महिला पीजी कॉलेज में युवा संसद प्रतियोगिता का होगा आयोजन

राजकीय महिला महाविद्यालय में होगा जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय युवा कार्यक्रम विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 28 फरवरी 2026 दिन शनिवार को आयोजित होगी । इस युवा संसद में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग तक के युवा जो गाजीपुर जिले के निवासी हैं प्रतिभाग करेंगे । इस प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रतिभागियों का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर किया जा चुका है। इस बार के युवा संसद का विषय है- “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” जिस पर प्रतिभागी को हिंदी या अंग्रेजी में अपने विचार रखने होंगे जिसके लिए उन्हें अधिकतम 3 मिनट का समय मिलेगा । प्रतिभागियों का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक समिति द्वारा विषय की प्रासंगिकता, स्पष्टता एवं संरचना, संप्रेषण कौशल एवं देह-भाषा, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा की प्रभावशीलता एवं समय प्रबंधन के आधार पर किया जाएगा । जिला स्तर की प्रतियोगिता में 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जायेगा जो राज्य स्तरीय युवा संसद में हिस्सा लेंगे । युवा संसद कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु जिन प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर किया है वह सभी 28 फरवरी 2026 को महिला महाविद्यालय में सुबह 09:00 बजे अनिवार्यतः पहुँच जाएं तथा अपने साथ वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड एवं हाई स्कूल प्रमाण पत्र अवश्य लेकर आएंगे । यह आयोजन युवाओं में श्रेष्ठ वक्ता के रूप में वाक्य कौशल और भारत के वर्तमान एवं भविष्य के प्रति जागरूकता पैदा करने वाला होगा ।

रैली निकाल लगाए नारे, किया जागरूक

गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह 7:00 बजे कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी द्वारा छात्राओं को सुबह की प्रार्थना और योगाभ्यास कराया गया। तदुपरांत छात्रों द्वारा सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया गया और स्वच्छता जागरूकता संबंधी एक रैली महुआ बाग चौराहे से होते हुए गांधी पार्क तक निकाली गई। रैली के दौरान स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न नारे जैसे स्वच्छता ही सेवा है गंदगी जानलेवा है, कदम से कदम मिलाएंगे भारत को स्वच्छ बनाएंगे, सौ रोगों की एक ही दवाई घर में रखो साफ सफाई, हम सब ने यह ठाना है देश को स्वच्छ बनाना है, लगाए गए।

तदुपरांत शिविर में छात्राओं द्वारा दोपहर का भोजन ग्रहण किया। दोपहर 2:00 से सावित्रीबाई फुले सभागार में जन जागरूकता में मीडिया की भूमिका विषय पर एक लघु संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता मनोविज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ शिवकुमार यादव नाम मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक पहलू पर विस्तृत रूप से चर्चा की। तत्पश्चात सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया।

संगोष्ठी का संचालन स्वयं सेवी छात्राओं समराला नाच और रिया द्वारा किया गया, तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ ओम शिवानी द्वारा किया गया। डॉ मनीष सोनकर एवं डॉ नेहा कुमारी ने कार्यक्रम को सफल रूप से आयोजन करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगोष्ठी के दौरान समस्त प्रवक्ता, कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त स्वयं सेवी छात्राएं उपस्थित रहे। संगोष्ठी के बाद छात्राएं अपने शिविर में वापस लौट गई। शाम 5:00 बजे छात्रों ने सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया, उसके बाद कार्यक्रम अधिकारियों के निर्देशन में रात्रि के भोजन की तैयारी की, तत्पश्चात स्वयं सेविकाओं ने भोजन ग्रहण किया और शिविर में रात्रि विश्राम के लिए चली गई।

