नगर पालिका परिषद ने किया लाखों रुपए से बनी सड़क का लोकार्पण

नगर पालिका परिषद ने किया लगभग 15 लाख से बनी सड़क का लोकार्पण


गाजीपुर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड के मियांपुरा में लगभग 15 लाख से बनी नाली व सड़क का लोकार्पण मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, भाजपा काशीक्षेत्र की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा सोमवार को किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कृष्ण बिहारी राय ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से यहाँ के नागरिक बहुत दिनों से इस सड़क के बनने का इन्तजार कर रहे थे। यहाँ के लोगों ने बताया कि इस गली में चलने से दूसरे लोगों को छींटा आदि पड़ जाने के कारण आपसी विवाद हो जाता था, जिसको लेकर नगर पालिका के चेयरमैन एवं सभासद ने इसमें विशेष रूचि लेते हुए यहाँ की सड़क अच्छी गुणवत्ता वाली बनकर जनता को समर्पित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के सोच के अनुरूप हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका नगर के लिए लगातार प्रशंसनीय कार्य कर रही है।

सरोज कुशवाहा ने पिछले दिनों में उक्त सड़क की खराब दशा की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले चुनाव प्रचार में हम सब यहाँ आए थे और इस सड़क की चर्चा हुयी थी। हम सब अत्यन्त उत्साहित है कि न0पा0प0 की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल व सभासद कमलेश श्रीवास्तव के प्रयास से इस सड़क का कार्य पूर्ण हो गया है। पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि यह सड़क मियांपुरा चौक से रमेश श्रीवास्तव के मकान होते हुए अतुल श्रीवास्तव के मकान तक इण्टरलाकिंग सड़क व दोनों तरफ ढक्कनयुक्त नाली निर्माण का कार्य लगभग 15 लाख की लागत से कराया गया है। उन्होंने बताया कि यहाँ कि सड़क व नाली अत्यन्त जर्जर थी जिसे जनहित में लोगों की सुविधा हेतु बनाया गया है। इस अवसर पर उन्होंने नगर पालिका द्वारा नगर के विकास हेतु हो रहे कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सड़को, गलियो व नाली निर्माण के अलावा, आर0ओ0 वाटर प्लान्ट, कुओं की मरम्मत एवं सुन्दरीकरण, जगह-जगह मार्ग निर्देशन बोर्ड, पम्प हाउस का मरम्मत व रंगाई-पुताई एवं शहर में अवस्थित ओवरहेड टैंकों की मरम्मत, सफाई, रंगाई-पुताई आदि का कार्य भी तीव्रगति से चल रहा है। उन्होंने नगरवासियों से स्वकर (हाउस टैक्स – वाटर टैक्स) के घटे हुए रेट से टैक्स जमा करने की अपील भी की।

इस अवसर पर गुलाम कादिर राईनी, रासबिहारी राय, विजय शंकर वर्मा, निर्गुणदास केशरी, सैफुर्रहमान, अतुल श्रीवास्तव (एडवोकेट), अमरनाथ दुबे, सन्तोष जायसवाल, अंकूर श्रीवास्तव ने भी विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमलेश श्रीवास्तव व संचालन अशोक मौर्या ने किया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सभासद/प्रतिनिधि सर्वश्री नन्हें भाई, सोमेश मोहन राय, संजय राम, दिग्विजय पासवान, परवेज अहमद, कुंवर बहादुर सिंह, समरेन्द्रनाथ सिंह, विनोद कुशवाहा, हरिलाल गुप्ता, कमलेश बिन्द, शहबान अली के अलावा अशोक श्रीवास्तव, परमानन्द श्रीवास्तव, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, कृष्ण कुंवर, मु0 आमिर, अफसर, बूथ अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सुनील वर्मा, प्यारेलाल श्रीवास्तव, थापा, नन्दू कुशवाहा, नीरज कुमार मानु, अभिनव सिंह, अजय कुशवाहा, हेमन्त त्रिपाठी, प्रीति गुप्ता, बंगाली वर्मा, बब्लू जायसवाल, अनूप सिंह, प्रमोद गुप्ता आदि क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे।

