गाजीपुर। बुलडोजर बाबा के नाम से मशहूर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज 51वां जन्मदिन है। दिग्गज नेताओं समेत तमाम लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों और क्षेत्रों में बड़ी हर्ष उल्लास के साथ योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन मनाया जा रहा है। योगी के लिए समर्थकों ने कहीं हवन पूजन तो कहीं पौध रोपण और रक्तदान कर केक भी काटा और लंबी उम्र के साथ उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में सोमवार को सदर ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिध राजदेव यादव और पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशिपाल सिंह उर्फ घूरा सिंह ने कर्मचारी और अधिकारियों के साथ केक काट कर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया और मुख्यमंत्री को बधाई दी।
इस दौरान प्रमुख प्रतिनिध ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रदेश की सरकार में आम जन के सपने को साकार करने का काम किया। वहीं घूरा सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार गुंडों और भ्रष्टाचारियों के लिए काल है। यह सरकार गांव गरीब किसान मजदूर के लिए समर्पित है। इस मौके पर बीडीओ अनिल श्रीवास्तव, कमलेश सिंह, समाप्त राम, अजीत यादव , विनोद, सुरेन्द्र , श्याम सुंदर, शशि राय, शैलेन्द्र, मंजेश यादव, विजय खरवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। सदर थाना कोतवाली क्षेत्र के टेड़वा से जुआ खेलते हुए 5 जुआड़ियों को 8 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल और लाखों रुपए के साथ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस दौरान जुआ खिलाने वाले मकान मालिक सहित अन्य जुआड़ी पुलिस देखते ही फरार हो गए। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सदर थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने मुखबिर की सूचना पुलिस टीम के साथ गोरख बिंद के घर से पांच जुआड़ियों को रात 8 बजे जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कुछ लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से तीन मोबाइल फोन, 308500 रूपए मौके पर और तलाशी लेने पर 22000 रूपए, दो ताश की गड्डी और आठ मोटरसाइकिल बरामद की गई। पकड़े गए जुआड़ियो में सुगेद्र लाल पुत्र स्वर्गीय तूफानी बिंद निवासी पिपरही थाना नंदगंज, नर्वदेश्वर मिश्रा पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ मिश्रा निवासी बाबू रायपुर थाना जंगीपुर, मृत्युंजय गुप्ता पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद निवासी नवापुरा थाना कोतवाली, भीम मल पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण मल निवासी खीरी कोठा थाना मधुबन जनपद मऊ, मिंटू वर्मा पुत्र प्रेमचंद वर्मा निवासी बालापुर थाना मोहम्मदाबाद शामिल है। फरार लोगों में गोरख बिंद पुत्र कुशहर बिंद निवासी रजदेपुर टेडवा थाना कोतवाली, रियाजुद्दीन खान पुत्र सलाउद्दीन खान निवासी काजी मंडी तुलसिया का पुल थाना कोतवाली, मनिका बिंद पुत्र राधेश्याम बिंद निवासी शेखपुर थाना बिजनौर सहित अन्य फरार हैं।
गाजीपुर। 3 युवक गंगा नदी में डूब गए हैं।युवक गंगा किनारे खेलने गए थे,इसी दौरान गंगा में नहाने गए युवक डूब गए।घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के पत्थर घाट की है।बताया जा रहा है कि शहर के महादेवा मुहल्ले का रहने वाला किशन अपने दोस्तों मुकेश,सरफराज,रंजीत और भोला के साथ गंगा नदी के किनारे खेलने गया था।इसी दौरान सभी युवक नदी के नहाने चले गए,और डूबने लगे।दो युवक रंजीत और भोला किसी तरह नदी से बाहर निकल आये।जबकि 20 वर्षीय किशन,17 वर्षीय मुकेश और 14 वर्षीय सरफराज नदी में डूब गए।डूबे युवकों की स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है।
ग़ाज़ीपुर। 102 और 108 एंबुलेंस उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में चलाए जाने वाली महत्वकांक्षी योजना है। जिसके माध्यम से आमजन को निशुल्क सुविधा दी जाती है। गुरुवार की देर शाम बिरनो ब्लाक के ग्राम मदनपुर से एक फोन कॉल आया और बताया गया कि गर्भवती को प्रसव पीड़ा है। और उसके बाद बताए गए लोकेशन पर इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन व पायलट क्विक रिस्पांस करते हुए पहुंचे। गर्भवती को लेकर स्वास्थ्य केंद्र के लिए चलें लेकिन अधिक प्रसव पीड़ा होने के कारण रास्ते में ही एंबुलेंस को रोककर आशा कार्यकर्ता और ईएमटी के सहयोग से एंबुलेंस में प्रसव कराया गया। जहां पर गर्भवती ने कन्या को जन्म दिया। 102 और 108 एंबुलेंस के प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि गुरुवार की देर शाम करीब 6 बजे के आसपास गर्भवती के प्रसव पीड़ा को लेकर एक फोन काल आया। उसके बाद बताए गए लोकेशन पर ईमरजैंसी मेडिकल टेक्निशियन अनिल यादव और एंबुलेंस पायलट मुन्ना यादव बताए गए लोकेशन पर पहुंचे। जहां पर रितु यादव पत्नी योगेंद्र यादव उम्र 29 को 102 एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र के लिए लेकर चले। लेकिन रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ जाने के कारण एंबुलेंस को रास्ते में ही रोककर आशा कार्यकर्ता रंजना और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अनिल यादव के साथ परिवार की महिलाओं के सहयोग से एंबुलेंस के अंदर कराया गया। महिला ने कन्या को जन्म दिया इसके बाद एंबुलेंस को पारा उप उप केंद्र पर जच्चा बच्चा का मेडिकल जांच कराया गया। और उसके पश्चात जच्चा-बच्चा को उसके घर पर छोड़ा गया।