वेलफेयर क्लब द्वारा 29 वे शास्त्रीय एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाज़ीपुर।वेलफेयर क्लब द्वारा 29वे शास्त्रीय एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को लंका मैदान स्थित मैरिज हॉल में किया गया। प्रतियोगिता कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राम नगीना सिंह यादव जिला समाज कल्याण अधिकारी, विशिष्ट अतिथि संजय कुमार सोनी जिला प्रोवेशन अधिकारी, पारस नाथ यादव जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी तथा क्लब संरक्षक धीरेन्द्र त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि क्लब द्वारा जनपद में इतने बड़े पैमाने पर विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिता करा कर बच्चों के अंदर छुपी हुई प्रतिभा को सम्मान देने का क्लब का प्रयास गौरवमई एवं अद्भुत है, बच्चों के अंदर छुपे बहुमुखी प्रतिभा को तराश कर मंच देने का कार्य क्लब ने जो किया है इसके लिए क्लब के सारे पदाधिकारियों और सदस्यों को मैं सेल्यूट करता हूं उम्मीद करता हूं कि यह बच्चे क्लब के माध्यम से प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा को मुकाम दे सकेंगे। प्रतियोगिता के विशिष्ट अतिथि संजय कुमार सोनी ने जिले के अंदर नृत्य की प्रतिभा को देखकर आश्चर्यचकित होकर कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से एक प्रस्तुति देकर हम सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों में हमेशा एक सहयोगी के रूप में तत्पर रहूंगा। जबकि विशिष्ट अतिथि पारस नाथ यादव ने बच्चों के बौद्धिक एवम बहुमुखी विकास के लिए क्लब की प्रशंसा करते हुए क्लब के अन्य विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की।
अतिथियों का स्वागत सचिव रामनाथ कुशवाहा तथा संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने किया। क्लब पर्यावरण प्रभारी प्रतीक यादव ने निर्णायक मंडल सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल सदस्यों में वाराणसी से ऋषभ यादव, पियूष किशन तथा गाजीपुर की प्रिंसेस बकस्टार मानसी वर्मा शामिल रहे।
इस प्रतियोगिता में जनपद तथा गैर जनपद से 187 प्रतियोगी शामिल रहे। प्रतियोगिता का परिणाम देर शाम प्रतियोगिता स्थल पर ही घोषित किया गया। निर्णायक मंडल के अनुसार एकल जूनियर में खुशी आबिदा फंक डांस क्लासेज प्रथम, आराध्या सिंह सेंट मैरीज कान्वेंट स्कूल, मेंहल सहाय सेंट जॉन्स स्कूल, शिवानी वर्मा संयुक्त रूप से द्वितीय, हरुप कौर आहूजा शिव डू डाँस तृतीय जबकि सलोनी यादव एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, प्राची तथा आर्यन पटेल शिव डू डाँस तथा प्रियांशु तिवारी द प्रेसिडियम इंटरनेशनल स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया। इसी प्रकार एकल वरिष्ठ वर्ग में विक्की फ़्यूज़न फंक डांस क्लासेज तथा अदिति सिंह एड़ूरेन ग्लोबल स्कूल देवचंदपुर संयुक्त रूप से प्रथम, एंजल चौरसिया रामदूत इंटरनेशनल स्कूल तथा ओम कुमार वाराणसी संयुक्त रूप से द्वितीय, पॉपिंग आरएस सिद्धार्थ इण्टर कालेज तृतीय स्थान पर रहे जबकि शुभम रितेश शिव डू डाँस, संध्या कुमारी कुश स्मारक बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दिलदारनगर, मीनाक्षी सिन्हा एड़ूरेन ग्लोबल स्कूल देवचंदपुर, निहारिका जवाहर नवोदय विद्यालय का चयन सांत्वना पुरस्कार के लिए किया गया। युगल नृत्य में शिखा व सिमरन शिव डू डाँस प्रथम, शिवानी व खुशी फंक डांस क्लासेज द्वितीय तथा संजना व तन्नू जवाहर नवोदय विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे। जबकि अन्वी व हरुप कौर आहूजा शिव डू डाँस, सौम्या व सुहानी एवरग्रीन पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
इसी प्रकार समूह नृत्य में स्ट्रेंजर गर्ल्स ग्रुप व कंतारा ग्रुप जवाहर नवोदय विद्यालय प्रथम, खुशी ग्रुप फंक डांस क्लासेज द्वितीय, सूरज बिंद ग्रुप गणेशा डांस ऐकेडमी तृतीय स्थान पर रहे। जबकि अनुप्रिया ग्रुप सूरज इंटरनेशनल स्कूल लक्ष्मी ग्रुप सनराइज पब्लिक स्कूल तथा सुभी ग्रुप संत कबीर पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कारों के लिए चुना गया। प्रतियोगिता का सफल संपादन पीजी कालेज टेरी के कुशल छात्रों द्वारा किया गया जबकि तकनीकी संचालन क्लब पदाधिकारी सत्यदेव दूबे तथा अजय यादव ने किया तथा संचालन क्लब जनपद गवर्नर पवन पांडेय ने किया। क्लब ऑडिटर डा0 जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सभी विजयी प्रतिभागियों को क्लब द्वारा आयोजित होने वाले “29वें वेलफेयर उत्सव” में शील्ड व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।
इस अवसर पर अनिल सर, राजेश महतो, संजय वर्मा समेत क्लब के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