436 प्रार्थना पत्रों में सिर्फ 33 का हुआ निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता एवं अपरजिलाधिकारी वि0/रा0 की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 115 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए और मौके पर 4 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातो तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 436 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 33 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। इसी क्रम में तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 32 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें 3 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील जमानियॉ में उपजिलाधिकरी अध्यक्षता में 55 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। सेवराई तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 55 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके 8 का निस्तारण किया गया। तहसील जखनियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 50 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 66 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 5 का निस्तारण किया गया एवं तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 63 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमे 7 का मौके पर निस्तारण किया गया।

विश्व फोटोग्राफी दिवस का किया गया आयोजन

गाजीपुर। शुक्रवार को विश्व फोटोग्राफी दिवस का आयोजन गाजीपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के द्वारा गोराबाजार स्थित लार्ड कार्नवालिस पार्क में आयोजित किया गया। जिसमें गाजीपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं सभी रजिस्टर्ड सदस्य और व्यापार मंडल के जिला महामंत्री श्रीप्रकाश केसरी ( गुड्डू ), महिला विकास मंच की जिला अध्यक्ष मधु यादव सहित उपाध्यक्ष कंचन रावत मौजूद रही। इस दौरान दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। सभी रजिस्टर्ड सदस्यों को विश्व फोटोग्राफी दिवस के बारे में सभा का संचालन कर रहे अंशुल प्रजापति ने बताया। उन्होंने सभी फोटोग्राफ़र को बताया कि इतिहासकारों के मुताबिक कई साल पहले 9 जनवरी, 1839 को दुनिया की सबसे पहली फोटोग्राफी प्रक्रिया का आविष्कार हुआ था। इस प्रक्रिया का नाम था डॉगोरोटाइप जिसे जोसेफ नाइसफोर और लुइस डॉगेर नाम के 2 वैज्ञानिकों ने अविष्कार किया था। डॉगोरोटाइप टेक्निक फोटोग्राफी की पहली प्रक्रिया थी, इस टेक्निक के आविष्कार का ऐलान फ्रांस सरकार ने 19 अगस्त, 1839 में किया। इसी की याद में विश्व फोटोग्राफी दिवस हर साल 19 अगस्त को मनाया जाता है। आधिकारिक तौर पर इस दिन की शुरुआत 2010 में हुई थी। ऑस्ट्रेलिया के एक फोटोग्राफर ने अपने साथी फोटोग्राफरों के साथ मिलकर इस दिन इकट्ठा होने और दुनियाभर में इसका प्रचार प्रसार करने का फैसला किया। अपने  साथी फोटोग्राफरों के साथ मिलकर उनकी तस्वीरें ऑनलाइन गैलरी के जरिए लोगों के सामने पेश कीं। इस ऑनलाइन गैलरी को लोगों ने खूब पसंद किया, इसके बाद से फोटोग्राफरों का डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करने का यह सिलसिला शुरू हो गया जो आज भी जारी है। इस दौरान सिद्धार्थ और विशाल ने गैंबल टेक्निक के बारे में और फोटोग्राफी वीडियोग्राफी से संबंधित कई विषयों पर फोटोग्राफरों से चर्चा की और उन्हें बताया गया। इस सभा में संजय सिंह जिला प्रभारी, पवन प्रजापति महामंत्री, मिथिलेश चौहान उपाध्यक्ष, मनीष कुमार मीडिया प्रभारी, सोनू जायसवाल कोषाध्यक्ष, आकाश रावत सह सोशल मीडिया प्रभारी व गौरव सिंह संगठन मंत्री उपस्थित थे। बैठक का संचालन अंशुल प्रजापति सोशल मीडिया प्रभारी किया
और कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधीर केसरी अध्यक्ष गाजीपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने किया।

