कोटेदार के खिलाफ मिली अनियमितता की शिकायत पर जांच करने पहुंचे सप्लाई इंस्पेक्टर

ग़ाज़ीपुर।भांवरकोल महेशपुर द्वितीय ग्राम सभा में कोटेदार के खिलाफ लगातार ग्रामीणों द्वारा खाद्यान्न वितरण में अनियमितता किए जाने की मिल रही शिकायतों के बाद मोहम्मदाबाद एसडीएम के आदेश पर सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष कुमार जांच करने पहुंचे ।जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने कोटेदार रामजी यादव के द्वारा खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतें जाने की बात कही। जिसपर सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि मैं उन्हीं लोगों का बयान लेने आया हूं जिन लोगों ने कंप्लेंट किया है और बस कंप्लेंट करने वाले लोगों की बातों को सुनकर बयान दर्ज किए और चलते बने। हालांकि सप्लाई इंस्पेक्टर ने बयान लेने के लिए किसी सार्वजनिक स्थान यानी मंदिर या स्कूल का चयन करने के बजाए सड़क पर ही बयान लेना शुरू कर दिया। इसके बाद वह कोटेदार रामजी यादव के घर पहुंचे और उनका स्टॉक चेक किया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों में कोटेदार के विरुद्ध रोष व्याप्त था।

गाज़ीपुर एसपी ने किया निरीक्षण

गाजीपुर।एसपी रोहन पी बोत्रे ने शुक्रवार को नन्दगंज थाना और सैदपुर कोतवाली पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने पहले सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क,कार्यालय, हवालात, मालखाना, मेस,बैरक, इत्यादि का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली पीड़ित महिलाओं के प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्यवाही का फीडबैक लिया । इसके बाद अपराध से संबंधित सभी रजिस्टरों का निरीक्षण किया तथा अपराध एवं अपराधियों के संबंध में जानकारी ली ।
उन्होंने महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को गंभीरतापूर्वक देखने के लिए संबंधित को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने पर अपनी शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को महिला हेल्प डेस्क की कर्मचारियों द्वारा ध्यानपूर्वक सुना जाय और उनके साथ अच्छा व्यवहार करने के साथ ही उनकी समस्याओं का समय से निराकरण किया जाये। पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने गैगेंस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली।

करंट की चपेट में आने से एक की मौत

गाजीपुर। गहमर कोतवाली के करहिया गांव में गुरुवार की रात सोते समय फरार्टा पंखा से करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार करहिया गांव निवासी पपुलेंद्र घनघन (38) रोज की तरह खाना खाकर अपने घर के बगल के एक अहाते में सोने चला गया। गर्मी होने के कारण वह फर्राटा पंखा भी लगाया था। सो जाने के बाद बोर्ड में लगा पंखे का एक तार किसी तरह बाहर निकल कर पपुलेंद्र के शरीर में सट गया। जिससे करेंट वह करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग वहा पहुचे तो देखा कि उसके शरीर पर बिजली का तार गिरा है। परिजनों ने तार को हटाया। घटना की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। पपुलेंद्र की शादी पचौरी गांव में हुई थी।

छात्राओं में पौध वितरण कर विद्यालय प्रबंधक ने मनाया जन्मदिन

गाज़ीपुर। स्वर्गीय कमला पांडेय इंटरमीडिएट कॉलेज अमारी दुल्लहपुर के प्रबंधक व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल पांडेय का जन्मदिन शुक्रवार को विद्यालय परिवार ने छात्राओं को अमरूद के पौध वितरण कर मनाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रैना भारद्वाज ने बताया कि इस विद्यालय की परंपरा रही है कि हम विद्यालय के किसी भी सहयोगी, अध्यापक, प्रधानाचार्य या कर्मचारी के जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए राष्ट्र को समर्पित कार्यक्रम का क्रियान्वयन कराते हैं। जिससे छात्र छात्राएं प्रेरित हो और उनके अंदर राष्ट्रप्रेम पर्यावरण प्रेम एवं अपनी मातृभूमि के स्वच्छता एवं देखभाल के प्रति जागरूकता फैले। कार्यक्रम के तहत कक्षा 11 एवं 12 की छात्राओं को 101 फलदार अमरूद के वृक्ष वितरित किए गए। विद्यालय की उप प्रधानाचार्य सुमन यादव ने छात्राओं से वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल करने का तरीका बताया तथा परिजनों से उस पौधे की देखभाल की अपील की। उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए पीके सर ने बताया कि वृक्ष हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण है जो वर्षा, ऑक्सीजन के साथ पर्यावरण संरक्षण में सहायक है। इस दौरान डॉ शिप्रा दुबे, शिवानी पंडित, अजय पांडे, अमित दुबे, अभिषेक पांडे व चंद्रिका सोनकर आदि उपस्थित रहे।