प्रज्ञा रेंजर्स के प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारंभ, मनाया गया चिंतन दिवस

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाज़ीपुर में प्रज्ञा रेंजर्स कैंप का उद्घाटन व चिंतन दिवस मनाया गया।


गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर में रविवार को प्रज्ञा रेंजर्स पंच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। । कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज शिष्टाचार द्वारा हुआ। इस दौरान सरस्वती वंदना व स्वागत गीत रेंजर इंदा चौधरी ने प्रस्तुत किया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत ट्रेनर खुशी गोंड द्वारा स्कार्फ लगा कर किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता व उद्घाटन डॉ सारिका सिंह द्वारा किया गया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ सारिका सिंह ने छात्राओं से कहा रेंजर्स का उद्देश्य व्यक्तित्व का पूर्ण विकास करना है। आपने रेंजर्स को इस शिविर में जी जान से जुटकर सीखने की हिदायत दी। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जिला आयुक्त (रोवर्स) डॉ शिवकुमार ने छात्राओं को लगातार पांचों दिन शिविर में सक्रिय रहकर स्काउटिंग गाइड की सारी विद्या सीखने और उसके प्रदर्शन का आवाहन किया।

अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक डॉ रामनाथ केसरवानी व अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक पीयूष सिंह ने रेंजरिंग को कठिन समय व कम संसाधनों में जीवन जीने की कला कहा। आज स्काउटिंग के जनक लॉर्ड बिडेन पॉवेल और लेडी बेडेन पावेल का जन्मदिन चिंतन दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें लॉर्ड बेडेन पॉवेल एवं लेडी बेडेन पावेल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर स्काउटिंग के इतिहास, बच्चों किशोर एवं युवाओं के संपूर्ण विकास में तथा विश्व बंधुत्व भावना कायम करने में स्काउट गाइड आंदोलन को उल्लेख करते हुए, प्रज्ञा रेंजर्स द्वारा चिंतन दिवस मनाया गया।

रेंजर प्रभारी डॉ शिखा सिंह ने ट्रेनर मनीष यादव व खुशी गोंड को बुके दे कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रेनिंग काउंसलर मनीष यादव व धन्यवाद ज्ञापन रेंजर प्रभारी डॉ शिखा सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रिमझिम, अंकिता, आकांक्षा, सुनीता, निधि, रूपाली, सलोनी आदि छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रज्ञा रेंजर्स का प्रगतिशील प्रशिक्षण 26 फरवरी तक जारी रहेगा।

प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न; अभिषेक सिंह अध्यक्ष और वसीम रज़ा बने महासचिव