28 को होगी पूर्वांचल श्री भारोत्तोलन प्रतियोगिता

गाजीपुर में पहली बार 28 को होगी पूर्वांचल श्री भारोत्तोलन प्रतियोगिता

  • शहर के रौजा स्थित राजलक्ष्मी मैरिज हाल में जुटेंगे प्रतिभागी

गाजीपुर। पहली बार पूर्वांचल श्री भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन 28 अगस्त को किया गया है। यह प्रतियोगिता गाजीपुर शहर के रौजा स्थित राजलक्ष्मी मैरिज हाल में कराई जाएगी।राष्ट्रमंडल खेलों एवं विश्व चैंपियनशिप में भारोत्तोलन प्रतियोगिता में भारत की शानदार उपलब्धियों को देखते हुए जिला भारोत्तोलन संघ एवं जिला ओलंपिक संघ द्वारा पूर्वांचल की भारोत्तोलन से जुड़े खिलाड़ियों के दमखम के परीक्षण एवं उनको प्रोत्साहित करने के लिए ऐसा आयोजन किया जा रहा है। इस ओपन प्रतियोगिता में पूर्वांचल के लगभग 22 जनपदों के लगभग 250 महिला-पुरुष भारोत्तोलक प्रतिभाग करेंगे। जबकि, निर्णायक के रूप में राष्ट्रीय स्तर के रेफरी मौजूद रहेंगे। इस प्रतियोगिता के आधार पर पूर्वांचल की टीम का गठन किया जाएगा, जो प्रदेश की आगामी दिनों में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इसमें से निकलने वाले खिलाड़ी प्रदेश की और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग करेंगे। इसके आधार पर पूर्वांचल श्री भारोत्तोलन का खिताब विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को दिया जाएगा। इसी क्रम में ओलंपिक संघ जनपद में विभिन्न खेलों के प्रोत्साहन व उनके विकास के लिए सतत प्रयत्नशील खेल संगठनों के सम्मानित अध्यक्ष सचिव को भी सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी जिला भारोत्तोलन संघ और ओलंपिक संघ के सचिव अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमित राय रिंकू ने दी।

“कजरी महोत्सव”का हुआ आयोजन

गाज़ीपुर।गुरुवार को वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में “कजरी महोत्सव “अंतर्गत राधा कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन माउन्ट लिट्रा जी स्कूल बंधवा में किया गया Iप्रतियोगिता में जनपद भर के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्रतियोगियों ने प्रतिभाग किया I प्रतियोगिता में कक्षा एल के जी से 5 तक के नन्हे मुन्हे छात्र- छात्राओं ने राधा कृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की ऐसा लग रहा था मानो गाजीपुर की धरती देवालय बन गई हो I जहाँ राधा कृष्ण का वेश धारण कर प्रतियोगियों ने उपस्थित जन को आश्चर्यचकित कर दिया वहीं कुछ बच्चों की जोड़ियों ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित लोगों को थिरकते को मजबूर कर दिया।क्लब महिला प्रकोष्ठ की सचिव शहाना जहाँ के अनुसार इस प्रतियोगिता में जिले के 43 स्कूलों के 374 जोड़ो ने प्रतिभाग किया I
प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जबकि क्लब निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम स्थान पर पार्थ –प्रज्ञा यादव चन्दनी पब्लिक स्कूल सुरतापुर, कल्पना-एंजल राय अवध इंटरनेशनल स्कूल फिरोजपुर , दीपक -आरवी एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, सन्दर्भ जायसवाल-सृष्टि सिंह माउन्ट लिट्रा जी स्कूल ,आव्या यादव-यशी गुप्ता मॉर्टेन्स चिल्ड्रन एकेडमी मुहम्मदाबाद , अवंतिका-श्रेय पांडेय प्रेसिडियम इंटरनेशनल स्कूल ,शिवन्या-आर्या गौरीशंकर पब्लिक स्कूल, इशानवी यादव-एंजल चौरसिया रामदूत इंटरनेशनल स्कूल को चुना गया । जबकि दूसरे स्थान के लिये साक्षी-यश ब्लू बर्ड इन्टरनेशनल स्कूल आदर्श बाज़ार, राजवीर सिंह-श्रेया सिंह नाइस पब्लिक स्कूल,लक्ष्य गुप्ता-प्रिया अग्रसेन पब्लिक स्कूल,युराज सिंह-दीक्षा विश्वकर्मा केजीएन पब्लिक स्कूल, सूर्यवंशी-सार्थक मेरी सिटी स्कूल फुल्लनपुर का चयन किया गया।
इसी प्रकार तीसरे स्थान के लिए आर्यन सिंह-आरुषि गुप्ता चन्द्रावली शिक्षा निकेतन , विशाख-आश्वि श्री राम पब्लिक स्कूल सिकन्दरपुर, मयंक कुमार-श्वेता सनराइज पब्लिक स्कूल जंगीपुर का चयन किया गया।निर्णायक मंडल सदस्य के रूप में सुमन सिंह , रिम्पू सिंह एवं प्रीति सिंह उपस्थित रही I
विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि प्रतिभा मिश्रा उप जिलाधिकारी गाजीपुर सदर तथा माउन्ट लिट्रा जी स्कुल के प्रिसिपल राजेश कारकुन ने संयुक्त रूप शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया ।अतिथियों तथा निर्णायक मंडल सदस्यों का स्वागत अतिरिक्त सचिव सूर्य रेख मणि एवम सचिव महिला प्रकोष्ठ शहाना जहाँ ने किया ।