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर शनिवार को आयोजित हुई। इस बैठक में बूथ कमेटी के शीघ्र गठन, सदस्यता की रशीद जल्द से जल्द वापस करने और बैठक में कार्यकर्ताओं द्वारा उठाये गये तमाम जनसमस्याओं के सवालों पर भी गंभीर और विस्तृत रूप से चर्चा की गयी। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासित संगठन ही अपने मकसद और मंजिल को हासिल करने में कामयाब होता है। लखनऊ में संगठन की हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिये गये निर्देश का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। कहा कि सांगठनिक कार्यों में लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी के फैसलों और नेताओं के खिलाफ किसी भी कार्यकर्ता द्वारा किये गये किसी भी पोस्ट को अनुशासनहीनता समझी जायेगी और पार्टीका वह चाहे जितना बड़ा नेता और कार्यकर्ता हो पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने में कत्तई संकोच नहीं करेगी। उन्होंने मोदी सरकार के 9साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा मनायें जा रहे जश्न और बखान की जा रही उपलब्धियों पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार का 9साल का कार्यकाल वादाखिलाफी, तानाशाही और अपने तुगलकी फैसलों के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि 2014लोकसभा के चुनाव में अपने किये गये वादे के अनुसार मोदी सरकार 100दिन के भीतर मंहगाई कम करने, प्रति वर्ष 2करोड़ नौजवानों को रोजगार देने, विदेशों में जमा कालाधन वापस लाने और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी पूरा नहीं कर पायी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूरी तरह से अंहकार में डूबीं हुई है।
मोदी के तानाशाही पूर्ण फैसलों ने लोकतंत्र को कमजोर करने और जनता को निराश करने का काम किया है। उन्होंने दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रही महिला पहलवानों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए बदसलूकी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिन पहलवानों ने पूरी दुनिया में देश का मस्तक और तिरंगा झंडा ऊंचा किया। भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस उनकी छाती पर अपना बूट और पीठ पर पर डंडे बरसा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पाक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुए एफआईआर के बावजूद पुलिस आज तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पायी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए जल्द से जल्द भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से महिला पहलवानों द्वारा यौन शौषण करने के लिए आरोपित अपने सांसद के साथ खड़ी दिखाई दे रही है। यह मामला भाजपा के चाल, चरित्र और चिंतन को भी रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार मोदी सरकार की पहचान बन गयी है। भाजपा पूरे 9 साल नफ़रत और समाज को बांटने का काम करती रही है। भाजपा की कुनीतियो से पूरा देश हैरान और परेशान हैं। उन्होंने 8नवम्बर 2016 को किये गये नोटबंदी के फैसले और 2000की नोट बंद किये जाने के फैसले पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार पूरे नौ साल अपने लिए गये तुगलकी फैसलों के लिए हमेशा याद की जायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का न नोटबंदी करने का उद्देश्य पूरा हुआ और न ही 2000के नोट प्रतिबंधित करने का उद्देश्य पूरा होगा। मोदी सरकार की अर्थनीति पूरी तरह से फेल रही है। बैठक के अंत में उड़ीसा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर शोक-संवेदना व्यक्त की गयी। इस बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, निजामुद्दीन खां, मदन सिंह यादव ,रामवचन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, शिववच्चन यादव,रविन्द्र प्रताप यादव, तहसीन अहमद, कमलेश यादव,सुर्यमणि यादव, गोविंद यादव,अदनान खां,चन्द्रबली यादव, शिवशंकर यादव, राजेश गोड़, रामाशीष यादव, आजाद राय, आदि उपस्थित थे। इस बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 226 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 5 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 694 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 41 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो को लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए पत्रों का निस्तारण कराया जाय। उन्होने सार्वजनिक भूमि, तालाब, सरकारी भूमि, ग्राम समाज के भूमि पर अवैध अतिक्रमण को एक अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को प्रतिदिन शत-प्रतिशत निस्तारण करने के साथ ही शिकायत किसी भी दशा में डिफाल्टर न हो इसका ध्यान रखने को कहा। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश यादव, उपजिलाधिकारी जखनियॉ, तहसीलदार जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। विगत नौ वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में देश में जो कार्य हुआ है, उससे सिर्फ देश कि तस्वीर ही नही, बल्कि देश कि तकदीर भी बदल गई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी द्वारा 30 मई से 30 जून तक चलाए जा रहे महा अभियान मे निर्धारित जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह कि अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कही। उन्होंने कहा कि पुर्व कि सरकारों में कहा जाता था कि केन्द्र से हम 1 रुपया भेजते हैं तो वह गरिबों तक सिर्फ 15 पैसा ही पहुंचता है जबकि आज गरीब कल्याण के लिए दिल्ली से चला एक रूपया गरीब तक बिना किसी परेशानी शत प्रतिशत पूरा का पुरा गरीब के खाते में पहुंचता है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि विगत 9 वर्षो के दौरान देश के विकास कार्य योजना मजबूत हुई है और व्यवस्था में सुधार हुआ है। जन कल्याण के क्षेत्र में रोजी, रोटी, चिकित्सा, कपड़ा, मकान जैसी मुलभुत जरुरतों पर सरकार खरी उतरी वहीं देश के सुरक्षा और सम्मान में भी वृद्धि हुई है। एक समय था जब देश के नेताओं से अमेरिकी राष्ट्रपति मिलने से कतराते थे वहीं आज राष्ट्रपति और राष्ट्र प्रमुख देश के प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत और सम्मान ही नहीं बल्कि पांव छूकर अभिवादन कर रहे हैं। देश में इतना बड़ा परिवर्तन हुआ है। केन्द्र सरकार के एक एक कार्यों का विस्तार से वर्णन करते हुए मंत्री ने कहा कि विकास से अछुते पुर्वोत्तर के राज्यों में विकास कि गति तेज हुई, किसान समृद्ध हुआ और तो और देश के गरीब से गरीब को समुचित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले इसके लिए सरकार द्वारा आयुष्मान भारत का लाभ तथा मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों कि संख्या में भारी वृद्धि हुई है। सड़क, पानी, बिजली, रेल संसाधनों के क्षेत्र में विगत 60-65 वर्षों में जितना कार्य हुआ उससे ज्यादा कार्य मात्र 9 वर्षो में अतुलनीय वृद्धि के साथ हुआ है।
व्यवस्था में दलाली और बिचौलियापन बन्द हुआ है। उन्होंने कहा कि 1919 मे प्लेग से ज्यादा मौतें, भुख से हुई थी। लेकिन कोरोना काल में सबको राशन पानी कि व्यवस्था के साथ साथ सरकार के द्वारा निशुल्क 240 करोड़ वैक्सीन डोज लोगों को लगाया गया। 3 करोड़ 50 लाख परिवारों में शौचालय बना। बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई तक 11 करोड़ 72 लाख परिवारों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया गया। करोड़ों गरीबों को आयुष्मान कार्ड मिला। 9 करोड़ 60 लाख परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन मिला। 80 करोड़ जनता को निशुल्क राशन आज भी मिल रहा है। नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। 9300 जन औषधी केंद्र बनाये गये। किसानों को सम्मान निधि मिल रहा है। साहुकारी प्रथा बंद कर पीएम स्वनिधि योजना चलायी जा रही है। आर्थिक रुप से पिछड़े सामान्य जातियों को दस प्रतिशत की ईडब्ल्यूएस आरक्षण् दिया गया है। राज्य पिछड़ा आयोग को संवैधानिक अधिकार प्रदान किया गया है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत व्यापारियों को उद्योग धंधे लगाने की अनुमति और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। नैनो यूरिया, एयरपोर्ट की तरह रेलवे स्टेशन, एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कालेज और विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति सरदार बल्लभ भाई पटेल की बनाकर भारत ने यह सिद्ध किया है कि आज के दौर में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश भारत है। जम्मू कश्मीर में 370 हटाकर उसे विकास की मुख्य धारा से जोड़ा गया। 1200 ऐसे निष्क्रिय कानून जो विकास में बाधक थे, उनको हटाकर विकास की गति को तेज किया गया। अयोध्या और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से आस्था मे समृद्धि के साथ-साथ अर्थव्यवस्था भी बढ़ी है। प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री कमलावती सिंह, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, डा सीता राय, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय और बॉबी सिंह, मयंक सिंह आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। गुरूवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 अन्तर्गत बने आर0आर0सी0 (रिसोर्स रिकवरी सेन्टर) ग्राम पंचायत-बरहपुर विकास खण्ड देवकली का उद्घाटन जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 अन्तर्गत ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट का प्रबंधन किया जाना है। ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा के माध्यम से प्रत्येक घर से कुड़ा एकत्र करके गीला एवं सुखा कुड़ा को आर0आर0सी0 में लाकर अलग-अलग निस्तारण किया जाना है।