गाज़ीपुर। जिला पंचायत सभागार में रविवार को ‘प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ का भव्य शपथ ग्रहण एवं परिचय पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रादेशिक और जिला स्तरीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया, जहाँ पत्रकारों के हितों और सुरक्षा पर गंभीर चर्चा हुई।
नई कार्यकारिणी की घोषणा:
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिंह को जिला अध्यक्ष और वसीम रज़ा को जिला महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदीप शर्मा को सह सचिव,इसके साथ ही अनिल कुमार व शिवेश कुमार पाण्डेय ‘पंकज’ को उपाध्यक्ष, सुजीत कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष और सुनील गुप्ता को आय-व्यय निरीक्षक के रूप में शपथ दिलाई गई। जिला कार्यकारिणी में प्रभाकर सिंह, सुनील सिंह को शपथ दिलाकर परिचय पत्र वितरित किए गए।

यशवन्त सिंह (एडिटर इन चीफ़, भड़ास मीडिया): मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और जनपद के पत्रकारों का मार्गदर्शन करते हुए निर्भीक पत्रकारिता का आह्वान किया।
सरिता अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद): उन्होंने कहा कि पत्रकार जहाँ कमियों को उजागर करते हैं, वहीं उन्हें विकास कार्यों को भी सकारात्मक लेखनी से प्रोत्साहित करना चाहिए।
राजकुमार सिंह (अध्यक्ष, क्षत्रिय युवा महासभा): उन्होंने पत्रकारों के जोखिम भरे काम को देखते हुए सरकार से उनके लिए मानदेय और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की।
शशिकांत मिश्र (प्रदेश अध्यक्ष): उन्होंने बलिया और गाज़ीपुर के पत्रकारों के बीच भाईचारे और एकजुटता पर बल दिया।
पत्रकार सुरक्षा और बीमा का संकल्प:
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एसोसिएशन जनपद के पत्रकारों के मान-सम्मान और हितों के लिए “सुरक्षा कवच” की तरह कार्य करेगा। उन्होंने घोषणा की कि संगठन जल्द ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए बीमा योजना लागू करने की दिशा में कार्य करेगा।
सम्मान और सांस्कृतिक छटा:
कार्यक्रम में डॉ. डीपी सिंह ने गायकी के माध्यम से पत्रकार और चिकित्सकों के संबंधों को रेखांकित किया। समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी कुंवर वीरेंद्र सिंह, रक्तवीर शीर्षदीप, गायक राकेश कुमार और कुशल संचालक संजीव अरुण सहित सभी मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय ने नई टीम को बधाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन संजीव अरुण ने किया और अंत में जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मंटू प्रधान , राजेश सिंह, सुधीर प्रधान, राजकुमार सिंह, विशाल चौरसिया, सुनील यादव, मोहन तिवारी, इकरार, आसिफ, कृपा शंकर सिंह, संजय सिंह ,इंद्र बहादुर सिंह विनीत कुमार दुबे, पवन मिश्रा, अनिल उपाध्याय, शशिकांत तिवारी, मुकेश उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार सिंहासन सिंह यादव, फूलचंद सिंह , एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

डीएम ने किया विभिन्न मतदेय स्थलों का  निरीक्षण

गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आज विधान सभा क्षेत्र 376-जंगीपुर के विभिन्न्न मतदेय स्थलो का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज मे भाग संख्या-338 से 346 तक के बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। सभी बूथ लेवल अधिकारी को चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशो का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदेय स्थल पर उपस्थित बूथ लेवल ऑफिसरों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद कर निर्वाचक नामावली से संबंधित स्थिति जानी।
जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रक्रिया संचालित है, जिसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश में निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है। फॉर्म-6 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरा जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए वोटर डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल अथवा वोटर हेल्पलाइन ऐप का उपयोग किया जा सकता है। आवेदन के उपरांत बीएलओ द्वारा नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा। बताया कि अपमार्जन  हेतु फार्म-7 तथा जिन मतदाताओ के नाम मे संशोधन और स्थल परिवर्तन करना है तो वे फार्म-8 भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को देगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों ने पहले से अपना मोबाइल नंबर मतदाता सूची से लिंक कर रखा है, वे वोटर हेल्पलाइन ऐप पर मोबाइल नंबर दर्ज कर परिवार के सभी सदस्यों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में एक साथ देख सकते हैं। जिनका मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, वे भी वोटर डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर जाकर अपना नाम खोज सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सत्यापन के बाद भी नाम सूची में नहीं मिलता है, तो फॉर्म-6 भरना अनिवार्य होगा। फॉर्म भरते समय आवेदक को अपना विवरण प्रस्तुत करना होगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं की फोटो खराब है अथवा जो “नो मैपिंग” की श्रेणी में आते हैं, वे अपने संबंधित बूथ पर उपस्थित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं। उन्होने बताया कि जनपद मे मतदाताओं की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है जहॉ आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, एसडीएम स्तर के अधिकारी भी उपलब्ध हैं और पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नई सुविधा के अंतर्गत नागरिक बीएलओ को कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते हैं, जिस पर संबंधित बीएलओ स्वयं संपर्क करेंगे। मौके पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार बिरनों एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