इस अवसर पर ओम प्रकाश यादव, धर्मेन्द्र जायसवाल , सुभद्रा ,राम कुमार विश्वकर्मा , नौशाद अहमद ,आरती, प्रियंका आदि उपस्थित रहे।

फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाने वाले के खिलाफ शम्मी ने की शिकायत

गाजीपुर। जिले के चर्चित समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर असलहों की फ़ोटो पोस्ट किए जाने की जानकारी होते ही विवेक कुमार सिंह शम्मी ने पुलिस विभाग के साइबर सेल को गुरुवार को लिखित शिकायत पत्र देते हुए आरोपी पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। मालूम हो कि सोशल मीडिया पर किसी अराजक तत्व द्वारा विवेक कुमार सिंह शम्मी के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उस पर असलहों की फोटो पोस्ट करते हुए बिक्री किए जाने का मैसेज टाइप किया गया है और एक मोबाइल नंबर भी दिया गया है।
इस विषय में चर्चित समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने साइबर सेल से शिकायत करते हुए कहा कि समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में मेरी अच्छी पहचान है। पिछले नगर पालिका चुनाव में मिले 14000 वोटों से घबराकर संभवतः मेरी छवि धूमिल करने का यह निंदनीय कार्य किसी अराजक द्वारा किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधि करने की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

छात्र नेता ने की ठेकेदार के ऊपर कार्रवाई की मांग

गाजीपुर। नगर के सिंचाई विभाग चौरहे से विकास भवन चौराहे तक सड़क में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क बनाने के बजाय खानापूर्ति कर सड़क को वैसे ही छोड़ दिया गया है। जिससे पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है और वर्षा हो जाने से आम राहगीरों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर दो पहिया व चार पहिया वाहन गड्ढे में धस जा रही है जिससे बड़ी दुर्घटना घटने कि आशंका बनी हुई है। आये दिन राहगीरों से लेकर बच्चे गिर जा रहे हैं, सबसे ज्यादा दिक्कत तो विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। इस जर्जर सड़क को लेकर नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर युवा समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई कर यथा शीघ्र सड़क बनवाने की मांग की है।

सांसद के घर सहित चार जगह पर चल रहा हैं ईडी का छापा

ग़ाज़ीपुर में ईडी चल रही छापेमारी

गाजीपुर। जिले में बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ से आई परिवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने नगर के मिश्रबाजार, टाउन हाल के सराय गली, रौजा और मुहम्मदाबाद में छापेमारी चल रही है। मकान को सीआरपीएफ की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल टीम अभी मकानों को खंगाल रही है। कुछ भी बताने से इंकार किया जा रहा है।
सुबह करीब पांच बजे सीआरपीएफ के साथ पहुंची ईडी की टीम ने नगर में एक साथ मिश्रबाजार स्थित आभूषण व्यवसायी विक्रम अग्रहरी, खान ट्रेवल्स संचालक टाउन हाल के सराय गली निवासी मुस्ताक खां, रौजा स्थित व्यवसायी गणेश दत्त मिश्रा और मुहम्मदाबाद स्थिति गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के फाटक आवास पर छापेमारी चल रही है। इस दौरान मकान के प्रमुख दरवाजे से लेकर सड़क तक सीआरपीएफ का खड़ा पसरा है। फिलहाल छापेमारी जारी है।