सुरेश राजभर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल

गाजीपुर। प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री अनिल राजभर शुक्रवार को बिरनो थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर के बाजिदपुर पहुंचे। जहाँ उन्होंने पिछले 4 जुलाई को जम्मू कश्मीर के स्माइलपुर मे तैनात केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल 38 वीं बटालियन के 45 वर्षीय हवलदार सुरेश राजभर का जीएमसी अस्पताल मे निधन हो गया था। मंत्री अनिल राजभर ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद उनकी माँ, पत्नी रीता देवी व बेटे सौरभ सहित पुत्रियों से मिलकर उनको ढांढस बधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी मे हम सभी आपके साथ मर्माहत है। वहाँ उपस्थित उपजिलाधिकारी अनिरुद्ध कुमार एवं प्रधान काशी राजभर से जवान के नाम पर उनके गांव को जाने वाले मार्ग का नामकरण, ग्राम मे पार्क तथा एक स्मृति द्वार के निर्माण को प्रशस्त करने को कहा। मंत्री ने जवान सुरेश राजभर के माँ को सांत्वना देते हुए कहा कि आपने ऐसे बेटे को जन्म दिया जो देश सेवा मे समर्पित हो गये ।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी भुडकुडा, बिरनो थानाध्यक्ष सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।

समय से कार्य पूरा न होने पर डीएम ने काटा वेतन

गाजीपुर। जिलाधिकारी एम पी  सिंह  की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में 50 लाख से अधिक एंव कम लागत की परियोजना, मुख्यमंत्री की विकास प्राथमिकता कार्यक्रम, क्रिटिकल गैप्स योजना एवं मुख्यमंत्री की घोषणाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, लोक निर्माण विभाग, यू पी सिडको, प्रोजेक्ट कार्पोरेशन वाराणसी, आजमगढ़, आर ई एस, पर्यटन, आवास विकास, राजकीय निर्माण निगम बलिया, वाराणसी, भदोही व सी एन डी एस कार्यदायी संस्थाओ द्वारा कराये जा रहे कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग खण्ड द्वितीय अनुपस्थित होने तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका जमानियां गो-आश्रय स्थल की रंगाई पुताई निर्धारित समयान्तराल तक पूर्ण न किये जाने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जनपद मे निर्माण के अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है उसकी जानकारी ली तथा उच्चाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण  एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। जो भी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उसको सम्बन्धित विभागो को हैण्डओवर कराने का निर्देश दिया। उन्होने मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अर्थ एवं संख्याधिकारी नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित थे।

पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर

गाज़ीपुर।देश के महान समाजवादी नेता, पूर्व प्रधानमंत्री,युवा तुर्क के नाम से देश की राजनीति में विख्यात एवं भारतीय राजनीति के फक्कड़ कबीर स्व.चन्द्रशेखर की 15वीं पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी कार्यालय समता भवन पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर
श्रृद्धांजलि अर्पित किया। उनके बताए रास्ते पर चल कर देश की सत्ता पर काबिज साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष करने एवं देश‌ के धर्मनिरपेक्ष स्वरुप की रक्षा करने का संकल्प लिया ।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि वह एक ऐसे यूवा तुर्क नेता थे जिन्होंने दृढ़ता, ईमानदारी और साहस के साथ निहित स्वार्थ‌ के खिलाफ लड़ाई लड़ी‌। वह हमेशा व्यक्तिगत और सत्ता की राजनीति के खिलाफ रहे, उन्होंने हमेशा वैचारिक लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक परिवर्तन की राजनीति का समर्थन किया । वह साहस और सत्य के प्रतीक थे, उनके मन में देश के गरीबों, शोषितों और पीड़ितों के लिए गहरी पीड़ा थी जिसकी झलक उनके उद्बबोधन के दौरान अक्सर दिखती‌ थी । उन्होंने देशवासियों से मिलने एवं उनकी प्रमुख समस्याआें को समझने के लिए कन्याकुमारी से नई दिल्ली तक 4260 किलोमीटर की पदयात्रा की थी । वह आजीवन साम्प्रदायिक ताकतों की मुखालफत करते रहे । वह बेबाक वक्ता थे, वह गुप्त से गुप्त बात भी सार्वजनिक कर दिया करते थे,उनका मानना था कि नेता की हर बात को जनता को जानना चाहिए क्योंकि नेता जनता की नुमाइंदगी करता है ।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के साथ जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खां, सदानंद यादव,रामाशीष यादव,कमला यादव, रामनगीना यादव, डॉ समीर सिंह,अभिनव सिंह, चन्द्रिका यादव, संतोष यादव, गोपाल यादव आदि उपस्थित थे । इस गोष्ठी का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