जिलाधिकारी द्वारा ग्रामवासियों को योजना के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी तथा ग्रामवासियों को ग्राम पंचायत में साफ सफाई की व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग देने की अपील करते हुए ग्राम को ’’माडल ग्राम’’ में परिवर्तित करने हेतु प्रेरित किया गया। इस मौके पर उपेन्द्र सिंह यादव, प्रमुख प्रतिनिधि विकास खण्ड-देवकली, राजेश यादव, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अंशुल मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी, अभय गुप्ता, जिला सलाहाकार (स्व0भा0मि0), शिरीष वर्मा खण्ड विकास अधिकारी, गंगासागर, सहायक विकास अधिकारी(पं0), अमित वर्मा, सचिव ग्राम पंचायत एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
गाजीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल के आग्रह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के 17 पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान किया। एमएलसी चंचल ने सभी पीड़ितों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। जिले की सातों विधानसभाओं से आये इन सभी पीड़ित परिवारो ने सहायता राशि मिलते ही मुख्यमंत्री और एमएलसी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। सहायता राशि प्राप्त करने वाले पीड़ित परिवारों में सराय गोकुल के विशाल कुमार को 130000, गुरुआ मकसूदपुर के प्रदीप शर्मा को 100000, पहलवानपुर के सुरेंद्र यादव को 190000, पहाड़पुर खुर्द मीरपुर के सदानंद चौबे को 200000, गोरखा गौरी के प्रमोद कुमार चौबे को 425000, वार्ड नंबर 4 सादात से सायरा बानो को 75000, बालापुर के प्रत्यूष पांडे को 249175, भैदपुर की रेखा को 200000, मुस्तफाबाद उर्फ बड़ागांव के राम कृत कुशवाहा को 130000, बरुईन के अनिल कुमार गुप्ता को 10500, बौरी बरार के विपिन कुमार बिंद को 55000, छोटा मियाना की सुमन चौहान को 175000, मधुकर राय पट्टी के अयांश सिंह को 400000, बिजहरी के लक्ष्मीकांत सिंह को 350000, मियापुरा के स्वपनिल श्रीवास्तव को 250000, मनरिया सिपाह की फुलझरिया को 250000 और गोसंदेपुर की मीरा सिंह को 100000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई हैं। सहायता प्राप्त करने वाले परिवारों का कहना है कि एमएलसी विशाल सिंह चंचल के कारण आज हम लोगों के परिवार में खुशियां वापस लौट आई है।
गाजीपुर। केन्द्र सरकार का सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 साल पुर्ण होने पर भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक गुरूवार को सदर विधानसभा के महाराजगंज में जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह कि अध्यक्षता में हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि भाजपा के सब दिन के साथियों कि आवश्यकता तथा उपयोगिता सदैव प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व कि सबसे बड़ी पार्टी है। जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि समर्पित, संकल्पित तथा संघर्ष भाव को लेकर भाजपा के लिए अपना पुरा जीवन खपा देने वाले पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता जिनका सदैव यह उद्देश्य रहा कि भारतीय जनता पार्टी परम वैभव पर स्थापित हो उनका संघर्ष सफल हुआ है। जिन उद्देश्यों को लेकर पार्टी का गठन तथा आप सबने संघर्ष किया वह संघर्ष आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे सफलता के शीर्ष पर पार्टी की सोच और सपनों को साकार कर रहा है। लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय संस्कृति के पुनरोत्थान के साथ साथ देश के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देते हुए जन कल्याण को लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है। जिसके परिणामस्वरूप आज देश कि बुनियादी समस्याएं समाप्त और आवश्यकताएं पूरी हो रही है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह एवं भाजपा पदाधिकारियों ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण कर अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। आगंतुकों के प्रति आभार धन्यवाद अच्छेलाल गुप्ता ने तथा संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। इस अवसर पर बैठक को पुर्व मंत्री डा संगीता बलवंत, सुरेश बिंद, गिरजा शंकर पाण्डेय, अवधेश दूबे, श्यामसुंदर अग्रवाल, निर्गुण दास केशरी, अमरनाथ दुबे, राजकिशोर जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, सुरेश बिंद, गोपाल राय, रासबिहारी राय, सुनील गुप्ता, विनीत शर्मा, मुरली कुशवाहा सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।