प्रशिक्षण शिविर का सीएमओ ने किया शुभारंभ

नोटिफिकेशन के लिए सीएचओ का हुआ वर्कशॉप

ग़ाज़ीपुर।भारत सरकार के द्वारा क्षय रोग को 2025 तक हर हाल में खत्म करने को लेकर लगातार विभागीय कवायद चल रहे हैं। जिसमें क्षय रोग के अधिक से अधिक मरीजों को खोज कर उनका इलाज कराने के संबंध में लगातार दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जनपद के 132 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर तैनात सीएचओ का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में शुरू किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह ने मंगलवार को किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में त्वरित कार्रवाई के लिए निदेशक (राष्ट्रीय कार्यक्रम) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के द्वारा पत्र आया था। जिसमें कई बिंदुओं पर कार्य करने के बारे में लिखा गया था। जिसमें जनपद में तैनात सीएचओ के प्रशिक्षण के संबंध में भी निर्देश दिए गए थे। जिसको लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य को अमली रूप में लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रो प्लान बनाकर जनपद के सभी सीएचओ का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। जो 16 अगस्त से शुरू होकर 22 अगस्त तक चलेगा। इसके अलावा 24 अगस्त को जनपद के समस्त बीपीएम एवं बीसीपीएम का भी प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिससे कि जनपद में क्षय रोग का कोई भी मरीज छूटने ना पाए। जिसके लिए एक बैच में 44 सीएचओ की ट्रेनिंग कराई जा रही है।

जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथिलेश सिंह ने बताया कि जनपद मैं तैनात सभी सीएचओ का दो दिवसीय फिजिकल मोड के तहत उनके कार्यों की समीक्षा और मूल्यांकन के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया की प्रदेश में 5.5 लाख टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। क्योंकि साल के दूसरे एवं तीसरे त्रैमास में टीबी के मरीज अधिक पाए जाते हैं। जिसके लिए विशेष अभियान चलाकर 1 अगस्त से 30 सितंबर तक अपने जनपद में टीबी नोटिफिकेशन का लक्ष्य प्राप्त करना है। जिसके लिए आए हुए सभी सीएचओ को कई तरह के सुझाव दिए गए।

उन्होंने बताया कि सभी सीएचओ को स्वास्थ्य इकाई के ओपीडी का कम से कम 5% रोगियों का क्षय रोग की जांच के लिए निकटतम माइक्रोस्कॉपी सेंटर पर संदर्भित करें। इसके अलावा प्राइवेट सेक्टर के निजी अस्पतालों से भी संपर्क स्थापित करें। जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि किसी निजी चिकित्सक चिकित्सालय का नोटिफिकेशन पेंडिंग ना हो।

इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने वालों में डॉ मनोज सिंह, अनुराग पांडे ,वेंकटेश्वर प्रसाद शर्मा ,सुनील वर्मा, संजय यादव व अन्य लोग शामिल है।

15 अगस्त का दिन शहीदों को स्मरण करने का दिन है:डीएम

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट परिसर मे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 76 वां स्वतन्त्रता दिवस समारोह। इस दौरान सुबह 7.30 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गयी जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर मे समाप्त हुई। जिलाधिकारी एम0पी0 सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर मे झण्डारोहण किया तत्पश्चात राष्ट्रगान गाया गया जिससे पूरा वातावरण गूंज उठा। उसके पश्चात जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चो मे मिठाइयां बंाटी। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतन्त्रता समारोह पर बधाई देते हुए कहा कि आज हम 15 अगस्त 2022 को अपना 76वां स्वाधीनता दिवस समारोह मना रहे है। यह अत्यन्त महत्वपूर्ण अवसर हमें लम्बे संघर्ष एवं बलिदान के पश्चात प्राप्त हुआ है।

इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखण्डता, धर्म निरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को न केवल अक्षुण्ण बनाये रखना जरूरी है, बल्कि सर्वधर्म सम्भाव व भाई चारे की भावना को भी स्थापित करना हमारा पुनीत कर्तव्य है। आज का दिन हमारे देश के ज्ञात-अज्ञात अगणित देश भक्तों तथा शहीदों को स्मरण करने का भी दिन है, जिनके अकथनीय संघर्ष/बलिदान के फलस्वरूप हमें आज यह गरिमामयी दिन मनाने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ है। इसलिए इस दिवस को गरिमा एंव सम्मान के साथ मनाया जाना देश के प्रत्येक नागरिक का पुनीत कर्तव्य है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियांे से अपील किया कि आप सभी धर्म, रंग, वर्ग आदि भेदभावों को मिटाकर मिल जुल कर प्रतिभाग करें और भावनात्मक एकता स्थापित करें, जिससे राष्ट्र उन्नति के मार्ग पर अग्रसर हो।

Uttar Pradesh Fast News