जनपद न्यायाधीश ने किया वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारंभ

गाजीपुर ।उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा हेतु मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन रविवार को जनपद न्यायालय परिसर में किया गया है। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा द्वीप प्रज्जवलित करके किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा यह कहा गया कि जनपद के समस्त नागरिकों की सुविधा हेतु सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच से देने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा यह बताया गया कि शासन की समस्त योजनाओं के विषय में आमजन को जागरुक करने में यह शिविर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। शिविर के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह, अपर जिला जज कक्ष संख्या-01 द्वारा यह कहा गया कि शिविर में विभिन्न विभागों के 45 स्टाल लगाए गए थे। शिविर बहुआयामी था। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण एवं परामर्श, सभी प्रकार की पेंशन, बिजली एवं पानी के बिल, सभी प्रकार की बीमा योजनायें, राशनकार्ड, आधार कार्ड या कोई भी अन्य योजना, जिसकी आवश्यकता आमजन को दैनिक जीवन में होती है, उन सभी का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शनी/मेगा शिविर के विभिन्न विभागो यथा- जिला सूचना विभाग, प्रोबेशन विभाग एवं पुलिस विभाग मिशन शक्ति, कृषि विभाग, गन्ना विभाग, पशुपालन विभाग, जिला मत्स्य विभाग, जिला दुग्ध, जिला उद्यान, डीसी एनआरएलएम , खादी ग्राम उद्योग, कृषि विपणन,  जिला पूर्ति विभाग, जिला कार्यक्रम, समाज कल्याण एवं कल्याण सेक्टर के सभी विभाग, बेसिक शिक्षा, चिकित्सा, वन विभाग, यूपी डास्प, जिला अग्रणी प्रबन्धक, महिला कल्याण विभाग एवं जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, पर्यटन विभाग, आजीविका मिशन, ग्रामोद्योग विभाग,खाद्य रसद विभाग द्वारा गेहू खरीद हेतु पंजीकृत/नवीनिकरण, एवं स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी/स्टाल लगाए गए थे, जिनका फीता काटकर अवलोकन जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं जिला विधिक के सचिव द्वारा किया गया। अवलोकन के उपरानत जनपद न्यायाधीश द्वारा समस्त विभागों द्वारा लगाए गए स्टालो पर उपस्थित होकर सभी योजनाओं की जानकारी ली तथा विभागो द्वारा अपनी-अपनी लाभकारी योजनाओ सेे लाभार्थियों को लाभन्वित कराते हुए सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओ की जानकारी भी दी गई।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अर्चना द्वारा यह बताया गया कि शिविर के माध्यम से सभी प्रकार के कैम्प में कुल 21971 व्यक्तियों को लाभ प्राप्त हुआ। मेगा शिविर कैम्प में ग पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुषमान कार्ड, स्वम सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक आदि भी वितरित किए गए। शिविर में मौके पर ही आवेदन किए जाने की सुविधा भी प्रदान की गया। इस शिविर में पुलिस विभाग द्वारा पंडाल लगाई गई, जिसमें हेल्पलाईन एवं साइबर अपराध से संबंधित विशेष जानकारी प्रदान की गई। बैंकों द्वारा वैयक्तिक ऋण एवं अन्य प्रकार के ऋण हेतु आवेदन कर पाने की सुविधा प्रदान की गयी। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं बैसाखी का वितरण न्यायाधीश के कर कमलो द्वारा लाभार्थी को वितरित किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार के माध्यम विभिन्न ब्लाको से महिलाओं को अन्नप्रासन एवं गोभराई का कार्य किया गया जिसमें न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा बच्चो को खीर चटाकर सम्पन्न किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा न्यायालय परिसर मे पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पी.ओ. (एम.ए.सी.टी) संजय हरिशुक्ला, सिविल बार संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह, न्यायिक अधिकारीगण अली रजा, अलख कुमार, रामअवतार प्रसाद, विजय कुमार, नूतन द्विवेदी, अमित कुमार, अनन्त कुमार, संदेश कुमार पासवान, अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राकेश कुमार3कहिकिहकमततहअह मिश्रा, क्षेत्राधिकारी (नगर) शेखर सेंगर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, वादकारीगण व न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मन की बात को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सुना