पीस कमेटी की बैठक में डीएम-एसपी ने त्यौहारों को लेकर कही यह बात

पीस कमेटी की बैठक में डीएम-एसपी ने त्यौहारों को लेकर कही यह बात

गाजीपुर। आगामी त्यौहार बकरीद, कॉवर श्रावण मास, रंक्षा बन्धन, नागपंचमी एवं 15 अगस्त के मद्दे नजर रखते हुए जनपद में सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में गुरुवार को पुलिस लाईन सभागार में धर्मगुरूयो एवं नागरिको के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने समाजिक दायित्वों का निर्वाहन करने के लिए इस बैठक में उपस्थित हुए, इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होने सभी उपस्थित नागरिकों का आह्वाहन करते हुए अपील किया है कि जिस प्रकार विगत वर्षों में सभी धर्मों के लोग आपसी भाई चारे से सभी त्यौहार को मिल जुल कर मनाते रहे है और आगे भी उसी तरह से गंगा जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए इसका अक्षरशः पालन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्यौहारों का एक ही मकसद होता है कि दूसरों की भावनाओं को आहत किये बिना हर्षोंल्लास के साथ त्यौहार मनायें। उन्होने जनपद वासियों का आह्वाहन करते हुए अपील किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचे और कोई भी इस प्रकार की सूचना यदि उन्हे प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दे ताकि उस सूचना की जॉच करते हुए उसका निस्तारण समयान्तर्गत कराया जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बकरीद व कॉवर श्रावण मास के समय कॉवरियो को शस्त्र लेकर जाना एवं रखना पूरी तरह से प्रतिबन्धित रहेगा एवं कॉवर यात्रा के समय रास्तो पर जो भी पोल खड़े है उसके नीचे प्लास्टिक का घेरा (लपेटा) अवश्य लगाया जाय, जिससे किसी प्रकार का कोई समस्या/दुर्घटना न हो। कॉवर के समय ध्वनि विस्तारक यत्रो का प्रयोग नियमानुसार करने का निर्देश दिया, जिसे आमजन को कोई असुविधा न हो। स्वीकृति लेने के उपरान्त ही डी.जे. का प्रयोग किया जा सकता है, परन्तु मानक के अनुसार ही उसका प्रयोग किया जाय, अन्यथा पकड़े जाने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी।
उन्होने बताया कि शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये है कि त्यौहारों को पारम्परिक ढंग से मनाया जाये और किसी भी प्रकार की नई परम्परा का आरम्भ न किया जाये। उन्होने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि खास तौर से त्यौहार के समय अपने- अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। पुलिस अधीक्षक रोहन पी.बोत्रे ने बैठक को सम्बोधित करते हुए बताया कि जनपद में सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबन्द कर दी गई है और सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने जनपद वासियों को आस्वस्त किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की कोई भी अप्रिय घटना घटित नही होने दी जायेगी। उन्होने समस्त सम्बन्धित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने अपने क्षेत्र के सम्भ्रान्त नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखें। उन्होने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के लिए कोई नई जगह न चुने, कुर्बानी के लिए पहले से ही चिन्हित स्थानों पर ही कुर्बानी की रस्म अदा की जाये। उन्होने यह भी अपील की है कि कुर्बानी बन्द जगह पर की जाये और उसके अवशेष को नगर पालिका/नगर पंचायत के सहयोग से यथोचित निस्तारण कराया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/ शहरी, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं समस्त नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिकारीगण सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नगारिक उपस्थित रहे।

बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्य को लेकर आयोजित की गई मॉक ड्रिल

बाढ़ से बचाव के लिए किया गया पूर्वाभ्यास

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की उपस्थित कलक्टर घाट पर बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्य को लेकर आयोजित की गई मॉक ड्रिल

नदी में डूब रहे व्यक्ति को बचाने व टापू में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने का किया गया पूर्वाभ्यास

