुमार सिंह

गाज़ीपुर। ‘ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस – एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम’ यानि एचआईवी/एड्स के प्रति जन जागरूकता के लिए शुक्रवार को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने गोरा बाजार स्थित जिला चिकित्सालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जिला अस्पताल से पीजी कॉलेज चौराहा से होते हुए विकास भवन, रिवर बैंक कॉलोनी से होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। इसके बाद सीएमओ ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जन जागरूकता गोष्ठी भी का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जन जागरूकता के उद्देश्य से हर साल एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘लेट कम्यूनिटीज़ लीड’ निर्धारित की गई है। यह थीम इस बात पर ज़ोर देती है कि एड्स से प्रभावित लोग अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए अपनी आवाज उठाने में सक्षम बनें। बीमारी को रोकने के लिए समाज की अहम भूमिका के बारे में जागरूक करने के लिए इस थीम को चुना गया है।


सीएमओ ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से एड्स की बीमारी नहीं होती है। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के छूने, साथ बैठने और खाने से भी यह बीमारी नहीं फैलती है। संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन सम्बन्ध बनाने से यह बीमारी फैलती है।इससे बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज में एड्स से बचने के लिए जागरूकता अत्यन्त जरूरी है। एचआईवी/एड्स रोगी से समानता का व्यवहार किया जाए और कोई दुर्व्यवहार न हो।
जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि एचआईवी-एड्स लाइलाज बीमारी है। इसकी रोकथाम के लिए बचाव व जागरूकता ही एकमात्र उपाय है। इसके लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। एड्स के प्रति सामाजिक मिथकों को दूर करना, आहार, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन शैली के लिए युवाओं को प्रेरित होने की ज़रूरत है। एचआईवी-एड्स के मरीजों से सार्वजनिक स्थलों जैसे दफ्तर, स्कूल आदि जगहों पर भेदभाव न किया जाए। यह छूने या बात करने से नहीं फैलता है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध है।


इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, सुनील वर्मा, संजय यादव, फिरोज बाबू, अंजू सिंह, श्वेता, स्वर्ण लता, संगीता, अजय क्षयरोग विभाग, एआरटी सेन्टर, आईसीटीसी सेन्टर, एसटीआई सेन्टर, पीपीसीटीसी सेन्टर, टीआई सेन्टर के सम्बन्ध अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इन्सेट —
एचआईवी/एड्स के कारण – संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले द्रव या पदार्थ के संपर्क में आने से कोई भी स्वस्थ व्यक्ति संक्रमित हो सकता है। इसके अलावा रक्त संचरण, असुरक्षित यौन संबंध, असुरक्षित इंजेक्शन साझा करना, संक्रमित गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान द्वारा बच्चे को हो सकता है। इसलिए समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।
लक्षण – बुखार, ठंड लगना, गले में खराश, मांसपेशियों में दर्द, शरीर पर चकत्ते होना, रात को पसीना आना, थकान होना, जोड़ों में दर्द और ग्रंथियों में सूजन, पेट में समस्या बने रहना, वजन कम होना और भूख न लगना आदि।
बचाव – किसी दूसरे की इस्तेमाल की हुई सिरिंज या इंजेक्शन का इस्तेमाल न करें। इसका इस्तेमाल करने के बाद नष्ट कर दें। यौन संबंध बनाते समय कंडोम का प्रयोग करें और सही से निपटान करें। यदि कोई गर्भवती महिला संक्रमित है तो बच्चे को संक्रमण से बचाने के लिए उसका इलाज कराएं, जिससे बच्चे को एचआईवी/एड्स से बचाया जाए।

Uttar Pradesh Fast News