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नियमित मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के आज 131 वें संस्करण को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाह की भाति बुथ स्तर पर सुना । आज के प्रसारण मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण, युवाओं की भूमिका, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।मन की बात को सुनकर भाजपा पदाधिकारियों ने अपनी प्रतिक्रियाएँ व्यस्त की।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के बुथ संख्या 410 रेवतीपुर पर बुथ समिति सदस्यों के साथ मन की बात को सुना और कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यक्त संदेश समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया और अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम सुनने का आग्रह किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने गाजीपुर सदर विधानसभा के बूथ संख्या 199 बडीबाग बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि ‘मन की बात’ का कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक जागरूकता बढ़ती है,नागरिकों में कर्तव्यबोध की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस संवाद से आम जनता को सीधे देश के नेतृत्व से जुड़ने का अवसर मिलता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने विधानसभा सैदपुर,शक्ति केन्द्र हसनपुर के बूथ संख्या 271 पर मंडल उपाध्यक्ष विनोद प्रजापति के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” को सूना और कहा कि आज के प्रसारण मे आलिन शेरिन अब्राहम का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जीवन भले ही अल्प रहा हो, लेकिन उसका योगदान अमर हो गया। कहा कि अंगदान केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि कई जिंदगियों को नई आशा देता है।
इस अवसर पर भानु प्रताप सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि हम सभी इस महादान के प्रति जागरूक होकर जीवन बचाने के संकल्प से जुड़ें।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बुथ संख्या 291 पर मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर जो जोर दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।
इसके अलावा जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अच्छे लाल गुप्ता, अखिलेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री सुरेश बिंद, संतोष चौहान आदि ने अपने अपने स्थानीय बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना।

गाजीपुर प्रेस क्लब ने रचा इतिहास, बीमा कैंप में जुटी पत्रकारों की भीड़


गाजीपुर प्रेस क्लब में रचा इतिहास, बीमा कैंप में जुटी पत्रकारों की भीड़

गाज़ीपुर: गाज़ीपुर प्रेस क्लब के तत्वाधान में वर्तमान सत्र के सदस्यों का द्वितीय चरण और अंतिम बीमा कैम्प मुख्य डाकघर में शनिवार के दिन आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्यों ने भागीदारी दर्ज कर बीमा का लाभ उठाया।

ज्ञात हो कि गाज़ीपुर प्रेस क्लब ने स्थापना के बाद से ही पत्रकार हित में बड़ा कदम उठाते हुए सभी सदस्यों का 10 लाख का बीमा हर साल करवाया जा रहा है। बीमा में लगने वाली प्रीमियम की राशि का वहन प्रेस क्लब स्वयं उठाता है। उसी क्रम में लगातार तीसरे वर्ष भी सदस्यों का बीमा कराया गया।