गाजीपुर। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देश के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण  के तत्वाधान में गुरूवार को तहसील सदर अन्तर्गत कलक्टर घाट पर बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्य की मॉक एक्सरसाइज आयोेजित की गई। जिसमें राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, आपूर्ति विभाग, पशुपालन, पंचायती राज विभाग एवं आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। माकड्रील मे बताया गया कि आपदा प्रबन्धन के अन्तर्गत इंसीडेंट रिस्पॉन्श सिस्टम-आईआरएस एक महत्वपूर्ण अवधारणा है, जिसे प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2019 में अधिसूचित किया गया है। आईआरएस के अन्तर्गत प्रभावी आपदा प्रबन्धन हेतु सम्बंधित अधिकारियों/कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें उनके कार्यों के प्रति उत्तरदायी बनाया गया है। इंसीडेंट रिस्पॉन्श सिस्टम एक ऐसा लोचशील तंत्र है जिसके द्वारा आपदा प्रबन्धन में सम्मिलित सभी विभागों/संस्थाओं/एजेंसियों को इस प्रकार प्रशिक्षित किया जाता है जिससे आपदा के दौरान जहां भी उनकी आवश्यकता हो उन्हें सक्रिय कर त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। मॉक एक्सरसाइज के अन्तर्गत आगामी संभावित बाढ़ आपदा की तैयारियों हेतु जनपद स्तर पर निम्न महत्वपूर्ण गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें आपदा पूर्व चेतावनी के आधार पर आवादी को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, बाढ़ से घिरे गांवों व लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में आपातकालीन राहत सामग्री पहुंचाना, घायलों व मृतकों को निकालना ,गोताखोरों व अन्य बलों की सहायता से लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से निकालकर राहत केन्द्रो पर पहुचाना आदि के सम्बन्ध मे मॉक ड्रिल के माध्यम से बताया गया। बाढ़ के प्रतिकूल प्रभावों से निपटने के लिए प्रदेश व जनपद स्तर पर पूर्वाभ्यास एवं क्षमता का निर्माण करने के उद्देश्य से नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, इसी क्रम मे कलक्टर घाट पर मॉक ड्रिल का आयोजन कर आकस्मिक बाढ के आ जाने की स्थिति, नौका डूबने पर किसी डूबते हुए व्यक्ति को गंगा नदी से बचा कर निकालने व तत्काल प्राथमिक चिकित्सा हेतु भिजवाने की प्रक्रिया संयुक्त रूप से बचाव दल व चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रदर्शित की गयी। मॉक ड्रिल के समय इंसिडेंट कमांड व कम्यूनिकेशन पोस्ट भी स्थापित कर प्रदर्शित किया गया, जहां बाढ से प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करते देखे गये। मॉक ड्रिल के अन्तर्गत आपदा से प्रभावित जनसंख्या को उनके घरों से सुरक्षित निकाल कर बाढ़ राहत शिविर पर पहुचाया गया, जहां प्रभावित व्यक्तियों हेतु मेडिकल कैम्प, खाद्य एवं रसद विभाग के अन्तर्गत भोजन व्यवस्था हेतु शिविर लगाया गया था। मॉक ड्रिल में प्रभावित पशुओं की देखभाल हेतुु पशुपालन विभाग कैम्प भी स्थापित किया गया। आपदा से बचाव हेतु एस0डी0आर0एफ0 फोर्स मुस्तैद रही है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधि0अधि0 नगर पालिका परिषद गाजीपुर, चिकित्सकों की टीम, पशुपालन विभाग की टीम, एस.डी.आर.एफ. के जवान एवं अन्य सम्बंधित अधिकारियों सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

110 लोगों का हुआ निशुल्क जांच

ग़ाज़ीपुर।आज के मौजूदा वक्त में इंसान किसी ना किसी रोग से पीड़ित है ऐसे में आर्थिक रूप से संपन्न लोग अपने स्वास्थ्य जांच आसानी से करा लेते हैं।तो वही आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति अपनी जांच नहीं करा पाते। जिससे उनके रोग के बारे में जानकारी नहीं हो पाती। इन्हीं सब को ध्यान में रखते हुए मां कवलपति हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर एवं रिसर्च सेंटर पर फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें ईसीजी एवं ब्लड शुगर के 110 मरीजों की फ्री जांच की गई।राजकीय मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर व कवलपति हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर एवं रिसर्च सेंटर के एमडी डॉ स्वतंत्र सिंह ने बताया कि आज उनसे नर्सिंग होम पर मरीजों के लिए निशुल्क ईसीजी एवं शुगर जांच का कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें करीब 110 लोगों का निशुल्क जांच किया गया । इस जांच उपरांत मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार दवा लेने की परामर्श भी दी गई।इस मौके पर डॉ बीती सिंह, आशुतोष सिंह, नित्यानंद मिश्रा, सपना ,मधु ,अंजलि ,रितु एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

Uttar Pradesh Fast News