आज द्वितीय चरण का बीमा कैंप महासचिव कृपा कृष्ण “केके” की देख रेख में आयोजित हुआ। उन्होंने बताया कि आज आये सभी सदस्यों का बीमा किया गया। वर्तमान सत्र में सौ से ज्यादा सदस्यों का बीमा कराया जा चुका है। अपनी स्थापना के समय से ही क्लब ने सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है, जो आज के समय में पत्रकारिता की चुनौतियों को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण है।

बीमा कैम्प में संरक्षक मनीष मिश्रा, अध्यक्ष शिवकुमार, सचिव विनीत दुबे के अलावा यशवंत सिंह, हसन इकबाल, दयाशंकर राय, प्रदीप दुबे, आदर्श सिंह, विपिन दुबे, रिजवान अली, शहनवाज, अरुण यादव, रजत, सोनू शर्मा, पिंटू, अशोक मौर्य, बृजेश उपाध्याय, मो.आकिब, संतोष शर्मा, आदित्य, मो.फैसल, इन्द्रसेन आदि बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य मौजूद रहे।

हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह ने पीजी कॉलेज में किया कार्यशाला का शुभारंभ

गाजीपुर। तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान, पी०जी० कालेज गोराबाजार के सभागार में शनिवार को ‘‘बौद्धिक संपदा संरक्षण‘‘ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह, उच्च न्यायालय इलाहबाद,  विशिष्ठ अतिथि डा० जे० पी0 सिंह, प्राचार्य, क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान गाजीपुर, प्रो० अनिता कुमारी, प्राचार्य राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर एवं संस्थान के निदेशक, डा० अजीत प्रताप सिंह, द्वारा बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन  कर प्रारम्भ हुई।  

सचिव/प्रबंधक  अजीत कुमार सिंह ने सभी अतिथिओ को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह ने शिक्षा और अनुसंधान में बौद्धिक संपदा अधिकार का महत्व, पेटेंट, ट्रेडमार्क, कॉपीराइट और भौगोलिक संकेतकों का अवलोकन एवं भारत और विश्व स्तर पर बौद्धिक संपदा अधिकारों को नियंत्रित करने वाले प्रमुख कानून और नियामक को विस्तार पूर्वक बताया। न्यायमूर्ति ने शिव वाटिका उद्यान में वृक्षारोपण भी किया।


अजीत कुमार सिंह ने  कार्यशाला के प्रायोजक विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद, लखनऊ, उ०प्र० का आभार व्यक्त किया और उ० प्र० सरकार की बौद्धिक संपदा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम की उपयोगिता को बताया तथा भविष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया। कार्यशाला में प्रो० फते बहादुर सिंह-बी०एच०यू०, प्रो० देवेन्द्र सिंह-आई०आई०टी०,बी०एच०यू०, प्रो० सौरभ पाल-पूर्वांचल विश्विद्यालय जौनपुर एवं डा० मयंक प्रताप- बी०एच०यू० ने बौद्धिक संपदा संरक्षण सम्बंधित अपने विचार व्यक्त किया जिसकी प्रतिभागियों द्वारा काफी सराहना की गयी।

इस कार्यशाला में संस्थान और प्रदेश के विभिन्न विश्विद्यालयों महाविद्यालयों से आये प्राध्यापक, रिसर्च स्कॉलर, कॉर्पाेरेटस और छात्रों ने काफी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और अपनी समस्त शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। महाविद्यालय के एन०एन०सी० कैडेट्स द्वारा डा० प्रशांत सिंह के नेतृत्व में  मुख्य अतिथि को सलामी दी गयी। कार्यशाला के संयोजक डा० अमित प्रताप ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया तथा कार्यक्रम का संचालन डा० अमित प्रताप के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शशिकांत राय, राणा प्रताप सिंह, कृपा शंकर सिंह, डा० बालेश्वर सिंह, डा० यशवंत  सिंह, डा० विनोद सिंह, डा० दिनेश  सिंह, डा० अजातशत्रु सिंह ,  राहुल आनन्द सिंह, डॉ० अभिषेक  सिंह, डा० सुभाष चन्द्र गुप्त, कमला प्रसाद गुप्त आदि उपस्तिथ रहे।

Uttar Pradesh Fast News